All posts by Gurukripa

आठ गुणों का विकास, जीवन में लाये ज्ञान-प्रकाश


(पूज्य बापू जी की बोधमयी अमृतवाणी)

अगर आपको अपना व्यक्तित्व निखारना है, अपना प्रभाव विकसित करना है तो जीवन में आठ सदगुण ले आईये। ये आठ सदगुण और नौवीं आरोग्यप्रद ‘स्थलबस्ति’ आपके प्रभाव में चार चाँद लगायेंगे। कितना भी साधारण आदमी हो, तुच्छ हो तो भी वह बड़ा प्रभावशाली हो जायेगा।

कला प्रभावोत्पादक मानवीय व्यवहारः पशु जैसा व्यवहार नहीं, कूड़ कपट, बेईमानी नहीं, मानी जैसा व्यवहार नहीं, मनुष्य को शोभा दे ऐसा व्यवहार करें। कर्मों की गति गहन है, इसलिए ऐसे कर्म करो जिससे भगवान की प्रीति जगे। ऐसा चिंतन करो कि अपना आत्मा परमात्मा, जो अपने साथ, अपने पास है, उसको जानने की ललक जगे।

दूसरों के महत्त्व को भी स्वीकार करें। दूसरों के अंदर भी गुण है। अपने द्वारा उनका विकास हो तो अच्छा है, नहीं तो उनका अंदर से मंगल चाहें। डाँटें तो भी मंगल की भावना से।

आनंदित रहें, प्रसन्न रहें, मित्र भावना से सम्पन्न रहें। आनन्दित और प्रसन्न रहने के लिए बैठे-बैठे या लेटे-लेटे दोनों नथुनों से खूब श्वास लें, पेट भर लें, फिर ‘अशांति, खिन्नता और रोग के कण बाहर निकल रहे हैं।’ ऐसी भावना करते हुए मुँह से छोड़ें। इससे निरोगता भी बढ़ेगी और प्रसन्नता भी बढ़ेगी। रोज सुबह 10 से 12 बार ऐसा करें।

आत्मसंयमः जो नहीं खाना चाहिए, जो नहीं करना चाहिए, बस उससे अपने को बचायें तो जो करना चाहिए वह अपने-आप होने लगेगा।

अपना उद्देश्य निश्चित करें कि मुझे अपने आत्मा-परमात्मा को पाना हैः जिसको पाना सहज है, अभागा मन, अभागी बुद्धि तू उधर क्यों नहीं चलती ! जिसको पाये बिना दुर्भाग्य का अंत नहीं होता और जिसको पाने से कोई कमी नहीं रहती, तू उसको पा ले न !’ – ऐसा अपने मन को समझायें।

‘यह बना लिया, वह बना लिया….’ जैसे हाथी दलदल में एक बार चला गया तो ज्यों निकलने की कोशिश करता है, त्यों फँसता जाता है। वैसे ही ‘जरा यह कर लूँ… जरा वह कर लूँ…. जरा मिल्कियत इकट्ठी कर लूँ… जरा यह ठीक कर लूँ…..’ ऐसा करते-करते जीव संसार की दलदल में और फंसता जाता है।

अपने को बेठीक करके तेरा क्या ठीक हुआ ? मृत्यु का एक झटका आयेगा तो सब बेठीक हो जायेगा। मरने वाले अपने शरीर को कितना भी ठीक करोगे, मौत सब मिट्टी में मिला देगी। मौत सब मिट्टी में मिला के बेठीक करे इसके पहले जहाँ मौत की दाल नहीं गलती उस अपने अमर स्वभाव को नष्टो मोहः स्मृतिर्लब्धा…. कर लो न, अमर स्वभाव की स्मृति, अनुभव कर लो, फिर शोक नहीं रहेगा, दुःख नहीं रहेगा, मोह नहीं रहेगा, भय नहीं रहेगा, चिंता नहीं रहेगी। आप आनंदित-आह्लादित, मधुमय होंगे, परम सुख में रहेंगे और अपनी दृष्टि और वचन से दूसरों का भी सच्चा सर्वांगीण विकास करने में सक्षम होते जायेंगे। ऐसा आत्मसुख, आत्मलाभ, आत्मज्ञान पा लो भैया ! ‘जो छोड़ के मरना है उसके पीछे कब तक मरता रहेगा और जो कभी नहीं मरता उसका अभाव कब तक मानेगा, उसका अनादर कब तक करेगा ?’ – अपनि मन को ऐसे समझायें तो पतनोन्मुखी विचार दूर हो जायेंगे। जहाँ आपको पहुँचना है उसी प्रकार के विचार करें।

