All posts by Gurukripa

शम ही परम आनंद है…..


 

संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग-प्रवचन से

श्री वशिष्ठजी महाराज कहते हैं-
“हे राम जी, शम ही परम आनंद, परम पद और शिवपद है। जिस पुरुष ने शम को पाया है सो संसार-समुद्र से पार हुआ है। उसके शत्रु भी मित्र हो जाते हैं। हे राम जी ! जैसे चंद्र उदय होता है तब अमृत की किरणें फूटती हैं और शीतलता होती है, वैसे ही जिसके हृदय में शमरूपी चंद्रमा उदय होता है, उसके सब पाप मिट जाते हैं और वह परम शांतिमान हो जाता है।

शम देवतारूपी अमृत के समान कोई अमृत नहीं है। शम से परम शोभा की प्राप्ति होती है। जैसे पूर्णमासी के चंद्रमा की कांति परम उज्जवल होती है, वैसे ही शम को पाकर जीव की कांति उज्जवल होती है।

जिस पुरुष को शम की प्राप्ति हुई है वह वंदना करने योग्य और पूजने योग्य हो जाता है।”

जिसका शम सिद्ध हो गया अर्थात् जिसने मन को शांत करने की कला पा ली, वह वंदना करने योग्य और पूजने योग्य है। तुकाराम जी महाराज की वंदना की जाती है, एकनाथ जी महाराज का आदर का होता है, ज्ञानेश्वर महाराज का दर्शन करने के लिए लोग कतार में खड़े रहते हैं क्योंकि ये सब शमवान पुरुष हैं।

मन को शांत करने का नाम शम है, इंद्रियों पर नियंत्रण पाने का नाम दम है, भगवान के रास्ते चलते कठिनाइयाँ सहने का नाम तितिक्षा है, भगवान में आस्था रखने का नाम श्रद्धा है, बुद्धि को सब प्रकार से ब्रह्म में ही सदा स्थिर रखना समाधान है तथा भगवान के रास्ते में विघ्न डालने वाले व्यसन और बुराइयों को त्यागने का नाम उपरति है। ईश्वर के रास्ते जाने के लिए जो दुर्गुण छोड़ दिये और फिर उनमें नहीं पड़े तो यह उपरति हो गयी। जिसके हृदय में छः गुण आ जाते हैं उसके हृदय में आत्मशांति आने लगती है और वह परम पद को पाने में सफल हो जाता है।

इसी आत्मशांति को पाने के लिए प्राचीन काल में बड़े-बड़े राजे-महाराजे राजपाट को छोड़कर, सिर में खाक डालकर, हाथ में कटोरा लेकर भिक्षा माँगना स्वीकार करते थे। महापुरुषों की कृपा पाने के लिए राजे-महाराजे उनके आश्रम में बर्तन भाँडे माँजते थे, झाड़ू-बुहारी करते थे…. आत्मशांति ऐसी ऊँची चीज है।

जिन महापुरुषों के सम्पर्क से आत्मधन मिलता है, जिनसे आत्मशांति मिलती है, जो शमवान पुरुष हैं, उन महापुरुषों की भली प्रकार सेवा करनी चाहिए। उन महापुरुषों के आशीर्वाद हमारे हजारों जन्मों के पाप-ताप मिटाते हैं और लाखों-लाखों संस्कारों को निवृत्त करके भगवद्भक्ति का अंकुर उभारते हैं, हममें भगवत्प्राप्ति की प्यास जगाते हैं।

वशिष्ठजी महाराज कहते हैं- “हे राम जी ! जैसा आनंद शमवान को होता है, वैसा अमृत पीने वाले को भी नहीं होता।”

जो आनंद और शांति शमवान को होती है, वैसा आनंद और शांति अमृतपान करने वाले देवताओं के पास भी नहीं होती। कैसी महिमा है शमवान पुरुष की !

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अगस्त 2002, पृष्ठ संख्या 6, अंक 116
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

विषय विकारों से वैराग्य करें….


