मोक्ष नित्य है या अनित्य ?

मोक्ष नित्य है या अनित्य ?


शंका- ब्रह्मविद्या का प्रयोजन मोक्ष की सिद्धि है और वह ब्रह्मात्मैक्य-बोध (आत्मा और ब्रह्म की एकता का ज्ञान) से होती है। ठीक है, पर वह मोक्ष नित्य है अनित्य ?
यदि अनित्य है तो अनित्य से वैराग्य होना चाहिए। अनित्य मोक्ष की आवश्यकता ही नहीं। यदि मोक्ष नित्य है तो वह साधनजन्य नहीं होगा क्योंकि नित्य वस्तु को प्राप्त करने के लिए साधन की आवश्यकता नहीं होती। उस दशा में शास्त्र-विहित सब साधन अनावश्यक सिद्ध होंगे। यदि कहो कि ब्रह्मज्ञान की सार्थकता है ही तो यह तभी सम्भव है जब बंधन अज्ञान से सिद्ध हो। परंतु आत्मा जब ब्रह्म ही है, तब उसमें अज्ञान और तज्जन्य (उसके द्वारा उत्पन्न) भ्रम की उपस्थापना ही हास्यास्पद है। असल में आत्मा ब्रह्म नहीं है, जैसा प्रत्येक व्यक्ति का सहज अनुभव भी है और जैसा शास्त्र में दोनों का भेद बताया भी गया है। जीव अल्पज्ञ, परिच्छिन्न, संसारी है और ब्रह्म सर्वज्ञ, अपरिच्छिन्न, सर्वशक्तिमान है। बंधन भी प्रत्येक जीव का सहज अनुभव है। अतः बंधन सत्य है और बंधन की निवृत्ति ज्ञान से नहीं हो सकती, वह कर्म, उपासना, योग की अपेक्षा रखती है। अतः ब्रह्मविद्या का विचार निरर्थक है।
समाधान- मोक्ष नित्य है फिर भी उसके लिए जो साधन शास्त्र में वर्णित हैं वे व्यर्थ नहीं हैं। मोक्ष आत्मा का अपना स्वरूप ही है, अन्य नहीं है। हम कहीं बँधे नहीं हैं। बंधन एक कल्पना है, भ्रम है। विचार करके देखो कि बचपन से अब तक हम कितनों के साथ बँधे और छूटे।
धन के साथ बँधे, वह चला गया। स्त्री, पुत्र, मित्र सबके साथ अपने को बँधा समझते रहे किंतु सब बदलता गया। इनके आने पर बंधन का भ्रम होता है पर हम ज्यों के त्यों हैं। हमें कोई बाँध नहीं सकता। सपनों के समान ये आते-जाते रहते हैं और मोक्ष अपना सहज स्वरूप है। अपने स्वरूपभूत मोक्ष की प्राप्ति में जो प्रतिबंध है – बंधन का भ्रम है, उसे दूर करने के लिए साधन की आवश्यकता है और इसीलिए शास्त्र की सार्थकता है। मोक्ष को उत्पन्न करने के लिए साधन की आवश्यकता नहीं है, अन्यथा मोक्ष भी निश्चित अनित्य ही होगा। भगवान शंकराचार्य जी कहते हैं-
रोगार्तस्यैव रोगनिवृत्तौ स्वस्थता।
स्वास्थ्य हमारा स्वरूप है किंतु सर्दी-गर्मी से, वात-पित्त-कफ के प्रकोप से या और किसी कारण से शरीर में रोग आ गया तो उसके निवारण के लिए औषध सेवन कर लेते हैं। स्वस्थ तो हम रोग से पहले भी थे और रोगनिवृत्ति के बाद भी रहेंगे। इसी प्रकार मोक्ष अपना स्वरूप है। उसमें जो बंधन का भ्रम आ गया है, उसे दूर करने के लिए ब्रह्मज्ञान की आवश्यकता है। ब्रह्मज्ञान के लिए ब्रह्मविचार की आवश्यकता है। और शास्त्र ब्रह्मविचाररूप हैं इसलिए शास्त्र की आवश्यकता है। शास्त्र में वर्णित सभी साधन परस्पर ब्रह्मज्ञान में सहकारी हैं।
स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2015, पृष्ठ संख्या 21, अंक 273
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *