Tag Archives: Prerak Prasang

Prerak Prasang

ब्रह्मज्ञानी की गत ब्रह्मज्ञानी जाने


पूज्यपाद संत श्री आसारामजी बापू

परमात्मा सदा से है, सर्वत्र है। उसके सिवाय अन्य कुछ है ही नहीं। इस बात को जो समझ लेता है, जान लेता है वह परमात्मारूप हो जाता है। सूर्य के उदित होते ही संपूर्ण जीव सृष्टि अपने-अपने गुण स्वभाव के अनुसार अपने अपने कार्य में संलग्न हो जाती है। सूर्य को कुछ नहीं करना पड़ता है। जैसे सूर्य अपनी महिमा में स्थित रहकर चमकता रहता है, ऐसे ही परमात्मा-प्राप्त महापुरुष का जीवन आत्मसूर्य के प्रकाश में प्रारब्ध वेग से व्यतीत होता रहता है।

अजमेर में ऐसे ही एक संत बूलचंद सोनी ही गये जिन्होंने अपना जीवन आत्मसूर्य के प्रकाश में बिताया। पूर्व के पुण्य-प्रभाव से उनकी बुद्धि में विवेक का उदय हुआ। उन्होंने सोचाः ʹजिंदगी भर संसार की खटपट करते रहने में कोई सार नहीं है। आयुष्य ऐसे ही बीता जा रहा है। ऐसा करते-करते एक दिन मौत आ जायेगी। अतः अपने कल्याण के लिए भी कुछ उपाय करने चाहिए।ʹ

ऐसा सोचकर वे कोई ऐसा संग ढूँढने में लग गये जो उऩ्हें ईश्वर के रास्ते ले चलें, उसमें सहयोगी हो सके। ढूँढते-ढूँढते उन्हें कुछ पण्डित मिल गये। वे कुछ समय तक उन लोगों के साथ रहे और उनके कथनानुसार सब कुछ करते रहे, परंतु थोड़े ही दिनों में वो ऊब गये। उन्हें लगा कि चित्त में आनंद नहीं उभर रहा है, भीतर की शांति नहीं मिल रही है। अतः पंडितों का साथ छोड़कर वे पुनः किसी सत्पुरुष की खोज में चल पड़े।

मिल जाये कोई पीर फकीर, पहुँचा दे भव पार।

खोजते-खोजते वे पहुँच गये एक तत्त्वज्ञानी महापुरुष के श्रीचरणों में।

गीता में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं-

तद्विद्धि प्रणिपातेन परिप्रश्नेन सेवया।

उपदेक्ष्यन्ति ते ज्ञानं ज्ञानिनस्तत्त्वदर्शिनः।।

ʹउस ज्ञान को तू तत्त्वदर्शी ज्ञानियों के पास जाकर समझ, उनको भली भाँति दण्डवत प्रणाम करने से, उनकी सेवा करने से और कपट छोड़कर सरलतापूर्वक  प्रश्न करने से वे परमात्मतत्त्व को भली-भाँति जानने वाले ज्ञानी महात्मा तुझे उस तत्त्वज्ञान का उपदेश करेंगे।ʹ (श्रीमद् भगवद् गीताः 4.34)

बूलचंद सोनी विनम्रतापूर्वक उन महापुरुष की शरण में रहे। उनके आदेशानुसार जप-ध्यानादि करते हुए धीरे-धीरे वे भी ब्रह्मज्ञान पाने के अधिकारी हो गये और संत की करुणा कृपा सरे आत्म-परमात्मज्ञान में उनकी स्थिति हुई।

अब उन्हें कर्मकाण्ड आदि बातें व्यर्थ लगने लगीं। उनमें उनकी दिलचस्पी ही नहीं रही। पंडितों की बातों से उनका मेल नहीं बैठता था क्योंकि उन्होंने अब जान लिया था कि कर्मकाण्ड क्या है और सत्यस्वरूप आत्मा का ज्ञान क्या है।

उन पंडितों ने देखा कि अब ये हमारे पास नहीं आते हैं, अतः वे उन्हें समझाने लगे कि “भाई ! तुम अब यहाँ क्यों नहीं आते हो ? यज्ञादि में भाग क्यों नहीं लेते हो ?”

उन्होंने कहाः “प्रार्थना से भगवान प्रसन्न होते हैं, यज्ञ से भगवान प्रकट होते हैं, यह सब ठीक तो है लेकिन यह सब तभी तक ठीक था जब तक मैंने अपने भगवद् स्वरूप को नहीं जाना था। अब मैंने जान लिया है कि मैं भी भगवद् स्वरूप हूँ तो क्यों गिड़गिड़ाऊँ ?”

