All posts by Gurukripa

तू सूर्य बन !


संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग प्रवचन से

उत्तरायण अर्थात् सूर्य का उत्तर दिशा की और प्रयाण। जैसे मकर-सक्रान्ति से सूर्य उत्तर दिशा की तरफ प्रयाण करता है वैसे ही आपका जीवन भी उन्नति की ओर अग्रसर होता जाय….. ऋषि कहते हैं- ‘तुम सूर्य की नाईं बनो।’

कोई प्रश्न करता है कि ‘महाराज ! सूर्य तो दो सौ करोड़ वर्ष पुराना है और नौ करोड़, तीस लाख मील दूर रहता है। हम उसके समान कैसे बन सकते हैं ? अगर बनें तो सूर्य कैसा है ? हाईड्रोजन और हीलीयम गैस का गोला, उसके आगे बड़े-बड़े भयानक बम भी कुछ नहीं हैं इतना वह गर्म है और ऋषि कहते हैं- ‘सूर्य की नाईं बनो।’ लेकिन ऋषि के इस वचन के पीछे बड़ा गहरा आशय छिपा हुआ है।

ऋषि के कहने का भावार्थ यह है कि जैसे सूर्य अपने व्रत पर अडिग रहता है वैसे ही मनुष्य ! तू अपने व्रत पर अडिग रह। तू अपनी मनुष्यता बनाये रख। तू अपनी मान्यता से गिर मत। अगर तू मनुष्यता से ऊपर उठ जाय, योगसिद्ध हो जाय, समता के सिंहासन पर बैठ जाय तो और ऊँची बात है। लेकिन कम-से-कम मनुष्यता से कभी गिरना मत।

सूर्य की दूसरी विशेषता है कि वह नदियों, तालाबों आदि से पानी उठा लेता है, लेकिन पानी का अपने पास संग्रह नहीं करता वरन् उस पानी को पुनः लौटा देता है। खारे सागर में से भी अपनी किरणों द्वारा जल ले लेता है और मीठा जल बरसाता है। उसी पानी से खेत हरे-भरे लहलहाने लगते हैं, फूल खिलने लगते हैं, धरती माता शीतल हो जाती है।

अतः हे मनुष्य ! तू सूर्य से त्याग सीख। तू भी धन बढ़ा, योग्यता बढ़ा, अक्ल बढ़ा किन्तु उस धन, योग्यता एवं विद्या को केवल अपने अहंकार के पोषण के लिए उपयोग न कर परन्तु उनका उपयोग बहुजनहिताय-बहुजनसुखाय हो, ऐसा प्रयत्न कर। सूर्य सब जगह से पानी ले लेता है और देने में राग-द्वेष नहीं करता, ऐसे ही तू भी प्राप्त योग्यता को बिना राग-द्वेष के मानवता की सेवा में लगाने की प्रेरणा सूर्य से ले।

सूर्य की तीसरी विशेषता है कि वह गंदी नालियों, कीचड़ आदि से भी पानी उठा लेता है लेकिन गंदी जगहों से स्वयं प्रभावित नहीं होता। सूर्य गंदी जगहों से भी अपनी किरणों द्वारा पानी ले लेता है, वैसे तू भी हर जगह से गुण लेना सीख ले लेकिन स्वयं किसी के भी दुर्गुणों से प्रभावित न हो। सूर्य यह सिखाता है कि वमन जैसी गंदी चीज से भी जैसे वह वाष्प बनाकर पानी ले लेता है, ऐसे ही किसी के रोकने-टोकने में अथवा फटकारने में से भी अपने हित की बात लेकर तू अपनी समता, नम्रता आत्मसुख की वृत्ति बनाकर तू निरंतर आगे बढ़ता जा।

