All posts by Gurukripa

भाव से भलाई


(पूज्य बापू जी के सत्संग-प्रवचन से)

राजा रंतिदेव को अकाल के कारण कई दिन भूखे प्यासे रहना पड़ा । मुश्किल से एक दिन उन्हें भोजन और पानी प्राप्त हुआ, इतने में एक ब्राह्मण अतिथि के रूप में आ गया । उन्होंने बड़ी श्रद्धा से ब्राह्मण को भोजन कराया । उसके बाद एक शूद्र अतिथि आया और बोलाः “मैं कई दिनों से भूखा हूँ,  अकालग्रस्त हूँ ।” बचे भोजन का आधा हिस्सा उसको दे दिया । फिर रंतिदेव भगवान को भोग लगायें, इतने में कुत्ते को लेकर एक और आदमी आया । बचा हुआ भोजन उसको दे दिया । इतने में एक चाण्डाल आया, बोलाः “प्राण अटक रहे हैं, भगवान के नाम पर पानी पिला दो ।”

अब राजा रंतिदेव के पास जो थोड़ा पानी बचा था, वह उन्होंने चाण्डाल और कुत्ते को दे दिया ।

इतने कष्ट के बाद रंतिदेव को मुश्किल से रूखा-सूखा भोजन और थोड़ा पानी मिला था, वह सब उन्होंने दूसरों को दे दिया । बाहर से तो शरीर को कष्ट हुआ लेकिन दूसरों को कष्ट मिटाने का जो आनंद आया, उससे रंतिदेव बहुत प्रसन्न हुए तो वह प्रसन्नस्वरूप, सत्-चित्-आनंदस्वरूप परमात्मा जो अंतरात्मा होकर बैठा है साकार होकर नारायण के रूप में प्रकट हो गया, बोलाः “रंतिदेव ! मैं तुम पर बहुत प्रसन्न हूँ, क्या चाहिए ?”

रंतिदेव बोलेः

“न कामयेऽहं गतिमीश्वरात् परा-

मष्टर्द्धियुक्तामपुनर्भवं वा ।

आर्तिं प्रपद्येऽखिलदेहभाजा-

मन्तःस्थितो येन भवन्त्यदुःखाः ।।

“मैं भगवान से आठों सिद्धियों से युक्त परम गति नहीं चाहता । और तो क्या, मैं मोक्ष की भी कामना नहीं करता । मैं चाहता हूँ तो केवल यही कि मैं संपूर्ण प्राणियों के हृदय में स्थित हो जाऊँ और उनका सारा दुःख मैं ही सहन करूँ, जिससे और किसी भी प्राणी को दुःख न हो ।” (श्रीमद्भागवतः 9.21.12)

प्रभु ! मुझे दुनिया के दुःख मिटाने में बहुत शांति मिलती है, बहुत आनंद मिलता है । बस, आप ऐसा करो कि लोग पुण्य का फल सुख तो स्वयं भोगें लेकिन उनके भाग्य का जो दुःख है, वह मैं उनके हृदय में भोगूँ ।”

भगवान ने कहाः “रंतिदेव ! उनके हृदय में तो मैं रहता हूँ, तुम कैसे घुसोगे ?”

बोलेः “महाराज ! आप रहते तो हो लेकिन करते कुछ नहीं हो । आप तो टकुर-टकुर देखते रहते हो, सत्ता देते हो, चेतना देते हो और जो जैसा करे ऐसा फल पाये…. मैं रहूँगा तो अच्छा करे तो उसका फल वह पाये और मंदा करे तो उसका फल मैं पा लूँ । दूसरे का दुःख हरने में बड़ा सुख मिलता है महाराज ! मुझे उनके हृदय में बैठा दो ।”

जयदयाल गोयंदकाजी कहते थेः “भगवान मुझे बोलेंगेः तुझे क्या चाहिए ? तो मैं बोलूँगाः महाराज ! सबका  उद्धार कर दो ।”

