Articles

प्राकृतिक शुद्धिकारक व स्वास्थ्यवर्धक मूली


आयुर्वेद के अनुसार ताजी, कोमल, छोटी मूली रुचिकारक, भूखवर्धक, त्रिदोषशामक, पचने में हलकी, तीखी, हृदय के लिए हितकर तथा गले के रोगों में लाभदायी है । यह उत्तम पाचक, मल-मूत्र की रुकावट को दूर करने वाली व कंठशुद्धिकर है । बड़ी, पुरानी मूली पचने में भारी, उष्ण, रूक्ष और त्रिदोषकारक होती है । मूली के पत्ते व बीज भी औषधीय गुणों से युक्त होते हैं ।

आधुनिक अनुसंधानानुसार मूली में कैल्शियम, पौटैशियम, फॉस्फोरस, मैग्नेशियम, मैंगनीज़, लौह आदि खनिज पर्याप्त मात्रा में होने के साथ रेशे (fibres) विटामिन ‘सी’ तथा अन्य पोषक तत्त्व पाये जाते हैं ।

मूली मधुमेह के रोगियों के लिए लाभदायी है । यह गुर्दों के स्वास्थ्य के लिए अच्छी रहती है और शरीर से विषैले तत्त्वों को निकालने में भी कारगर है । इसे कच्ची हल्दी के साथ खाने से बवासीर में लाभ होता है । इसका ताजा रस पीने से पथरी एवं मूत्र-संबंधी रोगों में राहत मिलती है । अफरा में मूली के पत्तों का रस विशेषरूप से उपयोगी होता है । इसके नियमित सेवन से पुराना कब्ज दूर होता है ।

पेट के लिए उत्तम

मूली पेट व यकृत के रोगों में बहुत लाभकारी है अतः इसे पेट व यकृत हेतु सबसे अच्छा ‘प्राकृतिक शुद्धिकारक’ माना गया है । अधिक मात्रा में रेशे होने से यह मल को मुलायम करने और पाचनक्रिया को बढ़िया रखने में मदद करती है ।

मूली व उसके पत्ते, खीरा या ककड़ी व टमाटर काट लें । इसमें नमक, काली मिर्च का चूर्ण व नींबू मिला के खायें । इससे पाचन-संबंधी अनेक समस्याओं तथा कब्ज में लाभ होता है ।

औषधीय प्रयोग

  1. पेशाब व शौच की समस्याः मूली के पत्तों का 20-40 मि.ली. रस सुबह-शाम सेवन करने से शौच साफ आता है और पेशाब खुलकर आता है, इससे वज़न घटाने में भी मदद मिलती है ।
  2. पेट के रोगः मूली के 50 मि.ली. रस में अदरक का आधा चम्मच व नींबू का 2 चम्मच रस मिलाकर नियमित पीने से भूख बढ़ती है । पेट में भारीपन महसूस हो रहा हो तो मूली के 15-20 मि.ली. रस में नमक मिला के पीने से लाभ होता है ।
  3. पथरीः बार-बार पथरी होने के समस्या में मूली के पत्तों के 50 मि.ली. रस में 1 चम्मच धनिया-चूर्ण मिला के लगातार 3 महीने लेने से पथरी होने की सम्भावना नहीं रहती है । साथ में पथ्य-पालन आवश्यक है ।
  4. सूजनः मूली के 1-2 ग्राम बीज का 5 ग्राम तिल के साथ दिन में 2 बार सेवन करने से सभी प्रकार की सूजन में लाभ होता है ।

सावधानीः छोटी, पतली व कोमल मूली का ही सेवन करना चाहिए । मोटी, पकी हुई मूली नहीं खानी चाहिए । इसे रात में व दूध के साथ नहीं खाना चाहिए । माघ मास में (21 जनवरी से 19 फरवरी 2019 तक) मूली खाना वर्जित है ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, फरवरी 2019, पृष्ठ संख्या 31 अंक 314

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

श्रद्धा का बल, हर समस्या का हल-पूज्य बापू जी


मंत्रे तीर्थे द्विजे देवे दैवज्ञे भेषजे गुरौ ।

यादृशी भावना यस्य सिद्धिभवति तादृशी ।।

स्कन्द पुराण, प्रभास खंडः 278.39

मंत्र, तीर्थ, ब्राह्मण, देवता, ज्योतिषी, औषध और गुरु में जैसी भावना होती है वैसा ही फल मिलता है ।

