Articles

भगवान के भी काम आ जाओ – पूज्य बापू जी


जिन्होंने भगवान के सत्स्वभाव को पाया है, चैतन्य स्वभाव को पाया है, आत्मानंद स्वभाव को पाया है, ऐसे सद्गुरुओं के नजरिये से ही हमारी मान्यताओं के जाले कटते हैं। नहीं तो शास्त्र और सामाजिक व्यवस्था, हमारे रीति-रिवाज की व्यवस्था हमको ऐसे बंधनों में बाँध देती है कि उधर से निकले तो उधर फँसे, एक से निकले तो दूसरे में फँसे। जैसे मकड़ी जाल बना देती है और जीवों को फँसा देती है, ऐसे ही पत्नी का अपना जाल है, पुत्र का अपना जाल है।

बेटा कहेगाः “पिता जी ! आपका कर्तव्य है हमें पालना, अभी मैं छोटा हूँ, पढ़-लिख लूँ फिर आप भजन करने को जाइये।”

बाप का अपना जाल है कि ‘पिता को छोड़कर कहाँ जा रहा है बेटा ? पिता की सेवा करना तुम्हारा कर्तव्य है।’ सब अपना-अपना उल्लू सीधा करने के लिए परिवारवालों को उल्लू बनाकर, नोचकर छोड़ देंगे। नेता बोलेगाः “तुम मेरे काम में आओ।” सब अपने-अपने काम में आपको लाकर, निचोड़कर छोड़ देंगे। जब सद्गुरु मिलेंगे तो बतायेंगे कि ‘दूसरों के काम तो आ गये लेकिन दूसरों के काम वास्तव में वही आता है जो अपना काम निपटाने में सजग रहता है।’ नहीं तो जो अपना काम निपटाने में सजग नहीं है, वह दूसरों के काम आने  वाला बनकर भी उनके प्रति वफादार नहीं रहेगा। महात्मा बुद्ध ने अपना काम निपटा लिया तो दूसरों के काम अच्छी तरह से आये। संत कबीर जी ने अपना काम निपटाया या हमने अपना काम निपटाया तो अच्छी तरह से दूसरों के काम आते हैं। अगर हम अपना काम भटका देते और किसी पदवी, प्रमाण पत्र के पीछे लग जाते कि ‘ऐसा बनू, ऐसा बनूँ…’ तो दूसरों के काम हम इतना नहीं आ सकते थे। गरीबों में भण्डारे होते हैं न, तो आदिवासी जब बाँटी हुई सामग्री ले जा रहे होते हैं, तब उनके चेहरे की रौनक देखकर लगता है कि हम जिनके काम आये उनको खुशी हो रही है।

जब हम आपके बीच होते हैं तो चाहें तो आपसे मिलें लाइन लगवायें। रूपये पैसे ऐंठना हो तो खूब ऐंठ सकते हैं कि ‘इस पर्व में दान का यह महत्त्व है, वह महत्त्व है….।’ लेकिन यह हम आपके धन के काम आये, आपके काम नहीं आये। हम तो आपके काम आने के लिए आपको लाइन में से, इसमें-उसमें से रोककर आप जितने भी उन्नत हो सकते हैं, उतना सब प्रकार से यत्न करते हैं। तो शरीर से समाज के, मन से भगवान के और एकांत सेवन, ईश्वर-उपासना व बुद्धियोग से मनुष्य अपने आपके काम आता है।

शरीर से भले हम एक दूसरे के, समाज के काम आयें लेकिन अपने को इतना घिस-पिट न डालें कि भगवान के काम न डालें कि भगवान के काम न आयें। मन से भगवान के काम आ पायें इसलिए तो शरीर को थोड़ा आराम भी चाहिए, मन को भी शांति चाहिए। भगवान से प्रीति करो तो भगवान के काम आ गये।

समाज के यथायोग्य काम आ जाओ, भूखे को अन्न, प्यासे को पानी, अविद्यावान को विद्या, नासमझ को समझ – कुल मिला के जिसको जैसे यहाँ अभी और बाद में लाभ हो, ऐसी कोशिश करना यह समाज के काम आना है। इसका मतलब यह नहीं है कि ‘शराबी को अंडे और मांस चाहिए तो उसके काम आ जाऊँ, कामी-विकारी को भोग चाहिए तो उसके काम आ जाऊं।’ यह अर्थ नहीं लगाना, शास्त्र मर्यादा के अंदर रह के सेवा करना। किसी के काम आ जायें, तो दीवाली के दिन हैं और पाँच हजार रूपये आपको किसी को दान करने हैं। ‘किसको दूँ, किसको दूँ ? अरे, पाँच हजार रूपये की फिल्म की टिकटें ले आता हूँ और रेलवे स्टेशन पर कुलियों में बाँट देता हूँ। वे बेचारे खुश हो जायेंगे, मजा आ जायेगा।’ तुम्हारे पाँच हजार का तो सत्यानाश हुआ और उनके मन का, नेत्रों का और समाज का सत्यानाश हुआ। यह तुम उनके काम नहीं आये। देश, काल और पात्र देखकर दान करना चाहिए। उसको मजा आ जाय… नहीं, उसकी उन्नति हो, उसका मंगल हो। मंगल के साथ मजा आता हो तो हरकत नहीं लेकिन अमंगल करके मजा न दिलाओ।

