All posts by Gurukripa

ईश्वर दयालु है या न्यायकारी ?


(पूज्य बापू जी के सत्संग-प्रवचन से)

जो व्यक्ति दयालु होता है वह ठीक से न्याय नहीं कर सकता और जो न्यायप्रिय होता है वह दया नहीं कर सकता । तब कई बार मन में होता है कि भगवान दयालु हैं कि न्यायकारी ? अगर दयालु हैं तो पापी पर भी दया करके उसको माफ कर देना चाहिए । न्यायाधीश दया करेगा तो सजा नहीं देगा, वह तो दयावश बोलेगाः ‘छोड़ दो बेचारे को ।’ अगर भगवान न्यायकारी हैं और हमारे कर्मों का ही फल हमको देते हैं तो फिर हम उनकी भक्ति क्यों करें ? अगर भगवान दया नहीं कर सकते तो हम उनका भजन क्यों करें ? और भगवान यदि न्याय नहीं कर सकते तो अन्यायी हमारा क्या भला क्या करेगा ? अगर हमारा भला करेगा तो दूसरे का बुरा होगा । अगर सजा देते हैं तो वे दयालु नहीं हैं । तो बताओ भगवान दया करते हैं कि न्याय करते हैं ?

सच तो यह है कि भगवान दया भी करते हैं और न्याय भी करते हैं । यह कैसे हो सकता है ? जो दया करेगा वह न्याय में कहीं-न-कहीं छूटछाट लेगा । तो क्या भगवान छूटछाटवाले हैं ?

भगवान न्यायकारी हैं, ऐसा मानोगे तो कर्म सिद्धान्त वाले आपकी पीठ ठोकेंगे कि ठीक समझे-

करम प्रधान बिस्व करि राखा ।

जो जस करइ सो तस फलु चाखा ।। (श्रीरामचरित. अयो. कां. 298.2)

और दयाप्रियवाले पक्ष में बैठोगे तो भक्त आपकी पीठ ठोकेंगे ।

अपि चेदसी पापेभ्यः सर्वभ्यः पापकृत्तमः ।

सर्वं ज्ञानप्लवेनैव वृजिनं संतरिष्यसि ।।

‘यदि तू अन्य सब पापियों से भी अधिक पाप करने वाला है तो भी तू ज्ञानरूप नौका द्वारा निःसन्देह सम्पूर्ण पाप-समुद्र से भलीभाँति तर जायेगा ।’ (गीताः 4.36)

भाई देखो, एक कर्म-सिद्धान्त होता है, दूसरा भगवदीय सिद्धान्त होता है । जो पापकर्म करते हैं और पाप को पाप नहीं मानते, ऐसे लोगों के लिए भगवान न्यायकारी हैं । जो एकदम अड़ियल होते हैं, गलती को ढकने के लिए तर्क देते हैं उनको तो न जाने कितनी कँटीले वृक्षों की योनियों में, सुअर की, भैंसे की योनि में जा-जाकर डण्डे खाने पड़ेंगे, तब कहीं उनका कल्याण होगा । ऐसे लोगों के लिए भगवान न्यायकारी हैं, उनको दण्ड देकर उनका भला करते हैं । अपराधी व्यक्ति के साथ तो न्याय किया जाय, दण्ड दिया जाय ताकि वह अपराध से बचे । अपराधी पर दया करके छोड़ दोगे तो वह अपराध से नहीं बचेगा । इसीलिए अपराधी के साथ न्याय किया जाता है लेकिन जो पाप को पाप मानते हैं, गलती को गलती मानते हैं प्रायश्चित्त करके छटपटाते हैं और भगवान की शरण जाते हैं उन पर भगवान दया करते हैं । जैसे आपने बदपरहेजी की, गलती करने से बीमार हुए और वैद्य के पास गये तो वैद्य आपको सजा नहीं देता, आपका उपचार करके बीमारी मिटाकर आपको तंदुरुस्त कर देता है, ऐसे ही भगवान हमारी बुद्धि के, हमारे कर्मों के दोष मिटाकर हमें शुद्ध करते हैं यह भगवान की दया है ।