उनकी ऐसी बात सुनकर वे लोग चिढ़ गयेः “तुम क्या बकते हो ? क्या तुम भगवान हो ? अपने को भगवान मानते हो ?”

बूलचन्द सोनीः “यह तो आप भगवान को सब कुछ समझ रहे हो, इसलिए कहता हूँ कि ʹमैं भगवान हूँʹ अन्यथा तो भगवान की सत्ता जिससे है और सब देवी-देवता जिसकी सत्ता से प्रगट होते हैं वह चैतन्य ब्रह्म मैं हूँ। इस बात को मैं मानता हूँ और जानता भी हूँ।”

पंडितः “अच्छा… तो तुम भगवान को नहीं मानते हो ?”

फिर सब पंडित आपस में कहने लगेः “यह तो नास्तिक हो गया है।”

शेर अकेला होता है, भीड़ भेड़ियों की होती है। सब पंडितों ने मिलकर घेर लिया बूलचंद सोनी को और कहने लगेः “तुम ब्रह्म हो-यह बात हम तब मानेंगे, जब तुम कोई करिश्मा दिखाओगे।”

साधारण लोग यह बना-बनाया जगत देखते हैं तो समझते हैं कि भगवान ने बनाया है, परंतु ऐसी बात नहीं है। ब्रह्म में जगत विवर्तरूप होकर भासता है, भ्रांतिरूप होकर भासता है। इसे किसी ने बैठकर बनाया नहीं है। यदि जगत ऐसे बना है जैसे कुम्हार मिट्टी से घड़ा बनाता है तो जिन पाँच महाभूतों से जगत बना है वह मिट्टी, हवा, जल आदि बनाने का कच्चा माल भी त चाहिए ! वह कच्चा माल भगवान लाये कहाँ से ?

ऐसा तो नहीं है कि भगवान ने कुछ कच्चा माल लाकर पृथ्वी, जल, वायु आदि बनाकर चिड़िया आदि जीवों को रख दिया है कि जाओ खेलो। परंतु लोग ऐसा समझ रहे हैं कि भगवान ने दुनियाँ बनायी और वो खेल देख रहा है। मंद मति के लोगों को असरी बात का पता ही नहीं है। भेड़ों की भीड़ की तरह वे चल रहे हैं। इसलिए भगवान को वे मानते हैं, भगवान में श्रद्धा रखते हैं। लेकिन उनमें से कोई विरला होता है जो अपने-आपको भगवद् स्वरूप जान लेता है, बाकी तो सब ठनठनपाल रह जाते हैं।

पंडितों की करिश्मा दिखाने की बात सुनकर बूलचंद हँस पड़े।

“भाई ! क्यों हँसते हो ?”

“अरे ! तुम मुझे करिश्मा दिखाने के लिए कहते हो ? तुम कितने भोलेभाले हो ! तुम मैनेजर का काम सेठ को सौंपते हो। सृष्टि बनाने का संकल्प ब्रह्मजी करते हैं। बूलचंद का शरीर तो ब्रह्माजी का दास है किन्तु मैं बूलचंद नहीं हूँ। मैं तो वह हूँ जिससे चेतना लेकर ब्रह्माजी संकल्प करते हैं। ब्रह्माजी का चित्त एकाग्र है, इसलिए उनका संकल्प फलता है। बूलचन्द का अंतःकरण एकाग्र नहीं है, इसलिए उसका संकल्प नहीं फलता है। लेकिन बूलचंद एवं ब्रह्माजी दोनों के अंतःकरण को चेतना देने वाला चैतन्य आत्मा एक है और मैं वही हूँ।”

वे पंडित तो  मूढ़वत उऩकी बातें सुनते रहे उनको ये बातें जँची नहीं और वे सब वहाँ से उठकर चल दिये।

यह जरूरी नहीं है कि आपको आत्म-साक्षात्कार हो जाये तो आप भी कुछ चमत्कार कर सको। करना धरना अंतःकरण में है और वह एकाग्रता से होता है। ब्रह्म में कुछ नहीं है। ब्रह्म कुछ नहीं करता है। ब्रह्म तो सत्ता मात्र है। सारी क्रियाएँ, सारी सत्ताएँ उसी से स्फुरित होती है। जिनका अंतःकरण एकाग्र होता है, उनके जीवन में चमत्कारिक घटनाएँ घट सकती हैं। लेकिन चमत्कार के बिना भी ज्ञान हो सकता है।

