Tag Archives: Tatva Gyan

Tatva Gyan

सौ प्रतिशत दुःख मिटाने का साधन


(पूज्य बापू जी के सत्संग प्रवचन से)

संसार के विषय विकारों में, बेईमानी में, दादागिरी में अगर दुःख मिटाने की ताकत होती तो लोग निर्दुःख हो जाते। धरती का कोई भी माई का लाल दादागिरी करके, चालाकी करके, कुर्सी पाकर अथवा कुछ भी पाकर निर्दुःख हो जाय यह सम्भव नहीं है। संसारी सुखों के प्रभाव से दुःख दब जाते है और सुख भोक्ता खोखला होता जाता है, अंत में बेचारा दुःखी होकर मर जाता है।

पचास प्रतिशत दुःख मिटाने की ताकत शुभकर्मों में है और नब्बे प्रतिशत दुःख मिटाने की ताकत भक्ति में है। संसार के विषय-विकारों और चालाकियों में दुःख मिटाने की ताकत नहीं, दुःख दबाने की कला है। जैसे अंग्रेजी दवाओं से बीमारी दबती है और समय पाकर फिर उभरती है। गंदगी है समझकर चादर डाल दी तो गंदगी दब गयी लेकिन चादर भी गंदगी के रूप में बदल जायेगी।

दुःख हम चाहते नहीं, फिर भी दुःख आता है तो इसका कारण क्या है ? और सभी लोगों को एक ही घटना से एक जैसा दुःख नहीं होता है। जिसकी जिस वस्तु में जितनी ज्यादा आसक्ति होती है, उसको उस वस्तु के चले जाने पर उतना ही ज्यादा दुःख होता है।

दो व्यक्ति जा रहे हैं। उनके शरीर पर कोई खास कपड़ा नहीं है, पैर में जूता नहीं है, सिर पर छाता नहीं है, टोपी नहीं है, साधारण फटे कपड़े में जा रहे हैं। उनमें एक व्यक्ति विरक्त है, फक्कड़ है मस्ती से जा रहा है, दूसरा व्यक्ति अभावग्रस्त होकर, दुःखी होकर जा रहा है। एक को चीजों की परवाह नहीं है तो उसको दुःख नहीं है और दूसरे के मन में इच्छा है परंतु चीजें नहीं है तो वह इच्छा ही उसको पीड़ा दे रही है और वह ज्यादा दुःखी हो रहा है।

दुःख मिटाने के कई तरीके हैं लेकिन वे सब थोड़े-थोड़े समय के लिए प्रभाव दिखते हैं और दुःख मिटते नहीं दबाते हैं। जैसे – धन के प्रभाव से दुःख थोड़ा दबा पर फिर अहंकार आया कि ‘मैं धनी हूँ, फलाने के पास नही है, मैंने ऐसा कर लिया…।’ सत्ता के प्रभाव से दुःख दबा पर फिर बेचार सत्तावालों को भी देखो तो क्या क्या फजीहतियाँ हो जाती हैं ! तो अब दुःख मिटाने का सही तरीका क्या है ? भगवान कहते हैं-

यो न हृष्यति न द्वेष्टि न शोचति न कांक्षति।

शुभाशुभपरित्यागी भक्तिमान्यः स मे प्रियः।।

‘जो न कभी हर्षित होता है, न द्वेष करता है, न शोक करता है, न कामना करता है तता जो शुभ और अशुभ सम्पूर्ण कर्मों का त्यागी है – वह भक्तियुक्त पुरुष मुझको प्रिय है।’

(गीताः 12.17)

जो अनुकूल चीजें पाकर हर्षित नहीं होता, प्रतिकूलता में शोकातुर नहीं होता, जो ऐसा मानता है कि यह सब बदलने वाला है और मुझ आत्मा में शांत रहता है या आत्मा में सतर्क रहता है ऐसा भक्तिमान मुझे प्रिय है। वह नब्बे प्रतिशत दुःख के सिर पर पैर रखकर परमात्मचैतन्य प्रभु में रहता है।