एक होते हैं अपराधी वृत्ति के व्यक्ति और दूसरे होते हैं रुग्ण वृत्ति के व्यक्ति । अपराधी के साथ न्याय किया जाता है और रुग्ण पर दया की जाती है क्योंकि जो रोगी है, लाचार है उसको सहानुभूति की जरूरत है ।

माँ अति उद्दण्ड बच्चे को दण्ड देती है, यह माँ की कृपा है और दूसरा बच्चा जो स्नेह का पात्र है उस पर दया करती है, उसे खिलाती-पिलाती है, दुलार करती है । माँ तो दोनों का मंगल चाहती है । ऐसे ही भगवान माताओं की माता और पिताओं के पिता हैं, भगवान हमारा मंगल ही चाहते हैं । भगवान न्याय भी करते हैं और दया भी करते हैं । भगवान न्यायाकारी हैं यह एक पक्ष हो गया और दयालु हैं यह दूसरा पक्ष हो गया लेकिन वास्तव में भगवान प्राणिमात्र के परम सुहृद हैं । भगवान के वचन हैं-

सुहृदं सर्वभूतानां ज्ञात्वा मां शान्तिमृच्छति ।

‘मेरा भक्त मुझको सम्पूर्ण भूत-प्राणियों का सुहृद अर्थात् स्वार्थरहित दयालु और प्रेमी, ऐसा तत्त्व से जानकर शांति को प्राप्त होता है ।’ (गीताः 5.29)

यह अपनी कमजोरी है कि न चाहने पर भी काम-विकार में गिर जाते हैं, न चाहने पर भी क्रोध आ जाता है, न चाहने प भी लोभ में फँस जेत हैं और पुरानी आदतों में फिसल जाते हैं । यदि वे आदतें खटकती हैं तो आप भगवान को पुकारोः ‘हे अच्युत ! हे गोविन्द ! हे अनन्त ! माधव !….’ वे आपकी मदद करेंगे क्योंकि भगवान दयालु हैं । भगवान का नाम और सत्संग ये दो साधन हैं, ये आपके ऊपर दया की वृष्टि करा देंगे । यदि वे आदतें आपको नहीं खटकती हैं और आप भगवान को मानते ही नहीं हैं तो न्यायकारी भगवान का दण्डचक्र घूमेगा । दण्ड आकर  पाप का फल भुगताकर चला जायेगा, दया आकर पुण्य का फल देकर चली जायेगी लेकिन भगवान उतने ही नहीं हैं, भगवान प्राणिमात्र के परम सुहृद हैं ।

एक बात खास याद रखना कि भगवान ने आपको खुशामदखोर बनने के लिए धरती पर जन्म नहीं दिया है । यह वहम घुस गया है कि हम जरा भगवान की पूजा करें, खुशामद करें तो भगवान खुश होंगे, जैसे अफसर की, नेता की खुशामद करके लोग अपना काम बनाते हैं । इस प्रकार की मानसिकता बहुत तुच्छ है । भगवान आपको दास बनाकर, खुशामद कराके आपका भला करने वालों में से नहीं हैं । भगवान ने आपको खुशामदखोरी के लिए पैदा नहीं किया है, आपको अपने स्वरूप का अमृत देने के लिए पैदा किया है । भगवान ने आपको अपना दोस्त बनाने के लिए पैदा किया है ।

तस्माद्योगी भवार्जुन । (गीताः 6.46)

‘इसलिए तू योगी हो’ अर्थात् मेरे से योग कर, मेरे से मिल । गुलाम को मिलाया जाता है क्या ? नहीं…. अपने से सजातीय को मिलाया जाता है । (जीव और ईश्वर की जाति एक है ।)

ईस्वर अंस जीव अबिनासी । चेतन अमल सहज सुख रासी ।।

अतः भगवान सुहृद भी हैं । जो अपनी गलती को ढूँढता है, स्वीकारता है और निकालने का प्रयास करता है, उस पर भगवान की दया होती है । जो अपने अपराध को मानता है, पश्चाताप करता है और प्रायश्चित्त के लिए छटपटाता है उस पर भी भगवान दया करते हैं । जो अपने अपराध को अपराध नहीं मानता, भूल को भूल नहीं मानता, उसके लिए भगवान न्यायकारी हो जाते हैं । गलतियाँ करोगे तो भगवान हृदय की धड़कनें बढ़ा देंगे । अगर प्रायश्चित्त करोगे और मार्गदर्शन माँगोगे तो निर्भयता मिलेगी । अतः भगवान दयालु भी हैं, न्यायप्रिय भी हैं और परम सुहृद भी हैं ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, नवम्बर 2009, पृष्ठ संख्या 5,6 अंक 203

