All posts by Gurukripa

नासमझी है दुःखों का घर


पूज्यपाद संत श्री आसारामजी बापू

यह भी कैसी विचित्र बात है कि सभी दुःखों और परेशानियों को मिटाना चाहते हैं लेकिन फिर भी हर दिन बंधन बढ़ाते जा रहे हैं, परेशानियों को पोसते जा रहे हैं। मुक्ति सभी चाहते हैं किन्तु मुक्ति पाने की मुक्ति से दूर भागते हैं।

कुछ वर्ष पहले की बात हैः किसी व्यक्ति ने आकर मुझसे कहाः “बापू ! इतने सारे लोग भजन कर रहे हैं, एक मैं नहीं करूँ तो क्या घाटा होगा ? मुझे मुक्ति नहीं चाहिए।”

उसकी बात सुनकर मुझे हँसी आयी क्योंकि वह सरलता से बोल रहा था। मैंने कहाः “अच्छा, मुक्ति नहीं चाहिए किन्तु सुख तो चाहते हो न ? परेशानियाँ तो मिटाना चाहते हो न ?”

उसने कहाः “जी।”

“तो फिर हमारे ये सारे प्रयास किसलिये हैं ? हम कहाँ कहते हैं कि तुम मोक्ष पा लो। हम तो यही चाहते हैं कि तुम्हारी परेशानियाँ मिट जायें और परेशानी मिटाना ही तो मोक्ष है। छोटी परेशानी मिटाने में कम मेहनत है, बड़ी परेशानी के लिये ज्यादा, जन्म-मरण की परेशानी मिटाने के लिए आत्मज्ञान की मेहनत करनी पड़ती है।”

यदि थोड़ी-थोड़ी परेशानियों, दुःखों, बंधनों से थोड़ समय के लिए छूटना चाहते हो तो थोड़ा ज्ञान, थोड़ा पुरुषार्थ और थोड़ा सुख ही काफी है और यदि सदा मुक्ति चाहिए, पूर्ण निर्दुःख, पूर्ण निर्बन्ध, पूर्ण सुख चाहिए तो पूर्ण ज्ञान के लिए पूर्ण पुरुषार्थ करना ही चाहिए।

दुःख कोई नहीं चाहता। मुक्ति नहीं चाहते तो क्या बंधन चाहते हो ? तुम्हें कोई जेल में डाल दे, कोई तुम्हारे पर आदेश चलाये, पत्नी तुम्हें आँखें दिखाये तो क्या तुम्हें अच्छा लगता है ? नहीं, क्योंकि तुम स्वतंत्रता चाहते हो, मुक्ति चाहते हो और मुक्ति पानी है तो फिर ध्यान भजन, जप, सेवा-स्वाध्याय भी करना पड़ेगा। मुक्ति की मंजिल तक पहुँचना है तो उसकी राह पर तो चलना ही होगा।

अनेकों को ऐसा लगता है कि ʹभाई ! हममें तो भगवान के रास्ते चलने की ताकत नहीं है, हमें ज्ञान नहीं चाहिए….ʹ ज्ञान नहीं चाहिए, मुक्ति नहीं चाहिए तो क्या मुसीबतें चाहिए ? दुःख चाहिए ? यह तो नासमझी है। आदमी तमोगुण में आ जाता है तब कहता है कि ʹहमें ईश्वर से क्या लेना देना ? संत-वंत कुछ नहीं, पुण्य-वुण्य कुछ नहीं।ʹ तो पाप करके भी तो तुम सुख ही चाहते हो न ? यदि पाप करने में सुख होता तो सभी पापी आज मजे में ही होते, अशान्त और दुःखी न होते और मरने के  बाद प्रेत या पशु होकर न भटकते, मुक्त हो जाते, शाश्वत स्वरूप से एक हो जाते।

सुख पाप में नहीं, सुख वासना में नहीं, सुख इच्छाओं की पूर्ति में नहीं वरन् सुख है मुक्ति में, सुख है मुक्ति पाये हुए ब्रह्मवेत्ताओं के श्रीचरणों में। इच्छा वासना की निवृत्ति में परम सुख है।

मैंने सुना है। एक बार हनुमानप्रसाद पोद्दार और जयदयाल गोयन्द का आपस में चर्चा कर रहे थेः “आजकल तो कहलाने लगे बड़े ज्ञानी, बड़े संन्यासी… पहले लोग कितना-कितना तप करते थे। इन्द्र ने 108 वर्ष तक ब्रह्माजी की सेवा की, तब ब्रह्मज्ञान मिला। और आज…? घर छोड़कर बन गये साधु-संन्यासी और लिख देंगेः 1008 स्वामी फलानानंद जी…”

