All posts by Gurukripa

अमृत बरसाती शरद पूर्णिमा


(शरद पूर्णिमाः 18 अक्तूबर 2013)

शरद पूर्णिमा की रात को चन्द्रमा की किरणों से अमृत बरसाता है। ये किरणें स्वास्थ्य के लिए अत्यन्त लाभदायी हैं। इस रात्रि में शरीर पर हल्के-फुल्के परिधान पहनकर चन्द्रमा की चाँदनी में टहलने, घास के मैदान पर लेटने तथा नौका-विहार करने से त्वचा के रोमकूपों में चन्द्र किरणें समा जाती हैं और बंद रोम-छिद्र प्राकृतिक ढंग से खुलते हैं। शरीर के कई रोग तो इन चन्द्र किरणों के प्रभाव से ही धीरे-धीरे दूर होने लगते हैं।

इन चन्द्र किरणों से त्वचा का रंग साफ होता है, नेत्रज्योति बढ़ती है एवं चेहरे पर गुलाभी आभा उभरने लगती है। यदि देर तक पैरों को चन्द्र किरणों का स्नान कराया जाय तो ठंड के दिनों में तलुए, एड़ियाँ, होंठ फटने से बचे रहते हैं।

चन्द्रमा की किरणें मस्तिष्क के लिए अति लाभकारी हैं मस्तिष्क की बंद तहें खुलती हैं, जिससे स्मरणशक्ति में वृद्धि होती है। साथ ही सिर के बाल असमय सफेद नहीं होते हैं।

शरद पूर्णिमा की चाँदनी के स्वास्थ्य प्रयोग

शरद पूर्णिमा की शीतल रात्रि को (9 से 12 बजे के बीच) चन्द्रमा की किरणों में महीन कपड़े ढँककर रखी हुई दूध-चावल की खीर वर्षभर आयु, आरोग्य, पुष्टि व प्रसन्नतादायक होती है, अतः इसका अवश्य सेवन करना चाहिए। देर रात होने के कारण कम खायें, भरपेट न खायें, सावधानी बरतें।

दो पके सेवफल के टुकड़े करके शरद पूर्णिमा को रातभर चाँदनी में रखने से उनमें चन्द्र किरणें और ओज के कण समा जाते हैं। सुबह खाली पेट सेवन करने से कुछ दिनों में स्वास्थ्य में आश्चर्यजनक लाभकारी परिवर्तन होते हैं।

इस दिन रात को चाँदनी में सेवफल 2-3 घंटे रख के फिर उसे चबा-चबाकर खाने से मसूड़ों से खून निकलने का रोग (स्कर्वी) नहीं होता तथा कब्ज से भी छुटकारा मिलता है।

250 ग्राम दूध में 1-2 बादाम व 2-3 छुहारों के टुकड़े करके उबालें। फिर इस दूध को पतले सूती कपड़े से ढँककर चन्द्रमा की चाँदनी में 2-3 घंटे तक रख दें। यह दूध औषधिय गुणों से पुष्ट हो जायेगा। सुबह इस दूध को पी लें।

सोंठ, काली मिर्च और लौंग डालकर उबाला हुआ दूध चाँदनी रात में 2-3 घंटे रखकर पीने से बार-बार जुकाम नहीं होता, सिरदर्द में लाभ होता है।

इस रात्रि में 3-4 घंटे तक बदन पर चन्द्रमा की किरणों को अच्छी तरह पड़ने दें।  इससे त्वचा मुलायम, कोमल व कंचन सी दमकने लगेगी।

तुलसी के 10-12 पत्ते एक कटोरी पानी में भिगोकर चाँदनी रात में 2-3 घंटे के लिए रख दें। फिर इन पत्तों को चबा-चबाकर खा लें व थोड़ा पानी पियें। बचे हुए पानी को चबाकर खा लें व थोड़ा पानी पियें। बचे हुए पानी को छानकर एक-एक बूँद आँखों में डालें, नाभि में मलें तथा पैरों के तलुओं पर भी मलें। आँखों से धुँधला दिखना, बार-बार पानी आना आदि में इससे लाभ होता है। तुलसी के पानी की बूँदें चन्द्रकिरणों के संग मिलकर प्राकृतिक अमृत बन जाती हैं। (दूध व तुलसी के सेवन में दो-ढाई घंटे का अंतर रखें।)

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अक्तूबर 2013,  पृष्ठ संख्या 32, अंक 250

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

आप कहते हैं…. – निर्दोष, निष्कलंक बापू


श्री निलेश सोनी (वरिष्ठ पत्रकार)

प्रधान सम्पादक, ओजस्वी है भारत !’

