All posts by Gurukripa

निंदा से कोढ़ नाश ! – पूज्यपाद संत श्री आसारामजी बापू


मृत्यु के भय से तो मृत्यु तो बढ़िया है और बदनामी के भय से बदनामी अच्छी है। ʹबदʹ होना बुरा नहीं है।

इक्ष्वाकु कुल के राजा को कोढ़ की बीमारी हो गयी। दिन का चैन और रात की नींद हराम हो गयी। सारे हकीम और वैद्य अपना-अपना इलाज आजमाकर थक चुके थे। आखिर वह राजा गुरु वशिष्ठजी के श्रीचरणों में पहुँचा और बोलाः

“गुरुदेव ! आज आपके निकट मैं स्वार्थ की बात लेकर आया हूँ। प्रभु ! शांति के लिए नहीं, वरन् शरीर का रोग मिटाने के लिए आया हूँ। इस कोढ़ के इलाज में कोई भी औषधि काम नहीं कर रही है। इसने मुझे धन-वैभव एवं सारी सुविधाओं के बीच रहते हुए भी अत्यंत दुःखी कर दिया है। गुरुदेव इसका क्या कारण है ?”

वशिष्ठजी महाराज ने तनिक अपने स्वस्वरूप में गोता लगाया और समझ गये कि इसके पूर्वकाल का दुष्कृत्य अभी फल देने के लिए तत्पर हुआ है।

कभी पूर्वकाल का सुकृत फल देने को तत्पर होता है। पूर्वकाल का सात्त्विक सुकृत जब फल देने को तत्पर होता है तब संतों के यहाँ जाने की रूचि होती है। राजस सुकृत फल देता है तो भोग-वैभव मिलता है और तामस सुकृत फल देता है तो ऐशो आराम की ओर, शराब कबाब की ओर ले जाता है।

जरूरी नहीं कि पाप का फल ही दुःख होता है। कभी-कभी पुण्य का फल भी दुःख होता है। पुण्य का फल दुःख ? हाँ…. कुछ ऐसे पुण्य किये हैं कि जिसका फल दुःख हो रहा है। दुःख क्यों हो रहा है ? क्योंकि आपकी समय शक्ति संसार के इन खिलौनों में बरबाद न हो जाये। अतः प्रकृति इन खिलौनों की, सांसारिक विषयरूपी खिलौनों की प्राप्ति में विक्षेप डालकर आपकों संत और परमात्मा की शरण पहुँचाना चाहती है, इसीलिए दुःख देती है।

कुछ लोग विवेक से संसार-वैभव का आकर्षण छोड़कर संतों की शरण में पहुँच जाते हैं तो कुछ लोगों को सुकृत के बल से उस सुख-वैभव में विक्षेप डालकर उसकी नश्वरता का बोध करवाकर संतों की शरण में पहुँचा देती है प्रकृति।

वशिष्ठजी महाराज बोलेः “हे राजन ! तुम्हारा पूर्वकृत दुष्कृत्य ही अभी कोढ़ के रूप में प्रगट हुआ है।”

राजाः “गुरुदेव ! मैं कुछ समझ नहीं पा रहा हूँ।” तब वशिष्ठजी ने कहाः ठीक है मैं तुम्हें दिखा देता हूँ।” वशिष्ठजी ने राजा की आँखों पर संकल्प करके हाथ रख दिया, फिर पूछाः “राजन ! क्या दिख रहा है ?”

राजाः “गुरुजी ! दो पहाड़ दिख रहे हैं। उनमें से एक पहाड़ तो सुवर्णकाय है और दूसरा काला कलूट एवं गंदगी के ढेर जैसा दिख रहा है।”

वशिष्ठजीः “राजन ! ठीक दिख रहा है। पहला जो चमक रहा है, वह तुम्हारे शुभ सुकृत हैं और दूसरा जो दिख रहा है गंदगी के ढेर जैसा, यह तुम्हारा पाप है। राज्य और यश तुम्हारे सुकृत का फल है लेकिन अनिद्रा और कोढ़ की बीमारी ये तुम्हारे पूर्वजन्मों के दुष्कृत्यों के फल हैं।”

राजाः “गुरुदेव ! इसका उपाय क्या है ?” वशिष्ठजीः “इस गंदगी के ढेर को तुम खा सकते हो क्या ?”

राजाः “गुरुदेव ! यह तो संभव नहीं है।” वशिष्ठजीः “तो जब तक यह ढेर रहेगा, तब तक तुम्हारा यह दुःख भी बना रहेगा।”

राजाः “इस ढेर को खत्म करने का कोई दूसरा उपाय बताइये, गुरुदेव !”

