All posts by Gurukripa

उन्नत होना हो तो ऊँचे विचार करें


पूज्य बापू जी

जो सादगी, सच्चाई, संयम से जीता है उसका मनोबल बढ़ता है और आभा भी बढ़ती है, दिव्य हो जाती है। आजकल सिनेमा, अश्लील वेबसाइटें, भड़कीले वस्त्र-परिधान और उच्छृंखल व्यवहार ने विद्यार्थियों के जीवन को खोखला बना दिया है। जैसा संग मिलता है मन वैसा ही सच्चा मानने लग जाता है क्योंकि हम लोग आत्मज्ञान के रास्ते पर तो चले नहीं हैं कि जीवन अडिग हो। इसलिए कुसंग मिलता है तो कुसंग में बह जाते हैं। कभी सत्संग मिलता है तो थोड़ा चढ़ते हैं। इसलिए गुरुमंत्र, सत्साहित्य साथ में हो, हर रोज घर बैठे थोड़ा सत्संग हो, जप-तप हो तो पुण्यमयी समझ आती है।

‘दिव्य प्रेरणा प्रकाश’ पुस्तक देश के हर युवक-युवती को अवश्य पढ़नी चाहिए। उन्हें ऐसी पुस्तकें पढ़नी चाहिए जिनसे जीवन में धैर्य, शांति मिलनसार स्वभाव, कार्य में तत्परता, ईमानदारी, निर्भयता और आध्यात्मिक तेज बढ़े। भगवद्गीता, राम गीता, अष्टावक्र गीता आदि कई गीताएँ हैं, इनमें सबसे ज्यादा प्रसिद्ध है भगवद्गीता लेकिन तत्त्व ज्ञान में शक्तिशाली है अष्टावक्र गीता। यह छोटी सी है पर एकदम ऊँची बात कहती है। उसका अनुवाद किया भोला बाबा ने और उसे ‘वेदांत छंदावली’ ग्रंथ में छपवाया। उसमें से जितना अष्टावक्र जी का उपदेश है उतना हिस्सा लेकर अपने आश्रम ने छोटा सा ग्रंथ प्रकाशित किया और ‘श्री ब्रह्म रामायण’ नाम दिया। इसे पढ़ने से आदमी का मन तुरंत ऊँचे विचारों में रमण करने लगता है, खिलने लगता है। ऐसे दोहे, छंद, श्लोक, भजन याद होने चाहिए, ऐसे विचार स्मरण में आते रहने चाहिए। इधर-उधर जब चुप बैठें तो उन्हीं पवित्र व ऊँचे विचारों में मन चला जाये। ऐसा नहीं कि ‘मेरे दिल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहाँ गिरा कोई वहाँ गिरा।’

क्या अर्थ ? कोई अर्थ नहीं। कोई कारण ? कोई कारण नहीं। विकार पैदा हों ऐसे गीत याद न रखो। ओज, बल, ज्ञान, साहस, धैर्य के विचार तुम्हारे अंदर पोषित हों, छलकें ऐसे भजन, ऐसे दोहे दुहराने चाहिए। ऐसे चित्र देखने चाहिए जिनसे विकार आते हों तो शांत हो जायें। ऐसा नहीं कि ऐसे चित्र देखो, ऐसे कपड़े पहनो कि विकार आने लगें। विकार तो शरीर को नोच लेते हैं। यह सब (अश्लीलता, फैशन) विदेशियों की देन है।

भारतीयों में भय घुस गया है। भयभीत आदमी सब हलके काम करता है। भयभीत आदमी झूठ बोलता है। आदमी भयभीत हो जाता है तो सही निर्णय नहीं ले सकता। जीवन में जितनी-जितनी भीतर से निर्भीकता आती है उतनी-उतनी कार्य में सफलता मिलती है। अतः निर्भीक रहना चाहिए, उद्यमी रहना चाहिए, सम और सहनशील रहना चाहिए।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अगस्त 2016, पृष्ठ संख्या 19, अंक 284

