All posts by Gurukripa

गौमाता की बुद्धिमत्ता व संवेदनशीलता


मातरः सर्वभूतानां गावः सर्वसुखप्रदाः।

‘गौएँ सम्पूर्ण प्राणियों की माता कहलाती हैं। वे सबको सुख देने वाली हैं।’ (महाभारतः अनुशासन पर्वः 69.7)

गौमाता प्रेम, दया, त्याग, संतोष, सहिष्णुता एवं वात्सल्य की साक्षात मूर्ति है। गोवंश में बुद्धिमत्ता तथा सोचने समझने की क्षमता होती है। इसका सबसे सरल उदाहरण यह है कि पचास गायों को एक साथ खड़ी करके किसी एक गाय के बछड़े को छोड़ा जाये तो वह दौड़कर अपनी माँ के पास पहुँच जाता है। जबकि भैंस का पाड़ा कई भैंसों की लातें खाता हुआ भी अपनी माँ के पास नहीं पहुँच पाता। उसे मालिक ही उसकी माँ के पास ले जाता है। भैंस का दूध पीने वाला पाड़ा इतना मूर्ख होता है और गाय का दूध पीने वाला बछड़ा इतना अक्लवाला होता है !

अपने बच्चों की बुद्धि बढ़ाने की चाह वाले प्रयत्न करके बच्चों को देशी गाय का दूध उपलब्ध करायें। देशी गाय का दूध पीने वाले बच्चे पाड़ों की नाईं झगड़ाखोर, स्वार्थी नहीं होते। भैंस खुराक देखकर दूध देती है जबकि गाय बछड़े को देख के ही दूध उतारती है। गाय स्नेही है, भैंस स्वार्थी है। ये गुण-अवगुण उनके दूध में से उनके बच्चों में भी आते हैं और अपने बच्चों में भी आते हैं।

घर के बाहर गाय के आने की खबर बछड़े को हो जाती है और वह अपने आप ही रँभाने लग जाता है। दूध दुहते समय बछड़े को छुड़ाकर दूर बाँधने के बाद भी गाय दूध देती रहती है। मालिक बाहर से घर आये तो गाय खुश होकर उसको चाटने लगती है। गाय का गर्भकाल भी मानव के समान लगभग 9 माह का है।

कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के प्रो. डोनाल्ड ब्रूम ने एक अध्ययन में गायों की एक ऐसी जगह रखा, जहाँ उन्हें चारा हासिल करने के लिए दरवाजा खोलना था। उनकी दिमागी तरंगों को एक यंत्र के माध्यम से मापा गया। इससे पता चला कि वे इस चुनौती को लेकर काफी उत्साहित थीं। जब यह पहेली सुलझाने में कामयाबी मिली तो कुछ गायें तो उत्साहित होकर उछल पड़ीं।

उनमें से एक दूसरों को देखकर सीखने की क्षमता भी होती है तथा सीखी हुई बात वे कभी नहीं भूलतीं। वे बहुत जल्दी सीख जाती हैं कि बिजली की तारों की बाड़ और दूसरी चीजें जिनसे शरीर को चोट लगे उनसे दूर कैसे रहा जाय। वे अपने बाड़ों को अच्छी तरह से जानती हैं और अपनी पसंदीदा जगह पर जाने का रास्ता आसानी से खोज लेती हैं। इनकी गंध पहचानने वाली इन्द्रियाँ काफी सक्रिय तथा स्मरणशक्ति काफी प्रभावी होती है। वे जानती हैं कि किस वक्त उन्हें चारा दिया जायेगा तथा कब दूध दुहा जायेगा।

गाय के ये बुद्धिमत्ता, संवेदनशीलता आदि गुण केवल भारतीय गोवंश में देखने को मिलते हैं, गाय की तरह दिखने वाले विदेशी पशुओं में नहीं। इसलिए भारतीय नस्ल की गायों का दूध पीने वालों में बुद्धिमत्ता, संवेदनशीलता, दया, प्रेम आदि का विकास होता है और वे ओजस्वी-तेजस्वी बनते हैं।

(बापू जी को बचपन से गाय का दूध मिला, अभी भी गाय के दूध का उपयोग करते हैं और उनमें सारे सदगुण चमचम चमकते हमने व लाखों करोड़ों साधकों ने देखे सुने हैं। – सम्पादक)

स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2016, पृष्ठ 24,25 अंक 285

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

 

वास्तविक कर्तव्य और सामाजिक कर्तव्य


 