तब एक किसान ने उठकर पोद्दार जी से कहाः “भाई जी ! 108 वर्ष तक इन्द्र ने ब्रह्मा जी की सेवा की, तब ज्ञान मिला, तो 108 वर्ष देवताओं के कि मनुष्य के 108 वर्ष ? अगर देवताओं के वर्ष गिनते हो तो उनकी आयुष्य तो 100 वर्ष से अधिक नहीं होती और अगर मनुष्य के 108 वर्ष गिनते हो तो देवताओं के 108 दिन से अधिक नहीं होते।”

तब हनुमानप्रसाद पोद्दार को हुआ कि किसान के वेष में भी ये कोई पहुँचे हुए महात्मा लगते हैं। उनकी सात्त्विक श्रद्धा थी न !

एक बार पोद्दार जी के मुख से निकल गयाः “जो मिर्ची का अचार नहीं छोड़ सकते, जो चाय नहीं छोड़ सकते, जो दो वक्त का भोजन नहीं छोड़ सकते, वे ब्रह्मज्ञान कैसे पा सकते हैं ?”

पहले वे इस प्रकार की आलोचना किया करते थे। साधना काल में इस प्रकार का कभी हो जाता है उऩकी इस बात को अखंडानंद सरस्वतीजी ने सुन लिया। वे भिक्षा लेने पोद्दार जी के घर। उनकी धर्मपत्नी ने बड़े प्रेम से भिक्षा दी। तब अखंडानंदजी ने कहाः “बहन जी ! मिर्ची का अचार है ?”

धर्मपत्नी ने कहाः “हाँ महाराज है।”

“अच्छा, तो दो-तीन टुकड़े दे दो।”

धर्मपत्नी ने अचार दिया। तब पुनः अखंडानंदजी बोलेः “बहन जी ! भाई जी घर पर हैं ?”

“जी हाँ महाराज ! भीतर के कक्ष में कुछ लेखन कार्य कर रहे हैं।”

“अच्छा ! जरा भाई जी को बुलाना।”

भाई जी बाहर आये और आकर प्रेम व श्रद्धा से प्रणाम कियाः “महाराज ! नमो नारायणाय।

अखंडानंद जीः नमो नारायणाय। सेठजी ! आपने प्रवचन में कहा थाः ʹअचार चाहिए, खिचड़ी चाहिए, चाय चाहिए… जो ʹचाहिए-चाहिएʹ में लगे हैं और अपने को ब्रह्मज्ञानी मानते हैं वे क्या ब्रह्मज्ञानी होते हैं ? जो दो समय का भोजन नहीं छोड़ सकते, वे क्या ब्रह्मज्ञान पा सकते हैं ?ʹ

….. तो जिन्हें वास्तव में ब्रह्म परमात्मा का अनुभव हो गया है उनके लिए सेठजी ! मैं पूछता हूँ कि कमबख्त दो मिर्चियाँ, क्या उऩकी ब्रह्मनिष्ठा के स्वाद को कम कर देगी ? क्या अचार की ये दो मिर्चियाँ उऩके परमात्मज्ञान के रस को छीन लेगी ?”

तब हनुमानप्रसाद पोद्दार जी हाथ जोड़ते हुए बोलेः “महाराज ! क्षमा कीजिए। आप जैसों के आगे तो हम नतमस्तक हैं।”

जिनको ब्रह्म-परमात्मा का अनुभव हो गया है उनके लिए मिर्ची का अचार तो क्या, छप्पन पकवान तो क्या देवताओं के भोग भी नीरस हैं। वे उनको आसक्त नहीं कर सकते। ऐसे दिव्य ब्रह्मज्ञान के रस का वे आस्वाद कर चुके होते हैं कि जिसके आगे ब्रह्मलोक के सुख तक फीके पड़ जाते हैं तो मनुष्य लोक के तुच्छ में वे क्या आसक्त होंगे ? जिनको आत्मा-परमात्मा का शुद्ध अनुभव हो जाता है, उनके लिए संसार के सुख-दुःख, ऊँचाई-नीचाई कोई मायने नहीं रखती क्योंकि उऩ्होंने अपने शुद्ध, बुद्ध, मुक्त स्वरूप को जान लिया है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जनवरी 1997, पृष्ठ संख्या 10,11 अंक 50

