All posts by Gurukripa

एक भरोसा, एक आस, एक विश्वास…. – पूज्य बापू जी


सच्चिदानंदरूपाय विश्वोत्पत्यादिहेतवे।

तापत्रयविनाशाय श्रीकृष्णाय वयं नुमः।।

जो सत् है, चित् है, जो आनन्दस्वरूप है उस पूर्ण परमात्मा का भरोसा, उसी की आस, उसी का विश्वास …..! पूर्ण की आस पूर्ण कर देगी, पूर्ण का भरोसा पूर्णता में ला देगा, पूर्ण का विश्वास पूर्णता प्रदान कर देगा। नश्वर की आस, नश्वर का भरोसा, नश्वर का विश्वास नाश करता रहता है।

एक भरोसो एक बल, एक आस बिस्वास।

संत तुलसीदास जी कहते हैं कि एक भगवान का ही भरोसा, भगवान को पाने की ही आस और परम मंगलमय भगवान ही हमारे हितकारी हैं, ऐसा विश्वास हमें निर्दुःख, निश्चिंत, निर्भीक बना देता है। जगत का भरोसा, जगत की आस, जगत का विश्वास हमें जगत में उलझा देता है। भरोसा, आस और विश्वास मिटता नहीं, यह तो रहता है लेकिन जो इसे नश्वर से हटाकर शाश्वत में ला देता है वह धनभागी हो जाता है।

चहौं न सुगति, सुमति, संपति कछु,

रिधि-सिधि बिपुल बड़ाई।

यह बिनती रघुबीर गुसाई।

और आस-बिस्वास-भरोसो,

हरो जीव-जड़ताई।।

नश्वर चीजों की आस, नश्वर चीजों का भरोसा, नश्वर चीजों का विश्वास यह जीवात्मा की जड़ता है। हे प्रभु ! आप शाश्वत हैं, हमारा आत्मा होकर बैठे हैं। आप पर विश्वास, आपका भरोसा और आपकी आस छोड़कर जो वस्तु, व्यक्ति, परिस्थिति, संबंध, सम्पदा पहले नहीं थी, बाद में नहीं रहेगी और अब भी बदल रही है उन्हीं की आस, विश्वास और भरोसा करना यह हमारी जड़ता है। इस जड़ता को हर लो महाराज, बस।

नश्वर चीजों की आशा है – पेंशन आयेगी फिर आराम से भजन करूँगा। हे भैया ! आराम तो अपने राम में है। सुविधाजन्य भजन तेरे को खोखला बना देगा। पेंशन का आधार, मित्र का आधार, कुटिया का आधार, वातावरण का आधार तेरे को खोखला बना देगा।

मैंने भी यह गलती की थी। गुरुजी ने आज्ञा दी की ‘डीसा में जाकर रहो’। जहाँ कुटिया थी उसके आसपास में झोंपड़पट्टी थी। एक दिन भी रहने की इच्छा नहीं होती थी। कुछ दिन रहा, फिर गुरुजी को चिट्ठी लिखी कि ‘कृपा करके आज्ञा प्रदान करें कि मैं नर्मदा किनारे मेरे मित्र संत की गुफा है, वहाँ स्वतन्त्रता से रहके अनुष्ठान आदि आराम से कर  सकता हूँ, मैं वहाँ रहूँ ?”

गुरुजी ने उत्तर भेजा कि ‘वहें रहो।’ महीना-दो महीना खींचा, मन को सँभाल के फिर चिट्ठी लिखीः ‘हे गुरुदेव ! आपको न कहूँगा तो किसको कहूँगा। मेरे मन में आता है कि कुटिया को और बाउण्ड्री को ताला लगाकार चाबियाँ बाउण्ड्री में फेंककर नर्मदा किनारे भाग जाऊँ। वहाँ शांति है, एकांत है और तपस्या भूमि है। यहाँ झोंपड़पट्टी के बच्चे दिन-रात चिल्लाते रहते हैं, आपस में गालियाँ बोलते और दीवालों पर भी लिखते रहते हैं।’ गुरुजी ने कहाः ‘गालियाँ निकालते हैं तो वे तो आकाश में चली गई, रात को कुत्ते भौंकते हैं तो ॐ ॐ बोलते हैं – ऐसी भावना क्यों नहीं करते ! बैठे रहो वहीं !’