सामान्य आदमी के जीवन में दुःख आता है तो वह समझता है, ‘मेरे पाप का फल है या फलाने ने यह करा दिया – वह करा दिया….।’ कर्मवादी कर्म के अनुसार अपने को या दूसरे को कोसता है। दुःख आया तो ज्योतिषी बोलेगाः ‘तुम्हारे ग्रह ठीक नहीं है, शनि चौथे गृह में है, राहू का प्रकोप है…..।’ टोने-टोटके वाला बोलेगाः ‘तुम्हारे पर किसी ने टोना-टोटका किया है। फलाने समय पर तुम वहाँ से पसार हुए हो, उसका उतारा तुम्हारे पर चढ़ गया है।’ वैद्य को बोलोगे तो बोलेगाः ‘पित्त बढ़ गया है, मौसम ऐसा है और तुम देर रात तक जागे हो इसलिए तुमको यह बीमारी है।’ डॉक्टर के पास जाओगे तो बोलेगाः ‘तुम्हारे सो एण्ड सो विटामिन्स में सो एण्ड सो प्रोब्लेम है। जाओ चेकअप कराओ, फलाना टेस्ट कराओ।’ अगर किसी मुल्ला-मौलवी के पास जाओगे तो बोलेगा कि ‘कोई भूत पिशाच की छाया चढ़ गयी है। यह ताबीज ले लो….।’ किसी भक्त के पास जाओगे तो वह कहेगा कि ‘भाई ! भगवान तुम्हारी परीक्षा ले रहे हैं। भगवान का सुमिरन करो, भगवान सब ठीक करेंग, अल्लाह-ताला ठीक करेंगे…।’ लेकिन आत्मज्ञानी गुरु के पास जाओ तो वे बोलेंगे कि ‘भाई ! ये सुख और दुःख अनुकूलता और प्रतिकूलता से होते हैं। अनुकूलता में आसक्ति है तो वह हुई तो सुख होता है और नहीं हुई तो दुःख होता है। प्रतिकूलता नहीं चाहते हैं और हुई तो दुःख होता है। तुम यूँ करो कि प्रतिकूलता को भी आने-जाने वाली समझो। सुख-दुःख सपना है, उनको जाननेवाला परमात्मा अपना है। उस परमात्मा के ध्यान में, प्रीति में और ज्ञान में गोता मारो न !’

भगवान सर्वनियामक हैं, सर्वनियंता हैं, सर्वसमर्थ हैं, सुहृद भी हैं और ज्ञानस्वरूप भी हैं। कोई समर्थ हो लेकिन सुहृद नहीं हो तो आपका क्या भला करेगा ! भगवान ही सुहृद है, समर्थ हैं और पूर्ण ज्ञान व सामर्थ्य के धनी हैं। इसलिए भगवान की भक्ति से नब्बे प्रतिशत दुःख आसानी से मिट जाता है। दस प्रतिशत दुःख रहता है कि भगवान के विरह में कभी-कभी द्वैत बना रहता है, कभी भगवान के मिलन की इच्छा बनी रहती है अथवा भगवान नाराज न हो जायें इस प्रकार का भाव बना रहता है परंतु तत्त्वज्ञान हो जाय तो भगवान का आत्मा और अपना आत्मा एक ही है – एको ब्रह्म द्वितीयोनास्ति…. ऐसा समझते ही पूर्ण दुःख सदा के लिए मिट जाता है।

