All posts by Gurukripa

संतों की हनुमत-उपासना


हनुमान जयंती

हनुमान जी का जीवन पुरुषार्थ और साहस की प्रेरणा देता है, संयम एवं सदाचार की प्रेरणा देता है, निष्काम सेवा की प्रेरणा देता हैः राम काज बिनु कहाँ  विश्रामा…

मनोजवं मारूततुल्यवेगं जितेन्द्रियं बुद्धिमताम् वरिष्ठम्।

वातात्मजं वानरयूथमुख्यं श्रीरामदूतं शिरसा नमामि।।

‘जिनकी मन के समान गति और वायु के समान वेग है, जो परम जितेन्द्रिय और बुद्धिमानों में श्रेष्ठ हैं, उन व वायु पुत्र वानराग्रगण्य श्रीरामदूत को मैं प्रणाम करता हूँ।’

मुझे किसी ने पत्र द्वारा बतायाः “एक कान्वेंट स्कूल में मास्टर ने ब्लैकबोर्ड पर एक तरफ गधा एवं दूसरी तरफ एक बंदर का चित्र बनाया। फिर बच्चों से पूछाः

‘यह पूँछवाला कौन है ?’

बच्चों ने कहाः ‘गधा’।

मास्टरः ‘यह दूसरा पूँछवाला कौन है ?’

बच्चेः ‘बंदर’।

मास्टरः ‘दोनों पशु हैं न ?’

बच्चेः ‘हाँ।’

मास्टरः तुम्हारे हिन्दुस्तानी लोग पूँछवाले पशु बंदर को भगवान के रूप में पूजते हैं कितने बेवकूफ हैं ?’

ऐसा करके वे बच्चों की आस्था डिगाते हैं एवं अपने ईसाई धर्म की महिमा सुनाते हैं। बापू जी ! ये कान्वेंट स्कूल शिक्षा के केन्द्र हैं या धर्मांतरण के अड्डे ? हमारे मासूम बच्चों के दिलों में हिन्दू धर्म एवं संस्कृति के प्रति नफरत पैदा करने का यह कैसा षड्यंत्र है ? बापू जी ! अब हमसे सहा नहीं जाता है।….”

मेरा किसी मिशनरी से, किसी धर्म से कोई विरोध नहीं है। मैं तो साँपों के बीच रहा लेकिन साँपों ने मुझे नहीं काटा। एक बार एक साँप पर मेरा पैर पड़ गया था फिर भी उसने मुझे नहीं काटा। मेरे हृदय में गुरु का ज्ञान है कि साँप में भी अपना ही प्यारा है तो मैं किसी संप्रदाय, किसी जाति से क्यों नफरत करूँगा ? फिर भी कोई गड़बड़ करता है तो कहना पड़ता है कि भैया ! भारत में ऐसा न करो। भगवान तुमको सद्बुद्धि दें…. जो लोग हनुमान जी को बंदर कहते हैं भगवान उनकी बुद्धि को प्रकाश दें और हम क्या कह सकते हैं ?

मुट्ठी भर लोगों को लेकर शिवाजी ने औरंगजेब की नाक में दम कर दिया था। ऐसे शिवाजी के गुरु समर्थ रामदास हनुमान जी के भक्त थे। वे हनुमान जी से बातचीत करते थे।

उन्होंने तो महाराष्ट्र में कई हनुमान मंदिरों की स्थापना की जिनमें से 11 मंदिर आज भी बड़े प्रसिद्ध हैं। उन मंदिरों में जाने वालों में श्रद्धा, साहस, पौरूष आदि सदगुणों का संचार होता है, लोगों की मनोकामना पूर्ण होती है।

गोस्वामी तुलसी दास जी को भी हनुमान जी के दर्शन हुए एवं उनसे तुलसीदास जी को मार्गदर्शन मिला था – यह तो सभी जानते हैं।

