Tag Archives: Prerak Prasang

Prerak Prasang

माँ पार्वती व जीवन्मुक्त संत


पूज्यपाद संत श्री आसारामजी बापू

पूरा प्रभु आराधिया पूरा जा का नाँव।

पूरे को ही पाइया पूरे के गुण गाँव।।

ऐसे पूरे प्रभु की आराधना करने वाले एक जीवन्मुक्त संत बैठे हुए थे। पार्वती जी एवं शिवजी विचरण करते हुए उधर से निकले, तब पार्वती जी ने शिवजी से कहाः

“देखिये तो सही, आपका यह भक्त ! घर बार, राज-पाट छोड़कर साधु हुआ है। अब चिंता की अग्नि में बाटी सेंक रहा है। इसको कुछ दे दीजिये।”

शिवजीः “इनको मैं क्या दूँ… इन्होंने तो ऐसा पाया है कि दूसरों को जो चाहे वह दे सकते हैं।”

पार्वती जीः “प्रभु ! क्यों ऐसा कहते हैं ? बेचारे दुःखी हैं, चलिये।”

शिवजीः “तुम कहती हो तो चलो।”

दोनों गये उन महापुरुष के पास और शिवजी बोलेः “भिक्षां देहि।”

महापुरुष में जो दो बाटी सेंक रखी थीं, वे उठाकर पीछे देखे बिना ही दे दी। तब शिवजी ने कहाः “अरे ! जरा पीछे देखो तो सही, किसको भिक्षा दे रहे हो ?”

उन संत पुरुष ने पीछे देखा और बोलेः “अच्छा भोलेनाथ आप आये हैं ?”

शिवजीः “कुछ माँग लो।”

महापुरुषः “क्या माँगू ?”

शिवजीः “मैं तुम्हें इस धरती का राजा बनाता हूँ।”

महापुरुषः “मेरी बाटी वापिस दे दो। अभी मैं प्रेम से निश्चिन्त बैठा हूँ, फिर राज्य की झंझट कहाँ सँभालूँ ? आपकी सेवा का फल मुक्ति होना चाहिए कि राज्य की झंझट ?”

शिवजी पार्वती जी की ओर देखकर मंद-मंद मुस्कराये। दोनों वहाँ से अन्तर्ध्यान हो गये।

समय पाकर माता पार्वती जी अकेली आयीं। उस समय वे महापुरुष गुदड़ी सी रहे थे। माँ पार्वती ने कहाः “बाबा ! कुछ माँग लो।”

महापुरुषः “माँ ! कुछ देना ही चाहती हो तो जरा यह गुदड़ी सी दीजिये।”

पार्वतीजीः “गुदड़ी क्या गादी तकिये से सजा-सजाया भवन दे दूँ।”

महापुरुषः “माताजी ! छोड़िये ये सब झंझट।”

माता जी चली गयी। कुछ समय बीता। पुनः माता पार्वती जी पधारीं। उस समय वे महापुरुष टाँग पर टाँग चढ़ाकर आकाश की ओर निहारते हुए ब्रह्मानंद की मस्ती में बैठे हुए थे। पार्वती जी आयीं तो वे न खड़े हुए, न कुछ बोले। तब पार्वती जी ने कहाः “क्या बैल की तरह बैठे हो ! जाओ, बैल बन जाओ।”

समय पाकर वे महापुरुष बैल के रूप में प्रगट हुए। पार्वती जी ने पूछाः “क्यों महाराज ! कैसे हैं ?”

बैलरूपी महापुरुष बोलेः “माता जी ! आपकी बड़ी कृपा है। मनुष्य रूप में तो जरा मल-मूत्र त्याग के लिए स्थान का विचार करना पड़ता था। अब तो चलते-चलते भी कर लिया तो कोई हर्ज नहीं है। पहले तो भोजन बनाकर खाना पड़ता था किन्तु अब तो भूख लगी, चारा तैयार।”

माता जी को हुआ कि इनको तो कोई असर ही नहीं होता। ये तो ऊँट जैसे हैं। अतः बोलीं “ऊँट की नाईं गर्दन ऊँची किये बैठे हो, जाओ ऊँट बनो।”

कहानी कहती है कि समय पाकर वे ऊँट बने। कुछ समय बीतने के बाद माता जी ने पूछाः “क्या…. क्या हाल है ?”