ब्रह्म गिआनी सदा निरलेप।।

जैसे जल महि कमल अलेप।।

तो शुभकर्म के प्रभाव से, ग्रह-नक्षत्र के प्रभाव से तथा खानपान में सावधान रहकर विधिवत् जियें तो पचास प्रतिशत दुःख आप मिटा सकते हैं। भक्तिभाव से रहे तो नब्बे प्रतिशत दुःख आप मिटा सकते हैं और तत्त्वज्ञान हो जाय तो महाराज ! दुःखद परिस्थितियाँ तो आयेंगी-जायेंगी परंतु आपके चित्त में दुःखाकार वृत्ति नहीं बनेगी। आपके चित्त में जो चैतन्य है, वह चमचम चमकता रहेगा, भूतकाल का शोक सदा के लिए चला जायेगा, भविष्य का भय उभरेगा ही नहीं और वर्तमान की सत्यता आपकी बाधित हो जायेगी, ऐसी स्थिति तत्त्वज्ञान से, ब्रह्मज्ञान से होती है।

भक्ति एक ऐसा रसायन है जो दुःख  से सुखस्वरूप ईश्वर को प्रकट कर देता है। जैसे खाद दिखती है तो साधारण है किंतु खेत में डाली जाने पर फल-फूल बन जाती है, ऐसे ही भक्ति तो महाराज ! भगवद्सत्ता को प्रकट कर देती है। भक्ति नब्बे प्रतिशत दुःखों को मिटाने में सक्षम है और तत्त्वज्ञान सौ प्रतिशत दुःखों को सदा के लिए बाधित कर देता है। फिर रोग, बीमारी, पीड़ा आयेगी लेकिन ब्रह्मज्ञान के बल से आपको लगेगा कि रोग शरीर को होता है, मान-अपमान शरीर का हुआ है, राग-द्वेष बुद्धि में है, हर्ष शोक मन में है लेकिन हम हैं अपने-आप हर परिस्थिति के बाप ! फिर महापुरुषों की नाईं जीवन स्वाभाविक हो जायेगा।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2010, पृष्ठ संख्या 20,21 अंक 208

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

 

परम पुरुषार्थ


(पूज्य बापू जी के सत्संग प्रवचन से)

मनुष्य सदैव बाहर की परिस्थितियों को दोष देते हुए जीता हैः यदि ऐसा होता, यह अनुकूलता होती तो मैं यह कर देता, मैं वह कर देता….। सुधारक कहते हैं कि यदि हमारे साथ यह सुविधा होती तो हम दुनिया को हिला देते। सब बाहर देखते हैं, मगर अपने भीतर कोई नहीं देखता। वस्तुतः जिसका भीतर ठीक हो जाये, उसका बाहर अपने आप ही ठीक हो जाता है। भीतर से जो अपने को अनुकूल बना लेता है, उसके लिए बाहर की सब प्रतिकूलताएँ अनुकूलताओं में बदल जाती हैं।

बाहर की परिस्थितियेँ उसे ही अनुकूल मिलती हैं, जिसने अपने भीतर की स्थिति ठीक कर ली है। जो भीतर से अपने-आपको ढूँढ चुका है, जिसने भीतर से अपने आपको पा लिया है, जो भीतर से शांत है, प्रसन्न है, उसे बाहर अशांति नजर नहीं आ सकती, उसे सर्वत्र खुशियाँ ही नजर आती हैं।

हमेशा प्रसन्न रहना चाहिए लेकिन हम तुरन्त कह उठते हैं- क्या करें जी, हम तो गृहस्थी हैं। सुबह से शाम तक हम तो अपने काम-धंधों में ही उलझे रहते हैं। हम प्रसन्न कैसे रह सकते हैं ?…

अरे राजा जनक भी तो गृहस्थी थे। आपको तो केवल अपने एक परिवार का ख्याल रखना पड़ता है, उनको तो सारे राज्य का प्रबंधन देखना पड़ता था। फिर भी वे प्रसन्न रहते थे कि नहीं  ! और संत….. संत तो सारे समाज के कल्याण को देखते हैं। संत बनना कोई सरल कार्य नहीं है ! संत समाज से जो पाते हैं वह सारा का सारा वे समाज की सेवा में लगा देते हैं। साथ ही जो परमात्म-अनुभव का खजाना तपस्या, गुरुसेवा करके पाया, जिसकी तुलना में त्रिलोकी का वैभव एक तिनके जितना भी नहीं है, वह भी वे समाज में खुले हाथी लुटाते है।

