एक ऐसी चीज है जिसका जितना उपकार मानें उतना कम है। वह बड़े-में-बड़ी चीज है दुःख, विघ्न और बाधा। इनका बड़ा उपकार है। हम इन विघ्न-बाधाओं का ऋण नहीं चुका सकते। भगवान की और दुःख की बड़ी कृपा है। माँ बाप की कृपा है तो माँ-बाप का हम श्राद्ध करते हैं, तर्पण करते हैं लेकिन इस बेचारे दुःख देवता का तो हम श्राद्ध भी नहीं करते, तर्पण भी नहीं करते क्योंकि यह बेचारा आता है, मर जाता है, रहता नहीं है। माँ-बाप का तो आत्मा मरने के बाद भी रहता है। यह बेचारा मरता है तो फिर रहता ही नहीं। इसका तो श्राद्ध भी नहीं करते।
ये दुःख आ-आकर मिटते हैं बेचारे ! हमें सीख दे जाते हैं, संयम दे जाते हैं। दुःख, विघ्न, बाधाएँ हमारा इतना भला करते हैं, जितना माँ-बाप भी नहीं कर सकते। जो लोग दुःखों से डरते हैं, वे जीना नहीं जानते। दुःख डराने के लिए नहीं आते हैं, आपके विकास के लिए आते हैं और सुख विकारी बनाने के लिए नहीं आते, आपको उदार बनाने के लिए आते हैं।
ऐसा कोई महापुरुष या प्रसिद्ध व्यक्ति दिखा दो, जिसके जीवन में दुःख या विघ्न-बाधा न आये हों और महान बन गया हो। इनका तो बहुत उपकार मानना चाहिए लेकिन हम क्या करते हैं, विघ्न-बाधाओं को ही कोसते हैं। जो हमारे हितैषी हैं उनको कोसते हैं इसलिए हम कोसे जाते हैं। क्रांतिकारी वचन हैं, बात माननी पड़ेगी।
दुःख का उपकार मानना चाहिए क्योंकि यह नई सूझबूझ देता है। मौत आयी तो नया चोला देगी। हम क्या करते हैं, दुःख से भी डरते हैं, मौत से भी डरते हैं तो दुःख और मौत बरकरार रहते हैं। अगर हम इनका उपयोग करें तो दुःख और मौत सदा के लिए भाग जायेंगे। मेरे पास कई दुःख भेजे जाते हैं, कई आते हैं लेकिन टिकते ही नहीं बेचारे। जो दुःख और मौत से प्रभावित होते हैं उनके पास ये बार-बार आते हैं। सुख का सदुपयोग करें तो सुख भाग जायेगा और परमानंद प्रकट हो जायेगा। जिसके ऊपर लाख-लाख सुख न्योछावर कर दें ऐसा आत्मा-परमात्मा का आनंद प्रकट होगा। जो सुख का लालच करता है वह दुःख को बुलाता है और जो दुःख से डरता है वह दुःख को स्थायी करता है। दुःख से डरो नहीं, सुख का लालच न करो। सुख और दुःख का उपयोग करने वाले हो जाओ तो आपको परमात्मप्राप्ति सुलभ हो जायेगी।
सुख भी एक पायदान है, दुःख भी पायदान है, वे तो पसार होते हैं। हवाई अड्डे पर जो सीढ़ियाँ होती हैं वे अपने-आप चलती हैं, उन पर आप भी चलो और सीढ़ियाँ भी चलें तो आपको जल्दी पहुँचा देती हैं। ऐसे ही ये सुख-दुःख आकर आपको यात्रा कराते हैं। श्रीकृष्ण कहते हैं-
आत्मौपम्येन सर्वत्र समं पश्यति योऽर्जुन।
सुखं वा यदि वा दुःखं स योगी परमो मतः।।
‘हे अर्जुन ! जो योगी अपनी भाँति सम्पूर्ण भूतों में सम देखता है और सुख अथवा दुःख को भी सबमें सम देखता है, वह योगी परम श्रेष्ठ माना गया है।’ (गीताः 6.32)
सुखद अवस्था आये तो चिपके नहीं। आयी है तो चली जायेगी। दुःखद अवस्था आयी है, उसे सच्चा न मानें, सावधानीपूर्वक उसका फायदा लें।
सुख बाँटने की चीज है। मान और सुख को भोगने की चीज बना देती है बेवकूफी। मान का भोगी बनेगा तो अपमान उसे दुःख देगा। सुख का भोगी बनेगा तो दुःख बिना बुलाये आयेगा। सुख को भोगो मत, उपयोग करो। जो एक दूसरे के शरीर को भोगते हैं वे मित्र के रूप में एक दूसरे के गहरे शत्रु हैं।