ऊँट रूपी महापुरुषः “माँ ! बैल को तो हरा या सूखा घास चाहिए। कभी मिले न भी मिले। किन्तु ऊँट बनाकर तो आपने एकदम आराम दे दिया। जब भूख लगे तो गर्दन ऊँची करके पेड़ों से भोजन मिल जाता है। माताजी ! आप दे-देकर भी क्या देंगी ? या तो अनुकूल वस्तुएँ या प्रतिकूल वस्तुएँ देंगी लेकिन देंगी इस नश्वर शरीर को ही। आप चाहे बैल बनायें चाहे ऊँट, शरीर है प्रकृति का। आपका श्राप प्रकृति के इस बदलने वाले शरीर को लग सकता है। मुझ आत्मा तक उसकी पहुँच नहीं। माता जी ! अब आपको कुछ चाहिए तो आप ही कुछ माँग लीजिये।”

कैसे हैं ब्रह्मवेत्ता संत !

माता पार्वती जी ने कहाः “यदि आप मुझ पर प्रसन्न ही हैं तो मुझे एक वरदान दे दीजिये कि आप जैसे जीवन्मुक्त पुरुष मेरे यहाँ बालक रूप अवतरें।”

उन संत महापुरुष ने स्वीकार कर ली बात और वे ही स्वामी कार्तिकेय होकर माता पार्वती के घर अवतरित हुए।

औलिया की जूती

निजामुद्दीन औलिया एक सूफी फकीर एवं बाबा फरीद के प्रेमभाजन थे। एक बार निजामुद्दीन औलिया के पास एक गृहस्थ मुसलमान आया और बोलाः “बाबा ! मुझे अपनी लड़की के हाथ रंगने हैं। हो जाये कुछ रहमत…”

औलियाः “आज कोई धनवान नहीं दिखता। कल आना।”

दूसरे दिन भी वह गृहस्थ आया किन्तु उस दिन औलिया का कोई सेठ भक्त नहीं आया। पुनः निजामुद्दीन औलिया ने कहाः “कल आना।” इस प्रकार ʹकल… कल…ʹ करते कुछ दिन बीत गये किन्तु कोई सेठ आया नहीं।

तब वह गृहस्थ बोलाः “बाबा ! मुझ गरीब का भाग्य भी गरीब है। अब आपसे जो रहमत हो सके, वही दे दीजिये।”

निजामुद्दीन औलियाः “भाई ! मेरे पास तो इस वक्त मेरी जूती पड़ी है। वही ले जाओ।”

औलिया की जूती लेकर वह गृहस्थ निकल पड़ा और सोचने लगा कि,  ʹइस जूती के तो दो चार आने मिल जायेंगे। चलो, उसी पैसों से गुड़ लेकर खा लेंगे।ʹ इस प्रकार के विचार करते-करते वह जा रहा था।

इधर अमीर खुसरो अपने वजीरपद से इस्तीफा देकर चालीस ऊँटों पर अपने पूरे जीवन की कमाई लदवाकर औलिया के चरणों में जीवन धन्य बनाने के लिए आ रहा था। इस गृहस्थ के पास आने पर उस प्यारे शिष्य अमीर खुसरो को अपने गुरुदेव निजामुद्दीन की बू आयी तो वह सोचने लगा कि मानो-न-मानो, मेरे औलिया की खुशबू इसी आने वाले आदमी की ओर से आ रही है। अमीर खुसरो ने फिर गौर किया। जब वह आदमी पीछे गया तो खुशबू पीछे से आने लगी। उसे जाते देखकर अमीर खुसरो ने आवाज लगायीः “ठहरो भाई ! मेरे औलिया के यहाँ से तुम क्या लिये जा रहे हो ? मेरे औलिया का ओज दिखाई दे रहा है। क्या है तुम्हारे पास ?”

उस आदमी ने सारी बात अमीर खुसरो को बता दी और कहाः “उन्होंने मुझे अपनी यह जूती दी है।”

खुसरोः “अच्छा ! बताओ, तुम कितने में इसे दोगे ?”

व्यक्तिः “आप जो मूल्य लगायें।”

अमीर खुसरोः “मेरे औलिया की जूती का मूल्य चुकाने की सामर्थ्य तो मुझमें नहीं है। फिर भी मैं मुफ्त में लेना भी नहीं चाहूँगा। मेरे जीवन की सारी कमाई चालीस ऊँटों पर लदी है। इनमें से एक ऊँट, जिस पर सीधा-सामान है, केवल वही मैं रखता हूँ बाकी के उनतालीस ऊँट तुम्हें देता हूँ। यदि दे सको तो मेरे शहंशाह की यह जूती मुझे दे दो।”

वह व्यक्ति तो हैरान हो गया कि जिसे मैं दो चार आने की जूती मान रहा था, उसके लिए अमीर खुसरो अपने पूरे जीवन की कमाई देने पर भी सौदा सस्ता मान रहा है ! उसने औलिया की जूती भी अमीर खुसरो को दे दी।

अमीर खुसरो पहुँचा गुरु के द्वार पर और प्रणाम किया अपने औलिया को। एक रेशमी रूमाल से ढँककर सौगात पेश की औलिया के कदमों में।

निजामुद्दीनः “क्या लाये हो ?”

