All posts by Gurukripa

सबसे बड़ी बात – पूज्य बापू जी


जब मुसीबत पड़ती है तब आपके अचेतन मन में क्या होता है ? यह जरा देखना यार ! जब मार पड़ती है तब ‘हाय !….’ निकलती है कि ‘हरि !….’ निकलता है, ‘डॉक्टर साहब !… इंजेक्शन….’ निकलता है कि ‘शिवोऽहम्… सब मिथ्या है’ यह निकलता है या इससे अलग कुछ निकलता है । यदि कचरा निकलता है तो जल्दी से बुहार कर सरिता में बहा देना क्योंकि सरिता में बाढ़ आयी है, बह जायेगा । किसका चिंतन निकलता है ? आकृति में विकृति दिखती है कि आकृति में सत्यस्वरूप दिखता है ? आकृति में निराकार दिखता है या निराकार में आकृति दिखती है ? यह आप अपने अंदर गहरा चिंतन करना । गायत्री का जप करते हैं तो संसार का कुछ माँगने के लिए करते हैं कि उससे माँगते हैं – धियो यो नः प्रचोदयात् । हमारी बुद्धि पवित्र हो । पवित्र बुद्धि में ही परमात्म-साक्षात्कार की क्षमता है ।

गायत्री जपना या न जपना कोई बड़ी बात नहीं । धनवान होना या निर्धन होना बड़ी बात नहीं लाला ! लाखों निर्धन भटकते है और हजारों-लाखों धनवान भी भटकते हैं । मंदिरों में जाना या फिल्मों में जाना कोई बड़ी बात नहीं । दूसरों के दुःख में आँसू बहाना और ‘हाय-हाय !….’ करके रोना कोई बड़ी बात नहीं । दूसरों को सुखी देखकर ईर्ष्या करना या दूसरों को सुखी देखकर सुखी हो जाना कोई बड़ी बात नहीं । देवता होकर स्वर्ण के  विमान में घूमना या नरक में पापियों के साथ यातना सहना भी बड़ी बात नहीं । महाराज ! स्वर्ग में अमृतपान भी कोई बड़ी बात नहीं है । अमेरिका जाना और लौटकर आना या वहीं ग्रीनकार्ड लेकर बैठ जाना भी कोई बड़ी बात नहीं है ।

जहाँ में उसने बड़ी बात कर ली ।

जिसने अपने-आपसे मुलाकात कर ली ।।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 2009, पृष्ठ संख्या 3 अंक 199

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

दुर्जन की करुणा बुरी, भलो साँईं को त्रास-पूज्य बापू जी


वसिष्ठ जी बोलते हैं- “हे राम जी ! यदि असाधु का संग साधुपुरुष भी करता है तो साधु भी असाधु होने लगता है और यदि साधुओं का संग असाधु कर ले तो असाधु भी साधु होने लगता है ।

जो परम साध्य साध रहे हैं वे ‘साधु’ हैं और जो अस्थिर संसार के पीछे समय लगा रहे हैं वे ‘असाधु’ हैं । असाधु पुरुषों का अधिक समय हम संग करते हैं तो हमको भी लगता है कि ‘अपने को भी इतना तो करना ही चाहिए, थोड़ा तो कर लेना चाहिए, यहाँ मकान बना लेना चाहिए, यहाँ से इतना ऐसा कर लेना चाहिए, यह मौका नहीं छोड़ना चाहिए । 2-5 घंटे काम किया तो रोज के 100 रूपये मिलते हैं, ले लेने चाहिए ।’ अरे, रोज के लाख रूपये भी तुम्हारे काम के नहीं हैं ।

तो हम पामर लोगों के संग में आते हैं इसीलिए अपने-आपको धोखा देते हैं । जब आप गहराई जाओगे, तब आपको पता चलेगा कि हमने 25 साल ऐसे ही गँवा दिये, 40 साल ऐसे ही गँवा दिये…। आपको जब साक्षात्कार होगा तो पीछे के जीवन पर आपको आश्चर्य होगा, ग्लानि होगी कि ‘कितना खजाना मेरे पास था और मैंने कौड़ियों को गिनने और रखने में ही अपना जीवन बर्बाद कर दिया । हाय ! मैंने वह किया जो अंधा भी न करे ।’ राजा जनक जैसा व्यक्ति आश्चर्य से भर जाता हैः ‘अहो, गुरु आश्चर्य ! परम आश्चर्य !’ वह सम्राट था, जैसा-तैसा व्यक्ति तो नहीं था जो उसको छोटी-छोटी बात पर आश्चर्य हो जाय । जनक बोलते हैं- ‘अहो, मैं इतना समय मोह में व्यतीत कर रहा था !’ जिस समय आपको अपना खजाना मिलता है न, उस समय आप खूब आश्चर्यमय हो जाते हैं । आश्चर्यमय हो जाना इसी का नाम ‘समाधि’ है ।

