Articles

वाल्मीकिजी द्वारा भगवान को बताये हुए घर


वाल्मीकि जयंतीः 24 अक्तूबर 1999

वनवास के समय भगवान श्रीराम माँ सीता एवं अनुज श्री लक्ष्मणजी के साथ वाल्मीकि जी के आश्रम में आये। महर्षि वाल्मीकिजी ने कन्दमूल-फलादि से उनका आतिथ्य सत्कार किया। तत्पश्चात श्रीराम ने अत्यंत विनम्रतापूर्वक महर्षि वाल्मीकिजी से अपने रहने योग्य स्थान के बारे में पूछा।

महर्षि वाल्मीकि जी श्रीराम की महिमा का वर्णन करते हुए बोलेः “आप पूछते हैं कि मैं कहाँ रहूँ ? परन्तु मैं यह पूछते हुए सकुचाता हूँ कि जहाँ आप न हों, वह स्थान बता दीजिये। फिर मैं आपके रहने के लिए स्थान बताऊँ।”

वाल्मीकि जी के रहस्ययुक्त वचनों को सुनकर श्रीरामजी मुस्कराये। फिर वाल्मीकि जी ने श्रीरामजी को सीता जी एवं लक्ष्मणजीसहित निवास करने के लिए स्थान बतलाये। वाल्मीकिजी ने उन स्थानों का जो वर्णन किया है वह मानवमात्र के लिए अऩुकरणीय है क्योंकि उसमें उन सुन्दर साधनों का वर्णन किया गया है, जिनके द्वारा साधक अपने साध्य तत्त्व को, परमात्मा को अवश्य ही पा सकता है।

वाल्मीकि जी कहते हैं- “जिनके कान समुद्र की भाँति आपकी सुंदर कथारूपी अनेकों सुंदर नदियों से निरंतर भरते रहते हैं, परन्तु कभी पूरे तृप्त नहीं होते, उनके हृदय आपके लिए सुंदर घर हैं।

जिन्होंने अपने नेत्रों को चातक बना रखा है, जो आपके दर्शनरूपी मेघ के लिए सदा लालायित रहते हैं तथा जो बड़ी-बड़ी नदियों, समुद्रों और झीलों का निरादर करते हैं और आपके सौन्दर्यरूपी मेघ के एक बूँद जल से सुखी हो जाते हैं, हे रघुनाथजी ! उन लोगों के हृदयरूपी सुखदायी भवनों में भाई लक्ष्मणजी और सीतासहित आप निवास कीजिये।

आपके यशरूपी निर्मल मानसरोवर में जिनकी जीभ हंसिनी बनी हुई आपके गुणसमूहरूपी मोतियों को चुगती रहती है, हे रामजी, आप उनके हृदय में बसिये।

जिनकी नासिका प्रभु के पवित्र और सुगंधित (पुष्पादि) सुन्दर प्रसाद को नित्य आदर के साथ ग्रहण करती (सूँघती) है और जो आपको अर्पण करके भोजन करते हैं और आपके प्रसाद रूप ही वस्त्राभूषण धारण करते हैं, जिनके मस्तक देवता, गुरु और ब्राह्मण को देखकर बड़ी नम्रता के साथ प्रेमसहित झुक जाते हैं, जिनके हाथ नित्य प्रभुचरणों की पूजा करते हैं और जिनके हृदय में प्रभु का ही भरोसा है दूसरा नहीं तथा जिनके चरण प्रभु के तीर्थों में चलकर जाते हैं, हे राम जी ! आप उनके मन में निवास कीजिये।

जो नित्य आपके रामनामरूप मंत्रराज को जपते हैं और परिवारसहित आपकी पूजा करते हैं, जो अनेकों प्रकार से तर्पण और हवन करते हैं तथा ब्राह्मणों को भोजन कराकर बहुत दान देते हैं तथा हृदय में गुरु को  आपसे भी अधिक बड़ा जानवर सर्वभाव से सम्मान करके उनकी सेवा करते हैं  इऩ सब कर्मों का एकमात्र फल आपके श्रीचरणों की प्रीति ही चाहते हैं उन लोगों के मनरूपी मंदिरों में आप श्रीसीताजी सहित बसिये।

