All posts by Gurukripa

गीता का अविकम्प योग


संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग प्रवचन से

शास्त्र कहते हैं कि जब तक सामने वाला पूछे नहीं, नम्र न हो तब तक ऊँची बात नहीं बोलनी चाहिए, किंतु अर्जुन के न पूछने पर भी भगवान बोलते हैं। जैसे – कोई अन्धा गड्ढे में गिरता हो, उसको नहीं दिखता किंतु आपको दिखता है तो आपका हृदय थोड़े ही मानेगा कि चुप बैठें। ऐसे ही भगवान देखते हैं कि ये जीव बेचारे अलग-अलग ढंग से माया की खाई में गिर रहे हैं। इसीलिए भगवान बोलते हैं और अधिकारी भेद से अलग-अलग बोलते हैं।

भगवान ने उद्धव से कहाः ‘तुम सब कुछ छोड़कर बदरीकाश्रम में जाओ और मैंने जो उपदेश दिया है, उसका अभ्यास करके मुझसे ऐसे मिलो जैसे – दूध से दूध। जैसे सागर की लहर सागर से मिलती है, ऐसे ही जीवात्मा मुझ अंतर्यामी परमात्मा से मिले।’

भगवान ने अर्जुन से कहाः ‘मेरा स्मरण करते हुए युद्ध कर और मुझसे मिल। कर्म करते हुए मुझसे मिल।’

संयमी राजा अंबरीष से भगवान ने कहाः ‘एकादशी का उपवास करो, प्रजा का ठीक से पालन करो और कर्ता, धर्ता एवं भोक्ता महेश्वर है – ऐसा समझकर कर्म करते जाओ। जो कर्म का प्रेरक और फलदाता है उस ईश्वर का स्मरण करके सत्कर्म करते हुए, राजकाज करते हुए मुझसे मिलो।’

भगवान ने गोपियों से कहाः ‘तुम जहाँ भी हो, जैसी भी हो किंतु किसकी हो, यह सदा याद रखो।’

दूध दुहते रहो, दही बिलोते रहो, गाय चराते रहो किंतु किसके लिए कर रहे हो और वह कैसा है, यह सदा याद रखो। वह ईश्वर है, सर्वगुण-सम्पन्न है, महान है यह भी मत सोचो। जैसा तैसा है किंतु वह हमारा है। यशोदा की ओखली से बंधता है लेकिन है हमारा कन्हैया !

भगवान से अपनत्व रखने से तुम्हारी प्रीति कर्मयोग, भक्तियोग, ज्ञानयोग हो जायेगी। भक्ति कैसी होनी चाहिए ? नारद जी ने कहाः यथा गोपिकानाम्। जैसी गोपियों की थी। श्रीकृष्ण ने पढ़े लिखे उद्धव को अनपढ़ गोपियों से उपदेश दिलवाया।

पाँचवें तरीके से उपदेश देते हुए भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में कहाः

अपि चेदसि पापेभ्यः सर्वेभ्यः पापकृत्तमः।

सर्वं ज्ञानप्लवेनैव वृजिनं सतंरिष्यसि।।

‘यदि तू अन्य सब पापियों से भी अधिक पाप करने वाला है, तो भी तू ज्ञानरूप नौका द्वारा निःसंदेह सम्पूर्ण पाप-समुद्र से भलीभाँति तर जायेगा।’ गीता- 4.36

इन पाँच तरीकों में से कोई भी तरीका अपने जीवन में नहीं है तो जीवन वर्तमान में भी विक्षेप और विलासिता से भरा होगा और भविष्य में भी दुःखदायी होगा। चाहे संसारी स्वार्थ का जीवन हो चाहे भगवत्प्राप्ति का…. परोपकार के बिना जीवन में निखार नहीं आता। परोपकार तो करें किंतु बेचारे दीन-हीन हैं — ऐसी बुद्धि से नहीं, जिनकी सेवा करते हो, उनमें मेरा परमात्मा है – इस भाव से सेवा करें।