सात साल वहाँ निकाले और गुरुदेव ने ऐसा पक्का, मजबूत बना दिया कि हम कल्पना भी नहीं कर सकते कि इतनी भीड़, बाहर की इतनी प्रवृत्ति के अंदर भी निर्लेप नारायण की आस, भरोसा, विश्वास पर मौज ही मौज, आनन्द ही आनन्द है।

हम अपनी मान्यता की आशा रखते हैं, अपनी चीज वस्तु, बुद्धिमत्ता का भरोसा रखते हैं लेकिन ये सब बेचारे, बेचारे ही हैं। एक आस, एक भरोसा, एक विश्वास परमात्मा को देखो।

संत तुलसीदास जी कहते हैं कि और देवियों की पूजा करो तो खुश होती हैं लेकिन आशा देवी का भरोसा छोड़ने से आप पूर्ण सुखी हो जाते हैं।

आशा देवी की पूजा छोड़ दो, आशा देवी का भरोसा छोड़ दो, आशा का विश्वास न करो, आशाओं के दास न बनो, आशा के राम बन जाओ बस !

आशा तो एक राम की, और आस निराश।

अगर मिले तो राम मिले, और मिला तो क्या मिला ! मिलकर बिछड़ जायेगा। यह जीव की जड़ता ही है कि आशा छोड़ नहीं सकता। कहीं न कहीं विश्वास तो रखना ही पड़ता है, किसी-न-किसी पर भरोसा रखना ही पड़ता है तो रखिये भरोसा प्रकृति से परे उस परमात्मा पर।

असंगो ह्यं पुरुषः।

आप उसी की आस, उसी का भरोसा और उसी में विश्वास करते हो तो जैसी आस, जैसा भरोसा, जैसा विश्वास रखते हैं और जैसा आपका भाव होता है, वह सत्-चित्-आनंदघन परमात्मा उसी रूप में आपके आगे लीला करके आपको संतुष्ट कर सकते हैं। परंतु आप अपना आग्रह छोड़िये की ‘ठाकुरजी ! आप ऐसे रूप में मिलो, वैसे रूप में मिलो……।’ नहीं, आप तो प्रार्थना करो। ‘महाराज ! तुम कैसे हो यह हम नहीं जानते लेकिन हम कैसे हैं तुम जानते हो। मम हृदय भवन प्रभु तोरा। मेरा हृदय तो तेरा भवन है मेरे परमेश्वर ! तू सत् है, तू चित् है, तू आनन्दस्वरूप है यह हम जानते नहीं हैं, शास्त्र और महापुरुषों के वचनों से मानते हैं।

जगत की ऐसी वस्तु मिलेगी, ऐसा निवास मिलेगा, ऐसा एकांत मिलेगा, ऐसी साधना मिलेगी तब मैं भजन करूँगा – यह मेरी आशा हर लो महाराज ! आप सर्वत्र हो, हर हाल में हो।’

स्वामी रामतीर्थ ने उस परमेश्वर की महिमा को कुछ जानते हुए गुनगुनायाः

कोई हाल मस्त, कोई माल मस्त,

कोई तूती मैना सूए में।

कोई खान मस्त, पहरान मस्त,

कोई राग रागिनी दोहे में।।

‘ऐसा हाल हो तब मैं सुखी होऊँगा’ – यह भ्रम निकाल दो। इतनी माल मिल्कियत होगी तब सुखी होंगे’ – यह आशा भटकाती है। इन तुच्छ अवस्थाओं की आशा, विश्वास और भरोसा करके हम फँस जाते हैं। इनके बिना भी हम अपने-आप में पूर्ण सुखी रह सकते हैं।

नानक जी कहते हैं-

पूरा प्रभु आराधिआ पूरा जा का नाउ।

नानक पूरा पाइआ पूरे के गुन गाउ।।

सुखमनी साहिब

कोई अवस्था अभी नहीं है, आयेगी तब हम सुखी होंगे तो आप नश्वर की आशा करते हैं, नश्वर पर भरोसा करते हैं, नश्वर पर विश्वास करते हैं।

एक बार दरिया में जोरों का तुफान उठा। पालवाली नाव तरंगो में उछलने लगी। समुद्री तुफान को देख यात्रियों के प्राण कंठ में आ गये। अब क्या करें, किसकी आशा करें, किसका भरोसा करें, किस पर विश्वास करें ? अब गये-अब गये, रोये चीखे चिल्लाये। यात्रियों में एक दूल्हा-दुल्हन भी थे। दुल्हन देख रही थी के मेरे पति आकाश की ओर शांत भाव से देख रहे हैं।

वह बोलीः “अजी ! ऐसी आँधी चल रही है, तुफान आ रहा है। अब क्या होगा, कोई पता नहीं। सब चीख रहे हैं, हे प्रभु ! बचाओ। और आप निश्चिंत हो !”

