Yearly Archives: 2016

एक सी कूटनीतिक साजिशों के तहत हिन्दू संतों पर प्रहार


कर्नाटक के श्री रामचन्द्रपुर मठ के प्रमुख जगदगुरु शंकराचार्य श्री राघवेश्वर भारती जी के खिलाफ लगाये गये दुष्कर्म के सभी आरोपों को गत 31 मार्च को बेंगलुरु सत्र न्यायालय ने खारिज कर दिया। एक 51 वर्षीय महिला ने राघवेश्वर भारती जी पर उसके साथ 161 से अधिक बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।

श्री राघवेश्वर जी का मामला आँखें खोल देने वाला एक और प्रत्यक्ष उदाहरण है कि किस प्रकार छुपे तौर पर हिन्दुत्व को नष्ट करने का एक विशाल कुचक्र चलाया जा रहा है।

मा. न्यायाधीश श्री जी.बी. मुदीगौदर ने कहा कि “आरोपी(स्वामी राघवेश्वर जी) के खिलाफ कोई भी सबूत नहीं है। यह मामला आरोपी को महज उत्पीड़ित और शर्मिन्दा करने की एक कोशिश के सिवाय और कुछ भी नहीं है।”

श्री राघवेश्वर जी के अलावा ऐसे कई हिन्दू संत हैं, जिन्हें झूठे आरोपों के तहत बिना किसी ठोस सबूत के वर्षों से कारागृहों में रखा गया है। पूज्य बापू जी पर चलाये जा रहे मामलों में ऐसे कई मुद्दे हैं जो राघवेश्वर भारती जी के मामले से समानता रखते हैं। आइये, उन पर दृष्टि डालें-

एफ आई आर दर्ज करवाने के पूर्व अभियोक्त्री (आरोप लगाने वाली महिला) के पति द्वारा श्री राघवेश्वर जी से 3 करोड़ रूपये की फिरौती माँगी गयी थी। इस मामले में दम्पत्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ भी की गयी थी। इसी प्रकार 8 अगस्त 2008 को षड्यंत्रकारियों ने आश्रम में बापू जी के नाम से फेक्स किया था कि ‘एक सप्ताह के अंदर हमें 50 करोड़ रुपये दे दो अन्यथा तुम और तुम्हारा परिवार जेल की हवा खाने को तैयार हो जाओ। बनावटी मुद्दे तैयार हैं, तुम्हें पैसों की हेराफेरी में, जमीनों एवं लड़कियों के झूठे केसों में फँसायेंगे।’ एक स्टिंग ऑपरेशन में राजू चांडक नामक साजिशकर्ता ने इसी प्रकार के षड्यंत्र रचने की बात को स्वीकारा भी है।

श्री राघवेश्वर जी के मामले में न्यायालय के आदेश में उल्लेख किया गया है कि ‘आरोप लगाने वाली महिला ने स्पष्ट रूप से कहा है कि वह बीच में छः महीने से भी अधिक समय तक मठ से सम्बंधित गतिविधियों से दूर रही है। यदि उसके द्वारा लगाये गये आरोप के मुताबिक उसे सचमुच यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था तो उसे पुनः मठ में वापिस नहीं आना चाहिए था। महिला का यह कृत्य उसके गुप्त, स्वार्थी उद्देश्य और स्वामी जी की छवि को धूमिल करने के लिए रची गयी सुनियोजित, भयावह रूपरेखा को स्पष्ट करता है’

पूज्य बापू जी पर आरोप लगाने वाली सूरत की महिला ने स्वयं एफ आई आर में लिखवाया है कि जब वह आश्रम में रहती थी उस दौरान उसका दूसरे शहरों में आना-जाना चालू रहता था, यहाँ तक कि अपने पिता के घर भी वह कई बार गयी। अगर उसके साथ ऐसी कोई घटना घटती तो वह आश्रम में वापस क्यों आती ?

वह कहती है कि ‘उसके साथ सन् 2001 में तथाकथित घटना घटी। 2002 में उसकी छोटी बहन आश्रम में रहने के लिए आयी थी।’ अगर किसी लड़की के साथ कहीं बलात्कार हुआ हो तो क्या वह चाहेगी कि उसकी छोटी बहन भी ऐसी जगह पर रहने आये ? कदापि नहीं।

श्री राघवेश्वर जी के मामले के फैसले में एक बिंदु यह भी लिखा है कि ‘आरोपी को तो सिर्फ इस आधार पर ही बरी कर देना चाहिए कि कथित पहली घटना की तारीख से 3 वर्ष से भी अधिक की देरी के बाद इस मामले को दर्ज कराया गया एवं कथित तौर पर मामले से जुड़ी सामग्रियों को 82 दिनों बाद पेश किया गया।’

