Articles

मेरा उद्देश्य भी वही है – पूज्य बापू जी


जन्माष्टमी श्रीकृष्ण का यश बढ़ाने वाली है, ऐसा मैं नहीं मानता हूँ। यह तो श्रीकृष्ण के अनुभव से मानवता का मंगल करने वाली है, ऐसा मेरा अपना मंतव्य है। दुनिया के हर मजहब, पंथ सम्प्रदाय का पुजारी इस अटपटे और अनोखे, रसमय अवतार के अनुभव से बहुत कुछ समझ सकता है।

श्रीकृष्ण ऐसे समर्थ हैं कि कभी चतुर्भुजी बन जाते हैं फिर द्विभुजी बन जाते हैं। जरूरत पड़ी तो युधिष्ठिर के यज्ञ में सेवाकार्य ढूँढ लिया, कौन-सा ? साधु-संतों के चरण धोना, उनको भोजन कराना और जूठी पत्तलें उठाना। कोई व्यक्ति बड़े पद पर पहुँच जाता है तो उसको अपनी कार चलाने में भी शर्म आती है, अपना बड़प्पन सँभालने में इतना खो जाता है, पागल हो जाता है ! लेकिन भगवान का यह कितना बड़प्पन है कि बड़प्पन सँभालने की जरूरत ही नहीं पड़ती। छोटे-से-छोटा काम कर लेते हैं। कितना फासला है !

श्रीकृष्ण का अवतार सभी के मंगल के लिए है। आप देखोगे तो श्रीकृष्ण का जीवन समस्याओं से भरा है। पूरा जीवन विघ्न बाधा, निंदा, संघर्ष और आकर्षण, प्रेम-माधुर्य से भरा था। प्यार प्रेम भी बहुत था और विरोध-विघ्न भी बहुत थे। न प्यार-प्रेम में फँसे न विरोध में। वृंदावन में छोड़ दिया तो छोड़ दिया, मुड़कर गये नहीं। प्रजा का शोषण हो रहा था तो अर्जुन को उत्साहित किया। धृतराष्ट्र ने संदेशा भेजा कि ʹश्रीकृष्ण ! तुम चाहो तो युद्ध रूक सकता है।ʹ

कृष्ण ने कहाः “तुम्हारी यह बात तो ठीक है लेकिन यदि युद्ध रूका और दुर्योधन ऐसा ही बना रहा तो समाज का क्या हाल होगा ? समाज का शोषण होता रहे और युद्ध रूके वह किस काम का ? क्रांति के बाद शांति आती है। शोषित व्यक्ति शोषित होते रहें और हम युद्ध रोकने का प्रयास करें तो यह अधर्म होगा।”

अर्जुन तो युद्ध करने को तैयार ही नहीं था। श्रीकृष्ण चुप बैठते तो भी युद्ध रूक जाता, अर्जुन साधु बाबा बन जाते लेकिन कृष्ण बोलते हैं-

क्षुद्रं हृदयदौर्बल्यं त्यक्त्वोत्तिष्ठ परंतप।

जो समाज का शोषण करते हैं उनको तपाने वाले परंतप ! उठो।

अर्जुन ने इधर-उधर की धार्मिक बातों को सुनाकर छटकना चाहा लेकिन श्रीकृष्ण ने उसके सारे तर्क बेबुनियाद साबित कर दिये। ज्ञान में श्रीकृष्ण ऐसे हैं कि बिल्कुल तटस्थ !

ʹआधिभौतिक क्या होता है ? आधिदैविक क्या होता है ? अध्यात्म क्या होता है ?ʹ अर्जुन को ऐसे प्रश्न मिले कि जिज्ञासा जगी और श्रीकृष्ण ने उसकी जिज्ञासा की पूर्ति करके उसे ऐसी  जगह पहुँचाया जहाँ स्वयं पहुँचे थे ! ऐसा जगत का कोई गुरु, जगत का हितैषी कभी-कभी धरती पर आता है, जो आत्मदेव में स्वयं पहुँचा हो।

तो तुम्हारे अहं की मटकी फूटे, कन्हैया का ऐसा प्रेमभरा रस लग जाय ताकि आपका मंगल हो जाये। मटकी फोड़ना मेरा उद्देश्य नहीं है। मटकी के भीतर छुपा हुआ जो मधुमय मधुरस है, नित्य नवीन रस है वह ब्रह्मसुख प्रकटे। श्रीकृष्ण ने जीवनभर वही किया और मेरा भी उद्देश्य वही है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अगस्त 2013, पृष्ठ संख्या 28, अंक 248

