Tag Archives: Suprachar

बढ़ते दुष्कर्म के लिए जवाबदार अश्लीलता


15 अप्रैल 2013 को गांधीनगर, दिल्ली में पाँच साल की बच्ची के साथ हुए बलात्कार के मामले में गुनहगार ने बयान दिया कि ʹमैंने मोबाइल पर अश्लील फिल्म देखकर वासना के नशे में यह दुष्कर्म किया था।ʹ

आजकल महिला वर्ग के ऊपर बढ़ते अत्याचारों का सीधा संबंध इंटरनेट, टीवी चैनलों तथा सिनेमा हॉलों आदि माध्यमों से परोसी जाने वाली अश्लील व नग्नता भरी फिल्मों से है। अनैतिक सामग्रियों से भरी वेबसाइटों तथा अश्लील विज्ञापन व फूहड़ कार्यक्रम दिखाने वाले टी.वी. चैनल लोगों की मानसिकता पर हमला करते हैं।

लेखक संजय वोरा लिखते हैं कि ʹइंटरनेट पर करोड़ों की संख्या में पोर्नोग्राफिक (अश्लील सामग्री से भरी) वेबसाइटे हैं, जिन पर कामोत्तेजक अश्लील वीडियो देखे व अपलोड किये जाते हैं। इन्हें देखने से लोगों की कामवासना भड़कती है और वे अपना होश खो बैठते हैं।

प्रशासन को ऐसी वेबसाइटें व फिल्में तुरंत बंद कर देनी चाहिए। परंतु भारत में जब-जब पोर्नोग्राफी पर प्रतिबंध लगाने की माँग की गई है तब-तब सरकार ने यही दलील दी है कि ʹऐसी वेबसाइटों का संचालन विदेशों से होने के कारण उनके ऊपर प्रतिबंध लगाना व्यावहारिक रूप में सम्भव नहीं है।ʹ लेकिन यह दलील आधारहीन है। चीन, पाकिस्तान, दक्षिण अमेरिका के गुयाना और इजिप्त – इन देशों में अधिकांश पोर्नोग्राफिक वेबसाइटों पर प्रतिबंध है। दक्षिण कोरिया में तो 81.1 प्रतिशत लोग इंटरनेट के धारक हैं फिर भी वहाँ की सरकार ने पोर्नोग्राफिक वेबसाइटों पर सख्त प्रतिबंध लगाया है। तो फिर भारत में प्रतिबंध क्यों नहीं लगाया जा सकता ?

(संदर्भ- दिव्य भास्कर, दैनिक जागरण)

नैतिक पतन की इस आँधी को रोकने के लिए प्रतिबंध के साथ ही समाज में संयम-शिक्षा के प्रबंध की भी नितांत आवश्यकता है। ʹइन्नोसेंटी रिपोर्ट कार्डʹ के अनुसार अमेरिका में प्रतिवर्ष 30 लाख किशोर-किशोरियाँ यौन रोगों के शिकार होते हैं। गोनोरिया, जैनिटल हर्पीस और एड्स जैसे यौन रोगों एवं कलह, असंतोष, अशांति, उच्छ्रंखलता, उद्दंडता, मानसिक तनाव (डिप्रेशन), आत्महत्या आदि से त्रस्त हो के अमेरिका ने अब ʹसंयम शिक्षा अभियानʹ चलाया है, जिसके लिए प्रतिवर्ष करोड़ों डॉलर खर्च होते हैं। हालाँकि संतों के मार्गदर्शन, सत्शास्त्रों के ज्ञान के अभाव में वे पूर्ण सफल नहीं हो पा रहे हैं। जबकि भारत तो अध्यात्म का केन्द्र है, भगवद-अवतारों, संतों महापुरुषों की अवतरण भूमि है। यहाँ संतों का मार्गदर्शन एवं प्रत्यक्ष सान्निध्य सुलभ है, जिससे संयम की शिक्षा यहाँ शीघ्र फलित होती है। अब देखने की बात यह है कि क्या भारत सरकार देशवासियों को शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक पतन से बचाने के लिए भारत की इस विशेषता का लाभ उठा पायेगी ?

