Yearly Archives: 2017

महात्मा भूरीबाई को कैसे हुआ आत्मज्ञान ?


संवत 1941 आषाढ़ शुक्ल 14 (9 जुलाई 1892) को सरदारगढ़ (उदयपुर, राज.) में रूपाजी सुथार व केसरबाई के घर एक कन्या का जन्म हुआ, जिसका नाम रखा गया भूरीबाई। भूरीबाई में अपने माता-पिता के प्रति दयालुता, धर्मप्रियता, ईश्वरभक्ति जैसे दैवी गुण बचपन से ही आ गये थे। 13 वर्ष की आयु में इनका विवाह हो गया। इनके पति श्वासरोग के कारण कुछ ही समय में संसार से चल बसे। पतिदेव की पूर्व आज्ञानुसार भूरी बाई उनके देहांत के बाद घर में रहते हुए ही साध्वी बन गयीं।

सदगुरु प्राप्ति व अज्ञान निवृत्ति

भूरी बाई भोजन व निद्रा में खूब संयम रखतीं। दिनों दिन उनकी भगवत्भक्ति बढ़ती गयी। साधना की सफलता अर्थात् भगवत्प्राप्ति हेतु जीवन में कोई समर्थ मार्गदर्शक न होने की उनके हृदय में गहरी पीड़ा थी। इससे वे सदगुरु-प्राप्ति की तड़प से व्याकुल होकर एकांत में बैठ के घंटों तक रुदन करती थीं। ब्रह्मज्ञानी सदगुरु के बिना भगवत्प्राप्ति का सही मार्ग कौन दिखा सकता है ! संत टेऊँराम जी ने कहा हैः

गुरु बिन रंग न लागहीं, गुरु बिन ज्ञान न होय।

कहें टेऊँ सतगुरु बिना, मुक्ति न पावे कोय।।

गुरु बिन प्रेम न उपजे, गुरु बिन जगे न भाग।

कहे टेऊँ तांते सदा, गुरु चरनों में लाग।।

सदगुरु का संग माँग और पूर्ति का प्रश्न है। अगर सच्चे हृदय की माँग हो तो पूर्ति होकर ही रहती है, यह अटल नियम है। हृदयपूर्वक पुकार के फलस्वरूप एक दिन भूरी बाई को ब्रह्मनिष्ठ महापुरुष चतुरसिंह जी महाराज के बारे में मालूम हुआ। वे उनका दर्शन-सत्संग प्राप्त करने हेतु उदयपुर पहुँच गयीं। बाई को साधना करते-करते 9 वर्ष बीत गये थे। सदगुरु ने उनकी साधना-संबंधी सारे बातें सुनीं व बताया कि “अभी आपको आत्मज्ञान नहीं हुआ है।”

भूरी बाई कहती हैं कि “यह सुनकर मुझे तब इतना गहरा आघात लगा, मानो शरीर पर तलवार चल गयी हो। अब तक यह अभिमान था कि ‘हम तो महात्मा, योगिनी हो गयी हैं’ और गुरु जी ने तो हमें अज्ञानी बता दिया !’ परंतु मन मानकर बाई बैठी रहीं। वे सोचने लगीं, ‘9 वर्ष की साधना धूल हुई !’

सदगुरु चतुरसिंह जी ने संत ज्ञानेश्वर जी की ‘अमृतानुभव’ टीका दी, जिसे पढ़ने पर बाई को स्वयं अनुभव होने लगा कि ‘वास्तव में अब तक मैं अज्ञान थी।’ सदगुरु ने कुछ सत्साहित्य भी उन्हें पढ़ने हेतु दिया। सदगुरु द्वारा रचित सत्साहित्य का स्वाध्याय किया तो उनको सदगुरु के वचनों का मर्म समझ में आने लगा।

संत भूरी बाई कहती हैं- “सदगुरु की कृपा व उनके उपदेश से मुझे तो तीसरे ही दिन आत्मज्ञान हो गया। कहीं भटकने की जरूरत नहीं, ठिकाने (अपने-आप में) बैठ जाने की ही बात है। सब कल्पना तत्काल मिट गयी। जगत है जैसा है, सार-असार कुछ भी नहीं। आत्मा का तीनों कालों में न कुछ बिगड़ा है न कुछ सुधारना है। इसलिए साधना-क्रम ही निरर्थक हो गया। अपार शांति अनुभव में आ गयी। आँख खुलते देर थोड़े ही लगती है ! अब तक साधना पर बल और हठयोग अभिमान था, जो पलभर में सदगुरु द्वारा ज्ञानयोग का महत्त्व समझ में आते ही हट गया। आत्मज्ञान हो गया।”