दूसरों के लिए हित की भावना और अपने लिए मितव्ययः अपने लिए ज्यादा ऐश नहीं। अपने लिए ज्यादा खर्च न करें और लोगों के हित का व्यवहार करें। हित, मित और प्रिय वाणी आपके हृदय को उन्नत बना देगी।

संतुलित मनोरंजनः मनोरंजन हो, विनोद हो लेकिन वह भी संतुलित हो, नियंत्रित हो। मनोरंजन की सीमा हो।

आत्मसाक्षात्कार के लिए अमिट उत्साहः जब तक परमात्मा का साक्षात्कार नहीं हुआ, तब तक आत्मा परमात्मा को पाने का उत्साह बना रहे। ‘अभी क्यों नहीं हो रहा है ? कैसे पाऊँ प्रभु को ?’ इस तरह उत्साह से लगे रहें।

ये आठ सदगुण अपने हृदय में भर लें तो आपका प्रभाव खूब ही हो जायेगा। जिसके जीवन में ये सदगुण आ गये वह तो धन्य हो गया, उसका कुटुम्ब भी धन्य हो गया और उससे मिलने वाले भी धनभागी हो जाते हैं। राजे महाराजे आपके आगे मत्था टेककर अपना भाग्य बना लेंगे, ऐसी शक्ति आपके अंदर पड़ी है। आप चले जायेंगे फिर भी खूब लोग आपके नाम की मनौतियाँ मानेंगे, जैसे – नानकजी, लीलाशाह बापू जी आदि संतों को नाम की मनौतियाँ मानते हैं। ये आठ सदगुण आ गये तो आपको तो ईश्वर मिल जायेंगे, साथ ही आपके पदचिह्नों पर हजारों लाखों लोग चलेंगे। और इन सब सदगुणों को साकार करने में स्थलबस्ति, जो आपको दीक्षा के समय सिखायी जाती है, वह चार चाँद लगायेगी और आसान कर देगी। आरोग्य और प्रभावशाली व्यक्तित्व में, निर्विकारता में और ईश्वरप्राप्ति में बेजोड़ सहयोग कर देगी।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जनवरी 2011, पृष्ठ संख्या 28, अंक 217

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

शीत ऋतु में लाभदायीः जीर्ण व्याधिनिवारक प्रयोग


कुछ रोग ऐसे होते हैं जो शरीर में दीर्घकाल तक रहकर शरीर को दुर्बल व क्षीण कर देते हैं। सर्दियों में त्रिदोष स्वाभाविकक रूप से सम अवस्था में आने लगते हैं। जठराग्नि भी प्रदीप्त होती है। इस समय युक्तिपूर्वक की गयी औषधि योजना जीर्ण व्याधि तथा तदजन्य दुर्बलता को नष्ट करने में सक्षम होती है। ऐसे अनुभूत प्रयोग यहाँ पर प्रस्तुत हैं-

जीर्ण शिरः शूल (पुराना सिर दर्द)-

इसके मुख्यतः दो कारण हैं- एक पित्त की अधिकता व दूसरा कब्ज। इसमें दीर्घकाल तक सतत दर्द रहता है अथवा महीने-दो महीने या इससे अधिक समय पर सिरदर्द का दौरा सा पड़ता है। इसके निवारण के लिए 500 ग्राम बादाम दरदरा कूट लें। 100 ग्राम घी में धीमी आँच पर सेंक लें। 750 ग्राम मिश्री की गाढ़ी, लच्छेदार चाशनी बनाकर उसमें यह बादाम तथा जावंत्री, जायफल, इलायची, तेजपत्र का चूर्ण प्रत्येक 3-3 ग्राम व 5 ग्राम प्रवालपिष्टी मिलाकर अच्छी तरह घोंट लें। थाली में जमाकर छोटे-छोटे टुकड़े काटकर सुरक्षित रख लें। 10 से 20 ग्राम सुबह दूध अथवा पानी के साथ लें। (पाचनशक्ति उत्तम हो तो शाम को पुनः ले सकते हैं।) खट्टे, तीखे, तले हुए व पचने में भारी पदार्थों का सेवन न करें।