मेरे एक परिचित संत हैं श्री लाल जी महाराज। उनकी उम्र 87 साल के करीब है। उनके पिता अमथारामजी पर किसी ने मूठ (मारण क्रिया) मारी थी, जिससे उनका देहावसान हो गया था। जिसके लिए मूठ मारी जाती है वह कहीं का नहीं रहता है, कोई हकीम, डॉक्टर अथवा झाड़ फूँक करने वाला उसे ठीक नहीं कर सकता। लेकिन लाल जी महाराज हनुमान जी के भक्त हैं। जब उन पर मूठ मारी गयी तो हनुमान जी एक नन्हें मुन्ने बालक का रूप लेकर आये और लाल जी महाराज उनके साथ सूक्ष्म शरीर से उड़ते-उड़ते इस पृथ्वीलोक से परे किसी दिव्य वन में जा पहुँचे। वहाँ एक ऋषि विराजमान थे।

उस नन्हें से बालक के रूप में विराजमान हनुमान जी ने इशारा किया कि ‘यह मेरा भक्त है। इस पर मारणप्रयोग किया गया है। इसको ठीक कर दो।’ उस ऋषि ने किसी वनस्पति की पतली डाली से उतारा करके फेंका तो वह डाली जल गयी ! फिर उन ऋषि ने कहाः

“तुम्हारे इष्ट हनुमान जी तुम्हारे रक्षक हैं। इसीलिए तुम्हारी मृत्यु टल सकी है। तुम्हारा मंगल होगा।”

लाल जी महाराज अभी भी मालसर (गुजरात) में विद्यमान हैं। उन्होंने बाद में श्रीरामजी के दर्शन भी किये और माँ गायत्री के भी दर्शन किये।

मैं घर छोड़कर साधना हेतु उधर गया तब मेरी साधना देखकर वे मेरे मित्र बन गये। ऐसे अनेक लोगों से परिचय हुआ है जिन्होंने हनुमान जी की कृपा को पाया है फिर भी जो लोग कहते हैं कि ‘हिन्दुस्तानी एक बन्दर की पूजा करते हैं, वे मूर्ख हैं।’ ऐसा कहने वालों के लिए इतना ही कहना है कि हनुमान जी के उपासकों को मूर्ख कहने वाले उन महामूर्खों पर भगवान कृपा करें और समाज सतर्क रहे।

रामकृष्ण परमहंस ने भी हनुमान जी की उपासना की थी। वे कहते थेः

“मैं माँ काली की उपासना के बाद अपने कुलदेवता, इष्टदेवता श्रीराम की उपासना की। जब श्री राम की उपासना की तो उनके प्रिय सेवक हनुमान जी का भी चिंतन होता था। हनुमान जी जाग्रत देव हैं। हनुमान जी, नारदजी, अश्वत्थामा आदि चिरंजीवी हैं। उन चिरंजीवी हनुमान जी की उपासना के काल में मुझे कुछ विलक्षण अनुभव होने लगे।

मैं उपासना करते-करते चीखने लगता, कभी पेड़ पर चढ़ जाता, कमर पर कपड़ा बाँधकर पूँछ की नाईं लटका देता और कोई फल खाने को मिलता तो बिना छिलके उतारे खा जाता था। मेरे मेरुदंड का अंतिम भाग एक इंच जितना बाहर भी निकल आया था। उपासना का प्रभाव मेरे मन के साथ तन पर भी पड़ा।”

शिष्यों ने पूछाः “मेरुदंड का अंतिम भाग का जो एक इंच बाहर निकल आया था उसका क्या हुआ ?”