मुख्य कर्तव्य में लीन तुकाराम जी महाराज
संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग-प्रवचन से

ईश्वर को पाने के लिए आपको चाहे जो भी करना पड़े, वे सब प्रयास, वे सब सौदे सस्ते हैं। संसार को पाने के लिए यदि ईश्वर का त्याग करना पड़े तो सौदा महँगा है। ईश्वर को पाने के लिए यदि संसार की कचरापट्टी का त्याग करना पड़े तो कर देना चाहिए, क्योंकि यदि ईश्वर मिल गया तो संसार तो उसकी छायामात्र है। वह स्वयं ही पीछे-पीछे चला आयेगा। संसार की रजो-तमोगुणी वासनाओं को पोषने के लिए संसार के सुख से चिपके तो वह सुख टिकेगा नहीं और मुक्ति का सुख मिलेगा नहीं। फिर आप रोते रह जाओगे।

दो प्रकार के कर्तव्य होते हैं- एक होता है वास्तविक कर्तव्य और दूसरा होता है सामाजिक कर्तव्य। मनुष्य-जन्म मिला है तो मुक्ति पाना मनुष्य का मुख्य कर्तव्य है। जन्म-मरण से पार होना, पाप-ताप से पार होना, यह मनुष्य का मुख्य कर्तव्य है। दूसरा है गौण कर्तव्य अर्थात् सामाजिक या ऐहिक जिम्मेदारी। यदि आप सतत फेरे फिरकर शादी करके आये हैं तो आपका ऐहिक कर्तव्य है पत्नी का पालन-पोषण करना। बच्चे को जन्म दिया है तो उसको पढ़ाना-लिखाना, यह आपकी ऐहिक जिम्मेदारी है।

जो मुख्य जिम्मेदारी को निभाने में लग जाता है, उसकी ऐहिक जिम्मेदारी अपने-आप पूरी होने लगती है। फिर भले प्रारंभ में उसे थोड़ा विरोध ही क्यों ने सहना पड़े।

तुकाराम जी महाराज शादी करके आये तो उनकी ऐहिक जिम्मेदारी तो थी कि कुछ भी करके कमायें और पत्नी का भरण पोषण करें। वे ऐहिक जिम्मेदारी के फेरे फिरकर तो आये किंतु उनका मन आध्यात्मिक अथवा वास्तविक जिम्मेदारी की तरफ अधिक झुकता गया। अतः वे उसी को निभाने में पूर्ण रूप से संलग्न हो गये। नतीजा यह हुआ कि लोग उनकी निंदा करने लगे। फिर भी तुकाराम जी महाराज ने निंदकों की परवाह नहीं की। उन्होंने सोचा कि ‘चलो, मुख्य काम तो हो रहा है।’ जब तुकाराम जी महाराज पर निंदकों की बातों का कुछ असर न हुआ तो उन्होंने मुंडन करवा कर, उनके सिर पर हल्दी व चूने का लेप करके, गधे पर बिठाया। इतने से जब निंदकों को संतोष नहीं हुआ तो उन्होंने बैंगन और गाजर का हार बनाकर तुकाराम जी महाराज के गले में डाल दिया और गधे पर उलटा (अर्थात् पूँछ की ओर मुँह करके) बिठाकर पूरे गाँव में घुमाया।

फिर भी धन्य हैं तुकाराम जी महाराज ! इतना होने पर भी वे अपने मुख्य कर्तव्य से नहीं डिगे। बाहर से तो बड़ा भारी अपमान दिख रहा है, किंतु अंदर से उनके चित्त पर इसका कोई असर नहीं हुआ। उनकी यह ‘शोभायात्रा’ घूमते-घूमते जब उनके घर के सामने आयी तो उनकी पत्नी जीजाई, जो उन्हें उठते-बैठते गालियाँ सुना देती थी, उसका भी हृदय पिघल गया। उसने तो उठाया डंडा दौड़ी निंदकों के पीछे ! जीजाई का यह रूप देखकर सब भाग गये। उसने तुकाराम जी को गधे पर से उतारा। फिर रोते-रोते बोल उठीः
“आपकी ऐसी हालत किसने की ?”