 

संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग-प्रवचन से

‘श्रीमद्भगवद्गीता’ के तेरहवें अध्याय के आठवें श्लोक में आता हैः

इन्द्रियार्थेषु वैराग्यमनहंकार एव च।
जन्ममृत्युजराव्याधिदुःखदोषानुदर्शनम्।।

‘इस लोक तथा परलोक के सम्पूर्ण भोगों में आसक्ति का अभाव और अहंकार का भी अभाव, जन्म, मृत्यु, जरा और रोग आदि में दुःख और दोषों का बार-बार विचार करना (यह ज्ञान है)।’

‘इन्द्रियार्थेषु वैराग्यम्… इन्द्रियों के अर्थ में वैराग्य करें। वैराग्य घृणा का नाम नहीं है, उपेक्षा का नाम वैराग्य नहीं है और द्वेषबुद्धि का नाम भी वैराग्य नहीं है। वरन् इन्द्रियों के अर्थ में अर्थात् इन्द्रियों के विषय में से राग हटाने का नाम वैराग्य है।

इन्द्रियों का अर्थ है – ‘विषय’। ‘विषय’ किसको बोलते हैं ? संस्कृत भाषा में जो जीव को बाँध ले अथवा जिसमें जीव बँध जाय, उसे ‘विषय’ कहते हैं और ये विषय पाँच हैं- शब्द, स्पर्श, रूप, रस और गंध। कहीं देखकर आसक्ति हो जाती है तो कहीं सूँघकर, कहीं चखकर आसक्ति हो जाती है तो कहीं सुनकर या स्पर्श करने पर…. और यह आसक्ति ही जीव को बंधन में डालती है।

‘इन्द्रियों के अर्थ में’ अर्थात् जब हम विषयों में आसक्ति करते हैं तब अनर्थ हो जाता है। इसीलिए भगवान कहते हैं कि इन्द्रियार्थेषु वैराग्यम्….. इसका मतलब यह नहीं कि आप देखना, सुनना, चखना आदि बंद कर दो। नहीं, केवल उन विषयों से राग हटा दो।

विषय भी दो प्रकार के होते हैं-

पहला है दृष्ट विषय – जैसा कि व्यास जी ने कहा हैः खान-पान, पहनावा, ऐश्वर्य और स्त्री में आसक्ति, यह दृष्ट विषय है। जो दिखता है उसमें आसक्ति होना – यह दृष्ट विषय है।

दूसरा है, अदृष्ट विषय। जब मृत्यु होगी तब शरीर प्रकृति में लय हो जायेगा। लेकिन मरने के बाद बिहिश्त (स्वर्ग) मिलेगा, शराब के चश्मे मिलेंगे, हूरें (अप्सराएँ) मिलेंगी…. ये अदृष्ट विषय हैं।

यहाँ के सुख-भोग का अर्थात् दृष्ट विषय का त्याग इसलिए किया कि स्वर्ग में सुख-भोग मिलेगा तो समझो तुम्हारी तपस्या स्वर्गीय सुख-भोग के लिए आसक्ति हो गयी। अतः दृष्ट और अदृष्ट दोनों विषयों से वैराग्य होना चाहिए।

वैराग्य उत्पन्न होता है विवेक से। विवेक क्या है ? ऐसा समझना कि सत्य क्या है, मिथ्या क्या है ? शाश्वत क्या है, नश्वर क्या है ? नित्य क्या है, अनित्य क्या है ? इसी का नाम विवेक है। विवेक से वैराग्य उत्पन्न होता है। यह संसार दिखने भर को है, वास्तविक नहीं है। वास्तव में तो केवल एक परमात्मा ही सत्य है, शेष सब माया है, ऐसे विचार से विवेक जागता है।

संसार की चीजों की भी इच्छा न करें तथा स्वर्ग के सुख को पाने की भी इच्छा न करें वरन् केवल ईश्वर को ही पाने की इच्छा करें और जब ईश्वर के मार्ग पर चलने का एक बार मन में ठान लें, फिर घबरायें नहीं, पीछे हटे नहीं। मीराबाई ने एक बार ठान लिया तो चल पड़ी।

गुजराती में कहा गया हैः

हरि नो मारग छे शूरा नो नहीं कायर नूं काम जोने।

ईश्वर का मार्ग कायरों का मार्ग नहीं है, यह शूरवीरों का मार्ग है। 5 साल के ध्रुव ने ठान लिया तो लग पड़ा और ईश्वर को पा के ही रहा। 11 साल के प्रह्लाद ने अनेक कष्ट झेले लेकिन ईश्वर को पाकर ही रहा….