सूर्य की चौथी विशेषता है कि वह कभी निराश नहीं होता है। कभी पलायनवादी विचार नहीं करता है। घनघोर घटायें छा जाती हैं और सूर्य को ढँक लेती हैं फिर भी सूर्य कभी यह नहीं सोचता है कि ‘हाय रे ! इन घनघोर घटाओं ने मुझे घेर लिया…. कभी-कभी 8-8 दिन तक तो कहीं 4 से 6 महीने तक इन घटाओं से घिरा रहता हूँ…. मैं इतना देता हूँ फिर भी मेरे साथ अन्याय हो रहा है।’ नहीं, सूर्य कभी निराश नहीं होता है। सूर्य कभी अपने को लघुता ग्रंथी में नहीं बाँधता है।

सूर्य देखता है कि घनघोर घटायें आती-जाती रहती हैं। कई बार आयीं और गयीं। ऐसे ही तुम्हें भी कभी कोई विफलता मिल जाय, परेशानी आ जाय, कोई रोग घेर ले, अथवा कभी निंदा हो जाय…. इस प्रकार की कोई भी घटा तुम्हारे जीवन में आने पर तो, निराश मत होना और न ही पलायनवादी बनना वरन् तुम तो अपनी महिमा में वैसे ही चमकते रहना जैसे सूर्य चम-चम चमकता रहता है।

जो मंजिल चलते हैं वे शिकवा नहीं किया करते हैं।

जो शिकवा किया करते हैं वे मंजिल पहुँचा नहीं करते हैं।।

तू फरियाद मत कर, पुरुषार्थ कर। निराश मत हो, आशावादी बन, उत्साही बन तो दुःख के बादल बिखर जायेंगे। तू विघ्न-बाधाओं के सिर पर पैर रखकर आगे बढ़ता चला जा तो सफलता तेरी दासी हो जायेगी। विघ्न-बाधाएँ पैरों तले कुचलने की चीज है तथा सुख, प्रेम और आनंद बाँटने की चीज है।

सूर्य कितना पुरुषार्थी है, निरन्तर पुरुषार्थ करता रहता है। सूर्य कभी हड़ताल नहीं करता वरन् सदैव अपने कर्तव्य का पालन करता है। नित्य अपना कर्तव्य पालते हुए भी उसको कर्तव्य करने का बोझा नहीं लगता और न ही वह किसी पर एहसान करने की डीँग हाँकता है, ऐसे ही तू भी अपना कर्तव्यपालन कर और काम करने की डीँग मत हाँक।

इसीलिए ऋषि कहते हैं कि तू सूर्य बन। हो सके तो सूर्य से ऊपर उठ जाना। सूर्य जिससे चमकता है उस चैतन्य को ‘मैं’ मानकर मुक्त होह जाना, लेकिन अगर तुम उतने उन्नत नहीं हो सकते तो कम से कम मानवता से नीचे तो मत गिरना। तुम भी सूर्य की भाँति अपना आत्मतेज विकसित करना।

सूर्य तुम्हें पौरूष और प्रकाश की प्रेरणा देता है। ऐसा सूर्य जिस तेज से चमकता है वह आत्मतेज तुम्हारे पास, तुम्हारे साथ है। तुम उसका आदर करते रहो, उससे लाभ लेते रहो और जानकर मुक्त हो जाओ। ॐॐ पुरुषार्थ…. ॐॐ सतर्कता…. ॐॐसाहस…. ॐॐ सहजता…. ॐॐ सरलता…. ॐॐ शातिं ॐ शांति….

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जनवरी 2002, पृष्ठ संख्या 22,23 अंक 109

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

तीव्र विवेक


संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग-प्रवचन से

विवेक किसको बोलते हैं ?

दो चीजें मिल गयी हों, मिश्रित हो गयी हों उनको अलग करने की कला का नाम है विवेक। परमात्मा चेतन है, जगत जड़ है और दोनों के मिश्रण से सृष्टि चलती है। सृष्टि में सुख-दुःख, लाभ-हानि, अच्छा-बुरा, जीवन-मरण ये सब मिश्रित हो गया है। उसमें से सार-असार को, नित्य-अनित्य को, जड़ और चेतन को पृथक समझने की कला है विवेक।

जगत में जितने भी दुःख हैं, क्लेश हैं, अनर्थ हैं सबके मूल में है विवेक की कमी। विवेक की कमी के कारण ही हम जो हैं उसका हमको पता नहीं है और जो हम नहीं हैं उसको (देह को) हम ‘मैं’ मान बैठे हैं।