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 2017, पृष्ठ संख्या 18, अंक 294

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

गुरु और सदगुरु – पूज्य बापू जी


गुरु और सदगुरु में फर्क है। गुरु तो शिक्षक हो सकता है, मार्गदर्शक हो सकता है, केवल सूचनाएँ दे सकता है, किताबें पढ़ा सकता है, आत्मानुभव नहीं करा सकता है लेकिन सदगुरु बिना बोले भी सत्शिष्य को आत्मज्ञान का रहस्य समझा सकते हैं और सत्शिष्य बिना पूछे भी समझ सकता है।

गुरोस्तु मौनं व्याख्यानं शिष्यास्तु छिन्नसंशयाः।। (श्रीदक्षिणामूर्तिस्तोत्रम्- 12)

सदगुरु में वह प्रभाव होता है। साधक, शिष्य में से जब हम सत्शिष्य बनते हैं तब सदगुरु कभी-कभार मौन निगाह से भी हमारे प्रश्नों का उत्तर हमारे चित्त में भर देते हैं। शिष्य पूछता नहीं और सदगुरु बोलते नहीं फिर भी सत्शिष्य की शंकाओं का समाधान हो जाता है। ऐसे सदगुरुओं को जितना दो उतना कम है और जो भी श्रद्धा से दिया वह उनको बहुत लगता है। वे महापुरुष आत्मतृप्त होते हैं।

हम अपने को कृतघ्नता की खाई में न गिरायें इसलिए हम कुछ-न-कुछ देकर कृतज्ञता का एहसास करते हैं। जहाँ प्रेम होता है वहाँ दिया जाता है। अब तुम्हारे एक लोटे पानी की क्या आवश्यकता है शिवजी को ? लेकिन कुछ-न-कुछ दिये बिना संकल्प साकार नहीं होता, भाव उभरता नहीं। प्रेम दिये बिना मानता नहीं है और अहंकार लिये बिना मानता नहीं है।

यहाँ सदगुरु-शिष्य का संबंध लौकिक दिखते हुए भी उसमें अलौकिक प्रेम है, अलौकिक ज्ञान है, अलौकिक त्याग है। शिष्य अपने जीवन में से कुछ बचा-धचा के गुरु को अर्पण करता है। उनकी दैवी सेवा में तन-मन-धन से लग जाता है। और सदगुरु ने गुरु-परम्परा से जो अखूट खजाना पाया है उसे वे खुले हाथ लुटाने को दिन-रात तत्पर होते हैं, यहाँ दोनों का प्रेम और त्याग छलकता है।

शिष्य को ऐसा चाहिए कि गुरु को सब कुछ दे।

गुरु को ऐसा चाहिए कि शिष्य का कछु न ले।।

सदगुरु लेते हुए दिखते हैं लेकिन शिष्यों के लिए लगा देते हैं। लेते हैं तब भी उनकी पुण्याई के लिए और उससे व्यवस्था करते हैं तो उनकी आध्यात्मिक लक्ष्यप्राप्ति की यात्रा के लिए। ऐसे सदगुरु आत्मज्ञान के अथाह दरिया होते हैं। ऐसे सदगुरु शाब्दिक या स्कूली ज्ञान में चाहे अँगूठाछाप हों फिर भी आत्मज्ञान में व गुरुओं के गुरु हैं। संत कबीर जी जो बोले वह बीजक बन गया, रामकृष्ण जी जो बोले वह वचनामृत बन गया, नानक जी जो बोले हैं वह गुरुग्रंथ साहिब बन गया। ऐसे महापुरुष अनुभवसम्पन्न वाणी से बोलते हैं।

शिष्य वह है जो सदगुरु-ज्ञान को बढ़ाता है, सदगुरु के अनुभव को आत्मसात् करता है। सिद्धान्त आगे बढ़ता जाता है, प्रयोग चालू रखा जाता है… यही गुरुसेवा है। सदगुरु-पूजा सत्य की पूजा है, आत्मज्ञान अनुभव की पूजा है। जब तक मानव जात को सच्चे सुख की आवश्यकता है और सच्चे सुख का अनुभव कराने वाले सदगुरु जब तक धरती पर हैं, तब तक सदगुरुओं का आदर और पूजन होता ही रहेगा।