भाई कहता थाः “समय से दुकान पर आया करो।”
मैंने कहाः “अपने नियम पूरे करके ही आ सकता हूँ, नहीं तो यह चला।”
“अच्छा, 12 बजे तक आ जाना।”
“12 बजे का वचन दिया है – इस चिंता में मैं नहीं रह सकता।”
“अच्छा, दिन में एक बार तो आ जाना।”
“नहीं।”
“अच्छा, सप्ताह में एक बार आ जाया करना।”
फिर सप्ताह में एक बार जाना भी हमको भारी पड़ने लगा तो हम घर छोड़-छाड़कर चल दिये।
एक बार दृढ़ निश्चय कर लो तो फिर उस पर डट जाओ।

भाई, भाई के दोस्त तो समझाते ही थे, साथ ही भाई अन्य व्यापारी लोगों से भी कहता कि ‘इतना बढ़िया भाई है फिर भी शादी को मानता नहीं था…. शादी करा दी तो दुकान पर नहीं आता है, संसारी नहीं बनता, पूजा के कमरे में बैठा रहता है, मंदिर में चला जाता है…. आप लोग जरा समझाओ।’

तब व्यापारी लोग मुझे समझाने आते कि ‘भाई ! तुम सुधर जाओ। तुम्हारा एक ही भाई है।’

वे लोग मुझे अपने घर ले जाते और अपना पूजा का कमरा दिखाते हुए कहतेः “हम भी पूजा पाठ करते हैं। हम तुमको पूजा करने से रोकते नहीं हैं। देखो, फलाने कैसे करोड़पति बन गये ? तुम्हारी थोड़ी सी युक्ति से भाई ऊँचा उठ रहा है। तुम जाने की बात करते हो तो बेचारा रोता है। तुम सुधर जाओ।”
मैंने कहाः “बस, हम सुधर गये। हम जहाँ हैं वहीं ठीक हैं।”
दृष्ट और अदृष्ट से वैराग्य करें। वैराग्य का मतलब है स्त्री-पति, खान-पान आदि दृष्ट और स्वर्ग आदि के अदृष्ट विषयों के प्रति आकर्षण न होना। दोस्ती-दुश्मनी नहीं, ग्रहण-त्याग नहीं।

कुछ लोग त्यागी तो होते हैं लेकिन जड़ त्यागी होते हैं। एक ने कसम खा ली कि ‘हम बिल्कुल त्यागी वैरागी रहेंगे। किसी स्त्री ने छू लिया तो हम 5 दिन का उपवास करेंगे।’
फिर वह तपस्या करने चला गया। उसकी माँ को पता चला तो वह आयी और उसके सिर-कंधे पर हाथ घुमाते, सहलाते हुए बोलीः “बेटा ! घर चल।”
बेटे ने तो कसम खा ली थी।

माँ भी तो स्त्री है। उसने 5 दिन का उपवास रखा। अरे ! जिस माँ से तू पैदा हुआ उस माँ ने छू लिया तो क्या हुआ ? ये है थोपा हुआ त्याग। राग तो फँसाता ही है थोपा हुआ त्याग भी एकतरफा बना देता है।

श्री कृष्ण न तो मन-इन्द्रियों के राग में फँस मरने को कहते हैं और न द्वेष में फँस मरने को कहते हैं। श्री कृष्ण कहते हैं-

इन्द्रियार्थेषु वैराग्यमनहंकार एव च।

इन्द्रियों के विषय में वैराग्य करें और अहंकार न करें। अहंकार किसी बात का न करें। न धन का अहंकार, न सौंदर्य का, न विद्वता का, न सत्ता का, न पद का, न जाति का, न त्याग का, न वैराग्य का…. किसी का भी अहंकार न करें। अहंकार तुम्हें एक सीमित दायरे में ले आयेगा और जब तुम सीमित दायरे में आ जाओगे तो व्यापक परमात्मा से दूर हो जाओगे…..
आगे भगवान कहते हैं-

जन्ममृत्युजराव्याधिदुःखदोषानुदर्शनम्।

जन्म-मृत्यु, जरा-व्याधि आदि में दुःख होता है ?

