Articles

श्रेष्ठ रोगहारी अमृत संजीवनीः ग्वारपाठा


 

ग्वारपाठा या घृतकुमारी स्वास्थ्यरक्षक, सौंदर्यवर्धक तथा रोगनिवारक गुणों से भरपूर है। यह शरीर को शुद्ध और सप्तधातुओं को पुष्ट कर रसायन का कार्य करता है। यह रोगप्रतिरोधक प्रणाली को मजबूत करने में अति उपयोगी एवं त्रिदोषशामक, जठराग्निवर्धक, बल, पुष्टि व वीर्य वर्धक तथा नेत्रों के लिए हितकारी है। यह यकृत के लिए वरदान स्वरूप है।

पीलिया, रक्ताल्पता, जीर्णज्वर (हड्डी का बुखार), तिल्ली (Spleen) की वृद्धि, नेत्ररोग, स्त्रीरोग, हर्पीज (herpes), वातरक्त (gout), जलोदर (ascites) घुटनों व अन्य जोड़ों का दर्द, जलन बालों का झड़ना, सिरदर्द, अफरा और कब्जियत आदि में यह उपयोगी है। पेट के पुराने रोग, चर्मरोग, गठिया व मधुमेह (diabetes) तथा बवासीर के रोगी को आमयुक्त (चिकने) रक्तस्राव में ग्वारपाठा बहुत लाभदायी है।

ग्वारपाठे पर नवीन शोधों के परिणाम

यह बिना किसी दुष्प्रभाव के सूजन एवं दर्द को मिटाता है तथा एलर्जी से उत्पन्न रोगों को दूर करता है।

यह रोगों से लड़ने में प्रतिजैविक (एंटीबायोटिक) के रूप में काम करता है। यह सूक्ष्म कीटाणु, बैक्टीरिया, वायरस एवं फंगस के कीटाणुओं से लड़ने की क्षमता रखता है।

त्वचा की मृत एवं खराब कोशिकाओं को पुनः जीवित कर त्वचा को सुदृढ़ बनाता है। रक्त में बने थक्कों को साफ करते हुए खून के प्रवाह को सुचारू करता है।

यह कोलेस्ट्रोल को घटाता है। हृदय की कार्यक्षमता बढ़ाकर उसे मजबूती प्रदान करता है।

शरीर में ताकत एवं स्फूर्ति लाता है।

यकृत एवं गुर्दों को सुचारू रूप से कार्य करने में मदद करता है एवं शरीर के जहरी पदार्थों को निकालने में सहायता करता है।

इसमें यूरोनिक एसिड होता है, जो आँतों के अंदर की दीवाल को सुदृढ़ बनाता है।

औषधीय प्रयोग

बवासीरः ग्वारपाठे के गूदे में 2-3 ग्राम हल्दी व 20 ग्राम मिश्री मिला के सुबह शाम सेवन करें। इससे बवासीर व बवासीर के कारण दुर्बलता दूर होती है।

मोटापाः आधा गिलास गर्म पानी में ग्वारपाठे का गूदा व 1 नींबू मिला के खाली पेट सेवन करें।

पेट के रोग– इसके रस या गूदे में 5-5 ग्राम शहद व नींबू का रस मिलाकर प्रतिदिन सेवन करने से पेट के सभी विकारों में लाभ होता है।

उच्च रक्तचाप– तरबूज के ताजे रस में ग्वारपाठे का रस मिलाकर पीने से रक्त की कमी दूर होती है, उच्च रक्तचाप नियंत्रित होता है

हृदयरोग- 3 ग्राम अर्जुन की छाल के बारीक चूर्ण में ग्वारपाठे का रस मिलाकर सुबह-शाम सेवन करने से हृदयरोगों की सुरक्षा होती है।

कब्ज– इसका गूदा पीसकर उसमें थोड़ा काला नमक मिला के सेवन करने से लाभ होता है।

रस या गूदे की मात्रा- बच्चे 5 से 15 ग्राम तथा बड़े 15 से 25 ग्राम सुबह खाली पेट लें।