यह अर्जुन का जमाना नहीं है, युद्ध की अभी जरूरत नहीं है। सब कुछ छोड़कर बद्रीनाथ जाओ ऐसा भी मैं नहीं कहता। किंतु आपसे वही कहता हूँ जो भगवान ने अंबरीष से कहा।

‘सबकी गहराई में मेरा परमात्मा है।’ – यह दृष्टिकोण आपके जीवन में अविकम्प योग लायेगा। यदि आपकी यह समझ है तो युद्ध करते हुए, राज्य करते हुए, रोटी बनाते हुए, गुरु के दैवी कार्य करते हुए भी आपका अविकम्प योग हो जायेगा।

आप पूजा-मंदिर में रहे तो आपका योग हुआ, किंतु बाहर आये तो आपका योग कम्पित हो गया। आप समाधि में रहे तो आपका योग रहा, आप व्यवहार में आये तो समाधि नहीं है, आपका योग कम्पित हो गया।

भगवान श्री कृष्ण कहते हैं-

एतां विभूतिं योगं च मम यो वेत्ति तत्वतः।

सोऽविकम्पेन योगेन युज्यते नात्र संशयः।।

‘जो पुरुष मेरी इस परमैश्वर्यरूप विभूति को और योगशक्ति को तत्त्व से जानता है, वह निश्चल भक्तियोग से युक्त हो जाता है-इसमें कोई संदेह नहीं है।’ गीता- 10.7

इस अविकम्प योग को समझने से आप कर्म करते हुए भी भगवान की भक्ति में सफल हो जाओगे, इसमें संशय मत करो।

आज के युग में तुमको कहें कि ‘तुम हिमालय चले जाओ, समाधि करो, भगवान को पाओ फिर संसार में आओ’ तो यह तुम्हारे बस की बात नहीं। तुमको कहें कि ‘तुम गोपियों की नाईं भक्ति करो तो यह भी तुम्हारे बस की बात नहीं है।

तुम जहाँ हो, जैसे हो, पढ़े हो या अनपढ़ हो, मंदिर में हो चाहे दुकान में हो लेकिन तुम्हारा दृष्टिकोण बदल जाये। जहाँ-जहाँ सौंदर्य दिखे, जहाँ-जहाँ शुभ दिखे, मंगलमय दिखे वहाँ भगवान का वैभव है। जहाँ-जहाँ विघ्न-बाधा दिखे, गड़बड़ दिखे वहाँ भगवान के अनुशासन की शक्ति काम कर रही है – ऐसा समझें। जैसे, हाथी अपने रास्ते से चलता है तो ठीक, नहीं तो महावत ऊपर से नियंत्रण करता है। ऐसे ही यह जीवात्मा अपने ईश्वरत्व को पाने के लिए आया है लेकिन अगर रास्ता भूलता है और कुछ गलत करता है तो देर-सवेर उसको तकलीफ होती है।

जैसे – माँ बच्चे को सुख-सुविधा और  मिठाई देकर भी मंगल चाहती है और कभी-कभी बच्चे के न चाहते हुए भी उसकी नाक दबोचकर साफ करती है, साबुन रगड़कर नहला-धुलाकर तैयार करती है। माँ की चेष्टाएँ बच्चे को अच्छी नहीं लेकिन माँ की सारी चेष्टाएँ बच्चे की भलाई के लिए होती हैं।

आपके जीवन में कभी चढ़ाव आता है तो कभी उतार आता है। किंतु उतार में आप मायूस न होना और चढ़ाव में आप फूलना मत। चढ़ाव और उतार ये जीवन के ताने बाने हैं। हो सकता है कि जीवन में यदि विघ्न बाधाएँ न आतीं तो ऐसा सत्संग न मिलता अथवा संत की कृपा न होती तो ऐसा सत्संग न मिलता।

कभी चिंतित न हों, कभी दुःखी न हों। चिंता आये तो चिंतित न हों वरन् विचार करो कि चिंता आयी है तो मन में आयी है। चिंता नहीं थी तब भी कोई था, चिंता है तब भी कोई है और चिंता आयी है तो जायेगी भी क्योंकि जो आता है वह जाता भी है।