दूल्हे ने म्यान में तलवार निकाली और उसके गले पर रख दी। दुल्हन पति के सामने देखने लगी।

पति बोलाः तुझे डर नहीं लगता ? मौत तेरे सिर पर आ गयी है।”

“मैं क्यें डरूँगी ! तलवार है तो मेरी गर्दन पर लेकिन मेरे स्वामी के हाथ में है। यह तलवार मेरा क्या बिगाड़ेगी !”

“तेरा अपने स्वामी पर भरोसा है तो तू निश्चिंत है, तो मेरा भी मेरे स्वामी पर भरोसा है इसलिए मैं निश्चिंत हूँ। मेरे स्वामी पर मेरा विश्वास है कि जो करेंगे भले के लिए करेंगे। अगर यह नाव डुबाते हैं तो नया शरीर देना चाहेंगे, उसमें भी मेरा भला है और इसी जीवन में सत्संग-साधना में आगे बढ़ाना चाहेंगे तो नाव किनारे लगायेंगे। हमारे हाथ की बात तो है नहीं कि आँधी, तूफान को रोक दें लेकिन आशा, विश्वास और भरोसा उन्हीं का है, उनको जो भी अच्छा लगेगा ये करेंगे।”

एक भरोसो एक बल एक आस बिस्वास।

एक राम घन स्याम हित चातक तुलसीदास।।

तुलसी दोहावलीः 277

जैसे चातक की नजर एक ही जगह पर होती है, ऐसे ही हे प्रभ ! हमारी दृष्टि तुम पर रख दो। भगवान पर भरोसा करोगे तो क्या शरीर बीमार नहीं होगा, बूढा नहीं होगा, मरेगा नहीं ? अरे भाई ! जब शरीर पर, परिस्थितियों पर भरोसा करोगे तो जल्दी बूढ़ा होगा, जल्दी अशांत होगा, अकाल भी मर सकता है। भगवान पर भरोसा करोगे तब भी बूढ़ा होगा, मरेगा लेकिन भरोसा जिसका है देर-सवेर उससे मिलकर मुक्त हो जाओगे और भरोसा नश्वर पर है तो बार-बार नाश होते जाओगे। ईश्वर की आशा है तो उसे पाओगे व और कोई आशा है तो वहाँ भटकोगे। पतंगे का आस-विश्वास-भरोसा दीपज्योति के मजे पर है तो उसे क्या मिलता है ? परिणाम क्या आता है ? जल मरता है ।

मत कर रे गुमान, गुलाबी रंग उड़ी जावेलो।

इस बाहर के सौंदर्य पर, बाहर के धन पर, बाहर के प्रमाणपत्रों पर आस, विश्वास, भरोसा न रख, उस अंतर्यामी परमात्मा पर आस, विश्वास भरोसा कर। तू तो तर जायेगा, तू तो ‘उस’ मय हो जायेगा और तेरे सम्पर्क में आने वाले भी तर जायेंगे।

एक आस, एक भरोसा, एक विश्वास…. परमात्मा के ज्ञान में ही रहना और दूसरों को लगाना, आप प्रसन्न रहना और दूसरों को प्रसन्न करना – इस ईश्वरीय सिद्धान्त में रहे।

यह संसार तो ऐसा है, आप झूठ का मिथ्या आरोप का, कपट का आश्रय लेते हैं, उस पर विश्वास रखते हैं तो देर सवेर बेड़ा गर्क होता है परंतु सत्य का आश्रय लेते हैं, सत्यस्वरूप ईश्वर पर विश्वास रखते हैं, भरोसा रखते हैं तो आपकी नाव डोलेगी तो सही लेकिन डूबेगी नहीं। अगर वह डुबाकर भी पूरा वचन करना चाहता है तो आपको दिव्य जीवन देने की उसकी व्यवस्था होगी क्योंकि अपने उसका भरोसा किया है। उसकी आस, उस पर विश्वास किया है। एक आस, एक भरोसा, एक विश्वास बस !

यह मत सोचो कि क्या खायेंगे, क्या होगा ? जब उसके लिए चल पड़े तो फिर क्या है !

