Articles

भगवान किनसे पाते हैं अपने घर की समस्या का हल ?


एक बार भगवान श्रीकृष्ण ने देवर्षि नारदजी से कहाः “देवर्षे ! मनुष्य किसी व्यक्ति में बुद्धि-बल की पूर्णता देखकर ही उससे कुछ पूछता या जिज्ञासा प्रकट करता है । मैं आपके सौहार्द पर भरोसा रखकर आपसे कुछ निवेदन करता हूँ । मैं अपनी प्रभुता दिखा के कुटुम्बीजनों को अपना दास बनाना नहीं चाहता । मुझे जो भोग प्राप्त होते हैं, उनका आधा भाग कुटुम्बीजनों के लिए छोड़ देता हूँ और उनकी कड़वी बातें सुन के भी क्षमा कर देता हूँ ।

बड़े भाई बलराम में असीम बल है, वे उसी में मस्त रहते हैं । छोटे भाई गद में अत्यंत सुकुमारता है (अतः वह परिश्रम से दूर भागता है), रह गया बेटा प्रद्युम्न, वह अपने रूप-सौंदर्य के अभिमान से मतवाला बना रहता है । वृष्णिवंश में और भी बहुत से वीर पुरुष हैं, जो महान बलवान, दुस्सह पराक्रमी हैं, वे सब सदा उद्योगशील रहते हैं । ये वीर जिसके पक्ष में न हों, उसका जीवित रहना असम्भव है और जिसके पक्ष में चले जायें वह विजयी हो जाय । परंतु परनाना आहुक और काका अक्रूर ने आपस में वैमनस्य रख के मुझे इस तरह अवरूद्ध कर दिया है कि मैं इनमें से किसी एक का पक्ष नहीं ले सकता । आपस में लड़ने वाले दोनों ही जिसके स्वजन हों, उसके लिए इससे बढ़कर दुःख की बात और क्या होगी ?

मैं इन दोनों सुहृदों में से एक की विजयकामना करता हूँ तो दूसरे की भी पराजय नहीं चाहता । इस प्रकार मैं सदा दोनों पक्षों का हित चाहने के कारण दोनों ओर से कष्ट पाता रहता हूँ । ऐसी दशा में मेरा अपना तथा इनका भी जिस प्रकार भला हो वह उपाय बताने की कृपा करें ।”

देवर्षि नारद जी ने कहाः “श्री कृष्ण ! आप एक ऐसे कोमल शस्त्र से, जो लोहे का बना हुआ ना होने पर भी हृदय को छेद डालने में समर्थ है, परिमार्जन1 और अनुमार्जन2 करके उन्हें मूक बना दें (जिससे फिर कलह न हो) ।

1 क्षमा, सरलता और कोमलता के द्वारा दोषों को दूर करना 2 यथायोग्य सेवा-सत्कार से हृदय में प्रीति उत्पन्न करना ।

श्रीकृष्ण ने पूछाः “उस शस्त्र को मैं कैसे जानूँ, जिसके द्वारा परिमार्जन, अनुमार्जन कर सकूँ ?”

“अपनी शक्ति के अनुसार सदा अन्नदान करना, सहनशीलता, सरलता, कोमलता तथा यथायोग्य आदर-सत्कार करना – यही बिना लोहे का बना हुआ शस्त्र है । जब सजातीय बंधु आपको कड़वी तथा ओछी बातें कहना चाहें, तब आप मधुर वचन बोल के उनके हृदय, वाणी तथा मन को शांत कर दें ।

आप इस यादव संघ के मुखिया हैं । यदि इसमें फूट हो गयी तो इस समूचे संघ का विनाश हो जायेगा । अतः आप ऐसा करें जिससे आपको पाकर इसका मूलोच्छेद न हो जाय ।

श्रीकृष्ण ! सदा अपने पक्ष की उन्नति होनी चाहिए जो धन, यश तथा आयु की वृद्धि करने वाली हो और जिससे कुटुम्बीजनों में से किसी का विनाश न हो । यह सब जैसे भी सम्भव हो, वैसा कीजिये ।

माधव ! आप जैसे महापुरुष का आश्रय लेकर ही समस्त यादव सुखपूर्वक उन्नति करते हैं ।

जो महापुरुष नहीं है, जिसने अपने मन को वश में नहीं किया है वह कोई भारी भार नहीं उठा सकता । अतः आप ही इस गुरुतर भार को वहन करें ।”

जब भगवान के जीवन में ऐसी समस्याएँ आ सकती हैं तो अन्य किसी के जीवन में आ जायें तो क्या आश्चर्य ! परंतु समस्या आने पर निराश न हो के ब्रह्मज्ञानी महापुरुष का, सदगुरु का, उनके सत्संग का आश्रय लिया जाय तो कठिन-से-कठिन समस्या को सुलझाने की सुकोमल सूझबूझ निखर आती है ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2019, पृष्ठ संख्या 11, 23 अंक 316

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

‘मुझमें अहंकार नहीं’ यह जानना ही अहंकार है


महर्षि पराशर मैत्रेय को कहते हैं- “हे मैत्रेय ! सर्व अनर्थों को देने वाला जो देह आदि का अहंकार है, उसको जब तू जलायेगा (बाधित अर्थात् मिथात्व निश्चय करेगा) तब शेष जो पद रहेगा उसमें मन-वाणी का मार्ग नहीं, जो मैं वर्णन करूँ और तू सुने । परंतु देह को जलाने से सुख होता नहीं । देह को जलाने से सुख हो तो सती को भी सुख होना चाहिए, जो होता नहीं क्योंकि आवागमन से छूटने का नाम सुख है । इसलिए तुझे भी जन्म-मरणादि के मूल अहंकार को जलाने से ही सुख होगा ।”

