All posts by Gurukripa

सत्शिष्य के लक्षण


पूज्यपाद संत श्री आसारामजी बापू

सत्शिष्य के लक्षण बताते हुए कहा है किः

अमानमत्सरो दक्षो निर्ममो दृढ़सौहृदः।

असत्वरोर्थजिज्ञासुः अनसूयुः अमोघवाक्।।

ʹसत्शिष्य मान और मत्सर से रहित, अपने कार्य में दक्ष, ममतारहित, गुरु में दृढ़ प्रीति करने वाला, निश्चल चित्त वाला, परमार्थ का जिज्ञासु और ईर्ष्यारहित एवं सत्यवादी होता है।ʹ

इस प्रकार के नवगुणों से जो सुसज्जित होता है ऐसा सत्शिष्य सदगुरु के थोड़े से उपदेश मात्र से आत्म-साक्षात्कार करके जीवन्मुक्त पद में आरूढ़ हो जाता है।

ऐसे पद को पाये हुए ब्रह्मवेत्ता महापुरुष का सान्निध्य साधक के लिए नितांत आवश्यक। साधक को ब्रह्मवेत्ता महापुरुष का सान्निध्य मिल भी जाये, लेकिन उसमें यदि इन नवगुणों का अभाव है तो उसे ऐहिक लाभ जरूर होता है, किन्तु आत्म-साक्षात्कार के लाभ से वह वंचित रह जाता है।

अमानित्व, ईर्ष्या का अभाव तथा मत्सर का अभाव-इन सदगुणों के समावेश से साधक तमाम दोषों से बच जाता है एवं साधक का तन और मन आत्म-विश्रांति पाने के काबिल हो जाता है।

सत्शिष्यों का यह स्वभाव होता हैः वे आप अमानी रहते हैं और दूसरों को मान देते हैं। जैसे भगवान राम स्वयं अमानी रहकर दूसरों को मान देते थे।

साधक को क्या करना चाहिए ? वह अपनी बराबरी के लोगों को देखकर न ईर्ष्या करे, न अपने से छोटों को देखकर अहंकार करे और न ही अपने से बड़ों के सामने कुंठित हो, वरन् सबको गुरु का कृपापात्र समझकर, सबसे आदरपूर्ण व्यवहार करे, प्रेमपूर्ण व्यवहार करे। ऐसा करने से साधक धीरे-धीरे मान, मत्सर एवं ईर्ष्यारहित होने लगता है। खुद को मान मिले ऐसी इच्छा रखने पर मान नहीं मिलता है तो सुखाभास होता है एवं नश्वर मान की इच्छा और बढ़ती है। इस प्रकार मान की इच्छा मनुष्य को गुलाम बनाती है जबकि मान की इच्छा से रहित होने से मनुष्य स्वतंत्र बनता है। इसलिए साधक को हमेशा मानरहित बनने की कोशिश करनी चाहिए। जैसे मछली जाल में फँसती है तो छटपटाती है, ऐसे ही जब साधक प्रशंसकों के बीच में आये तब उसका मन छटपटाना चाहिए। जैसे, लुटेरों के बीच आ जाने पर सज्जन आदमी जल्दी से वहाँ से खिसकने की कोशिश करता है ऐसे ही साधक की प्रशंसकों, प्रलोभनों एवं विषयों से बचने की कोशिश करनी चाहिए।

जो तमोगुणी व्यक्ति होता है वह चाहता है कि ʹमुझे सब मान दें और मेरे पैरों तले सारी दुनिया रहे।ʹ जो रजोगुणी व्यक्ति होता है वह कहता है कि ʹहम दूसरों को मान देंगे तो वे भी हमें मान देंगे।ʹ ये दोनों प्रकार के लोग प्रत्यक्ष या परोक्षरूप से कोशिश करते हैं अपना मान बढ़ाने की ही। मान पाने के लिए वे संबंधों के तंतु जोड़ते ही रहते हैं और इससे इतना बहिर्मुख हो जाते हैं कि जिससे संबंध जोड़ना चाहिए उस अंतर्यामी परमेश्वर के लिए उनको फुरसत ही नहीं मिलती और आखिर में अपमानित होकर जगत से चले जाते हैं। ऐसा न हो इसलिए साधक को हमेशा याद रखना चाहिए कि चाहे कितना भी मान मिल जाये लेकिन मिलता तो है इस नश्वर शरीर को ही और शरीर को अंत में जलाना ही है तो फिर उसके लिए क्यों परेशान होना ?

