बात उस समय की है जब भारत पर अंग्रेजों का शासन था। मेदिनीपुर (पं. बंगाल) में एक विशाल प्रदर्शनी लगी थी, जिसका उद्देश्य था अंग्रेजों द्वारा भारत के लोगों पर किये जा रहे अत्याचारों पर पर्दा डालना।
प्रदर्शनी में रखी वस्तुएँ, चित्र, कठपुतलियाँ ऐसी थीं जिससे लोगों को लगे कि गोरे शासक भारत को बहुत सहायता दे रहे हैं। प्रदर्शनी को देखने के लिए भारी भीड़ एकत्रित थी। उसी भीड़ में एक 16 वर्षीय नवयुवक दर्शकों को पर्चे बाँट रहा था। उस पर्चे में ‘वन्दे मातरम्’ का नारा था, साथ-ही-साथ प्रदर्शनी के आयोजक अंग्रेजों की असलियत भी दी गयी थी कि किस तरह से वे जनता को गुमराह कर रहे थे। उसमें अंग्रेजों द्वारा किये गये अन्याय व क्रूरता का उल्लेख था तथा उनके षड्यंत्रों की पोल खोलकर रख दी गयी थी।
दर्शकों में वहाँ कुछ लोग ऐसे भी थे जो अन्न तो भारत का खाते थे पर निष्ठा इंगलैण्ड के राजा के प्रति रखते थे। अंग्रेजों के अन्याय का विरोध करने वाले उस युवक का उन्होंने विरोध किया, उसे पर्चे बाँटने से रोका तथा डराया-धमकाया। फिर भी उनकी उपेक्षा कर नवयुवक ने शांति से पर्चे बाँटना जारी रखा। जब कुछ लोग उसे पकड़ने लगे तो वह चालाकी से भाग गया।
अंत में पुलिस के एक सिपाही ने उस लड़के का हाथ पकड़ा और उसके पर्चे छीन लिये परंतु उस लड़के को पकड़ना आसान नहीं था। उसने झटका देकर अपनी कलाई छुड़ा ली और पर्चे भी छीन के ले गया। जाते-जाते बोलाः “मैं देखूँगा कि बिना वारंट के पुलिस कैसे पकड़ती है ?”
पुलिसवाला पकड़े इससे पहले वह लड़का भीड़ में अदृश्य हो गया। जब लोग ‘वन्दे मातरम्’ के नारे लगाने लगे तो पुलिस और राजनिष्ठ लोगों को अपमानजनक प्रतीत हुआ।
बाद में उस लड़के के विरूद्ध मुकद्दमा चलाया गया लेकिन छोटी उम्र होने के कारण न्यायालय ने उसे मुक्त कर दिया।
उस प्रदर्शनी में जिस वीर लड़के ने बहादुरी के साथ पर्चे बाँटकर अंग्रेजों की बुरी योजनाओं पर पानी फेर दिया, वह था स्वतंत्रता-संग्राम का वीर सेनानी खुदीराम बोस ! उस युवा वीर ने अपने देश की जनता को सावधान करने के लिए, उनको जगाने के लिए जो क्रांतिकारी गतिविधियाँ कीं, उनसे अंग्रेज सरकार भी भयभीत हो गयी थी। मुट्ठीभर साहसी लोगों ने इतिहास बदल डाला है। आप भी कोई महान कार्य करने की ठान लो और प्राणपण से लग जाओ तो आप भी नया इतिहास बना सकते हो।
खुदीराम बोस जैसे देशभक्तों ने यह संदेश दिया है कि हमारी संस्कृति के खिलाफ जो षड्यंत्र चल रहे हैं, जो झूठ और अनर्गल बातें फैलायी जा रही हैं, उनसे जनता को बचाना, सत्य से अनजान लोगों को सच्चाई से अवगत कराना हर राष्ट्रनिष्ठ व्यक्ति का कर्तव्य है।
स्रोतः ऋषि प्रसाद, अक्तूबर 2015, पृष्ठ संख्या 25, अंक 274
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
Yearly Archives: 2015
जब राजा दशरथ शनिदेव पर संहार अस्त्र छोड़ने को हुए तैयार……….