राष्ट्रहितैषी, विश्व-समुदाय के हितचिंतक, दूरदृष्टा पूज्य बापू जी ने पिछले 49 वर्षों से ʹयुवाधन सुरक्षा अभियानʹ चला रखा है। आश्रम के इस मुख्य अभियान के अंतर्गत संयम सदाचार के प्रेरणास्रोत एवं जीवन का सर्वांगीण विकास करने वाले छोटे से सदग्रंथ ʹदिव्य प्रेरणा-प्रकाशʹ का 2 करोड़ से भी ज्यादा की संख्या में वितरण हो चुका है और प्रतियोगिता द्वारा देश के 55 हजार से अधिक विद्यालयों-महाविद्यालयों में 49,13,068 विद्यार्थियों को संयम-शिक्षा प्रदान की गयी है। यही नहीं, पूज्य बापू जी की प्रेरणा से देश-विदेश में चलाये जा रहे 17,000 से अधिक बाल संस्कार केन्द्रों, सैंकड़ों युवा सेवा संघों एवं महिला उत्थान मंडलों द्वारा लाखों-लाखों किशोर-किशोरियों का सर्वांगीण विकास हो रहा है। पूज्य बापू जी द्वारा दिये गये संयम-शिक्षा के पाठ से अनगिनत लोगों का जीवन पतन की खाई में जाने से बचकर बलवान, तेजस्वी एवं प्रतिभावान बनने के रास्ते चल पड़ा है।

संतों-महापुरुषों के वचनों को तोड़-मरोड़कर लोगों को गुमराह करने का जघन्य अपराध तो कइयों द्वारा किया जाता है  परंतु उनके संयम-सुशिक्षा के अभियानों को समाज के सामने रखने के अपने नैतिक दायित्व को निभाने वाले तो कोई विरले ही होते हैं। समाज को ग्रस रहे दुराचार के इस दानव के दमन का उपाय संतों द्वारा बतायी गयी संयम-शिक्षा ही है। तभी नारियों का शील सुरक्षित होगा और वे सम्मान के साथ जी सकेंगी।

जब भी कोई महिला से दुष्कर्म की घटना होती है तब ऐसे लोग विरोध करते हैं जो मनोरंजन के नाम पर अश्लीलता का पोषण करते हैं। पेशे से तो वे अनैतिक समाज का निर्माण करते हैं और दिखावा करते हैं यौन-अपराधों को रोकने के लिए उत्सुक समाज-सुधारक का। ऐसे अपराधियों को पैदा करने वाले लोगों की मानसिक गुलामी छोड़कर समाज अपराधों को रोकने का मार्गदर्शन देने वाले धर्मों और संतों की सीख मान के उनके उपदेशों का पालन करेगा तो अपराध निर्मूल हो सकते हैं। धर्म-निरपेक्षता के नाम पर अधर्म का और अनैतिकता का समर्थन करने वाले किसी भी देश में अपराध कम नहीं हो सकते। सिर्फ कानून बनाने में अपराध बंद हो जाते तो किसी भी देश में कोई भी अपराध नहीं होता। सब देशों में कानूब बने हैं फिर भी बड़े-बड़े अपराध बड़ी संख्या में हो रहे हैं, कानून बनाने वाले नेता भी अपराध कर रहे हैं। क्योंकि समाज ने धर्म-निरपेक्षता के नाम पर धर्म का पालन करना त्याग दिया है और आर्थिक लाभ के लिए अधर्म और अनैतिकता को बढ़ाने वाली अश्लीलता को फिल्मों, विज्ञापनों, अखबारों, पत्रिकाओं, चैनलों, पुस्तकों और वेबसाइटों पर स्वीकृति प्रदान की गयी है। एक ओर समाज के अपराधीकरण की प्रवृत्तियाँ तो बढ़ा रहे हैं और दूसरी ओर अपराधों को रोकने की बातें कर रहे हैं। समाज ऐसे दम्भी सुधारकों से सावधान होकर समाज के सच्चे हितैषी संतों के उपदेशों का पालन करेगा तभी समाज का सच्चा सुधार हो सकेगा।

पाश्चात्य दार्शनिक प्लेटो ने उनकी प्रसिद्ध पुस्तक रिपब्लिक में लिखा है, ʹप्रपंची, रागद्वेष और कामवासना से जलता हुआ, सत्ता का प्यासा इस पृथ्वी का अहंकारी मनुष्य सामाजिक नियमों से नहीं सुधरेगा, राज्य तंत्र की शिक्षा-प्रणाली से नहीं सुधरेगा परंतु यदि उसमें परलोक का भय जागृत होगा और मनुष्य-जीवन की क्षुद्र मर्यादा से उस पार गूढ़ रहने वाले अनंत अवतारों में विस्तृत जीवन को वह समझेगा और उसकी दृष्टि विशाल बनेगी तभी मानव-सुधार सम्भव होगा और समाज में नैतिक जीवन का गौरव बढ़ेगा। – श्री केशव सेन