संतों ने ठीक ही कहा हैः

मान पुड़ी है जहर की, खाये सो मर जाये।

चाह उसी की राखता, वह भी अति दुःख पाये।।

एक बार बुद्ध के चरणों में एक अपरिचित युवक आ गिरा और दंडवत प्रणाम करने लगा।

बुद्धः “अरे, अरे, यह क्या कर रहे हो ? तुम क्या चाहते हो ? मैं तो तुम्हें जानता तक नहीं।”

युवकः “भन्ते ! खड़े रहकर तो बहुत देख चुका। आज तक अपने पैरों पर खड़ा होता रहा इसलिए अहंकार भी साथ में खड़ा ही रहा और सिवाय दुःख के कुछ नहीं मिला। अतः आज मैं आपके श्रीचरणों में लेटकर विश्रांति पाना चाहता हूँ।”

अपने भिक्षुकों की ओर देखकर बुद्ध बोलेः “तुम सब रोज मुझे गुरु मानकर प्रणाम करते हो लेकिन कोई अपना अहं न मिटा पाया और यह अनजान युवक आज पहली बार में ही एक संत-फकीर के नाते मेरे सामने झुकते-झुकते अपने अहं को मिटाते हुए, बाहर की आकृति का अवलंबन करते हुए अंदर निराकार की शांति में डूब रहा है।”

इस घटना का यही आशय समझना है कि सच्चे संतों की शरण में जाकर साधक को अपना अहंकार विसर्जित कर देना चाहिए। ऐसा नहीं कि रास्ते जाते जहाँ-तहाँ आप लम्बे लेट जाएँ।

अमानमत्सरो दक्षो…..

साधक को चाहिए कि वह अपने कार्य में दक्ष हो। अपना कार्य क्या है ? अपना कार्य है कि प्रकृति के गुण-दोष से बचकर आत्मा में जगना और इस कार्य में दक्ष रहना  अर्थात् डटे रहना, लगे रहना। उस निमित्त जो भी सेवाकार्य करना पड़े उसमें दक्ष रहो। लापरवाही, उपेक्षा या बेवकूफी से कार्य से विफल नहीं होना चाहिए, दक्ष रहना चाहिए। जैसे, ग्राहक कितना भी दाम म करवाने को कहे, फिर भी लोभी व्यापारी दलील करते हुए अधिक-से-अधिक मुनाफा कमाने की कोशिश करता है, ऐसे ही ईश्वर-प्राप्ति के मार्ग में अपने चित्त को चलित करने के लिए कितनी ही प्रतिकूल परिस्थितियाँ आ जायें, फिर भी साधक को अपने परम लक्ष्य में डटे रहना चाहिए। सुख आये या दुःख, मान हो या अपमान, सबको देखते जाओ…. मन के विचारों को, प्राणों की गति को देखने की कला में दक्ष हो जाओ।

नौकरी कर रहे हो तो उसमें पूरे उत्साह से लग जाओ, विद्यार्थी हो तो उमंग के साथ पढ़ो, लेकिन व्यावहारिक दक्षता के साथ-साथ आध्यात्मिक दक्षता भी जीवन में होनी चाहिए। साधक को सदैव आत्मज्ञान की ओर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यों को इतना नहीं बढ़ाना चाहिए कि आत्मचिंतन का समय ही न मिले। संबंधों को इतना नहीं बढ़ाना चाहिए कि, जिससे संबंध जोड़े जाते हैं उसी का पता न चले।

