Articles

जन्म कर्म चे मे दिव्यम्….


संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग प्रवचन से

गीता में भगवान कहते हैं-

जन्म कर्म चे मे दिव्यमेवं यो वेत्ति तत्त्वतः।

व्यक्त्वा देहं पुनर्जन्म नैति मामेति सोsर्जुन।।

‘हे अर्जुन ! मेरे जन्म और कर्म दिव्य अर्थात् निर्मल और अलौकिक हैं – इस प्रकार जो मनुष्य तत्त्व से मुझे जान लेता है, वह शरीर को त्यागकर फिर जन्म को प्राप्त नहीं होता, किन्तु मुझे ही प्राप्त होता है।’ (गीताः4.7)

भगवान अपने जन्म और कर्म दिव्य क्यों बता रहे हैं ? इसलिए कि सुनने वालों के कर्म भी दिव्य हो जायें।

भगवान जो बताते हैं हम लोगों के मंगल के लिये ही बताते हैं। जैसे साधारण व्यक्ति का जन्म होता है कर्मबन्धन से, वासना वेग से, दुःख-सुख की थप्पड़ें खाने के लिए-ऐसा भगवान का जन्म नहीं होता। भगवान एवं कारक पुरुषों का जन्म वासना के वेग से नहीं होता, करुणा-कृपा से होता है। परहित से भरे अंतःकरण से होता है।

भगवान का जन्म दिव्य है अर्थात् भगवान देह को ‘मैं’ नहीं मानते और स्वयं को कर्मों का कर्त्ता-भोक्ता नहीं मानते, कर्म के फल की इच्छा नहीं रखते। जैसे भगवान अपने को देह नहीं मानते वैसे ही आप भी इस पंचभौतिक शरीर को ‘मैं’ न मानें तो आपका कर्म भी दिव्यता की खबर देगा। आप अपने को कर्मों का कर्त्ता न मानें, दूसरे को नीचा दिखाने के लिए दिखाने के लिए कर्म न करें, कर्म में लापरवाही न रखें तो आपके कर्म दिव्य हो जायेंगे।

जैसे, दीया जगमगाता है और प्रकाश देता है, ऐसे ही भगवान का जन्म और कर्म हम लोगों को प्रकाश देता है। महापुरुषों के जन्म और कर्म हम लोगों के लिए प्रकाशदायी हैं।

जन्म तो मेरा नहीं हुआ है शरीर का हुआ है और आपको भी याद दिलाता हूँ कि आप भी ऐसा जन्म दिन मनाना कि शरीर होते हुए भी शरीर से न्यारे…..

देह छता जेनी दशा वर्ते देहातीत।

ते ज्ञानीनां चरणमां हो वंदन अगणित।।

भगवान की दिव्यता स्वतः सिद्ध है और हमें साधन से सिद्ध करनी पड़ती है, कर्मों से सिद्ध करनी पड़ती है। कर्म दिव्य कैसे बनायें ?

किसी व्यक्ति को नीचा दिखाने के लिए कर्म करते हैं, अहंकार सजाने के लिए कर्म करते हैं, वासना-पूर्ति के लिए कर्म करते हैं तो कर्म बन्धन रूप हो जाता है लेकिन भगवदप्रीति के लिए, भगवद आनन्द उभारने के लिए, अपना असली सुख, आत्मप्रकाश जगमगाने के लिए जब कर्म किये जाते हैं तो कर्म दिव्य हो जाते हैं। फिर चाहे गुरु आश्रम में शबरी भीलन की बुहारी हो या मीरा का मेवाड़ में कीर्तन…. चाहे भर्तृहरि का तप हो या गोपीचंद का त्याग… उनके कर्म दिव्य हो गये।

वेद मे ‘सेतूगान’ आता हैः ‘अश्रद्धा की दीवार को श्रद्धा से तोड़ दें, असत्य की दीवार को सत्य से तोड़ दें, क्रोध की दीवार को अक्रोध से तोड़ दें और लोभ की दीवार को दान से तोड़ दें।

जीवात्मा को बंधन में डालने वाली ये चार दीवारें हैं। इन चार दीवारों को तोड़कर हम अपने मुक्त ज्ञानस्वभाव में जग जायें। जैसे, दिया जगमग-जगमग प्रकाशता है ऐसे ही हम साक्षी, अमर आत्मस्वभाव में प्रकाशित हो जायें….