अमीर खुसरोः “आपकी दी हुई चीज आपके चरणों में लाया हूँ।”

निजामुद्दीनः “आखिर क्या लाये हो ? कौन से मेवे-मिठाइयाँ हैं ?”

अमीर खुसरोः “गुरुदेव ! मेरे औलिया ! मेवे-मिठाइयों से भी ज्यादा कीमती चीज है।”

निजामुद्दीनः “क्या है ?”

अमीर खुसरोः “औलिया ! मेरे सारे जीवन की कमाई का सार है।”

निजामुद्दीनः “आखिर है क्या ?”

अमीर खुसरोः “मेरे मालिक ! मेरे आका ! मैं क्या बोलूँ ? मेरे लिये तो मेरे पूरे जीवन की कमाई है।”

निजामुद्दीनः “अच्छा ! खोलो तो सही !”

धीरे से रेशम का रूमाल हटाया अमीर खुसरो ने। देखते ही चौंक पड़े निजामुद्दीन औलिया और बोलेः “अरे ! यह तो मेरी जूती ! थोड़ी देर पहले ही एक गरीब को दी थी। क्या तूने छीन ली उससे ?”

अमीर खुसरोः “मेरे रब ! मैंने छीनी नहीं है।”

निजामुद्दीनः “तो क्या खरीदी है ?”

अमीर खुसरोः “इस बंदे में क्या ताकत कि आपकी जूती खरीद सके ?”

निजामुद्दीनः “फिर कैसे लाया है ?”

अमीर खुसरोः “मेरे औलिया ! मेरे जीवन भर की कमाई से लदे जो चालीस ऊँट थे उनमें से एक सीधे सामान, बोरी-बिस्तरवाले ऊँट को छोड़कर बाकी के उनतालीस ऊँट देकर इसे लाया हूँ।”

तब निजामुद्दीन बोलेः “फिर भी सौदा सस्ता है।”

संतों का समय व्यर्थ न करो

चाणोद करनाली में श्री रंगअवधूत महाराज नर्मदा के किनारे बैठकर नर्मदा की शांत लहरों को निहार रहे थे। वहाँ एक अधिकारी ने देखा कि जिनका काफी नाम सुना है, वे ही श्री रंगअवधूत महाराज बैठे हुए हैं। अतः वह उनके पास जाकर प्रणाम करके बोलाः

“बाबा जी ! बाबाजी ! 42 वाँ साल चल रहा है…. अभी तक घर में झूला नहीं बँधा, संतान नहीं हुई।”

श्रीरंगअवधूत जी बोलेः ʹ”यहाँ भी संतान की बात करता है ? जा अब।”

अधिकारी बोलाः “किन्तु बाबा जी ! अभी तक संतान नहीं हुई… मुझे संतान होगी कि नहीं ?”

“हाँ ! जा अब यहाँ से।”

“बाबा जी ! बेटा होगा क्या मुझे ?”

“हाँ बाबा, हाँ। जा अब यहाँ से।”

“बाबा जी ! क्या सचमुच मुझे बेटा होगा ?”

“अरे ! तुझे कहा न ! जा यहाँ से।”

“किन्तु बाबा जी ! एक बार फिर से कह दीजिये न कि बेटा होगा।”

“जा साले ! अब कभी नहीं होगा।”

जो संत दिव्य सात्त्विक भाव में होते हैं उनका संकेत भी काफी होता है। अतः बार-बार एक ही बात पूछकर ऐसे निजानंद की मस्ती में मस्त रहने वाले संतों का समय नष्ट करना मूर्खता है। संतों के पास श्रद्धा-भक्ति से बैठकर सत्संग-श्रवण करना और उसका मनन-चिंतन करना तो बढ़िया है किन्तु संसार की नश्वर वस्तुओं के लिए बार-बार उनका समय लेना अपराध है।

कोई जाय संत के पास और कहेः “महाराज ! इसे यह बीमारी है… डाक्टरों ने ऐसा कहा है।”

संतः “अच्छा….. जाओ, देखो कोई इलाज करो।”

अब वह इलाज करे न करे फिर भी उसे स्वतः फायदा होने लगेगा। केवल महापुरुष के कानों में बात पहुँचायी तो भी फायदा हो जाता है। सत्त्वगुण में जागे हुए महापुरुष का संकेत भी काफी होता है। सत्त्वगुण में जो महापुरुष हैं वे तो नजरों-नजरो में ही दे देते हैं। उनके आगे माँगना नहीं पड़ता। अतः एक ही बात बार-बार पूछकर उनका समय खराब करना माने अपना भाग्य ही खराब करना है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 1997, पृष्ठ संख्या 12 से 15, अंक 55