सावधानी– जिनकी आँतों में पेचिश हो, पुरानी बवासीर जिसमें मस्से अधिक फूले हुए हों, गुदामार्ग से रक्तस्राव होता है, अतिसार हो, शरीर अत्यंत दुर्बल हो, जिन स्त्रियों को मासिक स्राव अधिक होता हो, गर्भवती या बच्चे को दूध पिलाती हों, वे ग्वारपाठे का अधिक समय तक प्रयोग न करें।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2016, पृष्ठ संख्या 32 अंक 280

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

चित्त रूपी सागर से चैतन्य का अमृत खोजने की व्यवस्थाः कुम्भ पर्व


(उज्जैन कुम्भः 22 अप्रैल से 21 मई 2016)

कुम्भ पर्व का इतिहास व उद्देश्य

अनादि काल से मानव अमरता की खोज करता चला आया। मरने वाले शरीर में अमर आत्मा छुपा है। देव, असुर – सब अमरता चाहते हैं। आपकी आसुरी वृत्ति भी अमर सुख, सदा सुख चाहती है और दैवी वृत्ति भई सुख चाहती है। समुद्र-मंथन में अमृत का घड़ा निकला और जयंत उसे ले भागा था। जो अमृत पियेंगे वे अमर हो जायेंगे इसलिए दैत्य, देवता – दोनों अमृत पीना चाहते थे। उनमें भीषण युद्ध छिड़ा, जो 12 दिनों तक चला। देवताओं के 12 दिन अर्थात् मानुषी लोक के 12 वर्ष। पृथ्वी की चार जगहों पर वह घड़ा छलका। तब से कुम्भ की परम्परा चली। वे स्थान हैं प्रयागराज, नासिक, अवंतिका (उज्जैन) और हरिद्वार। ऐसा नहीं कि जहाँ-जहाँ अमृत के छींटे पड़े, वहाँ अमृत सदैव बना हुआ है। किसी भी दिन हम गंगा जाकर नहायेंगे अथवा उज्जैन में नहायेंगे तो वही अमृत मिलेगा ? नहीं। निश्चित वर्षों के अंतराल में इन तीर्थों में ग्रह, वर्ष और राशि के मेल से आपके चित्त में सात्त्विक दशा उत्पन्न होती है, प्रसन्नता का प्राकट्य होता है और उन तीर्थों में नहाने से आपके अमर आत्मा की झलकें आती हैं, यह कुम्भ मेले की व्यवस्था है। चित्त में प्रसन्नता और छुपे हुए आत्म-अमृत का प्राकट्य ही कुम्भ पर्व का उद्देश्य है।

दुनिया का महान आश्चर्यः कुम्भ मेला

दुनिया में इतना बड़ा मेला और कहीं नहीं लगता है, जो कुम्भ की बराबरी कर सके। और इसमें तमाम मत-पंथ-मान्यताओं वाले, तमाम वर्ग जात वाले लोग एक ही उस अमर धारा की मधुरता में प्रसन्न होते हैं। ऐसा शांति और प्रसन्नता का एहसास न होता, अगर ये योग व व्यवस्था किसी की मति द्वारा कल्पित होते। कल्पित चीज का सुख ज्यादा देर नहीं ठहरता है। इसके पीछे शाश्वत सत्य के संकेत हैं और अमरता के उन आंदोलनों का लाभ होता है। इसलिए महीनों भर कोई मेला चल रहा है, दो-दो महीने मेला चलता रहे और हजारों नहीं, लाखों करोड़ों की तादाद में लोग….. और ऐरे-गैरे नहीं, यहाँ तो हजारों लाखों बुद्धिमान, समझदार लोग, हजारों-हजारों की संख्या में साधु-संत, महंत मंडलेश्वर आदि एकत्र होते हैं और महीनों-महीनोंभर इन स्थानों पर रहते हैं तो जरूर कुछ रहस्य है, जो ऐसे घोर कूड़-कपट, दंगे, मुकद्दमे आदि से भरे गंदे वातावरण में जीने वाला मानव सैलाब भी अमरता की कुछ बूँदें पाकर शांति, आनंद और माधुर्य का एहसास करता है।