वशिष्ठजीः “तुम ऐसा किया करो कि अपनी भाभी के महल के प्रांगण में अपना खाट बिछवाओ और रोज शाम को ऐसे ढंग से वहाँ जाकर रहो ताकि  लोगों के मन में ऐसा हो कि ʹभाभी के साथ राजा का नाजायज संबंध है।ʹ लोगों को तुम दोनों का रिश्ता गलत प्रतीत हो। तुम गलत नहीं हो और गलती करोगे भी नही किन्तु लोगों को ʹतुम गलत होʹ ऐसी प्रतीति कराओ।”

राजाः “गुरुदेव ! मेरी भाभी ! वे तो माँ के समान हैं !! मैं वहाँ इस ढंग से जाकर बिस्तर लगाऊँ कि लोग मुझे गलत समझें !! गुरुदेव ! इससे तो मरना श्रेष्ठ है।”

वशिष्ठजीः “बेटा ! बद होना बुरा है किन्तु बदनाम होना बुरा नहीं है। तुम्हारे इस दुष्कृत्य को नष्ट करने का सबसे सुगम उपाय मुझे यही लगता है।”

आखिर हाँ-ना करते-करते राजा सहमत हुआ और उसने गुरुआज्ञा को शिरोधार्य किया।

सैनिक को जब अपने सेनापति का कोई आदेश मिलता है तो अपनी जान की परवाह किये बिना ही वह उस आदेश का पालन करता है। जो चार पैसे कमाता है, वह सैनिक भी आदेश मानकर अपनी जान दे देता है तो जिसको परमात्मतत्त्व पाना है, वह अपने गुरु का आदेश मानकर उऩ्हें अपना अहं दे दे तो इसमें उसका घाटा क्या है ?

तू मुझे तेरा उर-आँगन दे दे, मैं अमृत की वर्षा कर दूँ।

तू मुझे तेरा अहं दे दे, मैं परमात्मा का रस भर दूँ।।

राजा को तीन दिन हो गये अपनी भाभी के प्रांगण में बिस्तर बिछाए हुए, उसका तीन हिस्सा कोढ़ गायब हो गया और एक दो घण्टे की नींद भी आने लगी। राजा प्रसन्न होकर पहुँचा अपने गुरुदेव के श्रीचरणों में एवं प्रणाम करता हुआ बोलाः “गुरुदेव ! बिना औषधि के ही तीन हिस्सा कोढ़ गायब हो गया ! थोड़ी-थोड़ी नींद भी आने लगी है।”

गुरुदेव ने पुनः संकल्प करके राजा की आँखों पर हाथ रखा तो राजा क्या देखता है कि गंदगी का ढेर जो काला पहाड़ था वह तीन हिस्सा गायब हो चुका है।

फिर गुरुदेव बोलेः “चार दिन और यही प्रयोग करो।”

राजा ने चार दिन पुनः वही प्रयोग किया तो पूरा कोढ़ मिट गया, केवल एक नन्हीं सी फुँसी बच गयी। तब राजा ने कहाः “गुरुदेव ! पूरा कोढ़ मिट गया है और अब तो नींद भी बढ़िया आती है लेकिन एक छोटी सी फुँसी बच गयी है और इसमें जरा सी खुजलाहट होती रहती है।”

तब गुरुदेव ने कहाः “राजन् ! अगर मैं भी थोड़ी निंदा कर दूँ तो यह मिट जायेगी। लेकिन मैं जानता हूँ कि तुम निर्दोष हो। अतः निंदा करके मैं अपने सिर पर पाप क्यों चढ़ाऊँ ? इसे अब तुम ही भोग लो।”

निर्दोष व्यक्ति की जब बदनामी होती है तब भगत लोग, सीधे-सादे लोग घबरा जाते हैं। “बापू ! हमने किसी का कुछ नहीं बिगाड़ा फिर भी पड़ोसी लोग हमारे साथ ऐसा-ऐसा दुर्व्यवहार करते हैं….”

अरे भाई ! तुम्हारे चेहरे पर खुशी या  प्रसन्नता देखकर कोई ऐसा वैसा सोचता या बदनामी करता है तो तुम घबराओ मत। ऐसे अवसर पर इक्ष्वाकु कुल के राजा की इस कथा को याद कर लिया करो। कभी-कभी तुम्हारा धन-वैभव एवं यश देखकर अथवा किसी संत महापुरुष का तुम पर प्रेम है-यह देखकर कोई जलता है। तुम तो उसे जलाने का प्रयत्न नहीं करते हो, अतः इसमें तुम्हारा दोष नहीं है।

