Articles

माँ और मैं एक ही हैं


स्वामी श्री अखंडानंद सरस्वती जी बताते हैं कि “एक बार आनंदमयी माँ के भक्त आये और उन्होंने श्री उड़िया बाबाजी से पूछा कि “महाराज जी ! आप श्री आनंदमयी माँ को क्या मानते हैं ?” इस प्रश्न में जो असंगति है उसको आप देखो। मानी वह चीज जाती है जो परोक्ष (अप्रत्यक्ष) होती है। जैसे एक मनुष्य हमारे सामने बैठा है। आप पूछो कि ‘आप उसको दुरात्मा मानते हो कि महात्मा ?’ तो दुरात्मनापना भी परोक्ष है और महात्मापना भी परोक्ष है। अगर हमारा प्रेम होगा तो उसको हम महात्मा बतायेंगे और द्वेष होगा तो दुरात्मा बतायेंगे। असल में हम अपने दिल की बात उगलेंगे। लेकिन मान्यता जो है वह परोक्ष के बारे में होती है, साक्षात् अपरोक्ष (साक्षात अपना आपा) के बारे में नहीं होती।

महात्माओं के लिए ईश्वर, जीव, जगत, देश, काल साक्षात् अपरोक्ष होते हैं इसलिए किसी भी वस्तु के बारे में उनकी मान्यता नहीं होती। उनका तो अनुभव ही होता है, अपना स्वरूप ही होता है। मान्यता तो उन लोगों की होती है जिनको पाँव के नीचे की धरती दिखती है।

तो भक्त ने कहा कि “आप आनंदमयी माँ को क्या मानते हैं ?”

उड़िया बाबा जी बोलेः “(माँ भी बैठी थीं, उनके सामने ही बोले) बेटा ! जो मैं हूँ सो माँ है, जो माँ है सो मैं हूँ। माँ और मैं एक ही हैं।”

इससे बढ़िया और कोई उत्तर नहीं हो सकता था परंतु उस भक्त ने कहाः “बाबा जी ! आप वेदांत की बात कर रहे हैं। आप सच्ची बात बताइये।” माने उनके मन में था कि वेदांत तो एकांगी चीज है, वह पूर्ण दर्शन नहीं है।

“देख ! अगर माँ मुझसे कुछ भी न्यारी है तो तीनों काल में माँ की कोई सत्ता नहीं है। केवल मिथ्या प्रतीति हो रही है माँ की। मैं हूँ सो ही माँ है। तब तो माँ और मैं एक ही हैं। अगर मेरे अतिरिक्त कोई माँ है तो उसकी कोई सत्ता नहीं, केवल मिथ्या कल्पनामात्र है।”

वेदांत की दृष्टि में अपने सिवाय दूसरी कोई वस्तु नहीं होती। और एक बात है, सृष्टि केवल जड़ से ही होती है, चेतन से सृष्टि नहीं होती, चेतन की दृष्टि ही होती है। जड़ता में सृष्टि होती है। चेतनता में सृष्टि नहीं होती, परिवर्तन नहीं होता, परिणाम नहीं होता। चेतन की दृष्टि ही सारी सृष्टि है। और ‘चेतन की दृष्टि’ यह केवल विकल्प है। चेतन और दृष्टि दो वस्तुएँ नहीं होतीं इसलिए चेतन एक अखंड सत्ता है। यह वेदांत का सिद्धान्त है। अद्वैत सिद्धान्त इसके संबंध में बिल्कुल स्पष्ट है।”

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2016, पृष्ठ संख्या 6, अंक 280

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

जीवन वृथा जा रहा है अज्ञानियों का


श्री योगवाशिष्ठ महारामायण में श्री वसिष्ठ जी कहते हैं-  हे राम जी ! अपना वास्तविक स्वरूप ब्रह्म है। उसके प्रमाद से जीव मोह (अज्ञान) और कृपणता को प्राप्त होते हैं। जैसे लुहार की धौंकनी वृथा श्वास लेती है वैसे ही इनकी चेष्टा  व्यर्थ है।

पूज्य बापू जीः जैसे लुहार की धौंकनी वृथा श्वास लेती है, ऐसे ही अज्ञानियों का जीवन वृथा जा रहा है। जो सत्-चित्-आनन्दस्वरूप वैभव है, ज्ञान है, सुख है उसको पाते नहीं, ऐसे ही आपाधापी, ‘मेरा-तेरा’ कर-कराके इकट्ठा करके, छोड़ के मर जाते हैं। जो लेकर नहीं जाना है वह इकट्ठा कर रहे हैं। जो पहले नहीं था, बाद में नहीं रहेगा, उसी के लिए प्रयत्न कर रहे हैं। जो पहले था, अभी है, बाद में रहेगा उसकी तरफ से अज्ञ हो रहे हैं।