श्री रामकृष्ण ने कहाः “उपासना छोड़ने के बाद धीरे-धीरे वह पूर्ववत् हो गया।”

मैंने भी अपने साधनाकाल में हनुमान जी की उपासना की थी। मुझे भी हनुमान जी की उपासना करने से, जप करने से बहुत अनुभव हुए। उपासना काल में मैं काफी बल का एहसास करता था। मैंने हनुमान जी की उपासना थोड़ी बहुत की थी, किन्तु मेरी दिशा ब्रह्मज्ञान प्राप्ति की होने के कारण यह साधना मैं पूरी न कर पाया। फिर मैंने वही मंत्र एक साधक को दिया तो उसे भी स्वप्न में हनुमान जी के दर्शन हुए। हनुमानजी ने उससे कहाः

“बेटा ! कलियुग में ये उपासनाएँ जल्दी नहीं फलती हैं, तुम इसे छोड़ दो।”

ऐसे हनुमान जी को हम अस्वीकार करें ? ऐसी दुर्मति हमारे पास नहीं है।

हनुमान जी जाग्रत देव हैं, चिरंजीवी हैं, संयम शिरोमणि हैं, ज्ञानियों में अग्रगण्य हैं, भक्तों के रक्षक हैं। ऐसे हनुमान जी के श्रीचरणों में हम प्रणाम करते हैं। आप सभी को हनुमान जयंती की खूब-खूब बधाई…

जय जय जय हनुमान गोसाईं।

कृपा करो गुरुदेव की नाईं।।

हनुमान जी को पूँछवाला बन्दर कह कर धर्मांतरण करने वाले ऐसे स्वार्थी धर्मांध व्यक्तियों को अपनी दुर्बुद्धि त्यागकर हनुमान जी की उपासना का फायदा उठाना चाहिए। हिन्दुस्तान में रहकर हिन्दू बच्चों की श्रद्धा पर कुठाराघात करके, धर्मांतरण कराके देश को और भारतीय संस्कृति को कमजोर बनाने के पास से बचना चाहिए।

हिन्दुओं को साहसी एवं निडर बनना चाहिए। ऐसे दुर्बुद्धि लोगों को सबक सिखाना चाहिए। उन लोगों को एवं संगठनों को हम धन्यवाद देते हैं जो उनकी पोलपट्टी खोलकर देश की, संस्कृति की अस्मिता की रक्षा करते हैं। भगवान उनको सद्बुद्धि, साहस, सुन्दर सूझबूझ दें। हिन्दुओं की अतिसहिष्णुता का दुरुपयोग करने वाले लोगों की बुद्धि कैसी है ? कैसा पढ़ाते होंगे बच्चों को ? कोमल हृदय के बच्चों पर स्कूलों में पढ़ाई के नाम पर विष से भरी तथा हिन्दू धर्म के देवी देवताओं एवं संतों के प्रति द्वेषपूर्ण हरकतें करने वाले लोग अपने इन कार्यों से बाज आ जायें। बच्चों के माता-पिता सावधान रहें। अपने ही बच्चे अपनी संस्कृति के व अपने दुश्मन हो जायें ऐसे मिशनरी स्कूलों से बचो और दूसरों को बचाओ। अपनी मानवमात्र का मंगल चाहने वाली भारतीय संस्कृति की गरिमा समझाने वाले स्कूलों में ही बच्चों को पढ़ायें नहीं तो कबीर जी की कहावत याद रखें-

भलो भयो गँवार, जाही न व्यापी विषमयी माया।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2002, पृष्ठ संख्या 23,24 अंक 112

ॐॐॐॐॐॐॐ ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

संत दर्शन की चाह


संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग-प्रवचन से

उड़ीसा के राजा प्रतापरूद्र बड़े धार्मिक एवं साधुसेवी थे। उनका बाहरी वेश तो राजसी था परन्तु भीतर से उनका रोम-रोम भक्ति-भाव से परिपूर्ण था।

वे गौरांग (चैतन्य महाप्रभु) के दर्शन करना चाहते थे लेकिन गौरांग ने उनकी बात ठुकरा दी। राजा ने खूब प्रयत्न किये परन्तु गौरांग नहीं माने। आखिर पुण्यात्मा, धनभागी राजा प्रतापरुद्र ने ठान लिया कि ‘कुछ भी हो, मैं इन महापुरुष की कृपा को पाकर ही रहूँगा। इसके लिए चाहे कुछ भी क्यों न करना पड़े ?’

