Articles

ऐसे गहने हों तो हीरे-मोतियों की क्या आवश्यकता ?


भक्तिमति मीराबाई की भगवद्भक्ति, साधुसंगति आदि देखकर एक ओर जहाँ उनके देवर विक्रमादित्य (महाराजा विक्रम) का क्रोध बढ़ता जा रहा था, वहीं दूसरी ओर मीरा की यश-कीर्ति का विस्तार हो रहा था । मंदिर में महल की डयोढ़ी (दहलीज) पर मीरा के भजन लिखने-सुनने वाले जिज्ञासु यात्रियों, साधु सज्जनों की भीड़ लगी ही रहती थी । यह सब देख-सुन महाराणा विक्रम तिलमिला उठता था ।

एक दिन मीरा की ननद उदा के पति पधारे । सारी हँसी-खुशी के बीच उन्होंने पत्नी को उलाहना दियाः “तुम्हारी भाभी पुरुषों की भीड़ में नाचती गाती हैं । कैसी कुलरीति है हिन्दूपति राणा के घर की ?”

उदा मन ही मन गुस्से को पी गयी और दूसरे दिन उसने सारी भड़ास मीराबाई पर निकालते हुए कहाः “मेरी भाभी ! क्या जानती है आप अपनी करतूतों का परिणाम ? आपके नंदोई, इस घर के जँवाई पधारे हैं । आपके कारण मुझे कितने उलाहने, कितनी वक्रोक्तियाँ सुननी पड़ीं सो तो मैं ही जानती हूँ ।”

मीरा ने कहाः “बाईसा ! जिनसे मेरा कोई परिचय या स्नेह-संबंध नहीं है, उनके द्वारा दिये गये उलाहनों का कोई प्रभाव मुझ पर नहीं होता ।”

मीरा का उत्तर सुनकर उदा मन ही मन जल उठी और व्यंग्यपूर्वक बोलीः “किंतु भाभी ! कैसे समझाऊँ आपको कि आपके इस साधु-संग से आपका मायका और ससुराल दोनों लज्जित हैं । आप इन बाबाओं का संग छोड़ती क्यों नहीं है ? सारे सगे-संबंधियों और प्रजा में थू-थू हो रही है । क्या इन श्वेत वस्त्रों को छोड़कर और कोई रंग नहीं बचा है पहनने को ? और कुछ न सही पर एक-एक सोने का कंगन हाथों में और एक स्वर्ण-कंठी गले में पहन ही सकती हैं न ? क्या आप इतना भी नहीं जानतीं कि लकड़ी के डंडे जैसे सूने हाथ अपशकुनी माने जाते हैं ? जब बावजी हुकम (मीराबाई के पति भोजराज) का परलोकगमन हुआ और गहने-कपड़े उतारने का समय आया, तब तो आप सोलहों श्रृंगार करके उनका शोक मनाती रहीं और अब ? ये तुलसी की मालाएँ हाथों और गले में बाँधे फिरती हैं, जैसे कोई निर्धन औरत हो । पूरा राजपरिवार लाज से मरा जा रहा है  आपके व्यवहार के कारण ।”

मीराबाई ने शांतभाव से कहाः “जिसने शील (किसी का भी अहित न चाहना और न करना, सच्चरित्रता, सदाचार, विनम्रता) और संतोष के गहने पहन लिये हैं, उसे सोने और हीरे-मोतियों की आवश्यकता नहीं रहती बाईसा !”

मीरा के वचनों में जीवन की एक गहरी सच्चाई झलक रही थी । मीराबाई को भक्तिमार्ग से हटाने के लिए बहुत प्रयास हुए फिर भी वे डटी रहीं । गीता में जो भी कहा गया हैः भजन्ते मां दृढव्रताः । जो दृढ़ हैं वह अवश्य पूर्णता प्राप्त कर लेता है ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, नवम्बर 2019, पृष्ठ संख्या 21 अंक 323

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

कैसा होना चाहिए सेवक का दृष्टिकोण ? – पूज्य बापू जी


जो जवाबदारियो से भागते रहते हैं वे अपनी योग्यता कुंठित कर देते हैं और जो निष्काम कर्मयोग की जगह पर एक-दूसरे की टाँग खींचते हैं वे अपने आपको खींच के नाले में ले जाते हैं । मूर्ख लोग काम टालते हैं…. वह उस पर टालेगा, वह उस पर टालेगा । जब यश और सफलता होगी तो छाती फुला के आगे आयेंगे और विफलता होगी तो कहेंगेः ‘मैं तो कहता था कि ऐसा नहीं करना चाहिए । इसने ऐसा किया, उसने वैसा किया’ अथवा तो काम बढ़िया हो गया तो बोलेंगे, ‘हमने किया, हमने किया……’ और बिगड़ गया तो बोलेंगे कि ‘ईश्वर की मर्जी !’ इसका मतलब बिगाड़ने के सब काम ईश्वर करता है और बढ़िया काम तुम ही कर रहे हो ! स्वार्थ से मति ऐसी अंध हो जाती है और सेवा से मति शुद्ध हो जाती है ।