संत नामदेव जी के पूर्व जीवन की एक कहानी है । युवक नामदेव का मन विठ्ठल में लगा तो उसके पिता को डर लगा कि ‘यह लड़का भगत बन जायेगा, साधु बन जायेगा तो फिर कैसे गुजारा होगा ?’ बाप ने थोड़ा टोका और धंधा करने, रोजी-रोटी कमाने के लिए बाध्य किया । एक दिन पिताश्री ने नामदेव को कुछ पैसे देकर कपड़ा खरीदवाया और कपड़े का गठ्ठर दे के दूसरे बेचने वालों के साथ बाजार में भेजा ।

नामदेव बाजार में अपना गठ्ठर रख के कपड़े के नमूने खोलकर बैठा लेकिन अब उसकी पिछले जन्म की की हुई सात्त्विक भक्ति उसे बार-बार अँतर्मुख करती है । नामदेव आँखें मूँदकर ‘विठ्ठल-विठ्ठल ‘ करते हुए सात्त्विक सुख में मग्न है । शाम हुई, और लोगों का कपड़ा तो बिका लेकिन नामदेव वही गठ्ठर वापस उठाकर आ रहा है । सोचा कि पिता जी डाँटेंगेः ‘कुछ धंधा नहीं किया…’ अब क्या होगा ? घर लौट रहा था तो उसे खेत में एक वृक्ष के नीचे पड़े हुए सुंदर-सुहावने, गोलमटोल ठाकुर जी जैसे दिखे । उसका हृदय पसीजा, देखा कि ठंड में ठिठुर रहे हैं भगवान !

निर्दोष, भोले-हृदय नामदेव ने अपनी गठरी खोली और उन गोलमटोल ठाकुर जी को कपड़ा लपेट दिया और बोलता हैः “अच्छा, तुम ठिठुर रहे थे, अब तो तुमको आराम मिल गया ? अब मेरे पैसे दो, नहीं तो मेरे पिता दामा सेठ मेरे को डाँटेंगे ।”

अब पत्थर की मूर्ति पैसे कहाँ से लाती ? नामदेव गिड़गिड़ाया, आखिर कहा कि “अच्छा, अभी नहीं हैं तो अगले सप्ताह मैं आऊँगा न बाजार में, तब पैसे तैयार रखना ।”

पिता ने पूछाः “कितने का बिका कपड़ा ?”

बोलाः “कपड़ा तो बिक गया पर पैसे नहीं आये । पैसे अगले सप्ताह मिलेंगे ।” पिता ने इंतजार किया कि अगले सप्ताह बेटा पैसा लायेगा ।

नामदेव अगले सप्ताह आता है मूर्ति का पास, कहता हैः “लाओ पैसा, लाओ पैसा ।” अब मूर्ति पैसा कहाँ से दे !

आखिर पिता को क्या बतायें ?… उठायी वह गोलमटोल प्रतिमा और पिता के पास आकर कहाः “ये ठंड में ठिठुर रहे थे तो इनको कपड़ा दिया था । कपड़ा भी गायब कर दिया और पैसे भी नहीं देते ।”

पिता ने नामदेव को डाँटते हुए उस पत्थर को पटक दिया । नामदेव घबराया कि ‘विठ्ठलदेव ! तुमको भी चोट लगी है और मेरे पिता जी मुझे भी मारेंगे !’ अंतरात्मा ने आवाज दी कि ‘नामदेव ! घबरा मत, तेरा कोई बाल भी बाँका नहीं कर सकेगा । तू मेरा है, मैं तेरा हूँ ।’

देखते ही देखते वह पत्थर सोने का हो गया । पिता जी दंग रह गये, नगर में बिजली की तरह यह बात फैल गयी ।

जिसके खेत से वह पत्थर उठा के लाये थे व जमींदार आकर बोलाः “यह तो मेरे खेत का पत्थर था । वही सोना बना है तो यह मेरा है ।”

नामदेव ने कहाः “तुम्हारा है तो ले जाओ पर तुम्हारे इस भगवान ने मेरे कपड़े पहने थे, तुम मेरे कपड़ों के पैसे चुकाओ । मेरे पिता को मैं बोलता हूँ, तुम्हें सोने के भगवान दे देंगे ।”

जमींदार से पैसे दिलवा दिये पिता को और जमींदार वह सुवर्ण के भगवान ले गया और घर पहुँचा तो देखा कि सोने की जगह पत्थर ! ‘कर्तुं शक्यं अकर्तुं शक्यं अन्यथा कर्तुं शक्यम् ।’ करने में, न करने में और अन्यथा करने में भगवान समर्थ हैं – इस बात को याद रखना चाहिए ।

वह जमींदार वापस आकर बोलाः “तुम्हारे सोने के भगवान पत्थर के बन गये !”