गौरांग के शिष्यों में पण्डित नाम से प्रसिद्ध एक शिष्य थे। राजा प्रतापरूद्र ने उनको प्रसन्न करके उनके हाथों गौरांग के पास एक प्रार्थनापत्र भेजाः “मैं तो आपके चरणों की धूलि हूँ और आपके चरणों में सिर झुकाना चाहता हूँ। मेरा जीवन यूँ ही बीता जा रहा है। यह कटक का राज्य तो पहले भी मेरा नहीं था और बाद में भी मेरा नहीं रहेगा। मैं आपकी शरण में हूँ। मैं आपका दास हूँ। आपको जब भी, जैसे भी अनुकूल पड़े मेरे यहाँ पधारने की कृपा करें और इस दास की पूजा की जगह को पावन करने की कृपा करें।’

पंडित समय-समय पर गौरांग के पास जाया करते थे। राजा का प्रार्थनापत्र लेकर वे गौरांग के पास गये। उन्हें देखकर गौरांग ने कहाः

“अरे, तुम आज अचानक कैसे ?”

पंडितः “प्रभु ! आज तो दास आपसे कुछ माँगने आया है।”

गौरांगः “तुमको भी माँगने की जरूरत पड़ी ? क्या माँगते हो ?”

पंडितः “आप मेरी प्रार्थना स्वीकार करना, अस्वीकार मत करना।”

गौरांगः “पंडित जी ! पहले से ही वचनबद्ध क्यों करते हो ? तुम ऐसा कुछ बोलोगे नहीं जो मुझे अस्वीकार करना पड़े ? क्या माँगना चाहते हो ? अच्छे लोग अपनी बात मनवाने का आग्रह नहीं रखते वरन् संत की बात मानते हैं। तुम क्या चाहते हो ?”

पंडितः “राजा प्रतापरुद्र भगवान के बड़े भक्त हैं और आपके दर्शन के लिए तरसते हैं। दिखते हैं राजा लेकिन हैं संतसेवी। बड़ी सेवा करते हैं भगवान जगन्नाथ एवं संतों की। वे आपका स्वागत करना चाहते हैं, आप उनके यहाँ पधारने की कृपा करें।”

गौरांग ने तुरंत कान में उँगलियाँ डालते हुए कहाः “अरररररर… मेरा कौन सा पाप है कि मैं राजा के आमंत्रण की बात सुन रहा हूँ ? जिसको ईश्वरीय मस्ती चाहिए वह राजा के आमंत्रण को कैसे स्वीकार कर सकता है ? रजोगुणी वातावरण में जाने का आमंत्रण ? प्रजा से कर लेकर राजवैभव प्राप्त होता है, उस वैभव में जीने  वाले का आमंत्रण ? राम, राम, राम…. यह तुम कैसी प्रार्थना लेकर आये हो ?”

पंडित ने काफी अनुनय-विनय किया किन्तु गौरांग ने आमंत्रण स्वीकार नहीं किया।

पंडित ने यह बात राजा प्रतापरुद्र को बता दी। प्रतापरुद्र ने पंडित से कहाः

“कैसे भी करके मैं उनकी कृपा पाना चाहता हूँ।”