बादाम अपने स्निग्ध व मृदु-विरेचक गुणों से पित्त व संचित मल को बाहर निकाल कर सिरदर्द को जड़ से मिटा देता है। साथ में मस्तिष्क, नेत्र व हृदय को बल प्रदान करता है।

अमेरिकन बादाम जिसका तेल, सत्त्व निकला हुआ हो वह नहीं, मामरी बादाम अथवा देशी बादाम भी अपने हाथ से गिरी निकाल से इस्तेमाल करो तो लाभदायक है। अमेरिकन बादाम का तेल गर्मी दे के निकाल देते हैं।

बौद्धिक काम करने वालों के लिए तथा शुक्रधातु की क्षीणता व स्नायुओं की दुर्बलता में भी यह बादामपाक अतीव लाभकारी है। स्वस्थ व्यक्तियों के लिए सर्दियों में सेवन करने योग्य यह एक उत्तम पुष्टिदायी पाक है।

जीर्ण वायुविकार, अस्थिविकार, दमा एवं पुरानी खाँसीः सबसे अधिक रोग प्रकुपित वायु के कारण उत्पन्न होते हैं। उनका स्वरूप भी गम्भीर व पीड़ाकारक होता है। ‘वृद्धजीवकीयं तंत्रम्’ में कश्यप ऋषि ने कहा है-

सर्वष्वनिलरोगिषु लशुनान्युपयोजयेत्।

मुच्यते व्याधिभिः क्षिप्रं वपुश्चाधिकमाप्नुते।।

‘सभी प्रकार के वातरोगों में लहसुन का उपयोग करना चाहिए। इससे रोगी शीघ्र ही रोगमुक्त हो जाता है तथा उसके शरीर की वृद्धि होती है।’

काश्यप संहिता, कल्पस्थान, लशुनकल्प

कश्यप ऋषि के अनुसार लहसुन सेवन का उत्तम समय पौष व माघ महीना (दिनांक 22 दिसम्बर से 18 फरवरी 2011 तक) है।

प्रयोग विधिः 200 ग्राम लहसुन छीलकर पीस लें। 4 लीटर दूध में ये लहसुन व 50 ग्राम गाय का घी मिलाकर दूध गाढ़ा होने तक उबालें। फिर इसमें 400 ग्राम मिश्री, 400 ग्राम गाय का घी तथा सोंठ, काली मिर्च, पीपर, दालचीनी, इलायची, तमालपात्र, नागकेशर, पीपरामूल, वायविडंग, अजवायन, लौंग, च्यवक, चित्रक, हल्दी, दारूहल्दी, पुष्करमूल, रास्ना, देवदार, पुनर्नवा, गोखरू, अश्वगंधा, शतावरी, विधारा, नीम, सोआ व कौंचा के बीज का चूर्ण प्रत्येक 3-3 ग्राम मिलाकर धीमी आँच पर हिलाते रहें। मिश्रण में से घी छूटने लग जाय, गाढ़ा मावा बन जाय तब ठंडा करके इसे काँच की बरनी में भरकर रखें।

10 से 20 ग्राम यह मिश्रण सुबह गाय के दूध के साथ लें (पाचनशक्ति उत्तम हो तो शाम को पुनः ले सकते हैं।

भोजन में मूली, अधिक तेल व घी तथा खट्टे पदार्थों का सेवन न करें। स्नान व पीने के लिए गुनगुने पानी का प्रयोग करें।

इससे 80 प्रकार के वात रोग जैसे – पक्षाघात (लकवा), अर्दित (मुँह का लकवा), गृध्रसी (सायटिका), जोड़ों का दर्द, हाथ पैरों में सुन्नता अथवा जकड़न, कम्पन, दर्द, गर्दन व कमर का दर्द, स्पांडिलोसिस आदि तथा दमा, पुरानी खाँसी, अस्थिच्युत (डिसलोकेशन), अस्थिभग्न (फ्रेक्चर) एवं अन्य अस्थिरोग दूर होते हैं। इसका सेवन माघ माह के अंत तक कर सकते हैं। व्याधि अधिक गम्भीर हो तो वैद्यकीय सलाह से एक वर्ष तक भी ले सकते हैं। लकवाग्रस्त लोगों तक भी इसकी खबर पहुँचायें।

वर्षों तक किये गये अंग्रेजी उपचार जहाँ निष्फल हुए हैं, उन वात विकारों में यह लहसुन प्रयोग रोगनिवारक सिद्ध हुआ है। साथ में सूर्यस्नान व प्राणायाम अवश्य करें।

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

सर्दियों में खजूर खाओ, सेहत बनाओ !