एकनाथ जी महाराज ने कहा है कि रात्रि के पहले प्रहर और आखिरी प्रहर में आत्म चिंतन करना चाहिए। कार्य के प्रारम्भ में और अंत में आत्मविचार करना चाहिए। दक्ष वह है जो जीवन में इच्छा उठे और पूरी हो जाये तब अपने आप से ही प्रश्न करे किः “आखिर इच्छापूर्ति से क्या मिलता है ?” ऐसा करने से इच्छानिवृत्ति के उच्च सिंहासन पर आसीन होने वाले दक्ष महापुरुष की नाई निर्वासनिक नारायण में प्रतिष्ठित हो जायेगा।

अगला सदगुण है ममतारहित होना। देह में अहंता और देह के संबंधियों में ममता होती है। जो मनुष्य अपने संबंधों के पीछे जितनी ममता रखता है, उतना ही उसके परिवार वाले उसको दुःख के दिन दिखा देते हैं। अतः साधक को देह एवं देह के संबंधों से ममतारहित बनना चाहिए।

आगे बात आती है-गुरु में दृढ़ प्रीति करने की। मनुष्य क्या करता है ? वास्तविक प्रेमरस को समझे बिना संसार के नश्वर पदार्थों में प्रेम का रस चखने जाता हूँ और अंत में हताशा, निराशा एवं पश्चाताप की खाई में गिर पड़ता है। इतने से भी छुटकारा नहीं मिलता। चौरासी लाख जन्मों की यातनाएँ सहने के लिए उसे बाध्य होना पड़ता है। शुद्ध प्रेम तो उसे कहते हैं जो भगवान और गुरु से किया जाता है। उनमें दृढ़ प्रीति करने वाला साधक आध्यात्मिकता के शिखर पर शीघ्र ही पहुँच जाता है। जितना अधिक प्रेम, उतना अधिक समर्पण और जितना अधिक समर्पण, उतना ही अधिक लाभ।

कबीर जी ने कहा हैः

प्रेम न खेतों उपजे, प्रेम न हाट बिकाय।

राजा चहो प्रजा चहो, शीश दिये ले जाय।।

शरीर की आसक्ति और अहंता जितनी मिट जाती है, उतना ही स्वभाव प्रेमपूर्ण बनता जाता है। इसीलिए छोटा-सा बच्चा, जो निर्दोष होता है, हमें बहुत प्यारा लगता है क्योंकि उसमें देहासक्ति नहीं होती। अतः शरीर की अहंता एवं आसक्ति छोड़कर गुरु में, प्रभु में दृढ़ प्रीति करने से अंतःकरण शुद्ध होता है। ʹविचारसागरʹ ग्रन्थ में भी आता है कि “गुरु में दृढ़ प्रीति करने से मन का मैल तो दूर होता ही है, साथ ही उनका उपदेश भी शीघ्र असर करने लगता है, जिससे मनुष्य की अविद्या और अज्ञान भी शीघ्र नष्ट हो जाता है।”

इस प्रकार गुरु में जितनी-जितनी निष्ठा बढ़ती जाती है, जितना-जितना सत्संग पचता जाता है उतना-उतना ही चित्त निर्मल व निश्चिंत होता जाता है।

इस प्रकार परमार्थ पाने की जिज्ञासा बढ़ती जाती है, जीवन में पवित्रता, सात्त्विकता, सच्चाई आदि गुण प्रगट होते जाते हैं और साधक ईर्ष्यारहित हो जाता है।

जिस साधक का जीवन  सत्य से युक्त, मान, मत्सर, ममता एवं ईर्ष्या से रहित होता है, जो गुरु में दृढ़ प्रीति वाला, कार्य में दक्ष एवं निश्चलचित्त होता है, परमार्थ का जिज्ञासु होता है – ऐसा नव गुणों से सुसज्ज साधक शीघ्र ही गुरुकृपा का अधिकारी होकर जीवन्मुक्ति के विलक्षण आनंद का अनुभव कर लेता है अर्थात् परमात्म-साक्षात्कार कर लेता है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 1999, पृष्ठ संख्या 6-9, अंक 79

