(वामन जयन्तीः 25 सितम्बर 2015)
ऊर्ध्वं प्राणमुन्नयत्यपानं प्रत्यगस्यति।
मध्ये वामनमासीनं विश्वे देवा उपासते।।
(कठोपनिषद्- 2.2.3)
प्राण को ऊपर फेंक देता है और अपानवायु को नीचे फेंक देता है और दोनों के बीच में बैठा हुआ है वामन। वामन भगवान का नाम तो आप जानते ही हैं न ! नन्हा सा ईश्वर बैठा हुआ है वहाँ। उन नन्हें को जब तक तुम अपनी बलि नहीं दे देते, तब तक तो वह नन्हा-मुन्ना वामन बनकर बैठा रहता है और जब बलिदान (राजा बलि की कथा के संदर्भ में) हो जाता है, तब वह विराट हो जाता है – ऐसा वामन है, जो ब्रह्म हो जाता है। जब तक तुमने अपने अन्नमय, प्राणमय, मनोमय, विज्ञानमय, आनंदमय कोष को उसके प्रति अर्पित नहीं किया, जब तक तुम तीन पाद अर्पित नहीं करोगे, तब तक चतुर्थ पाद की प्राप्ति नहीं होती है। तीन पाद अर्पित करने पड़ते हैं, चतुर्थ पाद वह स्वयं है। स्थूल शरीर एक पाद, सूक्ष्म शरीर द्वितीय पाद और कारण शरीर तो अविद्यात्मक ही है, पाद-वाद नहीं है। वह तो तुरीय के ज्ञानमात्र से ही कि ‘यह तो वामन नहीं है, यह तो ब्रह्म है’ – यह पहचान लेने मात्र से ही तृतीय पाद मिट जाता है और चतुर्थ पाद की प्राप्ति होती है।
मन की उपाधि से ही ब्रह्म वामन बना हुआ है। अगर मन की उपाधि न हो तो ब्रह्म वामन न हो। वह कहाँ बैठा हुआ है ? कि प्राण और अपान की संधि में। जहाँ से वाणी को प्रेरणा मिलती है माने अग्नि-मंथन होता है और जहाँ प्राण व अपान का पृथक्करण होता है, वहाँ ध्यान करो। सोमो यत्रातिरिच्यते – बोले भाई कि चलो यहाँ से, अब ध्यान करेंगे। क्या है वहाँ ? कि सोमो = सोमरस-चन्द्रमा-परमात्मा की आह्लादिनी शक्ति, मन का अधिदेवता। मन का जो अधिदेवता है उसको चन्द्र बोलते हैं, यही चाँदनी है, यही चन्द्रिका है, यही सोम है, जिसको शंकरजी अपने सिर पर धारण करते हैं। इसको हृदय में धारण नहीं करते, इसको सिर पर धारण करते हैं। शंकर जी ने इस मन को हृदय में से उठाकर अपने सिर पर धारण कर लिया क्योंकि वहाँ भगवान के चरण का जो धोवन गंगाजी हैं, उसको जटा में रखते हैं न ! तो अपने हृदयस्थ मन को निकालकर वहीं लगाते हैं, वहीं रखते हैं।
अब देखो, सोम माने सोमरस-जहाँ स्वाद आता है, जहाँ आनंद की अनुभूति होती है। अग्निर्यत्राभिमथ्यते का अर्थ है कि वाक् का प्रयोग मत करो, मौन हो जाओ और जहाँ से वाणी को प्रेरणा मिलती है उस अभिमंथन के स्थान पर चलो। और वायुर्यत्राधिरुध्यते का अर्थ है प्राण और अपान वायु के चक्कर में न पड़कर इनकी उपेक्षा कर दो माने इनको मंद हो जाने दो-
प्राणापानौ समौ कृत्वा नासाभ्यन्तरचारिणौ।।
(गीताः 5.27)
प्राण-अपान की गति को मंद हो जाने दो और वाक् में, जीभ में बिल्कुल मत आओ माने शब्द की कल्पना मत करो, किसी भी शब्द का आधार मत लो, और सोमो यत्रातिरिच्यते – सोमरस का अनुभव करो अर्थात् आनंद लो, वहाँ परमानंद की अनुभूति करो।
तीन बातें हुईं – एक तो प्राण-अपान का ख्याल छोड़ दो, दूसरी – किसी भी शब्द को अपने मन में मत आने दो, मन को निःशब्द कर दो और तीसरी – केवल रसात्मक अवस्था में जाकर बैठ जाओ। तब तत्र संजायते मनः – वहाँ मन का सम्यक् उत्पादन होता है माने ध्यानाकार मन की उत्पत्ति वहीं होती है, वहीं जाकर मनुष्य ध्यानस्थ हो जाता है।