हमको तो दुःख का आदर करना चाहिए। दुःख का उपकार मानना चाहिए। बचपन में जब माँ-बाप जबरदस्ती विद्यालय ले जाते हैं, तब बालक दुःखी होता है लेकिन वह दुःख नहीं सहे तो बाद में वह विद्वान भी नहीं हो सकता। ऐसा कोई मनुष्य धरती पर नहीं जिसका दुःख के बिना विकास हुआ हो। दुःख का तो खूब-खूब धन्यवाद करना चाहिए और यह दुःख दिखता दुःख है लेकिन अंदर से सावधानी, सुख और विवेक से भरा है।
मन की कल्पना है परेशानी
भगवान ने कितने अनुदान दिये, आ हा !… जरा सोचते हैं तो मन विश्रांति में चला जाता है। जरा सा कुछ होता है तो लोग बोलते हैं, ‘मैं तो दुःखी हूँ, मैं तो परेशान हूँ।’ वह मूर्ख है, निगुरा है, अभागा है। गुरु को मानते हुए भी गुरु का अपमान कर रहा है। तेरा गुरु है और तू बोलता है, ‘मैं दुःखी हूँ, मैं परेशान हूँ’ तो तू गुरु का अपमान करता है, मानवता का अपमान करता है। जो भी बोलता है, ‘मैं परेशान हूँ, मैं तो बहुत दुःखी हूँ’ समझ लेना उसके भाग्य का वह शत्रु है। यह अभागे लोग सोचते हैं, समझदार लोग ऐसा कभी नहीं सोचते हैं। जो ऐसा सोचता है उसका मन परेशानी बनाता रहेगा और परेशानी में गहरा उतरता जायेगा। जैसे हाथी दलदल में फँसता है और ज्यों ही निकलना चाहता है त्यों और गहरा उतरता जाता है। ऐसे ही दुःख या परेशानी आयी और ‘मैं दुःखी हूँ, परेशान हूँ’ ऐसा सोचा तो समझो दुःख और परेशानी की दलदल में गहरा जा रहा है। वह अभागा है जो अपने भाग्य को कोसता है। ‘मैं दुःखी नहीं, मैं परेशान नहीं हूँ। दुःखी है तो मन है, परेशानी है तो मन को है। वास्तव में मन की कल्पना है परेशानी।’ – ऐसा सोचो, यह तो विकास का मूल है, वाह प्रभु ! वाह !! मेरे दाता !
स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2015, पृष्ठ संख्या 25, अंक 273
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
All posts by Gurukripa
पूज्य बापू जी के सदगुरु साँईं श्री लीलाशाहजी द्वारा पूज्य श्री को लिखा हुआ पत्र
दिनांकः 10 मार्च, 1969
प्रिय, प्रिय आशाराम !
विश्वरूप परिवार में खुश-प्रसन्न हो। तुम्हारा पत्र मिला। समाचार जाना।
जब तक शरीर है तब तक सुख-दुःख, ठंडी-गर्मी, लाभ-हानि, मान-अपमान होते रहते हैं। सत्य वस्तु परमात्मा में जो संसार प्रतीत होता है वह आभास है। कठिनाइयाँ तो आती जाती रहती हैं।
अपने सत्संग-प्रवचन में अत्यधिक सदाचार और वैराग्य की बातें बताना। सांसारिक वस्तुएँ शरीर इत्यादि हकीकत में विचार-दृष्टि से देखें तो सुंदर नहीं हैं, आनंदमय नहीं हैं, प्रेम करने योग्य नहीं हैं वे सत्य भी नहीं हैं – ऐसा दृष्टांत देकर साबित करें। जैसे शरीर को देखें तो यह गन्दगी और दुःख का थैला है। नाक से रेंट, मुँह से लार, त्वचा से पसीना, गुदा से मल, शिश्नेन्द्रिय से मूत्र बहते रहते हैं। उसी प्रकार कान, आँख से भी गंदगी निकलती रहती है। वायु शरीर में जाते ही दूषित हो जाती है। अन्न-जल सब कफ-पित्त और दूसरी गंदगी में परिणत हो जाते हैं। बीमारी व बुढ़ापे में शरीर को देखें। उसी मृत शरीर को कोई कमरे में चार दिन रखकर बाहर निकाले तो कोई वहाँ खड़ा भी नहीं रह सकता। विचार करके देखने से शरीर की पोल खुल जायेगी। दूसरी वस्तुओं की भी ऐसी ही हालत समझनी चाहिए। आम कितना भी अच्छा हो, 3-4 हफ्ते उसे रखोगे तो सड़ जायेगा, बिगड़ जायेगा। इतनी बदबू आयेगी कि हाथ लगाने में भी घृणा होगी। इस प्रकार के विचार लोगों को अधिक बताना ताकि उनके दिमाग में पड़ी मोह की पर्तें खुल जायें।
नर्मदा तट जाकर 10-15 दिन रहकर आना। दो बार स्नान करना। अपने आत्मविचार में, वेदांत ग्रंथ के विचारों में निमग्न रहना। विशेष जब रू-बरू मुलाकात होगी तब बताएँगे।
बस, अब बंद करता हूँ। शिव !