तो दूसरे संत ने कहा कि “अगर भगवान सबका उद्धार कर देंगे तो फिर भगवान निकम्मे रह जायेंगे, फिर क्या करेंगे ? सबका उद्धार हो गया तो सारा संसार मुक्त हो गया, फिर तो भगवान निकम्मे हो जायेंगे ।”

उन्होंने कहा कि “भगवान निकम्मे हो जायें इसलिए मैं नहीं माँगता हूँ और सबका उद्धार हो जाय यह संभव भी नहीं, यह भी मैं जानता हूँ । लेकिन सबका उद्धार होने की भावना से मेरे हृदय का तो उद्धार हो जाता है न !”

जैसे किसी का बुरा सोचने से उसका बुरा नहीं होता लेकिन अपना हृदय बुरा हो जाता है, ऐसे ही दूसरों की भलाई सोचने से, भला करने से अपना हृदय भला हो जाता है ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अगस्त 2009, पृष्ठ संख्या 16,19 अंक 200

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

कर्म का फल


(पूज्य बापू जी के सत्संग-प्रवचन से)

वृन्दावन में बलेदवदास जी महाराज हो गये । वे बहुत अच्छी सूझबूझ के धनी थे । वे सुबह तीन बजे उठते और वृन्दावन की प्रदक्षिणा करने के लिए निकल जाते तथा सूरज उगते-उगते वापस आते । एक दिन उन्होंने देखा कि कुछ लोग भंडारा कर रहे हैं ।

बलदेवदास जी बोलेः “अरे ! इतनी जल्दी, अँधेरे में भंडारा ! अभी तो सूरज भी नहीं उग और इधर भंडारा हो रहा है ! क्या बात है ?”

वे लोग बोलेः “महाराज ! आओ, आप भी पराँठा खा लो ।”

“मैं सूरज उगने के बाद, नियम आदि करके देर से कभी नाश्ता लेता हूँ । सुबह-सुबह खाना स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं है । सुबह-सुबह मैं तुम्हारा पराँठा क्यों खाऊँगा ! पराँठा तुम्हारा है लेकिन पेट तो हमारा है !”

“महाराज ! खा लो, खा लो, बहुत बढ़िया है ।” उन लोगों ने बहुत हाथाजोड़ी की तो महाराज ने कंधे पर जो अँगोछा था, उसे आगे करके कहाः “इसमें बाँधकर दे दो ।” पत्तल आदि में पराँठा डालकर अँगोछे में बाँधकर महाराज को दे दिया कि ले जाओ, उधर खाना । पराँठा लेकर बलदेवदास जी महाराज पहुँच गये अपनी कुटिया पर । सूर्यनारायण उदय हुए । अपना नियम किया, तुलसी के पत्ते खाये, सूर्य की धूप में स्नान (सूर्यस्नान) किया, फिर वह अँगोछा उठाया, खोला तो पराँठा तो था लेकन पराँठे के अंदर माँस था । उनकी तो चीख निकल गयीः ‘बाप रे ! माँस का पराँठा ! ऐ ! छीः ! छीः !!’ जैसे अंदर आलू डालकर पराँठा या पूरणपूड़ी (विशेषप्रकार की मीठी रोटी) बनाते हैं, ऐसे मांसपूड़ी बनायी गयी थी । सोचने लगे, भंडारा और मांस ! यह सब क्या है ? वे कौन हैं ? मैं उनसे पूछूँगा ।’

दूसरे दिन सुबह जल्दी उठे और उसी रास्ते से प्रदक्षिणा करते उधऱ पहुँचे । देखा तो उनका भंडारा चालू था ।

बोलेः “तुम तो कोई साधु जैसे, कोई पुजारी जैसे कपड़े पहनते हो लेकिन कल भंडारा किया तो हमको मांसवाली रोटी दी ! मैंने तो अँगोछा भी फेंक दिया । सच बताओ, तुम लोग कौन हो ? हिन्दू धर्म को भ्रष्ट करने के लिए ऐसा करने वाले तुम कोई विदेशी लोग हो कि कोई और हो ? आजकल कई विदेशी लोग हिन्दू साधुओं जैसे कपड़े पहन कर घूमते हैं । बोलो, तुम कौन हो ? मुसलमान में से हिन्दू बने हो कि क्रिश्चियन में से हिन्दू बने हो ?”