तो शरीर से हम समाज के काम आ गये, माता-पिता, पत्नी आदि लोगों के काम आ गये। मन से हम भगवान को प्रीति करें, उन्हें अपना मानें तो भगवान के काम आ गये और बुद्धि से हम अपने आत्मदेव को जानें। सात्त्विक बुद्धि, राजसी बुद्धि और तामसी बुद्धि – ये तीन गुणों वाली बुद्धि बदलती है लेकिन एक ऐसा तत्त्व है क तीनों गुणों की बदलाहट को भी जानता है। ऐसा बुद्धियोग करके हम अपने-आपके काम आ जायें। और अपने-आपके काम आ गये तो नित्य नवीन रस, नित्य नवीन ज्ञान, नित्य नवीन आनंद…। फिर रस के लिए बाहर भटकना नहीं पड़ेगा। इन्द्र कहते हैं कि ‘ऐसे आत्मवेत्ता सद्गुरु मिल जायें तो परम सौभाग्य की बात है। मुझे सुख लेना है तो अप्सराएँ नाचें, गंधर्व गायें, साजी साज बजायें तब सुख मिलता है, लेकिन जिसने अपने आपको पा लिया है, जो अपने आपके काम आ गया है ऐसे महापुरुष की दृष्टि पड़ती है तो मनुष्य को आत्मा का नित्य नवीन रस मिलने लगता है। जैसे चन्द्रमा की नित्य नवीन शीतलता होती है, उससे अनंत गुना नित्य नवीन परमात्म-रस, परमात्म-ज्ञान, परमात्म-प्रेम उऩ महापुरुष के हृदय में उमड़ता रहता है। चन्द्रमा औषधि को पुष्ट करता है लेकिन महापुरुषों की वाणी और दृष्टि हमको पुष्ट करती है।’

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 2011, पृष्ठ संख्या 22,23 अंक 223

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

आत्मानंद प्राप्ति का सरल उपाय


श्री समर्थ रामदास स्वामी ने ब्रह्मज्ञानी श्री गुरुदेव की महिमा को बड़े ही रहस्यपूर्ण ढंग से गाया हैः

‘हे सद्गुरुदेव ! आप सुख के सागर हैं, आनंदस्वरूप हैं, आपमें दुःख का लेश भी नहीं है और आप निर्मल होकर एक का भी जहाँ अंत हो  जाता है, ऐसे केवल स्वरूपानुभवरूप है। आप इस कलियुगरूपी गंदगी का दहन करने (कलियुग के दोषों को जलाने) में समर्थ हैं और स्वयं अगाध हैं। आप कर्तुं अकर्तुं अन्यथा कर्तुं समर्थः… करने में, न करने में तथा अन्यथा करने में समर्थ स्वामी हैं। आपकी महिमा का अंत ब्रह्मादि देवों को भी प्राप्त नहीं होता, ऐसे आप अनंतस्वरूप हैं परंतु इतने अगाध, अपार अनंत होते हुए भी हम जीवों पर कृपा करने के लिए प्रत्यक्ष नर रूप धारण करके नरहरि रूप से सुलभ भगवान की जय-जयकार हो।’

जय देव जय देव जय करूणाकरा।

आरती ओवाळूं सद्गुरु माहेरा।।

‘हे करुणा के सागर ! जीव मात्र पर दया करने वाले सद्गुरुदेव ! आपकी जय हो, जय हो। मैं आपकी आरती उतारता हूँ क्योंकि आप मेरे पीहर हैं।’

‘हे सद्गुरुदेव ! आप हमारी माँ हैं। कन्या को ससुराल के ताप से शांति पाने के लिए पीहर (अर्थात् माँ के घर, माँ की गोद) में विश्राम मिलता है, परंतु वहाँ भी माँ का ममता-मोह रहता है, किंतु आपकी गोद में माया-मोहरहित शुद्ध एकात्म आत्मानंदरूपी विश्रांति प्राप्त होती है। आप मोहरहित माँ हैं और आपके शब्द में इतनी शक्ति है कि उसका श्रवण करने से ही ब्रह्मात्मबोध की प्राप्ति हो जाती है। फिर बोलना वृथा हो जाता है, बंद हो जाता है। गूँगे के गुड़ की तरह रसास्वादन लेते हुए यह जीव मस्त हो जाता है। इस प्रकार सद्गुरुदेव के कृपा-प्रसाद से ही आत्मानंदप्राप्ति का सहज-सरल उपाय प्राप्त हो जाता है। श्री समर्थ रामदास महाराज कहते हैं कि इसमें केवल शिष्य का सद्भाव ही फलीभूत होता है और श्री गुरुदेव पर पूरी श्रद्धा एवं प्रेम से परब्रह्म भाव से विश्वा करने से ही जीव परब्रह्म की प्राप्ति का आनंद प्राप्त कर लेता है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 2011, पृष्ठ संख्या 19 अंक 223