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

साधना में तीव्र उन्नति हेतु 6 संकल्प


गुरुपूनम महोत्सव साधकों को अगली ऊँचाइयों पर लाने का महोत्सव है। इस गुरुपूनम का नया पाठ। पहला, ब्रह्म मुहूर्त में तुम उठते होंगे। जो नहीं उठता होगा वह भी उठने का इस दिन से पक्का संकल्प करे कि ‘मैं सुबह ब्रह्ममुहूर्त में उठूँगा।’ सूरज उगने से सवा दो घंटे पहले से ब्रह्ममुहूर्त शुरु हो जाता है। फिर आप सूर्योदय से दो घंटा, डेढ़ घंटा या एक घंटा भी पहले उठते हैं तो ब्रह्ममुहूर्त में उठे। ब्राह्ममुहूर्त में उठने से भाग्योदय होता है, आरोग्य, आयुष्य बढ़ता है और नीच योनियों से सदा के लिए पिंड छूटता है।

दूसरा प्रण, उत्तर या पूर्व दिशा की तरफ बैठकर ध्यान-भजन, साधना करना। इससे दिव्य तरंगें साधक को मदद करती हैं।

तीसरा संकल्प, आप जप करते हैं तो एक प्रकार की शक्ति पैदा होती है। अतः जब ध्यान-भजन करें तो नीचे विद्युत का कुचालक आसन बिछा हो, जिससे आपके जप की जो विद्युत है उसे अर्थिंग न मिले। आसन ऐसा हो कि कभी थकान महसूस हो तो आप लेट के शरीर को खींचकर ढीला छोड़ सकें और 2-5 मिनट शवासन में चले जायें। पूजा के कमरे में ऐसा वातावरण हो कि उसमें और कोई संसारी व्यवहार न हो। इससे वह कमरा साधन-भजन की तरंगों से तरंगित रहेगा। कभी भी कोई मुसीबत आये या कुछ पूछना है तो जैसे मित्र से टेलिफोन पर बात करते हैं ऐसे गुरु और परमात्मा रूपी मित्र से सीधी बात करने का आपका एक साधन मंदिर बना दो। उसमें हो सके तो कभी ताजे फूल रखो – सुगंधि पुष्टिवर्धनम्। ताकि वे ज्ञानतंतुओं को पुष्ट कर दें। परफ्यूम तो काम केन्द्र को उत्तेजित करते हैं लेकिन ये फूल, तुलसी पुष्टिदायी है।

चौथी बात, त्रिबंध (मूलबंध, जालंधर बंध, उड्डीयान बंध) करके प्राणायाम करेंगे, आज से यह पक्का वचन दो। जो 3 करते हैं वे 4-5… ऐसे बढ़ाने का प्रयत्न करें। 10 तक करें। (किसी को फेफड़ों, हृदय आदि की कोई बीमारी हो तो वैद्य की सलाह लेकर प्राणायाम करें।)

पाँचवाँ संकल्प, साधन करते समय जब भी मौका मिले, जीभ को तालू में लगाना या तो दाँतों के मूल में लगाना। इससे आप जिस किसी के प्रभाव में नहीं आयेंगे। आपके प्रभाव में निगुरे लोग आयेंगे तो उनको फायदा होगा लेकिन आप उनके प्रभाव में आयेंगे तो आपको घाटा होगा। हमारे साधक किसी निगुरे के प्रभाव में न आयें। मैं तो कहता हूँ कि सगुरों के प्रभाव में भी न आयें। जीभ तालू में लगाने से यह काम हो जायेगा।

मनुष्य जाति का बड़े-में-बड़ा शत्रु है सुख का लालच और दुःख का भय। जानते हैं लेकिन सुख के लालच से जाना अनजाना करके गलत काम कर लेते हैं, फिर परिणाम में बहुत चुकाना पड़ता है। दुःख के भय से बचना हो तो जब भी दुःख का भय आये अथवा कोई डाँटे, उस समय जीभ तालु में लगा दो।

आबू की पुरानी बात है। किन्हीं संत से हम मिलने गये थे। वे बोलेः “महाराज जी ! यहाँ रात को शेर आते हैं और बंदरों को ऊपर उठा कर ले जाते हैं।”

मैंने कहाः “बंदर ऊपर होते हैं और शेर नीचे, फिर वे कैसे उठाते हैं ?”