धन्य है भारतीय संस्कृति और धन्य है दैवी और आसुरी वृत्तियों द्वारा विवेकरूपी मंदराचल और प्राण-अपानरूपी वासुकी का सहयोग लेकर मंथन करते-करते अपने चित्तरूपी सागर से चैतन्य का अमृत खोजने की व्यवस्था ! हम लोग सच में बहुत बड़भागी हैं जो अपने मूल अमृत स्वभाव आत्मा की ओर ले जाने वाला वातावरण और सत्संग भी मिलता है।

कुम्भ का विशेष लाभ

इस परम्परा से विशेष फायदा क्या हुआ कि जो अमृत छलका, अभी तो इसके बिंदु भी मिलने मुश्किल हैं, फिर भी उस जगह को महापुरुषों, ऋषियों, संतों ने पसंद किया। आम आदमी एक-एक साधु को, महापुरुष को कहाँ खोजता फिरेगा ? तो गिरि-गुफाओं के, हिमालय के और मठ-मंदिरों के सब संत आ जाते होंगे कुम्भ में।

ब्रह्मनिष्ठ संत की निगाह से जो तरंगे निकलती हैं, उनकी वाणी से जो शब्द निकलते हैं वे वातावरण को पावन करते हैं। संत के शरीर से जो तन्मात्राएँ निकलती हैं वे वातावरण में पवित्रता लाती हैं। अगर कुम्भ में सच्चे साधु-संत न आयें तो फिर देखो, कुम्भ का प्रभाव घट जायेगा। कुम्भ का प्रभाव संतों के कारण है।

भारतीय संस्कृति का, हिन्दू धर्म का जो यह पर्व है, यह कितने दिलों को जोड़ देता है ! और इतने अशांत वातावरण में भी सुख, शांति और आनंद के स्पंदन अभी भी महसूस होते हैं। इस कुम्भ की व्यवस्था में भगवान का हाथ है। जेबकतरे या कुछ अनाप-शनाप, खिंचाव-तनाव…. इनमें वासनाओं का, बेवकूफी का हाथ है लेकिन यह बेवकूफी नजरअंदाज करते हुए वह परमात्मा हमें देर-सवेर संत महापुरुषों के सत्संग से प्रभावित कर हमारा हृदय पावन करके अपने स्वरूप से मिलाना चाहता है, इसमें कुम्भ एक निमित्त हो सकता है।

कुम्भ स्नान की महत्ता

अश्वमेध सहस्राणि वाजपेयशतानि च।

लक्षं प्रदक्षिणा भूमेः कुम्भस्नाने तत्फलम्।। (विष्णु पुराण)

हजार अश्वमेध यज्ञ, सौ वाजपेय यज्ञ और लाख बार पृथ्वी की प्रदक्षिणा करने से जो फल प्राप्त होता है, वही फल एक बार कुम्भ स्नान करने से प्राप्त हो जाता है।

कुम्भ पर्व के समय ग्रह, राशियों का प्रभाव वातावरण पर पड़ता है और प्रयागराज, नासिक, अवंतिका (उज्जैन) और हरिद्वार – इन पुनीत जगहों पर, जहाँ अमृत-कलश छलका तथा जहाँ परम्परागत जप-तप-ध्यान होता रहा, आने से, नहाने से इतने सारे पुण्यों की प्राप्ति होती है लेकिन सावधान ! तीर्थों में ये बारह नियम भी पालने पड़ते हैं।