वेदव्यासजी और वशिष्ठजी के जीवन में चमत्कार भी है और ज्ञान भी है। साँईं श्री लीलाशाह जी महाराज के जीवन में भी चमत्कार और ज्ञान दोनों हैं। किसी के पास अकेला ज्ञान है, तब भी वह मुक्त ही है। योग-सामर्थ्य हो चाहे न हो किन्तु मुक्ति पाने के लिए तत्त्वज्ञान हो-यह बहुत जरूरी है। ज्ञान से ही मुक्ति होती है। ऐसा ज्ञान पाया हुआ आदमी सब प्रकार के शोकों से तर जाता है। उसका मन निर्लेप हो जाता है। शोक के प्रसंग में शोक बाधित होता है एवं राग के प्रसंग में राग बाधित होता है। काम और क्रोध के प्रसंग में काम और क्रोध बाधित होते हैं। नानकजी ने भी यह कहा हैः

ब्रह्मज्ञानी सदा निर्लेपा, जैसे जल में कमल अलेपा।

ब्रह्मज्ञानी की मत कौन बखाने, नानक ब्रह्मज्ञानी की गत ब्रह्मज्ञानी जाने।।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मई 1999, पृष्ठ संख्या 15-17, अंक 77

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

आखिरी बात


पूज्यपाद संत श्री आसारामजी बापू

एक बार एक ब्रह्मवेत्ता महापुरुष को उनके शिष्य समुदाय ने घेर लिया एवं प्रार्थना कीः “गुरुजी ! हम सब आपके दर्शन तो कई बार करते हैं और अब हमें प्रभु के दर्शन करना चाहिए, प्रभुतत्त्व का साक्षात्कार करना चाहिए-यह सब भी हम समझते हैं, मानते हैं। अतः गुरुजी ! अब एक बार आप हमें आखिरी बात सुनाने की कृपा कर दीजिये।”

गुरुः “हम तो ढूँढते ही रहते हैं कि आखिरी बात सुनने वाला कोई मिल जाए। लगता है तुम लोगों को भगवान ने ही भेजा है।”

शिष्यः “गुरुजी ! अब आप आखिरी बात सुना ही दीजिये।”

गुरुः “जिस किसी को भी आखिरी बात सुननी है, वह मेरे जन्मदिन पर आ जाये।”

शिष्यः “किस जन्मदिन पर ?”

गुरुः “जिस दिन मेरे गुरु ने मुझे आत्म-साक्षात्कार कराया था, जिस दिन गुरूरूप में मेरा जन्म हुआ था, उस दिन तुम लोग आ जाना।”

चारों तरफ खबर फैल गयी कि अपने आत्म-साक्षात्कार के दिन गुरु जी आखिरी बात बताने वाले हैं। अतः दूर दराज से लोग गुरु आश्रम में एकत्रित होने लगे। कई विद्वान, पंडित एंव शास्त्रज्ञ लोग भी आये। इस प्रकार वहाँ बड़ी भीड़ जमा हो गयी। बड़े-बड़े मण्डप बन गये। किन्तु उन महापुरुष को मानो, इन सबसे कोई लेना देना ही नहीं था। वे तो अपनी कुटिया से सहज स्वाभाविक मस्ती में बाहर निकले।

सदगुरु महाराज की जय….

इस जयघोष से गगनमंडल गूँज उठा। जयघोष के बाद दो चार प्रतिनिधि साधकों ने आगे बढ़कर कहाः “गुरुजी ! आज वही दिन है, जिस दिन आप आखिरी बात सुनाने वाले हैं।”

गुरुजीः “ठीक है। अच्छा हुआ, मुझे याद दिला दिया। आज आखिरी बात सुनानी है। सब लोग तैयार होकर बैठ जाओ।”

सब लोग शांत होकर बैठ गये ताकि गुरुजी की आखिरी बात का एक शब्द भी कहीं छूट न जाये। आज तो मानो, कानों को भी आँखें फूट निकलीं कि हम सुनेंगे भी और देखेंगे भी। मानो, आँखों को कान फूट निकले कि हम निहारेंगे भी और सुनेंगे भी।

इतने में वे महापुरुष मंच पर आये और सो गये। दस…. बीस…. तीस… चालीस…. पचास मिनट हो गये, घण्टा… दो घण्टा हो गये… शिष्यों ने सोचा किः ʹपता नहीं, गुरु जी को क्या हो गया है ?ʹ लल्लू पंजू शिष्य तो रवाना हो गये लेकिन जो जिज्ञासु थे उन्होंने सोचा किः “बैठे बैठे तो गुरु जी को कई बार सुना है, आज वे लेट गये हैं तो लेटे लेटे ही कुछ न कुछ कहेंगे।ʹ

इस प्रकार सब अपनी अपनी मति एवं भावना के अनुसार विचारने लगे। फिर उनमें से भी कुछ लोग ऊबकर चले गये।

