Articles

अपने में हनुमान जी के गुण धारण करो


श्री हनुमान जयंतीः 

कर्म को, भक्ति को योग बनाने की कला तथा ज्ञान में भगवद्योग मिलाने की कला हनुमान जी से सीख लो, हनुमान जी आचार्य हैं । लेकिन जिसके पास भक्ति, कर्म या योग करने का सामर्थ्य नहीं है, बिल्कुल हताश-निराश है तो…. ? ‘मैं भगवान का हूँ, भगवान की शरण हूँ….’ ऐसी शरणागति योग की कला भी हनुमान जी के पास है । हनुमान जी राम जी की तो सेवा करते हैं लेकिन रामभक्तों की भी समस्याओं का हल करने के लिए उनके सपने में जा-जाकर उनका मार्गदर्शन करते हैं । कई ऐसे भक्त हैं जो बताते हैं कि ‘हनुमान जी सपने में आये, बोलेः बापू से दीक्षा ले लो ।’

वायुपुत्र हनुमान जी, वायु देवता, अंतरात्मा देवता हमारा मंगल चाहते हैं । हम भी सभी का मंगल चाहें तो भगवान के स्वभाव से हमारे स्वभाव का मूल एकत्व हमें समझ में आने लगेगा । ऐसी कोई तरंग नहीं जो पानी न हो । ऐसा कोई घड़े का आकाश नहीं जो महाकाश से अलग हो । ऐसा कोई जीवात्मा नहीं जो परमात्मा से अलग हो । लेकिन काम, क्रोध, वासना, कर्तृत्व-अभिमान ने जीवन को भुलावे में डाल दिया ।

सेवक हो तो ऐसा

वाणी के मौन से शक्ति का संचार होता है, मन के मौन से सिद्धियों का प्रादुर्भाव होता है और बुद्धि के मौन से आत्मा-परमात्मा के ज्ञान का साक्षात्कार होता है । हनुमान जी कम बोलते थे, सारगर्भित बोलते थे । आप अमानी रहते थे, दूसरों को मान देते । यश मिले तो प्रभु जी के हवाले करते, कहीं गलती हो जाय तो गम्भीर भी इतने की सिर झुकाकर राम जी के आगे बैठते थे । प्रेमी भी इतने कि जो भरत कर सके, लक्ष्मण न कह सकें वह खारी, खट्टी-मीठी बात हनुमान जी कह देते थे ।

यदि भरत राम जी से बोलें कि “आप मेरे कंधे पर बैठिये ।” तो राम जी नहीं बैठेंगे । लक्ष्मण जी कहें कि “आपके कोमल चरण धरती पर…. एड़ियाँ फट गयीं, पैरों में काँटे चुभ रहे हैं…. आप मेरे कंधे पर बैठिये ।” तो राम जी नहीं बैठेंगे । लेकिन हनुमान जी कहते हैं कि “प्रभु जी ! आपके कोमल चरण कठोर, पथरीली धरती पर…. मैं तो पशु हूँ । आइये, आप और लक्ष्मण जी – दोनों मेरे कंधे पर बैठिये ।”

दोनों भाई बैठ गये और हनुमान जी ‘जय श्री राम !’ कह के उड़ान भरते हैं ।

हनुमान जयंती पर हनुमान जी की उपासना व स्मृति बुद्धि, बल, कीर्ति और धीरता देने वाली है । निर्भीकता, आरोग्य, सुदृढ़ता और वाक्पटुता चाहने वाले लोग भी हनुमान जयंती के दिन हनुमान जी की गुणगाथा सुनकर अपने में वे गुण धारण करने का मन बना लेंगे तो उनका संकल्प भी देर-सवेर फल दे सकता है ।

आम आदमी मन चाहे देवी देवता, भगवान की भक्ति में लगते हैं और वही भक्ति का फल उन्हें आत्मसाक्षात्कारी महापुरुषों तक पहुँचा देता है । सुयोग्य साधक के लिए तो

ध्यानमूलं गुरोर्मूर्तिः पूजामूलं गुरोः पदम् ।

मंत्रमूलं गुरोर्वाक्यं मोक्षमूलं गुरोः कृपा ।।

राजकुमार प्रचेताओं ने ऐसी तो साधना की कि शिवजी प्रकट हो गये व शिवजी से विष्णु जी के दर्शन का विष्णु-स्तवन का साधन, मंत्र लिया ।