सत् क्या है – असत् क्या है ? शाश्वत क्या है – नश्वर क्या है ? नित्य क्या है – अनित्य क्या है ? इसका अगर विवेक हो जाये तो नश्वर का नश्वर समझने से दुःख नहीं होगा और शाश्वत को शाश्वत मानने से उसे पाये बिना मन नहीं मानेगा।

जैसे, मिट्टी का घड़ा। कच्चे घड़े में यदि पानी डालो तो वह पानी में पिघल जाता है लेकिन उस घड़े को आग में बराबर पकाओ तो वह पक्का घड़ा पानी की गर्मी आदि दोषों को हर लेता है और पानी को भी अमृतसम शीतल बना देता है। ऐसे ही सत्संग के द्वारा विवेक को जागृत किया जाता है। फिर ध्यानादि करके विवेक को परिपक्व किया जाता है। विवेक परिपक्व होने से संसार का व्यवहार भी शीतल हो जाता है, दोषों को हरने वाला हो जाता है और दूसरों को भी सुख से, शीतलता से भरने वाला हो जाता है।

कच्चा घड़ा पानी को नहीं थाम सकता। घड़ा अग्नि में परिपक्व होता है तभी वह पानी को थाम सकता है। ऐसे ही परब्रह्म परमात्मा के आनंद को, रस को, माधुर्य को वही थाम सकता है जिसका चित्त योगाग्नि में परिपक्व हुआ है।

सुना तो हैः ‘परमात्मा अपना आत्मा है… संसार स्वप्न है… सब मरते हैं… दुःखी होने की कोई जरूरत नहीं है…’ फिर भी दुःखी हो रहे हैं, चिंता कर रहे हैं। क्यों ? क्योंकि चित्तरूपी घड़ा अभी ध्यानगोरूपी अग्नि में परिपक्व नहीं हुआ है। जब यह परिपक्व होगा तभी संसार का जल उसमें शीतल होगा अर्थात् दुःख नहीं देगा।

आप दुनिया में दो रोटी कमाकर, दो बच्चे-बच्ची पैदा करके, उनको पाल-पोसकर मर मिटने के लिए नहीं आये हो अपितु सत्य-असत्य का विवेक करके, मिथ्या और शाश्वत का विवेक करके, नित्य-अनित्य का विवेक करके मुक्ति पाने के लिए आये हो।

‘मैं कौन हूँ ? शरीर मेरा है तो मैं शरीर नहीं हूँ। मन मेरा है तो मन मैं नहीं हूँ। बुद्धि मेरी है तो मैं बुद्धि नहीं हूँ… आखिर मैं कौन हूँ ?’ इसका विवेक करके अपने-आपको पाकर उसमें विश्रांति पाने के लिये आये हो।

विवेक से अपने स्वरूप का बोध मिल जाय और आप उसमें टिक जायें तो  परिपक्व स्थिति आ जायेगी। परिपक्व स्थिति आने से आपका संसाररूपी सर्प मारने योग्य अथवा जहर फूँकने योग्य नहीं होगा लेकिन संसाररूपी सर्प का व्यवहार भी आदर्श हो जायेगा, सुखदायी हो जायेगा। अपने लिए और दूसरों के लिए प्रेम देने  वाला हो जायेगा, माधुर्य निखारने  वाला हो जायेगा।

विवेक तीर्व होगा तो तुच्छ चीजों में राग करके फँसने का अवसर नहीं आयेगा वरन् वैराग्य आयेगा कि ‘इतना भोगा….. आखिर कब तक ? ऐसे बन गये…. फिर क्या?’