खजूर मधुर, शीतल, पौष्टिक व सेवन करने के बाद तुरंत शक्ति-स्फूर्ति देने वाला है। यह रक्त, मांस व वीर्य की वृद्धि करता है। हृदय व मस्तिष्क को शक्ति देता है। वात-पित्त व कफ इन तीनों दोषों का शामक है। यह मल व मूत्र को साफ लाता है। खजूर में कार्बोहाईड्रेटस, प्रोटीन्स, कैल्शियम, पौटैशियम, लौह, मैग्नेशियम, फास्फोरस आदि प्रचुर मात्रा में पाये जाते हैं।

खजूर के उपयोग

मस्तिष्क व हृदय की कमजोरीः रात को खजूर भिगोकर सुबह दूध या घी के साथ खाने से मस्तिष्क व हृदय की पेशियों को ताकत मिलती है। विशेषतः रक्त की कमी के कारण होने वाली हृदय की धड़कन व एकाग्रता की कमी में यह प्रयोग लाभदायी है।

मलावरोधः रात को भिगोकर सुबह दूध के साथ लेने से पेट साफ हो जाता है।

कृशताः खजूर में शर्करा, वसा (फैट) व प्रोटीन्स विपुल मात्रा में पाये जाते हैं। इसके नियमित सेवन से मांस की वृद्धि होकर शरीर पुष्ट हो जाता है।

रक्ताल्पताः खजूर रक्त को बढ़ाकर त्वचा में निखार लाता है।

शुक्राल्पताः खजूर उत्तम वीर्यवर्धक है। गाय के घी अथवा बकरी के दूध के साथ लेने से शुक्राणुओं की वृद्धि होती है। इसके अतिरिक्त अधिक मासिक स्राव, क्षयरोग, खाँसी, भ्रम(चक्कर), कमर व हाथ पैरों का दर्द एवं सुन्नता तथा थायराइड संबंधी रोगों में भी यह लाभदायी है।

5 से 7 खजूर अच्छी तरह धोकर रात को भिगोकर सुबह खायें। बच्चों के लिए 2-4 खजूर पर्याप्त हैं। दूध या घी में मिलाकर खाना विशेष लाभदायी है।

होली के बाद खजूर खाना हितकारी नहीं है।

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

शक्तिदायक नारियल

नारियल शीतल, स्निग्ध, बलदायी, शरीर को मोटा करने वाला तथा वायु व पित्त को शांत करने वाला है। सूखा नारियल वीर्यवर्धक है। इसमें कार्बोहाइड्रेटस, प्रोटीन्स, वसा, कैल्शियम, पोटैशियम, सोडियम, लौह, विटामिन ‘सी’ आदि प्रचुर मात्रा में पाये जाते हैं।

इन गुणों के कारण नारियल आंतरिक गर्मी, अम्लपित्त (एसिडिटी), आमाशय व्रण(अल्सर), क्षयरोग(टी.बी.), दुर्बलता, कृशता व वीर्य की अल्पता में लाभदायी है। यह पचने में भारी होता है इसलिए मात्र 10 से 20 ग्राम की मात्रा में खूब चबा-चबाकर खायें। इसकी बर्फी या चटनी बनाकर अथवा सब्जी में मिलाकर भी खा सकते हैं। नारियल बालक व गर्भवती माताओं के लिए विशेष पोषक तत्त्वों की पूर्ति कर देता है।

पौष्टिक चबैनाः छुहारा, सूखा नारियल व मिश्री के छोटे-छोटे टुकड़े कर मिलाकर रख लें। टॉफी-चाकलेट के स्थान पर बच्चों को यह पौष्टिक चबैना दें। इससे दाँत, हड्डियाँ मजबूत बनेंगे व बुद्धि का भी विकास होगा।