बोलेः “हम साधु नहीं हैं । हमने इस वृन्दावन जैसी जगह पर जरा साधु जैसे कपड़े धारण कर लिये है । हम तो भूत हैं भूत !”

महाराज ने कहाः “इतने सारे ?”

बोलेः “हाँ, हम वृन्दावन में, भगवान के धाम में तो रहते थे लेकिन हमने तीर्थ में न करने जैसा काम किया – मांस आदि न खाने जैसा खाया, दान का माल हड़प किया, व्यभिचार किया, गड़बड़ी की, धर्म के नाम पर लोगों से धोखा किया इसलिए हम प्रेत होकर भटक रहे हैं । सात महापुण्य क्षेत्रों में मरने पर यमदूत जीवात्मा को नरक में ले जाने के लिए नहीं आते – अयोध्या, मथुरा, हरिद्वार, काशी, कांची, उज्जैन और द्वारिका ।

तो बाबा ! हमने पापकर्म तो नरक में जाने जैसे किये थे लेकिन स्थान के प्रभाव से यमदूत हमको नरक में नहीं ले जा सके, इसलिए हम प्रेत होकर इधर ही भटक रहे हैं । यह हम प्रेतों का भंडारा है ।”

अन्यक्षेत्रे कृतं पापं तीर्थक्षेत्रे विनश्यति ।

तीर्थक्षेत्रे कृतं पाप वज्रलेपो भशुविष्यति ।।

‘और जगह किया हुआ पाप तीर्थक्षेत्र में जाओ तो मिट जाता है परंतु तीर्थक्षेत्र में किया हुआ पाप वज्रलेप हो जाता है ।’

मनुष्य न करने जैसे कर्म तो कर डालता है लेकिन जब कर्म फल देने को आता है तब दुःखी होता है, घबराता है, रोता है और तरह-तरह की नारकीय यातनाओं का शिकार बनता है । इसलिए कर्म करने में सदैव सावधान रहना चाहिए क्योंकि

अवश्यमेव भोक्तव्यं कृतं कर्म शुभाशुभम् ।

शुभ और अशुभ कर्मों का फल जरूर, जरूर, जरूर भोगना पड़ता है ।

कुसंग में आदमी गड़बड़ करता है, फिर गिरते-गिरते जब प्रेत होकर अशांत होता है, आग में जलता है तब पता चलता है । इसलिए अच्छे संग की खूब महिमा है । संतों के संग से, भक्तों के संग से और नियम-निष्ठा से अच्छा संग मिलता है, नहीं तो फिसलने वाला संग तो बहुत मिलेगा । लोग चापलूसी करके तुमसे न करने जैसे पापकर्म करा लेंगे और जब कर्म बंधन बनकर आयेगा तो कोई पूछेगा नहीं । जो पापकर्म करते हैं उन्हें मरने के बाद प्रेत होकर भटकना पड़ता, नहीं तो पेड़-पौधे बन जाते हैं, छिपकली बन जाते हैं, घोड़ा-गधा, कुत्ता आदि बन जाते हैं और जो गर्भ में नहीं टिक पाते वे नाली में, गटर में बह जाते हैं, दुःखी होते हैं । और जो सत्संग में जाता है, सत्संग सुनता है उसका मन, बुद्धि, विचार सब ऊँचा हो जाता है, जिससे वह पापकर्मों से बच जाता है । उसको ये यातनाएँ नहीं भोगनी पड़तीं । जो पापकर्म करते हैं, उनको तो बहुत दंड मिलता है, बहुत सजा भोगनी पड़ती है ।