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

ईश्वर की विचित्र सृष्टि


पूज्यपाद संत श्री आसारामजी बापू

भगवान की यह दुनिया बड़ी विचित्र है। इसे समझ पाना वैज्ञानिकों के लिए भी बड़ा कठिन हो रहा है।

फ्राँस के मोमिन्स नगर में एक बालक, जिसका वार्डिस, उसकी एक आँख भूरी है और दूसरी नीली। वैज्ञानिक भी आश्चर्यचकित हैं कि यह कैसे संभव हुआ ?

1829 में लंदन का एक बालक चार्ल्स वर्थ जब 4 साल का हुआ तभी उसे दाढ़ी-मूंछ उग आयी। इतना ही नहीं उसका व्यवहार और बुद्धि भी बड़े मनुष्य जैसी ही थी। सात साल की उम्र में उसके बाल सफेद हो गये और आठवें साल का प्रारंभ होने पर वह मर गया। अभी तक वैज्ञानिकों की  बुद्धि में यह बात समझ में नहीं आ रही है कि यह हुआ कैसे ?

फ्राँस में टुर कुईंग नामक नगर में एक ऐसी बालिका का जन्म हुआ, जिसकी सामान्य मनुष्य की तरह दो आँखें नहीं, वरन् जहाँ तिलक करते हैं आज्ञाचक्र में एक आँख है। सब हैरान हो रहे हैं कि एक आँख कैसे ? वह भी आज्ञाचक्र में !

सुमात्रा में एक ऐसा कुआँ है, जिसमें झाँकने पर दो प्रतिबिंब दिखते हैं। वास्तव में दिखना तो एक चाहिए, किन्तु दो दिखते हैं। उसमें भी एक अपना प्रतिबिंब दिखता है दूसरा किसी अन्य का… तो क्या दो व्यक्ति होते हैं ? नहीं, एक ही व्यक्ति के दो प्रतिबिंब दिखते हैं। यदि दो व्यक्ति झाँकेंगे तो 4 प्रतिबिंब दिखेंगे और तीन व्यक्ति झाँकेंगे तो 6 प्रतिबिंब दिखेंगे, वह भी दर्पण की तरह बिल्कुल स्पष्ट। हालाँकि नीचे कोई दर्पण नहीं लगा हुआ है।

फ्राँस के लेटले नामक स्थल पर एक बार एक किसान के खेत में विद्युत गिरने से उसकी भेड़ों में से सब काली भेड़ें मर गयीं किन्तु सफेद भेड़ों का बाल तक बाँका नहीं हुआ।

अमेरिका की एडिस्टन लाइब्रेरी में सन 1961 से वॉयलिन की ध्वनि सुनायी दे रही है। कई लोग जा-जाकर सुनकर आये हैं। वॉयलिन की ध्वनि जरूर सुनाई देती है किन्तु कौन बजाता है यह नहीं दिखता।

कुछ समय पहले की बात हैः भारत के मैसूर में एक दुष्ट राजा राज्य करता था। एक बार उसने किसी साधु से कुछ कहा, किन्तु उस साधु ने राजा की बात सुनी-अनसुनी कर दी। इससे कुपित होकर राजा ने साधु को प्राणदंड देने का आदेश कर दिया। प्राणदंड भी किस प्रकार का ? तोप से मार डालने का हुक्म कर दिया गया। इतना दुष्ट था वह राजा !

सैनिकों ने आज्ञा पालन किया। वे साधु को पकड़कर ले आये और तोप के मुँह पर उसे बिठाकर तोप दगा दी। साधु उछलकर हाथी के हौदे पर जा पहुँचे। राजा ने दुबारा पकड़कर तोप के मुँह पर बैठाकर तोप चलवायी तो एक ऊँची छत पर साधु जा पहुँचे किन्तु मरे नहीं। राजा और भड़का। उसने तीसरी बार पकड़वाकर तोप चलवायी। तीसरी बार भी साधु एक रेती के टीले पर जा बैठे।

जा के राखे साईंया मार सके नहीं कोई।

बाल न बाँका कर सके चाहे जग वैरी होई।.