चिंता से आप जुड़ जाते हैं तो कमजोर हो जाते हैं, दुःखी हो जाते हैं। अहंकार से आप जुड़ जाते हो तो परेशान हो जाते हैं। सफलता से जुड़ जाते हैं तो अहंकार आता है और विफलता से जुड़ जाते हैं तो चिंतित हो जाते हैं। यदि आप इनसे न जुड़े तो ये आपको मजबूत बनाकर चले जायेंगे।

बीमार या तन्दुरुस्त किसी का तन हो सकता है, अच्छा या बुरा किसी का मन नहीं हो सकता है, बुद्धु या विद्वान किसी की बुद्धि हो सकती है लेकिन वह तो वही है जो तू है। जहाँ से तू ‘मैं’ बोलता है, तेरा वही ‘मैं’ आत्मदेव है। मित्र की गहराई में भी तू है और शत्रु की गहराई में भी तू है। भगवान कहते हैं कि ‘मेरी विभूति को देखें। जहाँ-जहाँ सुन्दर सुहावना है, उस सुन्दर वस्तु और व्यक्ति की गुलामी न करें। उसको जो सुन्दरता और सुहावनापन मिला है, वह मुझ आत्मा का है। मैं आत्मरूप से सबके साथ हूँ।’ इस प्रकार की नज़र आपको अविकम्प योग के राजमार्ग पर ला देती है।

जैसे, अँगूठी, चेन आदि गहने अलग होते हैं किंतु सबका मूल पदार्थ सोना एक है, तरंग और बुलबुले अनेक होते हैं किंतु सागर का पानी एक होता है, ऐसे ही जीवों की आकृतियाँ अनेक होती हैं किंतु सबकी गहराई में सच्चिदानंद चैतन्य परमात्मा एक ही है। नज़र एक सच्चिदानंद परमात्मा पर रहे तो हो गया – अविकम्प योग। पूजा-पाठ, जप-तप, साधन-भजन करके इस अविकम्प योग का अभ्यास करना चाहिए।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, दिसम्बर 2002, पृष्ठ संख्या 3,4 अंक 120

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

 

आज्ञा नहीं सम साहेब सेवा


संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग-प्रवचन से

कुछ वर्ष पहले पंजाब का एक युवान साधक अपना सर्वस्व त्यागकर, आत्मदेव के दर्शन करा सकें – ऐसे सदगुरु की खोज में निकला।

जिन्हें हो प्यास दर्शन की, वे खुशनसीब होते हैं।

चल पड़ें दो कदम तो, रब उनके करीब होते हैं।।

अध्यात्म का मार्ग ही ऐसा है कि उस पर ईश्वर या सदगुरु की खोज में सच्चे दिल से चल पड़ो तो वह अत्यंत सुलभ बन जाता है। एक दिन उस युवान को भी ब्रह्मानंद की मस्ती में रमण करने वाले कोई तत्त्ववेत्ता महापुरुष सदगुरुरूप में मिल गये। उस युवान ने पूर्ण शरणागति और श्रद्धा-भक्तिभाव से उनके पावन श्रीचरणों में प्रणाम किया।

उन महापुरुष ने उस युवान से पूछाः “तुम्हें परमात्मा को जानना है या परमात्मा के विषय में जानना है?”