निज स्वरूप का ज्ञान दृढ़ाया

ढाई दिवस होश न आया ।।

होश कैसे आयेगा ? क्या थे ? शक्करवाले सेठ…. यह, वह… और अब क्या हैं ! इतने दिन क्या झख मार रहे थे ? हाय-रे-हाय ! जैसे नितांत अँधेरे में से आदमी एकदम प्रकाश में आ जाय तो उसकी आँखें बंद हो जाती हैं, ऐसे ही परम प्रकाश परमात्मा का जब साक्षात्कार होता है तो लगता है कि ‘हाय-रे-हाय ! हम क्या कर रहे थे और अपने को चतुर मान रहे थे ।’ हम जब दुकान पर थे तो अपने को बेवकूफ थोड़े ही मान रहे थे ! अभी दुकान में हो, डॉक्टर हो, कोई वकील है, कोई नेता है, कोई कुछ है तो अपने बारे में ऐसा थोड़े ही मानते हो कि हम मूर्खता कर रहे हैं । मान रहे हो कि हम ठीक कर रहे हैं । बिल्कुल सच्चाई का, परिश्रम का, ईमानदारी का पैसा लेकर अपन लोगों की थोड़ी सेवा कर रहे हैं । हम बहुत अच्छा कर रहे हैं ।’ जब परमात्मा का साक्षात्कार होगा तब पता चलेगा कि ये बेवकूफी के दिन थे । महापुरुष अपनी उस महिमा को जानते हैं, ईश्वर की उस गरिमा को जानते हैं इसीलिए हमारे परम हितैषी होते हैं और जब हम नादानी करते हैं तो हम पर थोड़ा-बहुत खीझ भी जाते हैं । खीझ जाते हैं उस समय लगता है हमको ताने मार रहे हैं लेकिन ये कोई दुश्मनी के ताने नहीं, परम कल्याण के ताने हैं, परम कृपा के ताने हैं और ऐसे ताने यदि तुमको ताने लगते हैं तो उनको धन्यवाद ! नारद जी भी डाँटकर, ताने मारकर सामान्य लोगों का, राजा-महाराजाओं का कल्याण करते थे । कबीर जी ने भी ऐसे ताने लोगों को मारे तो लोग ऊब जाते थे । तब कबीर जी को साखी बनानी पड़ी होगीः

दुर्जन की करुणा बुरी, भलो साँईं को त्रास । हम तुम्हें त्रास भी दें, तुम्हें डाँटें, तुम पर अपना गुरुपद का वीटो पावर भी चला दें फिर भी तुम भूलक भी हमारा दामन  मत छोड़ना क्योंकि –

दुर्जन की करुणा बुरी, भला साँईं को त्रास ।

सूरज जब गर्मी करे, तब बरसन की आस ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 2009, पृष्ठ संख्या 2,3 अंक 199

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

गुरुपूर्णिमा-संदेश


(गुरुपूर्णिमाः 8 जुलाई 2009)

पूज्य बापू जी के सत्संग-प्रवचन से

गुरुपूर्णिमा जन्म-जन्मांतर से भटकते  हुए जीव में आचार्य के, भगवान के, शास्त्रों के वचनों से और जीव के अपने अनुभव से ज्ञान, भक्ति और योग का प्रसाद भरकर उसकी योग्यता को ऐसा कर देती है कि वह जीव फिर माता के गर्भों की पीड़ा सहने का जो दुर्गम मार्ग है, उससे बचकर परम पद का अधिकारी हो जाता है । परम पद के अधिकारी बनाने वाले वेदव्यास जी महाराज जैसे जो ब्रह्मवेत्ता गुरु हैं, उन गुरुओं को याद करके अपने चित्त को पावन करने का दिन गुरुपूनम का दिन है ।

यह तपस्या का दिन है, व्रत का दिन है । यह दिन आचार्य के मार्गदर्शन के अनुसार अपने जीवन में कुछ नया व्रत लेने का दिन है । ‘मेरे मन में ये कमियाँ हैं, मेरे व्यवहार में ये-ये कमियाँ हैं, मेरे जीवन में ये-ये कमियाँ हैं’ – इस प्रकार आत्म-विश्लेषण करके उन कमियों को निकालने के लिए हम कर सकें उस प्रकार का कोई व्रत या जप-अनुष्ठान आदि का कोई नियम लेकर आगे की यात्रा के लिए संकल्प करने का दिन है । वर्ष भर में हमने जो साधन-भजन किया और जो कुछ अनुभूतियाँ हुईं उनसे आगे बढ़ने का संकेत पाने का दिन है ।