जैसे कुम्हार के भट्ठे (आंवां) में घड़ा पकता है, वैसे ही गर्भाग्नि में शरीर पकता है। माता-पिता के द्रवरूपी रज-वीर्य से निर्मित अस्थि-मांसमय शरीर गर्भाग्नि में ही पककर बनता है। 8-10 माह तक शरीर का निर्माण होता है फिर जन्म के समय भी बड़ी पीड़ा होती है। इसी प्रकार मृत्यु भी कष्टदायी ही होती है और रोग तथा वृद्धावस्था कितनी कष्टदायी होती है यह तो सभी जानते ही हैं।

शरीर को कितना भी खिलाओ-पिलाओ, अंत में यह साथ नहीं देता। अतः इस शरीर के पीछे व्यर्थ समय नहीं गँवाना चाहिए वरन् संसार दुःखमय है और विकार दोषमय हैं – ऐसा विचार करके अपना समय और शक्ति सुखस्वरूप, चैतन्यस्वरूप, अपने शाश्वत आत्मस्वरूप की ओर लगाना चाहिए।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अगस्त 2002, पृष्ठ संख्या 4,5 अंक 116
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ ॐॐ

विवेक की महिमा


संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग-प्रवचन से
विवेकी मनुष्य को संसार के भोगों से वैराग्य होता है और विषय-रस में नीरस बुद्धि होती है। ‘संसार के भोग बाहर से कितने सुंदर, रसदायी और सुखदायी दिखते हैं किन्तु अंत में देखो तो कुछ भी नहीं….’ ऐसा विचार विवेकी को होता है।
जैसे मलिन वस्त्रों को साफ करने से उनका मैल निकल जाता है, वैसे ही वैराग्य से विकाररूपी भाव निकल जाते हैं और मन निर्मल हो जाता है। निर्मल मन में ही भगवद् रस प्रकट होता है, भगवान का आनंद प्रकट होता है और भगवान का सामर्थ्य आता है।
जो विवेकी है वह जानता है कि ‘अस्थि, मांस, मज्जा, रक्त, मल-मूत्रवाला यह शरीर मैं नहीं हूँ अपितु मैं आकाश से भी सूक्ष्म तथा व्यापक चैतन्य आत्मा हूँ।’
बाल के अग्रभाग के लाख हिस्से करिये, उस लाखवें हिस्से के भी करोड़ भाग करिये, फिर भी वह चैतन्य आत्मा बाल के करोड़वें हिस्से से भी अधिक सूक्ष्म है और व्यापक इतना है कि पूरे आकाश को उसने ढाँप रखा है। वही परमेश्वर मैं चैतन्य आत्मा मैं हूँ – ऐसा जो जानते हैं वे ही बड़भागी महापुरुष हैं।
जो अपने को शरीर मानता है, जो अपने को जन्मने-मरने वाला मानता है वह वेदान्त की दृष्टि में अज्ञानी है लेकिन जो अपने को शुद्ध-बुद्ध, चैतन्य आत्मा जानता है वही यथार्थ को जानता है और वही विवेकी है।
जो सत्-असत् को देखता है और सत्-असत् को प्रकाशता है वह शिवात्मा मैं हूँ। मैं ही जीभ के द्वारा खारा-खट्टा आदि स्वाद लेता हूँ, मैं ही नेत्रों के द्वारा अच्छा-बुरा देखता हूँ, कोई मेरे शरीर को काट के टुकड़े-टुकड़े कर दे फिर भी जो नहीं मरता वह मैं हूँ। चाहे कितनी भी वाहवाही हो फिर भी जो बढ़ता नहीं है और चाहे कितनी भी निंदा हो तो भी वह घटता नहीं है वह साक्षी स्वरूप ‘मैं’ हूँ – ऐसा जो जानता है वही सबको जानता है। ऐसे विवेकी महापुरुष महेश्वरस्वरूप होते हैं। वे तम – प्रकाश से परे, कामनाओं से परे, चैतन्यघन में स्थित रहने वाले होते हैं।