वह साधक खूब समझदार रहा होगा। उसने कहाः “मुझे परमात्मा को जानना है, परमात्मा के विषय में नहीं जानना है।”

सदगुरु ने प्रसन्न होते हुए कहाः “यदि तुम्हें परमात्मा के विषय में जानना होता तो कई शास्त्र और ग्रंथ तुम्हें थमा देता, जिनमें परमात्मविषयक बहुत सारा वर्णन किया गया है, परंतु तुम्हें परमात्मा को जानना है तो मेरे आश्रम में रहना पड़ेगा।”

साधक ने इसे अपना अहोभाग्य माना और आश्रम में रहने लगा। उसने पूछाः “गुरुदेव ! मेरे लिए सेवा या साधना की आज्ञा करें।”

गुरुदेवः “देख, इस आश्रम में 500 शिष्य हैं। उनके भोजन प्रसाद में चावल का ही उपयोग होता है। सामने जो कमरा है, उसमें धान के बोरे पड़े हैं। वहाँ जाकर धान कूटने लग। यही तेरी साधना है।”

शिष्य ने न कोई प्रश्न किया न कोई दलील की क्योंकि वह जानता था किः

आज्ञा सम नहीं साहेब सेवा

उसने न कोई मंत्र लिया, न कोई उपदेश लिया। बस, गुरु-आज्ञा ही उसका मंत्र था – मंत्रमूलं गुरोर्वाक्यं…. और वही उपदेश था। सुबह से शाम तक धान कूटता रहता और रात को उसी कमरे में सो जाता। न किसी के साथ पहचान, न किसी के साथ वार्तालाप। वह तो सतत मौन रहकर सेवा साधना में ही लगा रहा। इस प्रकार 12 वर्ष बीत गये। आजकल का शिष्य होता तो 12 दिन में ही भाग जाता, परंतु ऐसे निष्ठावान शिष्य की स्मृति तो गुरुदेव को भी आ जाती है।

बड़े वे भाग्यशाली हैं, जिन्हें गुरु याद करते हैं।

नहीं कम भाग्यशाली वे, जो गुरु से प्यार करते हैं।।

गुरुदेव को ऐसे शिष्य की निष्ठा से प्रसन्नता होती है कि ‘आज मुझे पक्का शिष्य मिल गया।’

कहते हैं कि परमात्मप्राप्ति इतनी कठिन नहीं है, जितनी सच्चे सदगुरुओं की प्राप्ति और सदगुरुओं की प्राप्ति भी इतनी कठिन नहीं है, जितनी सच्चे शिष्यों की प्राप्ति। आजकल के शिष्यों में शिष्यत्व है ही कहाँ ?

….परंतु आज उन महापुरुष को उनके ज्ञान को पूर्णरूप से पचाने वाला सत्शिष्य मिल गया था। गुरुदेव का निर्वाण नजदीक आ रहा था। सब शिष्यों को गुरुदेव ने अपने पास बुलाया और कहाः

“अब मैं निर्वाण को प्राप्त होने वाला हूँ। वर्षों से तुम लोगों ने दीक्षा और मेरे उपदेश पाये हैं। अब मैं अपने आश्रम की गद्दी का अधिकारी चुनने के लिए एक शर्त रखता हूँ। उस शर्त में जो सफल होगा, वही इस आश्रम का उत्तराधिकारी बनेगा।”

सब शिष्य बोल उठेः “गुरुदेव ! क्या शर्त है? कहिये।”

सब शिष्य सोचने लगे कि ‘इतने बड़े आश्रम की गद्दी मिलने वाली है !’ सबका मन गद्दीपति होने के लिए लालायित था, परंतु अंदर से डर भी था कि कहीं उपदेश का सारांश लिखने में त्रुटि रह गयी तो ? उन लोगों ने सारी रात सोचने में बितायी और अंत में एक तख्ती पर लिख दियाः “मन एक दर्पण है। इस मन रूपी दर्पण पर काम, क्रोध, लोभ आदि की धूल जम गयी है। उस धूल को साफ करना यही निर्वाण है।”

इतना लिखकर तख्ती रख दी। वे बहुत चालाक थे, अतः लेख के नीचे किसी ने अपने हस्ताक्षर नहीं किये क्योंकि सोचा कि ‘गुरुदेव को ठीक लगेगा तो आगे कूद पड़ेंगे और गलत लगेगा तो कहेंगे कि हम तो अभी विचार कर रहे हैं। पता नहीं यह किसने लिखा होगा ?’ सब पढ़े-लिखे जो थे !