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

जन्माष्टमी व्रत की महिमा – पूज्य बापू जी


(श्रीकृष्ण जन्माष्टमीः 28 अगस्त 2013)

ब्रह्माजी सरस्वती को कहते हैं और भगवान श्रीकृष्ण अपने भक्त उद्धव को कहते हैं कि ʹʹजो जन्माष्टमी का व्रत रखता है, उसे करोड़ों एकादशी व्रत करने का पुण्य प्राप्त होता है और उसके रोग, शोक, दूर हो जाते हैं।” धर्मराज सावित्री देवी को कहते हैं किः “जन्माष्टमी का व्रत सौ जन्मों के पापों से मुक्ति दिलाने वाला है।” उपवास से भूख-प्यास आदि कष्ट सहने की आदत पड़ जाती है, जिससे आदमी का संकल्पबल बढ़ जाता है। इन्द्रियों के संयम से संकल्प की सिद्धि होती है, आत्मविश्वास बढ़ता है जिससे आदमी लौकिक फायदे अच्छी तरह से प्राप्त कर सकता है।

इसका मतलब यह नहीं कि व्रत की महिमा सुनकर मधुमेह वाले या कमजोर लोग भी पूरा व्रत रखें। बालक, अति कमजोर तथा बूढ़े लोग अनुकूलता के अनुसार थोड़ा फल आदि खायें।

अकाल मृत्यु व गर्भपात से करे रक्षा

ʹभविष्य पुराणʹ में लिखा है कि ʹजन्माष्टमी का व्रत अकाल मृत्यु नहीं होने देता है। जो जन्माष्टमी का व्रत करते हैं, उनके घर में गर्भपात नहीं होता। बच्चा ठीक से पेट में रह सकता है और ठीक समय पर बालक का जन्म होता है।ʹ

पुण्य के साथ दिलाये स्वास्थ्य लाभ

जन्माष्टमी के दिनों में मिलने वाला पंजीरी का प्रसाद वायुनाशक होता है। उसमें अजवायन, जीरा व गुड़ पड़ता है। इस मौसम में वायु की प्रधानता है तो पंजीरी खाने खिलाने का उत्सव आ गया। यह मौसम मंदाग्नि का भी है। उपवास रखने से मंदाग्नि दूर होगी और शरीर में जो अनावश्यक द्रव्य पड़े हैं, उपवास करने से वे खिंचकर जठर में आ के स्वाहा हो जायेंगे, शारीरिक स्वास्थ्य मिलेगा। तो पंजीरी खाने से वायु का प्रभाव दूर होगा और व्रत रखने से चित्त में भगवदीय आनंद, भगवदीय प्रसन्नता उभरेगी तथा भगवान का ज्ञान देने वाले गुरु मिलेंगे तो ज्ञान में स्थिति भी होगी। अपनी संस्कृति के एक-एक त्यौहार और एक-एक खानपान में ऐसी सुंदर व्यवस्था है कि आपका शरीर स्वस्थ रहे, मन प्रसन्न रहे और बुद्धि में बुद्धिदाता का ज्ञान छलकता जाय। जन्माष्टमी के दिन किया हुआ जब अनंत गुना फल देता है। उसमें भी जन्माष्टमी की पूरी रात जागरण करके जब-ध्यान का विशेष महत्त्व है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अगस्त 2013, पृष्ठ संख्या 16, अंक 248

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

गणेश जी श्रीविग्रह देता सुन्दर प्रेरणाएँ – पूज्य बापू जी


भगवान शिव ने की सर्जरी

जो इन्द्रिय-गणों का, मन बुद्धि गणों का स्वामी है, उस अंतर्यामी विभु का ही वाचक है ʹगणेशʹ शब्द। ʹगणानां पतिः इति गणपतिः।ʹ उस निराकार परब्रह्म को समझाने के लिए ऋषियों ने और भगवान ने क्या लीला की है ! कथा आती है, शिवजी कहीं गये थे। पार्वती जी ने अपने योगबल से एक बालक पैदा कर उसे चौकीदारी करने रखा। शिवजी जब प्रवेश कर रहे थे तो वह बालक रास्ता रोककर खड़ा हो गया और शिवजी से कहाः “आप अन्दर नहीं जा सकते।”

शिवजी ने त्रिशूल से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। पार्वती जी ने सारी घटना बतायी। शिवजी बोलेः “अच्छा-अच्छा, यह तुम्हारा मानस-पुत्र है तो हम भी इसमें अपने मानसिक बल की लीला दिखा देते हैं।” शिवजी ने अपने गणों से कहाः “जाओ, जो भी प्राणी मिले उसका सिर ले आओ।” गण हाथी का सिर ले आये और शिवजी ने उसे बालक के धड़ पर लगा दिया। सर्जरी की कितनी ऊँची घटना है ! बोले, ʹमेरी नाक सर्जरी से बदल दी, मेरा फलाना बदल दिया….ʹ अरे, सिर बदल दिया तुम्हारे भोले बाबा ने ! कैसी सर्जरी है !
और फिर इस सर्जरी से लोगों को कितना समझने को मिला !