जिनको न काम, क्रोध, मद, अभिमान और मोह है, न लोभ है, न क्षोभ है, न राग है, न द्वेष है और न कपट, दंभ और माया ही है, हे रघुनाथ ! आप उनके हृदय में निवास कीजिये।

जो सबके प्रिय और सबका हित करने वाले हैं, जिन्हें दुःख और सुख तथा प्रशंसा और निन्दा समान हैं, जो विचारकर सत्य और प्रिय वचन बोलते हैं तथा जो जागते-सोते आपकी ही शरण हैं और आपको छोड़कर जिनकी दूसरी कोई गति नहीं है, हे रामजी ! आप उनके मन में बसिये।

जो परायी स्त्री को उसे जन्म देने वाली माता के समान मानते हैं और पराया धन जिन्हें विष से भी भारी लगता है, जो दूसरों की संपत्ति देखकर हर्षित होते हैं और विपत्ति देखकर विशेष रूप से दुःखी होते हैं तथा हे रामजी ! जिन्हें आप प्राणों के समान प्यारे हैं उनके मन आपके रहने योग्य शुभ भवन हैं।

हे तात ! जिनके स्वामी, सखा, पिता, माता और गुरु सब कुछ आप ही हैं, उनके मनरूपी मंदिर में आप दोनों भाई सीतासहित निवास कीजिये।

जो अवगुणों को छोड़कर सबके गुणों को ग्रहण करते हैं, ब्राह्मण और गौ के लिए संकट सहते हैं, नीति निपुणता में जिनकी जगत में मर्यादा है, उनका सुंदर मन आपका घर है।

जो गुणों को आपका और दोषों को अपना समझते हैं, जिन्हें सब प्रकार से आपका ही भरोसा है और रामभक्त जिन्हें प्यारे लगते हैं उऩके हृदय में आप सीतासहित निवास कीजिये।

जाति, पाँति, धन, धर्म, मान-बड़ाई, प्यारा परिवार और सुख देने वाला घर-इन सबको छोड़कर जो केवल आपको ही हृदय में धारण किये रहते हैं, हे रघुनाथजी ! आप उनके हृदय में रहिये।

स्वर्ग, नरक और मोक्ष जिनकी दृष्टि में समान हैं क्योंकि वे सर्वत्र आपको ही देखते हैं और जो कर्म, वचन और मन से आपके दास हैं, हे रामजी ! आप उनके हृदय में डेरा डालिये।

जिनको कभी कुछ भी नहीं चाहिए और जिनका आपसे स्वाभाविक प्रेम है, आप उनके मन में निरन्तर निवास कीजिये, वह आपका अपना घर है।”

इस प्रकार वाल्मीकिजी ने श्रीरामजी को निवास स्थान बताये। वास्तव में यदि कोई वाल्मीकि जी द्वारा दर्शाये गये संकेतों के अनुसार अपना हृदय बना ले तो उस हृदय में हृदयेश्वर परमात्मा अवश्य निवास करने लगें।

वाल्मीकि जी के तीन अवतार हुए। ʹश्रीयोगवाशिष्ठमहारामायणʹ के ʹकागभुशुण्डी-वशिष्ठ संवादʹ में वर्णन आता है। जो लोग वाल्मीकि जी के नाम या और किसी नाम से समाज और संत को बीच विद्रोह फैलाकर आगेवानी चाहते हैं उनको वाल्मीकि जी के वचन ठीक से समझने चाहिए। वालिया में से वाल्मीकि बने वे वाल्मीकि या तीन बार वाल्मीकि आये वे वाल्मीकि ? आप कौन-से वाल्मीकि को मानकर विद्रोह फैलाना चाहते हैं ? कृपा करके आप महापुरुष के होकर महापुरुषों के प्रति स्नेह रखें और उनके अंतःकरण को समझें। विद्रोह करके या करवाके अपने को, जाति को, समाज को खोखला न बनायें।

सभी समाजों की गहराई में राम जी, वाल्मीकि जी की आत्मा है। वाल्मीकि जी की समझ कितनी ऊँची है ! उनकी समझ सभी के लिए है, उनका ज्ञान सभी के लिए है। उनके ज्ञान का आदर करें, उनकी प्रेमदृष्टि का आदर करें। उनका नाम आगे रखकर विद्रोह का…..