“शेर दहाड़ता है तो बंदर डर के मारे गिर पड़ते हैं और शेर उन्हें उठाकर ले जाते हैं।” तो भय प्राणी के लिए हानिकारक है।

किसी भी बॉस के पास जाते हैं या इंटरव्यू देने जाते हैं अथवा कहीं जाते हैं और आप डरते हैं तो विफल हो जायेंगे। जीभ तालु में लगा के उसके सामने बैठो, उसका प्रभाव आप पर नहीं पड़ेगा, आपका चयन करने लेगा।

जीभ तालु में लगाना इसको ‘खेचरी मुद्रा’ बोलते हैं। इससे दूसरे फायदे भी होते हैं और एकाग्रता में बड़ी मदद मिलती है।

छठा साधन, कभी बैठे तो श्वास अंदर गया तो ॐ या राम, बाहर आया उसको गिना, श्वास अंदर गया तो आरोग्य, बाहर आया गिना, ऐसे यदि 108 तक श्वास गिरने का अभ्यास बना लेते हैं तो सफलता, स्वास्थ्य और खुशी तुम्हारे घर की चीज हो जायेगी। कौन नहीं चाहता है सफलता, स्वास्थ्य, खुशी ? सब चाहते हैं। जिन्होंने गुरुमंत्र लिया है उनको यह विद्या प्रसाद रूप में दे रहे हैं तो फलेगी। यदि इसकी महिमा सुनकर निगुरे करेंगे तो उनका उत्थान अपने बल से होगा और साधक गुरु का प्रसाद समझ के लेंगे तो उसमें भगवान की और गुरु की कृपा भी काम करेगी।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 2016, पृष्ठ संख्या 11,12 अंक 283

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

शुभ संकल्पों के द्वारा रक्षा करने वाला पर्वः रक्षाबंधन


पूज्य बापू जी

ऋषिपूजन का दिवस, यज्ञोपवीत पहनने व बदलने का दिवस, स्वाध्याय और आत्मिक शुद्धि के लिए अनुष्ठान करने या पूर्णाहुति करने का दिवस है रक्षाबंधन।

कैसी है भारतीय संस्कृति, ऋषियों की परम्परा का चलाया धागा ! अगर ईमानदारी से आप इसका फायदा उठाते हैं तो आज का जवान पड़ोस की बहन को बहन कहने की जो लायकी खो बैठा है, युवती पड़ोस के भाई को भाई कहने की लायकी खो बैठी है, वह लायकी फिर से विकसित हो सकती है, युवा पीढ़ी की रक्षा हो सकती है, ब्रह्मचर्य की रक्षा हो सकती है। आपके अंदर देश की रक्षा, अपने स्वास्थ्य की रक्षा करने वाला ऋषि-ज्ञान नहीं है तो दूसरे लोग आकर आपको क्या ऊपर ऊठायेंगे ! कोई भी आकर आपको क्या ऊपर उठायेंगे ! कोई भी आकर आपको ऊपर नहीं उठायेगा, जो आपके पास है उसको खींचने के लिए ही योजना बनायेगा। ऊपर तो आपको आत्मा उठायेगा, आपकी संस्कृति उठायेगी, आपका धर्म और ब्रह्मवेत्ता संत उठायेंगे।

मेरे सदगुरु को उनके शिष्यों ने राखी बाँधी थी। साधकों की यह कामना होती है कि ‘हमारे गुरुदेव अधिक-से-अधिक हम जैसों को परमात्म-अमृत पिलायें और राखी बाँधकर हम अपनी रक्षा चाहते हैं। गुरुदेव ! व्यासपूर्णिमा का पूजन करने के बाद महीनाभर हो गया, संसार में हम गये हैं, चाहते हैं ध्यान करना लेकिन मन इधर-उधर चला जाता है। चाहते हैं आत्मसाक्षात्कार करना लेकिन संसार के विषय-विकार हमें खींच लेते हैं। चाहते हैं सबमें समता लेकिन विषय विकार विषम कर देते हैं। इन विषय-विकाररूपी राक्षसों से हमारी रक्षा करना, संसाररूपी भोग से और जन्म-मरण के चक्कर से हमारी रक्षा करना।’ – इस  प्रकार की साधकों की भावना होती है, रक्षा चाहते हैं।