व्यासपूर्णिमा के बाद आध्यात्मिक संस्कृति के विद्यालय खुलते हैं और नये पाठ शुरु होते हैं । जैसे गर्मियों में पृथ्वी सूख जाती है और व्यासपूर्णिमा के समय वृष्टि होती है तो पृथ्वी में नयी चेतना आती है, वृक्षों में नया जीवन आता है, ऐसे ही व्यासपूर्णिमा साधक के जीवन में नयी आध्यात्मिक चेतना, नया प्रकाश, नया आनंद और नया उल्लास लाती है तो साधक को नवीन जीवन की तरफ अग्रसर होने की प्रेरणा मिलती है । इस पर्व से प्रेरणा लेकर जीवात्मा परमात्मा तक पहुँचने का प्रयत्न कर सकता है । वेदव्यास जी महाराज ने विश्व का सर्वप्रथम आर्ष ग्रंथ ‘ब्रह्मसूत्र’ व्यासपूर्णिमा के दिन लिखना प्रारम्भ किया था । ‘महाभारत’ व्यासपूर्णिमा के दिन ही पूर्ण हुआ था और देवताओं ने इस दिन को आशीर्वाद दिये थे कि ‘आज के दिन जो साधक आचार्य-उपासना करेगा, आचार्य को संतुष्ट करके अपने आध्यात्मिक मार्ग का निर्णय कर लेगा  उसको वर्ष भर के पर्व मनाने का फल मिलेगा ।’ तब से मनुष्य यह व्यासपूर्णिमा बड़े उत्साह से मनाता आ रहा है । भारतवासी तो ठीक लेकिन ऊपर के लोकों में यक्ष, गंधर्व, किन्नर और जो योगीपुरुष रहते हैं, वे लोग भी इस उत्सव को बड़े उत्साह से मनाते हैं ।

यह लम्बी चौड़ी कहानियाँ सुनने का उत्सव नहीं है, यह तो गुरु के निकट बैठने का उत्सव है । यह कथा का उत्सव नहीं है, सारी कथाएँ जहाँ से प्रकट होकर लीन हो जाती हैं ऐसे प्रकृति से पार आनंदस्वरूप आत्मा में आने का उत्सव है । उत्सव… ‘उत्’ माने समीप और ‘सव’ माने यज्ञ । गुरुकृपा से समीप-में-समीप आनंदस्वरूप आत्मा में पहुँचने का जो यज्ञ है, उसी का नाम ‘व्यासपूर्णिमा उत्सव’ है ।

दूसरे उत्सव तो हम मनाते हैं लेकिन व्यासपूर्णिमा हमें मनाती है । जैसे माँ बच्चे को मनाती है कि ‘इधर आ जा बेटा ! अब बहुत खेल लिया, मिट्टी में मैला हो गया, गंदगी लग गयी, अब नहा-धोकर स्वच्छ हो जा और मक्खन-मिश्री खा ।’ ऐसे ही व्यासपूर्णिमा कहती है कि ‘जन्मों-जन्मों से इधर-उधर घूमते हुए जीव ! अब तू अपने राम में आ जा, अपने ज्ञान में आ जा, अपने जीवनदाता की ओर आ जा ।’ जैसे माँ वात्सल्य से बालक को मनाकर स्वच्छ करके उसे पुष्ट करती है, ऐसे ही व्यासपूर्णिमा हमें मनाकर हमारे अंतःकरण को स्वच्छ करके अमानित्व, अदंभित्व आदि सद्गुण भरके आचार्य-उपासना आदि का मार्गदर्शन देकर हमें आचार्य के अनुभव को पचाने की योग्यता प्रदान करने की कृपा करती है ।

अपने मन में कभी तूफान चलता है, कभी संदेह आता है, कभी यह आता है, कभी वह आता है…. । मन जब उद्विग्न हो, साधन-भजन से गिर गया हो अथवा कुसंग के कारण साधन-भजन छूट गया हो तो इस व्यासपूर्णिमा के महोत्सव पर साधक नया संकल्प करके फिर से चलते हैं ।

इस व्यासपूर्णिमा के बाद आत्मारामी संत, विचरण करने वाले संत एक ही जगह पर ठहरकर नये ग्रंथों का आरम्भ करते हैं । ‘ब्रह्मसूत्र’ आदि ग्रंथों का पठन-पाठन और मनन करते हैं ।

