All posts by Gurukripa

भारतवासी संगठित रहें


रोम, यूनान, मिस्र और भारत – इन चारों की संस्कृतियाँ अति प्राचीन हैं लेकिन तीन संस्कृतियों को धकेल दिया गया अजायबघरों में, अब केवल भारतीय संस्कृति की महक मौजूद है। उसको नष्ट करने के लिए लगे हैं पर भारतीय संस्कृति में अदभुत क्षमता है … मिट गये जहाँ से हमें मिटाने वाले।

अयोध्या का नाम फैजाबाद एवं प्रयाग का नाम इलाहाबाद रखा गया और संस्कृति के स्तम्भ संत-महात्माओं व समाज के बीच खाई खोदने का प्रयास किया गया। वे खाई खोदने वाले खोद-खोद के खप गये लेकिन जब तक संत इस धरती पर हैं, तब तक भारत की संस्कृति कभी लुप्त नहीं हो सकती, वह अक्षुण्ण रहेगी। भारतीय संस्कृति को भी अजायबघर में पहुँचाने के सपने देखने वालों की मलिन मुरादें साकार नहीं हो सकतीं क्योंकि भारतीय संस्कृति मिटी तो मानवता की मधुरता मिट जायेगी। रोम, यूनान व मिस्र की संस्कृतियों की नाईं जो भारतीय संस्कृति को कुचलने में लगे हैं, वे उससे बाज आयें। भारतवासी संगठित रहें, सजग रहें, अपनी महान संस्कृति एवं संतों के प्रति सदभाव-सम्पन्न हो जायें व देशविरोधियों की मलिन मुरादें नाकामयाब कर दें।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, दिसम्बर 2017, पृष्ठ संख्या 7 अंक 300

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

बेमन का भगवन्नाम भी करता है अपना काम


एक बार प्रभुदत्त ब्रह्मचारी कुछ युवकों के साथ कारागृह की कालकोठरी में बैठे हुए थे। उनमें से जो विशेष तार्किक थे उन्होंने पूछाः “ब्रह्मचारी जी ! यह हमारी समझ में नहीं आता कि आप बेमन से भी जो ‘श्रीकृष्ण गोविन्द हरे मुरारी ! हे नाथ नारायण वासुदेव !’ कहते हैं, इससे क्या लाभ ? इससे भी कुछ हो सकता है ?” कैदियों को कारागृह में रस्सी बटने का काम दिया गया था।

ब्रह्मचारी ने पूछाः “तुम जब रस्सी बटते हो तो क्या तुम्हारा मन बिल्कुल रस्सी बटने में लगा रहता है या और भी कुछ सोचता रहता है ?”

“बहुत बातें सोचता रहता है। केवल हाथ से रस्सी बटते हैं, मन तो भटकता ही रहता है।”

“अच्छा तो क्या ऐसी हालत में काम पूरा हो जाता है ?”

“हाँ, काम तो हो ही जाता है।”

“तुम भोजन करते हो तब तुम्हारा मन बिल्कुल एकाग्र होकर भोजन में ही लगा रहता है ?”

“नहीं, मन तो इधर-उधर भटकता रहता है।”

“तो क्या ऐसी हालत में तुम्हारा पेट भर जाता है ?”

“हाँ, पेट भरने में क्या संदेह है ? रोटी मुँह की जगह नाक में कभी नहीं जाती।”

ब्रह्मचारी जी ने फिर पूछाः “जब तुम स्कूल कालेज में पढ़ते थे तो तुम्हारा चित्त एकदम अध्यापक के व्याख्यान में ही लग जाता था या व्याख्यान सुनते-सुनते मन कुछ और भी सोचने लगता था ?”

“बहुधा मन व्याख्यान सुनते-सुनते और भी अनेक बातें सोचता था। निर्विकल्प होकर व्याख्यान में ही चित्त तो कभी ही लगा होगा।”

“फिर ऐसे व्याख्यान सुनते-सुनते भी तुम पास हो जाते थे।” उन्होंने इसे स्वीकार किया।

असली बात यह है कि बिना मन के तो मुख से कभी शब्द निकल ही नहीं सकता। मन की कई शक्तियाँ हैं। एक मन तो संकल्प-विकल्प करता ही है, अपनी दूसरी शक्ति से वह इन्द्रियों से कार्य कराता रहता है। बिना मन की सहायता के आँखें देख नहीं सकतीं, कान सुन नहीं सकते, वाणी उच्चारित नहीं हो सकती। मन का सहारा तो इनको भी चाहिए।