किसी ने ठीक ही लिखा है कि हिन्दू तो वह बूढ़े काका का खेत है, जिसे जो चाहे जब जोत जाय। उदार, सहिष्णु और क्षमाशील इस वर्ग के साथ वर्षों से बूढ़े काका के खेत की तरह बर्ताव हो रहा है। हिन्दू समाज का नेतृत्व करने वाले ब्रह्मज्ञानी संतों, महात्माओं, समाज-सुधारकों, क्रांतिकारी प्रखर वक्ताओं पर जिसके मन में  जो आता है, वह कुछ भी आरोप मढ़ देता है। अब तो दुष्प्रचार की हद हो गयी, जब 73 वर्षीय पूज्य संत श्री आशारामजी बापू पर साजिशकर्ताओं की कठपुतली, मानसिक असंतुलन वाली कन्या द्वारा ऐसा घटिया आरोप लगवाया गया, जिसको कोई सिर-पैर नहीं, जिसे सुनने में भी शर्म आती है। इससे देश-विदेश में फैले बापू जी के करोड़ों भक्तों व हिन्दू समाज में आक्रोश का ज्वालामुखी सुलग रहा है।

कुदरत के डंडे से कैसे बचेंगे ?

आरोप लगाने वाली लड़की की मेडिकल जाँच रिपोर्ट में चिकित्सकों ने आरोप को साफ तौर पर नकार दिया है। इससे स्पष्ट होता है कि यह सिर्फ बापू जी को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश है लेकिन प्रश्न यह है कि करोड़ों भक्तों के आस्था के केन्द्र बापू जी के बारे में अपमानजनक एवं अशोभनीय आरोप लगाकर भक्तों की श्रद्धा, आस्था व भक्ति को ठेस पहुँचाने वाले कुदरत के डंडे से कैसे बच पायेंगे ? शास्त्रों में स्पष्ट लिखा है कि ‘भगवान स्वयं का अपमान सहन कर सकते हैं मगर अपने प्यारे तत्त्वरूप संतों का नहीं।’

व्यावसायिक हितों की चिंता

इन झूठे, शर्मनाक आरोपों के मूल में वे शक्तियाँ काम कर रही हैं, जो यह कतई नहीं चाहती हैं कि बापू जी की प्रेरणा से संचालित गुरुकुलों के असाधारण प्रतिभासम्पन्न विद्यार्थी आगे चलकर देश, संस्कृति व गुरुकुल का नाम रोशन करें। दुनिया जानती है कि भारतीय वैदिक गुरुकुल परम्परा पर आधारित शिक्षण एवं सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण के क्षेत्र में बापू जी के मार्गदर्शन में देशभर में चल रहे गुरुकुल आज कॉन्वेंट शिक्षण पद्धति के लिए सबसे बड़ी चुनौति बन चुके हैं। एक तरफ कई व्यावसायिक संस्थाओं की लूट इस पहाड़ के नीचे आ रही है तो दूसरी तरफ इंटरनेट और अश्लील साहित्य सामग्री के जरिये देश के भविष्य को चौपट करने की सुनियोजित साजिश पर पानी फिर रहा है। ओजस्वी-तेजस्वी भारत निर्माण बापू जी के संकल्प को हजम कर पाना उन साजिशकर्ताओं के लिए अब काँटोभरी राह साबित हो रहा है। ऐसे में गुरुकुलों की बढ़ती लोकप्रियता, विश्वनीयता की छवि और मेधावी बच्चों की प्रतिभा को कुचलने के लिए अब कुछ इस तरह से कीचड़ उछाला जा रहा है कि माता-पिता अपने बच्चों को गुरुकुल में भेजें ही नहीं।

पहले गुरुकुल के बच्चों पर तांत्रिक विद्या का  मनगढंत आरोप लगाया गया परंतु जब सर्वोच्च न्यायालय में इन आरोपों की हवा निकल गयी तो अब सीधे बापू जी के चरित्र पर ही कीचड़ उछालने लगे हैं। मगर सूर्य पर थूकने का दुस्साहस करने वाले खुद ही गंदे हो जाते हैं। जो समाज को मान-अपमान, निंदा-प्रशंसा और राग-द्वेष से ऊपर उठाकर समत्व में प्रतिष्ठित करते हुए समत्वयोग की यात्रा करवाते हैं, भला ऐसे संत के दुष्प्रचार की थोथी आँधी उनका क्या बिगाड़ पायेगी ? टीआरपी के पीछे दौड़ने वाले चैनल बापू को क्या बदनाम कर पायेंगे ? बापू के भक्तों की हिमालय सी दृढ़ श्रद्धा के आगे आरोप  बिसात एक तिनके के समान है।