तुकाराम जी बोलेः “रोती क्यों है ? दुःखी क्यों होती है ? आज तक मैं पूरा गाँव नहीं घूमा था, बेचारों ने गली-गली घुमा दिया। हजामत करवाने पैसा तो था नहीं, अपने खर्चे से उन्होंने मुण्डन भी करवा दिया। कितने अच्छे लोग थे ! सिर पर कहीं फोड़े-फुंसी न हों इसलिए उन बेचारों ने चूना और हल्दी भी लगा दी। हम रोज दाल खा-खाकर ऊब गये थे, गरीबी की वजह से दाल से ही गुजारा करना पड़ता था। उन बेचारों ने बैंगन और गाजर का हार पहना दिया तो हमें 5-7 दिन के लिए सब्जी भी मिल गयी। आज का दिन कैसा शुभ है। तू दुःखी क्यों होती है ?”

यह है सात्त्विक सुख ! यह है वास्तविक कर्तव्य को निभाने का आनंद ! बाहर दुःख की बौछारें हो रही हैं, फिर भी चित्त में दुःख पैदा नहीं हो रहा है।

तुकाराम जी महाराज भगवान के भजन के लिए एक पहाड़ी पर जाकर बैठ जाते और उनकी पत्नी किसी के घर अनाज पीसती, तो किसी की कुछ सेवा करती। फिर अपने घर आकर रोटी बनाती और पति परमात्मा को भोजन देने पहाड़ी पर जाती। इस तरह उनका गुजारा चलता था।

एक दिन दोपहर के समय वह तुकाराम जी को भोजन देने जा रही थी। एक तो भीषण गर्मी… दूसरे दोपहर का समय और तीसरे, परिश्रम से थकी जीजाई। आज उसके क्रोध का कोई पार न रहा। रास्ते में वह विट्ठल को कोसती जा रही थीः “ऐ विट्ठल ! तुझे और कोई नहीं मिला क्या ? मेरे पति के दिल में घुसकर बैठ गया है ? ऐ काला कलूट ! तू बाहर से तो काला है ही, भीतर से भी काला है….” कोसते-कोसते अपने पैरों को पटकते हुए जा रही है।

भगवान अपनी निंदा तो सह लेते हैं किंतु अपने प्यारे भक्त की निंदा उनसे सही नहीं जाती। प्रकृति कोपायमान हुई और जीजाई के पैर में एक बबूल का शूल चुभ गया। जीजाई वहीं गिर पड़ी। ‘भोजन का समय हो गया और जीजाई अभी तक नहीं आयी, क्या बात है ?’ – यह सोचकर तुकाराम जी पहाड़ी से देखने लगे।

इधर तुकाराम जी को भूख लगी और उधर भगवान विट्ठल की नींद खराब हुई कि ‘मेरा भक्त भूख से व्याकुल है।’ भगवान विट्ठल जीजाई के सामने प्रकट हो गये और बोलेः “उठ जीजाई !”
जीजाई ने जैसे ही विट्ठल को देखा कि वह क्रोध से भड़क उठी और बरस पड़ीः “तू विट्ठल !! इधर भी आ गया !!! तूने ही मेरा गृहस्थ जीवन बरबाद कर दिया है। जा, चला जा यहाँ से।”
विट्ठल तो जाने लगे ? जीजाई ने ही मुँह घुमा दिया। फिर भी यह क्या ? जिधर मुँह घुमाया उधर विट्ठल खड़े दिखाई दिये। अब तो जीजाई जिधर मुँह घुमाती जाती है, उधर-उधर विट्ठल प्रकट होते जाते हैं। आखिर थक कर जीजाई ने आँखें बंद कर लीं, किंतु यह क्या ! भीतर भी विट्ठल ही दिखने लगे ! जीजाई फिर बड़बड़ाने लगीः
“तू भीतर कैसे घुस गया ? चल, निकल बाहर।”

इन्कार भी तो आमंत्रण देता है। लग गया जीजाई का ध्यान। मन शांत हो गया। उसे अपनी भूल का एहसास हुआ। वह रो-रोकर भगवान से माफी माँगने लगीः “विट्ठल ! मैंने तुम्हें बहुत से अपशब्द कह दिये। मुझे माफ कर दो।”