मन न भी लगे तो भी अभ्यास करते रहने से धीरे-धीरे मन के संकल्प-विकल्प कम होने लगते हैं और एकाग्रता भी बढ़ती है। चित्त लगाकर  एकाग्रता के साथ जो भगवन्नाम जप और कीर्तन किया जाता है वह विशेष लाभप्रद है, आनंद देता है किन्तु बिना मन के भी भगवन्नाम जपना निरर्थक नहीं है। इससे भी बहुत लाभ होते हैं।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, दिसम्बर 2017, पृष्ठ संख्या 24 अंक 300

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

बुद्धि, स्वास्थ्य व सत्संकल्प के पोषण का पर्व-पूज्य बापू जी


मकर सक्रान्ति के दिन से बुद्धि के अधिष्ठाता देव सूर्यनारायण मकर राशि में प्रवेश करते हैं। यह त्यौहार भी है, सत्संकल्प व सूर्योपासना करने की प्रेरणा देने वाला पर्व भी है। मनोकामनापूर्ति के लिए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, स्वास्थ्य के लिए सूर्यस्नान और ध्यान किया जाता है।

सत्संकल्प व प्रार्थना करें

इस दिन से सूर्य दक्षिण दिशा को छोड़कर उत्तर की तरफ बढ़ेगा। ऐसे ही हमारे चित्त की वृत्तियाँ, हमारा मन ऊपर की यात्राओं में बढ़े, दक्षिण अर्थात् नीचे का भाग, उत्तर माना ऊँचा भाग। इस हेतु सुबह-सुबह तुम यही माँगना कि ‘हे ज्ञानप्रकाश प्रभो ! ऐसी कृपा करो कि सब वासनाएँ खत्म होकर हम परमात्मा-साक्षात्कार करें। उसमें तुम सहयोग दो। जब हमें अहंकार सताये, वासनायें सतायें, सूक्ष्म जगत के असुर-राक्षस सतायें तो तुम उनको दूर करने में सहयोग देना।’

निरोगता भी देते हैं सूर्यनारायण

इस सूर्यनारायण की कोमल किरणों का फायदा उठायें। सूर्यस्नान से बहुत सारे रोग मिटते हैं। लेटे-लेटे किया गया सूर्यस्नान विशेष फायदा करता है। सिर को ढककर सूर्य की किरणें मिलें, जिससे अंगों में जिन  रंगों की कमी है, वात-पित्त-कफ का जो असंतुलन है वह ठीक होने लगे। मंदाग्नि दूर करने हेतु भी सूर्यस्नान किया जाता है और सूर्यनमस्कार करके बल, ओज और तेज बढ़ाया जाता है। इस दिन तिल और गुड़ देते-लेते हैं, जिससे हमारे जीवन में स्निग्धता व मधुरता आये।

अव्यक्त को व्यक्त के रूप में देखें

सर्वनियंता, सर्वव्यापी जगदीश्वर को सर्वत्र पूजने की क्षमता लोगों को नहीं है तो सनातन धर्म के मनीषियों ने ऐसी व्यवस्था की है कि उस अव्यक्त को व्यक्त के रूप में देखकर पूजा करते-करते साधारण से साधारण व्यक्ति भी परम पद को पा सकता है। है तो जल-थल में परमात्मा पर जल-थल को पूज नहीं सकते तो शालिग्राम की व्यवस्था कर दी। है तो वह सर्वेश्वर अणु-परमाणु में लेकिन जहाँ विशेष चमका है, उसे ॐ रवये नमः, ॐ सूर्याय नमः आदि कह के नमन करते हैं।

नमन तो सूर्यनारायण को करते हैं  लेकिन जीवनशक्ति अपनी जागृत होती है। नमन तो माता-पिता, गुरु को करते हैं लेकिन आयुष्ट, बुद्धि, योग्यता अपनी बढ़ती है।

महापुरुषों का उद्देश्य

जैसे सूर्य उत्तर को छोड़कर दक्षिण में आता है और दक्षिण में जी के फिर उत्तर की तरफ चलता है, ऐसे ही महापुरुष उत्तर (परमात्म-ऊँचाई) की यात्रा करते हुए भी फिर दक्षिण की तरफ आते हैं अर्थात् हम लोगों के बीच आते हैं ताकि हम उनके साथ चल पड़ें और उत्तर की यात्रा कर लें। उत्तरायण कितना मूल्यवान पर्व है !

यह मकर सक्रांति पर्व ऋतु बदलाव का, स्वभाव-बदलाव का संदेश लेकर आता है। जरा-जरा परिस्थिति को सत्य मानकर सिकुड़ो या फूलो मत। ये सब परिस्थितियाँ आती जाती रहेंगी लेकिन तुम्हारा आत्मसाक्षी ज्यों का त्यों रहेगा।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, दिसम्बर 2017, पृष्ठ संख्या 13 अंक 300

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