जब एक बार उस चैतन्य परमेश्वर का ज्ञान हो जाता है, फिर कोई भी उस ज्ञान को छीन नहीं सकता। जैसे, तुम लोगों को यह ज्ञान हो गया कि यह घड़ी है, अब अगर मैं यह घड़ी छुपा दूँ तो इसका अदर्शन हो सकता है किन्तु इसका ज्ञान तुमसे छीना नहीं जा सकता, क्योंकि तुमको एक बार इसका ज्ञान हो चुका है। ऐसे ही ज्ञानस्वरूप आत्मा का ज्ञान हो जाय तो फिर उसका अदर्शन हो सकता है, उसकी विस्मृति हो सकती है लेकिन उसका अज्ञान कभी नहीं हो सकता।
ज्ञान का फिर अज्ञान नहीं होता है। एक बार तुम्हें ज्ञान हो जाय कि तुम शुद्ध चैतन्य स्वरूप आत्मा हो फिर कोई तुम्हें बोले कि ‘तुम फलाने के बेटे हो…. फलानी के पति हो…. फलाने के भाई हो…. फलाने के बाप हो….’ तो तुम व्यवहार में तो बोल दोगे कि ‘हाँ भाई ! ठीक है।’ परन्तु भीतर से तुम्हें पता होगा कि तुम वास्तव में क्या हो।
जिसे अपने वास्तविक स्वरूप का ज्ञान हो जाता है उस पुरुष के लिए राज्य करना, युद्ध करना, लाखों लोगों से सम्मानित होना अथवा भिक्षा माँगकर खाना सब खेल जैसा हो जाता है क्योंकि उसने जान लिया है कि सत्य केवल परमात्मा है, बाकी सब खिलवाड़मात्र है, स्वप्नमात्र है।
सुख-दुःख, मान-अपमान आदि सब आने-जाने वाले हैं। सुख भी सदा नहीं रहता और दुःख भी सदा नहीं रहता। मान भी सदा नहीं रहता और अपमान भी सदा नहीं रहता। जवानी भी सदा नहीं रहती और बुढ़ापा भी सदा नहीं रहता। मित्र भी सदा नहीं रहते और शत्रु भी सदा नहीं रहते। अमीरी भी सदा नहीं रहती और गरीबी भी सदा नहीं रहती – ये सब प्रकृति के परिवर्तनशील खिलवाड़ हैं।
जो सदा रहता है वह मेरा आत्मा ही सत्य है। पिछले जन्म के सगे-सम्बन्धी, मित्र, धन-दौलत आदि इस जन्म में साथ नहीं हैं लेकिन वह परमात्मा तो जन्म-जन्मांतरों से हमारे साथ है। ऐसे ही इस जन्म के सगे-सम्बन्धी, मित्र, धन-दौलत आदि भी हमारा साथ छोड़ देंगे लेकिन वह परमात्मा मरने के बाद भी हमारे साथ रहेगा…. इसलिए उस परमात्मा के ही विषय में श्रवण करें और उसी का विचार करें तो बुद्धि आत्मविषयिणी हो जायेगी। आत्मविषयिणी बुद्धि होते ही धीरे-धीरे ईश्वरप्राप्ति की तड़प बढ़ती जायेगी।
फिर महापुरुषों से प्रार्थना करेंगे और कुछ अपना पुरुषार्थ करेंगे तो धीरे-धीरे बुद्धि उस सत्यस्वरूप परमात्मा में टिक जायेगी। अगर एक बार केवल तीन मिनट के लिए भी बुद्धि सत्य स्वरूप ईश्वर में टिक गयी तो फिर बुद्धि को कर्मबंधन नहीं रहता है। जैसे, एक बार पारस से लोहे की पुतली का स्पर्श हो गया, वह सोना हो गयी तो फिर उसे जंग नहीं लगता है।
जैसे साधारण आदमी को राग-द्वेष आदि का कर्मबंधन लगता है, वैसे उस मुक्तात्मा पुरुष को राग-द्वेष का कर्मबंधन नहीं लगता है। ऐसा मुक्तात्मा पुरुष संसार में रहते हुए भी संसार से न्यारा होता है।
धनभागी वे भी हैं जिन्हें महापुरुषों का सत्संग प्राप्त होता है, ईश्वरप्राप्ति में रूचि होती है। उनके समस्त तीर्थों, यज्ञों, तपों और पुण्यों का फल फलित हुआ है।
स्रोतः ऋषि प्रसाद, अगस्त 2002, पृष्ठ संख्या 2,3 अंकः 116
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ ॐॐ