स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2015, पृष्ठ संख्या 17, अंक 273
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
All posts by Gurukripa
शुभ भाव व पवित्रता देने वाला पर्व
(रक्षाबन्धनः 29 अगस्त 2015)
राखी पूनम उच्च उद्देश्य से मन को बाँधने की प्रेरणा देने वाली पूनम है। बहन भाई के हाथ पर राखी बाँधती है। राखी महँगी है या सस्ती इसका महत्त्व नहीं है, सादी-सूदी राखी हो, सादा रंगीन धागा हो, चल जाता है। शुभ भाव को दिखावे में नहीं बदलना चाहिए बल्कि सात्त्विकता व पवित्रता का सम्पुट देना चाहिए।
बहन भावना करती है कि ‘मेरा भैया विमल विवेकवान हो।’ रक्षाबंधन महोत्सव फिसलते हुए आस-पड़ोस के युवक-युवतियों के लिए सुरक्षा की सुंदर खबर लाने वाला महोत्सव है। वयस्क बहन-भाई पड़ोस में रहें, हो सकता है कि ऊर्जा का स्रोत यौवन में विकारों की तरफ जोर मारता हो तो कहीं वे फिसल न जायें इसलिए पड़ोस की बहन पड़ोस के भाई को राखी बाँधकर अपनी तो सुरक्षा कर लेती है, साथ ही भाई के विचारों की भी सुरक्षा कर लेती है कि पड़ोस का भाई भी संयमी बने, सदाचारी बने, तेजस्वी बने, दिव्यता की तरफ चले।
राखी दिखता तो धागा है लेकिन उस धागे में संकल्पशक्ति होती है, शुभ भावना होती है। शची (इन्द्र की पत्नी) ने देखा कि इन्द्र दैत्यों के साथ जूझ रहे हैं, कहीं पराजय की खाई में न गिर जायें इसलिए शची ने इन्द्र को राखी बाँधी। अपना शुभ संकल्प किया कि ‘मेरे पतिदेव विजेता बनें।’
मेरे गुरुदेव (साँईं श्री लीलाशाह जी महाराज) अहमदाबाद पधारे थे, तब उनके चरणों में जूनागढ़ का एक प्राध्यापक और प्राचार्य आये। बोलेः “साँईं ! भाई तो बहन की रक्षा करे लेकिन हम भी तो रक्षा चाहते हैं। इन्द्र को युद्ध में विजय चाहिए लेकिन हमें तो विकारों पर विजय चाहिए। सद्गुरुदेव ! आप हमारी विषय-विकारों से रक्षा करते रहें। जब तक हम ईश्वर तक न पहुँचे, तब तक गुरुवर ! आप हमें सँभालना।
गुरु जी अमीरी संभाळ ले जो रे।
दिलड़ां मां रहीने दोरवणी देजो रे।।”
‘गुरु के दिव्य ज्ञान का प्रचार-प्रसार हो, लाखों लोग गुरुदेव के दैवी कार्य से लाभान्वित हों’ ऐसा शुभ भाव मन ही मन करके साधक गुरु को राखी बाँध सकता है और गुरु भी शुभ संकल्प करें कि ‘इनकी विषय विकारों से, अविवेक व अशांति से सुरक्षा हो और विमल विवेक जागे।’
इस पूनम को ‘नारियली पूनम’ भी कहते हैं। सामुद्रिक धंधा करने वाले लोग जलानां सागरो राजा…. सारे जलाशयों में सागर राजा है…. इस भाव से नारियल अर्पण करते हैं कि ‘अगर आँधी-तूफान आये तो हमारी देह की बलि न चढ़े इसलिए हम आपको यह बलि अर्पण कर देते हैं।’ यह कृतज्ञता व्यक्त करने का भी उत्सव है।
ब्राह्मण ‘श्रावणी पर्व’ मनाते हैं और जनेऊ बदलते हैं। जनेऊ में तीन धागे होते हैं। 1-1 में 9-9 गुण… 9×3=27. प्रकृति के इन गुणों से और बंधनों से पार होने के लिए जनेऊ धारण किया जाता है। ‘जनेऊ का धागा तो भले पुराना हो गया इसलिए बदल देते हैं लेकिन हमारा उत्साह तो जैसे पूनम का चाँद पूर्ण विकसित है, ऐसे ही धर्म और कर्म में हमारा उत्साह बना रहे, साहस और प्रेम बना रहे’ – यह भावना करते हैं।