सूचनाः अष्टमी के दिन नारियल खाने से बुद्धि का नाश होता है।

(ब्रह्म वैवर्त पुराण)

स्रोतः ऋषि प्रसाद, दिसम्बर 2010, पृष्ठ संख्या 30,31 अंक 216

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

संयम की महिमा


आधुनिक मनोविज्ञान  मानसिक विशलेषण, मनोरोग शास्त्र और मानसिक रोग की चिकित्सा – ये फ्रायड के रूग्ण मन के प्रतिबिम्ब हैं। फ्रायड स्वयं स्पास्टिक कोलोन (प्रायः सदा रहने वाला मानसिक अवसाद), स्नायविक रोग, सजातीय संबंध, विकृत स्वभाव, माइग्रेन, कब्ज, प्रवास, मृत्यु व धननाश का भय, साइनोसाइटिस, घृणा और खूनी विचारों के दौरे आदि रोगों से पीड़ित था। स्वयं के जीवन में संयम का नाश कर दूसरों को भी घृणित सीख देने वाला फ्रायड इतना रोगी और अशांत होकर मरा। क्या आप भी ऐसा बनना चाहते हैं ? आत्महत्या के शिकार बनना चाहते हैं ? उसके मनोविज्ञान ने विदेशी युवक-युवतियों को रोगी बनाकर उनके जीवन का सत्यानाश कर दिया। सम्भोग से समाधि का प्रचार फ्रायड की रूग्ण मनोदशा का ही प्रचार है।

प्रो.एडलर और प्रो.सी.जी. जुंग जैसे मूर्धन्य मनोवैज्ञानिकों ने फ्रायड के सिद्धान्तों का खंडन कर दिया है, फिर भी यह खेद की बात है कि भारत में अभी भी कई मानसिक रोग विशेषज्ञ और सैक्सोलॉजिस्ट फ्रायड जैसे पागल व्यक्ति के सिद्धान्तों का आधार लेकर इस देश के युवक युवतियों को अनैतिक और अप्राकृतिक मैथुन का, संभोग का संदेश व इसका समर्थन समाचार पत्रों और पत्रिकाओं के द्वारा देते रहते हैं। फ्रायड ने तो मृत्यु से पहले अपने पागलपन को स्वीकार किया था लेकिन उसके अनुयायी स्वयं स्वीकार न करें तो भी अनुयायी तो पागल के ही माने जायेंगे। अब वे इस देश के लोगों को चरित्र-भ्रष्ट और गुमराह करने का पागलपन छोड़ दें, ऐसी हमारी नम्र प्रार्थना है। ‘दिव्य प्रेरणा प्रकाश’ पुस्तक पाँच बार पढ़ें-पढ़ायें, इसी में सबका कल्याण है।

‘ नेशनल क्राइम विक्टिमाइजेशन सर्वे’ के अनुसार अमेरिका में सन् 2002 में कुल 1686600 बड़े गुनाह हुए। जिनमें से 1036400 गुनाह दर्ज किये गये। 28797 खून, 201589 बलात्कार, 633543 लूटपाट, 1238288 गम्भीर मारकाट और 4463596 साधारण मारकाट के गुनाह हुए। इस प्रकार कुल 6565805 हिंसक अपराध हुए।

वर्षक 2002 में अमेरिका में 12 से 17 वर्ष की उम्र के लड़कों ने 2 लाख 78 हजार अपराध किये। 18 वर्ष से बड़ी उम्र के लड़कों ने 181000 अपराध किये। अज्ञात उम्र के लड़कों ने 1 लाख 93 हजार अपराध किये। सन् 2002 में अमेरिका का राष्ट्रीय स्वास्थ्य व्यय 1548 अरब डॉलर अर्थात् करीब 69660 अरब रूपये था। सन् 2001 में किये गयेक एक सर्वेक्षण के अनुसार अमेरिका में 51 प्रतिशत शादियाँ तलाक में बदल जाती हैं। प्रकृति द्वारा मनुष्य के लिए निर्धारित किये गये संयम का उपहास करने के कारण प्रकृति ने उन लोगों को जातीय रोगों का शिकारक बना रखा है। उनमें मुख्यतः एड्स की बीमारी दिन दूनी रात चौगुनी फैलती जा रही है वहाँ के पारिवारिक व सामाजिक जीवन में क्रोध, कलह, असंतोष, संताप, अशांति, उच्छृंखलता, उद्दंडता और शत्रुता का महाभयानक वातावरण छा गया है। विश्व की लगभग 4.6 प्रतिशत जनसंख्या अमेरिका में है। उसके उपभोग के लिए विश्व की लगभग 40 प्रतिशत साधन-सामग्री (जैसे कि कार, टी.वी., वातानुकूलित मकान आदि) मौजूद हैं, फिर भी वहाँ अपराधवृत्ति इतनी बढ़ी है।