चाहे धरती फट जाये तो भी सम्भव नहीं

वैसे आज किसी पर कीचड़ उछालना बहुत आसान है। पहले बापू जी के आश्रम के लिए जमीन हड़पने, अवैध कब्जे, गैर-कानूनी निर्माण के थोकबंद आरोप लगाये गये मगर सत्य की तराजू पर सभी झूठे, बेबुनियाद साबित हुए। जब इनसे काम नहीं बना तो बापू जी और उनके द्वारा संचालित आश्रम, समितियों और साधकों पर अत्याचार किये गये लेकिन भक्तों ने इनका डटकर मुकाबला किया। साजिश करने वालों ने हर बार मुँह की खायी। कितने तो आज भी लोहे के चने चबा रहे हैं तो कितने कुदरत के न्याय के आगे खामोश हैं परंतु बावजूद इसके आज भी बापू जी के ऊपर अनाप-शनाप आरोप लगवाने वालों को अक्ल नहीं आयी। साजिशकर्ताओं के इशारे पर बकने वाली एक लड़की ने बापू जी पर जैसा आरोप लगाया है, दुनिया इधर की उधर हो जाय, धरती फट जाय तो भी ऐसा सम्भव नहीं हो सकता है। यह घिनौना आरोप भक्तों की श्रद्धा, साधकों की आस्था को डिगा नहीं सकता है।

पूरा जीवन खुली किताब

बापूजी का पूरा जीवन खुली किताब की तरह है। उसका हर पन्ना और उस पर लिखी हर पंक्ति समाज का युग-युगांतर तक पथ प्रदर्शन करती रहेगी। बापू जी कोई साधारण संत नहीं, वे असाधारण आत्मसाक्षात्कारी महापुरुष हैं।

दरअसल सबसे बड़ी समस्या यह है कि सारे आरोप हिन्दू संतों पर ही लगाये जाते हैं क्योंकि हिन्दू चुपचाप सह सह लेता है। दुनिया के और किसी धर्म में ऐसा होने पर क्या होता है यह किसी से छुपा नहीं है। हमारी उदारता और सहिष्णुता का दुरुपयोग किया जाता है। तभी तो महापुरुषों को बदनाम करने का षड्यन्त्र चलता ही रहा है, फिर चाहे कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य स्वामी श्री जयेन्द्र सरस्वती जी हों या फिर सत्य साँईं बाबा हों। आरोप लगाने वालों ने तो माता सीताजी व भगवान श्रीकृष्ण पर भी लांछन लगाया था। ऐसे में यह कल्पना कैसे की जा सकती है कि समाज को संगठित कर दिव्य भारतीय संस्कृति की विश्व क्षितिज पर पताका लहराने वाले विश्ववंदनीय संत पर आरोप न लगाये जायें ? संत तो स्वभाव से ही क्षमाशील होते हैं लेकिन उनके भक्त अपमान बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं। झूठ के खिलाफ सत्य की यह धधकती मशाल अन्याय और अत्याचार के अँधेरे को कुचलकर ही रहेगी।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अक्तूबर 2013, पृष्ठ संख्या 17,18 अंक 250

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

 

 

वह अधीनता जिससे परम स्वाधीनता – पूज्य बापू जी


पंचभौतिक शरीर माया का है, मन, बुद्धि, अहंकार भी माया है, यह अष्टधा प्रकृति है। भगवान बोलते हैं कि ʹयह अष्टधा प्रकृति मैं नहीं हूँ, तो तुम भी यह नहीं हो।ʹ भगवान के वचन मान लो।

भूमिरापोनलो वायुः खं मनो बुद्धिरेव च।

अहंकार इतीयं मे भिन्ना प्रकृतिरष्टधा।। गीताः 7.4

ये प्रकृति, पंचभौतिक शरीर, मन, बुद्धि, अहंकार मेरे से भिन्न हैं, तो आपसे भी भिन्न हैं। शरीर, मन, बुद्धि बदलते हैं, आप नहीं बदलते हैं, आप उनको जानते हैं। ʹमैं दुःखी हूँ, मैं सुखी हूँʹ यह अहंकार भी बदलता है। ʹमैं चिंतित हूँ, मैं गरीब हूँ, मैं अमीर हूँʹ यह अहंकार भी बदलता है। आठों बदलते हैं आपके भी और भगवान के भी। तो जो भगवान का आत्मा है वही तुम्हारा आत्मा है। और शरीर भगवान का भी नहीं रहा तो तुम्हारा कब तक रहेगा ?