सुबह जब गुरुदेव ने पढ़ा तो बोल उठेः

“मेरी शिक्षा-सत्संग का अनर्थ करके किस अज्ञानी ने यह सार निकाला है ? इस तख्ती को यहाँ से दूर करो।”

सब शिष्य चिंतित होकर इकट्ठे हुए। वे सोचने लगे कि ‘अब क्या करें? क्या लिखें जो गुरुदेव को ठीक लगे?’ परंतु उन्हें कोई रास्ता नहीं मिला। अंत में वे शिष्य धान कूटने वाले उस पंजाबी युवक शिष्य के कमरे में गये। तब उस सत्शिष्य ने 12 वर्ष का मौन तोड़कर पूछाः

“आज सुबह के प्रहर में इतना कोलाहल क्यों था, भाई?”

सारांश लिखने वाले शिष्यों ने सारी हकीकत कह सुनायी। तब धान कूटने वाले उस सत्शिष्य ने कहाः “आप लोगों ने शिक्षा व सत्संग का जो सारांश लिखा वह गुरुदेव को नहीं भाया तो अब मैं जो कहूँ, वह लिख दो।”

“क्या लिखें ? बताओ।”

उसने कहाः “मन ही नहीं है तो धूल किस पर? किसकी सफाई और किसका निर्वाण?”

दूसरे दिन गुरुदेव यह पढ़कर गदगद हो गये और पहली बार उस सत्शिष्य को बुलाकर आलिंगन किया।

गुरुदेव बोलेः “बेटा ! मेरी आज्ञा मानकर तू सेवा में इतना तल्लीन हो गया कि तेरा मन ही नहीं बचा है। तेरा मन अमनीभाव में स्थित हो गया है। बेटा ! तू गुरुतत्त्व झेलने के लिए पूर्ण अधिकारी है।”

सदगुरु ने आज तक जो भी अनुभव प्राप्त किये थे, वे सब उन्होंने अपनी शक्तिपात-वर्षा के माध्यम से सत्शिष्य पर बरसा दिये। साधक में से वह सिद्ध हो गया। शिष्य में से वह पूर्ण गुरुत्व में प्रतिष्ठित हो गया।

पूर्ण गुरु कृपा मिली, पूर्ण गुरु का ज्ञान।

साधक में से बन गया, अब वह सिद्ध महान।।

देह सभी मिथ्या हुई, जगत हुआ निःसार।

हुआ आत्मा से तभी, उसका साक्षात्कार।।

वे घड़ियाँ धन्य हैं, जब आत्ममस्ती में जागे हुए कोई सदगुरु अपने प्रिय शिष्य पर शक्तिपात की वर्षा करते हैं और उसे अपने अनुभव में मिला देते हैं। गुरुदेव ने उसे आत्मसाक्षात्कार का प्रसाद देते हुए कहाः

“अब तुझे इस आश्रम में नहीं रहना है। तू आज से मुक्त हो गया है। यह ले मेरा डण्डा और यहाँ से अभी निकल पड़, क्योंकि मेरे निर्वाण के पश्चात् तेरी उन्नति को अन्य 500 शिष्य सहन नहीं कर पायेंगे। इसलिए तू अभी चला जा।”

वह सत्शिष्य सजल नेत्रों से सदगुरु के पावन श्री चरणों में प्रणाम करके चला गया और कुछ समय बाद गुरुदेव भी निर्वाण को प्राप्त हो गये।

धन्य है ऐसे गुरुभक्तों का जीवन जो श्रद्धा, भक्ति और तत्परता से गुरु-आज्ञा का पालन करते हुए उनकी पूर्ण कृपा पाने के अधिकारी बन जाते हैं !