मैत्रेयः “अहंकार मुझ चैतन्यस्वरूप को है नहीं और बिना हुए (अस्तित्व में आये) वस्तु को त्यागना लज्जा का काम है । जब अहंकार मुझमें है नहीं तब क्या त्यागूँ और क्या ग्रहण करूँ ? जैसे – आकाश को भूत-भौतिक पदार्थों का ग्रहण-त्याग नहीं बनता । हे गुरो ! जैसे मलस्पर्श बिना मल को दूर करने का उपाय करना मूर्खता है । ग्रहण-त्याग से रहित, यत्न बिना ही निर्विकल्प-निर्विकार मुझ चैतन्य में स्वतः ही अहंकार का अत्यंताभाव है । लाखों तरह के अहंकार और कोटि कोटि तरह के संकल्प व निश्चय, हजारों तरह के चिंतन व शोक, मोह आदि, हजारों तरह के खान-पान और शयन आदि तथा अनेक प्रकार के चक्षु आदि इन्द्रियों के रूप-दर्शनादि व्यवहार…. सारांश में, मन आदि धर्मी और उन अनात्मा मनादि के संकल्पादि धर्म मुझ अवाड्मनसगोचर (मन और वाणी की पहुँच से दूर) चैतन्य पूर्ण आकाश में बिजली-मेघादिवत् हजारों बार होकर मिट जाते हैं और उत्पन्न होते हैं परंतु मुझ चैतन्य आकाश का रोममात्र भी छेदन नहीं होता । जैसे भूताकाश में मेघ, बिजली, वर्षा, अंधकार, प्रकाश, सूर्य, चाँद, तारामंडल, स्वर्ग, नरक, मलिन और शुद्ध पदार्थ इत्यादि अनेक पदार्थ होते हैं और पुनः मिट जाते हैं पर आकाश ज्यों-का-त्यों है, जैसे समुद्र में तरंगे, बुदबुदे, फेन उत्पन्न हो के मिट जाते हैं परंतु समुद्र ज्यों-का-त्यों है, वैसे ही मुझ चैतन्य-समुद्र में अनंत ब्रह्मांडरूपी तरंगे उत्पन्न होकर मिट जाती है परंत मैं चैतन्य ज्यों-का-त्यों हूँ ।”

पराशर जीः “हे मैत्रेय ! बड़ा आश्चर्य है ! अहंकार बिना व अंतःकरण बिना ‘मुझ निर्विकल्प चैतन्य में अहंकार है नहीं  और जगतरूप तरंग होने-मिटने से हानि-लाभ का मुझमें अभाव है ।’ यह वृत्तांत तुझ निर्विकल्प चैतन्य को कैसे मालूम हुआ है !

हे मैत्रेय ! ‘मुझ चैतन्य में अहंकार नहीं’ यह जानना ही अहंकार है । इसी से कहता हूँ कि तू अवाडमनसगोचर निजस्वरूप के बारे में इस जाननारूप अन-होते अहंकार का त्याग कर तो सुखी होगा ।”

मैत्रेयः “मैं सुखी नहीं होता क्योंकि सुखी होना-न-होना भी अहंकार ही है ।”

पराशर जीः “यही समझ संतों की है परंतु तूने तो निर्विकल्प को सविकल्प जाना है और सविकल्प को निर्विकल्प जाना है । हे मैत्रेय ! तू सम्यदर्शी1 हो संत पदवी पायेगा ।”

1 प्रतिबिम्बों की तरह नष्ट हो रहे पदार्थों में दर्पण-सदृश यानी प्रतिबिम्बों के नष्ट होने पर भी दर्पण की नाईं साक्षीस्वरूप से स्थित अविनाशी आत्मा को जो देखता है, वह सम्यदर्शी है ।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2019, पृष्ठ संख्या 10 अंक 316

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

पहले खुद को पहचानो


एक बार श्री रमण महर्षि जी के एक शिष्य ने उनसे पूछाः “भगवन् ! मैं किताबें पढ़ना चाहता हूँ ताकि मुक्ति का मार्गदर्शन मिल सके, पर मैं पढ़ना नहीं जानता हूँ, मैं क्या करूँ ? मुझे मुक्ति कैसे मिल सकती है ?”

महर्षि जी ने कहाः “तुम अनपढ़ हो इससे क्या फर्क पड़ता है ? तुम आत्मा को जानो यही काफी है । ये किताबें क्या सिखाती हैं ? तुम अपने-आपको देखो, और फिर मुझे । यह तो ऐसे ही है जैसे तुमसे कहना कि “दर्पण में अपने-आपको देखो ।’ दर्पण में वही दिखेगा जो होगा । यदि मुँह धोकर देखोगे तो चेहरा साफ दिखेगा, नहीं तो दर्पण कहेगा, ‘मुँह गंदा है, यहाँ धूल है, वहाँ गंदा है, धोकर आओ ।’ किताब भी ऐसा ही कुछ करती है । यदि आत्मज्ञान के बाद पुस्तक पढ़ोगे तो सब आसानी से समझ में आयेगा । यदि आत्मज्ञान से पहले पढ़ोगे तो (सही मार्गदर्शन में भी) त्रुटियाँ दिखेंगी । पुस्तक भी यही कहती है, पहले अपने-आपको पहचानो फिर मुझे पढ़ो । पहले खुद को पहचानो । इस किताबी ज्ञान की तुम इतनी चिंता क्यों करते हो ?”

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2019, पृष्ठ संख्या 7 अंक 316

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