भगवान सबको सदबुद्धि दे। देशवासी परस्पर मिलजुलकर रहें। सभी वर्ग, सभी जातियाँ इस विराट भारत माँ की संतानें हैं।

तुझमें राम मुझमें राम, सबमें राम समाया है।

कर लो सभी से प्यार जगत में, कोई नहीं पराया है।।

एक ही माँ के बच्चे हम सब, एक ही पिता हमारा है।

फिर भी ना जाने किस मूरख ने, लड़ना तुम्हें सिखाया है।।

भिड़ना-भिड़ाना तुम्हें सिखाया है।

बदला जमाना तुम भी बदलो, कलह के कृत्य छोड़ो…

प्रेम से समजा को जोड़ो….

तुझमें राम मुझमें राम, सबमें राम समाया है।

कर लो सभी से प्यार जगत में, कोई नहीं पराया है।।

क्यों भैया ! समझ गये न !

हाथ में जल लें और आज से ही संकल्प करें कि ऐसे विद्रोह में आयेंगे नहीं और विद्रोह फैलायेंगे नहीं। ૐ…..ૐ…..ૐ…. शांति….

जय वाल्मीकि ऋषि

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अक्तूबर 1999, पृष्ठ संख्या 19-21 अंक 82

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

मुक्ति कैसे पायें ?


संत श्री आसारामजी बापू के सत्संग-प्रवचन से

असमाधेरविक्षेपान्न मुमुक्षर्न चेतरः।

निश्चित्य कल्पितं पश्यन्ब्रह्मैवास्ते महाशयः।।

ʹज्ञानी पुरुष समाधिरहित होने के कारण मुमुक्षु नहीं है और विक्षेप (द्वैतभ्रम) के अभाव के कारण उसके विपरीत अर्थात् बद्ध भी नहीं है परंतु निश्चयपूर्वक इस सब जगत को कल्पित समझता हुआ ब्रह्मवत् स्थित रहता है।ʹ (अष्टावक्रगीताः 18.28)

अष्टावक्र मुनि कहते हैं कि ज्ञानी महापुरुष को न समाधि है, न विक्षेप है, न मुमुक्षा है। मुमुक्षा उसे प्राप्त होती है जिसे छूटना होता है। ज्ञानी को न छूटना है न बँधना है।

छूटने की चाह भी तो एक इच्छा है। हालाँकि धन की इच्छा, मान की इच्छा, नश्वर भोगों की इच्छा से तो भगवान की भक्ति की इच्छा अच्छी है। फिल्म देखने की इच्छा से तो भजन कीर्तन में जाने की इच्छा ठीक है लेकिन है तो इच्छा ही। फिल्म देखकर मनुष्य थोड़ा रजस-तमस का मजा लेता है तो कीर्तन करके थोड़ा सात्त्विक मजा लेता है लेकिन मजा जहाँ से आता है वहाँ तो उसकी अभी गति नहीं हुई है।

यह बात ठीक है कि अन्य इच्छाओं को मिटाने के लिए मुक्ति की इच्छा की जाये, किन्तु जब मनुष्य ऊँचा उठता है तो एक ऐसी घड़ी आती है कि मुक्ति की इच्छा भी उसे बाधक लगने लगती है। मुक्ति की इच्छा भी जब छूट जाती है तब मनुष्य परम पद पाने का मोक्ष पाने का अधिकारी बनता है।

मुक्ति की इच्छा भी तो भविष्य की इच्छा ही है और जो भविष्य में सुखी होने की इच्छा रखते हैं, भविष्य में भगवान से मिलने की इच्छा करते हैं वे तो मानों संसार की इच्छा को ही दृढ़ करते हैं। जो वर्त्तमान में ही इच्छाओं को छोड़ देते हैं, उनके हृदय में उसी समय परमात्म-प्रेम, परमात्म-रस छलकने लगता है।

मेरे गुरुदेव से किसी व्यक्ति ने प्रश्न किया किः “मुक्ति कैसे पायें ? संसार की इच्छाएँ कैसे छूटें ?”