बड़े में बड़ा दुर्भाग्य है कर्म बन्धन बढ़ाते जाना। कर्मों को कर्मों से काटने की कैंची या युक्ति सत्संग से ही मिलती है। इसीलिए राजे-महाराजे राजपाट छोड़कर महापुरुषों को खोजते थे,  सत्संग खोजते थे। सत्संग से कर्मों में दिव्यता आती है और कर्मों की दिव्यता आपके जन्म को भी सफल बना देती है।

भगवान और साधारण व्यक्ति के जन्म में, कारक पुरुष और साधारण व्यक्ति के जन्म में फर्क है, लेकिन भगवान ने सबको ऐसा अवसर दिया है कि अपने कर्मों को दिव्य बना सकें। जिसके कर्म दिव्य हो गये उसका जन्म का फल भी दिव्य हो जाता है। उसका दुबारा जन्म ही नहीं होगा तो फल दिव्य हो गया….

साधारण व्यक्ति कर्म करता है तो कर्म का कर्त्तापन मौजूद होता है लेकिन भगवान कर्म करते हैं तो कर्त्तापन न होने के कारण भगवान के उन कर्मों से नये कर्म नहीं बनते। भगवान के भी नहीं बनते और भगवान को जिन्होंने जान लिया उनके भी नहीं बनते। ये हो गयी दिव्यता….

साधारण जन्म और कर्म एवं दिव्य जन्म और कर्म में जो ठीक से फर्क जान लेता है और दृढ़ता से मान लेता है उसका पुनर्जन्म नहीं होता।

भगवान के दिव्य जन्म और कर्मों को जाने और लाभ उठायें। भगवान परमात्मा हैं और हम उसके सनातन अंश आत्मा हैं।

ममैवांशो जीवलोके जीवभूतः सनातनः।

जो भगवान का आत्म चैतन्य है, उसी से अभिन्न हमारा चैतन्य है। जैसे, जिस विद्युत से राष्ट्रपति का पूजागृह जगमगा रहा है उसी विद्युत से गरीब मोहताज का बाथरूम भी प्रकाशित हो रहा है। विद्युत तत्त्व वही का वही है। काँच के महल में दिया जगमगा रहा है और मिट्टी की हाँडी में दिया जगमगा रहा है तो काँच के महल की चमक कुछ सुहावनी दिख रही है और मिट्टी की हाँडी के दिये की चमक नपी तुली है लेकिन स्वभाव दोनों का एक है। ऐसे ही तुम्हारे अंतःकरण में जो ज्ञानस्वरूप ईश्वर है, जिसका कभी जन्म हुआ ही नहीं और जिसकी कभी मौत होती ही नहीं है ऐसा तुम्हारा ज्ञानस्वरूप आत्मा और परमात्मा दोनों एक हैं।

मन तू ज्योतिस्वरूप, अपना मूल पिछान।

आपके शरीर के जन्म को अपना जन्म न मानो, शरीर के बुढ़ापे को अपना बुढ़ापा मत मानो, शरीर की बीमारी को अपनी बीमारी मत मानो, शरीर की पीड़ा को अपनी पीड़ा मत मानो…. शरीर की पीड़ा को अपनी पीड़ा मानोगे तो हो जायेगा दुःख और शरीर की पीड़ा को शरीर की पीड़ा मानोगे, ज्ञान से देखोगे तो हो जायेगी तपस्या !

‘जेलर’ होकर जेल में चक्कर लगाओगे तो वेतन भी मिलेगा और सलामी भी…. लेकिन कैदी होकर जेल में धकेले गये तो बेइज्जती होगी। है तो दोनों जेल में। ऐसे ही आप शरीर में धकेले जाते हो तो हो जाती है कैद, लेकिन ज्ञान है और अपने ढंग से जीते हो, शरीर में होते हुए भी शरीर से पृथक होकर जीते हो तो हो जाते हो मुक्त…

शास्त्र, संत और भगवान जिसके लिए मना करते हैं वह न करें तो आप अपने ज्ञान में आ जाते हैं, मुक्त हो जाते हैं लेकिन शास्त्र, संत और भगवान जिसके लिए मना करते हैं वही करें तो आप हल्की योनियों में धकेल दिये जाते हैं, कैद हो जाते हैं। किसी को भी पकड़कर जेल में नहीं डाला जाता। कानूनी अपराध होता है, अपराध साबित होता है तभी कोई जेल में भेजता है। ऐसे ही प्रकृति के नियम तोड़ने से, ईश्वरीय नियम तोड़ने से, मनमाना करने से रजो-तमोगुणी स्वभाव बन जाता है।

