Tag Archives: Prerak Prasang

Prerak Prasang

पानी का धन पानी में


एक गाँव में कुछ ग्वाले रहते थे । वे पास के शहर में दूध बेचने जाते थे । उनमें से एक आदमी का नाम था माखनलाल । वह बड़ा लालची था इसलिए ज्यादा धन कमाने के चक्कर में दूध में आधा पानी मिला दिया करता था ।

एक दिन की बात है, महीने भर की बिक्री के रूपये साथ लेकर वे ग्वाले घर आ रहे थे । रास्ते में एक नदी पड़ती थी । जब वे वहाँ आये तो दोपहर का समय हो गया था और खूब गर्मी पड़ रही थी । सभी लोगों ने कपड़े उतारकर किनारे पर रख दिये और नदी में नहाने लगे । इतने एक बंदर आया और माखनलाल के कपड़ों में से सिक्कों की थैली व कपड़े लेकर पेड़ पर चढ़ गया । डाल पर बैठकर थैली में से सिक्के निकाल  कर नदी में फेंकने लगा ।

माखनलाल चिल्लाया और कपड़े व थैली छुड़ाने के लिए दौड़ा तो बंदर थैली फैंककर भाग गया परंतु इतनी देर में वह काफी सिक्के पानी को भेंट कर चुका था । माखन ने आकर गिना तो ठीक आधे सिक्के पानी में फैंके जा चुके थे ।

घर लौटते समय माखनलाल अपने भाग्य को कोसते हुए साथियों से बोलाः “देखो, मेरी महीने भर की कमाई के आधे रूपये तो पानी में डूब गये !”

साथी बोलेः “तुमने जितने रूपये पानी बेचकर कमाये थे, वे पानी में चले गये और जो रूपये दूध की बिक्री के थे, वे बच गये । पाप की कमाई कभी फलती नहीं है । हमारे कपड़े भी तो पास ही में रखे थे, उन्हें तो बंदर ने नहीं उठाया !”

तब से कहावत चल पड़ीः

पानी का धन पानी में, नाक कटी बेईमानी में ।

उस दिन से माखनलाल ने दूध में पानी मिलाना छोड़ दिया व ईमानदारी से धंधा करने लगा ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अक्तूबर 2011, पृष्ठ संख्या 21 अंक 226

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

रस्सा काट दो !


पूज्य बापू जी के सत्संग-प्रवचन से

एक दिन सुबह शिवाजी की माँ दातुन  कर रही थीं। उन्होंने शिवाजी से हाथ का इशारा करते हुए कहाः “शिवा ! ये देखो, मैं रोज सुबह दुष्टों का झंडा देखती हूँ। इसका कुछ उपाय करो।”

शिवाजी ने सोचा, ‘यह ताना जी का काम है और वे छुट्टी पर हैं। कोई दूसरा इसे नहीं कर सकता।’ ताना जी शिवाजी के खास आदमी थे। उनके लड़के की शादी भी इसलिए वे छुट्टी लेकर घर गये थे। शिवाजी ने आदमी भेजा। तानाजी अपने बेटे को घोड़े पर बिठाकर शादी के लिए भेज रहे थे। आदमी ने आकर कहाः “शिवाजी आपको याद कर रहे थे। कोंढाणा का किला जीतने जाना था लेकिन आपको मैं कैसे बोलूँ ! आपके लड़के की शादी तो आज ही है।”

ताना जी ने कहाः “शादी है तो वह करता रहेगा। मेरे मालिक ने बुलाया है तो अब कैसे रुकूँ !”

तानाजी नौकर थे, शिष्य तो नहीं थे। इतना वफादार नौकर ! लड़के की शादी होनी होगी तो होगी, नहीं होनी होगी तो नहीं होगी। वापस शिवाजी के पास चले गये। शिवाजी ने कहाः

“तुम शादी छोड़कर आ गये !”

ताना जी ने कहाः “जब आपने याद किया तो मुझे रुकने की क्या जरूरत !”

देखो, कैसे-कैसे लोग हो गये ! ताना जी फौज को लेकर गये। पहले के जमाने में किले होते थे। पतली गोह को चढ़ाया…. नहीं चढ़ी। दूसरी बार भी नहीं चढ़ी। तीसरी बार बोला कि “नहीं जायेगी तो काट डालूँगा।” वह चढ़ गयी। फिर रस्सा बाँधा और सेना कूद पड़ी किले में। ये लोग तो गिने-गिनाये थे और मुगलों की संख्या ज्यादा थी। युद्ध का सारा सामान उनके पास था। वे इन पर टूट पड़े। ताना जी के कुछ सैनिक लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए, बाकी घबरा गये। एक बूढ़ा सैनिक गया और जिस रस्से के सहारे वे किले में आये थे, उसे काटकर आ गया। आकर सैनिकों को कहाः “रस्सा काटकर आ गया हूँ। अब तो उतरने की गुँजाइश भी नहीं है। दीवाल से कूदोगे तब भी मरोगे। लड़कर मरो अथवा कूदकर।”

सैनिकों ने देखा, किसी भी हाल में मरना ही है तो लड़कर मरेंगे। जोश आ गया। लग पड़े और किला जीत लिया। ऐसे ही जो लोग संन्यास ले लेते हैं, दीक्षा ले लेते हैं, उन्हें दृढ़ता से आसक्तिरूपी रस्से को काट डालना चाहिए। जैसे हमने भी दाढ़ी रखी और साधुताई के वस्त्र पहन लिये, पूँछड़ा काट दिया तो हमारा काम बन गया। मुझे गुरु जी कुछ कहते अथवा थोड़ी प्रतिकूलता लगती तब यदि हम बोलतेः ‘अच्छा गुरु जी ! जाता हूँ।’ तो हमारा क्या भला होता ! हम गुरु जी के चरणों में कैसे-कैसे रहते थे हमारा दिल जानता है ! हमें कभी ऐसा विचार नहीं आया कि चलो अहमदाबाद चलकर शक्कर बेचें और भजन करें। जब आये हैं तो अपना काम ‘साक्षात्कार’ करके ही जायें। ईश्वर के लिए कदम रख दिया तो फिर कायर होकर क्या भागना ! देर-सवेर संसार से तो रोकर ही जाना है।