समझपूर्वक कोई गृहस्थी जिये तो वह भी साधु है, मगर नासमझी से जीता है तो वह साधु भी गृहस्थी है। समझपूर्ण (विवेकपूर्ण) व्यवहार भक्ति बन जाता है और नासमझी की भक्ति भी व्यवहार बन जाती है। लोग सोचते हैं, आत्म-साक्षात्कार करना तो साधुओं का काम है, हम तो गृहस्थी हैं। अरे भाई ! साधुओं का ही नहीं है… और साधुओं का तो यह काम हो चुका है। उन्हें इतनी जरूरत नहीं है, जितनी गृहस्थी को है। फिर लोग कहते हैं- अभी तो मौज-शौक करने के दिन हैं, भगवान का भजन करने की अभी हमारी उम्र नहीं हुई है, बुढ़ापे में देखेंगे। जैसे भक्ति करके भगवान पर एहसान करेंगे ! अरे, करते हो तो अपने लिए करते हो, अपना जीवन सुधरे इसलिए करते हो, कोई भगवान के लिए करते हो क्या ! भगवान की भक्ति को लोगों ने फालतू समय का उपयोग समझ लिया है। इस उलटी समझ के कारण ही तो लोग दुःखी होते हैं। और जब दुःख पड़ता है तब तो ईश्वर चिंतन करते ही हैं, फिर पहले से ही क्यों न करें !

दुःख में सुमिरन सब करें सुख में करे न कोय।

जो सुख में सुमिरन करे तो दुःख काहे को होय।।

‘श्री योगवसिष्ठ’ में वसिष्ठजी कहते हैं- ‘हे रामजी ! दुःख देखना है तो संसार में जाओ। गृहस्थी लोग बेचारे बहुत दुःखी हैं। कभी किसी चिंता से ग्रस्त है तो कभी किसी दुःख से। जैसे सूर्य-चन्द्र को राहू-केतू पीड़ित करते हैं, ऐसे ही संसारियों को मिथ्या सुख-दुःख पीड़ित करते रहते हैं।’

लोग समझाने पर भी अपनी नासमझी, नहीं छोड़ते। राग-द्वेष, मेरा-तेरा, लोभ-मोह, क्रोध, कपट – सब अपने साथ मरते दम तक रखते हैं और भगवान की भक्ति को अपने जीवन में स्थान देना नहीं चाहते। वे सुख की इच्छा करते रहते हैं और दुःख से डरते रहते हैं। जो सुख की इच्छा करता है और दुःख से डरता है वह तो दुःख ही बनाता रहता है। जैसे ऊँट कंटकों को पाता है ऐसे वह दुःख और परेशानी ही पाता है। जो सुख की इच्छा नहीं करता व दुःख से डरता नहीं, उसे ईश्वर का आनंद मिलता है।

संसार में सारी इच्छाएँ तो कभी किसी की भी पूरी नहीं हुई, प्रधानमंत्री की भी पूरी नहीं होती। मनुष्य तो क्या देवराज इन्द्र की भी पूरी नहीं होती। हम कितनी ही प्रतिष्ठा हासिल कर लें, कोई-न-कोई निंदा करने वाला बना ही रहता है। हमें लोग अच्छा ही कहते रहें, हमारी लोग प्रशंसा ही करते रहें – यह सोचना ही मूर्खता है। सदैव अनुकूलता में राग न रहे और प्रतिकूलता से द्वेष न रहे, इन दोनों स्थितियों में सम रहने की चेष्टा करें। जिसने दोनों स्थितियों में सम रहने की कला सीख ली उसे ईश्वर की झलक मिल जाती है, उसी ने समझो जगत में बड़ा काम किया है।