भगवान अपने जन्म-कर्म की दिव्यता बताते हुए कहते हैं कि आप भी अपने स्वभाव में दिव्यता लायें अपने कर्म में दिव्यता लायें। दिव्यता मतलब ? अपने स्वभाव में, अपने कर्म में ज्ञान का प्रकाश लायें। क्या करना क्या न करना ? क्या खाना क्या न खाना ? आदि का विवेक करते हुए अपने कर्मों को दिव्य बनायें तो आपका जन्म फल भी दिव्य हो जायेगा फिर मोक्षफल मिल जायेगा। भगवान की ‘मैं’ के साथ आपकी ‘मैं’ मिल जायेगी तो जैसे भगवान का जन्म-कर्म दिव्य हैं वैसे ही आत्म परायण होकर आपके जन्म कर्म भी दिव्य हो जायेंगे…. अतः अपने जन्म-दिवस या किसी के जन्म दिवस के अवसरों पर भगवान के इन वचनों को विचारें और रहस्य समझें तथा परम रहस्यमय परमात्म सुख पा लें। ॐ शांति…. ॐ…. ॐ….

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2001, पृष्ठ संख्या 3,4 अंक 100

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

ज्ञानी का पूजन


संत श्री आसारामजी बापू के सत्संग-प्रवचन से

दो प्रकार के मनुष्य होते हैं- आस्तिक और नास्तिक

आस्तिक एक की शरण लेता है जबकि  नास्तिक को हजारों की शरण लेनी पड़ती है। नास्तिक हजार-हजार जगह खुशामद करता है, फिर भी उसका बेड़ा गर्क हो जाता है जबकि आस्तिक केवल एक भगवान की शरण लेता है और उसका बेड़ा पार हो जाता है।

नास्तिक भी दो प्रकार के होते हैं- नकारात्मक और उदासीन।

पहले प्रकार के मनुष्य घोर नास्तिक होते हैं। वे मानते हैं कि ईश्वर जैसी चीज कुछ है ही नहीं। वे संतों एवं साधु पुरुषों की निंदा भी करते हैं। वे ऐसा मानते हैं किः ‘यह शरीर मैं हूँ और मैं ही सब कुछ हूँ…’ ऐसे मनुष्य कालांतर में वृक्ष, पशु, पक्षी आदि योनियों को प्राप्त होते हैं।

दूसरे होते हैं उदासीन या अर्द्ध नास्तिक जिन्हें ईश्वर की कुछ पड़ी ही नहीं होती किः ‘ईश्वर का अस्तित्व हो या न हो, अपने को क्या ? अपने को तो नौकरी-धंधा करके कमाना-खाना है और जीना है।’ ऐसे लोगों को समय पर सुख-दुःख की थपेड़ें खानी पड़ती हैं।

आस्तिक मनुष्य भी दो प्रकार के होते हैं-

एक ऐसे होते हैं जो ईश्वर एवं संतों को मानते हैं, भगवान की पूजा-अर्चना करते हैं ताकि जीवन में कोई विघ्न न आये, कोई दुःख मुसीबत सहन न करनी पड़े। वे ईश्वर को तो स्वीकारते हैं लेकिन संसार के सुख की इच्छा करते हैं। वे चाहते हैं कि उनकी संसार की गाड़ी ठीक से चलती रहे। ऐसे आस्तिकों की प्रीति संसार में होती है और आवश्यकता भगवान की पड़ती है। ऐसे भक्तों को बहुत समय बाद भगवद् प्राप्ति होती है।

दूसरे आस्तिक होते हैं जो संतों से लाभ उठा लेते हैं। वे भगवान को मानते हैं और भगवद् प्राप्ति के बिना जीवन व्यर्थ है’ यह भी जानते हैं, सत्शास्त्रों का पठन-मनन करते हैं, इसी जन्म में ईश्वरप्राप्ति का दृढ़ संकल्प करते हैं और ईश्वरीय शांति, ईश्वरीय आनंद पा लेते हैं।

