Yearly Archives: 2016

सत्कर्मों का महाफल देने वाला कालः चतुर्मास


पूज्य बापू जी

चतुर्मास व्रतः 15 जुलाई 2016 से 11 नवम्बर 2016)

चतुर्मास में भगवान नारायण एक रूप में तो राजा बलि के पास रहते हैं और दूसरे रूप में शेषशय्या पर शयन करते हैं, अपने योग स्वभाव में, शांत स्वभाव में, ब्रह्मानंद स्वभाव में रहते हैं। अतः इन दिनों में किया हुआ जप, संयम, दान, उपवास, मौन विशेष हितकारी, पुण्यदायी, साफल्यदायी है। भगवान शेषशय्या पर सोते हैं, अतः हमें धरती या पलंग पर सादा बिस्तर अथवा कम्बल बिछाकर शयन करना चाहिए।

चतुर्मास में दीपदान करने वाले की बुद्धि, विचार और व्यवहार में ठीक ज्ञान-प्रकाश की वृद्धि होती है और कई दीपदान करने का फल भी होता है। इन दिनों में प्रातः नक्षत्र (तारे) दिखें उसी समय उठ जाय, नक्षत्र-दर्शन करे। चौबीस घंटे में एक बार भोजन करे – ऐसे व्रत परायण व्यक्ति को अग्निष्टोम यज्ञ का फल मिल जाता है। (पद्म पुराण, उत्तर खण्ड)

चतुर्मास में केवल दूध पर रहने वाला अथवा केवल फल पर रहने वाले के पापों का नाश हो जाता है तथा साधन भजन में बड़ा बल मिलता है – ऐसा स्कंद पुराण में लिखा है। नमक का त्याग कर सकें तो अच्छा है। जो दही का त्याग करता है उसको गोलोक की प्राप्ति होती है।

चतुर्मास में दोनों पक्षों की एकादशी रखनी चाहिए। बाकी दिनों में गृहस्थी को शुक्ल पक्ष की ही एकादशी रखनी चाहिए। चतुर्मास में शादी-विवाह, सकाम कर्म वर्जित हैं। तिल व आँवला मिश्रित अथवा बिल्वपत्र के जल से स्नान करना पाप नाशक, प्रसन्नता दायक होगा। अगर ॐ नमः शिवाय, ॐ नमः शिवाय…. 5 बार जप करके फिर पानी का लोटा सिर पर डाला तो पित्त की बीमारी, कंठ का सूखना – यह कम हो जायेगा, चिड़चिड़ा स्वभाव भी कम हो जायेगा।

चतुर्मास में पाचनतंत्र दुर्बल होता है तो खानपान सादा, सुपाच्य होना चाहिए। इन दिनों पलाश की पत्तल पर भोजन करने वाले को एक-एक दिन एक-एक यज्ञ करने का फल होता है, वह धनवान, रूपवान और मानयोग्य व्यक्ति बन जायेगा। पलाश की पत्तल पर भोजन बड़े-बड़े पातकों का नाशक है, ब्रह्मभाव को प्राप्त कराने वाला होता है। नहीं तो वटवृक्ष के पत्तों या पत्तल पर भोजन करना पुण्यदायी कहा गया है।

भगवान शंकर को बिल्वपत्र चढ़ाओ तो पूरे मंदिर में बिल्वपत्र का हवामान रहेगा और वही हवा श्वास के द्वारा व्यक्ति लेगा, इससे वायु-प्रकोप दूर होगा तथा वनस्पति व मंत्र का आपस में जो मेल होगा उसका भी लाभ मिलेगा। इसलिए सावन महीने में बिल्वपत्र की महिमा है।