जहाँ में उसने बड़ी बात कर ली,

जिसने अपने-आपसे मुलाकात कर ली।

संसार में धन कमा लेना, यश पा लेना, सत्ता या पद पा लेना, कार-बँगला आदि ठाट-बाट की चीजें इकट्ठी कर लेना बड़ी बात नहीं है, बड़ी बात है अपने को जान लेना। ‘ये आने-जाने वाली सब अवस्थाएँ सपना है, सपने की तरह बीत जाने वाली हैं। मैं यह सब सपने की तरह देख रहा हूँ।’ – यह युक्ति है ब्रह्मज्ञान की, यही रास्ता है सब दुःखों से छूटने का, जिसको संत ही जानते हैं। हजार मालाएँ घुमाओ, हजार जप-तप करो, हजार प्रकार की पूजाएँ करो परंतु यह युक्ति नहीं सीखी तो थोड़ी सी प्रतिकू परिस्थिति भी चित्त को विचलित कर देगी। यदि चित्त स्थिर नहीं होता तो समझो हमारी साधना आगे नहीं बढ़ी।

चित्त को स्थिर करने में सत्संग, योग और ध्यान मदद करते हैं। कई लोग वर्षों घर छोड़कर इधर-उधर भटकते हैं, मगर ज्यों ही कोई प्रतिकूल परिस्थिति आती है तो वर्षों पुराना राग-द्वेष, क्रोध आदि भड़क उठता है क्योंकि उन्होंने साधना तो की, मगर वे किन्हीं ब्रह्मनिष्ठ संत-महापुरुष का संग नहीं कर पाये होंगे।

ब्रह्मज्ञान की अटकल ब्रह्मज्ञानी संत ही बता सकते हैं। संत तो बहुत मिल जाते हैं, मगर ऐसे ब्रह्मज्ञानी संत किसी-किसी पुण्यवान, भाग्यशाली को ही मिलते हैं।

शैले शैले न माणिक्यं मौक्तिकं न गजे गजे।

साधवो न हि सर्वत्र चंदनं न वने वने।।

पर्वत बहुत हैं परंतु हर पर्वत पर माणिक्य की खानें नहीं होतीं, हर हाथी के पास मोती नहीं होते और हर वन में चंदन के पेड़ नहीं होते, ऐसे ही साधुपुरुष तो बहुत होते हैं परंतु आत्म-साक्षात्कार किया हुआ तो उनमें कोई विरला ही होता है।

ऐसे कोई ब्रह्मनिष्ठ संत मिल जायें तो दुनिया के सारे कष्ट हमें दुःख नहीं दे सकेंगे। कैसी भी परिस्थिति आयेगी, हमें विचलित नहीं कर सकेगी। संसार में कोई प्रतिकूलता, अशुभ नजर नहीं आयेगा, फिर संसार के सारे सुख फीके पड़ जायेंगे क्योंकि आत्मानंद प्राप्त हो जायेगा।

इसलिए ऐसे संत की खोज करें। उनके चरणों में बैठें। उनके मार्गदर्शन में चलें और आत्म साक्षात्कार करके अपने जीवन को सफल बनायें – यही परम पुरुषार्थ है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2010, पृष्ठ संख्या 22,23 अंक 208

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

क्या आश्चर्य है !


महाभारत के युद्ध में अपने 100 पुत्रों और सारी सेना का संहार हो जाने से धृतराष्ट्र बड़े दुःखी हुए। उनके शोक को शांत करने के लिए धर्मात्मा विदुर जी ने मधुर, सांत्वनापूर्ण वाणी में धर्म का उपदेश दिया।

तब राजा धृतराष्ट्र ने कहाः ”विदुरजी ! धर्म के इस गूढ़ रहस्य का ज्ञान बुद्धि से ही हो सकता है। अतः तुम मेरे आगे विस्तारपूर्वक इस बुद्धिमार्ग को कहो।”