गुरुदेव बोलेः “मान लो एक कुआँ है जिसमें काई हो जाने के कारण गंदगी हो गयी है। अब कोई पूछे कि ʹइस कुएँ का पानी तो काम नहीं आ सकता। इसको काम में कैसे लाया जाये ?ʹ

जवाब होगाः “मछलियाँ डाल दो।”

काई को तो मछलियाँ साफ कर देती हैं किन्तु धीरे-धीरे मछलियों का परिवार बढ़ जाता है। फिर कछुआ डाल दो। कछुआ धीरे मछलियों को साफ कर देगा। फिर कछुए को भी निकाल दो तो पानी निर्मल हो जायेगा।

ऐसे ही सुख लेने की इच्छाएँ हमें चंचल कर देती हैं, विक्षिप्त कर देती हैं। अतः उस विक्षेप को हटाने के लिए, चंचलता और आसक्ति को हटाने के लिए, सुख लेने की इच्छा हटाने के लिए सुख देने की इच्छा डाल दो तो संसार की विषय-विकारों रूपी काई को साफ करने में मदद मिलेगी और भीतरी सुख उभरने लगेगा।”

वैसे भी सुख लेने की इच्छा हमें वास्तव में दुःख ही देती हैं जबकि सुख देने की इच्छा से आनंद आने लगता है। सेवा लेने वाले को उतना आनंद नहीं आता जितना सेवा करने वाले को आता है। भोजन करने वाले को उतना आनंद नहीं आता, जितना भोजन कराने वाले को आता है। दान लेने वाले को उतना आनंद नहीं आता, जितना उत्साह से दान देने वाले को आता है। यह तो कईयों का अनुभव है।

सेवा करके सुखी होना यह आदर्श भोक्ता के लक्षण हैं जबकि सेवा लेकर सुखी होना यह बीमार भोक्ता के लक्षण हैं… लेकिन हैं दोनों भोक्ता ही। अभी परम शांति से वे दोनों दूर हैं। सेवा करते-करते अन्तःकरण की शुद्धि होने लगती है और उसमें लीन होने से शांति प्राप्त होती है। शांति दोषों की निवर्तक व प्रसाद की जननी है। वह परमात्मशांति ही सार है। परमात्मशांति जहाँ से प्रकट होती है उस परमात्मभाव में जाग जाना परम सार है।

फिर मनुष्य के मन में जिज्ञासा उठने लगती है कि ʹमैं कौन हूँ ? जगत क्या है ? भगवान कैसे हैं ? मुक्ति क्या है ?ʹ आदि। ऐसे प्रश्न जिसके हृदय में अपने-आप उठने लगे तो समझना चाहिए कि उसका भजन फलित हो रहा है। उसमें मोक्ष की आकांक्षा जाग उठती है। फिर साधक देखने लगता है कि ʹकौन सी इच्छा आयी ? इच्छा पूरी हुई तो क्या ?ʹ इस प्रकार उसकी सात्त्विक इच्छाएँ भी छूटने लगती हैं।

सब इच्छाओं को हटाते-हटाते अंत में मुक्ति की इच्छा आये या भगवद्-दर्शन की इच्छा आये तो उसको भी हटा दो। फिर देखो, कितनी शांति और कितना आनंद आपके हृदय में अपने-आप प्रगट होने लगता है ! फिर तो नानकजी की भाषा में आपकी ऐसी स्थिति हो जायेगी किः

भोग-जोग जाके नहीं, वैरी मीत समान।

कह नानक सुन रे मना, मुक्त ताहि ते जान।।

मलिन वासनाओं को हटाने के लिए शुद्ध वासनाओं की आवश्यकता होती है। जगत के आकर्षण और चिंतन से बचने के लिए भगवान के भजन-कीर्तन की, भगवद्-चिंतन की आवश्यकता है लेकिन जब आप वासनाओं को, इच्छाओं को महत्त्व देना बंद कर देते हो, मन से संबंध-विच्छेद कर लेते हो तो फिर शुभ वासनाओं की, शुभ इच्छाओं की भी कोई जरुरत नहीं रह जाती।

तुच्छ इच्छा वासनाओं का  प्रभाव आप पर तब तक ही रहता है जब तक आप सावधान नहीं रहते हो। आप सावधान हो गये तो फिर वासनाओं का प्रभाव भी नष्ट हो जायेगा। वासनाएँ आती हैं मन में और आप असावधान रहते हैं तो उनकी पूर्ति में लग जाते हैं। यदि आप सावधान हो गये तो आप उन्हें पूरी करने में नहीं लग जायेंगे, बल्कि थोड़ा विचार करेंगे। अतः इच्छाओं को मिटाने के लिए सतत् मन का निरीक्षण करते रहो। उसे तुच्छ विषय-विकारों की ओर जाने से रोकते रहो। जैसे पंखा घूमता है किन्तु यदि आप बटन बंद कर दें, विद्युत संपर्क काट दें तो उस पंखे का घूमना कब तक जारी रहेगा ? ऐसे ही आप मन का संबंध काट दोगे तो इच्छाएँ भी कोई प्रभाव नहीं रख सकेंगी।