जब बिजली चमकती है तब बिजली का कोई इरादा नहीं होता कि हम गधी को परेशान करें। बिजली को तो पता तक नहीं होता कि गधी परेशान हो रही है लेकिन जब बिजली चमकती है तो गधी दुलत्ती मारती है। हालाँकि बिजली को वह दुलत्ती लगती भी नहीं है। इसी प्रकार जब तुम्हारे जीवन में चमक आये और किसी की बुद्धि दुलत्ती मारने लगे अर्थात् निंदा करने लगे तो तुम चिंता क्यों करते हो ? तुम तो टिके रहो अपनी गरिमा में, अपनी महिमा में।

स्वामी रामतीर्थ कहते थेः “अपने सिद्धान्तों के लिए अपने प्राण न्योछावर करने की अपेक्षा जीवित रहकर अपने सिद्धान्तों के विरोधियों से टक्कर लेना श्रेष्ठ है।”

एकांत में बैठकर समाधि करने से जो फायदा होता है, वही फायदा, वही आनंद और वही सामर्थ्य, संसार में ईश्वर को साक्षी रखकर दैवी कार्य करते-करते व्यक्ति पा सकता है। योगी को गिरि-गुफा में बैठकर निर्विकल्प समाधि से, ध्यान करने से जो उपलब्धियाँ होती हैं वे ही उपलब्धियाँ उऩ्हें भी मिल जाती हैं जो संसार में सुख बाँटने की दृष्टि से काम करते हैं और कभी-कभार संतों के चरणों में बैठकर अपनी बुद्धि को बुद्धिदाता का ज्ञान पाने में लगा देते हैं।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 1999, पृष्ठ संख्या 23-25, अंक 78

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

 

वास्तविक कल्याण का मार्ग


पूज्यपाद संत श्री आसारामजी बापू

2 मई, 1999-नारद जयंती पर विशेष

एक दिन राजा उग्रसेन ने भगवान श्रीकृष्ण से कहाः “जनार्दन ! सब लोग नारदजी के गुणों की प्रशंसा करते हैं। अतः तुम मुझसे उनके गुणों का वर्णन करो।”

सच ही है, जो अपनी प्रशंसा स्वयं नहीं करता, सर्वत्र नारायण के नाम-कीर्तन व गुणगान में ही अनुरक्त रहता है, उसकी प्रशंसा सभी लोकों में विस्तरित हो जाती है तथा भगवान स्वयं उसका गुणगान करते हैं।

वास्तव में गुणहीन पुरुष ही अधिकतर अपनी तारीफ के पुल बाँधा करते हैं। वे अपने में गुणों की कमी देख दूसरे गुणवान पुरुषों के दोष बताकर उन पर आक्षेप किया करते हैं। उनका यह कृत्य निंदनीय साबित होता है। किन्तु जो दूसरों की निंदा व अपनी प्रशंसा नहीं करता, ऐसा सर्वगुण-संपन्न विद्वान ही यश का भागी होता है।

फूलों की पवित्र एवं मनोहर सुगंध बिना बोले ही महककर अनुभव में आ जाती है तथा सूर्य भी बिना कुछ कहे ही आकाश में सबके समक्ष  प्रकाशित हो जाता है। इसी प्रकार विद्वान पुरुष गुफा में छिपा रहे, आत्मप्रशंसा न करे तो भी उसकी प्रसिद्धि सर्वत्र हो जाती है जबकि मूर्ख मनुष्य अपनी तारीफ की पुलें बाँधता रहता है, फिर भी संसार में उसकी ख्याति नहीं होती। नारदजी मनुष्य, देव, दानव सबको सम्मान रूप से प्रिय हैं। संपूर्ण गुणों से सुशोभित, कार्यकुशल, समय का मूल्य समझने वाले और आत्मतत्त्व के ज्ञाता नारदजी के गुणों की चर्चा भगवान श्री कृष्ण करते हैं-

एक समय गालव मुनि ने कल्याण प्राप्ति की इच्छा से अपने आश्रम पर पधारे हुए ज्ञानानंद से परिपूर्ण व मन को सदा अपने वश में रखने वाले देवर्षि नारद से पूछाः

“भगवन ! आप उत्तम गुणों से युक्त और ज्ञानी हैं। लोकतत्त्व के ज्ञान से शून्य और चिरकाल से निवारण सर्वगुणसम्पन्न आप जैसे ज्ञानी महात्मा ही कर सकते हैं।

शास्त्रों में बहुत से कर्तव्य-कर्म बताये गये हैं। उनमें से जिसके अनुष्ठान से ज्ञान में मेरी प्रवृत्ति हो सकती है, उसका मैं निश्चय नहीं कर पाता हूँ। इसलिए मैं आपकी शरण में आया हूँ। आप कृपा करके मुझे श्रेय (कल्याण) के वास्तविक मार्ग का उपदेश कीजिये।”