कहते हैं कि मंदिर जाने एवं मूर्तिपूजा करने से एकतरफा पुण्यलाभ होता है किन्तु जिनको परमात्मा का साक्षात्कार हुआ है, ऐसे महापुरुषों का पूजन करने से दोतरफा लाभ होता है। मूर्ति अपनी ओर से भक्त के लिए शुभ संकल्प नहीं करती बल्कि भक्त को उसकी भावना के अनुसार फल मिलता है। लेकिन आत्मसाक्षात्कारी महापुरुष के पूजन-अर्चन में हमारी भावना तो काम करती ही है, साथ ही उनकी दृष्टि, उनके संकल्प एवं दिव्य परमाणुओं से भी हमारा शुभ संकल्प फलित होने लगता है।

अखा भगत कहते हैं-

सजीवाए निर्जीवाने घड्यो अने पछी कहे मन कई दे।

अखो तमने ई पूछे के तमारी एक फूटी के बे ?

‘सजीव ने (मनुष्य ने) निर्जीव  (पत्थर की मूर्ति को) बनाया और फिर उसी से माँगने लगा किः ‘मुझे कुछ दो।’ अखा भगत आपको यह पूछता है कि आपको एक आँख फूट गई है कि दोनों ?”

मूर्तिपूजा करके जितना लाभ उठाया जा सकता है, उससे कई गुना लाभ ज्ञानी महापुरुष की पूजा करने से होता है।

ब्रह्मज्ञानी आप परमेश्वर। ब्रह्मज्ञानी को ढूँढे महेश्वर।।

शंकरजी ढूँढते रहते हैं किः ‘मुझे कहीं कोई ब्रह्मज्ञानी मिल जाये।’ मूर्ति से जितना लाभ मिलता है, वह अपनी श्रद्धा से मिलता है। जितनी श्रद्धा मूर्ति में होगी, उससे उतना ही लाभ होगा। मूर्ति स्वयं किसी के लिए लाभ का संकल्प नहीं करती।

जागृत महापुरुषों के हृदय में तो संकल्प होता है किः ‘चलो, इसका मंगल हो… कल्याण हो…. यह और प्रसिद्ध हो…. यशस्वी हो…. तेजस्वी हो… बुद्धिमान हो…. ज्ञानवान हो….’ संत के हृदय में तो परहित की भावना होती है। इसीलिए मूर्तिपूजा की अपेक्षा ज्ञानी-महापुरुषों की पूजा श्रेष्ठ है। तीर्थ में जाने की अपेक्षा ज्ञानी महापुरुषों के पास जाना श्रेष्ठ है।

तीर्थ में तो जितनी तीर्थत्व बुद्धि होगी, उतना ही फल मिलेगा जबकि ज्ञानी-महापुरुषों के पास तो आत्मतीर्थ का वातावरण होता है जहाँ गंगा भी आकर पवित्र होती है एवं तीर्थराज प्रयाग भी पवित्र होने को आते हैं। अतः तीर्थ में जाने की अपेक्षा आत्मज्ञानी महापुरुष के यहाँ जाना हजारगुना अच्छा है।

चांद्रायण व्रत अथवा दूसरे व्रत करने की अपेक्षा ज्ञानी का प्रसाद ग्रहण करणा श्रेष्ठ है क्योंकि ज्ञानी की पूजा में श्रद्धालु की श्रद्धा और ज्ञानी-महापुरुष का संकल्प दोनों मिल जाते हैं। इससे उसमें द्विगुण बल आ जाता है। श्रीहरि बाबा जी महाराज कभी-कभी कहते थे कि यदि संसार में दो व्यक्तियों के मन सर्वथा मिल जायें तो वे विश्वविजयी हो जायेंगे।

दो मन एक हो जायें तो बल बढ़ जाता है। शुंभ-निशुंभ दैत्य थे। उन दोनों के मन मिल गये तो उन्होंने देवताओं की की नाक में दम कर दिया। दो समकक्ष मन मिल जायें तो कार्य बन जाता है।

अतः श्रुति ज्ञानी की विभूति का वर्णन करके उसकी पूजा का विधान करती है।

जिसकी संसारी कामना है वह भी आत्मज्ञानी संत का यजन-पूजन करे एवं जो निष्कामी है वह भी निष्कामता के फल को पाने के लिए, निष्कामता में दृढ़ होने के लिए ज्ञानी का पूजन करे। जिसको ज्ञान चाहिए वह भी ज्ञानी का आदर करे और जिसको भोग चाहिए वह भी ज्ञानी का पूजन करे।