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

हस्तामलक स्तोत्र


पूज्यपाद संत श्री आसारामजी बापू

दक्षिण भारत के श्रीबली नामक गाँव में प्रभाकर नाम के एक विद्वान ब्राह्मण रहते थे। उनका एक पागल सा लड़का था। वह लड़का बचपन से ही सांसारिक कार्यों के प्रति उदासीन वृत्ति रखता था। उसका व्यवहार एक गूंगे और बहले बालक के समान था। एक बार जब शंकराचार्य अपने शिष्योंसहित इस गाँव में पधारे तब प्रभाकर अपने पागल जैसे दिखने वाले पुत्र को लेकर आचार्य भगवान शंकर के समीप गये। उन्होंने आचार्य को साष्टांग दंडवत प्रणाम किये। श्री शंकराचार्य ने उन दोनों को उठाया और प्रभाकर से प्रश्न किया। उसके जवाब में प्रभाकर ने कहाः “हे स्वामिन् ! मेरा यह पुत्र बचपन से ही गूंगा और तमाम प्रकार के व्यवहार से उदासीन है। अभी इसकी आयु तेरह साल हुई है फिर भी यह हमारी बातचीत नहीं समझता है। इसको इसमें रस नहीं है। जो शास्त्र ब्राह्मणों को पढ़ने चाहिए ऐसे किसी भी शास्त्र का अभ्यास इसने नहीं किया है और न ही इसने वेद पढ़ा है। इसको अक्षरज्ञान ही नहीं है। बड़ी मुश्किल से मैंने इसके उपनयन संस्कार किये हैं। यह अपने किसी मित्र के साथ खेलने नहीं जाता है। इसका ऐसा स्वभाव देखकर कोई शरारती लड़का इसे मारता है तो उसकी मार यह सहन कर लेता है। फिर भी इसे क्रोध नहीं आता है। कभी तो यह भोजन करता है और कभी नहीं करता है। उसके बावजूद भी यह सदैव आनंदी और सुखी रहता है। इसकी यह मूढ़ दशा किस कारण से हुई है ? कृपा करके आप मेरे इस पुत्र का उद्धार कीजिये।”

शंकराचार्य ने उस बालक को प्रश्न पूछे। वह बालक बहरा या गूंगा न था। वह तो पूर्ण प्रकाशित ज्ञानी था, जीवन्मुक्त था। उस बालक ने शंकराचार्य द्वारा पूछे गये प्रश्नों के जो उत्तर दिये वे एक स्तोत्र के रूप में प्रसिद्ध हुए।

ये प्रश्नोत्तर इस प्रकार हैं-

कस्त्वं शिशो कस्य कुतोसि गन्ता किं नाम ते त्वं कुत आगतोसि।

एतन्मयोक्तं वद चार्भक त्वं मत्प्रीत्ये प्रीतिविवर्धनोसि।।1।।

ʹहे शिशो ! तू कौन है ? किसका पुत्र है ? तू कहाँ जा रहा है ? तेरा नाम क्या है ? तू कहाँ से आया है ? मेरी प्रीति के लिए हे बालक ! तू मेरे इन प्रश्नों का उत्तर दे। तू हमें बहुत प्रिय लगता है।ʹ

तब उस बालक ने जवाब दियाः

नाहं मनुष्यो न च देवयक्षौ न ब्राह्मणक्षत्रियवैश्यशूद्राः।

न ब्रह्मचारी न गृही वनस्थो भिक्षुर्न चाहं निजबोधरूपः।।2।।

ʹमैं मनुष्य नहीं हूँ, देव या यक्ष नहीं हूँ, ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य या शूद्र भी नहीं हूँ। मैं ब्रह्मचारी, गृहस्थी या वानप्रस्थी भी नहीं हूँ और संन्यासी भी नहीं हूँ। मैं तो ज्ञानस्वरूप परम पवित्र परमानंदरूप ब्रह्म हूँ।ʹ

निमित्तं मनश्चक्षुरादिप्रवृत्तौ निरस्ताखिलोपाधिराकाशकल्पः।

रविर्लोकचेष्टानिमित्तं यथा यः स नित्योपलब्धिस्वरूपोहमात्मा।।3।।

ʹजिस प्रकार सूर्य लोगों को अपने-अपने कार्य में प्रवृत्त होने की प्रेरणा करता है, उसी प्रकार मन और इन्द्रियों को अपने-अपने कार्य में प्रवृत्त होने की प्रेरणा करने वाला एवं आकाशादि उपाधियों से रहित ऐसा शाश्वत आत्मज्ञानस्वरूप आत्मा मैं हूँ।ʹ