आप जब मन को सत्ता देते हो तभी वासनाएँ आपको दबा देती हैं। मन को सत्ता देने से, स्वीकृति देने से ऐहिक जगत के नश्वर भोग आप पर हावी हो जाते हैं जबकि मन के द्रष्टा बनने पर आपकी जीत हो जाती है। इसीलिए अष्टावक्र मुनि कहते हैं-

ʹमहापुरुष लोग सारे जगत को कल्पित जानते हैं। उनको न समाधि है न विक्षेप है, न मुमुक्षा है न अन्य कुछ है। वे तो समस्त दृश्य जगत को निश्चित रूप से कल्पित जानकर ब्रह्म में स्थित हो जाते हैं।ʹ

यह जगत कल्पित है। जिस वक्त जैसी कल्पना होती है उस वक्त जगत वैसा ही लगता है। जिन्होंने थोड़ा सा भी सत्संग सुना है उनके मन पर दूसरे की कल्पना का अधिक प्रभाव नहीं पड़ता। …..और यदि वह अपनी कल्पना से आप पार हो जाये तो पूरे विश्व का भी उसके चित्त पर प्रभाव नहीं पड़ता है। वह ʹविश्वजितʹ कहलाता है।

ऐसा नहीं कि किसी की संस्था को देखकर कोई प्रभावित हो जाये कि हम भी ऐसी ही संस्था बनायें, किसी के सौन्दर्य को देखकर आप भी सुन्दर दिखना चाहे, किसी की गाड़ी देखकर खुद भी वैसी ही गाड़ी खरीदने की सोचने लगे। ना ना…. जैसे हर फूल अपनी जगह पर अपने ही ढंग से, सहज रूप से खिलता है, वैसे ही निर्वासनिक पद में आने पर आपसे सहज स्वाभाविक रूप से जो होगा वह बहुत अच्छा होगा। किसी के महल-बँगले, गाड़ी-वाड़ी, बगीचा देखकर वैसा ही बनाने या लेने की इच्छा हो गयी तो वह सब न मिलने पर मन में खटकेगा और मिल गया तो उतना सुख नहीं मिलेगा जितना निर्वासनिक होने पर मिलता है। उन भोगों से प्राप्त सुख तो क्षणिक होगा जबकि निर्वासनिक होने पर सुख का दरिया आपके भीतर ही लहरा उठेगा।

हकीकत में परम पद पाना कठिन नहीं है, लेकिन ये इच्छाएँ ही मनुष्य को जन्म-मरण के चक्र में घुमाती रहती हैं। हाँ, कई बार ऐसा भी होता है कि तुच्छ इच्छाओं की जगह कुछ अच्छी इच्छाएँ उठती हैं, परमात्म-प्राप्ति की भी इच्छा उठती है किन्तु है तो इच्छा ही। तुच्छ इच्छाएँ लोहे की जंजीर हैं तो ये अच्छी इच्छाएँ सोने की जंजीर हैं।ʹ अभी यहाँ ईश्वर नहीं हैं, हिमालय में जाऊँगा तब मिलेंगे….. अभी तो धन कमा लूँ फिर ʹडिपोजिटʹ रखकर पेंशन मँगाकर आराम से भजन करूँगा….ʹ यदि ऐसा सोचने लगे तो समझो आपने मुक्ति के द्वार बंद कर दिये। अतः इच्छाओं का त्याग करो।

इच्छाओं का त्याग करते-करते एक ऐसी ऊँची अवस्था आती है जहाँ समाधि की भी आवश्यकता नहीं पड़ती। रोग हो तब तक औषधि की आवश्यकता पड़ती है और रोग ही न रहे तो औषधि की कोई आवश्यकता ही नहीं है। ऐसे ही जिसकी वासनाएँ पूर्णतः निर्मूल हो गयीं, जिसने निर्वासनिक पद को पा लिया उसके लिए समाधि को भी आवश्यता नहीं रह जाती।