नारदजी कहते हैं- “तात ! जो अच्छी तरह कल्याण करने वाला और संशय से रहित हो, उसे ही ʹश्रेयʹ कहते हैं। पापकर्म से दूर रहना, पुण्यकर्मों का निरन्तर अनुष्ठान करना, सत्पुरुषों के साथ रहकर सदाचार का ठीक-ठाक पालन करना, सम्पूर्ण प्राणियों के प्रति कोमल एवं व्यवहार में सरल होना, मीठी वाणी बोलना, देवताओं, पितरों और अतिथियों को उनका भाग देना तथा भरण-पोषण करने योग्य व्यक्तियों का त्याग न करना-यह श्रेय का निश्चित साधन है।

सत्य बोलना ही श्रेयस्कर है। मैं तो उसे ही सत्य कहता हूँ, जिससे प्राणियों का अत्यंत हित होता हो।

अकेले रहकर धर्म का पालन, धर्माचरण पूर्वक वेद वेदान्तों का स्वाध्याय तथा उनके सिद्धान्तों को जानने की इच्छा कल्याण का अमोघ साधन है।

जिसे कल्याण-प्राप्ति की इच्छा हो उस मनुष्य को शब्द, स्पर्श, रूप, रस और गंध-इन विषयों को अधिक सेवन नहीं करना चाहिए।

रात में घूमना, दिन में सोना, आलस्य, चुगली, गर्व, अधिक परिश्रम करना अथवा परिश्रम से बिल्कुल दूर रहना-ये सब बातें श्रेय चाहने वाले के लिए त्याज्य है।

दूसरों की निंदा करके अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने का प्रयत्न नहीं करना चाहिए। साधारण मनुष्यों की अपेक्षा अपने में जो विशेषता है, वह उत्तम गुणों द्वारा ही प्रकट होना चाहिए।

मनुष्य को सदा धर्म में लगे रहने वाले साधु-महात्माओं तथा स्वधर्मपरायण उदार पुरुषों के समीप निवास करने का प्रयास करना चाहिए।

किसी कर्म का आरंभ न करने वाला और जो कुछ मिल जाये उसी से संतुष्ट रहने वाला पुरुष भी पुण्यात्माओं के साथ रहने से पुण्य का और पापियों के संसर्ग में रहने से पाप का भागी होता है।

जैसे जल और अग्नि के संसर्ग से क्रमशः शांत और उष्ण स्पर्श का अनुभव होता है, उसी प्रकार पुण्यात्माओं और पापियों के संग से पुण्य एवं पाप दोनों का संयोग हो जाता है।

जो पुरुष अपनी रसना का विषय समझकर स्वादु-अस्वादु का विचार रखते हुए भोजन करते हैं उन्हें कर्मपाश में बँधे हुए समझना चाहिए। रसास्वादन की ओर दृष्टि न रखकर जीवन-निर्वाह के लिए भोजन करना ही श्रेय है।”

निन्दक और पाखण्डियों के संग से दूर रहने का उपदेश देते हुए देवर्षि नारदजी ʹमोक्षधर्म पर्वʹ में कहते हैं-

आकाशस्थ ध्रुवं यत्र दोष ब्रुयुर्विपश्चिताम्।

आत्मपूजाभिः कामो वै को वसेत्तत्रः पण्डितः।।43।।

यत्र संलोडिता लुब्धैः प्रावशो धर्मसेतवः।

प्रदीप्तमिव चैलान्तं कस्तं देशं न संत्यजेत्।।44।।

“जहाँ के लोग बिना किसी आधार के ही विद्वानों पर दोषारोपण करते हों, उस देश में आत्मसम्मान की इच्छा रखने वाला कौन मनुष्य निवास करेगा ?”

जहाँ लालची मनुष्यों ने प्रायः धर्म की मर्यादाएँ तोड़ डाली हों, जलते हुए कपड़े की भाँति उस देश को कौन नहीं त्याग देगा ?”

पापकर्म से जीविकोपार्जन करने वाले लोगों के संग से दूर रहने का उपदेश देते हुए कहते हैं किः

कर्मणा यत्र पापेन वर्तन्ते जीवितेप्सवः।

त्यवधावेत्ततस्तूर्ण ससर्पाच्छरणादिवं।।47।।

“जहाँ जीवन की रक्षा के लिए लोग पापकर्म से जीविका चलाते हों, सर्पयुक्त घर के समान उस स्थान से तुरंत दूर हट जाना चाहिए।”

अन्त में, पापकर्म से दूर रहने की प्रेरणा देते हुए नारदजी साधकों को सावधान करते हैं किः