पंडित ने राजा की तीव्र इच्छा एवं दृढ़ता देखकर कहाः

“राजन् ! परसों जगन्नाथ जी की रथयात्रा है। लाखों लोग जगन्नाथ जी का रथ खींचेंगे। गौरांग भी वहाँ जायेंगे। जब वे रथ को धक्का मारेंगे तभी यात्रा शुरु होगी। उसके बाद दोपहर में वे अमुक बगीचे में विश्राम करेंगे। अगर आप उनकी कृपा पाना चाहते हैं तो आपको एक सेवक का, एक हरि भक्त का वेश बनाकर वहाँ जाना पड़ेगा। आप राजा के  वेश में नहीं, सेवक के वेश में जाकर वहाँ सेवा-टहल करना। अगर उनकी दृष्टि पड़ेगी और आपकी सेवा स्वीकार हो जायेगी तो आपका काम बन जायेगा। आप तो बड़े बुद्धिमान राजा हैं। मैं आपको समय व स्थान बता दिया है।”

प्रतापरुद्र ने रथयात्रा के दिन एक सामान्य भक्त का वेश धारण किया और उस बगीचे में पहुँचे जहाँ गौरांग अपने भक्तों के साथ विश्राम कर रहे थे। दोपहर का समय था, रथयात्रा के श्रम से थके होने का कारण गौरांग लेटे हुए थे। राजा ने जाकर सभी भक्तों को दंडवत् प्रणाम किया। कोई भी पहचान न पाया कि ये स्वयं राजा प्रतापरुद्र हैं। सबके हृदय में हुआ कि यह भक्त कितना नम्र है ! सबके हृदय में उनके प्रति सहानुभूति जाग उठी।

ऐसा करते-करते प्रतापरुद्र गौरांग प्रभु के नजदीक गये एवं देखा कि वे बड़े थके हैं, अतः धीरे-धीरे उनके चरण सहलाने लगे।

गौरांग को थोड़ा आराम का एहसास हुआ। प्रतापरुद्र राजा थे, चरणचंपी करवा चुके थे। इसलिए उनको पता था कि कैसी चरणचंपी करने से नींद अच्छी आती है और थकान मिटती है।

ऐसा करते-करते काफी देर हो गयी। राजा ने देखा कि अब गौरांग प्रभु आराम कर चुके हैं। अतः वे चरण सहलाते-सहलाते ‘श्रीमद्भागवत’ का ‘गोपीगीत’ मधुर स्वर से गुनगुनाने लगे-

‘भगवान कृष्ण ! आप कहाँ गये ? हे केशव ! आप हमें छोड़कर कहाँ चले गये ? हमारे साथ होते हुए भी आप कहाँ अदृश्य हो गये ? कोई तो बता दो मेरे कृष्ण का पता….’ राजा प्रतापरुद्र बड़े ही भावपूर्ण हृदय से भागवत के ‘गोपीगीत’ का गायन कर रहे थे।

गौरांग नींद से उठे। उठते ही इतने मधुर स्वर एवं भावपूर्ण हृदय से गाये जा रहे ‘गोपी गीत’ सुनकर उनका हृदय भी पिघलता गया। जैसे वेदान्त की सारगर्भित बात सुनकर वेदान्ती का हृदय छलकता है, वैसे ही ‘गोपी गीत’ सुनकर गौरांग का हृदय छलक उठा। उन्होंने कहाः “फिर से गाओ, जरा फिर से।”

गौरांग की प्रसन्नता देखकर राजा पुलकित होकर फिर से गाने लगे। ऐसा करते-करते गौरांग का हृदय ऐसा छलका कि वे उठ बैठे और बोले-

“तुम कौन हो ? कहाँ से आये हो ? तुम्हारा यह गीत सुनकर मेरी सारी थकान मिट गयी।”

शरीर की थकान नींद से इतनी नहीं मिटती जितनी मन की प्रसन्नता से मिटती है। तीन घंटे आप सोओ और 21 घंटे काम करो यह संभव है। किन्तु मन में यह नहीं होना चाहिए कि ‘मैंने बहुत काम कर लिया, मैं बहुत थक गया हूँ।’ तो शारीरिक तनाव होता है। शारीरिक और मानसिक तनाव से संयुक्त होने पर ही मन फिर सिगरेट, सुरा, सुन्दरी आदि की खोज करता है।