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

 

श्रीकृष्ण की गुरुसेवा


पूज्यपाद संत श्री आशारामजी बापू

गुरु की महिमा अमाप है, अपार है। भगवान स्वयं भी लोककल्याणार्थ जब मानवरूप में अवतरित होते हैं तो गुरुद्वार पर जाते हैं।

राम कृष्ण से कौन बड़ा, तिन्ह ने भी गुरु कीन्ह।

तीन लोक के हैं धनी, गुरु आगे आधीन।।

द्वापर युग में जब भगवान श्रीकृष्ण अवतरित हुए एवं कंस का विनाश हो चुका, तब श्रीकृष्ण शास्त्रोक्त विधि से हाथ में समिधा लेकर और इऩ्द्रियों को वश में रखकर गुरुवर सांदीपनी के आश्रम में गये। वहाँ वे भक्तिपूर्वक गुरु की सेवा करते हुए, गुरु सांदीपनी से भगवान श्रीकृष्ण ने वेद-वेदांग, उपनिषद्, मीमांसादि-षडदर्शन, अस्त्र-शस्त्रविद्या, धर्मशास्त्र एवं राजनीति आदि की शिक्षा प्राप्त की। प्रखर बुद्धि के कारण उन्होंने गुरु के एक बार कहने मात्र से ही सब सीख लिया। विष्णुपुराण के मत से चौसठ दिन में ही श्रीकृष्ण ने सभी चौंसठ कलाएँ सीख लीं।

जब अध्ययन पूर्ण हुआ, तब श्रीकृष्ण ने गुरु से दक्षिणा के लिए प्रार्थना कीः “गुरुदेव ! आज्ञा कीजिये, मैं आपकी क्या सेवा करूँ ?”

गुरुः “कोई आवश्यकता नहीं है।”

श्रीकृष्णः “आपको तो कुछ नहीं चाहिए, किन्तु हमें दिये बिना चैन नहीं पड़ेगाग। कुछ तो आज्ञा करें !”

गुरुः “अच्छा… जाओ, अपनी माता से पूछ लो।”

श्रीकृष्ण गुरुपत्नी के पास गये एवं बोलेः

“माँ ! कोई सेवा हो तो बताइये।”

गुरुपत्नी भी जानती थीं कि श्रीकृष्ण कोई साधारण मानव नहीं बल्कि स्वयं भगवान हैं, अतः वे बोलीं- “मेरा पुत्र प्रभास क्षेत्र में मर गया है। उसे लाकर दे दो ताकि मैं उसे पयःपान करा सकूँ।”

श्रीकृष्णः “जो आज्ञा।”

श्रीकृष्ण रथ पर सवार होकर प्रभास क्षेत्र पहुँचे और वहाँ समुद्र तट पर कुछ देर ठहरे। समुद्र ने उन्हें परमेश्वर जानकर उनकी यथायोग्य पूजा की। श्रीकृष्ण बोलेः “तुमने अपनी बड़ी-बड़ी लहरों से हमारे गुरुपुत्र को हर लिया था। अब उसे शीघ्र लौटा दो।”

समुद्रः “मेंने बालक को नहीं हरा है, मेरे भीतर पांचजन्य नामक एक बड़ा दैत्य शंखरूप से रहता है, निःसंदेह उसी ने आपके गुरुपुत्र का हरण किया है।”

श्रीकृष्ण ने तत्काल जल के भीतर घुसकर उस दैत्य को मार डाला, पर उसके पेट में गुरुपुत्र नहीं मिला। तब उसके शरीर से पांचजन्य शंख लेकर श्रीकृष्ण जल से बाहर आये एवं यमराज की संयमनी पुरी में गये। वहाँ भगवान ने उस शंख को बजाया। कहते हैं कि उस ध्वनि को सुनकर नारकीय जीवों के पाप नष्ट हो जाने से वे सब वैकुण्ठ पहुँच गये। यमराज ने बडी भक्ति के साथ श्रीकृष्ण की पूजा की और प्रार्थना करते हुए कहाः “हे लीलापुरुषोत्तम ! मैं आपकी क्या सेवा करूँ ?”