ऐसा नहीं है कि भगवान वैकुण्ठ में बैठकर इसका ऐसा करो, इसका ऐसा करो – इस प्रकार कर्मों का फल सुनिश्चित करता है । अरे ! कोई एक दो आदमी का, दस आदमी का करे तो भी वह पागल हो जाय ! करोड़ों आदमियों का दिन भर भगवान ऐसा करेगा क्या ? कर सकता है क्या ?

तो भगवान सबको, सबके शुभ-अशुभ कर्मों को कैसे देखता है ? अरे ! वह ज्ञानस्वरूप अंतरात्मा होकर सबके अंदर बैठा है । ऐसा नहीं कि उधर (ऊपर) बैठकर कोई देखता है, वह यहीं अंतरात्मरूप से देखता है । भगवान के इस विधान को समझकर बुद्धि का विकास करना चाहिए । सत्संग में जो सुना है, संतों ने, सत्शास्त्रों ने जो नियम बतायें हैं – क्या खाना – क्या न खाना, किससे मिलना-किससे न मिलना, क्या कर्म करना-क्या न करना उनका पालन करना चाहिए । ऐसे कर्म क्यों करना जिससे बुद्धि भ्रष्ट हो जाय, पुण्य नष्ट हो जाय । कोई नहीं देखता फिर भी अंतर्यामी तो जानता है, गुरु भी जानते हैं ऐसा समझकर कर्म ऐसे करें कि करने का अंत हो जाय, वास्तविक जीवन जानकर अमरता का अनुभव हो जाय, जन्म-मरण का बंधन टूट जाय ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अगस्त 2009, पृष्ठ संख्या 18,19 अंक 200

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

निष्ठावान बनो ! – पूज्य बापू जी


यदि निष्ठा दृढ़ हो तो कठिन-से-कठिन कार्य भी पूर्ण हो सकता है । इसी जन्म में परमात्मा के समग्र स्वरूप को पाने का दृढ़ संकल्प हो, अनन्य भाव हो तो वह भी पूर्ण हो जाता है । मनुष्य के पास दुःख मिटाने के लिए, शांति पाने के लिए, सफलता पाने के लिए उसकी निष्ठा पर्याप्त है ।

महाराष्ट्र में कराड़ है । वहाँ एक भगवद्भक्त सखूबाई हो गयी । सखूबाई बड़ी सुशील, नम्र और सरलहृदया थी पर उसके सास-ससुर और पति उतने ही कर्कश व कठोर थे । वे सखू को खूब सताते थे ।

चाहे कैसी भी परिस्थिति हो लेकिन अपना दृढ़ संकल्प उन परिस्थितियों को बदल देता है । दुनिया के लोग चाहे आपके साथ कैसा ही व्यवहा करें लेकिन आप अपने साथ जुल्म नहीं करते तो उनका जुल्म आपको मिटा नहीं सकता । अपनी निष्ठा और विश्वास दृढ़ होना चाहिए । पत्नी की निष्ठा है कि ‘मैं पतिपरायण रहूँगी’ लेकिन साड़ी फट जाय और पड़ोसी के यहाँ साड़ी की भीख माँगने जाय तो यह पति में निष्ठा नहीं है । एक भक्त है और उससे कीड़ी मर गयी तो भगवान अच्युत का सुमिरन कर ले । यह उसकी निष्ठा है कि चलो, कीड़ी के मरने का पाप नष्ट हो गया । लेकिन भक्त कर्मकांडी बने और सोचे कि ‘गंगा नहायेंग, उपवास करेंगे तब मेरा पाप मिटेगा’ तो यह उसकी विचलित निष्ठा है । योगी है, अगर उससे कीड़ी मर गयी तो उसने प्राणायाम क लिया, सोचा, ‘कीड़ी का शरीर बदला, आत्मा तो अमर है और मैंने जानबूझकर नहीं मारा’ तो ठीक है, लेकिन योगी गंगा नहाने जाय अथवा उपवास करने लगे तो उसकी योगनिष्ठा उसको तारेगी नहीं । तत्त्वज्ञानी है, चलते-चलते कीड़ी मर गयी तो वह भी प्राणायाम करने लग जाय तो उसकी निष्ठा से वह गिरा है । तत्त्ववेत्ता है तो तत्त्ववेत्ता की निष्ठा है कि ‘तत्त्व तो ज्यों-का-त्यों है, कीड़ी की आकृति बनती बिगड़ती है । ॐॐ….’ पूरा हो गया ।