बोलेः “अब हम क्या करें ?”

“लो यह पत्थर, रखो पास ।” वह पत्थर समझकर फेंक के चला गया लेकिन नामदेव जी को पत्थऱ में छुपा हुआ अपना प्रियतम दिखता था । नामदेव की दृष्टि में जड़-चेतन में परमेश्वर है । संत नामदेव जी के मंदिर में आज भी भक्त लोग उनके उस ठाकुर जी को पूजते हैं ।

हम मूर्ति में श्रद्धा करते हैं तो उसमें से भगवान प्रकट हो जाते हैं तो जिनके दिल में भगवान प्रकट हुए हैं उन विद्यमान महापुरुषों में यदि दृढ़ श्रद्धा हो जाय तो हमारे तरने में कोई शंका ही नहीं । शरीरों में श्रद्धा कर-करके तो खप जायेंगे । सारा संसार इसी में खपा जा रहा है । अतएव शरीर जिससे दिखते हैं, उस आत्मा में श्रद्धा हो जाय, परमात्मा में श्रद्धा हो जाय, परमात्मा का अनुभव कराने वाले सद्गुरु में श्रद्धा हो जाय तो बेड़ा पार हो जाय ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, फरवरी 2019, पृष्ठ संख्या 24,25 अंक 314

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

आत्मजागृति व कल्याणस्वरूप आत्मा में आत्मविश्रांति पाने का पर्व


महाशिवरात्रिः 4 मार्च 2019

महाशिवरात्रि धार्मिक दृष्टि से देखा जाय तो पुण्य अर्जित करने का दिन है लेकिन भौगोलिक दृष्टि से भी देखा जाय तो इस दिन आकाशमण्डल से कुछ ऐसी किरणें आती हैं, जो व्यक्ति के तन-मन को प्रभावित करती हैं । इस दिन व्यक्ति जितना अधिक जप, ध्यान व मौन परायण रहेगा, उतना उसको अधिक लाभ होता है ।

महाशिवरात्रि भाँग पीने का दिन नहीं है । शिवजी को व्यसन है भुवन भंग करने का अर्थात् भुवनों की सत्यता को भंग करने का लेकिन भँगेड़ियों ने ‘भुवनभंग’ भाँग बनाकर घोटनी से घोंट-घोंट के भाँग पीना चालू कर दिया । शिवजी यह भाँग नहीं पीते हैं जो ज्ञानतंतुओं को मूर्च्छित कर दे । शिवजी तो ब्रह्मज्ञान की भाँग पीते हैं, ध्यान की भाँग पीते हैं । शिवजी पार्वती जी को लेकर कभी-कभी अगस्त्य ऋषि के आश्रम में जाते हैं और ब्रह्म विद्या की भाँग पीते हैं ।

आप कौन सी भाँग पियोगे ?

तो आप भी महाशिवरात्रि को सुबह भाँग पीना । लेकिन कौन सी भाँग पियोगे ? ब्रह्मविद्या, ब्रह्मज्ञान की भाँग । सुबह उठकर बिस्तर पर ही बैठ के थोड़ी देर ‘हे प्रभु ! आहा… मेरे को बस, रामरस मीठा लगे, प्रभुरस मीठा लगे…. शिव शिव…. चिदानन्दरूपः शिवोऽहं शिवोऽहम् ।’ ऐसा भाव करके ब्रह्मविद्या की भाँग पीना और संकल्प करना कि ‘आज के दिन मैं खुश रहूँगा ।’ और ‘ॐ नमः शिवाय ।… नमः शम्भवाय च मयोभवाय  नमः शङ्कराय च मयस्कराय च नमः शिवाय च शिवतराय च ।’ बोल के भगवान शिव की आराधना करते-करते शिवजी को प्यार करना, पार्वती जी को भी प्रणाम करना । फिर मन-ही-मन तुम गंगा किनारे नहाकर आ जाना । इस प्रकार की मानसिक पूजा से बड़ी उन्नति, शुद्धि होती है । यह बड़ी महत्त्वपूर्ण पूजा होती है और आसान भी है, सब लोग कर सकते हैं ।