श्री वसिष्ठ जी कहते हैं- इनकी चेष्टा और बोलना अनर्थ के निमित्त है। जैसे धनुष से जो बाण निकलता है वह हिंसा के निमित्त है, उससे और कुछ कार्य सिद्ध नहीं होता, वैसे ही अज्ञानी की चेष्टा और बोलना अनर्थ और दुःख के निमित्त है, सुख के निमित्त नहीं और उसकी संगति भी कल्याण के निमित्त नहीं। जैसे जंगल के ठूँठ वृक्ष से छाया और फल की इच्छा करना व्यर्थ है, उससे कुछ फल नहीं होता और न विश्राम के निमित्त छाया ही प्राप्त होती है, वैसे ही अज्ञानी जीव की संगति से सुख नहीं होता। उनको दान देना व्यर्थ है। जैसे कीचड़ में घृत (घी) डालना व्यर्थ होता है वैसे ही मूर्खों को दिया दान व्यर्थ होता है। उनसे बोलना भी व्यर्थ है।

पूज्य श्रीः जिनको आत्मज्ञान में रूचि नहीं ऐसे मूर्खों को, अज्ञानियों को दान देना भी व्यर्थ है। अज्ञानी से सम्पर्क करना भी व्यर्थ है। जैसे ऊँट काँटों के वृक्ष को पाता है, ऐसे ही अज्ञानी के संग से अज्ञान ही बढ़ता है। ज्ञानी वह है जो भगवत्सुख में, अपने नित्य स्वरूप में लगा है। अज्ञानी वह है जो देख के, सूँघ के, चख के मजा लेना चाहता है। भोग उन्हें कहते हैं जो अपने नहीं हैं और सदा साथ में नहीं रहते और भगवान उसको कहते हैं जो अपने हैं और सदा साथ हैं। जो अनित्य हैं, अपूर्ण हैं और दुःख तथा अशांतिमय कर्म की सापेक्षता से प्राप्त होता है और प्राप्ति के बाद भी टिकता नहीं वह संसार है, उसको ‘जगत’ बोलते हैं। जो नित्य है, पूर्ण है, सुखस्वरूप है, शांतिस्वरूप है, जिसकी प्राप्ति में कर्म की अपेक्षा नहीं है, चतुराई, चालाकी, कपट की अपेक्षा नहीं है, सहज में प्राप्त है, केवल सच्चाई और प्रीति चाहिए, और किसी प्रयास से प्राप्त नहीं होता, जो अनायास, सहज, सदा प्राप्त होता है और मिटता नहीं उसको ‘जगदीश्वर’ बोलते हैं। तो अज्ञानी लोग दुःखमयी चेष्टा करते हैं, जो टिके नहीं उसी के लिए मरे जा रहे हैं और ज्ञानवान जो मिटे नहीं उसी में शांति, माधुर्य में मस्त हैं। परमात्मा की प्रीति, शांति और परमात्मा का ज्ञान सारे दुःखों को हरते हैं। परमात्म-प्राप्त महापुरुषों को देखते हैं तो शांति मिलती है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2016, पृष्ठ संख्या 10, अंक 280

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

इसके सिवा अन्य कोई रास्ता नहीं


मुमुक्षा का उदय क्यों नहीं ?

मनुष्य जन्म, जो बड़ा दुर्लभ था, आपको मिल गया है। यह वह साँचा है जिसमें परमात्मा समा जाता है। इसमें आपको वह शीशा मिला है जिसमें परब्रह्म-परमात्मा का प्रतिबिम्ब दिखाई पड़ता है।

मनुष्य शरीर में भी श्रुति का यह सिद्धान्त, वह रहस्य समझ में आना दुर्लभ है जो कर्म की सीमा के पार है, जो भोग की सीमा से परे है। यही समझ मुमुक्षा की जननी है।

परंतु हो क्या रहा है ? ऐसा दुर्लभ मनुष्य-जीवन प्राप्त करके भी जीवन कर्म और भोग के सम्पादन में दुःख भी मिलता है, फिर भी इनके त्याग में रुचि नहीं होती। रुचि होती है अपने को बेहोश करने में, दूसरों से लड़ाई-झगड़ा करने में और अपना अहंकार बढ़ाने में। असत् में आस्था दृढ़ होती जा रही है तो फिर सत्यस्वरूप आत्मसुख का ग्रहण कैसे होगा ?

