Monthly Archives: July 2017

देशी गाय बढ़ाती हैं धनात्मक ऊर्जा


हर मनुष्य, जीव-जंतु, पशु, पेड़-पौधा या वस्तु के चारों ओर सप्तरंगीय ऊर्जा तरंगें निष्कासित होती रहती हैं व एक अति सूक्ष्म गोलीय चक्र-सा प्रतिबिम्ब रहता है, जिसको ‘आभामण्डल (ओरा)’ कहते हैं। देवी-देवताओं तथा संत-महापुरुषों के श्रीचित्रों में उनके सिर के पीछे दिखने वाला चमकीला, रंगीन गोल घेरा उनके आभामंडल का ही प्रतीक है। साधारण मनुष्यों में यह आभामंडल 2-3 फीट दूरी तक गोलाईवाला माना जाता है। जिस व्यक्ति के आभामंडल का दायरा जितना अधिक होता है, वह उतना ही अधिक कार्यक्षम, मानसिक रूप से क्षमतावान व स्वस्थ होता है।

परीक्षणों से सिद्ध हुआ है कि ‘देशी गाय, तुलसी, पीपल आदि के पूजन की परम्परा का एक ठोस वैज्ञानिक आधार यह भी है कि इनसे ब्रह्मांडीय (धनात्म) ऊर्जा प्रवाहित होती रहती है।’

महाभारत (अनुशासन पर्वः 83.5) में पितामह भीष्म कहते हैं-

गावस्तेजः परं प्रोक्तमिह लोके परत्र च।

न गोभ्यः परमं किंचित् पवित्रं भरतर्षभ।।

‘भरतश्रेष्ठ ! गौएँ इहलोक और परलोक में भी महानतेजोरूप मानी गयी हैं। गौओं से बढ़कर पवित्र कोई वस्तु नहीं है।’

देशी गौओं का आभामंडल सामान्य मनुष्य तथा अन्य पशुओं के आभामंडल से ज्यादा व्यापक होता है। यही कारण है कि गायों की परिक्रमा करने से उनके आभामंडल के प्रभाव में आकर हमारी धनात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है तथा हमारे आभामंडल का दायरा बढ़ता है। यह बात ओरा विशेषज्ञ के. एम. जैन ने एक वैज्ञानिक तरीके से प्रमाणित भी की है। डॉ. चारूदत्त पिंगले के अनुसार भारतीय गायों का आभामंडल लगभग 8 मीटर का होता है।

भारतीय परमाणु वैज्ञानिक डॉ. मेनम मूर्ति द्वारा निर्मित आभामंडल मापने के यंत्र ‘यूनिवर्सल स्कैनर’ द्वारा किसी के भी आभामंडल का दायरा मापा जा सकता है। आंध्र प्रदेश में पायी जाने वाली देशी प्रजाती ‘पुंगानुर गाय’ के आभामंडल का दायरा तो 120 फीट तक पाया गया है।

गायों की इस धनात्मक ऊर्जा का लाभ समाज को मिल सके, शायद इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर हमारे शास्त्रों व महापुरुषों ने देशी गाय की परिक्रमा, स्पर्श, पूजन आदि की व्यवस्था की है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 2017, पृष्ठ संख्या 27, अंक 295

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

जगत की उत्पत्ति किससे व कैसे ?


काल का प्रारम्भ कहाँ से होता है ? इसी सेकंड से। वर्तमान सेकंड का आदि और अंत ही काल का आदि अंत है। जिस मुझमें यह वर्तमान सेकंड भास रहा है, वही ‘मैं’ काल के आदि और अंत का अधिष्ठान हूँ। काल का अनादित्व और अनंतत्व मैं ही हूँ।

यह फूल (वस्तु) है। यह कहाँ पैदा हुआ ? ‘पेड़ पर पैदा हुआ।’ – यह साधारण विचार है। दूसरा विचार यह है कि ‘फूल का दर्शन नेत्रों से हो रहा है, नेत्राकार वृत्ति हृदय में है। उस नेत्राकार वृत्ति का जो अधिष्ठान और प्रकाशक है, वहीं वह फूल पैदा हुआ।’ जिसके बिना फूल की सिद्धि नहीं होती और जिसके होने से ही फूल की सिद्धि होती है, वही फूल का कारण है।

कारण की खोज में विचार को फैलाओ मत। विचार को लाखों वर्ष पीछे क्यों फैंकते हो ? विचार को लाखों वर्ष आगे क्यों फेंकते हो ? एकदम अव्यावहारिक हो ! विचार की पद्धति यह है कि ‘वस्तु इस समय क्या है ?’ – इसका विचार करो। तो सबसे पहले तुम्हारा ‘मैं’ सामने आता है। इसका विचार करो कि ‘मैं’ क्या है ? जब जाँच पड़ताल करोगे तो मालूम पड़ेगा कि यही ‘मैं’ ‘हृदयगह्र-मध्ये अहं-अहं इति साक्षात् ब्रह्मरूपेण भाति’ हृदयगुफा में स्थित, स्फुरित ‘मैं-मैं’ साक्षात् ब्रह्म है और वास्तव में वही समस्त जगत का अभिन्ननिमित्तोपादान कारण (समस्त जगत का उपादान कारण (अर्थात् वह कारण जिससे जगत बना) एवं निमित्त कारण (जिसने इसको बनाया है वह) ब्रह्म है और वह जगत से अभिन्न भी है।) है। वही ‘मैं’ अज्ञान के कारण ‘मैं-तू-वह-यह’ के रूप में स्फुरित हो रहा है, जैसे एक ही रज्जु (रस्सी) अज्ञान के कारण पानी की लकीर, भुजंग (सर्प), दंड, भूर-दरार आदि विकल्पों के रूप में स्फुरित होती है।