विट्ठल बोलेः “अरे, जीजाई ! रोती क्यों है ? तेरे सब अपराध माफ है। जो मुख्य कर्तव्य में लग जाते हैं, उनके गौण कर्तव्य मैं पूरे करता हूँ। तुम्हारे पतिदेव अपने मुख्य कर्तव्य के पालन में, ईश्वर को पाने में लगे हुए हैं, अतः उनके गौण कर्तव्य तो मुझे ही पूरे करने पड़ते हैं। जीजाई ! तू फिकर मत कर, उठ।”
विट्ठल ने जीजाई का हाथ पकड़कर उसके खड़ा किया और उसके पैर से शूल निकाला। भगवान के स्पर्श से उसकी सारी थकान भी दूर हो गयी।
जीजाई बोलती हैः “विट्ठल ! मुझे प्यास लगी है।”
यह सुनकर विट्ठल ने पास की चट्टान पर पत्थर दे मारा तो वहाँ से झरना फूट पड़ा। जीजाई ने पानी पीकर जब प्यास बुझा ली तब विट्ठल बोलेः
“जीजाई ! जल्दी करो। मेरा भक्त भूखा है।”
जीजाई और भगवान, दोनों पैदल ही पहाड़ी पर जाने लगे। तुकाराम जी तो भूख से व्याकुल होकर दूर-दूर तक ताक ही रहे थे। अचानक देखा कि ‘अरे, अमावस्या की काली रात और मध्याह्नकाल के भुवनभास्कर एक साथ ! कहाँ जीजाई और कहाँ विट्ठल ! दोनों एक साथ कैसे ? मुझे कोई भ्रम तो नहीं हो गया ?’ आँखें मसल-मसलकर तुकाराम जी ने देखा कि ‘मैं वास्तव में होश में तो हूँ न ?’
देखते-देखते दोनों तुकाराम जी के पास पहुँच गये। उनके आते ही तुकाराम जी ने भगवान से पहला प्रश्न यही कियाः
“भगवान विट्ठल ! आप जीजाई को लेकर आये !”
विट्ठल ने सारी घटना बता दी। उन्होंने कहाः
“आज जीजाई के पैर में शूल चुभ गया था। देर हो रही थी, इसलिए मुझे आना पड़ा।”
तुकाराम जी तो भगवान के साकार विग्रह को देखते ही भूख-प्यास भूल गये। तब भगवान के कहाः “खाओ, तुकाराम !”
खाते-खाते तुकाराम जी कहते हैं- “भगवन् ! जीजाई तो सदैव आपको कोसती रहती है, फिर भी आप उसके साथ कैसे ?”
“तुकाराम ! मेरी नज़र जीजाई पर नहीं, तुम पर थी। मेरी नज़र तो भक्त पर होती है और भक्त के नाते भक्त के सम्बन्धियों का कल्याण करना यह मेरा स्वभाव है।”
जो अपने मुख्य कर्तव्य को निभा लेता है, उसके गौण कर्तव्य का निर्वाह स्वयं भगवान की कृपा से ही हो जाता है। अतः ईश्वर की ओर जाने वालों को उनके कुटुंबी कोसें नहीं बल्कि सहयोग करें। इसी में भला है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2002, पृष्ठ संख्या 11-13, अंक 117
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

विकसित जीवन जीने की पद्धति देती गुरुकुल की शिक्षा


गुरुकुल परम्परा से पढ़ाई हो यह देश का सौभाग्य होगा

जन्म से 7 साल तक मूलाधार केन्द्र जो शरीर की नींव है, वह विकसित होता है। 7 से 14 साल की उम्र तक स्वाधिष्ठान केन्द्र विकसित होता है तथा 14 से 21 साल तक मणिपुर केन्द्र का विकास होता है, यह बुद्धि को विकसित करने के लिए स्वर्णकाल है। यह भावनाओं को दिव्य व सफल बनाने के लिए सटीक समय है।

गुरुकुल शिक्षा पद्धति से जो विद्यार्थी पढ़ते लिखते थे उनमें ओजस्विता-तेजस्विता आती थी। क्योंकि हमारे शरीर में सात केन्द्र (चक्र) हैं- मूलाधार, स्वाधिष्ठान, मणिपुर, अनाहत, विशुद्धाख्य, आज्ञा और सहस्रार, इन केन्द्रों के विकास करने की पद्धति गुरु लोग जानते थे। गुरु का मतलब है जो हमको लघु सुखों, लघु वासनाओं, लघु मान्यताओं से ऊपर उठा दें। इसलिए पहले दीक्षा दी जाती थी। जीवन को सही दिशा देने के लिए दीक्षा बहुत आवश्यक है। दीक्षा का मतलब यह नहीं कि केवल काऩ फूँक दिया अथवा किसी को माला पकड़ा दी, नहीं, ऊँची दिशा दी जाती थी कि ‘खाना-पीना और इन्द्रिय-लोलुपता का सुख तो पशु-पक्षी, घोड़े-गधे, कुत्ते-बिल्ले भी पा लेते हैं, आपको ऊँचे-में-ऊँचा आत्म-परमात्मसुख लेना है। ऊँचा जीवन जीने के लिए बाहर का आडम्बर नहीं, आंतरिक विकास करो। दिखावटी जीवन की अपेक्षा सात्त्विक और दिव्य जीवन जियो। दूसरों के अधिकार की रक्षा और अपने बल का सदुपयोग करना।’ जो दूसरों के अधिकार की रक्षा करता है और अपने बल का सदुपयोग करता है, वह निर्बलों की सहायता करेगा और अपने अधिकार व लोलुपता में आकर समाज की हानि नहीं करेगा, अपना भविष्य बरबाद नहीं करेगा।