विदुरजी कहने लगेः “राजन ! भगवान स्वयंभू को नमस्कार करके मैं इस संसाररूप गहन वन के उस स्वरूप का वर्णन करता हूँ, जिसका निरूपण महर्षियों ने किया है। एक ब्राह्मण किसी विशाल वन में जा रहा था। वह एक दुर्गम स्थान में जा पहुँचा। उसे सिंह, व्याघ्र, हाथी, रीछ आदि भयंकर जंतुओं से भरा देखकर उसका हृदय बहुत ही घबरा उठा, उसे रोमांच हो आया और मन में बड़ी उथल पुथल होने लगी। उस वन में इधर-उधर दौड़कर उसने बहुत ढूँढा कि कहीं कोई सुरक्षित स्थान मिल जाये परंतु वह न तो वन से निकलकर दूर ही जा सका और न उन जंगली जीवों से त्राण ही पा सका। इतने में ही उसने देखा कि वह भीषण वन सब ओर जाल से घिरा हुआ है। एक अत्यंत भयानक स्त्री ने उसे अपनी भुजाओं से घेर लिया है तथा पर्वत के समान ऊँचे पाँच सिरवाले नाग भी उसे सब ओर से घेरे हुए हैं। उस वन के बीच में झाड़-झंखाड़ों से भरा हुआ एक गहरा कुआँ था। वह ब्राह्मण इधर उधर भटकता उसी में गिर गया किंतु लताजाल में फँसकर वह ऊपर को पैर और नीचे को सिर किये बीच में ही लटक गया।

इतने में ही कुएँ के भीतर उसे एक बड़ा भारी सर्प दिखायी दिया और ऊपर की ओर उसके किनारे पर एक विशालकाय हाथी दिखा। उसके शरीर का रंग सफेद और काला था तथा उसके छः मुख और बारह पैर थे। वह धीरे-धीरे उस कुएँ की ओर ही आ रहा था। कुएँ के किनारे पर जो वृक्ष था, उसकी शाखाओं पर तरह-तरह की मधुमक्खियों ने छता बना रखा था। उससे मधु की कई धाराएँ गिर रही थीं। मधु तो स्वभाव से ही सब लोगों को प्रिय है। अतः वह कुएँ में लटका हुआ पुरुष इन मधु की धाराओं को ही पीता रहता था। इस संकट के समय भी मधु पीते-पीते उसकी तृष्णा शांत नहीं हुई और न उसे अपने ऐसे जीवन के प्रति वैराग्य ही हुआ। जिस वृक्ष के सहारे वह लटका हुआ था, उसे रात दिन काले और सफेद चूहे काट रहे थे। इस प्रकार इस स्थिति में उसे कई प्रकार के भयों ने घेर रखा था। वन की सीमा के पास हिंसक जंतुओं से और अत्यंत उग्ररूपा स्त्री से भय था, कुएँ के नीचे नाग से और ऊपर हाथी से आशंका थी, पाँचवाँ भय चूहों के वृक्ष को काट देने पर गिरने का था और छठा भय मधु के लोभ के कारण मधुमक्खियों से भी था। इस प्रकार संसार-सागर में पड़कर भी वह नहीं डटा हुआ था तथा जीवन की आशा बनी रहने से उसे उससे वैराग्य भी नहीं होता था।