जिसकी बुद्धि मोहग्रस्त है वह तो फँसा है। बंदर ने छोटे मुँह के बर्तन में मूँगफली या गुड़ का ढेला लेने के लिए हाथ डाला किंतु जब मुट्ठी भर गयी तो बर्तन से हाथ निकलता ही नहीं ! वह पकड़ा गया है। अरे ओ मूढ़ मन ! एक चीज को पाने के लिए दुनिया में जाता है और इतना बंधन ! इतनी पराधीनता ! स्त्री-सुख, धन-सुख, परिवार-सुख – सबमें पराधीनता है। जिसको पराधीनता नहीं खलती, वह कैसे परम स्वतंत्र परमात्मा को पाने के लिए उद्योग करेगा ? उसमें मुमुक्षा का उदय ही नहीं होगा।

जिसके लिए तुम एड़ी-चोटी का पसीना एक कर रहे हो वह सत्य है कि मृगतृष्णा ? क्या तुम बता सकते हो कि अनादि काल से अब तक जिन लाखों-करोड़ों लोगों ने वह चीज पायी, उसे भोगा, उसके मालिक बने, उनको शाश्वत सुख-शांति मिली ? नहीं मिली ! मानो लोगों को नशा चढ़ा है ! कर्म और भोग का नशा ! न शम्-शान्तिर्यया इति नशा – जिससे सच्ची सुख-शांति न मिले उसको कहते है नशा ! आप नित्य शुद्ध बुद्ध मुक्तात्मा होकर अपने को मरने वाला, पापी पुण्यात्मा समझते हैं, स्वाधीन होने पर भी पराधीन समझते हैं, मुक्त रहने पर भी बंधन में पड़े जा रहे हैं, और पड़े जा रहे हैं… यही नशा है।

वेद कहता हैः यदि तुमने इसी जीवन में सत्य को जान लिया, तब तो ठीक है परंतु यदि न जाना तो महान विनाश हुआ। (इह चेदवेदीदथ सत्यमस्ति न चेदिहावेदीन्महती विनष्टिः। केनोपनिषद् 2.5) आपकी बुद्धि परमात्मा से एक होने के लिए मिली थी वह नहीं हुई। आपकी कामना परमानंद से एक होने के लिए मिली थी, वह परमानंद अपने प्राप्त नहीं किया। आपका यह जीवन अजर-अमर होने की सीढ़ी था परंतु आपने अजर-अमर जीवन नहीं पाया ! यह तो मानो खुदकुशी हुई, आत्मघात हुआ। आपको अपना ही परिचय नहीं है कि ‘मैं कौन हूँ ?’ अपने आपको ठीक-ठाक न जानना ही आत्मघात है। आप अपने को ही मार रहे हैं, दूसरे को नहीं मार रहे हैं क्योंकि आपने मिथ्या (परिवर्तनशील) को पकड़ रखा है, अथवा अब तो मिथ्या ने ही आपको पकड़ लिया है और आप उसे छोड़ नहीं पा रहे हैं !

जो परिवर्तनशील है उसको सच्चा समझ लिया और जो सच्चिदानंदस्वरूप आत्मा है उसको परे और पराया समझ लिया। इससे बढ़कर और क्या मूढ़ता होगी ?

बिना ज्ञान के मुक्ति नहीं

तब क्या करें ? वेद शास्त्रों की पंक्ति-पंक्ति घोट डालें ? शास्त्रों के लच्छेदार प्रवचन करने की योग्यता प्राप्त कर लें ? वेदोक्त देवताओं की आराधना करके उनको सिद्ध कर लें ? सारा जीवन शास्त्र और लोक से सम्मत शुभ कर्मों में बिता दें ? सारा समय इष्ट देवता के भजन में व्यतीत करते रहें ? समाधि सिद्ध कर लें ? क्या उपाय करें कि असत् का ग्रहण छूटे, बुद्धि की मूढ़ता हटे, मुमुक्षा जगह और अंततः मोक्ष की प्राप्ति हो ?

श्री शंकराचार्य भगवान कहते हैं कि कुछ भी करो और चाहे जब तक करते रहो, जब तक आत्मा और ब्रह्म की एकता का बोध नहीं होता, तब तक सौ कल्पों में भी मोक्ष की सिद्धि नहीं हो सकती। (वदन्तु शास्त्राणि यजन्तु देवान कुर्वन्तु कर्माणि भजन्तु देवताः। आत्मैक्यबोधेन विना विमुक्ति- र्न सिध्यति ब्रह्मशतान्तरेऽपि।। (विवेक चूड़ामणिः 6)

उपनिषदों का यही सिद्धान्त है कि बिना ज्ञान के मुक्ति नहीं होती।  (ऋते ज्ञानान्न मुक्तिः) उसको जानकर ही मनुष्य मृत्यु का अतिक्रमण (मृत्यु को पार) कर जाता है। इसके लिए अन्य कोई रास्ता नहीं है।

तमेव विदित्वाति मृत्युमेति नान्यः पन्था विद्यतेऽयनाय। (श्वेताश्वतर उपनिषद् 3.8)

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अप्रैल 2016, पृष्ठ संख्या 24,25 अंक 280

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