हम दिन रात विवेक को ढाँककर ही काम कर रहे हैं। इसलिए कर –करके मर जाते हैं फिर भी कर्तव्य का अंत नहीं होता है। पा-पाकर मर जाते हैं फिर भी पाने की वासना का अंत  नहीं होता है, जान-जानकर थक जाते हैं फिर भी जानकारी का अंत नहीं होता।

राजगृह में धन्यकुमार सुभद्रा आदि रानियों के साथ बात कर रहे थे। रानी सुभद्रा ने कहाः “मेरा भाई अब संन्यासी हो जायेगा। आचार्य धर्मघोष का प्रवचन सुनता है और प्रतिदिन एक-एक रानी से मिलता है और बोलता है कि अब मैं सदा के लिए साधु हो जाऊँगा। ऐसा करके वह 15 रानियों का त्याग कर चुका है। कुल 32 रानियाँ हैं। उसके बाद मेरा भाई संन्यासी हो जायेगा।”

धन्यकुमारः “तेरा भाई क्या साधु होगा, खाक ?”

सुभद्रा बोलीः “वह ऐसे ही थोड़ी रानियों को छोड़ रहा है ?”

धन्यकुमारः “ऐसे थोड़े ही साधु बनते हैं !”

सुभद्राः “तो कैसे बनते हैं ?”

धन्यकुमारः “ऐसे बनते हैं, देख। यह मैं साधु बना और चला। तुम्हारा भाई तो एक-एक रानी को छोड़ रहा है, अभी 17 बाकी हैं। मैं तो एक साथ मेरी आठों रानियों को छोड़ रहा हूँ।”

यह कहकर धन्यकुमार निकल पड़ा।

यदि दूरदर्शिता नहीं है, तीव्र विवेक नहीं है तो साधु होना मुश्किल है। जब तीव्र विवेक आता है तो एक झटके में ही सब छूट जाता है।

कई लोग बोलते हैं कि ‘धीरे-धीरे छोड़ूँगा… देखूँगा…. प्रयत्न करूँगा….’ तो उनके लिए छोड़ना मुश्किल हो जाता है। जो एक ही झटके में छोड़ देते हैं वे ही छोड़ पाते हैं। ‘धीरे-धीरे भजन करेंगे… संसार में रहकर भजन करेंगे…’ तो करते रहो भजन और संसार भी भोगते रहो। फिर हो गया भजन !

विवेक होता है तो तीर लग जाता है, बात चुभ जाती है और मनुष्य लग पड़ता है।

विवेक तीव्र होने पर तो दो शब्द सुनकर भई व्यक्ति लग जाता हैः ‘कुछ भी हो जाय, ईश्वर को पाना ही है… समय नहीं गँवाना है।’

आवारा मन होता है वही फालतू बातें करता है, फालतू तर्क देता है, फालतू सुख-सुविधाएँ खोजता रहता है। जिनको लगन लगी है वे तो बस, ईश्वर की ही बातें सुनेंगे, ईश्वर का ही ध्यान करेंगे, ईश्वर के लिए ही सत्शास्त्र पढ़ेंगे अथवा ईश्वर के लिए ही सेवाकार्य करेंगे। विवेक नहीं है तो सुविधाएँ होते हुए भी व्यक्ति का मन भजन में नहीं लगता। जिनको तीव्र पुण्यमय विवेक होता है वे सुविधा हो तब भी और सुविधा न हो तब भी अपना काम बना लेते हैं। बस, विवेक होना चाहिए।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जनवरी 2002, पृष्ठ संख्या 8,9 अंक 109

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

तब लग दोनों एक हैं….


संत श्री आसाराम जी बापू के सत्संग प्रवचन से

गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज ने कहा हैः

काम क्रोध अरू लोभ मोह की जब लग मन में खान।

तब लग दोनों एक हैं क्या मूरख अरु विद्वान।।

कोई अनपढ़, गँवार और मूर्ख हो एवं अध्यात्मविद्या से अनजान हो अथवा कोई अध्यात्म विद्या का बड़ा जानकार हो, बड़ा पंडित, उपदेशक अथवा कथाकार हो लेकिन उसके अंदर अगर काम, क्रोध, लोभ और मोह हो तो दोनों समान ही हैं क्योंकि गँवार भी अपनी उम्र बेचकर जी रहा है और पंडित भी संसार के दलदल में फँसकर अपनी आयु गँवा रहा है।

काम क्रोध अरू लोभ मोह की जब लग मन में खान… अगर हृदय में इन चीजों को जगह दी तो फिर शाश्वत शांति नहीं मिलती, शाश्वत सुख नहीं मिलता, शाश्वत को पाने की सूझबूझ नहीं मिलती और शाश्वत शांति नहीं मिली तो फिर अशांतस्य कुतः सुखम् ? अर्थात् अशांत को सुख कहाँ ?