सदगुरु का पूजन, सदगुरु का आदर सत्यज्ञान एवं शाश्वत अनुभव का आदर है, मुक्ति का आदर है, अपने जीवन का आदर है। जो अपने मनुष्य जीवन का आदर करना नहीं जानता वह सदगुरु का आदर करना क्या जाने ! जो मनुष्यता की महानता नहीं जानता है वह सदगुरु की महानता क्या जाने ! सदगुरु आत्मज्ञान के लहराते सागर हैं और शिष्यरूपी चन्द्र को देखकर छलकते हैं। शिष्य निर्मलबुद्धि हो जाता है तो उसमें कोमलता आती है। निर्मल बुद्धि व शुद्ध हृदय में वह ज्ञान का जगमगाता प्रकाश, आनंद, नित्य रस प्रकट करने में सक्षम होता है।

बहिर्गुरु को इन आँखों से सब लोग देख सकते हैं लेकिन सत्शिष्य तो उपदेश के द्वारा, सुमिरन के द्वारा अंतर्गुरु की प्रतीति करके अपने चित्त को हँसते-खेलते पावन करने में सफल हो जाते हैं। बहिर्गुरु को तो शास्त्रों के द्वारा भी कोई समझ ले लेकिन अंतर्गुरु को तो शिष्य का अंतर ही समझ पाता है, झेल पाता है। जैसे एक बर्तन का शहद अथवा घी दूसरे बर्तन में उँडेला जाता है तो पहला बर्तन खाली सा हो जाता है लेकिन यह ज्ञान खाली नहीं होता। जला हुई दीया हजारों अनजले जीयों को जला के प्रकाशित कर दे तो भी जले हुए दीये का कुछ नहीं घटता है यह ऐसा आत्म-दीया है। संसारी दीये का तो तेल नष्ट हो जाता है लेकिन आत्मज्ञान दीये का कभी कुछ नष्ट नहीं होता। यह अविनाशी का आदर है, पूजन है। यह अविनाशी की प्यास जब तक मनुष्य चित्त में बनी रहेगी, तब तक गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनाया जाता रहेगा और सदगुरुओं का आदर होता रहेगा।

‘गुरुपूर्णिमा उत्सव’ पूर्ण होने की खबर लाने वाला उत्सव है। यह व्रत है। सदगुरु पूजन किये बिना शिष्य अन्न नहीं खाता। शारीरिक पूजन करने का अवसर नहीं मिलता है तो मन से ही पूजन कर लेता है। षोडशोपचार से पूजा करने से जो पुण्य होता है उससे कई गुना ज्यादा मानस-पूजा का पुण्य कहा गया है। वह सत्शिष्य सदगुरु की मानस पूजा कर लेता है।

भावे ही विद्यते देवः।

लोहे की, काष्ठ या पत्थर की, मूर्ति में देव नहीं, तुम्हारा भाव ही तो देव है। सत्शिष्य अपने सदगुरु को मन ही मन पवित्र तीर्थों के जल से नहलाता। वस्त्र पहनाता है, तिलक करता है, पुष्पों की माला अर्पित करता है। सदगुरु के आगे कुछ-न-कुछ समर्पित करता है।

ध्यानमूलं गुरोर्मूर्तिः पूजामूलं गुरोः पदम्।

मंत्रमूलं गुरोर्वाक्यं मोक्षमूलं गुरोः कृपा।।

गुरु, आचार्य अपनी-अपनी जगह पर आदर करने योग्य हैं लेकिन सदगुरु तो सदा पूजने योग्य हैं। सत्य का जिनको ज्ञान हो गया, परमात्मा का जिनको हृदय में साक्षात्कार हो गया वे सदगुरु हैं। संत कबीर जी कहते हैं-

कबीर ते नर अंध हैं, गुरु को कहते और।

हरि रूठे गुरु ठौर है, गुरु रूठे नहीं ठौर।।

यह तन विष की बेल री, गुरु अमृत की खान।

सीस दिये सदगुरु मिलें, तो भी सस्ता जान।।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 2017, पृष्ठ संख्या 19,20 अंक 294

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

गुरु-तत्त्व की व्यापकता व समर्थता


योगिराज श्यामाचरण लाहिड़ी जी के शिष्य अविनाश बाबू रेलवे विभाग में नौकरी करते थे। अपने गुरुदेव के दर्शन, सत्संग-सान्निध्य हेतु उन्होंने एक सप्ताह की छुट्टी के लिए अपने उच्च अधिकारी भगवती चरण घोष को आवेदन पत्र दिया। उन्होंने अविनाश बाबू से कहाः “धर्म के नाम पर ऐसे पागलपन से नौकरी में उन्नति नहीं की जा सकती। आगे बढ़ना है तो यह पचड़ा छोड़कर कार्यालय का कार्य मन लगा के करो।”

