All posts by Gurukripa

घर के झगड़ों को कैसे बदलें प्रेम में ? – पूज्य बापू जी


ʹयह बहू तो ऐसी है… क्या करें, आजकल की तो परायी जाइयाँ आयीं, जमाना बिगड़ गया है। वह ऐसी है, फलानी ऐसी है…ʹ अरे ! तू भी तो पराई जाई है। अभी नानी और दादी बनकर बैठी है, तू इस घर की जाई है क्या ! तो सासुमाताओ ! परायी जाइयों की निंदा न करो और बहुरानियो ! चाहे सासु थोड़ा-बहुत कहे, तुम तो कभी सासु की निंदा न करो। यदि आपकी पत्नी और माँ यानी सासु-बहू, देवरानी जेठानी, ननद-भाभी आपस में भिड़ती रहती हैं तो क्या करना चाहिए ?

अकेले में पत्नी को समझाना चाहिए कि ʹतू मेरी माँ की फरियाद करती है, ʹमाँ ऐसी है, वैसी है……ʹ तेरी सारी बातें अगर सच्ची भी मानूँ तब भी मैंने उसका दूध पिया है, मैं उसके गर्भ में रहा हूँ, माँ की निंदा सुनने से मेरे पुण्य व मति मंद होंगे, मेरा प्रभाव नष्ट होगा और पुण्यहीन, मंद-बुद्धि, प्रभावहीन पति से तू कौन-सी संतान लेकर सुखी होगी ? इतना तो समझ ! भोली है तू। इसलिए माँ के खिलाफ मेरे को कुछ न सुनाये तो अच्छा है। मैं तो कहता हूँ कि वृद्धाओं का, माता का दिल जीतना तेरे बायें हाथ का खेल है, तू कर सकती है।ʹ उसको डाँटो नहीं, विश्वास में लो। वह माँ नहीं बनी है तो बोलो, ʹमाँ की सेवा करोगी तो तुम्हारी संतान भी ओजस्वी-तेजस्वी होगी, तुम भी अच्छी आत्मा की माँ बनोगीʹ अथवा माँ बनी है तो ʹगुड्डू की माँ, ललुआ की माँ….ʹ जो भी हो, उसको प्यार से समझाओ। 2-5 बार ऐसा प्रयत्न करोगे तो आपका अंतःकरण पवित्र होगा और पत्नी के हृदय में सासु के प्रति जो ग्रंथि है वह खुल जायेगी। और पत्नी को युक्ति दे दो कि ʹमाँ कितने साल की मेहमान है ! तेरे को मेरे साथ जिंदगी गुजारनी है, मेरे को तेरे साथ जिंदगी गुजारनी है।ʹ – ऐसे विश्वास में लेकर सास बहू का झगड़ा मिटा देना चाहिए।

देवरानी-जेठानी लड़ती हो तो क्या करें ? ʹहे प्रभु ! आनन्ददाता !!…..ʹ प्रार्थना का घर में पाठ कराओ, देवरानी-जेठानी का झगड़ा मुहब्बत में बदल जायेगा। जेठानी का पति कहे कि ʹदेख ! देवरानी ऐसी है, वैसी है….ʹ तू सुनाती है लेकिन वह मेरा छोटा भाई है, बेटे के बराबर है तो उसकी पत्नी तेरी और मेरी बहू के बराबर है। पगली मत बन, दिल बड़ा रख। बड़े का बड़प्पन इसी में है कि छोटे को प्रेम से अनुकूल करे। छोटे को डाँट के, धमका के या उसके ऐब देखकर नहीं उसके गुण देख के, उसकी सराहना करके उसको अनुकूल किया जाता है।ʹ बड़ा भाई अलग से अपनी पत्नी को कहेः ʹअरे कुछ भी है, बड़ा भाई पिता के तुल्य होता है तो बड़ी भाभी मेरी माँ के तुल्य है। तू थोड़ा बड़ा दिल रख न ! बड़ों का तो थोड़े आदर-सत्कार से दिल पिघल जाता है, तू क्यों नहीं बात समझती है ? काहे को भोली बनती है ?ʹ जेठानी ऐसी है, वैसी हैʹ लेकिन वह सब कुछ छोड़कर आयी है, तेरे जैसा त्याग तो है उसमें। तू भी पूरा मायका छोड़कर इधर आ गयी, वह भी मायका छोड़कर आ गयी। दोनों त्यागी-त्यागी होकर आपस में लड़ रही हो एक ही जात की होकर, बड़े आश्चर्य की बात है ! मेरी परीक्षा ले रही हो क्या तुम दोनों देवरानी-जेठानी ?ʹ ऐसा समझाकर उनको राजी कर दें।