स्रोतः ऋषि प्रसाद, दिसम्बर 2002, पृष्ठ संख्या 15-17 अंक 120

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

हेमन्त ऋतु में स्वास्थ्य-रक्षा


शीत ऋतु के दो माह, मार्गशीर्ष और पौष को हेमन्त ऋतु कहते हैं। यह ऋतु विसर्गकाल अर्थात् दक्षिणायन का अंत कहलाती है। इस काल में चंद्रमा की शक्ति सूर्य की अपेक्षा अधिक प्रभावशाली होती है। इसलिए इस ऋतु में औषधियों, वृक्ष, पृथ्वी की पौष्टिकता में भरपूर वृद्धि होती है व जीव-जंतु भी पुष्ट होते हैं। इस ऋतु में शरीर में कफ का संचय होता है तथा पित्तदोष का नाश होता है।

शीत ऋतु में जठराग्नि अत्यधिक प्रबल रहती है। अतः इस समय लिया गया पौष्टिक और बलवर्धक आहार वर्षभर शरीर को तेज, बल और पुष्टि प्रदान करता है। इस ऋतु में एक स्वस्थ व्यक्ति को अपनी सेहत की तंदुरुस्ती के लिए किस प्रकार का आहार लेना चाहिए ? शरीर की रक्षा कैसे करनी चाहिए ? आइये, उसे जानें-

शीत ऋतु में खट्टा, खारा तथा मधु रस प्रधान आहार लेना चाहिए।

पचने में भारी, पौष्टिकता से भरपूर, गरिष्ठ और घी से बने पदार्थों का सेवन अधिक करना चाहिए।

इस ऋतु में सेवन किये हुए खाद्य पदार्थों से ही वर्षभर शरीर की स्वास्थ्य-रक्षा हेतु शक्ति का भण्डार एकत्रित होता है। अतः उड़दपाक, सालमपाक, सोंठपाक जैसे वाजीकारक पदार्थों अथवा च्यवनप्राश आदि का उपयोग करना चाहिए।

जो पदार्थ पचने में भारी होने के साथ गरम व स्निग्ध प्रकृति के होते हैं, ऐसे पदार्थ लेने चाहिए।

दूध, घी, मक्खन, गुड़, खजूर, तिल, खोपरा, सूखा मेवा तथा चरबी बढ़ाने वाले अन्य पौष्टिक पदार्थ इस ऋतु में सेवन योग्य माने जाते हैं।

इन दिनों में ठंडा भोजन न करते हुए थोड़ा गर्म और घी-तेल की प्रधानतावाला भोजन करना चाहिए।

इस ऋतु में बर्फ अथवा बर्फ का या फ्रिज का पानी, कसैले, तीखे तथा कड़वे रसप्रधान द्रव्यों का सेवन लाभदायक नहीं है। हलका भोजन भी निषिद्ध है।

इन दिनों में उपवास अधिक नहीं करने चाहिए। वातकारक, रूखे-सूखे, बासी पदार्थ और जो पदार्थ व्यक्ति की प्रकृति के अनुकूल न हों, उनका सेवन न करें।

शरीर को ठंडी हवा के संपर्क में अधिक देर तक न आने दें।

प्रतिदिन प्रातःकाल में व्यायाम, कसरत व शरीर की मालिश करें।

इस ऋतु में गर्म जल से स्नान करना चाहिए।

शरीर की चंपी करवाना और यदि कुश्ती या अन्य कसरतें आती हों तो उन्हें करना हितावह है।

तेल मालिश के बाद शरीर पर  उबटन लगाकर स्नान करना हितकारी होता है।

कमरे और शरीर को थोड़ा गर्म रखें। सूती मोटे तथा ऊनी वस्त्र इस मौसम में लाभकारी होते हैं।

प्रातःकाल सूर्य की किरणों का सेवन करें। पैर ठंडे न हों इस हेतु जूते पहनें।

स्कूटर जैसे दुपहिये खुले वाहनों द्वारा इन दिनों लंबा सफर न करते हुए बस, रेल, कार जैसे दरवाजे-खिड़की वाले वाहनों से ही सफर करने का प्रयास करें।

हाथ पैरे धोने में भी यदि गुनगुने पानी का प्रयोग किया जाये तो हितकर होगा।

बिस्तर, कुर्सी अथवा बैठने के स्थान पर कम्बल, चटाई, प्लास्टिक अथवा टाट की बोरी बिछाकर ही बैठें। सूती कपड़े पर न बैठें।