मुख्य सम्पादक, न्यूज पोस्ट समाचार पत्र।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 2013, पृष्ठ संख्या 22,23 अंक 246

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

 

हिन्दुओ ! संगठित होकर अपने धर्म की रक्षा करो


महामना पंडित मदनमोहन मालवीय जी

केवल व्यवसायिक उन्नति से ही किसी देश की जनता का सुख तथा समृद्धि सुरक्षित नहीं रह सकती। आचार की उन्नति करना आर्थिक उन्नति से कहीं अधिक महत्त्व रखता है। प्रत्येक राष्ट्र अपने धर्म को अपनाता है। हिन्दुओं को इससे विचलित नहीं होना चाहिए।

समस्त संसार में हिन्दुओं की ही एक ऐसी जाति है, जिसने धार्मिक एवं दार्शनिक सिद्धान्तों को व्यावहारिक रूप दिया है। यही जाति पृथ्वी पर ऐसी रह गयी है जो वेद-शास्त्रों पर अगाध श्रद्धा रखती है। यही एक जाति है जो न केवल आत्मा की अमरता पर विश्वास रखती है बल्कि अनेकता में एकता को भी प्रत्यक्ष देखती है। ये ऐसे तत्त्व हैं जिन्हें आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों समस्त विश्व अपनाना चाहेगा, इनकी आवश्यकता का अनुभव करेगा, एक दिन उसे अध्यात्म की ओर प्रवृत्त होना पड़ेगा। उस समय यही हिन्दू जाति उसे मार्ग दिखलायेगी। यदि नहीं मिट गयी तो क्या होगा ? मानव-जाति को फिर ʹक… ख… ग….ʹ प्रारम्भ करना होगा।

लोग इसका खंडन करते हैं बिना समझे-बूझे ही, वे इसके शास्त्रों का मजाक उड़ाते हैं बिना ऩकी गहराई का अंदाजा किये हुए ही। वे इसकी उपेक्षा करते हैं, बिना भली-भाँति इसका अध्ययन किये हुए ही। आज तक किस विदेशी ने इसके मर्म को पहचाना है ? किसने इसका परिपूर्ण अवगाहन किया है ? यह तो विश्व का कर्तव्य है कि इस जाति की रक्षा करे।

अरे, हिन्दुत्व का परित्याग करके  भारतीय राष्ट्रीयता जीवित नहीं रह सकती। राष्ट्रीयता का आधार सुरक्षित रहना चाहिए। यहाँ न तो संकरता अभीष्ट है और न दुर्बलता क्योंकि आदर्श की प्रतिष्ठा उसके द्वारा हो होती है।

उत्तमः सर्वधर्माणां हिन्दू धर्मोयमुच्यते।

रक्ष्यः प्रचारणीयश्च सर्वलोकहितैषिभिः।।

ʹसब धर्मों में हिन्दू धर्म उत्तम कहा गया है। सब हितैषी लोगों के द्वारा इसकी रक्षा की जानी चाहिए, इसका प्रचार किया जाना चाहिए।ʹ

हिन्दू धर्म की शिक्षा क्या है ? यह धर्म हमें औरों के मतों का मान करना सिखलाता है, सहनशील होना बतलाता है। यह किसी पर आक्रमण करने की शिक्षा नहीं देता पर साथ ही यह आदेश भी देता है कि यदि तुम्हारे धर्म पर कोई आक्रमण करे तो धर्म की रक्षा के लिए प्राण तक न्योछावर करने में संकोच न करो।

पीपल के वृक्ष की तरह इस हिन्दू धर्म की जड़ें बहुत गहरी और दूर तक फैली हुई हैं। ऋषियों के तपोबल तथा केवल वायु एवं जल के आहार पर की गयी तपस्या ने इसकी रक्षा की और इसलिए यह कल्पलता आज भी हरी है। उन्हीं की तपस्या के कारण हिन्दू जाति आज भी जीवित है। अनगिनत जातियाँ यहाँ आयीं, हजारों हमले हुए परंतु परमात्मा की कृपा से हिन्दू धर्म आज भी जीवित है।

आपको हिन्दू शक्ति को जगाना है जिससे आप पर हाथ न उठाये, उस शक्ति को जगाना है कि जिससे आप पृथ्वी पर ऊँचा माथा करके इज्जत के साथ चल सकें। इसलिए हिन्दू संगठन की आवश्यकता है। जो माई के सच्चे सपूत हैं, जो सोच सकते हैं, जिनका दिमाग अच्छा है, वे एक हों, संगठित हों।