इस प्रकार अगर समयावधि किसी मामले में निर्दोषता की सिद्धि में इतनी महत्वपूर्ण है तो पूज्य बापू जी के ऊपर अहमदाबाद में और नारायण साँईं जी पर सूरत में जो मामले थोपे गये हैं, उनमें तो तथाकथित घटना 12 और 11 साल बाद एफ आई आर दर्ज करायी गयी है। ऐसे में अहमदाबाद व सूरत मामलों में पूज्य बापू जी व नारायण साँईं जी को जमानत तक नहीं मिल पायी है।

राघवेश्वर भारती जी के मामले में अभियोजन (आरोपकर्ता) पक्ष के गवाहों के बयान और अभियोक्त्री के स्वयं के बयान खुद उऩ्हीं के पक्ष के खिलाफ बोलते हैं।

इसी प्रकार बापू जी के अहमदाबाद मामले में अभियोक्त्री ने गांधीनगर कोर्ट में एक याचिका में कहा था कि “मैंने दबाव में आकर आरोप लगाया था, मैं अपना बयान बदलकर सत्य उजागर करना चाहती हूँ।” इसके अलावा पूज्य श्री के जोधपुर मामले की मुख्य गवाह सुधा पटेल ने जोधपुर सत्र न्यायालय में बताया कि ‘पुलिसवालों ने मेरे बयान लिये थे, यह गलत (झूठी बात) है। आज से पहले न मैं कभी जोधपुर आयी और न ही कभी कहीं बयान दिये थे।’

राघवेश्वर जी के मामले में महिला के मोबाइल कॉल डिटेल रजिस्टर और प्रत्यक्ष गवाह के बयान से पता चलता है कि तथाकथित घटना के समय महिला वहाँ थी ही नहीं।

ठीक उसी प्रकार पूज्य बापू जी के जोधपुर मामले में न्यायविद् डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी ने खुलासा किया कि ‘लड़की के फोन रिकॉर्डस से पता लगा कि जिस समय पर वह कहती है कि वह कुटिया में थी, उस समय वह वहाँ थी ही नहीं ! उसी समय बापू जी सत्संग में थे और आखिर में मँगनी के कार्यक्रम में व्यस्त थे। वे भी वहाँ कुटिया में नहीं थे।”

इस प्रकार के सभी पहलुओं को देखने के बाद केवल आश्चर्य ही किया जा सकता है कि पूज्य बापू जी को पिछले 2 वर्ष 8 महीनों से अधिक समय से अभी तक जमानत तक क्यों नहीं मिल पायी ?

हिन्दू संतों पर झूठे आरोप लगवाकर उन्हें अपराधी साबित करने के लिए लगभग एक सी नीति अपनाने वाले षड्यंत्र साफ देखे जा सकते हैं। भारतीयों को अपनी संस्कृति व देश के खिलाफ इस सिलसिलेवार अंतर्राष्ट्रीय षड्यंत्र को समझने के लिए बहुत सतर्क और विचारशील रहना होगा एवं संगठित होकर इसका प्रतिकार करना होगा।

संकलकः श्री रू. भ. ठाकुर

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मई 2016, पृष्ठ संख्या 6,7 अंक 281

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

244 साधक निर्दोष बरी


न्यायालय ने पुलिस को लगायी फटकार

गांधीनगर (गुज.) के जिला व सत्र न्यायालय ने वर्ष 2001 में गांधीनगर में आयोजित रैली के दौरान पुलिस के साथ कथित रूप से मारपीट के मामले में 11 अप्रैल 2016 के 244 साधकों को निर्दोष बरी कर दिया।

6 साल से अधिक समय के दौरान 122 गवाहों के बयान, जिरह एवं लम्बी बहस हुई। अदालत के अनुसार ‘अभियोजन पक्ष इस मामले में साधकों के खिलाफ कोई आरोप सिद्ध नहीं कर सका। आरोप पत्र में कई विसंगतियाँ हैं। घायलों की रिपोर्ट भी सही प्रतीत नहीं होती है।’ साथ ही न्यायालय ने साधकों के खिलाफ हिंसा व हत्या के प्रयास के आरोप के तहत मामला दर्ज करने पर पुलिस की खिंचाई भी की।