इस प्रकार लगभग चार घण्टे व्यतीत हो गये। अब कुछ गिने गिनाये लोग ही बचे। तब गुरु जी उठे। उन्हें उठा हुआ देखकर प्रतिनिधि शिष्यों ने कहाः “गुरुजी ! आज तो आपने बहुत देर तक आराम किया। अब तो चारों ओर लोग आपकी और हमारी मखौल उड़ायेंगे कि ʹअच्छी आखिरी बात सुनायी….ʹ गुरु जी ! आपने तो कुछ सुनाया ही नहीं, वरन् आराम करने लगे। आप कुटिया में आराम कर लेते। इधर लोगों के सामने मंच पर….? गुरु जी ! आपने यह क्या किया ?”

गुरुजीः “मैं सोया नहीं था।”

शिष्यः “आप सोये नहीं थे ?”

गुरुजीः “नहीं। तुम लोगों ने आखिरी बात सुनाने के लिए कहा था न ? मैंने वही आखिरी उपदेश दिया था। आत्म-साक्षात्कार कैसा होता है, यही मैंने बताया।

गहरी नींद में क्या होता है ? क्या उस वक्त पता चलता है कि ʹमैं हिन्दू, मुस्लिम, ईसाई पारसी, गुजराती, पंजाबी या सिंधी हूँ ?ʹ अथवा ʹकुछ है…. कुछ खोया है?ʹ या फिर ʹकुछ लेना है…. कुछ देना है….ʹ आदि ? नहीं। गहरी नींद में कुछ पता नहीं चलता, उस वक्त कोई स्फुरणा नहीं होती। ऐसे ही आत्म-साक्षात्कार का भी मतलब है कि चित्त में कोई स्फुरणा न हो। ज्ञानी के सब काम निःस्फुरण, निःसंकल्प एवं कर्त्तृत्वभाव से रहित होते हैं। अभी तक मैं यह बात सैद्धान्तिक तौर पर तो बोल ही रहा था किन्तु तुमने सुना नहीं, अतः आज मैंने प्रयोग करके बताया।”

शिष्यः “गुरुजी ! क्या आत्म-साक्षात्कार सचमुच ऐसा ही होता है ?”

गुरुजीः “हाँ सचमुच में, झूठमूठ में नहीं। जब आत्म-साक्षात्कार करना हो तो उठो… जागो…. अपने-आपसे पूछो किः “मैं कौन हूँ ?ʹ अपने आपको खोजो। खोजते समय जो कुछ तुम्हारे देखने में आता जाये, उसको हटाते जाओ। जैसे, यह भी नहीं….. यह भी नहीं…. मैं हाथ भी नहीं… पैर भी नहीं…. हाथ और पैरों को क्रिया करने की प्रेरणा देने वाला मन भी नहीं… मन को चलाने वाला प्राण भी नहीं… प्राण को चलाने वाली चिदावली भी नहीं…. इस प्रकार सूक्ष्म दृष्टि से मन, बुद्धि, चित्त, अहंकार आदि को हटाते-हटाते जब तुम्हारी वृत्ति सूक्ष्म हो जायेगी, तब मौन को उपलब्ध हो जाओगे।

जैसे, अन्धेरे कमरे में पड़ी हुई किसी वस्तु को देखना है तो दीया, टॉर्च आदि काम आता है किन्तु वही दीया जब सूर्य के सामने रखा जाता है तो उसका प्रकाश सूर्य के प्रकाश में समा जाता है। ऐसे ही व्यवहार-काल में, लेन-देन में, इधर-उधर के प्रसंगों में अथवा परमात्मा की खोज में मन-बुद्धि काम तो आते हैं किन्तु जब वे परमात्मप्रकाश में आ जाते हैं तो उनका यानी मन-बुद्धि का, टिमटिमाते दीये जैसा प्रकाश परमात्मा के प्रकाश में लीन हो जाता है। वे अंतर्मुख हो जाते हैं… शुद्ध हो जाते हैं।

मन-बुद्धि से तुम जगत को जान सकते हो, परमात्मा को नहीं। फिर भी मन-बुद्धि ज्यों-ज्यों परमात्मा के अभिमुख होते जाते हैं, त्यों-त्यों परमात्मा में तदाकार होते जाते हैं। जैसे, नमक की पुतली सागर की थाह पाने जाये तो स्वयं सागर में ही समा जायेगी। फिर उसका अपना अलग से अस्तित्व नहीं रह जायेगा। ऐसे ही जब बुद्धि परमात्मा में स्थिर हो जाती है तो फिर वह बुद्धि, बुद्धि नहीं रहती, ऋतंभरा प्रज्ञा हो जाती है।

महापुरुष जब परमात्मा में डुबकी लगाकर कोई कार्य करते हैं, तब लोगों को लगता है कि उनके मन-बुद्धि एवं इन्द्रियों से कार्य हो रहा है। स्वयं महापुरुषों को कभी नहीं लगता कि ʹये मन, बुद्धि एवं इन्द्रियाँ हैं।ʹ वे तो सदैव एक चैतन्य का अनुभव करते हैं…. फिर भी यह बात वाणी से नहीं कही जा रही है। अन्यथा उस अनुभव के आगे तो वाणी भी अधूरी है। नानक जी ने कहा हैः

मत करो वर्णन हर बेअंत है। क्या जाने वो कैसो है ?