बहन भाई के द्वारा अपने धन-धान्य, सुख-समृद्धि व शील की रक्षा चाहती है, पड़ोस की बहन  पड़ोस के भाई के द्वारा अपनी इज्जत और शील की रक्षा चाहती है। साधक अपने संतों के द्वारा अपनी साधना की रक्षा चाहते हैं। यह राखी मंगलकारी संकल्पों को अभिव्यक्त करने का एक प्रतीक है। मनुष्य संकल्पों का पुंज है।

समुद्र की उपमा दी जाती है ज्ञानी को। यह दिवस समुद्र-पूजन का दिन है। समुद्रों का समुद्र जो परमात्मा है उसके पूजन का दिन है। व्यापारियों के लिए बाह्य समुद्र पूजने योग्य है और साधकों के लिए भीतर का समुद्र पूजने योग्य है। व्यापारी लोग इस दिन समुद्र की पूजा करते हैं। आप लोग भगवान के आशिक हैं, आपकी आँखों में प्रभुप्रेम है, श्रद्धा है और संसाररूपी समुद्र को तय करने के लिए आपके पास छोटी-सी साधना की नौका है। ‘ये ज्वार-भाटे आते रहते हैं। इनसे हमारी रक्षा होती रहे।’ – ऐसी सत्कामना साधकों की होती है और यह अच्छी भी है।

साधक का राखी बाँधने का भाव क्या ?

कई लोग चाहते हैं कि हमारा धन-धान्य, पुत्र-परिवार और बढ़े लेकिन साधक चाहता है कि मेरी जो ईश्वरीय मस्ती है, शांति है, एकाग्रता है, मेरा जो आत्मज्ञान का खजाना है, मौन है और मेरी जो ईश्वर के बारे में समझ है वह और बढ़े।

हमने कुंता जी से धागा नहीं बंधवाया है, कर्मावती या इन्द्राणी से धागा नहीं बंधवाया है, हमने साधक और साधिकाओं से धागा बँधवाया है। यह धागा बाँधना मतलब क्या ? ये धागे हमारे पास आ गये, साधक-साधिकाओं की दृष्टि मुझ पर पड़ी, मेरी दृष्टि उन पर पड़ी….. तो सूक्ष्म जगत में स्थूलता का कम मूल्य होता है, यहाँ सूक्ष्म संकल्प एक दूसरे की रक्षा करते हैं। जो देह में अहंबुद्धि करते हैं उनको धागे की याद चाहिए लेकिन जो ब्रह्म में या गुरु-तत्त्व में या आत्मा में अहंबुद्धि करते हैं उनको तो धागा देखने भर को है, बाकी तो उनके संकल्प ही एक दूसरे के लिए काफी हो जाते हैं।

राखी पूर्णिमा के दिन यज्ञ की भभूत शरीर को लगायें, मृत्तिका (मिट्टी) लगाकर स्नान करें, फिर गाय का गोबर लगा के स्नान करें। यह कितने ही दोषों एवं चर्मरोगों को खींच लेगा। इससे शारीरिक शुद्धि हो गयी। पंचगव्य पीने का दिन राखी पूनम है। और दिनों में भी पिया जाता है लेकिन इस दिन का कुछ विशेष महत्त्व है।

पर्व का आध्यात्मिक रूप

आध्यात्मिक ढंग से इस पर्व के दिन गौतम ऋषि, अरुंधती माँ को याद करके, वसिष्ठजी, विश्वामित्र जी आदि सप्तऋषियों को याद करके ब्राह्मण लोग गाँव की उत्तर दिशा में नदीं, तालाब या सागर के किनारे बैठकर जनेऊ बदलते हैं। पुराना जनेऊ सरिता में, सागर में बहा देते हैं और नया जनेऊ धारण करते हैं। जनेऊ बदलवाकर यह पर्व हमें अपने पूर्वजों की स्मृति कराता है कि आपके पूर्वज कितने महान थे और उनकी तरह आप भी छोटी-छोटी उपलब्धियों में रुकिये मत। रक्षाबंधन महोत्सव आपके आत्मा की जागृति का संदेश देता है। मंत्रोच्चार में, वेदपाठ में अथवा सत्कर्म करने में जो गलतियाँ हो गयी हों, उनका प्रायश्चित्त करके अपनी आध्यात्मिकता को उज्जवल करने का संकल्प करते हैं इस दिन।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जुलाई 2016, पृष्ठ संख्या 20,21 अंक 283

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