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

भोगों में चार दोष – पूज्य बापू जी


भोगों में चार दोष हैं । एक तो भोग सदा उपलब्ध नहीं रहते हैं । दूसरा उनको भोगने की रूचि भी सतत नहीं रहती है । तीसरा वे नष्ट हो जाते हैं और चौथा भोक्ता क्षीण होने लगता है । आदमी जितना अधिक भोग भोगेगा उतना बेचैन रहेगा, अशांत रहेगा, बिखरा हुआ रहेगा और उतना ही वह सहनशक्ति और सूझबूझ का धनी नहीं रहेगा तथा जितना कम भोग भोगेगा उतना वह शांत रहेगा, उतनी उसमें सहनशक्ति होगी ।

भोक्ता जितना ज्यादा भोगी होगा उतना वह बिखर जाता है, इसीलिए विलासी आदमी को, भोगी आदमी को, चंचल आदमी को जल्दी चिढ़ आती है । स्वभाव को हमेशा मधुर रखो एवं प्रसन्न रहो । चिढ़, शोक, चिंता को मत आने दो । जिंदगी के 65 साल में से 28-30 साल गुजर गये, बाकी 35-37 साल भी गुजर जायेंगे, ऐसा सोचके निश्चिंत होओ । निश्चिंत रहने से सूझबूझ अच्छी रहती है । ज्यादा चिंता ठीक नहीं । क्या करना, क्या नहीं करना – इसका चिंतन करना चाहिए, लेकिन चिंतन करके फिर आप थोड़े चिंतन से फारिग (मुक्त) हो जायें । चिंतन चिंता न बन जाय – सावधानी रखें, नहीं तो उसमें आप खो जावेंगे । चिंतन में खो मत जायें, नहीं तो भोक्ता क्षीण हो जायेगा ।

भोग भोगने चाहिए, मना नहीं है । मजे से खाओ, खूब चबा-चबाकर खाओ, रस लेते हुए खाओ लेकिन इतना खाओ कि ठीक से पचे, शरीर भारी न लगे, एसिडिटी (अम्लपित्त) न हो और आपको भविष्य में उससे रोग न हों । तो भोक्ता क्षीण न हो जाय – भोक्ता का स्वास्थ्य बना रहे, भोक्ता की अक्ल-सूझबूझ ठीक रहे ऐसा भोजन करो ।

देखो ऐसा, जिसे देखने से विकार उत्पन्न न हों, जिसे देखने से शक्तियाँ कम-से-कम क्षीण हों । आप जितना ज्यादा देखते हैं उतनी आँखों से आपकी रश्मियाँ क्षीण होती हैं । लोग फुटबाल मैच देखने जाते हैं, क्रिकेट मैच देखने जाते हैं… सब पूछो तो क्रिकेट खेलने वाले जो खिलाड़ी हैं वे दर्शक को सुख नहीं देते । स्वयं उन बेचारों के पास ही सुख नहीं है तो वे दर्शकों को सुख थोड़े ही देंगे ! खिलाड़ी खेलते हैं और आपके अंदर खेल की वासना छुपी है, मौका नहीं है खेलने का । आप सुबह मैच देखने आते हैं तब तरोताजा होते हैं और जब आप खेल देखने में तन्मय हो जाते हैं तब आपकी जो आभा, ऊर्जा या जीवनशक्ति की रश्मियाँ हैं वे नेत्रों से पसार होती हैं । जब नेत्रों से आपकी जीवनीशक्ति की रश्मियाँ क्षीण होने लगती हैं तब आपको सुख मिलता है । आप अधिक समय देखोगे तो थक जाओगे, ऊब जाओगे और दूसरा दिन आप नींद के लिए अथवा आराम के लिए खर्च करोगे ।

तो भोगों में चार दोष होते हैं-

1. वे भोक्ता को क्षीण करते हैं ।

2. सदा उपलब्ध नहीं रहते हैं ।

3. मन की उनके प्रति रूचि सदा नहीं रहती ।

4. वे नष्ट हो जाते हैं ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, नवम्बर 2009, पृष्ठ संख्या 16 अंक 203