यमग्न्युष्णवन्नित्यबोधस्वरूपं मनश्चक्षुरादीन्यबोधात्मकानि।

प्रवर्तन्त आश्रित्य निष्कंपमेकं स नित्योपलब्धिस्वरूपोहमात्मा।।4।।

ʹजैसे अग्नि का स्वभाव उष्णता है, ऐसे ही अविकारी और शुद्ध चित्स्वरूपवान मैं शाश्वत आत्मज्ञानस्वरूप आत्मा हूँ, जिसका आश्रय लेकर स्थूल मन तथा इन्द्रियाँ अपने-अपने व्यवहार में प्रवृत्त रहते हैं।ʹ

मुखाभासको दर्पणो दृश्यमानो मुखत्वात्पृथक्त्वेन नैवास्तु वस्तु।

चिदाभासको धीषु जीवोपि तद्वत् स नित्योपलब्धिस्वरूपोहमात्मा।।5।।

ʹजैसे दर्पण में दिखता हुआ मुख का प्रतिबिम्ब वस्तुतः बिम्बरूप मुख से पृथक नहीं है, किन्तु बिम्बरूप ही है वैसे ही बुद्धिरूपी दर्पण में जीवरूप से प्रतीयमान चैतन्य का प्रतिबिम्ब बिम्बरूप चैतन्य से पृथक नहीं है किन्तु चैतन्य रूप ही है। वही नित्य, शुद्ध ज्ञानस्वरूप आत्मा मैं हूँ।ʹ

यथा दर्पणाभाव आभासहानौ मुखं विद्यते कल्पनाहीनमेकम्।

तथा धीवियोग निराभसको यः स न नित्योपलब्धिस्वरूपोहमात्मा।।6।।

ʹजिस प्रकार दर्पण के या दर्पण में दिखने वाले चेहरे के प्रतिबिम्ब के अभाव में भी चेहरे का अस्तित्व तो होता ही है, उसी प्रकार बुद्धि के अभाव में भी अस्तित्व रखने वाला मैं शाश्वत आत्मज्ञानस्वरूप आत्मा हूँ।ʹ

मनश्चुरादेर्वियुक्तः स्वयं यो मनश्चक्षुरादेर्मनश्चक्षुरादिः।

मनश्चक्षुरादेरगम्यस्वरूपः स न नित्योपलब्धिस्वरूपोहमात्मा।।7।।

ʹमैं शाश्वत आत्मज्ञानस्वरूप आत्मा हूँ, जो मन और चक्षु आदि से परे है, जो मन का भी मन और चक्षु आदि का भी चक्षु आदि है एवं जो मन, चक्षु आदि से प्राप्त नहीं है।ʹ

य एको विभाति स्वतःशुद्धचेताः प्रकाशस्वरूपोपि नानेव धीषु।

शरावोदकस्थो यथा भानुरेकः स न नित्योपलब्धिस्वरूपोहमात्मा।।8।।

ʹजो स्वयं अकेला ही अपने विशुद्ध स्वप्रकाश अखंड चैतन्यरूप से प्रकाशता है… जैसे जल से भरे हुए अनेक मटकों में एक ही सूर्य अनेक रूप से भासता है उसी प्रकार एक ही स्वयं ज्योति आत्मा अनेक बुद्धियों में अनेक रूप से भासता है, वही नित्य ज्ञानस्वरूप आत्मा मैं हूँ।ʹ

यथानेकचक्षुः प्रकाशो रविर्न क्रमेण प्रकाशीकरोति प्रकाश्यम्।

अनेका धियो यस्तथैकः प्रबोधः स न नित्योपलब्धिस्वरूपोहमात्मा।।9।।

ʹजैसे सूर्यदेवता अनेक नेत्रों को क्रम से प्रकाश न करता हुआ एक साथ ही प्रकाश करता है वैसे ही अनेक बुद्धियों को एक ही साथ सत्ता-स्फूर्ति देने वाला नित्य ज्ञानस्वरूप आत्मा मैं हूँ।ʹ

विवस्वत्प्रभातं यथारूपमक्षं प्रगृह्णाति नाभातमेवं विवस्वान्।

यदाभात आभासयत्यक्षमेकः स न नित्योपलब्धिस्वरूपोहमात्मा।।10।।

ʹजैसे सूर्य से प्रकाशित रूप को ही नेत्र ग्रहण कर सकता है यानी देख सकता है, सूर्य से अप्रकाशित रूप को नेत्रेन्द्रिय ग्रहण नहीं कर सकती वैसे ही सूर्य भी जिस चैतन्य आत्मा से प्रकाशित हुआ ही रूप, नेत्र आदि प्रकाश देता है। आत्मा से अप्रकाशित सूर्य किसी को कभी भी प्रकाश नहीं दे सकता यानी सर्व-लोक प्रकाशक सूर्यादि ज्योति आत्मप्रकाश से प्रकाशित होती है, वही नित्य ज्ञानस्वरूप आत्मा मैं हूँ।ʹ