काम क्रोधादि दोषों के कारण ही व्यक्ति राग-द्वेष, वैर विरोध, कलह-विवाद आदि में पड़ता है और अशांत हो जाता है। इसलिए अपने हृदय में द्वेष रखने की अपेक्षा द्वेष निकालने का उपाय खोजना चाहिए। मारपीट अथवा लड़ाई झगड़ा करने की जगह तटस्थ होकर विचारें तो लगेगा कि 90 प्रतिशत बेवकूफी हमारी ही है और 10 प्रतिशत जिससे हम द्वेष करते हैं उसकी है या उसे भिड़ाने वाले की है। जैसे हम दूसरों के दोष देखने में सतर्क रहते हैं वैसे ही हम अपने दोष देखने में सतर्क हो जायें और जैसे अपने गुण देखने में सतर्क होते हैं, वैसे ही सामने वाले के गुण देखें तो राग-द्वेष से बच जायें।

राग-द्वेष, छल-कपट इत्यादि हमारी क्षमताओं को हर लेते हैं। जैसे पूनम, एकादशी आदि पर्वों का संसार-भोग स्वास्थ्य और प्रसन्नता को हर लेता है और एकादशी, पूनम का  व्रत, ध्यान-भजन, संयम हमारे पापों को हर लेता है वैसे ही भगवद् चिंतन, भगवद् ध्यान, औदार्यचिंतन और ऊँचा उद्देश्य हमारे राग-द्वेष को, हमारी अशांति को, हमारे कष्टों को हर लेता है।

जैसे, सूर्य के उदित होने से वसुंधरा का तिमिर भाग जाता है, वैसे ही ईश्वरप्राप्ति का दृढ़ उद्देश्य हमारे जीवन में से काम-क्रोधादि शत्रुओं को भगा देता है।

चाहे घर में रहो या पड़ोस में, चाहे ऑफिस में रहो या व्यापार में लेकिन तुम्हारे हृदय में अगर द्वेष बना रहा तो फिर विद्वान होने पर भी तुम्हारे बुरे हाल होते रहेंगे। भाई-भाई का द्वेष, अधिकारी-अधिकारी का द्वेष, देवरानी-जेठानी का द्वेष, पड़ोसी-पड़ोसी का द्वेष, व्यापारी-व्यापारी का द्वेष….. उनको परेशान करता रहेगा।

दो व्यापारी थे। दोनों में बड़ी मित्रता थी। दोनों की दुकानें आमने-सामने थीं फिर भी दोनों में बड़ा स्नेह था। एक के मुनीम ने देखा कि सामने वाले का धंधा बहुत चलता है। ‘वह हमारे ग्राहक खींच लेता है। हमने थोड़ा कमा लिया तो कया हो गया ?’ ऐसा कहकर मुनीम ने अपने सेठ को भड़काया।

इस प्रकार थोड़ा-थोड़ा करते-करते दोनों के बीच जो स्नेह की सरिता थी वह सूख गयी और परस्पर द्वेष की आग भड़कने लगी, दोनों बड़े दुःखी हो गये और मित्र में से शत्रु बन गये।

उस नगर में एक महात्मा आये। दोनों व्यापारियों ने महात्मा का सत्संग सुनाः “द्वेष बड़ा हानिकारक है। जिसके प्रति द्वेष है उसको तो बाद में नुकसान है लेकिन जिस हृदय में द्वेष होता है उसकी सुख-सरिता को वह पहले जला देता है। द्वेष रखना समझो, अपनी तबाही करना है। द्वेष और कपट अपनी बरबादी के, अपने पतन के मुख्य साधन हैं। जिसके मन में द्वेष और छल-कपट नहीं और जो सबसे सरलता का व्यवहार करता है वह भवसागर से पार हो जाता है।