तीर्थ का पूरा लाभ पाने हेतु 12 नियम

1.हाथों का संयम। 2.पैरों का संयम। 3.मन को दूषित विचारों व चिंतन से बचाकर भगवत्चिंतन व भगवदीय प्रसन्नता बढ़ाने वाला चिंतन। 4.सत्संग व वेदांत शास्त्र का आश्रय। 5.तपस्या। 6.भगवान की कीर्ति व गुणों का गान। 7.परिग्रह का त्यागः गृहस्थ को कोई कुछ चीज दे तो उसे तीर्थ में दान नहीं लेना चाहिए (दान का न खायें) 8.हर परिस्थिति में आत्मसंतोष। 9.किसी प्रकार के अहंकार को न पोसें। 10.यह करूँगा, यह भोगूँगा, उधर जाऊँगा…. ऐसा चिंतन न करें। मैं कौन हूँ ? जन्म के पहले मैं कौन था, अभी कौन हूँ और बाद में कौन रहूँगा ? तो मैं तो वही चैतन्य आत्मा हूँ। मैं जन्म के पहले था, अभी हूँ और बाद में भी रहूँगा। – इस प्रकार अपने सच्चिदानंद स्वभाव में आने का प्रयत्न करें। 11.दम्भ, दिखावा न करें। 12.इऩ्द्रिय लोलुपता नहीं। कुछ भी खा लिया कि मजा आता है, कभी भी चले गये…. मौज-मजा मारने के लिए कुम्भ स्नान नहीं है। सच्चाई, सत्कर्म और प्रभु-स्नेह से तपस्या करके अतंरात्मा का माधुर्य उभारने के लिए और हृदय को प्रसन्नता दिलाने के लिए तथा सत्संग के रहस्य का प्रसाद पाने के लिए कुम्भ-स्नान है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2016, पृष्ठ संख्या 16,17 अंक 280

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

चंचलता मिटाओ, सफलता पाओ


पूज्य बापू जी

एकाग्रता सभी क्षेत्रों में सफलता की जननी, कुंजी है। यह एक अदभुत शक्ति है। ध्रुव और प्रह्लाद की सफलता में भी एकाग्रता एक कारण थी। हस्त चांचल्य, नेत्र चांचल्य, वाणी चांचल्य और पाद चांचल्य – ये चार प्रकार की जो चंचलताएँ हैं वे एकाग्रता में बड़ा विघ्न करती हैं।

हस्त चांचल्यः हस्त चांचल्य माने हाथ को अनावश्यक ही कभी किधर लगायेंगे – कभी किधर घुमायेंगे, कभी  तिनका तोड़ेंगे, कभी कान में उँगली डालेंगे, कोई विद्यार्थी बैठा होगा तो उसको पीछे से टपली मारेंगे तो कभी कुछ करेंगे। बैठे हैं तो चटाई  या तिनके तोड़ेंगे, इधर-उधर हाथ लगायेंगे। यह मन-बुद्धि को कमजोर करेगा। कई लोग नाक में उँगली डालते रहते हैं और कुछ मिल गया तो उँगली से घुमाते रहेंगे, घुमाते रहेंगे। बातचीत करेंगे, खायेंगे-पियेंगे और उसे घुमाते भी रहेंगे। घुमाते-घुमाते उसे देखेंगे फिर फेंक देंगे।

बैठे-बैठे कान कुरेदेंगे, इधर-उधर खुजलायेंगे, फिर कुछ भी उठाकर खा लेंगे। छी…. गंदा ! इससे बुद्धि भ्रष्ट होती है। यह बिन जरूरी है। हाथ भी गंदे हुए, समय भी खराब हुआ, मन व्यर्थ की चेष्टा में लगा।

 नेत्र चांचल्यः कईयों को नेत्र चांचल्य होता है। बंदर की तरह इधर-उधर आँखें घुमाते हैं। इससे शक्ति का ह्रास होता है। जो जितना ठग होता है, चोर दिमाग का होता है, उसकी आँखें उतनी ही चंचल होती हैं।