जैसे रज्जु में सर्प देखने वाले को रज्जु का ज्ञान कराने के लिए रज्जु का यह लक्षण बनाना पड़ता है कि ‘इदं सर्पतया कल्पितं वस्तु यस्मिन् अधिष्ठाने भासते तदेव रज्जुः’ (यह सर्प के रूप में कल्पित वस्तु जिस अधिष्ठान में भासती है वही रज्जु है), उसी प्रकार (ब्रह्म में जगत देखने वाले को ब्रह्म का ज्ञान कराने के लिए) ‘यह नामरूपात्मक सम्पूर्ण प्रपंच अपनी उत्पत्ति, स्थिति, लय आदि के विकल्पसहित जिस नाम-रूप आकार आदि से विनिर्मुक्त अधिष्ठान में भासता है वह ब्रह्म है।’ – ऐसा ब्रह्म का लक्षण बनाना पड़ता है।

रज्जु में परमार्थतः सर्प नहीं है परंतु उसी में भासता है रज्जु के अज्ञान के कारण। अतः रज्जु का अज्ञान ही सर्पसत्ता का निमित्त कारण और उपादान कारण – दोनों बनता है। उस अज्ञानदशा में रज्जु को लक्ष्य कराने के लिए रज्जु को सर्प का कारण बताया जा सकता है। रज्जु का ज्ञान होते ही रज्जु में सर्प की कारणता के अध्यारोप का भी अपवाद हो जाता है। ऐसा ही अध्यारोपित जगत्कारणतारूप ब्रह्म का लक्षण श्रुति ने बताया है।

यथा-जगत नामरूपात्मक है, अनेक कर्ता-भोक्ताओं से संयुक्त है, देश-काल-निमित्त से होने वाली क्रिया और क्रियाफल का आश्रय है और इसकी रचना और स्वरूप मन से अचिंत्य है। ऐसे इस जगत का जन्म, स्थिति और भंग जिस सर्वज्ञ, सर्वशक्तिमान कारण से होता है वह ब्रह्म है।

जो भी ‘इदं-वाच्य’ (अर्थात् यह कहने योग्य है) वह जगत है।

उसका लक्षण है जन्म, स्थिति और भंग। ‘इदं वाच्यता’ का अर्थ है कि जगत प्रतीति का विषय है। अतः श्रुति और सूत्र का अर्थ है कि यह जो इदं प्रतीति का विषय दृश्य-प्रपंच है और उसकी जो उत्पत्ति, स्थिति और प्रलय होते प्रतीत होते हैं वे प्रतीयमान (प्रतीत होने वाले) जन्मादि जिस कारण से होते हैं वह ब्रह्म है। क्रमशः

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 2017, पृष्ठ संख्या 20,21 अंक 295

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

कौन होते हैं संसार बंधन से मुक्त ?


महाभारत (आश्वमेधिक पर्व, 19वाँ अध्याय में आता हैः

यः स्यादेकायने लीनस्तूष्णीं किंचिदचिन्तयन्।

पूर्वं पूर्वं परित्यज्य स तीर्णो बन्धनाद् भवेत्।।

‘जो मनुष्य (स्थूल, सूक्ष्म और कारण शरीरों में से क्रमशः) पूर्व-पूर्व का अभिमान त्यागकर कुछ भी चिंतन नहीं करता और मौनभाव से रहकर सबके एकमात्र अधिष्ठान परब्रह्म-परमात्मा में लीन रहता है, वही संसार-बंधन से मुक्त होता है।’ (श्लोकः1)

सर्वमित्रः सर्वसहः शमे रक्तो जितेन्द्रियः।

व्यपेतभयमन्युश्च आत्मवान् मुच्यते नरः।।

‘जो सबका मित्र, सब कुछ सहने वाला, मनोनिग्रह में तत्पर, जितेन्द्रिय, भय और क्रोध से रहित तथा आत्मवान है, वह मनुष्य बंधन से मुक्त हो जाता है।’ (2)

आत्मवत् सर्वभूतेषु यश्चरेन्नियतः शुचिः।

अमानी निरभिमानः सर्वतो मुक्त एव सः।।

‘जो नियमपरायण और पवित्र रहकर सब प्राणियों के प्रति अपने जैसा बर्ताव करता है, जिसके भीतर सम्मान पाने की इच्छा नहीं है तथा जो अभिमान से रहित है, वह सर्वथा मुक्त ही है।’ (3)

जीवितं मरणं चोभे सुखदुःखे तथैव च।

लाभालाभे प्रियद्वेष्ये यः समः स च मुच्यते।।

‘जो जीवन-मरण, सुख-दुःख, लाभ-हानि तथा प्रिय-अप्रिय आदि द्वन्द्वों को समभाव से देखता है, वह मुक्त हो जाता है।’ (4)

न कस्यचित् स्पृहयते नावजानाति किंचन।

निर्द्वन्द्वो वीतरागात्मा सर्वथा मुक्त एव सः।।

‘जो किसी के द्रव्य का लोभ नहीं रखता, किसी की अवहेलना नहीं करता, जिसके मन पर द्वन्द्वों का प्रभाव नहीं पड़ता और जिसके चित्त की आसक्ति दूर हो गयी है, वह सर्वथा मुक्त ही है।’ (5)

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 2017, पृष्ठ संख्या 23 अंक 295

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