समाज को अनोखी प्रेरणा

गणेश जी के कान बड़े सूप जैसे हैं। वे यह प्रेरणा देते हैं कि जो कुटुम्ब का बड़ा हो, समाज का बड़ा हो उसमें बड़ी खबरदारी होनी चाहिए। सूपे में अन्न-धान में से कंकड़-पत्थर निकल जाते हैं। असार निकल जाता है, सार रह जाता है। ऐसे ही सुनो लेकिन सार-सार ले लो। जो सुनो वह सब सच्चा न मानो, सब झूठा न मानो, सार-सार लो। यह गणेश जी के बाह्य विग्रह से प्रेरणा मिलती है।

गणेश जी की सूँड लम्बी है अर्थात् वे दूर की वस्तु की भी गंध लेते हैं। ऐसे ही कुटुम्ब का जो अगुआ है, उसको कौन, कहाँ, क्या कर रहा है या क्या होने वाला है इसकी गंध आनी चाहिए।

हाथी के शरीर की अपेक्षा उसकी आँखें बहुत छोटी हैं लेकिन सुई को भी उठा लेता है हाथी। ऐसे ही समाज का, कुटुम्ब का अगुआ सूक्ष्म दृष्टिवाला होना चाहिए। किसको अभी कहने से क्या होगा ? थोड़ी देर के बाद कहने से क्या होगा ? तोल-मोल के बोले, तोल-मोल के निर्णय करे।

भगवान गणेश जी की सवारी क्या है ? चूहा ! इतने बड़े गणपति चूहे पर कैसे जाते होंगे ? यह प्रतीक है समझाने के लिए कि छोटे-से-छोटे आदमी को भी अपनी सेवा में रखो। बड़ा आदमी तो खबर आदि नहीं लायेगा लेकिन चूहा किसी के भी घर में घुस जायेगा। ऐसे छोटे से छोटे आदमी से भी कोई न कोई सेवा लेकर आप दूर तक की जानकारी रखो और अपना संदेश, अपना सिद्धान्त दूर तक पहुँचाओ। ऐसा नहीं कि चूहे पर गणपति बैठते हैं और घर घर जाते हैं। यह संकेत है आध्यात्मिक ज्ञान के जगत में प्रवेश पाने का

गणेश-विसर्जन का आत्मोन्नतिकारक संदेश

गणेशजी की मूर्ति तो बनी, नाचते-गाते विसर्जित भी की, निराकार प्रभु को साकार रूप में मानकर फिर साकार आकृति भी विसर्जित हुई लेकिन इस भगवद्-उत्सव में नाचना-कूदना झूमना तुम्हारे दिल में कुछ दे जाता है। रॉक और पॉप म्यूजिक पर जो नाचते-कूदते हैं, उनको भी कुछ दे जाता है जैसे – सेक्सुअल आकर्षण, चिड़चिड़ा स्वभाव, जीवनशक्ति का ह्रास…. लेकिन गजानन के निमित्त जो नाचते-गाते झूमते हैं, उन्हें यह उत्सव सूझबूझ दे जाता है कि सुनो सब लेकिन छान-छानकर सार-सार ही मन में रखो। दूर की भी गंध तुम्हारे पास होनी चाहिए। छोटे-से-छोटे आदमी का भी उपयोग करके अपना दैवी कार्य करो।

गणेश विसर्जन कार्यक्रम आपको अहंकार के विसर्जन, आकृति में सत्यता के विसर्जन, राग-द्वेष के विसर्जन का संदेश देता है। बीते हुए का शोक न करो। जो चला गया वह चला गया। जो चीज-वस्तु बदलती है उसका शोक न करो। आने वाले का भय न करो। वर्तमान में अहंकार की, नासमझी की दलदल में न गिरो। तुम बुद्धिमत्ता बढ़ाने के लिए ʹ गं गं गं गणपतये नमःʹ का जप किया करो और बच्चों को भी सिखाओ। बिल्कुल सुंदर व्यवस्था हो जायेगी !

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अगस्त 2013, पृष्ठ संख्या 8,9 अंक 248

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