ज्ञानी-महापुरुषों के संग की महिमा का वर्णन करते हुए भगवान कृष्ण ‘श्रीमद् भागवत’ में कहते हैं-

न रोधयति मां योगो न सांख्यं धर्म उद्धव।

न स्वाध्यायस्तपस्तयागो नेष्टापूर्तं न दक्षिणा।।

व्रतानि यज्ञश्छन्दासि तीर्थानि नियमा यमाः।

यथावरुन्धे सत्संगः सर्वसंगापहो हि माम्।।

‘हे उद्धव जी ! अन्य सब संगों को दूर करने वाला सत्संग जैसे मुझे वश में करता है, वैसे योग, सांख्य, धर्म, स्वाध्याय, तप, त्याग, इष्टापूर्त (अग्निहोत्रादि इष्ट, कूप-तड़ागादि पूर्त), दक्षिणा, व्रत, यज्ञ, छन्द, तीर्थ, नियम और यम – ये सब साधन में वश में नहीं करते।’

श्रीमद् भागवतः 11.12.1,2

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2001, पृष्ठ संख्या 9,10 अंक 100

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

 

चारित्रिक क्रान्ति के उन्नायक पूज्य बापू


भारत की इस पावन धरा तथा ऋषियों के वंशजों पर भगवान की विशेष कृपा रही है। जब कभी भी इस भारत भूमि पर मानवजाति को किसी दुर्गुण ने ग्रसित किया, उसको पतनोन्मुख बनाने की कुचेष्टा की तब-तब यहाँ भगवान एवं भगवद् प्राप्त महापुरुषों का अवतरण होता रहा है। विश्व के किसी भी दूसरे देश में ऐसा अनुपम उदाहरण नहीं मिलता है।

इस भारतभूमि पर तो भगवान ने स्वयं प्रतिज्ञा की हैः

यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत।

अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम्।।

‘हे भारत ! जब-जब धर्म की हानि और अधर्म की वृद्धि होती है, तब-तब ही मैं अपने रूप को रचता हूँ अर्थात् साकार रूप से लोगों के सम्मुख प्रकट होता हूँ।’ (गीताः 4.7)

इस अनंत कालचक्र से जूझ रहे मानव के समक्ष समय-समय पर ऐसी बाधाएँ आती हैं जो उसकी वास्तविक उन्नति में बाधक बन जाती हैं। काल का दुष्प्रभाव और उसके पुराने कुसंस्कार सामाजिक संस्कारों को विकृत कर देते हैं जिससे पूरा समाज पतन के गर्त में गिरता चला जाता है।

समाज कको ऐसी विकट परिस्थिति से निकालकर उसे सच्ची सुख-शांति एवं वास्तविक उन्नति के मार्ग पर ले जाने के लिए ही भगवान तथा भगवद् प्राप्त महापुरुष इस अवनि पर अवतरित होते हैं। विभिन्न युक्तियों से मानव का वास्तविक कल्याण करने में समर्थ ऐसे अलौकिक पुरुष विरले ही होते हैं। परन्तु यह बात भी उतनी ही सच है कि यह भारतभूमि ऐसे विरले सत्पुरुषों से रिक्त कभी नहीं हुई।

आज जब भारतवासी अपनी महान संस्कृति को भूलकर विकृत पाश्चात्य संस्कृति का अंधानुकरण करने में लगे हुए हैं और इसके दुष्प्रभाव से विश्वगुरु कहलाने वाले भारत में चारित्रिक पतन का विनाशकारी तांडव चल रहा है। ऐसे समय में चारित्रिक क्रान्ति के उन्नायक पूज्यपाद संत श्री आसाराम जी बापू हमारे बीच उपस्थित हैं।

भारतीय ब्रह्मर्षियों की गूढ़ रहस्यमयी आत्मविद्या के आचार्य तथा योग-सामर्थ्य के धनी पूज्य बापू भारतभूमि के ऐसे ही एक दुर्लभ संतरत्न है। भारतवर्ष की आध्यात्मिक एवं चारित्रिक उन्नति की बागडोर अपने समर्थ हाथों में लेकर आपने जागृति का जो शंखनाद किया है वह एक अभूतपूर्व दैवी कार्य है।