हे भगवान ! सबको सदबुद्धि दो, शक्ति दो, निरोगता दो। सब अपने-अपने कर्तव्य का पालन करें और सुखी रहें।
हरि ॐ शांति, शांति।
लीलाशाह
स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2015, पृष्ठ संख्या 5, अंक 273
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
मोक्ष नित्य है या अनित्य ?
शंका- ब्रह्मविद्या का प्रयोजन मोक्ष की सिद्धि है और वह ब्रह्मात्मैक्य-बोध (आत्मा और ब्रह्म की एकता का ज्ञान) से होती है। ठीक है, पर वह मोक्ष नित्य है अनित्य ?
यदि अनित्य है तो अनित्य से वैराग्य होना चाहिए। अनित्य मोक्ष की आवश्यकता ही नहीं। यदि मोक्ष नित्य है तो वह साधनजन्य नहीं होगा क्योंकि नित्य वस्तु को प्राप्त करने के लिए साधन की आवश्यकता नहीं होती। उस दशा में शास्त्र-विहित सब साधन अनावश्यक सिद्ध होंगे। यदि कहो कि ब्रह्मज्ञान की सार्थकता है ही तो यह तभी सम्भव है जब बंधन अज्ञान से सिद्ध हो। परंतु आत्मा जब ब्रह्म ही है, तब उसमें अज्ञान और तज्जन्य (उसके द्वारा उत्पन्न) भ्रम की उपस्थापना ही हास्यास्पद है। असल में आत्मा ब्रह्म नहीं है, जैसा प्रत्येक व्यक्ति का सहज अनुभव भी है और जैसा शास्त्र में दोनों का भेद बताया भी गया है। जीव अल्पज्ञ, परिच्छिन्न, संसारी है और ब्रह्म सर्वज्ञ, अपरिच्छिन्न, सर्वशक्तिमान है। बंधन भी प्रत्येक जीव का सहज अनुभव है। अतः बंधन सत्य है और बंधन की निवृत्ति ज्ञान से नहीं हो सकती, वह कर्म, उपासना, योग की अपेक्षा रखती है। अतः ब्रह्मविद्या का विचार निरर्थक है।
समाधान- मोक्ष नित्य है फिर भी उसके लिए जो साधन शास्त्र में वर्णित हैं वे व्यर्थ नहीं हैं। मोक्ष आत्मा का अपना स्वरूप ही है, अन्य नहीं है। हम कहीं बँधे नहीं हैं। बंधन एक कल्पना है, भ्रम है। विचार करके देखो कि बचपन से अब तक हम कितनों के साथ बँधे और छूटे।
धन के साथ बँधे, वह चला गया। स्त्री, पुत्र, मित्र सबके साथ अपने को बँधा समझते रहे किंतु सब बदलता गया। इनके आने पर बंधन का भ्रम होता है पर हम ज्यों के त्यों हैं। हमें कोई बाँध नहीं सकता। सपनों के समान ये आते-जाते रहते हैं और मोक्ष अपना सहज स्वरूप है। अपने स्वरूपभूत मोक्ष की प्राप्ति में जो प्रतिबंध है – बंधन का भ्रम है, उसे दूर करने के लिए साधन की आवश्यकता है और इसीलिए शास्त्र की सार्थकता है। मोक्ष को उत्पन्न करने के लिए साधन की आवश्यकता नहीं है, अन्यथा मोक्ष भी निश्चित अनित्य ही होगा। भगवान शंकराचार्य जी कहते हैं-
रोगार्तस्यैव रोगनिवृत्तौ स्वस्थता।
स्वास्थ्य हमारा स्वरूप है किंतु सर्दी-गर्मी से, वात-पित्त-कफ के प्रकोप से या और किसी कारण से शरीर में रोग आ गया तो उसके निवारण के लिए औषध सेवन कर लेते हैं। स्वस्थ तो हम रोग से पहले भी थे और रोगनिवृत्ति के बाद भी रहेंगे। इसी प्रकार मोक्ष अपना स्वरूप है। उसमें जो बंधन का भ्रम आ गया है, उसे दूर करने के लिए ब्रह्मज्ञान की आवश्यकता है। ब्रह्मज्ञान के लिए ब्रह्मविचार की आवश्यकता है। और शास्त्र ब्रह्मविचाररूप हैं इसलिए शास्त्र की आवश्यकता है। शास्त्र में वर्णित सभी साधन परस्पर ब्रह्मज्ञान में सहकारी हैं।
स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2015, पृष्ठ संख्या 21, अंक 273
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