इन 4 महीनों में अगर पति-पत्नी हैं, तब भी ब्रह्मचर्य का पालन करना आयु, आरोग्य और पुष्टि में वृद्धि करता है। भोग-विलास, शारीरिक स्पर्श ज्यादा हानि करेगा। इस समय सूर्य की किरणें धरती पर कम पड़ती हैं तो जीवनी शक्ति कमजोर रहती है, जिससे वीर्य, ओज कम बनता है। जो विदेशी लोग चतुर्मास के महत्त्व को नहीं जानते वे ‘यह पाऊँ, यह खाऊँ….’ में उलझते हैं, विकलांग, चिड़चिड़े, पति बदलू, पत्नी बदलू, फैशन बदलू हो जाते हैं, फिर भी दुःखी व अशांत रहते हैं। जो इसका महत्त्व जानते हैं और नियम पालते हैं वे कुछ बदलू नहीं होते फिर भी अबदल आत्मा में उनका रसमय जीवन होता है। कितनी असुविधा होती है भारतवासियों को, फिर भी शांति, आनंद और मस्ती मजे में रह रहे हैं। और कई माई-भाई ऐसे हैं कि जो वे कह देते हैं वह हो जाता है अथवा जो होनी होती है वह उनको पता चल जाती है। विदेशियों के पास ऐसा सामर्थ्य नहीं है।

चतुर्मास में निंदा न करे, ब्रह्मचर्य का पालन करे, किसी भी अविवाहित या दूसरे की विवाहित स्त्री पर बुरी नजर न करे, संत-दर्शन करे, संत के वचन वाले सत्शास्त्र पढ़े, सत्संग सुने, संतों की सेवा करे और सुबह या जब समय मिले भ्रूमध्य में ॐकार का ध्यान करने से बुद्धि का विकास होता है।

मिथ्या आचरण का त्याग कर दे और जप अनुष्ठान करे तो उसे ब्रह्मविद्या का अधिकार मिल जाता है। जिसने चतुर्मास में संयम करके अपना साधन भजन का धन इकट्ठा नहीं किया मानो उसने अपने हाथ से अमृत का घड़ा गिरा दिया। और मासों की अपेक्षा चतुर्मास में बहुत शीघ्रता से आध्यात्मिक उन्नति होती है। जैसे चतुर्मास में दूसरे मौसम की अपेक्षा पेड़ पौधों की कलमें विशेष रूप से लग जाती हैं, ऐसे ही चतुर्मास में पुण्य, दान, यज्ञ, व्रत, सत्य आदि भी आपके गहरे मन में विशेष लग जाते हैं और महाफल देने तक आपकी मदद में रहते हैं।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 2016, पृष्ठ संख्या 24,25 अंक 282

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

मोक्ष की इच्छा है अत्यंत दुर्लभ


 

मनुष्य शरीर कितना दुर्लभ है। मनुष्य होकर मुमुक्षु होना, यह दूसरी दुर्लभ वस्तु है। ‘अवधूत गीता’ के प्रारम्भ में एक श्लोक है और यह श्लोक ‘खंडनखंडखाद्य’ में भी है।1 इसमें कहा है कि ईश्वर के अनुग्रह से ही मनुष्य के मन में अद्वैत की वासना का उदय होता है। यह बड़े-बड़े भयों से बचाती है परंतु सृष्टि में किसी-किसी को होती है। यह अद्वैत वासना ही मोक्ष की इच्छा है।

इसी प्रकार गीता में भी कहा है कि हजारों मनुष्यों में कोई ही ईश्वरप्राप्ति के लिए प्रयत्न करता है और उन हजार-हजार सिद्धों में भी किसी—किसी को ही तत्त्वज्ञान होता है।2

मुमुक्षा अर्थात् मोक्ष की इच्छा माने छूटने की इच्छा। जिन बंधनों में आप फँसे हैं उनसे छूटने की इच्छा का नाम मुमुक्षा हैः मोक्तुम इच्छा मुमुक्षा। यह मोक्ष की इच्छा जिस मनुष्य में रहती है उसका नाम है मुमुक्षु।