‘धन गया तो कुछ नहीं गया, स्वास्थ्य गया तो कुछ-कुछ गया परन्तु चरित्र गया तो सब कुछ गया।’ भारतीय मनीषियों के इस सिद्धान्त को स्वीकार करते हुए आप भी चरित्रनिर्माण पर विशेष बल देते हैं। चरित्रनिर्माण के साथ आध्यात्मिकता का संगम करके आप मानव को महामानव तथा महामानव को महेश्वर बनाने के एक अदभुत मार्ग पर ले जा रहे हैं।

पूज्य बापू जी के इस  महान दैवी कार्य का जीवंत उदाहरण यह छोटी सी घटना है जो छोटी होने पर भी बहुत कुछ सीख दे देती है।

एक बार साबरमती, अमदावाद में स्थित संत श्री आसारामजी आश्रम में ‘ध्यान योग शिविर’ चल रहा था। उस समय आश्रम छोटा-सा ही था अतः साधकों के लिए नहाने-धोने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। साबरमती नदी में पानी की गहरी धारा बह रही थी उसी पर महिलाओं एवं पुरुषों के नहाने-धोने के लिए दो अलग-अलग घाट बना दिये गये।

नदी के उस पार भारतीय सेना की छावनी है जिसे ‘हनुमान कैम्प’ कहा जाता है। सुबह के समय सेना के दो जवान दौड़ लगाते हुए नदी के किनारे तक पहुँच गये जहाँ महिलाओं के स्नान का घाट बना था। उनके कारण उन शिविरार्थी साधिकाओं को नहाने में परेशानी हो रही थी क्योंकि वे दोनों जवान जानबूझकर वहाँ से खड़े-खड़े साधिकाओं को घूर रहे थे।

पूज्य बापू नित्य सुबह नदी किनारे घूमने जाया करते थे। पूज्य श्री की दृष्टि दूर से उन जवानों पर पड़ी। घट-घट की जानने वाले समर्थ योगी को वस्तुस्थिति समझने में कैसे देर लगती ? पूज्य श्री शीघ्र ही उन जवानों के पास पहुँचे और उनके हाथ पकड़कर बोलेः “चुपचाप मेरे साथ चलो।”

पूज्य बापू के मुखमण्डल तथा वाणी के तेज को देखकर वे जवान मानो सूखी लकड़ी के खम्भे से हो गये। उनकी हिम्मत ही नहीं हुई कि वे कुछ बोलें या प्रतिकार करें। रस्सी से बँधी गाय की तरह वे पूज्य बापू के साथ चल दिये।

दोनों को नाव से इस पार लाया गया। पूज्य श्री दोनों का गिरेबान (कॉलर) पकड़कर अपनी कुटिया की ओर बढ़ने लगे। कुछ आश्रमवासियों ने देखा तो दौड़कर पूज्यश्री के पास आये और बोलेः

“बापू जी ! हम पकड़ें ?”

पूज्य बापू जी ने दृढ़तापूर्वक उत्तर दियाः “नहीं, इनमें इतनी शक्ति नहीं है कि अपने-आपको मुझसे छुड़ा सकें।” फिर उन्हें अपनी कुटिया में  ले जाकर बंद कर दिया और सेवकों को आदेश दिया किः “इनके मुखिया को फोन करके कहो कि यदि अपने जवान चाहिए तो यहाँ आकर ले जाय।”

थोड़ी ही देर बाद सेना का एक ऑफिसर गाड़ी लेकर आश्रम में पहुँचा। गाड़ी से उतरते ही वह कुटिया की सीढ़ियाँ चढ़ने लगा तो भक्तों ने उसे रोककर कहाः “भाई साहब ! आपके जूते उतार दो। यह बापू जी का निवासस्थान है। जूते ले जाना मना है।”

इस पर उसने चिढ़कर जवाब दियाः “हम  मिलेट्रीवाले जूते नहीं उतारते। ये हमारी वर्दी के अन्तर्गत आते हैं, समझे ?” लेकिन ज्यों ही उसने अपना पैर दूसरी सीढ़ी पर रखना चाहा त्यों ही उसका शरीर पसीना-पसीना हो गया। उसने शायद ही कभी सोचा होगा कि ऐसा भी हो सकता है। उसका पैर पहली सीढ़ी से आगे नहीं बढ़ सका। लाख प्रयास करने के बाद भी वह अपने पैर को ऊपर की सीढ़ी पर नहीं रख सका। अब उसकी सारी अक्कड़ धूल में मिल चुकी थी। घबराते हुए वह नीचे उतरा और जूते उतारकर बड़े नम्र भाव से कुटिया को प्रणाम करके अंदर गया। अंदर पहुँचते ही उसने पूज्य बापू  देखकर प्रणाम किया।