मनुष्य कभी पतन की ओर जाता है तो आसुरी स्वभाव को, द्वैत के संस्कार का, जातिवाद का, ‘मेरे-तेरे’ के कुसंस्कार का फैलावा हो जाता है । जब मानव अद्वैत ज्ञान से दूर हो जाता है तब द्वैत की दुर्गंध से समाज अंदर में अशांत होने लगता है तो उसका परिणाम क्या होता है कि बाहर झगड़े, अशांति, संकीर्णता आदि फैलने लगते हैं । लेकिन जब आत्मानुभवी आचार्यों का ज्ञान समाज में फैलता है तब एकत्व, शांति, प्रेम, उदारता, क्षमा, आर्जव, शौच आदि सद्गुण चित्त में आकर चैतन्य प्रसाद से साधक को भर देते हैं ।

मनुष्य या तो चढ़ता है या उतरता है । चढ़ना तो बहुत अच्छा है लेकिन कम-से-कम चढ़ा हुआ साधक उतरे नहीं इसलिए साधक के जीवन में कोई-न-कोई सात्त्विक नियम हो कि पतन के समय भी उसकी रक्षा करे ।

आप अपने जीवन में कुछ-न-कुछ छोटा-मोटा नियम पकड़ लीजिये । कागज पर वह नियम लिख लीजिये । मन को याद दिलाने के लिए हो सके तो गुरुपूनम के दिन आश्रम में जाकर उस नियम के कागज को बड़दादा या व्यासपीठ से छुआकर अपने पास रखें । यह आप अपने पूजा के स्थान पर भी कर सकते हैं । ऐसा कोई नियम ले लो कि ‘मैं तो भाई ! हर रोज इतना जप करूँगा, इतने प्राणायाम करूँगा, हफ्ते में कम-से-कम इतने घंटे मौन रहूँगा, अपनी क्षमता के अनुसार महीने में एक, दो या पाँच दिन ईश्वर के लिए निकालूँगा । साल में इतने दिन अज्ञातवास, एकांतवास के लिए निकालूँगा अथवा धर्म के प्रचार के निमित्त वर्ष में इतने दिन निकालूँगा । आचार्य को, गुरु को संतुष्ट करने के लिए उनके दैवी कार्य में इतना समय, शक्ति का सद्व्यय करके मैं सत्पद को पाऊँगा…. ।’

यदि इस प्रकार का कोई-न-कोई नियम व्यासपूर्णिमा के दिन कोई साधक लेता है और ब्रह्मवेत्तारूपी व्यास को अपने हृदय-सिंहासन पर जल्दी-से-जल्दी देखना चाहता है तो देवताओं का संकल्प, गुरुओं की कृपा और साधक का पुरुषार्थ मिलकर वह कार्य अवश्य ही सिद्ध होता है ।

चित्त में कभी उतार आता है, कभी चढ़ाव आता है, कभी अच्छा संग मिलता है, कभी बुरा संग मिलता है । मनुष्येतर प्राणी तो कर्मों के फल भोगने की परम्परा में प्रकृति से प्रेरित होकर घसीटे जाते हैं लेकिन परमात्मा ने मनुष्य को कुछ स्वतन्त्रता दी है । मनुष्य उन्नत भी हो सकता है और अवनत भी । उन्नति करे तो ठीक है लेकिन अवनति, पतन न हो इसलिए जीवन में कोई नियम बना ले ।

जो सत्शिष्य हैं वे आचार्य-उपासना में अपने तन-मन और जीवन को लगाकर आचार्य-तत्त्व में टिक जाते हैं । शिष्य में शिष्यत्व रहे तो शिष्य गुरु-तत्त्व का प्रसाद पाता है । गुरु में गुरुत्व हो तो गुरु शिष्यों को गुरु-तत्त्व का प्रसाद चखाते हैं । जो प्रसाद पाने के अधिकारी हैं वे साधक, शिष्य कहे जाते हैं  और आध्यात्मिक प्रसाद बाँटने का जिनमें सामर्थ्य है वे गुरु कहे जाते हैं । ऐसे सदगुरु और सत्शिष्यों की जो महफिल है वह व्यासपूर्णिमा का महोत्सव है ।

इस दिन साधक दूध, फल अथवा अल्पाहार पर रहकर ध्यान-भजन, सेवा-सुमिरन, मौन आदि का अवलम्बन लेकर अपनी छुपी हुई आंतरिक शक्तियों को जगाने का दृढ़ संकल्प करता है और ज्यों-ज्यों भीतर का प्रसाद पाता है त्यों-त्यों निर्दोष होता जाता है । यह निर्दोष होने का उत्सव है, भीतर के प्रसाद पाने का उत्सव है और फिर आगे चलकर गुरु व शिष्य, भक्त व भगवान के बीच की दूरी मिटाने का उत्सव है, जन्म-मरण के चक्कर को तोड़ फेंकने का उत्सव है, प्रकृति का जहाँ प्रभाव नहीं उस परम तत्त्व में जगने का उत्सव है ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 2009, पृष्ठ संख्या 2-4 अंक 198

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