ननद-भाभी का झगड़ा है पत्नी को समझा दे कि ʹदेख ! साल दो साल में वह बेचारी पराये घर जायेगी, अभी उसका दिल दुःखा के कन्या की बददुआ तू क्यों ले ! तेरे को भी कन्या होगी फिर वह दुःख देगी तो ! इसलिए माँ की कन्या तेरी अपनी कन्या से भी ज्यादा आदर के योग्य है। ननद के प्रति भाभी का उदार हृदय होना चाहिए, ऐसा शास्त्र कहते हैं।ʹ और ʹहे प्रभु ! आनन्ददाता !!….ʹ प्रार्थना का घर में पाठ करो तथा पड़ोस के बच्चे-बच्चियों को बुलाकर भी पाठ करो।

संघर्ष में, एक दूसरे की निंदा में, एक दूसरे की गलतियाँ खोजने में, एक दूसरे पर आरोप थोपने में हमारी शक्तियों का जितना ह्रास होता है और योग्यताएँ कुठित होती हैं, उतनी शक्ति और योग्यता हम अगर 15 मिनट ʹहरि ૐ….ʹ का गुंजन करने में लगायें तो हमारे दीदार करने वाले का भला हो जायेगा, ऐसी हम सबके अंदर योग्यता छुपी है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2013, अंक 249

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

 

स्वास्थ्य व पर्यावरण सुरक्षा का अमोघ उपायः गाय का घी


देशी गाय का घी शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक विकास एवं रोग-निवारण के साथ पर्यावरण-शुद्धि का एक महत्त्वपूर्ण साधन है।

इसके सेवन से-

बल, वीर्य व आयुष्य बढ़ता है, पित्त शांत होता है।

स्त्री एवं पुरुष संबंधी अनेक समस्याएँ भी दूर हो जाती हैं।

अम्लपित्त (एसिडिटी) व कब्जियत मिटती है।

एक गिलास दूध में एक चम्मच गोघृत और मिश्री मिलाकर पीने से शारीरिक, मानसिक व दिमागी कमजोरी दूर होती है।

युवावस्था दीर्घकाल तक रहती है। काली गाय के घी से वृद्ध व्यक्ति भी युवा समान हो जाता है।

गर्भवती माँ घी-सेवन करे तो गर्भस्थ शिशु बलवान, पुष्ट और बुद्धिमान बनता है।

गाय के घी का सेवन हृदय को मजबूत बनाता है। यह कोलेस्ट्रोल को नहीं बढ़ाता। दही को मथनी से मथकर बनाये गये मक्खन से बना घी हृदयरोगों  भी लाभदायी है।

देशी गाय के घी में कैंसर से लड़ने व उसकी रोकथाम की आश्चर्यजनक क्षमता है।

ध्यान दें- घी के अति सेवन से अजीर्ण होता है। प्रतिदिन 10 से 15 ग्राम घी पर्याप्त है।

नाक में घी डालने से-

मानसिक शांति व मस्तिष्क को शांति मिलती है। स्मरणशक्ति वे नेत्रज्योति बढ़ती है। आधासीसी (माइग्रेन) में राहत मिलती है।

नाक की खुश्की मिटती है।

बाल झड़ना व सफेद होना बंद होकर नये बाल आने लगते हैं।

शाम को दोनों नथुनों में 2-2 बूँद गाय का घी डालने तथा रात को नाभि व पैर के तलुओं में गोघृत लगाकर सोने से गहरी नींद आती है।

मात्रा 4 से 8 बूँद।

गोघृत से करें वातावरण शुद्ध व पवित्र

अग्नि में गाय के घी की आहुति देने से उसका धुआँ जहाँ तक फैलता है, वहाँ तक सारा वातावरण प्रदूषण और आण्विक विकिरणों से मुक्त हो जाता है। मात्र 1 चम्मच गोघृत की आहुति देने से एक टन प्राणवायु (आक्सीजन) बनती है, जो अन्य किसी भी उपाय से सम्भव नहीं है।

