Tag Archives: Prerak Prasang

Prerak Prasang

सूक्ष्म बुद्धि, गुरुनिष्ठा व प्रबल पुरुषार्थ का संगमः छत्रसाल


मुख पर ब्रह्मचर्य का तेज, अंग-अंग में संस्कृति रक्षा के लिए उत्साह, हृदय में निःस्वार्थ सेवाभाव – कुछ ऐसे गुण झलकते थे युवा वीर छत्रसाल के जीवन में। उस समय भारतभूमि व सनातन संस्कृति पर मुगलों का अत्याचार बहुत बढ़ गया था। अपनी संस्कृति की रक्षा करने हेतु छत्रसाल ने वीर युवकों का एक दल संगठित कर लिया था। पर मुगलों के पास लाखों सैनिक, हजारों तोपें सैंकड़ों किले व अगाध सम्पदा थी एवं देश के अधिकांश भाग पर उन्होंने अपना अधिकार जमा लिया था। छत्रसाल उत्साही और साहसी तो थे पर आँखें मूँदकर आग में छलाँग लगाने वालों में से नहीं थे। भगवद्ध्यान करने वाले छत्रसाल सूक्ष्म बुद्धि के धनी थे। वे मुगल सेना में भर्ती हुए और उनका बल व कमजोरियाँ भाँप लीं।

बाद में अपने राज्य में आकर छत्रसाल ने मातृभूमि को मुक्त कराने की गतिविधियाँ तेज कर दीं और कुछ ही समय में बुंदेलखंड का अधिकांश भाग मुगल शासन से मुक्त करा लिया।

औरंगजेब घबराया। उसने अनेक सूबेदारों को एक साथ छत्रसाल पर आक्रमण करने के लिए भेजा। यह परिस्थिति छत्रसाल के लिए चिंताजनक तो थी पर गुरु प्राणनाथ का कृपापात्र वह वीर चिंतित नहीं हुआ बल्कि युक्ति से काम लिया। उन्होंने औरंगजेब के पास संधि-प्रस्ताव भेजा।

औरंगजेब ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। ज्यों ही मुगल फौजदार बेफिक्र व असावधान हुए, त्यों ही छत्रसाल ने उन पर आक्रमण कर दिया। समाचार जब तक आगरा में औरंगजेब तक पहुँचे उसके पहले ही छत्रसाल ने बुंदेलखंड के अनेक स्थानों से मुगलों को खदेड़ डाला।

औरंगजेब ने पुनः सबको मिलकर आक्रमण करने का आदेश दिया। छत्रसाल को यह ज्ञात हुआ। अपने सदगुरु प्राणनाथ जी से अंतर्यामी आत्मदेव में शांत होकर सत्प्रेरणा पाने की कला छत्रसाल ने सीख ली थी। झरोखे से बाहर दूर पर्वत-शिखर पर टिकी उनकी दृष्टि सिमट गयी, आँखें बंद हो गयीं। मन की वृत्ति अंतर्यामी की गहराई में डूब गयी। शरीर कुछ समय के लिए निश्चेष्ट हो गया। कुछ समय बाद चेहरे की गम्भीरता सौम्यता में बदल गयी और आँखें खुल गयीं। उपाय मिल गया था। छत्रसाल ने सेनानायकों को आदेश देकर गतिविधियाँ रोक दी। मुगल फौजदार छत्रसाल से युद्ध करने में घबराते थे। वे इस संकट को जहाँ तक हो सके टालना चाहते थे। कुछ दिनों तक छत्रसाल के आक्रमणों का समाचार नहीं मिला तो उन्होंने औरंगजेब को सूचित कर दिया कि “अब छत्रसाल डर गये हैं।’ इस प्रकार मुगल सेना ने छत्रसाल पर आक्रमण नहीं किया।

कुछ समय बाद छत्रसाल ने पुनः मातृभूमि व संस्कृति के विरोधी उन मुगलों पर आक्रमण कर उनके सेनानायकों को परास्त किया और बंदी बनाया। मुगलों की प्रतिष्ठा धूमिल हो गयी।

मुगल साम्राज्य के सामने छत्रसाल की सेना व साधन-सामग्री कुछ भी नहीं थी लेकिन उनके पास दृढ़निश्चयी हृदय, पवित्र उद्देश्य, निःस्वार्थ सेवा, भगवदाश्रय तथा गुरु का आशीर्वाद व मार्गदर्शन था, जिसके बल पर वे बुंदेलखंड की विधर्मियों से रक्षा करने में सफल हो गये।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 2018, पृष्ठ संख्या 20 अंक 306

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

अंत न होय कोई आपणा….