विष्णु जी प्रसन्न हुए, प्रकट होकर बोलेः “तुम्हें देवर्षि नारदजी का सत्संग मिलेगा ।” देवर्षि नारदजी ने उन्हें फिर आत्मसाक्षात्कार करा दिया । रामकृष्णदेव को माँ काली ने तोतापुरी गुरु के पास पहुँचाया और गुरु ने उन्हें साकार के मूल निराकार तत्त्व में, जीव-ब्रह्म के एकत्व में पूर्णता दिलायी । हमने भी बाल्यकाल से देवी-देवता, श्रीकृष्ण, हनुमान जी आदि की साधना-उपासना की । ब्रह्मवेत्ता सद्गुरु भगवत्पाद साँईं श्री लीलाशाहजी महाराज  मिले तो ‘ध्यानमूलं गुरोर्मूर्तिः’ गुरुकृपा का लाभ लिया ।

गुर बिनु भव निधि तरइ न कोई ।

जौं बिरंचि1 संकर2 सम होई ।। (रामायण)

सर्व कर्माखिलं पार्थ ज्ञाने परिसमाप्यते ।। (गीताः 4.33)

सारी साधनाओं व पूजा का फल यह है कि ब्रह्मवेत्ता सद्गुरु मिले । रामकृष्णदेव आत्मसिद्धि को प्राप्त हुए तोतापुरी गुरु की कृपा से । प्रचेता नारदजी की, छत्रपति शिवाजी समर्थ रामदास जी की, नामदेव जी विसोबा खेचर की कृपा से और हम ‘ध्यानमूलं गुरोर्मूर्तिः’ अपने गुरुदेव से….।

1 ब्रह्मा जी 2 शंकर जी

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मार्च 2019, पृष्ठ संख्या 12,13 अंक 315

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

रामराज्य की स्थापना कैसे हो ?


श्री राम नवमीः 13 व 14 अप्रैल 2019

रामायण का आध्यात्मिक अर्थ बताने वाले संत कहते हैं कि दस इन्द्रियों में रमण करने वाला जो दशरथ ‘जीव’ है, वह कहता है कि “अब इस हृदय-गादी पर जीव का नहीं, राम का राज्य होना चाहिए ।” गुरु बोलते हैं कि “हाँ, करो !” गुरु जब रामराज्य की हामी भरते हैं तो दशरथ को खुशी होती है लेकिन रामराज्य होने के पहले दशरथ कैकेयी की बातों में आ जाते हैं ।

दशरथ की 3 रानियाँ बतायी गयी हैं – कौसल्या, सुमित्रा और कैकेयी अर्थात् सत्वगुण, रजोगुण और तमोगुण । जब रजोगुण और सत्वगुण में से हटकर दशरथरूपी जीव तमोगुण में फँसता है, कैकेयी अर्थात् कीर्ति में, वासना में फँसता है तो रामराज्य के बदले राम-वनवास होता है तो दशरथ भी चैन से नहीं जी सकता है । और समाज में देखो, कोई दशरथ चैन से नहीं है । ज्यादा या कम धनवाला, ज्यादा या कम पढ़ा, मोटा अथवा पतला, नेता या जनता…. सब बेचैन हैं । क्यों ? कि राम-वनवास है ।

आत्माराम से मुलाकात हेतु….

राम जी के साथ सीता जी थीं । ‘राम’ माने ‘ब्रह्म’ और ‘सीता’ माने ‘वृत्ति’ । राम के करीब हैं सीता किन्तु उनकी नज़र स्वर्ण-मृग पर जाती है । राम को बोलती हैं- “मुझे वह मृग ला दो !” जब सोने के मृग पर तुम्हारी वृत्तिरूपी सीता जाती है तो उसका राम से वियोग हो जाता है । सोने के मृग अर्थात् धन-दौलत पर जब व्यक्ति का चित्त जाता है तब वह आत्माराम से विमुख हो जाता है । फिर लंका अर्थात् स्वर्ण मिलता है लेकिन शांति नहीं मिलती है । उसी वृत्ति को यदि राम जी का मिलन कराना हो तो बीच में हनुमानजी चाहिए ।

जाम्बवंत को बुलाया, इसको बुलाया, उसको बुलाया… कोई बोलता है, ‘एक योजन कूदूँगा’, कोई दो योजन कहता है…. हनुमान जी 100 योजन समुद्र कूद गया । नापा जाय तो दक्षिण भारत के सागर-किनारे से लंका 100 योजन नहीं है परंतु शास्त्र की बातें गूढ़ हैं । जीवन जो 100 वर्षों वाला है, उसके रहस्य को पाने के लिए छलाँग मारने का अभ्यास और वैराग्य हो । हनुमान जी को अभ्यास व वैराग्य का प्रतीक कहा गया है । हनुमान जी सीता जी को राम जी से मिला देंगे अर्थात् अभ्यास और वैराग्य – ये वृत्ति को ब्रह्म में विलीन कर देंगे ।

वृत्ति को मजबूत बनाने के लिए….