अफगानिस्तान में काबुल के पास एक रेतीला स्थान है जहाँ घोड़ों के दौड़ने की आवाज आती है हालाँकि वहाँ घोड़े दिखते नहीं हैं। इसी प्रकार नगाड़ों के बजने की आवाज भी आती है। लोग छान-बीन करके थक गये किन्तु अभी तक इस निष्कर्ष पर नहीं पहुँच सके कि ये कैसे होता है ?

जो भी देखने में आ रहा है, जानने में आ रहा है, उससे भी कहीँ करोड़गुना अधिक विचित्रताएँ हैं किन्तु हमारी इन्द्रियाँ इतनी सक्षम नहीं है कि उन्हें जान पायें।

कैलिफोर्निया में एक बालू के टीले में से रोने की आवाज आती है। बड़े-बड़े वैज्ञानिक भी उस स्थान पर जाकर आये किन्तु वे भी नहीं जान सके कि आवाज कहाँ से आती है… कैसे आती है।

हवाई द्वीप में एक टीले से कुत्ते के रोने की आवाज आती है। कोई कह सकता है कि मरकर कोई भूत बना होगा और रो रहा होगा इसलिए आवाज आती है। तो क्या कुत्ता भी मरकर भूत होता है क्या ?

दक्षिण अफ्रीका की दीवालों से अट्टहास्य की, जोर-जोर से हँसने की आवाज आ रही है। यूरोप के कुछ समुद्र तट ऐसे हैं, जहाँ मधुर संगीत की आवाज आती है किन्तु गाने बजाने वाले का कोई पता नहीं।

बिजनौर के निवासी रामअवतार शर्मा ने पुनर्जन्म का खंडन करते हुए 2000 पृष्ठ की किताब लिखी लेकिन उन्हीं के यहाँ एक ऐसा पुत्र पैदा हुआ जो पुनर्जन्म की बातें बताता था।

प्रकृति के रहस्य बड़े अनूठे हैं। कांगड़ा जिले के दादा सिरवा गाँव में एक किसान ने अपनी जमीन को ठीक करने के लिए एक पहाड़ी को खोदना शुरु किया। खोदते-खोदते उसे एक अदभुत पत्थर मिला। उसकी जाँच करने पर पता चला कि उस पर एक चिड़िया अंकित है। कोई कहेगाः “हो सकता है किसी ने पहले अपने महल में चिड़िया बनवायी हो और समय पाकर वह महल जमीनदोस्त हो गया हो, फिर खोदने पर वही चिड़िया मिली हो…ʹ किन्तु ऐसा नहीं है।

प्रकृति के पास भी ऐसी कला है, जिससे चिड़िया बन सके। भगवान कब, कहाँ, कैसे और क्या कर दें यह किसी की समझ में नहीं आता है।

बुद्धि  को लड़ा-लड़ाकर, थककर अंत में जब कुछ समझ में नहीं आया, तब आईन्स्टाईन ने कहाः “मैं ईश्वर को मानता हूँ। इस अविज्ञात सृष्टि में, अविज्ञात अदभुत रहस्यों में ईश्वर की शक्ति ही परिलक्षित होती है।”

हरबर्ट स्पेन्सर ने कहाः “जिस शक्ति को मैं बुद्धि से परे मानता हूँ वह धर्म का खण्डन नहीं करती अपितु उसे अधिक बल पहुँचाती है।”

बड़े-बड़े वैज्ञानिक भी ईश्वर की सत्ता को स्वीकार किये बिना नहीं रह सके। उऩ्होंने भी ईश्वर की सत्ता को माना है लेकिन आजकल जो लोग ईश्वर को नहीं मानते, जो नास्तिकता की ओर बढ़ रहे हैं उनकी सचमुच बड़ी दयनीय स्थिति है। बड़े-बड़े बुद्धिमान लोग भी भगवान की प्रकृति के रहस्य को ही नहीं जान पाते तो भगवान को भला इस बुद्धि से कैसे जाना जा सकता है ?

सोई जानइ जेहि देहु जनाई।

जानत तुम्हहि तुम्हहि होइ जाई।।

यह फल साधन ते न होई….