फिर भी उसके इर्द-गिर्द की बातें सुनने से जो पुण्य होता है वह पुण्य न तो तप करने से होता है, न यज्ञ करने से चऔर न ही चांद्रायण व्रत करने से। इसीलिए बड़े-बड़े तपस्वी, यति-योगी, संन्यासी आदि भी सत्संग के अभाव में कई बार आत्म-साक्षात्कार की बात से चूक जाते हैं।

संत निश्चलदासजी ने ʹविचारसागरʹ नाम का एक ग्रन्थ लिखा है। उसमें आत्म-साक्षात्कार से संबंधितच बातें भरी हुई हैं। एक दिन संत निश्चलदासजी ने कुछ साधुओं से कहाः “सुबह पाँच बजे के समय बुद्धि सात्त्विक रहती है। वह समय ध्यान-भजन के लिए भी उपयुक्त रहता है। यदि तुम लोग चाहो तो उस समय तुम्हें ʹविचार सागरʹ पढ़ाऊँगा।”

उनके पास अनेकों साधु आते थे। ʹविचार सागरʹ का सत्संग एक दिन… दो दिन…. तीन दिन…. चार दिन… चला। फिर एक-एक करके साधु कम होने लगे। ज्यों-ज्यों संत गहरी बात सुनाते गये, त्यों-त्यों लोग ऊबते गये। आखिरकार धीरे-धीरे सब साधु भाग गये क्योंकि मन को रूखा लगता था न !

मन को थोड़ा मनोरंजन चाहिए। इन्द्रियों को भी इन्द्रियविषयक भोगों का त्याग करते-करते, मन का त्याग करते-करते जब पूर्ण त्याग की घड़ियाँ आती हैं तब आत्म-साक्षात्कार हो जाता है। जैसे लोहे के टुकड़े को एक बार पारस का स्पर्श करा दो तो फिर उसे कीचड़ में रखने पर भी जंग नहीं लगता, ऐसे ही मन बुद्धि को परमात्मतत्त्व का एक बार अनुभव हो जाये, तो फिर उनमें जगत की सत्यता नहीं टिकती।

फिर वह पुरुष व्यवहार करता हुआ तो दिखेगा लेकिन उसका व्यवहार दिखने मात्र का होगा। जैसे भुना हुआ बीज और कच्चा बीज, दोनों दिखते तो एक जैसे हैं लेकिन कच्चा बीज, दोनों दिखते तो एक जैसे हैं लेकिन कच्चा बीज दूसरे बीज उत्पन्न करने की क्षमता रखता है जबकि भुना हुआ बीज दिखने मात्र का होता है, वह अपनी वंश परंपरा नहीं चला सकता। ऐसे ही मन जब ब्रह्मविद्या में भुना जाता है, तो उस मन से प्रारब्धवेग से थोड़ा-बहुत सांसारिक व्यवहार होता है लेकिन वह दूसरे कर्मों की जाल उत्पन्न नहीं करता। उसका जन्म-मरण का चक्र समाप्त हो जाता है। इसीलिए कबीर जी कहते हैं-

मन की मनसा मिट गयी, भरम गया सब छूट।

गगनमंडल में घर किया, काल रहा सिर कूट।।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मई 1999, पृष्ठ संख्या 2-4, अंक 77

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

संत महिमा


पूज्यपाद संत श्री आसारामजी बापू

गुजरात में नड़ियाद के पास पेटलाद नामक ग्राम में रमणलाल नाम के एक धर्मात्मा सेठ रहते थे। वे चाहते थे क हमारे पेटलाद में शराब की बोतलें नहीं अपितु हरिनाम की, हरिरस की प्यालियाँ बँटे। साधु संतों के प्रति उनका बड़ा झुकाव था।

अति पापियों को तो संत-दर्शन की रुचि भी नहीं होती। जिसके पाप नष्ट होते हैं, उसी की श्रद्धा साधु-संतों में टिकती है। अगर कोई कुकर्म करता है तो उसके पाप जोर पकड़ते हैं एवं वह साधु-संतों का विरोधी हो जाता है।

किसी आदमी के कुल का विनाश होगा या विकास होगा – यह जानना हो तो देखो कि उस आदमी को साधु-संतों के प्रति श्रद्धा है या उनकी निंदा करता है ? उस आदमी के विचार ऊँचे हैं या हल्के हैं ?