अपनी निष्ठा अपना कल्याण करने के लिए पर्याप्त है । सखूबाई की निष्ठा देखो । कितना-कितना जुल्म होता था लेकिन वह अपनी निष्ठा से विचलित नहीं होती थी । ‘भगवान मेरे हैं और मेरी उन्नति के लिए यह लीला रच रहे हैं । सुख-दुःख सब भगवान की देन है ।’ – ऐसी सखूबाई की निष्ठा थी ।

प्रह्लाद की निष्ठा देखो । पिता कितना कष्ट देता है पर प्रह्लाद की निष्ठा है कि ‘मेरा हरि सर्वत्र है, वह मेरा रक्षक है’ तो अग्नि ने प्रह्लाद को नहीं जलाया लेकिन जिसे वरदान था वह होलिका जल मरी ।

‘मेरी गाँधी जी के प्रति निष्ठा है । मैं गाँधी जी का अनुसरण करता हूँ । उन्हें अपना प्रेरणास्रोत मानता हूँ’- ऐसा बोलना अलग बात है । यह भाषणबाजी करके जनता को उल्लू बनाना अलग बात है लेकिन गाँधी जी के प्रति निष्ठा है तो गाँधी जी के आचरण जैसा अपने जीवन का कोई एक आचरण तो बताओ ! गाँधी जी कितने सत्यप्रिय थे ।

निष्ठा तो शबरी भीलन की थी । गुरु जी ने कह दियाः ‘शबरी ! राम जी के पास तुझे नहीं जाना पड़ेगा, तू आश्रम की सेवा करना, राम जी अपने-आप तेरे पास आयेंगे ।’ शबरी जब गुरु के आश्रम में आयी थी तब सोलह साल की थी । अब वह अस्सी साल की बुढ़िया हो गयी, सब लोग उसको पागल बोलते, कुछ-का-कुछ बोलते लेकिन शबरी की निष्ठा ने राम जी को अपने द्वार पर ला दिया और जूठे बेर खिलाकर दिखा दिया । इसका नाम है निष्ठा !

एक भरोसो एक बल, एक आस बिस्वास ।

प्रह्लाद की निष्ठा से नृसिंह भगवान प्रकट हो गये । ध्रुव की निष्ठा से उसकी 5 साल की उम्र में भगवान नारायण प्रकट हो गये । समर्थ रामदास जी के भाई रामी रामदास को माँ ने कहाः ‘बेटा ! तू हनुमान जी की ओर एकटक देख और निष्ठा से जप कर तो हनुमान जी प्रकट हो जायेंगे ।’ बेटे ने माँ के वचन में निष्ठा रखी और आठ साल की उम्र में हनुमान जी को प्रकट करके दिखा दिया । ऐसे ही शिवाजी महाराज की अपने गुरु जी में, अपने धर्म में, अपनी प्रजा के प्रति कैसी निष्ठा थी ! सुबह जब मैं घूमने जाता हूँ तो देखता हूँ कि गरीब लोग जिनके झोंपड़े का ठिकाना नहीं, कच्ची सड़क पर भारत की गरीब माताएँ अपने बच्चों को लेकर सोयी हैं तो मेरे दिल में बहुत पीड़ा होती है । देशवासियों का खून चूस-चूसकर चोर लोगों ने स्विस बैंक में अरबों-खरबों रूपये रखे हैं । अगर सरकार हिम्मत कर विदेश से वह पैसा लाकर भारत को कर्जमुक्त करे और इऩ गरीब-गुरबों को मकान बनाकर दे तो कितना अच्छा हो !