भद्राकाल के बाद ही राखी बँधवायें
जैसे शनि की क्रूर दृष्टि हानि करती है, ऐसे ही शनि की बहन भद्रा का प्रभाव भी नुकसान करता है। रावण ने भद्राकाल में सूर्पणखा से रक्षासूत्र बँधवा लिया, परिणाम यह हुआ कि उसी वर्ष में उसका कुल सहित नाश हुआ। भद्रा की कुदृष्टि से कुल में हानि होने की संभावना बढ़ती है। अतः भद्राकाल में रक्षासूत्र (राखी) नहीं बाँधना चाहिए।
(29 अगस्त 2015 को दोपहर 1-53 तक भद्राकाल है, इसके बाद ही राखी बाँधें।)
स्रोतः ऋषि प्रसाद, अगस्त 2015, पृष्ठ संख्या 11, अंक 272
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
यह केस तो तुरन्त रद्द होना चाहिए
सुप्रसिद्ध न्यायविद् डॉ. सुब्रह्मण्यम स्वामी
सुप्रसिद्ध न्यायविद् डॉ. सुब्रह्मण्यम स्वामी ने पूज्य बापू जी के खिलाफ हुई अंतर्राष्ट्रीय साजिश का खुलासा करते हुए कहा कि “विदेश से आये हुए धर्म परिवर्तन करने वाले लोगों का आशाराम जी बापू ने डटकर मुकाबला किया। गुजरात और अन्य क्षेत्रों में लालच देकर धर्म-परिवर्तन करने के प्रयास को विफल किया। इससे वेटिकन में नाराजगी आयी। उसके बाद किसी तरीके से बापू जी को बदनाम करने के लिए प्रयास चला।” सुब्रह्मण्यम स्वामी ने यह बात औरंगाबाद में हुए एक सम्मेलन के दौरान कही।
पूज्य बापू जी को ऐसे षड्यंत्र में फँसाने के लिए बहुत पहले से और बड़े स्तर पर कोशिशें की जा रही थीं। इस संदर्भ में सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहाः “मैंने बापू जी को एक बार जब हवाई जहाज में साथ आ रहे थे तब बताया कि सत्ता (तत्कालीन सत्ताधारी सरकार) में जो लोग हैं, वे उनसे चिढ़े हुए हैं और कुछ भी कर सकते हैं। आखिर में वही हुआ जिसका मैं संदेह कर रहा था।”
सुब्रह्मण्यम स्वामी इस बोगस केस की एक-एक पर्त खोलते हुए बोलेः “मैंने केस को पढ़ा। देखा कि लड़की ने जोधपुर के पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज नहीं की, वह दिल्ली में दर्ज की। मेडिकल जाँच रिपोर्ट में साफ लिखा हुआ है कि कोई दुष्कर्म नहीं हुआ है। फिर जोधपुर पुलिस ने अलग से एक धारा जोड़ी कि लड़की 18 साल से कम उम्र की है। बलात्कार तो नहीं हुआ लेकिन उन्होंने हाथ लगाया और किसी ने देखा नहीं। माँ दरवाजे के बाहर बैठी है।’ लड़की चिल्लाती तो निश्चित तौर पर वह (माँ) अंदर आती।
देशहित एवं सत्य के पक्ष में मुकद्दमे लड़ने वाले सुब्रह्मण्यम स्वामी ने इस मुकद्दमे के पुलिस द्वारा नजरअंदाज किये गये पहलुओं को उजागर करते हुए कहाः “लड़की के टेलिफोन रिकॉर्ड्स से पता लगा कि जिस समय पर वह कहती है कि वह कुटिया में थी, उस समय वह वहाँ थी ही नहीं ! उसी समय बापू जी सत्संग में थे और आखिर में मँगनी के कार्यक्रम में व्यस्त थे। वे भी वहाँ कुटिया में नहीं थे। यह केस तो तुरंत रद्द होना चाहिए।”
सुब्रह्मण्यम स्वामी ने सरकार से माँग करते हुए कहाः “मैंने गृहमंत्री राजनाथ जी से कहा कि आशाराम जी बापू के खिलाफ किया गया केस फर्जी है। उनके खिलाफ मुकद्दमा चलाने में जनता के पैसों का दुरुपयोग होता है। यह बिगाड़ नहीं किया जाना चाहिए।
स्रोतः ऋषि प्रसाद, अगस्त 2015, पृष्ठ संख्या 6, अंक 272
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