वाणी चांचल्यः कुछ लोग बोलते-बोलते फालतू के वचन बोलते हैं। मैंने कहा था जो है सो लेकिन यह माना नहीं हो है सो। अगर, मगर, लेकिन जैसे शब्द आवश्यकता न होने पर भी बोलते रहेंगे। उनकी आदत बन जाती है। मैं आपके घर गया था, समझे ! पर आप मिले नहीं, समझे ! मैं थोड़ी देर इंतजार किया, समझे ! फिर मैंने सोचा कि मुझे जाना है, समझे ! अब समझे-समझे…. क्या है ? आदमी बिल्कुल नपा तुला, कटोकट, सारगर्भित बोले, बिनजरूरी शब्द न डाले – यह बुद्धिमानी है। बात लम्बी करते हैं तो सामने वाला ऊब जाता है। प्रसंगोचित बोलना चाहिए। चलते-चलते बोलने से, जोर से बोलने से जीवनीशक्ति का ह्रास होता है। छांदोग्य उपनिषद में आता है कि आहार में जो अग्नि तत्त्व होता है उसके स्थूल अंश से अस्थियाँ, मध्यम अंश से मज्जा और सूक्ष्म अंश से वाणी बनती है। इसलिए कम बोलिये, सारगर्भित बोलिये, वाणी का व्यय न करें।

ऐसी वाणी बोलिए, मन का आपा खोये।

औरन को शीतल करे, आपहुँ शीतल होये।।

पाद चांचल्यः कुछ लोग बैठे-बैठे पैर हिलाते हैं, शांति से नहीं बैठेंगे। यह तुच्छ मनुष्य की पहचान है। यह चांचल्य मिटते ही जो शक्ति नष्ट हो रही है वह शक्तिदाता (परमात्मा) में विश्राम पाने लगेगी। मन के संकल्प-विकल्प कम होंगे तो बुद्धि पर दबाव कम पड़ेगा और बुद्धि पर दबाव कम पड़ने से भगवान को अपना मानने वाली बुद्धि का बुद्धियोग होने लगेगा।

इन चार प्रकार की चंचलताओं में जो जितना संयमी हो जाये, उतना वह तेजस्वी विद्यार्थी होगा, उतना तेजस्वी उद्योगपति होगा, उतना तेजस्वी अफसर होगा, उतना तेजस्वी समाज का आगेवान होगा, अगर वह संत बनता है तो उतना ही तेजस्वी उनका संतत्व होगा।

चंचलता मिटाने का उपाय

चंचलता निवारण करने का अपना विचार होता है तो आदमी बहुत ऊँचा उठ जाता है।

चंचलता ध्यान के द्वारा कम होती है। लम्बा श्वास लेकर दीर्घ प्रणव (ॐकार) का जप करो। जितना समय उच्चारण में लगे उतनी देर शांत हो जाओ। आप अपने शुद्ध ज्ञान में स्थित होंगे तो चारों प्रकार की चंचलता आसानी से मिट जायेगी, उससे होने वाली शक्तियों का ह्रास रुक जायेगा।

10 से 12 मिनट तक ॐकार का गुंजन करने तथा ॐकार मंत्र का अर्थ सहित ध्यान करने से हारे को हिम्मत, थके को विश्रांति मिलती है, भूले को अंतरात्मा मार्गदर्शन करता है। विद्युत का कुचालक आसन बिछा दे, 10-15 मिनट तक ध्यान करे और एकटक भगवान या गुरु की प्रतिमा अथवा ॐकार को देखता जाय तो साधारण से साधारण व्यक्ति भी इन चंचलताओं से ऊपर उठ जायेगा। बात को खींच-खींचकर लम्बी करने की गंदी आदत छूट जायेगी। मधुर वाणी, सत्य वाणी, हितकर वाणी जैसे सदगुण स्वाभाविक उत्पन्न होने लगेंगे।

यह प्रयोग करने से चारों प्रकार की चंचलताएँ छूट जायेंगी, व्यसन छोड़ने नहीं पड़ेंगे, अपने-आप भाग जायेंगे। चिंता भगाने के लिए कोई दूसरे नये उपाय नहीं करने पड़ेंगे। बुद्धिदाता की कृपा हो तो अल्प बुद्धिवाला भी अच्छी बुद्धि का धनी हो जायेगा।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2016, पृष्ठ संख्या 21,22 अंक 280

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