यथा सूर्य एकोप्स्वनेकश्चलासु स्थिरास्वप्यनन्यद्विभाव्स्वरूपः।

चलासु प्रभिन्नः सुधीष्वेक एव स न नित्योपलब्धिस्वरूपोहमात्मा।।11।।

ʹजिस प्रकार एक ही सूर्य स्थिर और अस्थिर जल के विषय में अलग-अलग प्रतिबिम्बित होता हुआ दृश्यमान होता है, उसी प्रकार चर और अचर – इन दोनों प्रकार की बुद्धियों को प्रकाशित करने वाला मैं अद्वितीय शाश्वत आत्मज्ञानस्वरूप आत्मा मैं हूँ।ʹ

धनच्छन्नदृष्टिर्घनच्छन्नमर्क यथा निष्प्रभं मन्यते चातिमूढ़ः।

तथा बद्धवद् भाति यो मूढ़दृष्टेः स न नित्योपलब्धिस्वरूपोहमात्मा।।12।।

ʹजिस प्रकार बादलों से ढके हुए सूर्य को मंद बुद्धिवाला पुरुष तेज और प्रकाशरहित समझता है, उसी प्रकार मूढ़ बुद्धिवाले पुरुष को जो बद्ध-स्वरूप दिखता है वह शाश्वत आत्मज्ञानस्वरूप मैं हूँ।ʹ

समस्तेषु वस्तुष्वनुस्यूतमेकं समस्तानि वस्तूनि यं न स्पृशन्ति।

वियद्वत्सदा शुद्धमच्छस्वरूपः स न नित्योपलब्धिस्वरूपोहमात्मा।।13।।

ʹजो सदा शुद्ध और निर्मल है तथा जो समस्त पदार्थों के अंतर्गत स्थित होते हुए भी वे पदार्थ उसे स्पर्श नहीं कर सकते या उसे दूषित नहीं कर सकते वह मैं शाश्वत आत्मज्ञानस्वरूप आत्मा हूँ।ʹ

उपाधी यथा भेदता सन्मणीनां तथा भेदता बुद्धिभेदेषु तेपि।

यथा चन्द्रिकाणां जले चंचलत्वं तथा चंचलत्वं तवापीह विष्णो।।14।।

ʹजिस प्रकार रंग और आकार में भेद होने के कारण भिन्न-भिन्न प्रकार के मणियों में भेद की कल्पना होती है, उसी प्रकार भिन्न-भिन्न बुद्धियों के भेद की उपाधि के कारण एक ही आत्मा भिन्न-भिन्न स्वरूप से दृश्यमान होता है। जैसे जल में चंद्र अनेक एवं चंचल दिखता है ऐसे ही हे विष्णु ! तुम भिन्न-भिन्न दिखते हो। (वस्तुतः तो तुम एक, नित्य, शुद्ध और अविकारी हो।ʹ)

ब्राह्मण पुत्र के ये उत्तर सुनकर श्रीमद् आद्य शंकराचार्य समझ गये कि यह बालक तो ब्रह्म को हस्तामकलकवत् यानी हाथ में रखे हुए आँवले की तरह स्पष्टतः जानने वाला ब्रह्मवेत्ता है। अतः उन्होंने उसका नाम भी हस्तामलक रख दिया और वह प्रश्नोत्तररूप स्तोत्र ʹहस्तामलक स्तोत्रʹ के नाम से प्रसिद्ध हुआ। हस्तामलक आगे चलकर शंकराचार्य के चार पट्टशिष्यों में से एक हुए।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 1997, पृष्ठ संख्या 16 से 18 अंक 55

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

जनकपुरी में लगी आग


पूज्यपाद संत श्री आशारामजी बापू

महर्षि याज्ञवल्क्य के सत्संग-प्रवचन में जब राजा जनक पहुँचते तभी महर्षि प्रवचन का प्रारम्भ करते थे। प्रतिदिन ऐसा होने से सत्संग में आने वाले अन्य ऋषि-मुनि एवं तपस्वियों को मन में ऐसा होता था कि याज्ञवल्क्य जैसे महर्षि भी सत्तावानों की, धनवानों की खुशामद करते हैं। क्या हम साधु-महात्मा उनके श्रोता नहीं हैं ?