कौन नहीं जानता कि हिन्दू धर्म संसार के सब धर्मों में उद्धार हैं। इतनी उदारता और किसी धर्म में है ? किसी धर्म में भूतमात्र की चिंता कि विधान है ? लोग क्यों उन्हें अहिन्दू बनाने पर तुले हैं ? हिन्दुओ अपने धर्म की रक्षा करो। आपत्काल पर विचार करो और समय की प्रगति पर ध्यान दो।

संसार में हिन्दू जाति का दूसरा कोई देश नहीं है। अन्य जातियों के लिए तो दूसरे देश भी हैं पर हिन्दुओं के लिए केवल हिन्दुस्तान है। उनके लिए यही सर्वस्व है। यही उनकी मूर्तियों और मंदिरों का स्थान है। अतः इस देश में सुख शांति स्थापित करने का दायित्व उन्हीं का है।

(ʹमालवीय जी के सपनों का भारतʹ से संकलित)

स्रोतऋ ऋषि प्रसाद, मई 2013, पृष्ठ संख्या 18,17 अंक 245

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

होटलों में और शराब बनाने में बरबाद हो जाता है लाखों लीटर पानी


संत आशारामजी बापू का दो दिवसीय सत्संगः ट्रेन में सवार हो खेली होली

दैनिक भास्कर, जयपुर, 22 मार्च।

संत आशारामजी बापू ने कहा कि फाइव स्टार होटलों में और शराब बनाने में लाखों लीटर पानी बरबाद हो जाता है। हम साल में एक बार पलाश के फूलों की होली खेलते हैं तो हिन्दू विरोधी शक्तियाँ इसे गलत बताती हैं।

रामबाग के एसएमएस इन्वेस्टमेंट ग्राउंड में दो दिवसीय सत्संग व पलाश फूलों के रंग से होली उत्सव में गुरुवार को बापू जी ने कहा कि “हमने पानी का उपयोग मुंबईवासियों के लिए किया है, घर में तो ले नहीं गये। क्रिश्चियन पर्व पर कितनी ही गायें कटती हैं। वेलेन्टाइन डे से कितने ही बच्चे संस्कृति से दूर होते हैं ! होली के त्यौहार का गला घोंटना, दीपावली के पर्व पर प्रदूषण का आकलन करना, हिन्दू पर्वों के साथ कहाँ का न्याय है ? ऐसा करने वाले हिन्दुओं के पर्व को ठेस पहुँचाते हैं।”

फँसाने वाले अब तक आरोपों से बरी नहीं

“बापू को झूठे आरोपों में फँसाने की कोशिश करने वाले अभी तक बरी नहीं हो पा रहे हैं। चाहे वह सुखाराम ठग हो या कोई और। साँच को आँच नहीं। रामसुखदासजी कितने ऊँचे संत थे ! उन पर भी आरोप लगाये गये तो उन पवित्र संत ने अऩ्न-त्याग कर दिया था।”

यदि मेरे पास अरबों की जमीन है तो खरीद लो

पिछले दिनों अरबों की जमीन के मामले में संत आशारामजी बापू ने कहा कि “यदि मेरे पास अरबों की जमीन है तो 1 करोड़ 10 लाख रूपये दे दें और जमीन ले जाओ। दूसरा, गैंग-रेप के मामले में यदि मैंने पीड़िता को दोषी बताया है तो उसे सिद्ध कर दो और पचास लाख रूपये इनाम के ले जाओ। हम तो बार-बार कह चुके हैं लेकिन इन अफवाहों को फैलाने वाले लोग अभी तक सामने ही नहीं आये।”

हिन्दू पर्वों का विरोध हुआ तो वोट बैंक बिगड़ जायेगा

“बापू और बापू के प्यारों को ऐरे-गैरे मर समझना। चंदन से भी आग निकलती है। विदेशी ताकतें हिन्दुस्तान को तोड़ना चाहती हैं। एक भक्त से 20 आदमी जुड़े हैं। यदि ऐसे ही चलता रहा को वोट बैंक बिगड़ जायेगा। हिन्दू धर्म यूरोप, रोम या मिश्र का नहीं है, यह साक्षात् परब्रह्म है, सनातन है। इसको मिटाने वाले खुद मिट जाते हैं।”

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2013, पृष्ठ संख्या 8, अंक 244

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