यह था मामला

गुजरात के एक अख़बार द्वारा किये जा रहे अनर्गल कुप्रचार के विरोध में 16 नवम्बर 2001 को गांधीनगर में एक प्रतिकार रैली निकाली गयी थी। इस रैली में कुप्रचारकों के सुनियोजित षड्यंत्र के तहत असामाजिक तत्त्वों ने साधकों जैसे कपड़े पहनकर भीड़ में घुस के पथराव किया, जिसके प्रत्युत्तर में पुलिस ने साधकों-भक्तों एवं आम जनता पर, जिनमें अनेक महिलाएँ, वृद्ध व बच्चे भी थे, न सिर्फ बुरी तर लाठियाँ बरसायीं बल्कि आँसू गैस के गोले छोड़े और उन्हें गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया।

दूसरे दिन पुलिस ने अहमदाबाद आश्रम पर अचानक धावा बोल दिया। आश्रम में भारी तोड़फोड़ की तथा साधकों को लाठियों और बंदूक के कुंदों से बुरी तरह पीटते हुए दौड़ा-दौड़ा कर पुलिस की गाड़ियों में ठूँस के जेल में डाल दिया। उन्हें 24 घंटे से ज्यादा समय तक गैरकानूनी रूप से हिरासत में रखा गया तथा शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया।

इस प्रकार षड्यंत्रकारियों द्वारा बद-इरादतन उपजायी गयी इस घटना के तहत निर्दोष साधकों पर आई. पी. सी. 307 (हत्या का प्रयास) व अन्य कई गम्भीर धाराओं के अंतर्गत पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

साधकों में बच्चे , महिलाएँ व वृद्ध साधक भी शामिल थे, जिन्हें कई सप्ताह तक जेल में रहना पड़ा। पुलिस रिमांड के दौरान एवं जेल में भी खूब शारीरिक व मानसिक यातनाएँ सहन करनी पड़ीं।

गौरतलब है कि जब इन निर्दोष साधकों के ऊपर आरोप लगाया गया था, उस समय मीडिया ने इस घटना को अत्यंत विकृत रूप देकर खूब बढ़ा चढ़ा के दिखाया गया था तथा एड़ी चोटी का जोर लगाकर साधकों को गुंडे, उपद्रवी, खूनी सिद्ध करने में एवं आश्रम व पूज्य बापू जी को समाज में बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी लेकिन अब जबकि सच्चाई सामने आ चुकी है तो कुछ गिने-चुने मीडिया को छोड़कर अन्य ने इस खबर को समाज तक पहुँचाने में कोई रूचि नहीं दिखायी। क्या यही है मीडिया की निष्पक्षता ? इससे तो सिद्ध होता है कि ऐसा मीडिया भी असामाजिक तत्त्वों से मिलकर समाज को गुमराह करता है। ऐसे मीडिया का सामूहिक बहिष्कार करना समाज का नैतिक कर्तव्य है।

जब असामाजिक तत्व पुलिस और मीडिया का सहयोग लेकर इतनी बड़ी आध्यात्मिक संस्था के निर्दोष साधकों को भी यातना दे सकते हैं, तब आम आदमी का कितना शोषण होता होगा यह विचारणीय है।

इस सबमें आश्रम एवं निर्दोष साधकों ने जो यातनाएँ सहीं, उन्हें जो आर्थिक व सामाजिक क्षति भुगतनी पड़ी उसकी भरपाई क्या कभी भी हो पायेगी ?

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मई 2016, पृष्ठ संख्या 10,29 अंक 281

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

ग्रीष्मकालीन समस्याओं से बचने के उपाय


नकसीरः यह होने पर सिर पर ठंडा पानी डालें। ताजी व कोमल दूब (दूर्वा) का रस अथवा हरे धनिये का रस बूँद-बूँद नाक में टपकाने से रक्त निकलना बन्द हो जाता है। दिन में दो-तीन बार 10 ग्राम आँवले के रस में मिश्री मिलाकर पिलायें अथवा गन्ने का ताजा रस पिलाने से नकसीर में पूरा आराम मिलता है।

आतपदाह(Sunburn)– धूप में त्वचा झुलस जाती है और काली पड़ जाती है। इसमें ककड़ी का रस अथवा ककड़ी के पतले टुकड़े चेहरे पर लगाकर कुछ समय बाद ठंडे पानी से धो लें। साबुन का प्रयोग बिलकुल न करें। बेसन व मलाई मिलाकर उसे चेहरे पर लगाकर चेहरा धोयें। नारियल-तेल लगाने से भी लाभ होता है। दही व बेसन मिलाकर लेप करने से आतपदाह से उत्पन्न कालापन दूर हो जाता है।

घमौरियाँ- मुलतानी मिट्टी के घोल से स्नान करने से लाभ होता है। चौथाई चम्मच करेले के रस में 1 चम्मच मीठा सोडा मिला के लेप करने से 2-3 दिन में ही घमौरियों में राहत मिलती है। घमौरियों से सुरक्षा के लिए विटामिन सी वाले फलों का सेवन करना चाहिए, जैसे आँवला, नींबू, संतरा आदि। ढीले सूती कपड़ों का उपयोग करें।