अष्टावक्रजी महाराज इसीलिए कहते हैं- “महाशय ज्ञानी को न समाधि है न विक्षेप है, न मुमुक्षा है न अन्य कुछ। समस्त दृश्य जगत को निश्चय ही कल्पित जानकर वह ब्रह्म में स्थित हुआ है।”

इसी बात को श्री भोलेबाबा ने ʹवेदान्त छन्दावलीʹ में इस प्रकार कहा हैः

करता समाधि है नहीं, जिसमें नहीं विक्षेप है।

नहीं मोक्ष ही है चाहता, रहता सदा निर्लेप है।।

विश्व कल्पित जानकर, नहीं चित्त को भटकाय है।

संलग्न रहता ब्रह्म में, सो धीर शोभा पाय है।।

जिसका महान् आशय है, उसे ʹमहाशयʹ कहा जाता है। महान् आशय है अपने जीवन तत्त्व को जानना। जो अपने ऊपर किसी भी प्रकार की इच्छा वासनाओं की रेखा न खींचे अथवा खींची हुई रेखा को जिसने हटा दिया है, वह ʹमहाशयʹ है। ऐसा महाशय ही समस्त दृश्य जगत को कल्पनामात्र मानकर ब्रह्मस्वरूप में स्थित होता है।

हे मानव ! तू भी उठ, जाग और समस्त इच्छा वासनाओं को त्यागकर एक बार निर्वासनिक पद पाकर तो देख ! फिर मनुष्य तो क्या, समस्त यक्ष, गंधर्व, किन्नर तेरे चरणों में सिर झुकाने को तैयार हो जायेंग… देवता भी तेरे दर्शन कर अपना भाग्य बनायेंगे…. ऐसा तू महिमावान् हो जायेगा।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अक्तूबर 1999, पृष्ठ संख्या 2-5, अंक 82

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

भारतः ज्ञानपूर्ण गुलदस्ता


संत श्री आसारामजी बापू के सत्संग-प्रवचन से

भारत हमेशा ज्ञान का पुजारी रहा है। पुराणों में जो कहा गया है वही आपके सिर पर थोप दिया जाये, ऐसा भारतीय संस्कृति नहीं मानती है। भारतीय संस्कृति संस्थापक कोई पीर, पैगम्बर या कोई एक ऋषि नहीं हैं। अगर एक ही ऋषि ने भारतीय संस्कृति की स्थापना की होती या एक ही काल में सब ऋषि हो गये होते और उनके द्वारा यह संस्कृति अस्तित्त्व में आती तो ज्ञान की इतिश्री हो गयी होती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

भारत में कई ऋषि-मुनि हो गये। अलग-अलग कालों में अलग-अलग ऋषि हुए। मनु महाराज कहते हैं- “अगर मेरा ज्ञान तर्कसंगत है और तुम्हारे हित का है तो उसका आदर करो, नहीं तो मत मानो।” श्रीकृष्ण ने अर्जुन को पूरी गीता सुना दी और फिर अर्जुन से कहाः यथेच्छसि तथा करु। जैसी तुम्हारी इच्छा हो अर्थात् शुद्ध मति और हृदय दोनों के तालमेल से जो तुम्हें अच्छा लगे, वह तुम करो।”

थोपने का काम भारतीय संस्कृति में नहीं है जबकि अन्य मजहबवाले कहते हैं- “जो लिखा है, बस उसे मान लो।” …लेकिन ज्ञान किसी चारदीवारी जेल की तरह किताबों में कैद नहीं हो सकता। ज्ञान नित्य नवीन होता है, नित्य नवीन रस देता है, नित्य नवीन प्रकाश देता है।

हमारा ज्ञान कहता है कि सबमें आपका अपना-आपा परमेश्वर ज्यों-का-त्यों है। इसलिए भारतवासी जिस किसी को अपना बनाने में सफल हो जाते हैं, जिस किसी देश में, जिस किसी भाषावाले लोगों में आसानी से घुल मिल जाते हैं। किसी देश में कोई मत चलता है, किसी देश में कोई धर्म चलता है लेकिन इस देश ने सबको स्वीकार किया, सबको अपने विचार कहने का मौका दिया। कणाद ऋषि कहते हैं कि “सृष्टि परमाणुओं से बनी है…ʹ उनको भी मौका मिला। बुद्धवादी बोलते हैं कि ʹक्षण-क्षण में सब नाश हो रहा है…ʹ – उनको भी मौका मिला। भगवदवादी बोलते हैं कि ʹसृष्टि ईश्वर का संकल्प है….ʹ उनको भी मौका दिया गया।