गंगा-किनारा नहीं देखा हो तो मन-ही-मन ‘गंगे मात की जय !’ कह के गंगा जी में नहा लिया । फिर एक लोटा पानी का भरकर धीरे-धीरे शिवजी को चढ़ाया, ऐसा नहीं कि उँडेल दिया । और ‘नमः शिवाय च मयस्कराय च…..’ बोलना नहीं आये तो ‘जय भोलानाथ ! मेरे शिवजी ! नमः शिवाय, नमः शिवाय….’ मन में ऐसा बोलते-बोलते फानी का लोटा चढ़ा दिया, मन-ही-मन हार, बिल्वपत्र चढ़ा दिये । फिर पार्वती जी को तिलक कर दिया और प्रार्थना कीः ‘आज की महाशिवरात्रि मझे आत्मशिव से मिला दे ।’ यह प्रारम्भिक भक्ति का तरीका अपना सकते हैं ।

व्रत की 3 महत्त्वपूर्ण बातें

महाशिवरात्रि वस्त्र-अलंकार से इस देह को सजाने का, मेवा-मिठाई खाकर जीभ को मजा दिलाने का पर्व नहीं है । यह देह से परे देहातीत आत्मा में आत्मविश्रांति पाने का  पर्व है, संयम और तप बढ़ाने का पर्व है । महाशिवरात्रि का व्रत ठीक से किया जाये तो अश्वमेध यज्ञ का फल होता है । इस व्रत में 3 बातें होती हैं ।

  1. उपवासः ‘उप’ माने समीप । आप शिव के समीप, कल्याणस्वरूप अंतर्यामी परमात्मा के समीप आने की कोशिश कीजिए, ध्यान कीजिए । महाशिवरात्रि के दिन अन्न-जल या अन्न नहीं लेते हैं । इससे अन्न पचाने में जो जीवनशक्ति खर्च होती है वह बच जाती है । उसको ध्यान में लगा दें । इससे शरीर भी तंदुरुस्त रहेगा ।
  2. पूजनः आपका जो व्यवहार है वह भगवान के लिए करिये, अपने अहं या विकार को पोसने के लिए नहीं । शरीर को तन्दुरुस्त रखने हेतु खाइये और उसकी करने की शक्ति का सदुपयोग करने के लिए व्यवहार कीजिए, भोग भोगने के लिए नहीं । योगेश्वर से मिलने के लिए आप व्यवहार करेंगे तो आपका व्यवहार पूजन हो जायेगा ।

पूजन क्या है ? जो भगवान के हेतु कार्य किया जाता है वह पूजा है । जैसे – बाजार में जो महिला झाड़ू लगा ही है, वह रूपयों के लिए लगा रही है । वह नौकरी कर रही है, नौकरानी है । और घर में जो झाड़ू लगा रही है माँ, वह नौकरानी नहीं है, वह सेवा कर रही है । लेकिन हम भगवान के द्वार पर झाड़ू लगा रहे हैं तो वह पूजा हो गयी, भगवान के लिए लगा रहे हैं । महाशिवरात्रि हमें सावधान करती है कि आप जो भी कार्य करें वह भगवत् हेतु करेंगे तो भगवान की पूजा हो जायेगी ।

  1. जागरणः आप जागते रहें । जब ‘मैं’ और ‘मेरे’ का भाव आये तो सोच लेना कि ‘यह मन का खेल है ।’ मन के विचारों को देखना । क्रोध आये तो जागना कि ‘क्रोध आया है ।’ तो क्रोध आपका खून या खाना खराब नहीं करेगा । काम आया और जग गये कि ‘यह काम विकार आया है ।’ तुरंत आपने हाथ पैर धो लिये, राम जी का चिंतन किया, कभी नाभि तक पानी में बैठ गये तो कामविकार में इतना सत्यानाश नहीं होगा । आप प्रेमी हैं, भक्त हैं और कोई आपकी श्रद्धा का दुरुपयोग करता है तो आप सावधान हो के सोचना कि ‘यह मेरे को उल्लू तो नहीं बना रहा है ?’

आप जगेंगे तो उसका भी भला होगा, आपका भी भला होगा । तो जीवन में जागृति की जरूरत है । जो काम करते हैं उसे उत्साह, ध्यान व प्रेम से करिये, बुद्धु, मूर्ख, बेवकूफ होकर मत करिये ।

‘जागरण’ माने जो भी कुछ जीवन में आप लेते देते, खाते-पीते या अपने को मानते हैं, जरा जगकर देखिये कि क्या आप सचमुच में वह हैं ? नहीं, आप तो आत्मा हैं, परब्रह्म के अभिन्न अंग है । आप जरा अपने जीवन में जाग के तो देखिये !

स्रोतः ऋषि प्रसाद, फरवरी 2019, पृष्ठ संख्या 11,12,13 अंक 314

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