आप किन बंधनों में फँसे हैं ? असल में आप किसी भी बंधन में नहीं हैं। किसके साथ आपकी हड्डी जुड़ी है ? किसके साथ आपके हाथ-पाँव बँधे हुए हैं ? सारे बंधन मानसिक हैं। मन की ऐसी आदत पड़ गयी है कि यह कहीं न कहीं अपने को बाँध लेता है। बाह्य विषयों के साथ बंधन नहीं होता। यह मन विषय की कल्पना के बिना रहता ही नहीं है। इसलिए इसी मनःकल्पित विषय से मिलता-जुलता बाह्य विषय का जो स्वरूप है उस विषय से ही बंधन प्रतीत होता है।

विषय या संबंध भी कल्पित है और उसका बंधन भी कल्पित है। सम्पदा ने कभी आपको अपने साथ नहीं बाँधा, मन ने  आपको सम्पदा के साथ बाँधा है। सम्पदा तो अपने मालिक को पहचानती ही नहीं है। व्यक्तियों के साथ भी सारे संबंध मानसिक ही हैं।

विषय विकारों में सत्यत्व बुद्धि और सुख-बुद्धि उन-उन विषयों में राग-द्वेष और संबंध की कल्पना को जन्म देते हैं। उसी से बंधन होता है।

बंधन में जब सुख मानने लगते हैं, तब उससे छूटने की इच्छा ही समाप्त हो जाती है। असल में हम छोड़ना क्या चाहते हैं ? मकान, आदमी, धरती, रुपया-पैसा-जेवर-ये कुछ छोड़ना नहीं चाहते। हम तो इनसे प्राप्त होने वाले दुःख को छोड़ना चाहते हैं और सुख एवं सुखदायी को पकड़ना चाहते हैं।

इसलिए मुमुक्षा का प्रारम्भ वहाँ होता है, जहाँ निसर्ग से प्राप्त होने वाले सुख-दुःख का विवेक प्रारम्भ होता है। जहाँ-जहाँ और जो-जो दुःखरूप या दुःखदायी मालूम पड़ने लगेगा, उसकी अहंता-ममता छोड़ते जायेंगे और जहाँ-जहाँ तथा जो-जो सुखरूप या सुखदायी मालूम पड़ता जायेगा, उसको आप पकड़ने की चेष्टा करते जायेंगे। जो सुखरूप या सुखदायी भी प्रतीत होता है परंतु आने-जाने वाला है वह अनित्य सुख भी दुःखरूप हो जायेगा। अतः दुःख और अनित्यता से जब वैराग्य प्रारम्भ होता है तभी असली मुमुक्षा प्रारम्भ होती है।

पहले वस्तुओं और व्यक्तियों से, उनके संबंध से छूटने की इच्छा होती है, यह अपर वैराग्य की स्थिति में मुमुक्षा का स्वरूप है।

बाद में उस अंतःकरण से ही छूटने की इच्छा होती है जिससे ये सब इच्छाएँ होती है। यह शुद्ध वैराग्य की स्थिति में मुमुक्षा का स्वरूप है।

राग-द्वेष अंतःकरण में होते हैं। जिससे राग द्वेष की इच्छा होती है वह यदि कट जाय तो बंधन की आत्यंतिक निवृत्ति हो जाये ! योगवासिष्ठ में बृहस्पति जी ने अपने पुत्र ‘कच’ को उपदेश किया की परमानंद की प्राप्ति के लिए त्याग करो। कच एक बरस घूम आया फिर भी त्याग नहीं हुआ। तब उसने दंड-कमण्डलु फेंक दिया। ऐसे कई बार त्याग किया। अंत में कच बोलाः “इस शरीर को चिता में जला देंगे।”

बृहस्पति जी ने हाथ पकड़ाः “नहीं बेटा ! इसका नाम त्याग नहीं है। चित्तत्यागं विदुः सर्वत्यागम्।” अर्थात् जब चित्त का त्याग होगा तब सर्वत्याग होगा। चित्त का त्याग किये बिना कोई जीव मुक्त नहीं हो सकता। अतः चित्त-त्याग की इच्छा ही सच्ची मुमुक्षा है