जैसे भिन्न-भिन्न फूलों से गुलदस्ते की शोभा बढ़ती है, ऐसे ही जिस देश में भिन्न-भिन्न मतांतर हैं वे उस देश की शोभा हैं, गरिमा हैं। विविधता के जगत में यह देश शाहनशाह है।

परदेश के लोग बोलते हैं- “क्या तुम्हारे यहाँ इतने भगवान हैं-भगवान शंकर, भगवान कृष्ण, भगवान राम ?”

उन लोगों को पता नहीं कि शंकराचार्य ने तो पाणिनी मुनि को भी भगवान कहा क्योंकि वे ज्ञान के उपासक थे। ज्ञान ही भगवान है। वे ज्ञान में रम गये थे, विद्या में रम गये थे। सरस्वती को भी यहाँ भगवती मानते हैं। भगवती को अंबा और दुर्गा के रूप में भी मानते हैं। यहाँ ʹसत्यं ज्ञानं अनंतं ब्रह्मʹ की पूजा होती है।

हमारा मन बहुआयामी है, विविधता पसंद करता है। दो मीटर कपड़ा खरीदना होता है तब भी चार दुकानों में घूमते हैं, दो चार डिजाइनें देखते हैं फिर खरीदते हैं। ….तो जिसको अपना सर्वस्व देकर पाना है उसे चाहे जो रूप पसंद आये, उसी रूप में भजें इसमें बुरा क्या है ? उस अनंत को पाने का एक ही पंथ और एक ही ग्रंथ होगा क्या ? अनेक रूपों में उसी की उपासना करते हैं और अऩेक ग्रंथों में उसी के ज्ञान का विवरण है। वेद भी हैं, उपनिषद् भी हैं, ब्रह्मसूत्र भी हैं, गीता भी है। और भी कई ग्रंथ हैं। दुनिया की 578 भाषाओं में श्रीमदभगवदगीता के अनुवाद हो चुके हैं। जिस समय के ग्रंथ में जो कहा गया हो, वह उस समय के लोगों के लिए उनक अपना रहा होगा। इस समय जो कहा जाय वह इस जमाने के लोग और कहने वाले की क्षमता के अनुसार होगा।

किसी ग्रंथ में लिखा होगा किः ʹब्रह्मचारी को नंगे पैर घूमना चाहिए। ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिए। धरती पर सोना चाहिए।ʹ

आचार्य  विनोबा जी ने लिखा है किः “ऐसे ब्रह्मचर्य व्रत का पालन मैंने किया है। यह सब जब लिखा गया था, तब गुरुकुल नदी के किनारे होते थे। चारों ओर हरियाली होती थी, डामर की सड़कें नहीं थीं। इतनी भाग-दौड़ की जिन्दगी नहीं थी। अब की परिस्थिति कुछ और है। मैं नंगे पैर सड़कों पर घूमा किन्तु फायदा होने की जगह नुकसान हुआ। मेरी आँखों पर बहुत बुरा असर पड़ा। तब मुझे पता चला कि उस समय की परिस्थिति में और उस समय की परिस्थिति में क्या फर्क है।”

विनोबाजी ने अपनी गल्ती को स्वीकार करके ज्ञान के नवीन प्रकाश को स्वीकार किया।

जिस किसी मत, पंथ, विचार में जितनी सच्चाई होगी, व्यापकता होगी, जितना वह ʹबहुजनहिताय बहुजनसुखायʹ होगा उतना उसका प्रचार होगा, उतना वह टिकेगा।

लोगों को डर लगता है किः ʹहमारे मत-पंथ के लिए कुछ न कहो, लोगों की श्रद्धा टूट जाएगी…..ʹ

टी.बी. के मरीज को जरा-सी हवा लगे तो ʹबीमार हो जाऊँगा…ʹ ऐसा मरने का भय उसे सदा रहता है। ऐसे शव को लेकर घूमने की जररूत भी क्या है ? जरा से आँधी-तूफान जिसको गिरा देते हैं ऐसे वृक्ष को पहले से ही गिरा हुआ समझो।