दशमूलारिष्ट, लोहासव, अश्वगंधारिष्ट, च्यवनप्राश अथवा अश्वगंधावलेह जैसी देशी व आयुर्वेदिक औषधियों का इस काल में सेवन करने से वर्षभर के लिए पर्याप्त शक्ति का संचय किया जा सकता है।

गरिष्ठ खाद्य पदार्थों के सेवन से पहले अदरक के टुकड़ों पर नमक व नींबू का रस डालकर खाने से जठराग्नि अधिक प्रबल होती है।

भोजन पचाने के लिए भोजन के बाद निम्न मंत्र के उच्चारण के साथ पेट पर बायाँ हाथ दक्षिणावर्त घुमा लेना चाहिए, जिससे भोजन शीघ्रता से पच सके।

अगस्त्यं कुभकर्णच शनिं च बडवानलम्।

आहारपरिपाकार्थ स्मरेद् भीमं च पंचमम्।।

इस ऋतु में सर्दी, खाँसी, जुकाम या कभी बुखार की संभावना भी बनी रहती है, जिनसे बचने के उपाय निम्नलिखित हैं-

सर्दी-जुकाम और खाँसी में सुबह तथा रात्रि को सोते समय हल्दी नमकवाले ताजे, भुने हुए एक मुट्ठी चने खायें, किन्तु उनके बाद कोई भी पेय पदार्थ, यहाँ तक की पानी भी न पियें। भोजन में घी, दूध, शक्कर, गुड़ व खटाई का सेवन बंद कर दें। सर्दी खाँसी वाले स्थायी मरीज के लिए यह एक सस्ता प्रयोग है।

भोजन के पश्चात् हल्दी-नमकवाली भुनी हुई अजवाइन को मुखवास के रूप में नित्य सेवन करने से सर्दी-खाँसी मिट जाती है। अजवाइन का धुआँ लेना चाहिए। अजवाइन की पोटली से छाती की सेंक करनी चाहिए। मिठाई, खटाई और चिकनाईयुक्त चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए।

प्रतिदिन मुखवास के रूप में दालचीनी का प्रयोग करें। 2 ग्राम सोंठ, आधा ग्राम दालचीनी तथा 5 ग्राम पुराना गुड़, इन तीनों को कटोरी में गरम करके रोज ताजा खाने से सर्दी मिटती है।

सर्दी जुकाम अधिक होने पर नाक बंद हो जाती है, सिर भी भारी हो जाता है और बहुत बेचैनी होती है। ऐसे समय में एक तपेली में पानी को खूब गरम करके उसमें थोड़ा दर्दशामक मलहम (पेनबाम), नीलगिरि का तेल अथवा कपूर डालकर सिर व तपेली ढँक जाय ऐसा कोई मोटा कपड़ा या तौलिया ओढ़कर गरम पानी की भाप लें। ऐसा करने से कुछ ही मिनटों में लाभ होगा। सर्दी से राहत मिलेगी।

मिश्री के बारीक चूर्ण को नसवार की तरह सूँघें।

स्थायी सर्दी-जुकाम और खाँसी के मरीज को 2 ग्राम सोंठ, 10 से 12 ग्राम गुड़ और थोड़ा घी एक कटोरी में लेकर उतनी देर तक गरम करना चाहिए जब तक गुड़ पिघल न जाये। फिर सबको मिलाकर रोज सुबह खाली पेट गरम-गरम खा लें। भोजन में मीठी, खट्टी, चिकनी और गरिष्ठ वस्तुएँ न लें। रोज सादे पानी की जगह पर सोंठ की डली डालकर उबाला हुआ पानी ही पियें या गरम किया हुआ पानी ही पियें। इस प्रयोग से रोग मिट जायेगा।