चित्त के त्याग में ही ईश्वर का अनुभव है। अतः ईश्वर के अनुग्रह से ही मुमुक्षा चित्त में उदय होती है। जिसको ईश्वर आत्मसात् करना चाहता है उसी के हृदय में कृपा करके वह मुमुक्षा उदय करता है। इसलिए मुमुक्षा दुर्लभ है। धनभागी हैं वे मुमुक्षु ! उनके माता-पिता भी धन्य हैं ! धन्या माता पिता धन्यो…..

1.ईश्वरानुग्रहादेव पुंसामद्वैतवासना। महद्भयपरित्राणा विप्राणामुपजायते।। (अवधूत गीता 1.1)

2.मनुष्याणां सहस्रेषु कश्चिद्यतति सिद्धये। यततामपि सिद्धानां कश्चिन्मां वेत्ति तत्त्वतः।। (गीताः 7.3)

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 2016, पृष्ठ संख्या 28,29 अंक 282

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

पग-पग पर गुरुकृपा


‘श्रीमद्भागवत’ में गुरु-महिमा का वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं- “ज्ञानोपदेश देकर परमात्मा को प्राप्त कराने वाला गुरु तो मेरा स्वरूप ही है।” सभी महान ग्रन्थों ने गुरु महिमा गायी है। जिस ग्रंथ में गुरु महिमा नहीं वह तो सदग्रन्थ ही नहीं है। श्री रामचरितमानस (रामायण) में भी गुरु-महिमा पग-पग पर देखने को मिलती है।

राम जी का जन्म गुरु-कृपा से

रामायण में आता है कि एक बार राजा दशरथ के मन में बड़ी ग्लानि हुई कि ‘मुझे पुत्र नहीं है।’ गुर गृह गयउ तुरत महिपाला।…. दशरथ जी अपने गुरुदेव वसिष्ठ जी के आश्रम में गये और उनके चरणों में प्रणाम कर विनयपूर्वक अपना सारा दुःख सुनाया।

श्री वसिष्ठ जी ने उन्हें समझाया और कहाः “तुम्हें चार पुत्र होंगे।” गुरु जी ने पुत्रकामेष्टि यज्ञ करवाया, जिसके फलस्वरूप राम जी का जन्म हुआ।

दशरथ जी का हर कार्य करने से पहले गुरुदेव से पूछते थे। गुरुकृपा के कारण ही राजा दशरथ देवासुर संग्राम में देवताओं की मदद करने सशरीर स्वर्ग गये थे।

एक बार शनिदेव रोहिणी का भेदन करने वाले थे, जिससे पृथ्वी पर 12 वर्षों तक अकाल पड़ता। इस आपदा से बचाने हेतु गुरुदेव की आज्ञा पाकर राजा दशरथ उस योग के आने के पहले ही शनिदेव से युद्ध करने हेतु चले गये और गुरुकृपा से प्रजा की रक्षा करने में सफल हुए।

दशरथ जी कहते थेः

नाथ सकल संपदा तुम्हारी।

मैं सेवकु समेत सुत नारी।। (श्रीरामचरित. बा.कां. 359.3)

दशरथ जी का जीवन और राज्य व्यवस्था गुरु के परहितपरायणता, निःस्वार्थता, परस्पर हित जैसे सिद्धान्तों से सुशोभित थी। ऐसे महान गुरुभक्त के घर भगवान जन्म नहीं लेंगे तो किसके घर लेंगे ?