साधु-महात्माओं के मन का बात महर्षि भाँप गये। उनके मन में आया कि गुरु के प्रति यदि थोड़ी-सी भी श्रद्धा में कमी आयेगी तो इन्हें लाभ नहीं हो पायेगा। उनकी शंका को दूर करने के लिए महर्षि ने एक लीला रची।

जनकपुरी के चहुँ ओर आग लग गई। अनुचर भागता हुआ आया। सत्संग-श्रवण में तल्लीन राजा जनक को समाचार दियाः “महाराज ! जनकपुरी को चारों ओर आग लग गई है।”

राजा ने उसे धीरे से कहाः “अभी तो मेरे मन में अज्ञान की भीषण आग लगी है, उसे सत्संगरूपी अमृतवर्षा से बुझा रहा हूँ। इस कार्य में विघ्न मत डाल। तू भी यहाँ शांति से बैठ जा।

थोड़ी देर में दूसरा आदमी आता है। फिर तीसरा आया। उन सबको राजा जनक ने यही समझाकर बिठा दिया- ” वह तो संसार की बाह्य आग है। एक दिन तो सबको उसमें जलना ही है। तुम लोग चुपचाप बैठ जाओ। मेरी अज्ञानरूपी आग पर हो रही सत्संगरूपी अमृतवर्षा से मेरी भीतरी आग बुझा लेने दो।”

इतने में राजा का मंत्री आया और बोलाः “राजन ! आग लगी है। महल के इर्द-गिर्द आग की लपटें नियंत्रण से बाहर हो रही हैं।”

यह सुनकर सत्संग में बैठे अन्य साधु-महात्मा उठे और भागने लगे।

उन्हें भागते देखकर याज्ञवल्क्य ने पूछाः “आप लोग क्यों भाग रहे हो ?”

तब किसी ने कहा मेरा तुम्बा जल जायेगा तो किसी ने कहा मेरी कौपीन जल जायेगी।

महर्षि याज्ञवल्क्यः “अरे महात्माओं ! राजा जनक तो अपने महल की भी चिन्ता नहीं करते और आप लोग ऐसी छोटी-मोटी वस्तुओं की चिंता कर रहे हो ? बैठ जाओ। यह वास्तविक आग नहीं है। यह तो मेरी योगशक्ति की लीला थी।”

तब साधुओं को अपनी स्थिति एवं राजा जनक की स्थिति का अंतर समझ में आया।

वे समझ गये कि महर्षि याज्ञवल्क्य सत्संग शुरु करते समय धनवान और सत्तावान राजा जनक की खुशामद करने के लिए उनकी प्रतीक्षा नहीं करते थे अपितु अपने सच्चे मुमुक्षु शिष्य की प्रतीक्षा करते थे। साधु महात्माओं को समझ में आ गया कि महाराज जनक राज्य भोगते भोगते भी साधु हैं। उनके मन पर संसार की परिस्थिति का कोई प्रभाव नहीं पड़ता। वास्तव में वे ही ब्रह्मज्ञान के अधिकारी हैं।

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

संसार कर्मभूमि है

एक बार माँ पार्वती ने भगवान शिव से पूछाः “भगवन ! कई ऐसे लोग देखे गये जो थोड़ा सा ही प्रयत्न करते हैं और सहज में ही उनके पास अनायास ही रथ, वस्त्र-अलंकार आदि धन-वैभव मंडराता रहता है और ऐसे भी कई लोग हैं जो खूब प्रयास करते हैं फिर भी उन्हें नपा तुला मिलता है। ऐसे भी कई लोग हैं जो जिंदगीभर प्रयत्न करते हैं फिर भी वे ठनठनपाल ही रह जाते हैं। जब सृष्टिकर्ता एक ही है, सबका सुहृद है, सबका है तो सबको एक समान चीजें क्यों नहीं मिलतीं ?”

भगवान शिव ने कहाः “जिसने किसी भी मनुष्य जन्म में, फिर चाहे दो जन्म पहले, दस जन्म पहले या पचास जन्म पहले बिना माँगे जरूरतमन्दों को दिया होगा और मिली हुई संपत्ति का सदुपयोग किया होगा तो प्रकृति उसे अनायास सब देती है। जिन्होंने माँगने पर दिया होगा, नपा-तुला दिया होगा, उन्हें इस जन्म में मेहनत करने पर नपा-तुला मिलता है और तीसरे वे लोग हैं जिन्होंने पूर्वजन्म में न पंचयज्ञ किये, न अतिथि सत्कार किया, न गरीब-गुरबों के आँसू पोंछे, न गुरुजनों की सेवा की वरन् केवल अपने लिये ही संपत्ति का उपयोग किया और कंजूस बने रहे ऐसे लोग इस जन्म में मेहनत करते हुए भी ठीक से नहीं पा सकते हैं और प्रकृति उन्हें देने में कंजूसी करती है।”

तब माँ पार्वती कहती हैं- “ऐसे लोग भी तो हैं, प्रभु ! कि जिनके पास धन-संपदा तो अथाह है लेकिन वे प्राप्त संपदा का भोग नहीं कर सकते।”

शिवजी ने कहाः “जिन्होंने जीवनभर संग्रह किया लेकिन मरते समय उन्हें ऐसा लगा कि कुछ तो कर जायें ताकि भविष्य में मिले…. इस भाव से अनाप-शनाप दान कर दिया तो उन्हें दूसरे जन्म में धन-संपदा तो अनाप-शनाप मिलती है किन्तु वे उसका उपयोग नहीं कर सकते क्योंकि जो पहले भी किसी के काम नहीं आया, वह उनके काम में कैसे आ सकता है ?”