बड़वानी (म.प्र.) रियासत के खजूरी गाँव में संवत् 1576 में एक बालक का जन्म हुआ, जिसका नाम रखा गया सिंगा जी। पिता भीमा और माँ गौराबाई ने बचपन से ही अपने पुत्र को भगवद्भक्ति के संस्कार दिये। 21-22 साल की उम्र में सिंगा जी भामगढ़ (पूर्वी निमाड़) के राज के यहाँ वेतन पर चिट्ठी पत्री ले जाने का काम करने लगे। पूर्व जन्म के पुण्य कहो या माता-पिता के संस्कार कहो, बाल्यावस्था से ही सिंगाजी का मन संसार की ओर से विरक्त हो गया था।

एक बार सिंगाजी घोड़े पर सवार हो कर कहीं  जा रहे थे। रास्ते में संत मनरंगगीर जी के श्रीमुख से निकले वचन कानों में पड़ेः

समुझी लेओ ले मना भाई,

अंत न होये कोई आपणा।1

यही माया के फंदे में तर2 आन3 भुलाणा।।

1 अंत समय अपना कोई साथ नहीं निभाता 2 उलझ के 3 निज आत्मस्वरूप की महिमा

बचपन में फूटा वैराग्यरूपी अंकुर यौवन में पनप उठा। अंत न होय कोई आपणा…. संत वचन हृदय की गहराई में चोट कर गये।

हृदय में चोट का अनुभव हर व्यक्ति जीवन में करता है। किसी को किसी की गाली चोट कर जाती है, किसी को किसी की मृत्यु चोट कर जाती है तो किसी को दूसके के द्वारा किया गया अपमान चोट कर जाता है। चोटें तो सबके जीवन में आती हैं किंतु जो चोट खाकर द्वेष या वैर वृत्ति के बहाव में बहते जाते हैं वे दुःख, अशांति की खाई में गिर जाते हैं और जो ईश्वर या सदगुरु की शरण चले जाते हैं वे सुख-दुःख, मान-अपमान की बड़ी से बड़ी चोटों में भी अप्रभावित अपने अचल आत्मस्वरूप में जागने के रास्ते चल पड़ते हैं।

सिंगा जी संत चरणों में गिर पड़े…

“महाराज ! आपने कहा, अंत न होय कोई आपणा… दूसरा कोई अपना नहीं है तो आप तो हमारे हैं न ! आप ही मेरे हो जाइये न !”

नवयुवक की वाणी से प्रेम टपक रहा था और संत की दृष्टि से करूणा… मनरंगगीर जी ने सिंगा जी को दीक्षा दी।

सिंगाजी ने नौकरी छोड़ी, राजा के पास जाना भी छोड़ दिया। सोचने लगे, जगतपालक प्रभु की सृष्टि में दो वक्त की रोटी के लिए गुलामी क्यों करना ? विश्वनियंता को कब तक पीठ देना ? अब तो मैं गुरुकृपा से भीतर का रस और ज्ञान पाकर ही रहूँगा, जो होगा देखा जायेगा।’

राजा ने आकर वेतनवृद्धि का प्रलोभन दिया पर सिंगा जी ने आँख खोलकर भी न देखा। अब जगत की सुध-बुध ही न रहती। वे पीपल्या में आकर रहने लगे। परमात्मप्राप्ति की तीव्र उत्कंठा ने गुरुहृदय को छलका दिया। नाम-रूप का भ्रम टूट गया, शाश्वत चैतन्य स्वभाव रह गया।

सिंगाजी की कई रचनाएँ हैं। उनका कहना है कि हृदय में सच्चा प्रेम होना चाहिए, परमात्मा को बाहर खोजने की जरूरत नहीं है।

जल विच कमल, कमल विच कलियाँ,

जहँ बासुदेव अबिनासी।

घट में गंगा, घट में जमुना, वहीं द्वारका कासी।।

घर बस्तू बाहर क्यों ढूँढो, बन-बन फिरा उदासी।

कहै जन सिंगा, सुनो भाई साधो, अमरपुरा के बासी।।

पीपल्या गाँव में संवत् 1616 में सिंगा जी ने समाधि ली। वहाँ उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष विशाल ‘सिंगा जी का मेला’ लगता है। आज भी लोग उनके भजनों को गाकर आनंदित होते हैं। कैसी महिमा है संतों, सदगुरुओं के वचनों व कृपा की ‘

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2018, पृष्ठ संख्या 17 अंक 304

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

 