श्रीकृष्णः “तुम तो नहीं, पर तुम्हारे दूत कर्मवश हमारे गुरुपुत्र को यहाँ ले आये हैं। उसे मेरी आज्ञा से वापस दे दो।”

ʹतथास्तुʹ कहकर यमराज उस बालक को ले आये।

श्रीकृष्ण ने गुरुपुत्र को, जैसा वह मरा था वैसा ही उसका शरीर बनाकर, समुद्र से लाये हुए रत्नादि के साथ गुरुचरणों में अर्पित करके कहाः “गुरुदेव ! और भी जो कुछ आप चाहें, आज्ञा करें।”

गुरुदेवः “वत्स ! तुमने गुरुदक्षिणा भली प्रकार से संपन्न कर दी। तुम्हारे जैसे शिष्य से गुरु की कौन-सी कामना अवशेष रह सकती है ? वीर ! अब तुम अपने घर जाओ। तुम्हारी कीर्ति श्रोताओं को पवित्र करे और तुम्हारे पढ़े हुए वेद नित्य उपस्थित और सारवान् रहकर इस लोक एवं परलोक में तुम्हारे अभीष्ट फल को देने में समर्थ हों।”

गुरुसेवा का कैसा सुन्दर आदर्श प्रस्तुत किया है श्रीकृष्ण ने ! थे तो भगवान, फिर भी गुरु की सेवा उन्होंने स्वयं की है।

सत्शिष्यों को पता होता है कि गुरु की एक छोटी सी सेवा करने से सकामता निष्कामता में बदलने लगती है, खिन्न हृदय आनंदित हो उठता है, सूखा हृदय भक्तिरस से सराबोर हो उठता है। गुरुसेवा में क्या आनंद आता है, यह तो किसी सत्शिष्य से ही पूछकर देखें।

गुरु की सेवा साधु जाने, गुरुसेवा कहाँ मूढ़ पिछाने।

गुरुसेवा सबहुन पर भारी, समझ करो सोई नरनारी।।

गुरुसेवा सों विघ्न विनाशे, दुर्मति भाजै पातक नाशै।

गुरुसेवा चौरासी छूटै, आवागमन का डोरा टूटै।।

गुरुसेवा यम दंड न लागै, ममता मरै भक्ति में जागे।

गुरुसेवा सूं प्रेम प्रकाशे, उनमत होये मिटै जग आशै।।

गुरुसेवा परमातम दरशै, त्रैगुण तजि चौथा पद परशै।

श्रीशुकदेव बतायो भेदा, चरनदास कर गुरु की सेवा।।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 1999, पृष्ठ संख्या 29,30 अंक 79

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

भागवत प्रसाद


पूज्यपाद संत श्री आशाराम जी बापू

कलियुगे के आदमी का जीवन कोल्हू के बैल जैसा है। उसके जीवन में कोई ऊँचा लक्ष्य नहीं है। किसी ने कलियुग के मानव की दशा पर कहा हैः

पैसा मेरा परमेश्वर और पत्नी मेरी गुरु।

लड़के-बच्चे शालिग्राम अब पूजा किसकी करूँ।।

लोग इतने अल्प मति के हो गये हैं कि जिधर का झोंका आया उधर मुड़ जाते हैं। अपनी इष्ट की, गुरु की पूजा कभी नहीं करते हैं, उपासना नहीं करते हैं, पर किसी ने लिख दिया किः

ʹजय संतोषी माँ…. यह पत्र पढ़कर, ऐसे और पत्र आप लिखोगे तो आपका कल्याण होगा। अगर इसका अनादर करोगे तो आपका बहुत बुरा होगा….ʹ तो आदमी भयभीत हो जाते हैं और पत्र लिखने लग जाते हैं। संतोषी माँ की पूजा भी करने लग जाते हैं, पाठ भी करने लग जाते हैं