मुझे भविष्य में सुख मिलेगा कि दुःख – यह मैं अभी जान सकता हूँ। अगर मेरे मन में कुकर्म के विचार आ रहे हैं, परदोष दर्शन हो रहा है, दूसरे को गिराकर, छल-कपट करके ऊँचा होना चाहता हूँ तो मेरे भविष्य में अशांति और दुःख लिखा है। अगर मैं दूसरे की भलाई चाहता हूँ, कष्ट सहकर भी परोपकार करना चाहता हूँ तो मेरा भविष्य उज्जवल है।

अगर मन में बुरे विचार आते हैं तो हमारा कर्त्तव्य है कि उन्हें काट दें। जो व्यक्ति अपने-आपको नहीं संभालता है, उसको देवता भी कब तक संभालेंगे ? भगवान भी कब तक संभालेंगे ?

हिम्मते बंदा तो मददे खुदा। बेहिम्मत बंदा तो बेज़ार खुदा।।

सत्कर्म करने में हिम्मत करनी चाहिए। मन तो धोखा देगा कि ʹअपना क्या…. अपना क्या ? अरे ! अपने पेट के लिए, अपने परिवार के लिए तो कुत्ता भी जी लेता है लेकिन जो रब के लिए, समाज की आध्यात्मकि उन्नति के लिए जीते हैं, उनका जीवन धन्य हो जाता है।

रमणलाल ऐसे ही पुण्यात्मा सेठ थे। गाँव में साधु-संतों को बुलाकर, उनका बड़ा आदर-सत्कार करते थे। भगवत्परायण साधु-संतों को सदगुरु मानकर उनके आश्रम में स्वयं भी यदा-कदा जाया करते एवं जहाँ जाकर चुपचाप सेवा करते थे।

संतों का हृदय ही ऐसा होता है कि वे किसी की सेवा नहीं लेते हैं और यदि लेते भी हैं तोत उसका कल्याण करने के लिए लेते हैं।

संत की महिमा वेद न जाने। जेता जाने तेता बखाने।।

एक संत हजारों असंतों को संत बना सकते हैं लेकिन हजारों संसारी मिलकर भी एक संत नहीं बना सकते। संत बनना कोई मजाक की बात नहीं है। एक नेता जाता है तो उसकी कुर्सी पर दस आ जाते हैं लेकिन भारत में दस ब्रह्मज्ञानी संत इस संसार से चले और एक भी उनकी जगह पर नहीं आया।

एक संत कइयों की डूबती नैया को पार लगा सकते हैं, कई पापियों को पुण्यात्मा बना सकते हैं, कई अभागियों को भाग्यवान बना सकते हैं, कई नास्तिकों को आस्तिक बना सकते हैं, अभक्तों को भक्त बना सकते हैं, अशांतों को शांत बना सकते हैं और शांत में शांतानंद प्रगट कराके उसको मुक्त महात्मा बना सकते हैं।

राजा सुषेण नाव में यात्रा करते-करते कहीं जा रहे थे। मार्ग में आँधी तूफान आने की वजह से उनकी नाव खतरे में पड़ गयी, जिससे उनकी पत्नी, उनके इकलौते पुत्र, उनके स्वयं के तथा एक महात्मा के प्राण संकट में पड़ गये।

यह देखकर राजा सुषेण पुकार उठेः “बचाओઽઽઽ ! और किसी को भले नहीं, लेकिन इन महात्मा जी को बचा लो….”

वे एक बार भी यह नहीं बोले कि ʹरानी को बचाओ…. पुत्र को बचाओ…. मुझे बचाओ…..ʹ नहीं नहीं। उन्होंने तो बस, रट लगा  दी कि ʹबाबाजी को बचाओ…. बाबा जी को बचाओ….ʹ

बड़ी मुश्किल से, दैवयोग से नाव किनारे लगी। राजा के जी-में-जी आया। किनारे पर उतरकर मल्लाह ने कहाः “राजन ! आपने एक बार भी नहीं कहा कि मुझे बचाओ, रानी को बचाओ, राजकुमार को बचाओ। बस, बाबाजी को बचाओ, ऐसा क्यों ?”