अखण्डानंद जी चल पड़े थे, उड़िया बाबा चल पड़े थे। जहाँ किसी व्यक्ति की संभावना नहीं, वहाँ भी कोई न कोई आकर दे जाता, खिला जाता है। मार्ग भूलते हैं तो कोई रास्ता दिखा जाता है। कोई डूबने लगता है और उसी की आस, उसी का भरोसा रखकर पुकारता है तो उस जल में कौन सी ऐसी सत्ता है जो हाथ पकड़कर किनारे पर देती है ?

कर्तुं शक्यं अकर्तुं शक्यं अन्यथा कर्तुं शक्यम्।

उस परमात्मा की आस, भरोसा और विश्वास परम हितकारी, परम मंगलमय है। इसका मतलब यह नहीं कि अपना पुरुषार्थ छोड़ दें, चलो बैठे रहें। नहीं, पुरुषार्थ करें किंतु अपने अहं पर भरोसा करके पुरुषार्थ न करें, शाश्वत आत्मा-परमात्मा का भरोसा…. नश्वर का भरोसा, नश्वर की आस, नश्वर का विश्वास नाश की तरफ ले जाता है। शाश्वत आत्मा-परमात्मा का भरोसा, उसी को पाने की आस और उसी पर विश्वास उसी से मिला देता है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 2010, पृष्ठ संख्या 2,3,4,8. अंक 210.

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

 

भगवान की विशेष कृपाएँ


पूज्य बापू जी के सत्संग प्रवचन से

ईश्वर की चार विशेष कृपाएँ हैं जिन्हें नास्तिक आदमी भी स्वीकार करेगा। ईश्वर की पहली कृपा है कि हमको मनुष्य शरीर दिया। ‘रामायण’ में आता हैः

बड़ें भाग मानुष तन पावा।

सुर दुर्लभ सब ग्रंथहि गावा।।

‘बड़े भाग्य से यह मनुष्य शरीर मिला है। सब ग्रंथों ने यही कहा है कि यह शरीर (भारत में जन्म) देवताओं को भी दुर्लभ है।’

(रामचरित. उ.कां. 42.4)

हमारे जन्मते ही माँ के भोजन से हमारे लिए दूध बन गया। किसी वैज्ञानिक के बाप की ताकत नहीं कि रोटी सब्जी से दूध बनाके दिखाये। यह ईश्वर की कृपा का प्रत्यक्ष दर्शन है। जब बच्चा खाने पीने के लायक नहीं होता है तो दूध बंद हो जाता है और जब दूसरा बच्चा आता है तो फिर दूध चालू हो जाता है। यह जड़ का काम नहीं है, इसमें समझदारी, शक्ति चेतन परमात्मा की है।

ईश्वर की दूसरी कृपा है हमको बुद्धि दी, शास्त्र का ज्ञान, भगवान की उपासना की पद्धति और श्रद्धा दी।

श्रद्धापूर्वाः सर्वधर्मा मनोरथफलप्रदाः।

श्रद्धया साध्यते सर्व श्रद्धया तुष्यते हरिः।।

“श्रद्धापूर्वक आचरण में लाये हुए सब धर्म मनोवांछित फल देने वाले होते हैं। श्रद्धा से सब कुछ सिद्ध होता है और श्रद्धा से ही भगवान श्री हरि संतुष्ट होते हैं।’

(नारद पुराण, पूर्व भागः 4.1)

श्रद्धा से सत्य की प्राप्ति होती है। श्रद्धावान लभते ज्ञानम्। यदि मनुष्य को ईश्वर एवं ईश्वरप्राप्त महापुरुषों में दृढ़ श्रद्धा हो जाय तो फिर उसके लिए मुक्ति पाना सहज हो जाता है। श्रद्धा ही श्रेष्ठ धन है। श्रद्धा ऐसा अनुपम सदगुण है कि जिसके हृदय में वह रहता है, उसका चित्त श्रद्धेय के सदगुणों को पा लेता है। श्रद्धा में ऐसी शक्ति है कि वह दुःख में सुख बना देती है और सुख में सुखानंद्स्वरूप परमात्मा का साक्षात्कार करा देती है। जिसके जीवन में श्रद्धा नहीं है वह भले ही बड़े पद पर है लेकिन अशांति की आग उसके चित्त को और वैरवृत्ति की आग उसके कर्मों को धूमिल कर देगी।