राजा दशरथ का अपने गुरुदेव महर्षि वसिष्ठजी के चरणों में पूर्ण समर्पण था। उनका जीवन और राज्य व्यवस्था गुरुदेव वसिष्ठजी के परहितपरायणता, निःस्वार्थता, परस्पर हित जैसे सिद्धान्तों से सुशोभित थे। उनके राज्य में प्रजा बाह्य सम्पदा के साथ सत्यनिष्ठा, संयम, सदाचार, कर्तव्यनिष्ठा, ईश्वरप्रीति, संत-सेवा आद दैवी गुणरूपी आंतरिक वैभव से सम्पन्न थी।
वसिष्ठजी जैसे त्रिकालज्ञ महापुरुषों द्वारा समाज की वर्तमान समस्याओं के हल तो मिलते ही हैं, साथ ही भविष्य में आने वाले संकटों पर भी उनकी सूक्ष्म दृष्टि होती है और उनके अकाट्य उपाय बताकर वे समस्याओं का निवारण भी बता देते हैं।
एक बार शनिदेव रोहिणी का भेदन कर आगे बढ़ने वाले थे। यह योग आ जाता तो पृथ्वी पर बारह वर्षों तक अकाल पड़ता। इस योग का नाम ‘शाकटभेद’ है। हृदय दहलाने वाली यह भावी भीषण आपदा महर्षि वसिष्ठजी की दूरदृष्टि से छिपी न रह सकी। उन्होंने इस भारी संकट का हल ढूँढ निकाला पर वह सहज नहीं था।
सदगुरु वसिष्ठजी की आज्ञा पाकर राजा दशरथ उस योग के आने के पहले ही उसे रोकने के लिए नक्षत्र-मंडल में जा पहुँचे। पहले तो उन्होंने शनिदेव को प्रणाम किया और फिर अपने क्षत्रिय धर्म के अनुसार उन पर संहार अस्त्र छोड़ने को तैयार हुए। शनिदेव राजा दशरथ की कर्तव्यनिष्ठा से प्रसन्न हुए और बोलेः “वत्स ! यहाँ आकर कोई बचता नहीं है। तुम गुरुकृपा से बच गये हो। तुम्हारी गुरुनिष्ठा और प्रजावत्सलता से मैं संतुष्ट हूँ। अतः मनचाही वस्तु मुझसे माँग लो।”
त्रिकालदर्शी ब्रह्मज्ञानी गुरु का कृपा-प्रसाद पचाया हुआ शिष्य भी तो दूरदृष्टि सम्पन्न होता है। राजा दशरथ ने केवल वर्तमान प्रजा के लिए ही नहीं अपितु भविष्य की प्रजा को भी बचाने के लिए वरदान माँगाः “भगवन् ! आप प्रसन्न हैं तो वरदान दीजिए कि जब तक सूर्य और चन्द्रमा सहित पृथ्वी का अस्तित्व है, तब तक कभी आप रोहिणी का भेदन नहीं करेंगे।” शनिदेव ने प्रसन्नता के साथ मुँहमाँगा वरदान दे दिया।
इतिहास व शास्त्र इस बात के प्रमाण हैं कि जिन-जिन शासकों ने ब्रह्मज्ञानी महापुरुषों के मार्गदर्शन के अनुसार शासन किया है, उन्हीं के द्वारा प्रजा का सच्चा हित हुआ है। उन्हीं का सुयश हुआ है तथा वह चिरस्थायी भी रहा है।
स्रोतः ऋषि प्रसाद, अक्तूबर 2015, पृष्ठ संख्या 20, अंक 274
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
इससे घर, कुटुम्ब व समाज का मंगल हो जायेगा
(दूरदर्शन पर पूर्व प्रसारित पूज्य बापू जी का पावन संदेश)
प्रश्नः गृहस्थियों के लिए मनुष्य-जीवन एक दलदल के समान हो गया है, एक चक्रव्यूह है और अध्यात्मवाद का संबंध हम संन्यास से जोड़ते हैं यानी यह सिर्फ संन्यासियों के लिए है। तो आध्यात्मिकता से हम अपने गृहस्थ-जीवन को कैसे सुधार सकते हैं ?