पंढरपुर प्रसिद्ध तीर्थ है । हर वर्ष लाखों नर-नारी कीर्तन करते हुए पंढरीनाथ श्रीविट्ठल भगवान के दर्शनार्थ जाते हैं । कुछ यात्री कराड़ से पंढरपुर के मेले में जा रहे थे । यात्रियों को जाते देख सखूबाई के मन में भी पंढरीनाथ के दर्शन की इच्छा जाग उठी । उसने सोचा कि ‘सास-ससुर आदि तो आज्ञा मिल नहीं सकती ।’ अतः घड़ा वहीं रखके यात्रियों के साथ चल दी । उसकी पड़ोसन, जो नदी पर पानी भरने आयी थी, उसने यह खबर उसकी सास को सुनायी तो सास ने अपने बेटे को भड़काकर भेजा । वह उसे मारते, घसीटते हुए घर ले आया और एक कोठरी में बंद कर दिया । तीनों ने पक्का कर लिया कि ‘जब तक पंढरपुर का मेला होता है तब तक सखू को बाँधकर रखेंगे और कुछ भी खाने पीने को नहीं देंगे ।’ लेकिन सखूबाई यह नहीं कहती कि ‘भगवान ! मैं तुम्हारी भक्ति करती हूँ और तुमने मेरे लिए क्या किया ?’ निष्ठा नहीं तोड़ती । सखूबाई को बाँध दिया गया तो वह कहती हैः ‘मेरे विट्ठल ! अब मैं क्या करूँ ? हे दीनानाथ ! मैं न तुम्हारा पूजा पाठ जानती हूँ, न भक्ति जानती हूँ, मैं तो इतना ही जानती हूँ कि अब तुम्हारे सिवा मेरा कोई नहीं है । हे प्रभु ! मैं तो केवल आपकी हूँ ।’

प्रार्थना करते-करते शाँत हो जाते हैं तो अंतर्यामी की लीला शुरु होती है । भगवान तो सर्वसमर्थ हैं । वे स्त्रीरूप धारण कर वहाँ प्रकट हो गये  और बोलेः “बाई ! तू पंढरपुर नहीं जायेगी ?”

सखू ने कहाः “जाना तो चाहती हूँ पर बँधी पड़ी हूँ ।”

स्त्रीरूपधारी भगवान उसे खोलते हुए बोलेः “अब तू शीघ्र पंढरपुर चली जा ।”

इस प्रकार भगवान ने सखू को पंढरपुर पहुँचा दिया और आप सखू का रूप धर के उस कोठरी में स्वयं बँध गये और ज्यों-का-त्यों ताला लगा लिया । सखूबाई तो पंढरपुर पहुँची और परमात्मा सखूबाई के रूप में बँधे हैं, कैसी निष्ठा है !

जहाँ सखू वेशधारी भगवान बँधे थे वहाँ आकर सखू के सास-ससुर और पति दिन में दो-चार बार गालियाँ सुनाते लेकिन भगवान पर दृष्टि पड़ते-पड़ते उनके अंतःकरण में सत्त्वगुण जाग उठा । वे तीनों पश्चाताप करने लगे । उसके बंधन काटकर क्षमा माँगने लगे । जुल्मी जुल्म करता है लेकिन निष्ठावान की कृपा से जुल्मी का हृदय बदलता है ।