येन खटवां समारूढ कर्मणानुशयी भवेत्।

आदि तस्तन्न कर्त्तव्यमिच्छता कुभवमात्मेनः।।48।।

“अपनी उन्नति की इच्छा रखने वाले साधक को चाहिए कि जिस पापकर्म के संस्कारों से युक्त हुआ मनुष्य खाट पर पड़कर दुःख भोगता है, उस कर्म को पहले से ही न करें।”

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मई 1999, पृष्ठ संख्या 5,6 अंक 77

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

भक्ति के दुःखों की निवृत्ति


पूज्यपाद संत श्री आसारामजी बापू

ʹश्रीमद् भागवत माहात्म्यम्ʹ के प्रथम अध्यायच में कथा आती हैः

एक बार नारदजी विचरण करते-करते भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली वृंदावन में जा पहुँचे।  वहाँ पर उन्होंने देखा कि एक युवती के पास दो वृद्ध पुरुष अचेत से पड़े हुए हैं और वह युवती कभी उन्हें होश में लाने का प्रयत्न करती है तो कभी उनके आगे रो पड़ती है। उस युवती के चारों ओर सैंकड़ों स्त्रियाँ घेरकर बैठी हैं जिनमें से कोई तो उसे पंखा झल रही हैं और कोई उसे ढाढस बँधाने का प्रयत्न कर रही हैं। इतने में उस युवती की नजर नारदजी पर पड़ी और वह खड़ी होकर नारदजी से बोलीः

भो भोः साधो क्षणं तिष्ठ मच्चिन्तामपि नाशय।

दर्शनं तव लोकस्य सर्वथाघहरं परम्।।

बहुधा तव वाक्येन दुःखशांतिर्भविष्यति।

यदा भाग्यं भवेद् भूरि भवतो दर्शनं तदा।।

(श्रीमद् भागवतमाहात्म्यः अ. 1 श्लोक 42-43)

“हे महात्मा जी ! क्षणभर ठहर जाइये और मेरी चिंता को भी नष्ट कर दीजिये। आपका दर्शन तो संसार के सभी पापों को सर्वथा नष्ट कर देने वाला है।

आपके वचनों से मेरे दुःख की भी बहुत कुछ शांति हो जाएगी। मनुष्य का जो जब बड़ा भाग्य होता है, तभी आपके दर्शन हुआ करते हैं।”

नारदजी ने पूछाः “तुम कौन हो ?”

युवतीः “मेरा नाम भक्ति है। द्रविड़ देश में मैं उत्पन्न हुई, कर्नाटक में बढ़ी, महाराष्ट्र में सम्मानित हुई और गुजरात में अंग-भंग हुई। अब वृंदावन में आकर मैं थोड़ी पुष्ट हुई हूँ लेकिन यहाँ आकर मेरे दोनों पुत्र ज्ञान और वैराग्य कलियुग के प्रभाव से वृद्ध होकर मूर्च्छित हो गये हैं। होना तो यह चाहिए कि माँ बूढ़ी हो और बेटे जवान, लेकिन यह तो उलटा हो गया है। बेटे वृद्ध होकर मूर्च्छित पड़े हैं। कई उपाय करने पर भी इनकी मूर्च्छा नहीं टूटती। महाराज ! आपके दर्शन से मेरे हृदय के ताप मिट रहे हैं। आप कुछ देर और ठहरिये।”

संत के दर्शन से पातक नष्ट होते हैं और पातक नष्ट होने से हृदय का ताप निवृत्त होता है। नानकजी ने भी कहा हैः

संतशरण जो जन पड़े, सो जन उधरणहार।

संत की निंदा नानका, बहुरि-बहुरि अवतार।।

नानक जी ने यह भी कहा हैः

बड़भागी ते जन जगमाहीं, सदा-सदा हरि के गुन गाहीं।

राम नाम जो करहिं विचार, ते धनवन्ता गने संसार।।

भक्ति रो रही है और हमें यही सीख दे रही है कि अगर भक्ति करनी है तो ज्ञान और वैराग्य को जागृत रखो। तुम जिसकी भक्ति करते हो, उस परमेश्वर के स्वरूप का ज्ञान ही न होगा तो तुम किसकी भक्ति करोगे ?ʹ भगवान क्या है ? आत्मा क्या है ? परमेश्वर क्या है ? मुक्ति कैसे होती है ? वह परमात्मा हमारी आत्मा है तो मिले कैसे ? जगत की उत्पत्ति कैसे हुई ? बदलने वाले जगत को भी जो देख रहा है, वह अबदल तत्त्व क्या है ?ʹ ऐसा ज्ञान चाहिए और सुख-दुःख व संसार के राग-द्वेष की निवृत्ति के लिए वैराग्य होना चाहिए। अगर जीवन में भक्ति के साथ ज्ञान-वैराग्य नहीं होंगे तो भक्ति रोती रहेगी।