राम जी उत्तर में हुए और रावण दक्षिण की तरफ । उत्तर ऊँचाई है और दक्षिण निचाई है । इसका तात्त्विक अर्थ है कि मनुष्य की वृत्तियाँ शरीर के निचले हिस्से में रहती हैं । जब वह काम से घिर जाता है, क्रोध से भर जाता है तो सीता अर्थात् उसकी वृत्ति नीचे आ जाती है । सीता जब रावण के करीब होती है तो ज्यादा बेचैन होती है । वह ज्यादा समय वहाँ ठहर नहीं सकती है । काम के करीब व्यक्ति की सीतारूपी वृत्ति ज्यादा समय ठहर नहीं सकती है । चित्त में काम आ जाता है तो बेचैनी आ जाती है, जब ‘राम’ आ जाता है तो आनंद-आनंद हो जाता है । रावण की अशोक वाटिका में सीता जी नजरकैद हैं लेकिन सीता में निष्ठा है तो रावण अपना मनमाना कुछ कर नहीं पाता है । ऐसे ही वृत्ति में यदि दृढ़ता है, आत्माराम के प्रति पूर्ण आदर है तो काम व्यक्ति को नचा नहीं सकता है । जैसे सीता के संकल्प को मजबूत बनाने के लिए जप, तप, स्वाध्याय, सुमिरन चाहिए ऐसे ही इन चित्तवृत्ति को दृढ़ बनाने के लिए साधन-भजन चाहिए ।

रावण कैसे मरेगा ?

रावण मर नहीं रहा था । विभीषण से पूछा गया कि “कैसे मरेगा ?”

बोलेः “जब तक आपका बाण रावण की नाभि में नहीं लगेगा तब तक वह नहीं मरेगा ।” अर्थात् कामनाएँ नाभिकेन्द्र में रहती हैं । योगी जब कुंडलिनी योग करते हैं तो मूलाधार चक्र में स्पंदन होता है, फिर स्वाधिष्ठान चक्र में खिंचाव होता है । जन्म जन्मांतरों की जो वासनाएँ, कामनाएँ हैं उनको धकेलने के लिए चित्तवृत्ति अर्थात् जो सीता माता है वह डाँटती-फटकारती है । जब डाँट-फटकार चालू होती है तो साधक के शरीर में क्रियाएँ होने लगती हैं । कभी रावण का प्रभाव दिखता है तो कभी सीता का । साधक के जीवन में कभी कामनाओं का तो कभी सद्विचारों का प्रभाव दिखता है ।

सीता जी को राम के करीब लाना है तो बंदर, रीछ – सभी साथ देते हैं । गिलहरियाँ भी साथ देने लगीं, रेती के कण उठाकर समुद्र में डालने लगीं । तुम यदि अपनी वृत्ति को परमात्मा के रास्ते लगाते हो तो प्रकृति और वातावरण तुम्हें अनुकूलता व सहयोग भी देते हैं । तुम यदि भोग की तरफ होते हो तो वातावरण तुम्हें नोच भी लेता है ।

उससे बड़ा दिन कोई नहीं !

जब तक राम नहीं आये थे तब तक अयोध्या सूनी थी । ‘राम जी आ रहे हैं’ – ऐसी सूचना जब अयोध्यावासियों ने सुनी तो नगर को सजाया है, साफ-सफाई की है । राम आने को होते हैं तो साफ-सफाई पहले हो जाती है । ऐसे ही जब परमात्म-साक्षात्कार होता है तो तुम्हारे चित्तरूपी, देहरूपी नगर के कल्मष पहले कट जाते हैं, पाप, मल1, विक्षेप2 – सब हट जाते हैं । तुम स्वच्छ, पवित्र हो जाते हो । राम जब नगर में प्रवेश करते हैं वह दिन दीपावली का दिन माना जाता है । लौकिक दीवाली व्यापारी पूजते हैं लेकिन साधक की दीवाली तो तब है जब हृदय छुपे हुए जो आत्माराम ‘काम’ के करीब गये हैं वृत्तिरूपी सीता को छुड़ाने के लिए, वे अपने सिंहासन पर आ जायें, अपने स्वरूप में जागृत हो जायें । बड़ा दिन तो वह है जब बड़े-में-बड़े परमात्म-तत्त्व का ज्ञान हो, उससे बड़ा दिन कोई नहीं ।

1 चित्त की मलिनता, जो कि काम, क्रोध, लोभ आदि विकारों आती है ।

2 चित्त की चंचलता ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मार्च 2019, पृष्ठ संख्या 11,12 अंक 315