पूज्य बापू जीः सुंदर प्रश्न है आपका। अध्यात्मवाद केवल साधु-संन्यासियों के लिए ही है, ऐसी बात नहीं है। वास्तव में जहाँ से सुख-शांति और जीवन की धाराएँ प्रकट होती हैं उस आत्मा को पहचानने की समझ का नाम है ‘अध्यात्मवाद’। जो आदमी जितना ज्यादा बीमार है, उसे औषधि की उतनी ही ज्यादा जरूरत है। साधु-संन्यासी तो ज्यादा प्रवृत्ति में नहीं हैं, वे तो एकांत में हैं इसलिए उनके लिए थोड़ा अध्यात्मवाद भी बहुत सारा हो गया। जो संसार की दलदल में, तनाव में पड़े हैं उन लोगों को अध्यात्मवाद की ज्यादा जरूरत है। तो अब इस अध्यात्मवाद का फायदा लेकर गृहस्थ जीवन सुंदर ढंग से कैसे बितायें ?
तनाव क्यों होता है ? जब आदमी इस देह को ‘मैं’ मानकर इसके द्वारा अधिक से अधिक भोग भोगे और किसी का ख्याल न रखे, तब तनाव पैदा होता है। यह व्यक्ति का व्यक्तिगत दोष और समाज का सामाजिक दोष है कि सब लोग सुख को भोगना चाहते हैं। सब चाहते हैं कि ‘मेरी चले’ लेकिन अध्यात्मवाद कहता है कि भाई ! तुम्हारी चलेगी तो कभी पत्नी की भी चलने दो, कभी बेटे की तो कभी बाप की चलने दो। कभी किसी की न चली तो पड़ोसी की चले, तब भी खुश रहो कि ‘उसमें मेरा ही परमात्मा है।’ इससे तनाव अपने-आप शांत हो जायेगा। अगर पड़ोसी की और तुम्हारी नहीं चली तो वह देव, जो सृष्टिकर्ता है, वह हमारा शत्रु नहीं है। जब हमारे पास विघ्न-बाधाएँ आती हैं तो समझ लो कि हमारे अहंकार को, विलासिता को लगाम लगाने के लिए उस सृष्टिकर्ता की व्यवस्था है।
हाथी जब गलत रास्ते जाता है तो महावत उसे अंकुश मारता है, ऐसे ही जब-जब संसार में विघ्न-बाधा और समस्या आयें तो समझना चाहिए कि हमारा मनरूपी हाथी जरा गड़बड़ चल रहा है तो उसको प्रकृति ने, ईश्वर ने अंकुश दिया है। अगर कभी समस्या आये तो परमात्मा की कृपा समझकर धन्यवाद दे के उस समस्या का रास्ता तो निकालें लेकिन ‘समस्या इसने की, उसने की…..’ ऐसे करके तनाव न बढ़ायें।
पत्नी चाहती है पति सुख दे, पति चाहता है पत्नी सुख दे, बाप चाहता है बेटा सुख दे, बेटा चाहता है बाप सुख दे… सब सुख और मान दूसरों से चाहते हैं।
मान पुड़ी है जहर की, खाये सो मर जाये।
चाह उसी की राखता, सो भी अति दुःख पाये।।
अब मैं चाहूँ कि आप लोग मुझे मान दो और इसके लिए मैं दाँव-पेच (छल-कपट), आडम्बर, यह-वह, ढोंग करूँ तो मेरे अंदर में शांति नहीं रहेगी। बाहर से आपने मान दे भी दिया लेकिन अंदर से आपके दिल में मेरे प्रति इतना मान नहीं रहेगा।
हकीकत में सुख और मान लेने की चीज नहीं हैं, बाँटने की चीज हैं। आप सुख और मान देते जायेंगे तो आप सुख व मान के दाता हो गये।
जो सुख का दाता हो गया, वह दुःखी नहीं हो सकता। जो मान का दाता होता है उसको मान की भीख माँगनी नहीं पड़ती है। यह अध्यात्मवाद का अंश अगर घर, कुटुम्ब, समाज में आ जाय तो आनंद आ जायेगा, मंगल हो जायेगा।
स्रोतः ऋषि प्रसाद, अक्तूबर 2015, पृष्ठ संख्या 18, अंक 274
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