भगवान वे सभी गृहकार्य करने लगे जो सखू करती थी – भोजन बनाना, भोग लगाना, सास-ससुर को खिलाना… उन्हें तो आनंद आने लगा । तीनों विचार करने लगे कि ‘हमने तो गलती की जो सखू को इतना कष्ट दिया ।’

इधर मेला पूरा हुआ । सखू ने सोचा, ‘अब जाऊँगी तो घरवाले क्या पता मेरा क्या हाल करेंगे ।’ उसे पता ही नहीं था कि उसके लिए कोई बँधा है । उसने सोचा, ‘उस नरक से तो यहीं मर जाना अच्छा है ।’ उसने प्रतिज्ञा की कि ‘अब मैं इस देह से घर नहीं जाऊँगी ।’ सखू भगवान के ध्यान में मग्न हो गयी और वहीं कुछ समय बाद प्रभु के ध्यान-ध्यान में सखू के प्राण निकल गये । दैवयोग से कराड़ के निकट के किवल ग्राम के एक ब्राह्मण ने उसे पहचान लिया और अपने साथियों को बुलाकर वहीं उसकी अंत्येष्टि कर दी ।

इधर जब भगवान को सखूवेश में बहुत दिन हो गये तो रुक्मिणी जी ने देखा कि ‘सखू तो मर गयी और मेरे स्वामी उसकी जगह बहू बन बैठे हैं । अब मैं क्या करूँ ?’ उन्होंने श्मशान में जाकर सखू की हड्डियाँ इकट्ठी कीं और अपनी योगशक्ति से उनमें प्राणों का संचार कर सखूबाई को खड़ा कर दिया । जो आद्यशक्ति समस्त ब्रह्माण्ड की रचना करने वाली है, उनके लिए सखू को जीवित करना कोई बड़ी बात नहीं थी ।

रुक्मिणी जी ने कहाः “सखू ! तुमने कहा था कि ‘इस शरीर से नहीं जाऊँगी’ तो वह शरीर तो जल गया । अब मैंने तेरा नया शरीर बनाया है, तू अपने घर जा।” अपरिचित देवी की बात सुनकर सखू कराड़ पहुँच गयी ।

इधर भगवान घड़ा लेकर नदीतट पर पानी भरने आये और सखू को देखकर बोलेः “बहन ! तू बहुत दिनों के बाद आयी है । ले अब तू अपना घड़ा सँभाल, मैं जाती हूँ ।” देखते-ही-देखते भगवान अंतर्धान हो गये ।

तुम क्या समझते हो निष्ठा की लीला ! इस कथा-वार्ता को पढ़-सुनकर जो लोग अपनी निष्ठा दृढ़ करेंगे वे भक्ति में सफल होंगे, ज्ञानी ज्ञान में सफल होंगे, सेवक सेवा में सफल होंगे, कर्मी कर्म में सफल होंगे, निष्ठा फलदायी होगी । इस कथा को वरदान मिल गया । अपनी-अपनी निष्ठा व्यक्ति को कल्याण के आखिरी शिखऱ तक पहुँचा देती है ।

इस आत्मा में अनेक रूप धारण करने की शक्ति है । सपने में तो ऐसा होता ही है, जाग्रत में भी निष्ठा के बल से होता है । तुम्हारे यही आत्मभगवान सखू भी बन सकते हैं, नरसिंह भी बन सकते हैं, कृष्ण-कन्हैया और राम बनकर भी प्रकट हो सकते है । हे मानव ! तुम्हारे आत्मा-परमात्मा में कितना सामर्थ्य है तुम्हें पता नहीं । तुम्हारा सच्चिदानंद परमात्मा सत्ता, सामर्थ्य, सौंदर्य और आनंद से भरा है । उसकी प्रीति, स्मृति और उसमें विश्रांति पाकर निरहंकार, निर्मम, निर्दुःख हो जाओ ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 2009, पृष्ठ संख्या 9-11 अंक 199

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