शारीरिक एवं मानसिक तनाव दूर करने के लिए सुन्दर उपाय है – अजपा गायत्री। शरीर को खूब खींचे फिर ढीला छोड़ दें। मन-ही-मन चिंतन करें कि ‘मैं स्वस्थ हूँ… शरीर की थकान मिट रही है…’ इस प्रकार शारीरिक आराम लेकर फिर श्वासोच्छ्वास का गिनती करें। इससे शारीरिक एवं मानसिक तनाव मिटेंगे।

प्रतापरुद्र ने कहाः “भगवन् ! मैं उड़ीसा का हूँ। आपके दासों का दास हूँ।”

गौरांगः “अरे भैया ! आज तो तुमने मुझे ऋणी बना दिया। कृष्ण का गोपी गीत तुमने कितना सुंदर गाया ! कितनी शांति दी ! तुम क्या चाहते हो ?”

प्रतापरुद्रः “महाराज ! केवल आपकी कृपा चाहता हूँ।”

ऐसा करते-करते गौरांग की कृपा पा ली राजा प्रतापरुद्र ने।

संत की कृपा पाने के लिए राजा प्रतापरुद्र ने कितने प्रयत्न किये… आखिर अपना राजवेश छोड़कर एक सामान्य भक्त का वेश बनाया…. लगन और दृढ़ता थी संत-दर्शन की तो दर्शन पाकर ही रहे।

सचमुच में वे बड़े भाग्यशाली हैं जो संत-दर्शन की महत्ता जानते हैं और संत की कृपा को पाने के अधिकारी बन पाते हैं।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2002, पृष्ठ संख्या 16,17 अंक 112

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

 

 

शास्त्र-अमृत


संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग-प्रवचन से

पौरूष दो प्रकार का होता है – एक शास्त्र के अनुसार और दूसरा शास्त्र विरूद्ध। जो शास्त्र को त्याग करके अपनी इच्छा के अनुसार विचरता है वह सिद्धता नहीं पायेगा। जो शास्त्र के अनुसार पुरुषार्थ करता है वह सिद्धता को प्राप्त होगा।

जो पुरुष व्यवहार तथा परमार्थ में आलसी होकर और परमार्थ को त्यागकर मूढ़ हो रहे हैं, वे दीन होकर पशुओं के सदृश दुःख को प्राप्त हो रहे हैं, वे दीन होकर पशुओं के सदृश दुःख को प्राप्त हुए हैं। तुम पुरुषार्थ का आश्रय लो। सत्संग और सत्शास्त्ररूपी आदर्श के द्वारा अपने गुण-दोष को देखकर दोष का त्याग करो और शास्त्रों के सिद्धान्तों पर अभ्यास करो। जब दृढ़ अभ्यास करोगे तब शीघ्र ही आनंदवान होगे।

श्रेष्ठ पुरुष वही है जिसने सत्संग और सत्शास्त्र द्वारा बुद्धि को तीक्ष्ण करके संसार-समुद्र से तरने का पुरुषार्थ किया है। जिसने सत्संग व सत्शास्त्र द्वारा बुद्धि तीक्ष्ण नहीं की और पुरुषार्थ को त्याग बैठा है, वह पुरुष नीच-से-नीच गति को पायेगा। जो श्रेष्ठ पुरुष हैं, वे अपने पुरुषार्थ से परमानंद पद को पायेंगे और फिर दुःखी न होंगे।

मनुष्यों को सत्शास्त्रों और सत्संग से शुभ गुणों को पुष्ट करके दया, धैर्य, संतोष और वैराग्य का अभ्यास करना चाहिए। शुभ गुणों से बुद्धि पुष्ट होती है और शुद्ध बुद्धि से शुभ गुण पुष्ट होते हैं। जब शुभ गुण होते हैं तब आत्मज्ञान आकर विराजता है। शुभ गुणों में आत्मज्ञान रहता है।