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

घर से जाओ खाके तो बाहर मिले पका के


(पूज्य बापू जी के सत्संग-प्रवचन से)

अंतर्यामी ईश्वर की शरण लेने से मनुष्य का अवश्य कल्याण होता है । उसके सहारे सब कार्य करने से मानव कार्य के बोझ से मुक्त हो जाता है । क्रिया का भार अपने ऊपर लेने से अहंकार की उत्पत्ति होती है, काम बिगड़ जाते हैं । जो सबसे बड़ा सहारा और पालनहार है, उस चैतन्यस्वरूप परमात्मा की शरण में जाने से किसी का सहारा नहीं लेना पड़ता ।

हर व्यक्ति अपने से किसी-न-किसी ऊँचे की शरण जाता है । बेल (लता) भी वृक्ष की शरण जाती है, तब ऊपर उठती है । अनपढ़ पठित की शरण जाता है तो विद्वान बनता है । हारा हुआ व्यक्ति हिम्मत वाले की शरण जाता है तो जीतता है । सब किसी-न-किसी का सहारा लेते ही हैं । छोटा नेता बड़े नेता के आगे-पीछे घूमता है और बड़ा नेता भी किसी और बड़े नेता के आगे पीछे घूमता है और वह बड़ा नेता संत या देवी-देवता की शरण लेता है, फिर चाहे किसी महापुरुष की कृपा की शरण ले या भगवान की कृपा की शरण ले । जब शरण लेनी ही है तो भाई ! आप सीधे परमात्मा की शरण दिलाने वाली भगवद्-साधना कर लो, ताकि इधर-उधर की शरण लेने की जरूरत न पड़े ।

कबीरा इह जग आयके बहुत से कीने मीत ।

जिन दिल बाँधा एक से वे सोय निश्चिंत ।।

बहुतों की शरण ली, बहुतों से मित्रता की ‘यह काम आयेगा, वह काम आयेगा, यह सेठ काम में आयेगा, यह नेता काम में आयेगा, यह फलाना भाई काम में आयेगा….’ ठीक है लेकिन आपका आत्मचैतन्य होगा तभी तो आप चल-फिर सकोगे और दूसरों के काम में आओगे । जो सतत् आपके काम आ रहा है, उसका पता सद्गुरु के सत्संग से पा लो, दीक्षा के द्वारा उससे नाता जोड़ लो तभी दूसरे कोई काम आयेंगे । अगर उस चैतन्यस्वरूप परमात्मा से संबंध नहीं तो दूसरे कब तक काम आयेगें ?

घर से जाओ भूखे तो बाहर मिलें धक्के ।

घर से जाओ खाके तो बाहर मिले पका के ।।

इसलिए रोज सुबह आप गुरुमंत्र जपते हुए सात्त्विक श्रद्धापूर्वक अपने हृदय को भगवदरस से भरो, भगवद्ध्यान से भरो, सत्संग की कोई पुस्तक पढ़कर या तो कैसेट सुनकर सत्संग के पवित्र विचारों से भरो, परमेश्वरीय आनंद से भर दो ।

आप तृप्त होकर फिर व्यवहार करिये, भूखे पेट कब तक मजदूरी करेंगे ? इतना तो मजदूर भी जानता है कि भले गरीबी है, फिर भी काम पर जाना है तो कुछ टिक्कड़ (रोटी) खाकर जाऊँ । ऐसे ही आपको भी जब बाहर किसी से मिलना है तो अंदर की एक दो प्याली पीकर फिर जाइये । वह प्याली बोतल की नहीं, भगवद्ध्यान की, भगवद्सत्संग की, भगवन्नाम-जप की, भगवद्स्मृति की प्याली पीजिये ।

जाम पर जाम पीने से क्या फायदा ?

रात बीती सुबह को अभागी अल्कोहल उतर जायेगी ।

तू हरिनाम की प्यालियाँ पिया कर,

तेरी सारी जिंदगी सुधर जायेगी, सुधर जायेगी ।।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, नवम्बर 2009, पृष्ठ संख्या 15 अंक 203

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