सर्दी के कारण होने वाले सिरदर्द, छाती के दर्द और बेचैनी में सोंठ का चूर्ण पानी में डालकर गरम करके पीड़ावाले स्थान पर थोड़ा लेप करें। सोंठ की डली डालकर उबाला गया पानी पियें। सोंठ का चूर्ण शहद में मिलाकर थोड़ा-थोड़ा रोज़ चाटें। भोजन में मूँग, बाजरा, मेथी और लहसुन का प्रयोग करें। इससे भी सर्दी मिटती है।

हल्दी को अंगारों पर डालकर उसकी धूनी लें। हल्दी के चूर्ण को दूध में उबालकर पीने से लाभ होता है।

बुखार मिटाने के उपायः

मोठ या मोठ की दाल का सूप बना कर पीने से बुखार मिटता है। उस सूप में हरी धनिया तथा मिश्री डालने से मुँह अथवा मल द्वारा निकलता खून बंद हो जाता है।

कॉफी बनाते समय उसमें तुलसी और पुदीना के पत्ते डालकर उबालें। फिर नीचे उतारकर 10 मिनट ढँककर रखें। उसमें शहद डालकर पीने से बुखार में राहत मिलती है और शरीर की शिथिलता दूर होती है।

1 से 2 ग्राम पीपरामूल-चूर्ण शहद के साथ सेवन कर फिर गर्म दूध पीने से मलेरिया कम होता है।

5 से 10 ग्राम लहसुन की कलियों को काटकर तिल के तेल अथवा घी में तलें और सेंधा नमक डालकर रोज़ खायें। इससे मलेरिया का बुखार दूर होता है।

सौंफ तथा धनिया के काढ़े में मिश्री मिलाकर पीने से पित्तज्वर का शमन होता है।

हींग तथा कपूर को समान मात्रा में लेकर बनायी गयी एक-दो गोली लें, उसे अदरक के रस में घोंटकर रोगी की जीभ पर लगायें, रगड़ें। दर्दी अगर दवा पी सके तो यही दवा पीये। इससे नाड़ी सुव्यवस्थित होगी और बुखार मिटेगा।

कई बार बुखार 103-104 फेरनहाइट से ऊपर हो जाता है, तब मरीज के लिए खतरा पैदा हो जाता है। ऐसे समय में ठण्डे पानी में खाने का नमक, नौसादर या कोलनवॉटर डालें। उस पानी में पतले कपड़े के टुकड़े डुबोकर, मरीज की हथेली, पाँव के तलवों और सिर (ललाट) पर रखें। जब रखा हुआ कपड़ा सूख जाय तो तुरंत ही दूसरा कपड़ा दूसरे साफ पानी में डुबायें और निचोड़कर दर्दी के सिर, हथेली और पैर के तलवों पर रखें। इस प्रकार थोड़ी-थोड़ी देर में ठंडे पानी की पट्टियाँ बदलते रहने से अथवा बर्फ घिसने से बुखार कम होगा।

खाँसी के लिए इलाज

वायु की सूखी खाँसी में अथवा गर्मी की खाँसी में, खून गिरने में, छाती के दर्द में, मानसिक दुर्बलता में तथा नपुंसकता के रोग में गेहूँ के आटे में गुड़ अथवा शक्कर और घी डालकर बनाया गया हलुआ विशेष हितकर है। वायु की खाँसी में गुड़ के हलुए में सोंठ डालें। खून गिरने के रोग में मिश्री-घी में हलुआ बनाकर किशमिश डालें। मानसिक दौर्बल्य में हलुए में बादाम डालकर खायें। कफजन्य खाँसी तथा श्वास के दर्द में गुनगुने पानी के साथ अजवाइन खाने तथा उसकी बीड़ी अथवा चिलम बनाकर धूम्रपान (तम्बाकू बिना) करने से लाभ होता है। कफोत्पत्ति बन्द होती है। पीपरामूल, सोंठ और बहेड़ादल का चूर्ण बनाकर शहद में मिलाकर प्रतिदिन खाने से सर्दी-कफ की खाँसी मिटती है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, नवम्बर 2002, पृष्ठ संख्या 27-29

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