वेदव्यासजी ने अपनी दीर्घदृष्टि से यह जान लिया था कि कलियुग के आदमी में इतनी समता, इतनी शक्ति न होगी कि वह घर-बार छोड़कर ऋषियों के द्वार पर जाए और सेवा-सुश्रुषा करके हृदय शुद्ध कर सके….. ऋषियों के पास जाकर नम्रतापूर्वक प्रार्थना करके आत्मज्ञान, आत्मशांति के विषय में प्रश्न पूछे। इसलिए उऩ्होंने कृपा करके श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन करने के साथ साथ तत्त्वज्ञान की, आत्मज्ञान की बातें भी जोड़ दीं। ग्वालों के साथ गाय चराईं, मक्खन चुराया, गोपियों के चीर हरण किये, कभी तो बंसी बजाई, कभी धेनकासुर-बकासुर को यमसदन पहुँचाया। ऐसी बातों से हास्यरस, श्रृंगाररस, विरहरस, वीररस जैसे रस भरकर रसीला ग्रंथ ʹश्रीमद् भागवतʹ बनाया। इस ग्रंथ की रचना करके वेदव्यास जी ने जगत पर बड़ा उपकार किया है।

ʹश्रीमद् भागवतʹ की रचना के पहले वेदव्यास जी ने कई ग्रन्थों की रचना की थी, पुराणों का संकलन किया था, पर उनके मन में कुछ अभाव खटकता रहता था।

एक बार नारदजी पधारे, तब वेदव्यासजी ने अपनी मनोव्यथा सुनाई। उन्होंने कहाः “देवर्षि ! मैंने पुराण लिखे, ब्रह्मसूत्र की रचना की, कई भाष्य लिखे, उपनिषदों का विवरण लिखा, लेकिन अभी भी मुझे लगता है कि मेरा कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। कुछ अधूरा रह गया है, कुछ छूट गया है। मुझे आत्मसंतोष नहीं मिल रहा है।”

नारदजी ने कहाः “तुम्हारा कहना ठीक ही है, तुम्हारा कार्य सचमुच में अधूरा है। ये ʹब्रह्मसूत्रʹ उपनिषद सब लोग समझ नहीं पायेंगे। जिनके पास विवेक-वैराग्य तीव्र होगा, मोक्ष की तीव्र इच्छा होगी उनके लिए ʹब्रह्मसूत्रʹ जरूरी है। जैसे, किसी आदमी का गला पकड़कर पानी में डुबा दें और वह बाहर निकलने के सिवाये और कुछ नहीं चाहता-ऐसी जिसमें ईश्वर प्राप्ति की इच्छा हो, उसके लिए ʹब्रह्मसूत्रʹ अच्छा है। लेकिन जिन लोगों में परमात्म प्राप्ति की तड़प नहीं है, जो संसार में रचे पचे हैं और जो संसार को सत्य मानते हैं, संसार को ही सार मानते हैं, देह में जिनकी आत्मबुद्धि है, जगत में सत्यबुद्धि है और परमात्म-प्राप्ति के लिए जिनके पास समय नहीं है-ऐसे लोगों में ब्रह्मसूत्र और उपनिषद पढ़ने की रूचि नहीं होगी। कदाचित् वे पढ़ेंगे तो समझ भी नहीं पायेंगे। विवेक-वैराग्य, षट्सम्पत्ति और मोक्ष की इच्छा-इन चार साधनों से युक्त आदमी वेदान्त को सुनेगा, ब्रह्मसूत्र सुनेगा तो उसे आत्मसाक्षात्कार हो जायेगा। लेकिन जो साधन-चतुष्टय से सम्पन्न नहीं होगा, वह कितना भी सुनेगा, उस पर असर नहीं होगा। जगत में प्रायः ऐसे लोग ही ज्यादा होते हैं। आपने उन लोगों के उत्थान के लिए क्या उपाय किया है ?