ऐसे ही जिस मत या पंथ को विचार की कसौटी गिरा देती है वह तो पहले से ही खोखला है। जो मत या विचार किसी कसौटी पर खरा उतरता है वही सच्चा है। भारतीय संस्कृति ने इस बात को सदा स्वीकार किया है। ऐसे शुद्ध, बलिष्ठ, उन्नत विचारों का आदर करना चाहिए और ज्ञानपूर्वक जीवन जीना चाहिए। जो खुराक बच्चे के लिए बहुत उपयोगी है वह पहलवान के लिए व्यर्थ है और जो पहलवान के लिए हितकारी है वह बच्चे के लिए व्यर्थ है। प्रत्येक के लिए जो उचित हो, वैसा ही आहार-व्यवहार होना चाहिए। उसमें साधारण समझ का उपयोग करना चाहिए।

यस्य ज्ञानमयं तपः…..

ʹआस्तिक बनो। धर्म को साथ लो।ʹ इसका मतलब क्या ? केवल पूजा-कक्ष में बैठना ही धर्म नहीं है। यज्ञ की वेदी पर ही धर्म संपन्न नहीं होता है। युद्ध के मैदान में भी धर्म को साथ रखो, ज्ञान को साथ रखो, समझ को साथ रखो। उचित, अनुचित के विवेक को जागृत रखो। बाजार में व्यापार में भी ज्ञान को, समझ को साथ रखो। घर-परिवार में भी समझ को साथ रखो, ज्ञान का आदर करो। सोते-जागते, खाते-पीते, उठते-बैठते भी धर्म को, ज्ञान को साथ रखो, भगवान को साथ रखो। भगवान को मत भूलो, ज्ञान को मत भूलो।

ज्ञान का आदरच जितना भारत देश ने किया है, उतना और किसी ने नहीं किया है।

रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने ʹशांति निकेतनʹ की स्थापना की। दुनिया के सभी धर्मों के ऋषियों का, उनके ज्ञान का आदर किया। यहाँ एमर्सन और महात्मा थोरो जैसे पश्चिम के विचारकों के ज्ञान का भी आदर किया गया है और एकनाथ महाराज, तुकाराम महाराज, ऋषि दयानंद जी, नानक जी, कबीर जी लीलाशाहजी महाराज के ज्ञान का भी आदर किया गया है। चाहे आईन्स्टीन जैसे वैज्ञानिक हों, चाहे कोई प्रकृति प्रेमी हो या समाजसेवक हो, जो भी ʹबहुजनहिताय बहुजनसुखायʹ अपने को समर्पित कर देते हैं, ऐसे व्यक्तियों का सत्कार भारतवासियों ने किया है, चाहे वे देशी हों या विदेशी हों। भारत ने जितने अन्य मत-पंथ-मजहबों को गले लगाया है ऐसा और किसी देश ने नहीं किया है। कुछ देश तो ऐसे हैं जहाँ आप मंदिर नहीं बना सकते। उनको भी हम कहते हैं कि आप हमारे हैं क्योंकि हमारी संस्कृति ने हमें यही सिखाया है कि सबके मूल में वही एक ʹसत्यं ज्ञानं अनंतं ब्रह्मʹ है। हम सहिष्णु हैं, उदार हैं लेकिन सहिष्णुता और उदारता के नाम पर कायरता को पोषण देने वाले नहीं हैं। भगवान श्रीकृष्ण भी कहते हैं-

क्षुद्रं हृदयदौर्बल्यं त्यक्त्वोत्तिष्ठ परंतप। (गीताः2.3)

ʹदुष्टों को तपाने वाले हे परंतप ! अपने हृदय की क्षुद्र दुर्बलता को त्यागकर उठो।ʹ

यह ज्ञान का आदर है। हमारा भारत परम गहन ज्ञान की नींव पर खड़ा है। भले अभी हम थोड़ा-बहुत इसे भूल गये हैं, लेकिन यह ज्ञान और इस ज्ञान के देने वाले गुरु अभी भी इस देश में हैं। यह ज्ञान नष्ट नहीं हुआ है। यह फिर से पनपेगा और भारत आध्यात्मिकता के शिखर पर पहुँचकर पुनः विश्व का गुरु बनेगा, बिल्कुल पक्की बात है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अक्तूबर 1999, पृष्ठ संख्या 11,12,13 अंक 82

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