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

परम हितैषी गुरु की वाणी बिना विचार करे शुभ जानी


पूज्य बापू जी की अमृतवाणी

गणेशपुरी (महाराष्ट्र) में मुक्तानंद बाबा हो गये। उनके गुरु का नाम था नित्यानंद स्वामी। नित्यानंद जी के पास एक भक्त दर्शन करने के लिए आता था। उसका नाम था देवराव। वह काननगढ़ में मास्टर था। देवराव खूब श्रद्धा-भाव से अपने गुरु को एकटक देखता रहता था।

सन् 1955 की घटना है। वह नित्यानंद जी से पास आया और कुछ दिन रहा। बाबा जी से बोलाः

“बाबा ! अब मैं जाता हूँ।”

बाबा ने कहाः “नहीं-नहीं, अभी कुछ दिन और रहो, सप्ताह भर तो रहो।”

“बाबा ! परीक्षाएँ सामने हैं, मेरी छुट्टी नहीं है। जाना जरूरी है, अगर आज्ञा दो तो जाऊँ।”

“आज नहीं जाओ, कल जाना और स्टीमर में बैठो तो फर्स्ट क्लास की टिकट लेना। ऊपर बैठना, तलघर में नहीं, बीच में भी नहीं, एकदम ऊपर बैठना।”

“जो आज्ञा।”

एक शिष्य ने पूछाः “बाबा ! साक्षात्कार का सबसे सरल मार्ग कौन-सा है ? हम जैसों के लिए संसार में ईश्वरप्राप्ति का रास्ता कैसे सुलभ हो ?”

बाबा ने कहाः “सद्गुरु पर दृढ़ श्रद्धा बस !” गुरुवाणी में आता हैः

सति पुरखु जिनि जानिआ

सतिगुरु तिस का नाउ।

तिस कै संगि सिखु उधरै

नानक हरिगुन गाउ।।

जिसने अष्टधा प्रकृति के द्रष्टा सत्पुरुष को पहचाना है, उसी को सद्गुरु बोलते हैं। उसके संग से सिख (शिष्य) का उद्धार हो जाता है। बाबा ने अपने सिर से एक बाल तोड़कर उसके एक छोर को अपनी उँगली में लगाकर दिखाते हुए बोलेः “सद्गुरु के प्रति इतनी भी दृढ़ श्रद्धा हो तो तर जायेगा। जिसने सत् को जाना है, ऐसे सद्गुरु के प्रति बाल भर भी पक्की श्रद्धा हो, उनकी आज्ञा का पालन करो तो बस हो जायेगा। कठिन नहीं है।”

संत कबीर जी ने भी कहा हैः

सद्गुरु मेरा सूरमा, करे शब्द को चोट।

मारे गोला प्रेम का, हरे भरम की कोट।।

कबीर ते नर अंध हैं, गुरु को कहते और।

हरि रूठे गुरु ठौर है, गुरु रूठे नहीं ठौर।।

भक्तिमार्ग, ज्ञानमार्ग, योगमार्ग और एक ऐसा मार्ग है कि जो महापुरुषों के प्रति श्रद्धा हो और उनके वचन माने तो वह भी तर जाता है। इसको बोलते हैं संत-मत।

देवराव ने गुरु जी की आज्ञा मानी। स्टीमर में एकदम ऊपरी मंजिल की टिकट करायी। स्टीमर दरिया में चला। कुछ दूर चलने पर स्टीमर डूबने के कगार पर आ गया। कप्तान ने वायरलेस से खबर दी और मदद माँगी। मदद के लिए गोताखोर, नाव और जहाज आदि पहुँचे, उसके पहले ही तलघर में पानी भर गया।, बीचवाले भाग में भी पानी भर गया लेकिन देवराव ने तो अपने गुरु की बात मानकर ऊपर की टिकट ली थी तो ऊपर से देखते रहे। इतने में मददगार आ गये और वे सही सलामत बच गये। गुरु लोग वहाँ (परलोक) का तो ख्याल रखते हैं लेकिन यहाँ (इहलोक) का भी ख्याल रखते हैं। अगर कोई उनकी आज्ञा मानकर चले तो बड़ी रक्षा होती है। योग्यता का सदुपयोग करे, संसार की चीजों की चाह को महत्त्व न दे और धन, सत्ता आदि किसी बात का अभिमान न करे। बाल के अग्रभाग जितना भी यदि दृढ़तापूर्वक गुरु आज्ञा का पालन करे तो शिष्य भवसागर से पार हो जाता है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 2011, पृष्ठ संख्या 18,19 अंक 223

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