ईश्वर को पाने की तड़पवाला तो कोई विरला ही होगा, बाकी लोग तो यूँ ही अपना समय गँवा देते हैं। आप कोई ऐसे ग्रंथ की रचना कीजिये जिसमें वीरों के लिए वीररस भी हो, विनोद चाहने वालों के लिए हास्यरस भी मिले, भक्तिमार्गवालों के लिए भक्तिरस भी मिले, जो सँसार में प्रेम रखते हैं उनको कुछ प्रेम की बातें मिल जायें और साथ में तत्त्व का चिंतन भी हो। सब प्रकार के लोगों की मनोदशा का विचार करके ऐसा ग्रंथ बनाया जाये जो सब प्रकार के रसों में सराबोर करते हुए तत्त्वज्ञान का रास्ता दिखाकर परमात्मरस तक पहुँचा सके।”

नारदजी की बात व्यासजी को सौ प्रतिशत जँची। व्यासजी ने समाधि में बैठकर श्लोकों की रचना की। भागवत में तीन सौ पैंतीस अध्याय और अठारह हजार श्लोक हैं। ऐसा नहीं कि वेदव्यासजी श्रीकृष्ण के पीछे लेखनी लेकर घूमे और ग्रंथ की रचना की। समाधि में बैठने पर उन्हें युग-युगान्तर में, कल्प-कल्पान्तर में श्रीकृष्ण की मधुर लीलाएँ आदि जो जो दिखा उसे लिखने के लिए उन्होंने गणपति जी का आवाहन किया। वेदव्यासजी श्लोक बोलते गये और गणपति जी लिखते गये। गणपति जी तो ऋद्धि सिद्धि के दाता हैं। उन्होंने श्लोक लिखने में मदद की और इस तरह ʹश्रीमद् भागवतʹ का ग्रंथ तैयार हो गया।

वेदव्यासजी ने वृद्धावस्था में ʹश्रीमद् भागवतʹ की रचना की थी। उऩ्हें लगा कि वे खुद इसका प्रचार नहीं कर पायेंगे इसलिए उऩ्हें चिन्ता हुई किः ʹयह शास्त्र मैं किसको दूँ ?ʹ आखिर उऩ्होंने शुकदेवजी को पसंद किया। शुकदेव जी जन्म से ही विरक्त थे, निर्विकार थे। जन्म से ही उन्हें संसार के विषयों में राग नहीं था। वेदव्यास जी ने यह ग्रंथ शुकदेव जी को पढ़ाया और उन्हीं के द्वारा इस ग्रंथ का प्रचार हुआ।

शुकदेवजी ने इस पवित्र ग्रंथ ʹश्रीमद् भागवतʹ की कथा परिक्षित को सुनाई। शुकदेवजी उत्तम वक्ता थे और परीक्षित उत्तम श्रोता थे।

इस कथा के प्रारम्भ में आता है कि भक्तिरूपी स्त्री रो रही हैः “मेरे ज्ञान और वैराग्यरूपी दो पुत्र अकाल वृद्ध हो गये हैं और मूर्च्छित होकर पड़े हैं।”

जवान माँ के बेटे अकाल वृद्ध होकर मृतप्रायः हो रहे हैं – यह कुछ मर्म की बात है।

कलियुग के आदमी के पास भक्ति तो होगी परन्तु ज्ञान और वैराग्य बेटे अगर मूर्च्छित होंगे तो भक्ति रोती रहेगी। भक्ति को स्त्री का रूप देकर और ज्ञान-वैराग्य को बेटों का रूप देकर ऐसी कथा बनाकर लोगों को जगाने का प्रयास जिन्होंने किया है, उन वेदव्यासजी की दृष्टि कितनी ऊँची होगी ! कितनी विशाल होगी !