गोघृत और चावल की आहुति देने से कई महत्त्वपूर्ण गैसे जैसे – आक्साइड, प्रोपिलीन आक्साइड, फार्मल्डीहाइड आदि उत्पन्न होती हैं। इथिलीन आक्साइड गैस आजकल सबसे अधिक प्रयुक्त होने वाली जीवाणुरोधक गैस है, जो शल्य चिकित्सा (आपरेशन) से लेकर जीवनरक्षक औषधियाँ बनाने तक में उपयोगी है।

मनुष्य शरीर में पहुँचे रेडियोधर्मी विकिरणों का दुष्प्रभाव नष्ट करने की असीम क्षमता गोघृत में है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2013, अंक 249

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

दुःख को उत्सव बनाने की कला – पूज्य बापू जी


हम दुःख चाहते नहीं हैं, दुःख भगवान ने बनाया नहीं है और दुःख हमको पसंद नहीं है फिर भी दुःख क्यों होता है ? क्योंकि ईश्वरीय रहस्य को, ईश्वरीय लीला को, ईश्वरीय ज्ञान को हम नहीं जानते। हमारे मन की कल्पनाओं से हम दुःख बना लेते हैं, सुख बना लेते हैं। वास्तव में अनुकूलता जहाँ होती है, उसको हम सुख बोलते हैं और प्रतिकूलता होती है, उसको हम दुःख बोलते हैं।

शास्त्र बोलते हैं- अनुकूलवेदनीयं सुखं प्रतिकूलवेदनीयं दुःखम्। तो यह अनुकूलता और प्रतिकूलता विधायक का विधान है, उस विधाता का विधान है। अनुकूलता देकर वे आपको उदार बनाते हैं ताकि आप उनकी तरफ आओ और प्रतिकूलता देकर के आपकी आसक्ति मिटाते हैं। विधान जो होता है न, वह मंगल के लिए होता है। हमको जो अच्छा नहीं लगता है वह भी होता है तो समझो विधान कल्याणकारी है और जो हमको अच्छा लगता है वह हमसे छीन लेता है तो समझो विधान की कृपा है। लेकिन हम क्या करते हैं कि जो अच्छा लगता है वह छीना जाता है तो हमारी दुःखाकार वृत्ति बनती है और ʹहम दुःखी हैंʹ ऐसी अपने में बेवकूफी भरते हैं। लेकिन ऐसा दुःख और परेशानी कोई नहीं है जिसमें हमारा कल्याण न छिपा हो। इसलिए कभी दुःख और परेशानी आये तो समझ लेना विधायक का विधान है। हमारा कल्याण करने के लिए आया है, आसक्ति छुड़ाने को आया है, संसार से मोह-ममता छुड़ाने को आया है। ʹवाह प्रभु, वाह ! तेरी जय हो !ʹ

दुःख को आप भजन में बदल सकते हैं, दुःख को आप ज्ञान में बदल सकते हैं, दुःख को विवेक में बदल सकते हैं, दुःख को दुःखहारी परमात्मा में बदल सकते हैं। दुःख आपके लिए भगवान की प्राप्ति का साधन हो जायेगा। अगर सुख आये और उसके भोगी बने तो सुख आपको खोखला बना देगा। सुख आया तो जो उसके भोगी बने हैं, वे नरकों में पड़े हैं, बीमार पड़े हैं।

तो आपको अगर जल्दी से दुःखों से पार होना हो तो सुख का लालच छोड़ दो। सुख का लालच छोड़ते ही आपका आपके अंतरात्मा के साथ जो संबंध है, वह स्पष्ट होगा। जैसे पानी के ऊपर की काई हटा देने से पानी दिखता है, ऐसे ही सुख का लालच हटाने से सुख का, मधुमय आनंद का दरिया लहराने लगेगा। दुःख के भय से आप भयभीत न हों। दुःख आये तो उत्सव मनाओः ʹवाह ! आ गया, वाह-वाह ! भला हुआ, अच्छा है। ये दुःख और कष्ट आसक्ति मिटाकर हरि में प्रीति जगाने वाले हैं, वाह भाई ! वाह !!ʹ तो बाहर से दुःख दिखेगा लेकिन तुम्हारे ईश्वरीय सम्बंध के स्मरण से दुःख भी सपना हो जायेगा, सुख भी सपना हो जायेगा, आनन्दस्वरूप परमात्मा अपना हो जायेगा।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2013, अंक 249

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