भगत जगत को ठगत है, भगत को ठगे न कोई।

एक बार जो भगत ठगे, अखण्ड यज्ञफल होई।।

भक्त का मतलब बुद्ध नहीं, आलसी नहीं, प्रमादी नहीं…. जिसका मन  आत्मा परमात्मा में निमग्न रहता हो, उसका नाम है भक्त। नानक जी भक्तशिरोमणि थे। प्रह्लाद, मीरा, कबीरजी आदि भी भक्तशिरोमणि थे।

भक्ति नारदजी से प्रार्थना करती हैः “महाराज ! आप मेरे दुःखों को निवृत्त कीजिये।”

तब नारदजी ने शपथ लीः “यदि मैंने तुम्हारे पुत्रों का जागृत न किया और तुझे घर-घर में, हृदय-हृदय में स्थापित न किया तो मैं भगवान का भक्त नहीं।”

देखो, सच्चे भगवद् भक्तों का कैसा निश्चय होता है ! कितनी हिम्मत होती है ! कितना सामर्थ्य होता है उनके संकल्प में ! एक सामान्य आदमी भी अगर दृढ़ संकल्प करता है कि ʹमुझे यह शुभ कर्म करना हैʹ तो ईश्वर की सत्ता उसे सहयोग देती ही है और देर-सबेर वह उसे दैवी कार्य में सफल होकर ही रहता है। जिस कार्य से बहुतों का हित होता है, मंगल होता है उस कार्य को करने का विचार यदि एक साधारण व्यक्ति भी अपने मन में ठान लेता है, तो हजारों-लाखों व्यक्ति देर सबेर उसके साथ सहयोग करने के लिए जुड़ जाते हैं।

भक्त यह सदैव याद रखे किः “मैं अकेला नहीं हूँ। सच्चिदानंद परमात्मा हमेशा मेरे साथ है। मेरे साथ उस परमेश्वर की सत्ता विद्यमान है। मैं अकेला नहीं हूँ। अनन्त-अनंत शक्तियाँ मेरे साथ हैं।ʹ

एक साधारण-सी लड़की भी यदि सत्कर्म करने की कोई बात ठान लेती है तो  परिस्थितियाँ उसके अनुकूल होने के लिए बाध्य हो जाती हैं।

बुद्ध के जमाने में एक बार श्रावस्ती नगरी में अकाल पड़ा। अकाल भी ऐसा कि बालक, बूढ़े एवं कमजोर आदमी अन्न के अभाव में मरने लगे। सेठों ने अपनी तिजोरियों को ताले लगा दिये राज्यसत्ता ने भी हाथ ऊँचे कर दिये।

यह सब देखकर बुद्ध को बहुत दुःख हुआ। संत-हृदय चुप कैसे रह सकता है ? ʹमुट्ठीभर अन्न के अभाव में लोग रोज मर रहे हैं और सेठों की तिजोरियाँ खुलती नहीं। धनवानों का धन यदि ऐसे अकाल के समय काम नहीं आया तो फिर वह धन किस काम का ?ʹ

बुद्ध ने श्रावस्ती के धनवान लोगों की एक सभा बुलायी। करूणा से भरे हुए बुद्ध ने अपनी करुणायी वाणी में सेठों से कहाः “इस अकाल समय में आप सभी को कुछ सेवाकार्य करना चाहिए ताकि अन्न के अभाव में मर रहे लोगों को बचाया जा सके।”

….लेकिन करूणा से भरा हुआ, प्राणिमात्र के हित की भावना से छलकता हुआ बुद्ध का यह उपदेश भी उन लोभी सेठों के चित्त पर कोई असर नहीं कर रहा था। बुद्ध ने चारों ओर नज़र डालकर कहाः “भाइयों ! कुछ कहो।” यह सुनकर वे लोभी सेठ, धन के गुलाम सेठ एक-दूसरे की ओर देखने लगे। उनमें से एक ने कहाः “महाराज ! पूरे राज्य में दुर्भिक्ष पड़ा है। हमारी तिजोरी कितने आदमियों को खिलायेगी ? यह किसी एक आदमी का काम नहीं है। यह तो राज्य का काम है।”

दूसरा बोलाः “राज्य का धन भी समाप्त जायेगा तब क्या करेंगे ? यह तो ईश्वर का काम है ईश्वर का। हम तो केवल प्रार्थना करें किः “हे भगवान ! अपने बंदों को अब तुम्हीं बचाओ।ʹ इसके अलावा हम कर ही क्या सकते हैं ?”