आज तो कोई भागवत की कथा करवाते हैं तो उसका फल ऐहिक ही चाहते हैं और इसकी कथा करने वाला भी अगर लोभी होगा तो कथा के द्वारा भी धन पाना चाहेगा। ʹआज तो श्रीकृष्ण का जन्म है… चाँदी का पालना ले आओ…  आज तो श्रीकृष्ण की शादी है….. रुक्मणि के लिए गहने लाओ….ʹ ऐसा कहकर कथाकार धन कमाना चाहेगा। इसलिए वेदव्यासजी ने ʹभक्तिरूपी स्त्री के ज्ञान-वैराग्य दो बेटे मूर्च्छित हैं…ʹ ऐसा उदाहरण देकर लोगों को समझाया है कि ज्ञानसहित, वैराग्यसहित दृढ़ भक्ति करोगे तो शीघ्र ही कल्याण होगा।

इस ग्रंथ के और भी कई नाम हैं। एक नाम है ʹभागवत महापुराणʹ शेष 17 पुराणों को पुराण कहते हैं लेकिन इस भागवत को महापुराण कहा जाता है क्योंकि इसमें जगह-जगह पर उस महान तत्त्व का चिन्तन और ज्ञान की बातें विशेष मिलती हैं। दूसरा नाम है ʹपरमहंस संहिताʹ। शुकदेव जी जैसे आत्मानंद में मस्त रहने वाले व्यक्ति को भी भागवत के श्लोक और भागवत के आधाररूप मुख्य पात्र श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन बड़ा आनंदमयी लगता है। इसका एक और नाम है ʹकल्पद्रुमʹ। जो मनोकामना रखकर श्रवण-मनन करोगे तो वह तुम्हारी मनोकामना देर-सबेर पूरी होगी ही। ऐसे ग्रंथ ʹश्रीमद् भागवतʹ में श्रीकृष्ण की लीलाओं के साथ तत्त्वज्ञान की बातें इस ढंग से लिखी गई हैं कि पढ़ने वाले और सुनने वाला इसमें सराबोर हो जाता है और आनंद को पा लेता है।

कई पुण्यशाली लोग अनेक प्रसंगों पर ʹभागवतʹ की कथा का आयोजन करते हैं। जहाँ भी ʹभागवत सप्ताहʹ होता है, ʹभागवतʹ की कथा होती है वहाँ कथा के चौथे दिन श्रीकृष्ण का जन्म मनाया जाता है। ऐसा नहीं है कि श्रीकृष्ण का जन्म बारह महीने में एक बार ही मनाते हैं। जब-जब, जहाँ-जहाँ ʹभागवत कथाʹ होती है तब-तब श्रीकृष्ण का जन्म मनाते हैं। सुबह को भी मनाते हैं, शाम को भी मनाते हैं, अमावस्या को भी मनाते हैं, पूनम को भी मनाते हैं। वैसे तो ऐतिहासिक ढंग से लोग भादों (गुजरात-महाराष्ट आदि के अनुसार श्रावण) मास की कृष्ण-अष्टमी की रात को बारह बजे श्रीकृष्ण-जन्म मनाते हैं, पर भक्त लोग तो जब अनुकूलता हुई, जब मौका मिला कि श्रीकृष्ण-जन्म मनाने को उत्सुक रहते हैं। जब पुण्य जोर पकड़ते हैं, जब हृदय से ʹमेरे-तेरेʹ का भाव मिट जाता है, तब हृदय में आनंदरूपी श्रीकृष्ण प्रकट हो जाते हैं। हृदय में कृष्णतत्त्व का आनंद छलकने लगता है।

आपकी मति सुसंस्कृत हो जाये, आत्मज्ञान के रंग से रंग जाये, आपकी मति आत्मदेव के कृष्णतत्त्व के प्रकाश से प्रकाशित हो जाये-इसके लिए जिन ग्रन्थकारों ने, आत्मवेत्ता महापुरुषों ने, वेदव्यासजी जैसे नामी-अनामी ऋषियों ने, महर्षियों ने अपना सर्वस्व लुटा दिया, आपको जगाने के लिए ही अपने जीवन का हर क्षण गुजार दिया उन महापवित्र आत्माओं के चरणों में हमारे हजारों-हजारों प्रणाम हैं।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 1999, पृष्ठ संख्या 25-28, अंक 79

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