संतों और सत्शास्त्रों के अनुसार संवेदन, मन और इन्द्रियों का विचार रखना। जो इनसे विरुद्ध हों उनको न करना। इससे  तुमको संसार का राग-द्वेष स्पर्श न करेगा। संतजन और सत्शास्त्र वही हैं जिनके विचार व संगति से चित्त संसार की ओर से हटकर उनकी ओर हो।

जो कुछ पूर्व की वासना दृढ़ हो रही है उसके अनुसार जीव विचरता है पर श्रेष्ठ पुरुष अपने पुरुषार्थ से पूर्व के मलिन संस्कारों को शुद्ध करता है। जब तुम सत्शास्त्रों और ज्ञानवानों के वचनों के अनुसार दृढ़ पुरुषार्थ करोगे तब मलिन वासना दूर हो जायेगी।

यदि चित्त विषय और शास्त्र विरुद्ध मार्ग की ओर जाय, शुभ की ओर न जाय तो जानो कि कोई पूर्व का मलिन कर्म है। जो संतजनों और सत्शास्त्रों के अनुसार चेष्टा करे और संसार मार्ग से विरक्त हो तो जानों कि पूर्व का शुभ कर्म है। यदि तुम्हारा चित्त शुभमार्ग में स्थिर नहीं होता है तो भी दृढ़ पुरुषार्थ करके संसार-समुद्र से पार हो। श्रेष्ठ पुरुष वही है जिसका पूर्व का संस्कार यद्यपि मलिन था, परन्तु संतों और सत्शास्त्रों के अनुसार दृढ़ पुरुषार्थ करके सिद्धता को प्राप्त हुआ है।

यह चित्त जो संसार के भोग की ओर जाता है उस भोगरूपी खाई में चित्त को गिरने मत दो।

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

भगवान श्री रामचन्द्र जी ने अपने सदगुरुदेव वशिष्ठ जी महाराज से  पूछाः “हे भगवन् ! आप कहते हैं कि ‘भावना के वश से असत् भी सत् हो जाता है।’ इसका क्या आशय है ?” वशिष्ठ जी ने कहाः ” हे रामचन्द्रजी ! देश, काल, क्रिया, द्रव्य और संपदा इन पाँचों से भावना होती है। जैसी भावना होती है, वैसी ही सिद्धि होती है। पुत्र, दारादिक बांधव सब वासना रूप हैं। धर्म की वासना होती है तो बुद्धि में प्रसन्नता उपज आती है और पुण्य कर्मों से पूर्व भावना नष्ट हो शुभगति प्राप्त होती है। इससे अपने कल्याण के निमित्त शुभ का अभ्यास करना चाहिए।”

वशिष्ठ महाराज के अमृतवर्षी उपदेश सुनकर आत्मस्वरूपस्थ रामचन्द्रजी कह उठेः “हे मुनीश्वर ! आपका उपदेश दृश्यरूपी तृणों का नाशकर्त्ता दावाग्नि है। आध्यात्मिक, आधिभौतिक और आधिदैविक तापों का शांतकर्त्ता चन्द्रमा है। आपके उपदेश से मैं ज्ञातज्ञेय (जानने योग्य जान लिया) हुआ हूँ और पाँच  विकल्प मैंने विचारे हैं। प्रथम यह है कि यह जगत मिथ्या है और इसका स्वरूप अनिर्वचनीय है, दूसरा यह कि आत्मा में आभास है, तीसरा यह है कि इसका स्वभाव परिणामी है, चौथा यह कि अज्ञान से उपजा है और पाँचवाँ यह कि अनादि अज्ञान पर्यन्त है।”

भगवान श्री रामजी  द्वारा विचारे इन पाँच विकल्पों को हम अपना बना लें तो कितना अच्छा हो !

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2002, पृष्ठ संख्या 5, अंक 112

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