कामुकता के समर्थक फ्रायड जैसे दार्शनिक की ही यह देन है। उन्होंने पाश्चात्य देशों को मनोविज्ञान के नाम पर बहुत प्रभावित किया है और वहीं से यह आँधी अब हमारे देश में भी फैलती जा रही है। अतः हमारे देश की अवदशा अमेरिका जैसी हो, उसके पहले हमें सावधान होना पड़ेगा। यहाँ के कुछ अविचारी दार्शनिक भी फ्रायड के मनोविज्ञान के आधार पर युवक-युवतियों को बेलगाम सम्भोग की तरफ उत्साहित कर रहे हैं, जिससे हमारी युवा पीढ़ी गुमराह हो रही है। फ्रायड ने तो केवल मनःकल्पित मनोवैज्ञानिक मान्यताओं के आधार पर व्यभिचारशास्त्र बनाया लेकिन तथाकथित दार्शनिक ने तो सम्भोग से समाधि की परिकल्पना द्वारा व्यभिचार को आध्यात्मिक जामा पहनाकर धार्मिक लोगों को भी भ्रष्ट किया है। सम्भोग से समाधि नहीं होती, सत्यानाश होता है। ‘संयम से ही समाधि होती है’ – इस भारतीय मनोविज्ञान को अब पाश्चात्य मनोवैज्ञानिक भी सत्य मानने लगे हैं।

जब पश्चिमी देशों में ज्ञान-विज्ञान का विकास प्रारम्भ भी नहीं हुआ था और मानव ने संस्कृति के क्षेत्र में प्रवेश भी नहीं किया था, उस समय भारतवर्ष के दार्शनिक और योगी मानव-मनोविज्ञान के विभिन्न पहलुओं तथा समस्याओं पर गम्भीरतापूर्वक विचार कर रहे थे। फिर भी पाश्चात्य विज्ञान की छत्रछाया में पले हुए और उसके प्रकाश की चकाचौंध से प्रभावित वर्तमान भारत के मनोवैज्ञानिक भारतीय मनोविज्ञान का अस्तित्व तक मानने को तैयार नहीं हैं, यह खेद की बात है। भारतीय मनोवैज्ञानिकों ने चेतना के चार स्तर माने हैं- जाग्रत, स्वप्न, सुषुप्ति और तुरीय। पाश्चात्य मनोविज्ञान प्रथम् तीन स्तरों को ही जानते हैं। पाश्चात्य मनोविज्ञान नास्तिक है। भारतीय मनोविज्ञान ही आत्मविकास और चरित्र-निर्माण में सबसे अधिक उपयोगी सिद्ध हुआ है, क्योंकि यह आत्मा परमात्मा से अत्यधिक प्रभावित है। भारतीय मनोविज्ञान् आत्मज्ञान और आत्म सुधार में सबसे अधिक सहायक सिद्ध होता है। इसमें बुरी आदतों को छोड़ने और अच्छी आदतों को अपनाने तथा मन की प्रक्रियाओं को समझने एवं उन पर नियंत्रण करने के महत्त्वपूर्ण उपाय बताये गयें है। इसकी सहायता से मनुष्य सुखी, स्वस्थ और सम्मानित जीवन जी सकता है। मुक्ति-भुक्ति दोनों उसके चरणों में स्वयं आ जाती है।

‘उत्तम भोक्ता वही है जिसमें भोग लोलुपता न हो।’ – यह व्यवस्था भारतीय संस्कृति में है। भोग लोलुपता जिस व्यक्ति, जिस जाति, जिस समाज में है, वे तुच्छता की खाई में गिरा है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, दिसम्बर 2010, पृष्ठ संख्या 22,23 अंक 216

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