पूज्य श्री ने उसे डाँटते हुए कहाः “तुम लोग देश के रक्षक हो या भक्षक ? देशवासियों ने तुम्हें यह वर्दी इस देश की माँ-बहनों की लाज बचाने के लिए पहनाई है या उन पर बुरी नजर डालने के लिए ? जब तुम लोग ही ऐसा पाप करने लगोगे तो दूसरों को कैसे सुधारा जायेगा ?”

पूज्य श्री की निर्भीक तेजस्वी वाणी को सुनकर वह थर-थर काँपने लगा। इन समर्थ योगी की महान शक्ति का छोटा सा अनुभव तो वह सीढ़ियों पर चढ़ते समय ही कर चुका था। गिड़गिड़ाते हुए उसने पूज्य श्री से क्षमा माँगी और वचन दिया किः “जो आप कहेंगे इनको वही सजा दी जायेगी।”

पूज्य श्री ने उन दोनों जवानों को कमरे से बाहर निकाला। उन्हें चरित्र की महानता बतायी और फिर तीनों को प्रसाद दिया। पूज्य बापू ने उनके ऑफीसर से कहाः “इन्हें कोई सजा नहीं देना। अब ये दुबारा ऐसी गलती नहीं करेंगे।”

वाह री संतों की करुणा ! कैसी महानता है ! क्रोध ऐसा कि मानो अभी प्रलय हो जाय और कुछ ही देर में प्रेम भी उतना ही ! संसार में रहकर भी संसार से परे। अपनी अविचल आत्ममस्ती में रमण करने वाले संतों की लीला को कोई संत ही जान सकते हैं।

15-20 दिन बाद वे दोनों जवान सत्संग में आये और बापू जी को प्रणाम करके बोलेः

“महाराज ! जब आपने हमें पकड़ा था तब हमारी शक्ति पता नहीं कहाँ चली गई थी ! उस दिन के बाद हमें अण्डा, माँस, शराब आदि से घृणा होने लगी है। हमारे दुर्गुण अपने आप पलायन हो रहे हैं और कोई अदृश्य शक्ति हमें बार-बार यहाँ सत्संग में आने की प्रेरणा देती है।”

कैसी अदभुत लीला होती है संतों की ! जवानों का कॉलर पकड़कर लाये, कमरे में बंद किया, डाँट लगायी परन्तु इस कठोरता के द्वारा उन्हें सच्चे मनुष्य बना दिये। प्रेम करके तो कृपा करते ही हैं लेकन सजा देकर भी वैसी ही कृपा करते हैं। दोनों तरफ से कल्याण करने की शक्ति भगवान और भगवद् प्राप्त संतों के अलावा और भला किसमें हो सकती है ?

‘श्रीरामचरितमानस’ में संतों की करुणा-कृपा का बखान करते हुए संत श्री तुलसीदास जी कहते हैं किः ‘कवियों ने संतों के हृदय को मक्खन के समान कह तो दिया परन्तु वे असली बात नहीं कह सके। क्योंकि मक्खन तो अपने को ताप मिलने के कारण पिघलता है जबकि परम पवित्र संत दूसरों के दुःख से पिघलते हैं।’

भारत के नवयुवकों में बढ़ रहे चारित्रिक पतन को देखते हुए पूज्य बापू ने युवाओं के चारित्रिक एवं आध्यात्मिक उत्थान के लिए ‘युवाधन सुरक्षा अभियान’ के रूप में चारित्रिक क्रांति का सूत्रपात किया है। पूज्य श्री के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से यह अभियान पूरे भारत में चल रहा है। आइये, हम सभी इस महान् भारत  भावी कर्णधारों को सुसंस्कारवान् एवं चरित्रवान बनाने के दैवी कार्य में सहभागी बनकर अपना जीवन सार्थक करें।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2001, पृष्ठ संख्या 13-15, अंक 100

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