तीसरी कृपा है भगवान क्या है, हम क्या हैं और भगवान को कैसे प्राप्त करें, ऐसी जिज्ञासा दी। जिज्ञासा होने से मनुष्य संतों के द्वार तक पहुँच सकता है और संतों के सत्संग से परमात्म-ज्ञान प्राप्त करके मुक्त भी हो सकता है।

सारी कृपाओं में आखिरी कृपा है कि उसने हमें किसी जाग्रत, हयात, आत्मारामी महापुरुष तक पहुँचाया। वे संसार के सर्वोत्तम केवट हैं। जो उनकी भवतरण-नौका में सवार हो जाते हैं, वे निश्चित ही समस्त दुःखों-आपदाओं से पार हो जाते हैं।

तीरथ नहाये एक फल, संत मिले फल चार।

सदगुरु मिले अनंत फल, कहत कबीर विचार।।

महापुरुषों का मिलना वह ईश्वर की कृपा का प्रत्यक्ष दर्शन है। अगर मुझे सदगुरु लीलाशाहजी महाराज नहीं मिलते तो मैं दस जन्म तो क्या दस हजार जन्मों में भी इस ऊँचाई को नहीं छू सकता था, जो मुझे मेरे सदगुरु के सान्निध्य और कृपा से मिली। ऐसे ही एक महापुरुष हो गये है, लोग उनको मोकलपुर के बाबा बोलते थे। वे बड़े उच्चकोटि के संत थे। गंगाजी ने उनको अपने मध्य में ही रहने को जगह दे दी थी। गंगा जी की दो धाराएँ बन गयीं और बीच के टापू पर मोकलपुर के बाबा का निवास, आश्रम बना। बाद में फिर धीरे-धीरे गाँव भी बस गया।

मोकलपुर के बाबा बड़े अच्छे, आत्मारामी संत थे। उनके पास एक सज्जन आये और बोलेः “बाबा ! मुझे ईश्वर के दर्शन करा दीजिए। हमने आपके सत्संग में सुना है कि ईश्वर हमारे आत्मा हैं और ईश्वर के लिए सच्ची तड़प हो तो वे जरूर दर्शन देते हैं पर महापुरुषों की कृपा होनी चाहिए। मुझ पर कृपा करो बाबा ! मुझे दर्शन करा दो।”

“बाबा ! जब तक मुझे दर्शन नहीं होगा, मैं यहाँ से जाऊँगा नहीं, अन्न नहीं खाऊँगा, जल नहीं पीऊँगा, उपवास करूँगा।” बाबा ने फिर अनसुना कर दिया। 12 घंटे हो गये, 24 घंटे हो गये, 36 घंटे हो गये, 48 घंटे हो गये।

बड़े अलबेले होते हैं महापुरुष ! सुबह को बाबा डंडा लेकर सामने खड़े हो गयेः “क्यों रे ! ईश्वर का दर्शन चाहता है, कैसा बेवकूफ है ! यह जो दिख रहा है वह क्या है !

रसोऽहमप्सु कौन्तेय प्रभास्मि शशिसूर्ययोः।

मैं जल में रस हूँ, सूरज और चंदा में मैं ही प्रभा के रूप में हूँ। वृक्षों में पीपल मैं हूँ। जब सर्वत्र नहीं देख सकता तो ईश्वर विशेषरूप से जहाँ प्रकट हुआ है वहाँ तो देख।

प्रणवः सर्ववेदेषु शब्दः खे पौरुषं नृषु।

“मैं सम्पूर्ण वेदों में ॐकार हूँ, आकाश में शब्द और पुरुषों में पुरुषत्व हूँ।”

ईश्वर ही ईश्वर तो है, और नया कौन सा ईश्वर बुलायेगा ! कैसा बेवकूफ है !” बाबा जी ने मार दिया डंडा। डंडा तो बाहर लगा पर अंदर से ईश्वर और उसके बीच की जो खाई थी वह भर गयी और वह आदमी समाधिस्थ हो गया।

गुरु कुम्हार शिष्य कुंभ है, गढ़ि गढ़ि काढ़ै खोट।

अंतर हाथ सहार दे, बाहर मारे चोट।।

गुरु शिष्य की कमी को निकालने के लिए बाहर से चोट करते दिखते हैं पर अंदर अपनी कृपा का सहारा देकर रखते हैं। डंडा मारते ही बाबा ने अपना संकल्प बरसाया और शिष्य को परमात्म-विश्रान्ति मिल गयी। आप लोग ऐसी इच्छा मत करना कि बापू भी कभी हमें डंडा मारे। यह मेरी प्रक्रिया नहीं है, मेरी प्रक्रिया दूसरी है।