गुरुकुलों से इस प्रकार के उत्तम संस्कारों से युक्त होकर विद्यार्थी जब समाज में आता था तो अच्छी व्यवस्था होती थी। गुरुकुल में जो शिक्षण मिलता था अथवा ज्ञान मिलता था वह आत्मशक्ति का विकास करता था। अभी मैकाले शिक्षा पद्धति में क्या चल रहा है कि ‘व्यक्तित्व का श्रृंगार करने के लिए हृदय अशुद्ध हो तो हो, वसूली के, घूस के, मिलावट के, हेराफेरी के पैसे आयें, दूसरा भूखा मरे, निर्धनों के बच्चे पढ़ें – न पढ़ें, गरीबों का शोषण होता हो तो हो लेकिन मेरे बेटे, मैं और मेरा परिवार सुविधा-सम्पन्न रहे।’ इस छोटे से दायरे में आदमी आ गया।

विदेशी और भारतीय पद्धति में यह अंतर है कि विदेश में अधिक से अधिक सत्ता, धन के ढेर जिसको मिल जायें, वह बड़ा आदमी माना जाता है जबकि भारत में जो अधिक से अधिक समाज को दे एवं अपनी जरूरतों हेतु कम से कम ले और अपने असली सुख में, आत्मसुख में आगे बढ़े, उसको बड़ा माना जाता है। जो कम वस्तु, कम सत्ता, कम व्यक्तियों के उपयोग से अधिक से अधिक शांति, सुख पा सके और दूसरों को दे सके ऐसे शुकदेव जी महाराज ऊँचे सिंहासन पर बैठे हैं और राजा परीक्षित उनके चरणों में ! अष्टावक्र जी ऊँचे सिंहासन पर बिठाते और स्वयं उनके चरण धोते हैं। श्रीकृष्ण गुरु के चरण धोते हैं।

तो गुरुकुल पद्धति में गुरु सुख अर्थात् ऊँचा सुख, ऊँचा ज्ञान पाने और ऊँची समझ, शाश्वत सुख की मौलिक शिक्षा मिलती थी और अंदर के केन्द्रों का विकास होता था। अभी सूचनाएँ इकट्ठी करके हम लोग प्रमाणपत्र ले लेते हैं। मैकाले शिक्षा-पद्धति से पढ़े हुए मानवीय संवेदनाओं से वंचित विद्यार्थी बेचारे कई लाख रूपये रिश्वत दे के नौकरी लेते हैं और करोड़ों रूपये शोषित करके सुखी होने में लगते हैं। न वे सुखी, न जिनको शोषित किया वे सुखी, न जिनको रिश्वत देते हैं वे सुखी, न उनके सम्पर्क में आने वाले सुखी ! तो चारों तरफ शोषण-ही-शोषण और दुःख-ही-दुःख बढ़ गया।

बल का सदुपयोग यह नहीं कि आपके पास सत्ता का, साधुताई का बल है अथवा अन्य कोई बल है और उसके द्वारा आप दूसरों का शोषण करके बड़े बन जाओ। यह बल का दुरुपयोग है। दूसरों के अधिकार की रक्षा और अपने अधिकार का सदुपयोग। गुरुकुल पद्धति उसी पर आधारित थी।

आत्मा परमात्मा का सुख लेने की पद्धति, इन्द्रियों को संयमित करने की और मन व इन्द्रियों को दिव्य ज्ञान में, दिव्य आत्मसुख में ले जाने की व्यवस्था गुरुकुलों में थी। इसमें जप, ध्यान और वैदिक ज्ञान बड़ी सहायता करता है।

गुरुकुल शिक्षा पद्धति व्यक्ति को विकसित जीवन जीने की पद्धति देती है। गुरुकुल परम्परा से पढ़ाई लिखाई हो देश का, मानवता का यह सौभाग्य होगा।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2016, पृष्ठ संख्या 8,9 अंक 285

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