राजाः “ऐसा बेटा तो दूसरा भी आ सकता है। रानियाँ भी कई आती और जाती हैं। मेरे जैसे राजा भी कई हैं। मेरे मर जाने के बाद दूसरा गद्दी पर आ जायेगा लेकिन ये हजारों के दिल की गद्दी पर दिलबर को बैठाने वाले संत बड़ी मुश्किल से आते हैं इसलिए ये बच गये तो समझो, सब बच गये। इनकी सेवा हो गयी तो समझो, सबकी सेवा हो गयी।”

सेठ रमणलाल भी इसी भाव के अनुसार अपनी संपत्ति को संतसेवा में लगा देते। लोग उन्हें कहते कि ʹकुछ हमारा पैसा भी स्वीकार कर लेंʹ तो वे कहतेः “अभी नहीं, भाई ! दान के पैसे हैं लोहे के चने। इसका सदुपयोग करेंगे तो कुल आबाद होगा, नहीं तो सात पीढ़ी कंगाल हो जायेगी। मुझे अभी जरूरत नहीं है। जब जरूरत होगी, तब तुमसे ले लूँगा। पहले अपना लगाऊँगा।”

दान अपने घर से शुरु होता है, सेवा अपने शरीर से शुरु होती है, भक्ति अपने मन से शुरु होती है और आत्मज्ञान अपनी सदबुद्धि से शुरु होता है।

सत्संग सुनते-सुनते सेठ रमणलाल की बुद्धि बहुत तेजस्वी हो गयी। देखो, सत्संगी हो चाहे कुसंगी हो, अच्छा आदमी हो चाहे बुरा आदमी हो, चढ़ाव-उतार के दिन तो सबके आते ही हैं। श्रीराम के भी आते हैं और रावण के भी आते हैं। तब भी श्रीराम हृदय से पवित्र रहते हैं, सुखी रहते हैं और चढ़ाव के दिन आते हैं तब भी निरहंकारी रहते हैं। जबकि पापी आदमी के चढ़ाव के दिन आते हैं तो वह घमंड में मरता है और उतार के दिन आते हैं तो विषाद में कुचला जाता है।

सन् 1950-52 के आसपास का समय था। सेठ रमणलाल के भी उतार के दिन आये। पेटलाद में हाहाकार मच गया कि ʹइतना धर्मात्मा किन्तु दिवाला निकलने की नौबत !ʹ सेठ रमणलाल स्वयं भी बड़े चिंतित थे। उस समय लोग कहने लगेः ʹअरे ! इतना बड़ा सत्संग हाल बनाया, संतों की इतनी सेवा की, फिर भी उनका दिवाला निकल रहा है…!ʹ

वास्तव में सत्संग करने से सेठ रमणलाल का धंधा ठप्प नहीं हो रहा था, वरन् इस समय बाजार की मंदी एवं उतार का समय होने से धंधा ठप्प हो रहा था। किन्तु सत्कर्मों की वजह से ऐसी विकट परिस्थिति में भी सेठ रमणलाल में काफी समझ थी। अतः वे एक महात्मा के पास गये, जिनका नाम था नारायण मुनि। उनके पास जाकर रमणलाल ने कहाः

“महाराज ! दिल खोलकर बात बताता हूँ कि नौकरों ने कुछ उल्टा-सीधा किया है, बाजार थोड़ी मंदी है और जिन लोगों ने मेरे पास डिपाजिट रखी थी, उन लोगों का विश्वास टूट गया है। सब एक साथ डिपाजिट लेने आ रहे हैं। अतः अब रातों-रात दिवाला निकलने के सिवाय मेरे पास कोई चारा नहीं रह गया है। फिर भी सत्संग किया है, सत्कर्म किया है इसलिए बुद्धि में यह प्रेरणा आयी है कि चलूँ, संत से कुछ मार्गदर्शन ले लूँ।”

यह सत्संग का फल है। कष्ट है, भारी कष्ट है। सात पीढियों को कलंक लगे कि ʹयह दिवालिया है।ʹ और उधर परलोक में भी दुःख भोगना पड़े, ऐसा अवसर आ रहा है। फिर भी बचने की जगह पर जा रहे हैं।

नारायण मुनि ने कहाः “जब दिवाला निकालने का तुमने सोच ही लिया है तो कुछ-न-कुछ रकम अपने हाथों में करने की योजना बनायी होगी। कोई भी आदमी दिवाला निकालने के पहले अपना कुछ-न-कुछ पैसा बचा लेता है। सच बता, तूने कितना सरकाया है ?”

रमणलालः “महाराज ! अभी थोड़ा इधर-उधर करूँगा, तो लाख-सवा लाख रूपये मेरे हाथ में आ जायेंगे।”

नारायण मुनिः “अच्छा, तो वह सवा लाख रूपये तू मुझे दे दे। मैं उससे इधर पाठशाला खोलूँगा और तेरी रक्षा भगवान करेंगे।”

रमणलालः “जो आज्ञा, महाराज !”