हमको हयात महापुरुष में दृढ़ श्रद्धा दे दी, यह ईश्वर की कृपा नहीं तो क्या है ! ऐसा सदभाव दिया कि सदगुरु ईश्वर का दर्शन करा सकते हैं। यह भाव आना ईश्वर की कृपा की पराकाष्ठा नहीं है तो क्या है ! अगर मुझमें मेरे गुरुदेव के प्रति दृढ़ श्रद्धा नहीं होती, गुरुजी मुझे ईश्वर से मिला देंगे ऐसा दृढ़ विश्वास नहीं होता तो जैसे दूसरे लोग भाग गये 5 – 25 प्रतिशत फायदा लेकर, ऐसे ही मैं भी तो भाग जाता। मेरी भी कई कसौटियाँ हुई पर मैं भागा नहीं।

मैं जब मेरे गुरुदेव के श्रीचरणों में रहता था, तब एक दिन गुरुदेव ने एक सेवक को ‘पंचदशी’ ग्रंथ पढ़ने को दिया। वह उसके सातवें प्रकरण का पहला श्लोक पढ़ रहा था।

आत्मानं चेद्धिजानीयादयमस्मीति पुरुषः।

किमिच्छन् कस्य कामाय शरीरमनुसंज्वरेत्।।

‘यदि पुरुष यह आत्मा है, मैं हूँ – इस प्रकार आत्मा को जान ले तो किस विषय की इच्छा करता हुआ और किस विषय के लिए आत्मा को तपायमान करे अर्थात् आत्मज्ञान से ही सब कामनाएँ शांत हो जाती हैं।’

शरीर छूट जाने वाला है और आत्मा अमर है, इसको जानने के बाद वह पुरुष शरीर की वाहवाही अथवा शरीर के भोग के लिए क्यों अपने को पचायेगा ! यह चल रहा था और गुरुजी ने जरा सी कृपा-दृष्टि डाली और अपने घर में घर दिखला दिया। तरंग ने अपने को सागर जान लिया, घड़े के आकाश ने अपने को महाकाश के रूप में देख लिया। जीव की कल्पना हटी और ब्रह्म हो गया।

ब्राह्मी स्थिति प्राप्त कर कार्य रहे न शेष।

धनभागी हैं वे, जो संत-दर्शन की महत्ता जानते हैं, उनके दर्शन-सत्संग का लाभ लेते हैं, उनके द्वार पर जा पाते हैं, उनकी सेवा कर पाते हैं और धन्य है यह भारतभूमि, जहाँ ऐसे आत्मारामी संत अवतरित होते रहते हैं।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 2010, पृष्ठ संख्या 16,17 अंक 210

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

 

 

13 साल की उम्र में 24 पदक


पूज्य बापू जी के श्रीचरणों में शत-शत नमन।

मैंने परम पूज्य बापूजी से 14 जनवरी 1997 को मंत्रदीक्षा ली थी। मेरे परिवार में मेरी दो बेटियाँ और ससुरजी हैं, सबने बापूजी से दीक्षा ली है। गुरुमंत्र के जप से मेरी बेटी शुभांगी (उम्र 18 वर्ष) की प्रतिभा ऐसी निखरी कि उसने राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में 2 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक जीते। यह सब गुरुकृपा  ही सम्भव हो पाया।

पूज्य बापू जी से दीक्षा लेने के बाद मेरी छोटी बेटी शिवानी (उम्र 13 वर्ष) की प्रतिभा भी इतनी निखरी कि उसने केवल 10 वर्ष की उम्र में मार्शल आर्ट नेशनल चैम्पियनशिप में सुवर्ण पदक प्राप्त किया। इसके बाद उसने राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय अनेक स्पर्धाओं में भाग लिया और कुल 17 स्वर्ण पदक, 4 रजत पदक, 3 कांस्य पदक हासिल किये हैं। 13 वर्ष की उम्र में 24 पदक जीतना, ये सारी सफलताएँ बापू जी के आशीर्वाद का ही फल हैं। ऐसे करोड़ों के उद्धारक प्यारे बापूजी को हमारे बारम्बार प्रणाम !

श्रीमति स्मिता कराले, धार (म.प्र.)

दूरभाष क्र. 07292.232992

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