गर्मी व पित्तजन्य तकलीफें- रात को दूध में एक चम्मच त्रिफला घृत मिलाकर पियें। पित्तजन्य दाह, सिरदर्द, आँखों की जलन में आराम मिलेगा। दोपहर को चार बजे एक चम्मच गुलकंद धीरे-धीरे चूसकर खाने से भी लाभ प्राप्त होता है। सुबह खाली पेट नारियल-पानी में अथवा ककड़ी या खीरे के रस में नींबू का रस मिलाकर पीने से शरीर की सारी गर्मी मूत्र एवं मल के साथ निकल जाती है, रक्त शुद्ध होता है और दाह व गर्मी से सुरक्षा होती है। (त्रिफला घृत संत श्री आशाराम जी आश्रम द्वारा संचालित आयुर्वेदिक उपचार केन्द्रों पर उपलब्ध है। मँगवाने हेतु सम्पर्क करें- 092181122233)

मूत्रसम्बंधी विकार- पेशाब में जलन, पेशाब के समय दर्द पर रुक-रुक कर पेशाब आना, बुखार आदि समस्याओं में 2 ग्राम सौंफ को पानी में घोंटें व मिश्री मिला कर दिन में 2-3 बार पियें। इससे गर्मी भी कम होती है। तरबूज, खरबूजा, ककड़ी आदि का सेवन भी खूब लाभदायी है।

गर्मीजन्य अन्य समस्याएँ- इस ऋतु में मानसिक उग्रता, आलस्य की प्रबलता, पित्ताधिक्य से क्रोधादि लक्षण ज्यादा देखे जाते है। इन समस्याओं में सुबह शीतली प्राणायाम का अभ्यास करना बहुत लाभकारी है।

खीरे खायें, बीजों के फायदे साथ में पायें

खीरा एवं ककड़ी जहाँ गर्मियों में विशेष लाभकारी हैं, वहीं ककड़ी एवं विशेषतः खीरे के बीज पौष्टिक होने के साथ कई प्रकार की बीमारियों में बहुत उपयोगी है। खीरे के बीजों को सुखाकर छील कर रख लें।

खीरे के बीजों में छुपा बीमारियों का इलाज

10 सूखे बीज 1 चम्मच मक्खन के साथ 1 माह तक देने से कमजोर बालक पुष्ट होने लगते हैं। बड़ों को 30 बीज 1 चम्मच घी के साथ देने से उन्हें भी लाभ होता है।

जलन के साथ व अल्प मात्रा में मूत्र-प्रवृत्ति में ताजे बीज अथवा ककड़ी या खीरा खाने से अतिशीघ्र लाभ होता है।

जिन्हें बार-बार पथरी होती हो वे प्रतिदिन 4 माह तक 30 सूखे बीज भोजन से पूर्व खायें तो पथरी बनने की प्रवृत्ति बन्द हो जायेगी।

पेशाब के साथ खून आने पर 1-1 चम्मच बीजों का चूर्ण व गुलकंद तथा 1 चम्मच आँवला-रस या चूर्ण मिला के 1-2 बार लें, खूब लाभ होगा।

श्वेतप्रदर में 1 चम्मच बीज चूर्ण, 1 केला, पिसी मिश्री मिलाकर दिन में 1-2 बार लेने से बहुत लाभ होता है।

ककड़ी एवं खीरे के कुछ खास प्रयोग

गर्मी के कारण सिरदर्द, अस्वस्थता,  पेशाब में जलन हो रही हो तो आप 1 कप ककड़ी के रस में 1 चम्मच नींबू रस तथा 1 चम्मच मिश्री डालकर लेने से पेशाब खुल के आता है और उपरोक्त लक्षणों से राहत मिलती है।

चेहरे के कील-मुँहासे मिटाने के लिए ककड़ी या खीरे के पतले टुकड़े चेहरे पर लगायें। आधा घंटे बाद चेहरा धो दें।

तलवों व आँखों की जलन में ककड़ी, ताजा नारियल व मिश्री खाना उत्तम लाभ देता है।

सावधानीः खीरा या ककड़ी ताजी ही खानी चाहिए। सर्दी, जुकाम, दमा में इनका सेवन नहीं करना चाहिए। इन्हें रात को नहीं खाना चाहिए। खीरा या ककड़ी भोजन के साथ खाने की अपेक्षा स्वतंत्र रूप से खाना अधिक हितकर है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद मई 2016, पृष्ठ संख्या 30,31 अंक 281

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