दिवाला निकलने में जो लाख-सवा लाख रूपये की रकम बचेगी, उसे भी नारायण मुनि माँग रहे हैं और रमणलाल स्वीकार कर रहे हैं…. कैसी उत्तम समझ है “!

नारायण मुनि ने घोषणा कर दी कि ʹसेठ रमणलाल की तरफ से मैं पाठशाला बनवा रहा हूँ।”

डिपाजिट माँगने वालों ने सुना कि ʹसेठ दिवालियाँ हैं और वे तो सवा लाख रूपये पाठशाला के लिए दे रहे हैं ! वे दिवालिया कैसे हो सकते हैं ? अरे ! डिपाजिट दें तो उन्हीं को दें।ʹ

सारी डिपाजिट उनके पास वापस आ गयी और रमणलाल गिरते-गिरते ऐसे चढ़े कि बाद में तो उन्होंने कई सत्कर्म किये, कई भण्डारे किये और साधु-संतों की खूब सेवा की। ʹरमणलाल औषधालयʹ, नाराण मुनि पाठशाला आदि आज भी उनके सत्कर्म की खबरें दे रहे हैं…. आदमी चाहे छोटा हो तो भी अपने सत्कर्मों से महान बन जाता है।

सूरत से कीरत भली बिना पाँख उड़ जाय।

सूरत तो जाती रही कीरत कबहुँ न जाय।।

शबरी भीलन को पता था क्या ? धन्ना जाट को पता था क्या ? बाला-मरदाना को पता था क्या कि लोग हमें याद करेंगे ? नहीं। वे तो लग गये गुरु की सेवा में, बस… और ऐसा नहीं कि गुरु ने सदैव वाहवाही ही की होगी कि ʹशाबाश बेटा ! शाबाश।ʹ नहीं, कई बार डाँटा और फटकारा भी होगा।

जो वाहवाही का गुलाम होकर धर्म का काम करेगा, उसकी वाहवाही कम होगी या डाँट पड़ेगी तो वह विरोधी हो जायेगा। लेकिन जिसको वाहवाही की परवाह ही नहीं है, भगवान के लिए भगवान का काम करता है, गुरु के लिए गुरु का काम करता है, समाज को ऊपर उठाने के लिए सत्कर्म करता है तो उसको हजार फटकार पड़े तब भी वह गुरु का द्वार, हरि का द्वार, संतों का द्वार नहीं छोड़ेगा।

तीन प्रकार के लोग होते हैं- किसी का मन होता है तमोगुण प्रधान श्रद्धावाला। किसी की राजसिक श्रद्धा होती है और किसी-किसी की सात्त्विक श्रद्धा होती है।

तामसिक श्रद्धावाला देखेगा कि इतना दूँ और फटाक से फायदा हो जाये। अगर फायदा हुआ तो और दाव लगायेगा। जैसे सटोरी होते हैं न, पंजे से छक्का, अट्ठे से दहलावाले… एक बार-दो बार आ गया तो ठीक, वह दारू भी पिला देगा महाराज को और मुर्गियाँ भी ला देगा और महाराज भी ऐसे ही होते हैं।

आगे गुरु पीछे चेला। दे नरक में ठेलम ठेला।।

….तो तामसी लोग ऐसा धंधा करते हैं और आपस में झगड़ मरते हैं।

राजसी आदमी की श्रद्धा टिकेगी लेकिन कभी-कभी डिगेगी भी, कभी टिकेगी-कभी डिगेगी, कभी टिकेगी-कभी डिगेगी। अगर टिकते-टिकते उसका पुण्य बढ़ गया, सात्त्विक श्रद्धा हो गई तो हजार विघ्न आ जायें, हजार बाधाएँ आ जायें, हजार मुश्किलें आ जायें फिर भी उसकी श्रद्धा नहीं डिगती और वह पार पहुँच जाता है। इसीलिए सात्त्विक लोग बार-बार प्रार्थना करते हैं- “हे मुकद्दर ! तू यदि धोखा देना चाहता है तो मेरे दो जोड़ी कपड़े, गहने-गाँठें कम कर देना, रूपये पैसे कम कर देना लेकिन भगवान और संत के श्रीचरणों के प्रति मेरी श्रद्धा मत छीनना।ʹ

श्रद्धा बढ़ती-घटती, कटती-पिटती रहती है लेकिन उनके बीच से जो निकल जाता है, वह निहाल हो जाता है। उसका जीवन धन्य हो जाता है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, नवम्बर 1998, पृष्ठ संख्या 16-19, अंक 71

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