महाराज ! मोक्षतत्त्व के विद्वानों ने यह एक दृष्टान्त कहा है। इसे समझकर धर्म का आचरण करने से मनुष्य परलोक में सुख पा सकता है। यह जो विशाल वन कहा गया है, वह यह विस्तृत संसार ही है। इसमें जो दुर्गम जंगल बताया है, वह इस संसार की ही गहनता है। इसमें जो बड़े-बड़े हिंस्र जीव बताये गये हैं, वे तरह-तरह की व्याधियाँ हैं तथा इसकी सीमा पर जो बड़े डीलडौलवाली स्त्री है वह वृद्धावस्था है, जो मनुष्य के रूप रंग को बिगाड़ देती है। उस वन में जो कुआँ है, वह मनुष्य देह है। उसमें नीचे की ओर जो नाग बैठा हुआ है, वह स्वयं काल ही है। वह समस्त देहधारियों को नष्ट कर देने वाला और उनके सर्वस्व को हड़प जाने वाला है। कुएँ के भीतर जो लता है, जिसके तंतुओं में यह मनुष्य लटका हुआ है, वह इसके जीवन की आशा है तथा ऊपर की ओर जो छः मुँहवाला हाथी है वह संवत्सर (वर्ष) है। छः ऋतुएँ उसके मुख हैं तथा बारह महीने पैर हैं। उस वृक्ष को जो चूहे काट रहे हैं, उन्हें रात-दिन कहा गया है तथा मनुष्य की जो तरह-तरह की कामनाएँ हैं, वे मधुमक्खियाँ हैं। मक्खियों के छत्ते से जो मधु की धाराएँ चू रही हैं, उन्हें भोगों से प्राप्त होने वाले रस समझो, जिनमें अधिकांश मनुष्य डूबे रहते हैं। बुद्धिमान लोग संसारचक्र की गति को ऐसा ही समझते हैं, तभी वे वैराग्यरूपी तलवार से इसके पाशों को काटते हैं।”

धृतराष्ट्र ने कहाः “विदुर ! तुम बड़े तत्त्वदर्शी हो। तुमने मुझे बड़ा सुंदर आख्यान सुनाया है। तुम्हारे अमृतमय वचनों को सुनकर मुझे बड़ा हर्ष होता है।”

विदुरजी बोलेः “राजन् ! शास्ज्ञों ने गहन संसार को वन बताया है। यही मनुष्यों तथा चराचर प्राणियों का संसारचक्र है। विवेकी पुरुष को इसमें आसक्त नहीं होना चाहिए। मनुष्यों की जो प्रत्यक्ष और परोक्ष शारीरिक तथा मानसिक व्याधियाँ हैं, उन्हीं को बुद्धिमानों ने हिंस्र जीव बताया है। मंदमति पुरुष इन व्याधियों से तरह-तरह के क्लेश और आपत्तियाँ उठाने पर भी संसार से विरक्त नहीं होते। यदि किसी प्रकार मनुष्य इन व्याधियों के पंजे से निकल भी जाय तो अंत में इसे वृद्धावस्था तो घेर ही लेती है। इसी से यह तरह-तरह  के शब्द, स्पर्श, रूप, रस और गंधों से घिरकर मज्जा और मांसरूप कीचड़ से भरे हुए आश्रयहीन देहरूप गड्ढे में पड़ा रहता है। वर्ष, मास, पक्ष और दिन रात की संधियाँ – ये क्रमशः इसके रूप और आयु का नाश किया करते हैं। ये सब काल के ही प्रतिनिधि हैं, इस बात को मूढ़ पुरुष नहीं जानते।

अतः बुद्धिमान पुरुष को संसार की निवृत्ति का ही प्रयत्न करना चाहिए, इस ओर से लापरवाही नहीं करना चाहिए।

मनुष्य को चाहिए कि अपने मन को काबू में करके ब्रह्मज्ञानरूप महौषधि प्राप्त करे और उसके द्वारा इस संसार-दुःखरूप महारोग को नष्ट कर दे। इस दुःख से संयमी चित्त के द्वारा जैसा छुटकारा मिल सकता है, वैसा पराक्रम, धन, मित्र या हितैषी किसी की भी सहायता से नहीं मिल सकता।

जो बुद्धिहीन पुरुष तरह-तरह के माया-मोह में फँसे हुए हैं और जिन्हें बुद्धि के जाल ने बाँध रखा हैं, वे भिन्न-भिन्न योनियों में भटकते रहते हैं।”

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2010, पृष्ठ संख्या 16,17 अंक 208

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