बढ़िया काम होता है तो  बोलना चाहिएः ‘ईश्वर की कृपा थी, महापुरुषों का, शास्त्रों का प्रसाद था ।’ कार्य में सफलता मिलने पर गांधी जी कहते थेः “मेरे कार्य के पीछे ईश्वर का हाथ था ।”

मेरे गुरु जी कहा करते थेः “जुदा-जुदा जगह पर काम करने वाली कोई महान शक्ति है । हम लोग तो निमित्तमात्र हैं । लोग बोलते हैं, ‘लीला (लीलाशाहजी) ने किया, लीला ने किया…. लीला कुछ नहीं करता है ।” और कहीं गलती हो गयी तो तो बोलतेतः “भाई ! क्या करूँ, हम तो पढ़े लिखे नहीं हैं । हमारी गलती हो तो आप क्षमा कर देना ।” कितनी नम्रता है उन महापुरुषों की !

ऐसे ही सुख की, मान की अभिलाषा सच्चा सेवक नहीं करता । जब साधक सुख और मान की अभिलाषा हटाने के लिए सेवा करता है तो सुख और मान उसे सहज, स्वाभाविक प्राप्त होने लगते हैं, अंदर से ही उसका सुख और सम्मानित जीवन प्रकट होने लगता है ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद नवम्बर 2019, पृष्ठ संख्या 16 अंक 323

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

अदभुत है गीता ग्रंथ ! – पूज्य बापू जी


(श्रीमद्भगवदगीता जयंतीः 8 दिसम्बर 2019)

सारे वेदों का, उपनिषदों का अमृत सरल भाषा में जिस ग्रंथ में है और जो सभी तक पहुँचे ऐसा ग्रंथ है श्रीमद्भगवदगीता । भगवद्गीता ने क्रांति कर दी । श्रीकृष्ण ने प्रेमाभक्ति का दान देकर अंदर की चेतना जगा दी लेकिन जो विचारप्रधान थे उनको युद्ध के मैदान में ऐसी गीता दे डाली कि दुनिया में कोई किसी भी सम्प्रदाय, मत-मजहब का विचारक हो, चाहे राजनैतिक मंच पर गया हो चाहे धर्म के मंच पर गया हो, चाहे समाज-सुधार के मंच पर गया हो, चाहे समाज-सुधार के मंच पर हो चाहे भक्ति मार्ग या योगमार्ग के मंच पर हो…. ऐसा कोई विश्वविख्यात वक्ता नहीं मिलेगा जिसने गीता का अवलम्बन न लिया हो, दृष्टान्त न लिया हो ।

कोई सम्प्रदाय, कोई पंथ हो… गीता में किसी के साथ पक्षपात नहीं किया गया । किसी पंथ-सम्प्रदाय को, किसी मजहब को, किसी बाड़े को लेकर गीता नहीं चली ।

गीता के द्वार सबके लिए खुले हैं

श्रीकृष्ण जानते हैं कि धरा का सुख तो पशु-पक्षियों को, अन्य जीव-जंतुओं को भी मिलता है लेकिन ये मेरे प्यारे मनुष्य-अवतार में आये हैं, जो मुझे अति प्यारी देह है – मनुष्य-तन, उसमें आये हैं और ये अगर धरा के अमृत में ही रुक जायेंगे, धरा के ही  विषय सुख में जीवन बरबाद कर देंगे तो जीवनदाता का सुख कब ले पायेंगे ? इसलिए श्रीकृष्ण ने कोई शर्त नहीं रखी । और पंथों ने, मजहबों ने शर्त रखी कि ‘यदि तुम पापी हो तो 12 वर्ष का उपवास करो, एक दिन छोड़कर एक दिन खाओ । महीने में चान्द्रायण व्रत करो, अमुक यह करो, अमुक यह करो । खुदा को, गॉड को प्रार्थना करो…।’

श्रीकृष्ण तो यह कह रहे हैं कि

अपि चेदसि पापेभ्यः सर्वभ्यः पापकृत्तमः ।

तू दुराचारियों में, पापियों में आखिरी पंक्ति का हो…. जैसे प्रिय, प्रियतर, प्रियतम…. प्रियतम अर्थात् सबसे प्रिय, ऐसे ही पापकृत, पापकृत्तर, पापकृत्तम…. पापकृत्त्म अर्थात् सबसे बड़ा पापी भी हो तो भी –

सर्वं ज्ञानप्लवेनैव वृजिनं सन्तरिष्यसि ।।

तू उस ब्रह्मज्ञान की नाव में बैठ, तू यूँ तर जायेगा, यूँ !