राम जी की शिक्षा गुरुकृपा से

विश्वामित्र मुनि राम लक्ष्मण को लेने दशरथ जी के पास आये। वृद्धावस्था में तो संतान हुई और फूल जैसे कोमल कुमारों को जंगल में ले जाने के लिए मुनि माँग रहे थे, वह भी भयंकर राक्षसों को मारने हेतु। इतने खतरों के बीच राजा दशरथ कैसे भेज देते ! लेकिन जब गुरु वसिष्ठजी ने कहाः “महर्षि स्वयं समर्थ हैं किंतु ये आपके पुत्रों का कल्याण चाहते हैं इसीलिए यहाँ आकर याचना कर रहे हैं।” तो दशरथ जी ने गुरु आज्ञा मान कर आदर से पुत्रों को विश्वामित्र जी के हवाले कर दिया।

इससे प्रसन्न होकर विश्वामित्र जी बोलेः “राजन् ! तुम धन्य हो ! तुम्हारे में दो गुण हैं- एक तो यह कि तुम रघुवंशी हो और दूसरा कि वसिष्ठ जी जैसे तुम्हारे गुरु हैं, जिनकी आज्ञा में तुम चलते हो।”

राजा दशरथ की गुरु वचनों में ऐसी निष्ठा थी, ऐसा आज्ञापालन का भाव था कि गुरु जी ने कहा तो प्राणों से भी प्यारे प्रिय राम-लक्ष्मण को दे दिया। इसी भाव ने राजा को विश्वामित्र जी के कोप से भी बचा लिया।

राम जी को आत्मज्ञान की प्राप्ति गुरुकृपा से

गुरु असीम धैर्य व दया के सागर होते हैं। वसिष्ठजी ने राम जी को कभी प्रेम से समझाया, कभी डाँटा, कभी प्रोत्साहन दिया, अनेक दृष्टांत देकर बताया और ज्ञानवान बना के ही छोड़ा। सबसे बड़ा पद है गुरु पद, ब्रह्मा-विष्णु-महेश भी जिन्हें झुककर प्रणाम करते हैं वे गुरु अपने शिष्य को हाथ जोड़कर कहते हैं कि “हे राम जी ! मैं तुम्हारे आगे हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूँ, उसमें ऐसी आस्तिक भावना कीजियेगा कि इन वचनों से मेरा कल्याण होगा।” जिस स्थिति को पाने में ऋषि-मुनि पूरा जीवन लगा देते हैं वह स्थिति गुरु वसिष्ठजी ने सहज में राम जी को दिला दी।

राम जी तो भगवान विष्णु के अवतार थे, ज्ञातज्ञेय थे फिर भी मानवरूप में आने पर ज्ञान पाने के लिए गुरु की शरण में जाना ही पड़ा।

राम जी का विवाह गुरुकृपा से

राजा दशरथ इतने बड़े गुरुभक्त थे तो राम जी पीछे कैसे रहते ! राम जी भी कोई भी कार्य गुरुदेव को बिना पूछे नहीं करते थे। लक्ष्मण जी को जनकपुरी देखने की इच्छा हुई तो राम जी गुरु जी की आज्ञा लेकर वहाँ गये। धनुष उठाने व तोड़ने का सामर्थ्य होते हुए भी जब गुरुदेव ने आज्ञा दी, तब उनको प्रणाम कर धनुष तोड़ा पर अपने में किसी विशेषता के अहंकार को फटकने नहीं दिया। राम जी ने धनुष तोड़ा तो गुरु आज्ञा से, विवाह किया तो गुरु आज्ञा से। अगर कोई भी शिष्य अपने जीवन में सदगुरु की आज्ञा, गुरु के आदेशों को ले आये तो उसका जीवन भी राम जी की तरह वंदनीय और यशस्वी होगा।

भगवान के चौबीस प्रमुख अवतारों में श्री राम व श्री कृष्ण अवतार मानव-जाति के लिए विशेष प्रेरणाप्रद हो सके क्योंकि इन दो अवतारों में भगवान ने यह दिखाया कि किस प्रकार मनुष्य गुरुकृपा से जीवन के महान लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 2019, पृष्ठ संख्या 20,21 अंक 282

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