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

यह भी अपने-आप में बड़ी सिद्धि है


कार्य की सफलता उद्यम से होती है । जो प्रयत्नशील एवं उद्यमशील रहता है उसी के कार्य सिद्ध होते हैं, आलसी के नहीं । जंगल का राजा होने के बाद भी सोये हुए सिंह के मुख में मृग स्वयं प्रवेश नहीं करते, उसे भी उद्यम करना पड़ता है ।

जर्मनी में जोजफ बर्नडार्ड नामक एक युवक था, जो बचपन में इतना भोंदू था कि उसे पढ़ाने के लिए माता-पिता ने उसको कई स्कूलों में भर्ती कराया, कई योग्य शिक्षक नियुक्त किये पर वह बुद्धु ही रहा ।

एक दिन दुःखी माता-पिता ने क्रोध में आकर उससे कहाः “अरे मूर्ख ! तेरे जैसे निकम्मे के स्थान पर हम लोग कोई पिल्ला पाल लेते तो अच्छा था ।”

ये शब्द बर्नडार्ड को चुभ गये । उसने उसी क्षण निश्चय कर लिया कि ‘अब मैं निकम्मेपन के इस दाग को धोकर ही रहूँगा !’

उसने अपनी सारी शक्ति अध्ययन में केन्द्रित कर दी । उसकी लगन, जोश व निश्चय-बल का परिणाम यह हुआ कि वह मूर्ख बालक नौ-नौ भाषाओं का ज्ञाता बन गया ।

उसने ऐसी विलक्षण क्षमता अपने भीतर पैदा कर ली कि जब वह पार्लियामेंट में आया तो 9-9 भाषाओं में बोलता और लिखता था । उसकी क्षमता 9 व्यक्तियों के बराबर हो गयी, जिसे देखकर लोग दंग रह जाते थे ।

यह तो कुछ भी नहीं, हमारे देश में ऐसे अगणित उदाहरण इतिहास प्रसिद्ध हैं । महामूर्ख किशोर को सत्संग मिला और लग गया उसके अनुसार पुरुषार्थ करने तो वही आगे चलकर महान संत श्रीधर स्वामी के नाम से सुविख्यात हो गये । जिस डाली पर बैठा है उसे ही काट रहा है – ऐसा युवक पुरुषार्थ में लग गया और वही समय पाकर महान विद्वान एवं महाकवि कालिदास जी के नाम से प्रसिद्ध हो गये । जगतपति को प्रकट करने व अटल पद पाने के पीछे ध्रुव का पुरुषार्थ ही तो था !

मनुष्य जब तक स्वयं उठने की चेष्टा नहीं करता तब तक वह निकम्मा ही रहता है । यदि उसका सोया हुआ आत्मबल जाग जाय तो ऐसी कौन-सी मंजिल है जो वह नहीं पा सकता !

उद्यमी को देखकर भाग्यहीनता डर के भाग जाती है । उद्यमी चट्टान में भी राह बना लेता है । उद्यम करने पर भी कभी ध्येय सिद्ध न हो तो भी उदा नहीं होना चाहिए क्योंकि पुरुषार्थ अथवा प्रयत्न स्वयं ही एक बड़ी सिद्धि है । अतः जीवन में पुरुषार्थ होना चाहिए । और हमारा पुरुषार्थ सुफलित हो इसके लिए जरूरी है कि वह संत व शास्त्र सम्मत हो ।

पूज्य बापू जी के सत्संग में आता हैः “जो उद्यम, साहस, धैर्य, बुद्धि, शक्ति और पराक्रम का अवलम्बन लेता है उसको अंतर्यामी परमेश्वर पद-पद पर सहायता करते हैं । उद्यमी और श्रमशील लोगों को ही श्री और सुख प्राप्त होते हैं । देवता भी आलस्यरहित, उत्साही, श्रमशील लोगों की ही सहायता करते हैं । जो चलचित्र देखता है है, अपने समय शक्ति खोता है या आलसी होकर बैठा रहता है उसका भाग्य भी बैठा रहता है । जो उठ खड़ा होता है उसका भाग्य भी उठ खड़ा होता है । जो सोया पड़ा रहता है उसका भाग्य भी सोया पड़ा रहता है । जो आगे बढ़ता है उसका भाग्य भी आगे बढ़ता है । अतः सुयोग्य संग, सुयोग्य पुरुषार्थ और ऊँचा उद्देश्य (परमात्मप्राप्ति), ऊँचा संग-सत्संग सर्वांगीण विकास की कुंजी है ।”

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मार्च 2019, पृष्ठ संख्या 8 अंक 315

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