यह दिमाग दूध से बना है, अंडे से नहीं


आजादी से पूर्व की बात है। एक बार काँग्रेस कार्यकारिणी की एक बैठक में जिस रिपोर्ट के आधार पर एक महत्त्वपूर्ण प्रस्ताव पारित करना था वह नहीं मिल रही थी। सब चिंतित थे।

सदस्यों को अचानक ध्यान आया कि वह रिपोर्ट डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद पढ़ चुके हैं। जब राजेन्द्र प्रसाद जी से पूछा गया तो वे बोलेः “हाँ, मैं पढ़ चुका हूँ और आवश्यकता हो तो बोलकर लिखवा सकता हूँ।” सबने सोचा इतनी लम्बी रिपोर्ट एक बार पढ़ने के बाद कैसे लिखवायी जायेगी ?’

डॉ. राजेन्द्र प्रसाद जब 100 से अधिक पृष्ठ लिखवा चुके तब वह रिपोर्ट भी मिल गयी। कौतूहलवश सदस्यों ने दोनों रिपोर्टों का मिलान किया तो कहीं भी अंतर न मिला। सभी आश्चर्यचकित रह गये। पं. नेहरू ने प्रशंसाभरे स्वर में पूछाः “ऐसा आला (श्रेष्ठ) दिमाग कहाँ से पाया ?” उन्होंने सौम्य मुस्कान के साथ जवाब दियाः “यह दिमाग दूध से बना है, अंडे से नहीं।”

दुग्धाहारी बच्चे मार लेते हैं बाजी

अमेरिका के डॉक्टर वेकफील्ड ने विद्यार्थियों पर प्रयोग करके सिद्ध किया है कि मांसाहारी बच्चों से फलाहारी और उनसे भी ज्यादा दुग्धाहारी बच्चों की स्मृतिशक्ति अधिक होती है।

देशी गाय का दूध पीने से मस्तिष्क (बुद्धि) का तेजी से विकास होता है। विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक विकास के लिए जरूरी पोषक तत्त्व गोदुग्ध में विद्यमान होते हैं। कम स्मृतिशक्ति वाले बच्चों को दूध पिलाया जाय तो वे बुद्धिमान बनेंगे और बुद्धिमान बच्चों को पिलाया जाय तो वे और भी स्मृतिवान, मेधावी होंगे। देशी गोदुग्ध के सेवन से बुद्धि सूक्ष्म होने के साथ स्वभाव सौम्य व शांत बनता है, मन में पवित्र विचार उपजते हैं तथा मानसिक शुद्धि में मदद मिलती है। अतः अपने बच्चों को देशी गाय का दूध अवश्य पिलायें।

कैसा रखें बच्चे का नाम ? पूज्य बापू जी

पहले के जमाने में माता-पिता को ‘मातुश्री-पिताश्री’ बोलते थे। वैसे भी ‘पिता, माता’ पवित्र शब्द हैं और उनके साथ ‘श्री’ मिल जाता है- ‘मातुश्री, पिताश्री’ कितने पवित्रता, दिव्यता लाने वाले वचन बन जाते हैं। ‘पिताश्री !’ यह बोलने में हृदय पर कैसा असर होता है आप विचारिये और ‘डैडी, मम्मी’ बोलने में….? अब अपने बच्चों को कह दो कि इन फैशनेबल शब्दों को छोड़ो, ‘पिताश्री, मातुश्री’ कहा करें।

आजकल बच्चे-बच्चियों के नाम भी कैसे रखते हैं – बबलू, टिन्नू, मिन्नू, विक्की, श्लेष्मा….। अब श्लेष्मा तो नाक से निकली हुई गंदगी को बोलते हैं। क्या बच्चों का ऐसा गंदा नाम रखा जाता है ? गार्गी, मदालसा रखो, श्रीहरि, हरिशरण, प्रभुशरण, राम, श्याम, हरिप्रसाद, शिवप्रसाद रखो। श्रीविष्णुसहस्रनाम में से कोई नाम रखो। ऐसे नाम रखो जिनसे भगवान की याद आये और बच्चों में दैवी गुण आ जायें तथा माता-पिता में उच्च विचार आ जायें। हम पाश्चात्य जगत से बहुत-बहुत प्रभावित हो गये हैं। वे तो अपने कल्चर से परेशान हैं और उनका कचरा हम ले रहे हैं। अपनी संस्कृति भूले जा रहे हैं। नहीं, नहीं…. अपनी संस्कृति अपनाओ !

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2018 पृष्ठ संख्या 23 अंक 304

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