माँ पार्वतीः “हे ज्ञाननिधे ! ऐसे भी कई लोग हैं जिनके पास धन, विद्या, बाहुबल बहुत है फिर भी वे अपने कुटुम्बियों के, पत्नी के प्रिय नहीं दिखते और कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनके पास धन-संपदा नहीं है, बाहुबल, सत्ता नहीं है, सौन्दर्य नहीं है, मुट्ठीभर हाड़पिंजर शरीर है फिर भी कुटुम्बियों का, पत्नी का बड़ा स्नेह उन्हें मिलता है।

शिवजीः “हे उमा ! जिन्होंने अपना बाल्यकाल, अपना पूर्जन्म संयमपूर्वक एवं दूसरों को मान देकर गुजारा है उनको कुटुम्बी स्नेह करते हैं और वे गरीबी में भी सुखी जीते हैं लेकिन जिन्होंने पूर्वजन्म के दान-पुण्य के बल से धन-सत्तादि तो पा ली है किन्तु दूसरों को हृदयपूर्वक स्नेह नहीं किया है, मान नहीं दिया है, दूसरों का शोषण करते हैं उन्हें कुटुम्बी मान नहीं देते।”

संसार एक कर्मभूमि है। Every action creates reaction. आप जो भी करते हैं वह घूम-फिरक आपके ही पास आता है। अतः आप स्नेह देंगे तो स्नेह मिलेगा, मान देंगे तो मान मिलेगा लेकिन मान मिले इस वासना से नहीं वरन् जिनको भी मान दें ʹउऩकी गहराई  में मेरा परमात्मा हैʹ इस भाव से मान दें तो आपके भाव में परमात्मा प्रगटेगा और सामने वाले के हृदय में आपके लिए मान-आदर प्रगट हो जायेगा।

मान लेने के लिए नहीं वरन् मान देने के लिए व्यवहार करो। हम बड़े में बड़ी गलती क्या करते हैं ? पत्नी चाहती है मेरी चले, पति चाहता है मेरी चले। बहू चाहती है मेरी चले, सास चाहती है मेरी चले। देवरानी चाहती है मेरी चले, जेठानी चाहती है मेरी चले। पति-पत्नी, माँ-बाप, पुत्र-बहू, देवर-जेठ आदि सब चाहते हैं मेरी चले, मुझे सुख मिले, मुझे मान मिले।

हकीकत में सुख और मान लेने की चीज नहीं, देने की चीज है। जो सुख का दाता है वह दुःखी कैसे रह सकता है ? आप सुख के भिखारी न बनो, मान के भिखारी न बनो अपितु सुख और मान देने लगो। कोई सुख और मान दे या न दे इसकी परवाह न करो तो आपके हृदय में सुख और मान का प्रकाश और माधुर्य प्रगट होने लगेगा।

कोई कहता हैः “बाबा जी ! फलाना आदमी बड़ी गुप्त सेवा करता है। उसने सत्संग में बहुत सेवा की। उसको तो हार पहनाने का मौका तक नहीं मिला।”

अरे ! हार पहनाने का मौका नहीं मिला तो क्या हुआ ? अखबार में नाम नहीं आया तो क्या हुआ ? वह ईश्वर का दैवी कार्य करता है तो उसका हृदयेश्वर तो उसकी सेवा स्वीकार कर ही रहा है। क्या ईश्वर के दो ही हाथ हैं कि जिस हाथ से सेवा लेता है उसी हाथ से बदला दे क्या ? नहीं, हजारों-हजारों हाथ ईश्वर के हैं और बिना हाथ भी ईश्वर आपको अपना कृपा-प्रसाद देता है, आपके हृदय में आनंद, माधुर्य और सदबुद्धि देता है इसलिए ईश्वर के दैवी कार्य में प्रशंसा की चाहना न रखो। प्रशंसनीय सत्कार्य करो और वह सत्कार्य ईश्वर को अर्पण कर दो। ईश्वरीय सुख, ईश्वरीय आनंद देर-सबेर आपको प्राप्त हो जायेगा।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मई 1997, पृष्ठ संख्या 27,28,29 अंक 53

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