हमें रोक सके ये जमाने में दम नहीं।

हमसे जमाना है जमाने से हम नहीं।।

ऐसे दृढ़ निश्चय से व्यक्ति चलेगा  तब परमात्मा मिलेगा। नहीं तो न इधर का, न उधर का। संसार दुःखों का घर है। दुःख तो नहीं देखा है तो संसार में जाओ। ऐसा कौन संसारी है जिसने दुःख नहीं देखा है ? दो आदमियों को दुःख नहीं दिखता है। एक तो ज्ञानी को नहीं दिखता है और दूसरा जो अत्यंत बेवकूफ है, जिसमें संवेदना नहीं है, उसको आदत पड़ जाती है। नाली के कीड़े को बदबू नहीं आती है। कसाईखाने में कसाई को बदबू नहीं आती है। तुम वहाँ से पसार होओ तो दिमाग खराब हो जाय। कसाई तो वहीं मजे से चाय पियेंगे। आदत पड़ जाती है न ! जैसे जिसे नासूर हो जाय उसे बदबू का असर नहीं होता है, ऐसे ही संसार की परेशानियाँ सहते-सहते लोग नकटे हो जाते हैं। फिर उसी में रचे-पचे रहते हैं और अपने को सुखी भी मानते हैं। जो भगवान के रास्ते चल रहा है उसे कहेंगे कि ‘इसने तो अपना जीवन बिगाड़ लिया। हमारा तो इतना लाख दुकान में है, यह है, वह….’ लेकिन जब मरेगा तो पेड़ बनेगा, कुल्हाड़े सहेगा तब पता चलेगा। भैंसा बनेगा, चौरासी लाख शीर्षासन करेगा तब पता चलेगा। कमाया तो क्या किया !

जैसे मटमैले पानी में मुँह नहीं दिखता, ऐसे ही विषय भोगों से सुख लेने की जिसकी रूचि है, समझो उसकी बुद्धि मलिन है, उस मलिन बुद्धि में आत्मा का सुख नहीं आता, श्रद्धा भी नहीं टिकती। अपवित्र बुद्धि डाँवाडालो हो जाती है परंतु दृढ़ निश्चयवाले को प्रतिकूलता में भी राह मिल जाती है। दृढ़ संकल्प के बल से मीराबाई ने विष को अमृत में बदल दिया था और विषधर सर्प भी नौलखा हार बन गया था। स्वामी रामतीर्थ भी दृढ़ता से लगे तो अपने परम लक्ष्य तक पहुँच गये। कहते हैं कि महात्मा बुद्ध भी वृक्ष के नीचे दृढ़ संकल्प करके बैठे और अंत में लक्ष्यप्राप्ति करके ही उठे। ऐसे ही आप भी ईश्वरप्राप्ति का दृढ़ संकल्प करें और संसार की आसक्तिरूपी रस्सा काट दें तो निश्चित ही आपकी विजय होगी।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2011, पृष्ठ संख्या 28,29 अंक 225

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

नाहक की कमाई


पुराने समय की बात है। दिल्ली में एक बादशाह राज्य करता था। एक रात को वह वेश बदलकर घूमने निकला तो क्या देखा कि खजाने में रोशनी हो रही है। उसने मन में सोचा, ‘इस समय आधी रात को खजाने में कौन है और क्या कर रहा है ?’ जाकर देखा तो खजानची बैठकर हिसाब कर रहा था।

बादशाह ने कहाः “अरे भाई ! इतनी रात तक क्यों जग रहे हो ?”

“महाराज ! हिसाब में कुछ गड़बड़ हुई है।”

“घाटा हुआ है कि मुनाफा हुआ है ?”

“महाराज ! घाटा हुआ होता तो उतनी चिंता की बात नहीं थी। घाटा नहीं फायदा हुआ है।

कबिरा आप ठगाइये, और न ठगिये कोई।

आप ठगे सुख उपजे, और ठगे दुःख होई।।

खजाने में हिसाब से जितना धन होना चाहिए, उससे ज्यादा जमा हुआ है।”

“अब सो जाओ, कल हिसाब कर लेना।”

“नहीं महाराज ! पता नहीं किस गरीब के पसीने की कमाई हमारे खजाने में आकर मिल गयी है। अब हमारे लिए यह नाहक की कमाई है। संतों के सत्संग में सुना है कि ‘नाहक की कमाई आते समय तो दिखती है पर कुछ वर्षों के बाद मूलसहित चली जाती है। जाते समय दिखती भी नहीं है।’ यह नाहक की सम्पदा रात भर भी क्यों रहे हमारे खजाने में ! क्या भरोसा कल सुबह तक मेरी मौत हो गयी तो ! मेरा तो कर्मबंधन बन जायेगा, जिसे चुकाने को फिर से जन्म लेकर उस गरीब के घर आना पड़ेगा। इसलिए अभी निकाल देता हूँ। कल उसको वापस कर दी जायेगी।”

“तुम्हारे जैसा सत्संगी खजानची जब तक मेरे राज्य में है, तब तक मेरे राज्य को कोई खतरा नहीं है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2011, पृष्ठ संख्या 7 अंक 225

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