अगर विश्व में कोई आश्वासन देने वाला ग्रंथ है तो वह है भगवद्गीता । गीता ने अबोध बच्चों को, अनजान ग्वाल-गौपों को, अनपढ़ लोगों को भी आमंत्रित किया । भक्तों, योगियों, ज्ञानियों और राजनीतिज्ञों के लिए भी गीता के द्वार खुले हैं । निष्काम कर्म करने वालों के लिए भी गीता कहती है कि ‘आ जा !’ और सकाम कर्म करने वाला गीता ज्ञान चाहता है तो भी कोई बात नहीं, ‘आ जा !’ जैसे माँ का विशाल हृदय होता है…. फिर पठित बालक है तो माँ का है, अपठित है तो माँ का है, धनाढ्य है तो माँ का है और निर्धन है तो माँ का है । तोतली भाषा बोलता है तो भी माँ उसे प्यार करती है और सुंदर-सुहावनी, लच्छेदार भाषा बोलता है तब भी माँ के आगे तो वह बच्चा ही है । ऐसे ही गीता माता का हृदय अति विशाल है । गीता माता की जय हो, जय हो, जय हो !

गीता के प्राकट्य का उद्देश्य क्या था ?

गीता प्रकटते ही उसकी महिमा देखो ! रण के मैदान में गीता प्रकटी है । योद्धा अर्जुन को अपना अमृतपान कराती है । जिज्ञासु संजय के पास तो गीता प्रकटी है लेकिन अंधे धृतराष्ट्र के घर तक भी तुरंत पहुँची है । गीता के प्राकट्य का उद्देश्य युद्ध नहीं था । उद्देश्य क्या था ? व्यापक जन समाज को सत्-चित्-आनंदमय जीवन की प्राप्ति में जो अति विघ्न हैं उनको कैसे आसानी से हटाया जाय क्योंकि वासना वालों के हाथ में राज्यसत्ता है । अति वासना वाले हैं दुर्योधन, शकुनि और वे कपट करके अपनी वासनापूर्ति के लिए लगे हैं । अर्जुन वासना से प्रेरित होकर युद्ध करना चाहता था क्या ? नहीं-नहीं ।

दुर्योधन बोलता है कि ‘ये सारे योद्धा मेरे लिए प्राण त्यागने को तैयार हैं’ अर्थात् मेरी इच्छा पूरी हो और मुझे राज्य मिले । यह वासना है ।

अर्जुन कहता है कि ‘कृष्ण ! मुझे विजय की इच्छा नहीं है और न मैं राज्य की एवं सुख ही चाहता हूँ । जिनके लिए मैं राज्य चाहता हूँ वे ही रणभूमि में मेरे सामने खड़े हैं तो मैं राज्य पाकर क्या करूँगा ? गोविन्द ! भला हमें राज्य से क्या प्रयोजन है ? तथा भोग या जीवन से भी क्या लेना है ?’

तो अर्जुन के जीवन में जनहित का उद्देश्य दिख रहा है और दुर्योधन के जीवन में वासना है ।

गीताकार ने कुछ नहीं छोड़ा

गीता का ज्ञान जिसके जीवन में उतरा, गीता उसकी हताशा-निराशा को दूर कर देती है । हारे हुए, थके हुए को भी गीता अपने आँचन में आश्वासन देकर प्रोत्साहित करती है । कर्तव्य-कर्म करने के मैदान में आया हुआ अर्जुन जब भागने की तैयारी करता है, ‘भीख माँगकर रहूँगा लेकिन यह युद्ध नहीं करूँगा ।’ ऐसे विचार करता है तो उसको कर्तव्य-कर्म करने की प्रेरणा देती है और कर्म में से आसक्ति हटाने के लिए अनासक्ति की प्रेरणा भी देती है ।

ऐसी कोई बात नहीं है जो गीताकार ने गीता में छोड़ी हो । कितना अदभुत ग्रंथ है गीता ! इसकी जयंती मनायी जाती है ,अच्छा है, उचित है गीता जयंती मनाना ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, नवम्बर 2019, पृष्ठ संख्या 12,13 अंक 323

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