भगवान को केवल भगवान की कृपा से ही जाना जा सकता है। कोई सोचे कि अपने बलबूते पर भगवान को जान लें कि ʹनंगे पैर चलेंगे…. इतनी तीर्थयात्रा करेंगे इतना उपवास करेंगे… हम इतना साधन-भजन करेंगे…. इतनी माला घुमायेंगे…. हम इतना योग करेंगे… इतने-इतने नियम करके हम भगवान को पा लेंगे….ʹ तो यह बात बड़ी कठिन है। किन्तु यदि हो जाय सदगुरु कृपा, ईश्वर-कृपा तो यह कठिन-सा दिखने वाला काम, असंभव सा दिखने वाला काम भी सहज हो जाता है, सरल हो जाता है। जैसे राजा जनक, खट्वांग, परीक्षित, शबरी आदि के जीवन में हुआ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, फरवरी 1997, पृष्ठ संख्या 21,22,23 अंक 50

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

……..और दर्शनमात्र से पीड़ा हर ली


दिनांक 24-12-1996 को मेरी 11वीं पूनम निमित्त पूज्य श्री के दर्शन हेतु सूरत आश्रम में आया था। उस दिन पूरा दिवस ध्यान शिविर में व्यतीत हुआ किन्तु शाम 7 बजे से कमर के निचले हिस्से में असह्य पीड़ा होने लगी। करीबन 2 घंटे पीड़ा सहता रहा। मेरे सब साथी सूरत आश्रम द्वारा बनवाये गये निवासस्थान वृन्दावन में चले गये थे।

जब पीड़ा अति असह्य हुई तो पू. लीलाशाहजी उपचार केन्द्र में वैद्य अमृतभाई को बताया। उऩ्होंने ऐक्यूप्रेशर का उपचार करने को एवं एक ऑईल मालिश करने को कहा, किन्तु ऐक्यूप्रेशर बंद हो चुका था और मालिश की दवा का भी उपयोग नहीं कर सकता था।

पीड़ा इतनी बढ़ी कि मुझे एक फीट भी चलना मुश्किल हो रहा था। लगता था, किसी भी समय प्राण जा सकते हैं क्योंकि पीड़ा का प्रभाव गुप्तांगों में प्रवेश कर चुका था। साथी भी पास में कोई नहीं था। सब निवासस्थान वृन्दावन में पहुँच गये थे। मैं पू. लीलाशाह उपचार केन्द्र के पास वाले स्टॉल के बगल में बैठ गया। 2 कि.मी. कैसे जाऊँ, जबकि एक फीट भी चलना मुश्किल था ? क्या करूँ ?

मैंने पूज्यश्री से मन-ही-मन करूणाभरी प्रार्थना की। मैं प्रार्थना ही कर रहा था कि अचानक किसी ने पुकाराः ʹबापू आये…. बापू आये…..ʹ मैं चौंका ! देखा कि श्वेत वस्त्रधारी मेरे पूज्यश्री मेरे सामने से पधार रहे हैं। मैंने दुःखभरे नेत्रों से उनके दर्शन किये। तनिक पूज्यश्री ने मुझे निहारा। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि पूज्यश्री अपने नेत्रों से कुछ प्रकाश किरणें मेरे शरीर में डाल रहे हैं। उस समय यह असह्य पीड़ा न जाने कहाँ चली गयी थी। मैं सुखद होकर पूज्यश्री के दर्शन करता रहा। मानो ऐसा प्रतीत हो रहा था कि गुरुवर मेरी करूणा-पुकार सुनकर कुछ निमित्त बनाकर आये हों। जबकि कल्पना भी नहीं थी कि पूज्यश्री इस समय मैं जहाँ बैठा था वहाँ आश्चर्यमय रूप से उपस्थित होकर मेरी पीड़ा हर लेंगे।

फिर मैंने देखा कि पूज्यश्री गाड़ी में बैठकर बाहर गये। जब वे ओझल हुए तो पता भी न चला कि मुझे जो असह्य पीड़ा थी, वह कहाँ गई। पश्चात गुरुमंदिर में ठहरे मेरे एक साथी आये। उऩ्होंने मुझे वहीं सुलाया। वहीं आराम पाया।

सचमुच गुरुदेव की कृपादृष्टि मात्र से ही हमारी सारी पीड़ाएँ स्वतः गायब हो जाती हैं। अब तो पूज्यश्री से इतनी ही प्रार्थना है कि हमें जन्म-मरण की पीड़ा से छुटकारा मिल जाए….

मेरे पूज्यश्री ने मेरी रक्षा करके मुझे बचाया है। हे गुरुवर तुम्हारी जय हो !

देवराम राठोड़

जिला परिषद, जलगाँव (महाराष्ट्र)

स्रोतः ऋषि प्रसाद, फरवरी 1997, पृष्ठ संख्या 26 अंक 50

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