ऐसा कहते-कहते सब सेठ वहाँ से एक-एक करके खिसकने लगे। इतने में ही एक धनवान सेठ की कन्या सुप्रिया की आँखों से आँसू बहने लगे। बुद्ध की सभा में निराशा नृत्य करे, उसके पहले ही उसने एक आशा की किरण जगा दी। उसने कहाः “भन्ते ! जो अन्न के अभाव में मर रहे हैं, अन्न के मोहताज उन गरीबों को, उन देशवासियों को मैं खिलाऊँगी। भन्ते ! आप आशीर्वाद दें कि मैं इस कार्य में सफल हो सकूँ।”

लोग हक्के-बक्के रह गये ! ʹयह लड़की ! सुप्रिया !!ʹ वे  बोलेः “तू क्या खिलायेगी ? तेरा सेठ पिता तुझे पैसे नहीं देगा तो तो तू क्या करेगी ?”

सुप्रियाः “मेरे पिताजी पैसे नहीं देंगे तो कोई बात नहीं। मैं अपने हाथ में भिक्षापात्र उठाऊँगी और घर-घर भीख माँगकर भी अपने देशवासियों के मुँह में रोटी का टुकड़ा डालूँगी… उनके आँसू पोंछूंगी।”

दृढ़ निश्चय से भरी हुई उस लड़की की बात सुनकर बुद्ध के मन को संतोष हुआ। बुद्ध की आँखें चमक उठीं और करूणामयी दृष्टि बरसाते हुए वे बोल उठेः “धन्य, धन्य ! तेरे माता-पिता भी धन्य हैं। तू लोगों की भूख अवश्य मिटा सकेगी। तू देशवासियों के प्राण अवश्य बचा सकेगी।”

लोग व्यंग्य कसने लगे किः “जैसी पगली लड़की, वैसा पगला बाबा…ʹ

जैसे महात्मा गाँधी ने भी कहा था किः “अंग्रेजों ! भारत छोड़ो।” यह उदघोष करने वाले महात्मा गाँधी अकेले थे। अतः लोगों ने उनकी खूब मजाक उड़ायी और वायसराय ने तो उन्हें पागल ही कह दिया था। पूरी ब्रिटिश सरकार के आगे एक मोहनदास करमचंद गाँधी बोलता है कि ʹअंग्रेजों ! भारत छोड़ो।ʹ लेकिन शुभ संकल्प में बड़ी ताकत होती है। जितना स्वार्थरहित संकल्प होता है, उतनी ही परमात्मा की सत्ता उसके साथ जुड़ जाती है।

तुम्हारे पास चाहे कुछ भी हो, मुट्ठीभर अन्न हो या जरा सा समय हो अथवा कम योग्यता हो लेकिन यदि ईश्वर के नाते तुम उसे सत्कर्म में लगा देते हो तो वह अथाह-अगाध हो जाता है।

सुप्रिया ने दृढ़ संकल्प कर लिया था, अतः दूसरे दिन सुबह होते ही उसने अपने हाथ में एक भिक्षापात्र उठाया और अपने माता-पिता से बोलीः “मेरे हिस्से की रोटी तो आप मुझे देते ही हैं, अतः कम-से-कम वे ही रोटियाँ मुझे भिक्षा में दे दीजिये।” लड़की का दृढ़ निश्चय देखकर पिता की आँखों में आँसू आ गये। माँ का हृदय भर आया। उन्होंने थोड़ी ज्यादा भिक्षा दे दी। आठ-दस लोग भोजन कर सकें इतनी भिक्षा दे दी। सुप्रिया वहाँ से चल पड़ी और दूसरे द्वारों पर गयी। सुप्रिया को भिक्षा माँगते हुए देखकर अब सेठों का हृदय पिघलने लगा किः ʹजो हमें करना चाहिए था, वह कार्य यह एक नन्हीं सी बालिका कर रही है ! धिक्कार है हमारे लोभ को और धिक्कार है हमारे ऐसे वैभव को, जो मानव जाति के काम न आये !ʹ

तन मन धन से कीजिये, निशिदिन पर उपकार।

यह सदभाव उनके मन में जाग उठा और सब सेठ लग गये अकाल राहत कार्य में। श्रावस्ती का अकाल दूर हो गया। लाखों-लाखों जीवों को जीवनदान मिला एक सुप्रिया के संकल्प मात्र से।

एक शुभ संकल्प करो और उसमें डट जाओ।

इसी प्रकार दृढ़ निश्चय के साथ नारदजी भक्ति के दुःखनिवारणार्थ भ्रमण करने निकल पड़े। जब वे विशालापुरी से गुजरे तो उनकी भेंट सनकादि ऋषियों से हुई। सनकादि ऋषियों ने पूछाः “नारद ! उदास पुरुषों की नाईं तुम जल्दी जल्दी कहाँ जा रहे हो ?”