तुम शरीर नहीं हो, तुम अमर आत्मा हो। जैसा भगवान अपने को जानते हैं, ऐसा आप भी अपने को जानो। गुरु अपने को जैसा जानते हैं, ऐसा अपने को जानो। मरने से डरो नहीं, किसी को डराओ नहीं। बेवकूफ बनो नहीं, दूसरे को बेवकूफ बनाओ नहीं दुःखी होओ नहीं और दूसरों के लिए दुःख बनाओ नहीं।

अपने को दुःखी करने का क्या मतलब है ? मूर्खता के सिवाय दुःख हो ही नहीं सकता। बिना बेवकूफी के गलत निर्णय हो ही नहीं सकते। जब भी गलत निर्णय होते हैं तो उनके मूल में बेवकूफी होती है। इससे दुःख होता है। दुःखी होकर निर्णय नहीं करना, द्वेष में निर्णय नहीं करना, चिंता में आकर निर्णय नहीं करना, भय में आकर निर्णय नहीं करना।

सुबह नहा-धोकर, सूर्य को अर्घ्य दे के, ध्यान करके, गुरु से तादात्म्य करके फिर निर्णय करो तो दुर्गति नहीं होती। नहीं तो फिर-फिर से पान-मसाला, दुर्गति है ! फिर-फिर से फिल्म, नहीं चाहते हुए भी वही करते हैं। यह क्या है ? यह आदतें हम पर हुक्म चलाती हैं। तुम आदतों के हुक्म में न चलो, शास्त्रों के हुक्म में चलो, गुरु के हुक्म में चलो, ईश्वर के हुक्म में चलो।

ईश्वर, शास्त्र और गुरु के अधीन होते हैं, वह अधीनता नहीं है, पर स्वाधीनता है क्योंकि अपनी स्वीकारी हुई है। सत्य की अधीनता, अधीनता नहीं रहती। शास्त्र की अधीनता, अधीनता नहीं रहती। भगवान राम शास्त्र के अधीन रहते थे, भगवान कृष्ण शास्त्र के अनुरूप चलते थए, मेरे गुरु जी चलते थे। तो शास्त्र की, भगवान की और गुरु की आज्ञा में चलना यह अधीनता नहीं है, वासनाओं की अधीनता ही अधीनता है।

जो शास्त्र ,गुरु और भगवान की आज्ञा को ठुकरा देते हैं वे फिर वासनाओं की आज्ञा में चलते हैं, बेवकूफी की आज्ञा में चलते हैं, गलत निर्णयों की आज्ञा में चलते हैं और उनकी मति मारी जाती है। जो मनमुख होते हैं वे आखिर केंचुएँ तक की नीच योनियों में चले जाते हैं, पतंगे तक की नीच योनियों में चले जाते हैं। परंतु जो ईश्वर की शरण लेते हैं…. ईश्वर कह दो तो शास्त्र और गुरु आ गये। गुरु कह दो तो ईश्वर और शास्त्र आ गये। दिखते तीन हैं, हैं एक। ʹईश्वरो गुरुरात्मेति मूर्तिभेदे विभागिनो।ʹ आकृति भेद से अलग हैं बाकी एक ही हैं। सत्शास्त्र कह दो तो ईश्वर आ गये उसमें। ईश्वर के बिना सत्शास्त्र हो सकता है क्या ? गुरु के बिना सत्शास्त्र होता है क्या ? गुरु कह दो तो सत्शास्त्र और ईश्वर आ गये। तो जो ईश्वर, गुरु, शास्त्र की शरण लेते हैं, वे दुःख, शोक, भय, चिंताओं के सिर पर पैर रखकर आत्मा-परमात्मा का अनुभव कर लेते हैं।

पक्का कर लो कि ʹअब हम ईश्वरमय जीवन जियेंगे, गुरु की आज्ञा के अनुरूप चलेंगे।ʹ गुरु की आज्ञा, ईश्वर की आज्ञा, शास्त्र की आज्ञा दिखती तो शुरुआत में अधीनता जैसी है लेकिन तमाम अधीनताओं से पार कर देती है !

स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2013, अंक 249

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