निराश होकर अविनाश बाबू घर लौट रहे थे तो सहसा मार्ग में भगवती बाबू मिले। इन्हें उदास देख वे सांसारिक बातें समझाने लगे ताकि इनके मन का क्षोभ दूर हो  जाये। अविनाश बाबू उदासीनता के साथ उनकी बातें सुन रहे थे और मन ही मन गुरुदेव से प्रार्थना भी कर रहे थे।

अचानक कुछ दूरी पर तीव्र प्रकाश हुआ, उसमें लहिरी महाशय जी प्रकट हुए और बोलेः “भगवती ! तुम अपने कर्मचारियों के प्रति कठोर हो।” इसके बाद वे अंतर्ध्यान हो गये।

सर्वव्यापक गुरु-तत्त्व सर्वत्र विद्यमान है। शिष्य जब सदगुरु को शरणागत होकर पुकारता है तो उसकी प्रार्थना गुरुदेव अवश्य सुनते हैं तथा प्रेरणा, मार्गदर्शन भी देते हैं। पूज्य बापू जी से मंत्रदीक्षित साधकों का ऐसा अनुभव हैः

सभी शिष्य रक्षा हैं पाते, सर्वव्याप्त सदगुरु बचाते।

भगवती बाबू अत्यंत विस्मित हो कुछ मिनट चुप रहे, फिर कहाः “आपकी छुट्टी मंजूर, आप अपने गुरुदेव का दर्शन करने अवश्य जायें और यदि अपने साथ मुझे भी ले चलें तो अच्छा हो।”

दूसरे दिन भगवती बाबू सपत्नीक अविनाश बापू के साथ काशी पहुँचे। उन्होंने देखा कि लाहिड़ी महाशय ध्यानस्थ बैठे है। ज्यों भगवती बाबू ने प्रणाम किया त्यों वे बोलेः “भगवती ! तुम अपने कर्मचारियों के प्रति कठोर हो।” ठीक यही बात भगवती बाबू पहले सुन चुके थे। उन्होंने क्षमा याचना की व पत्नीसहित दीक्षा ली।

भगवती बाबू अपने पुत्र मुकुंद के जन्म के कुछ दिन बाद उसे लेकर सपत्नीक अपने गुरुदेव के दर्शन करने आये तो लाहिड़ी जी ने आशीर्वाद देते हुए कहाः “तुम्हारा यह पुत्र योगी होगा।”

भगवती बाबू की पत्नी ज्ञानप्रभा देवी लाहिड़ी महाशय को साक्षात ईश्वर मानती थी। एक बार मुकुंद हैजे से पीड़ित हो गया। डॉक्टर आशा छोड़ चुके थे। ज्ञानप्रभा देवी मुकुंद को लाहिड़ी जी का श्रीचित्र दिखाते हुए बोलीं- “बेटा ! तुम इन्हें प्रणाम करो।” मुकुंद इतना कमजोर हो गया था हाथ उठा के प्रणाम भी नहीं कर सका। माँ ने कहाः “कोई हर्ज नहीं बेटा ! तुम मन ही मन भक्तिभाव से गुरुदेव को प्रणाम करो। तुम जरूर अच्छे हो जाओगे।” मुकुंद ने वैसा ही किया और ज्ञानप्रभा देवी ने हृदयपूर्वक गुरुदेव से प्रार्थना करके सब उनके हाथों में सौंप दिया। दूसरे दिन से मुकुंद स्वस्थ होने लगा और फिर पूर्णतः ठीक होकर महानता के रास्ते चल पड़ा।

कैसी अगाध महिमा है आत्मज्ञानी महापुरुषों के दर्शन, सत्संग, सान्निध्य, सुमिरन व उनकी अहैतुकी कृपा की  ! एक ब्रह्मज्ञानी महापुरुष के शिष्य के सम्पर्क में आने से भगवती बाबू के पूरे परिवार का उद्धार हो गया और उनके पुत्र विश्वप्रसिद्ध परमहंस योगानंद बन गये। ब्रह्मज्ञानी सदगुरु के मार्गदर्शन में चलने वाला स्वयं की 21 पीढ़ियाँ तो तारता ही है, अपने सम्पर्क में आने वालों को भी महापुरुषों से जोड़कर उनके जन्म-जन्मांतर सँवारने में निमित्त बन जाता है। धन्य हैं ऐसे महापुरुष और धन्य हैं उनकी कृपा पचाने वाले सत्शिष्य !

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जून 2017, पृष्ठ संख्या 21, अंक 294

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