नारदः “भगवन ! मैं काशी, मथुरा, रंगक्षेत्र, रामेश्वरम्, द्वारिका, हरिद्वार आदि क्षेत्रों में गया किन्तु कहीं भी, किसी भी तीर्थ में शांति देने वाले महापुरुषों के दर्शन मुझे नहीं हुए। कलियुग के मित्र अधर्म ने तीर्थों को भी बिगाड़ दिया है। धूर्त लोग तीर्थों एवं मंदिरों पर अधिकार करने लग गये हैं। जीवन को शांति मिले, ऐसी कोई जगह न दिखी। भूमण्डल पर घूमते-घूमते, पुष्कर और  प्रयाग में घूमते-घूमते मैं वृन्दावन आया जहाँ मुझे एक युवती अपने दो वृद्ध एवं मूर्च्छित पुत्रों ज्ञान और वैराग्य के पास बैठकर विलाप करती हुई दिखी, जो चारों ओर से अपनी सखियों से घिरी हुई थी। उऩका नाम भक्ति है। प्रभो ! “मैंने शपथ ली है कि उस भक्ति के दुःख को दूर करूँगा और उसके पुत्रों, ज्ञान-वैराग्य को जागृत करूँगा। मैंने कई मंत्रोच्चारण किये, वेद-पाठ किया, कई बार उन्हें जगाया लेकिन वे पुनः मूर्च्छित हो जाते थे। फिर आकाशवाणी हुई किः “हे नारद ! तुम उद्योग करो, तब तुम सफल होगे।ʹ किन्तु महाराज ! मैं कौन-सा उद्योग करूँ ? आकाशवाणी ने कुछ स्पष्ट नहीं बताया। ज्ञान-वैराग्य को जागृत करने के तरीके जानने के लिए मैं मठों, मंदिरों एवं आश्रमों आदि में घूमा लेकिन उसका उपाय कोई नहीं बता सका।”

तब सनकादि ऋषियों ने कहाः “भक्ति का दुःख दूर करने का एक ही उपाय है कि कलियुग के दोषों को दूर करने वाली भगवत्कथा सुनायी जाये, तभी ज्ञान और वैराग्य पुष्ट हो सकेंगे।”

अतः जो लोग भक्ति का रसपान करना चाहते हैं, उन्हें इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि कलियुग के दोषों को दूर करने के लिए भगवत्कथा सुनें जिससे ज्ञान-वैराग्य पुष्ट हो सकें। सनकादि ऋषियों ने आगे कहाः “श्रीमद् भागवत का पारायण किया जाय। उसके शब्द सुनने से ही ज्ञान और वैराग्य को बड़ा बल मिलेगा। इससे उऩका कष्ट मिट जायेगा अर्थात् उनकी मूर्च्छा टूट जायेगी और साथ ही भक्ति भी पुष्ट होगी। जैसे सिंह की गर्जना सुनकर भेड़िये भाग जाते हैं, उसी प्रकार श्रीमद् भागवत की अनुगूँज से कलियुग के सारे दोष नष्ट हो जायेंगे। तब प्रेमरस प्रवाहित करने वाली भक्ति ज्ञान और वैराग्य को साथ में लेकर प्रत्येक घर और व्यक्ति के हृदय में क्रीड़ा करेगी।”

सनकादि ऋषियों की आज्ञा को शिरोधार्य करके देवर्षि नारद ने हरिद्वार में गंगातट पर ʹश्रीमद् भागवतʹ कथा का आयोजन किया जिसके फलस्वरूप ज्ञान-वैराग्य जाग उठे एवं भक्ति पुष्ट हो गयी। इतनी महत्ता है ʹश्रीमद् भागवतʹ के कथामृत का पान करने की ! तभी तो ʹश्रीमद् भागवत माहात्म्य के विषय में स्वयं भगवान ने अपने श्रीमुख से ब्रह्मजी को कहा हैः

श्रीमद् भागवतं पुण्यमायुरारोग्य पुष्टिदम्।

पठनाच्छ्रवणाद्वापि सर्वपापैः प्रमुच्यते।।

ʹयह पावन पुराण ʹश्रीमद् भागवतʹ आयु, आरोग्यता और पुष्टि देने वाला है। इसका पाठ अथवा श्रवण करने मनुष्य सब पापों से मुक्त हो जाता है।ʹ

इस पवित्र पुराण का पाठ स्वयं करें या पवित्र, सात्त्विक, व्यसनमुक्त, संत-हृदय वक्ता के मुख से सुनें।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मई 1999, पृष्ठ संख्या 7-11, अंक 77

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