कपट गाँठ मन में नहीं सबसों सरल सुभाव।

नारायण ता दास की लगे किनारे नाव।।

मन में कपट न रखें, द्वेष न रखें। हम लोग भजन तो करते हैं, मंदिर-मस्जिद-चर्च-गुरुद्वारे में भी जाते हैं लेकिन हृदय मंदिर को साफ-सुथरा रखने पर ध्यान नहीं देते इसलिए बाहर के मंदिर में भी घूमते रह जाते हैं, हृदय मंदिर की परमात्म गहराई में नहीं पहुँच पाते हैं।

याद रखना तुम्हारा जन्म संसार के विषयों में पच मरने के लिए नहीं हुआ है। तुम बाहर के मंदिर में भले जाओ, साधना कक्ष में भले जाओ लेकिन हृदय मंदिर में पहुँचने का यत्न भी अवश्य करना ।

बाहर के मंदिर में जाने का फल है कि हृदय मंदिर में पहुँचाने वाले संत मिल जायें, सत्संग मंदिर में पहुँच जायें और सत्संग सुनते-सुनते सत्यस्वरूप ईश्वर की शांति पा लें, ईश्वर का माधुर्य पा लें, ईश्वरीय आनंद पा लें।

ईश्वर सर्वत्र है, सदा है सबमें है। आप जिससे द्वेष करते हो उसकी गहराई में बैठे हुए परमात्मा के प्रति भी आप थोड़ी नफरत की ही धारणा बना लेते हो। किसी से आपके कोई विचार नहीं मिलते नहीं मिलते हैं लेकिन जो विचार मिलते हैं इस कारण तो उनसे स्नेह करें।

कोई विचार नहीं मिलता…. लेकिन एक सिद्धान्त तो मिलता है कि सबकी आँखों को देखने की सत्ता परमेश्वर की है, सबके कानों में सुनने की सत्ता परमेश्वर की है, सबकी जिह्वा में चखने की सत्ता परमेश्वर की है, सबके दिलों में धड़कन परमेश्वर की है। ‘मेरे प्रभु की सत्ता के बिना क्या मेरा दुश्मन देख सकता है ? मेरे प्रभु की सत्ता के बना क्या मेरे शत्रु के दिल की धड़कनें चल सकती हैं ? चाहे वह कितना भी द्वेष करे… द्वेष उसकी मति में है, मेरी मति में है लेकिन दोनों की गहराई में तो तू ही है प्रभु !’ ऐसा करके अपने हृदय को शीतल बनायें तो द्वेषी का द्वेष देर-सवेर प्रेम में बदल जायेगा। यह दर्शनशास्त्र की बात है, ब्रह्मज्ञान की ऊँची बात है।

पाश्चात्य जगत के महान दार्शनिक सुकरात ने अपने सत्संग में कुछ कह दिया होगा। एक व्यक्ति ने उसे अपने लिए कहा गया मान लिया और कसम खा लीः ‘जब तक सुकरात की हत्या न करूँगा तब तक चैन की नींद न लूँगा।’

किसी ने सुकरात को बता दिया कि फलाने व्यक्ति ने आपकी हत्या करने की कसम खा ली है।

सुकरात ने कहाः “हम भी कसम खाते हैं।”

“आप कसम खायेंगे ?”

“हाँ, मैं भी कसम खाता हूँ कि जब तक उसे अपना मित्र न बना लूँगा तब तक चैन से न जीऊँगा।”

लोगों को हुआ कि देखते हैं कि अब द्वेषी का द्वेष जीतता है कि सुकरात की समता और प्रेम जीतता है ?

सुकरात के हृदय में तो किसी के लिए नफरत नहीं थी, वे तो किसी को भी पराया नहीं मानते थे, किसी का भी अमंगल नहीं चाहते थे। उनके पास समता थी, हृदय सबके कल्याण की भावना से परिपूर्ण था, उनके हृदय में प्रेम था।

जिसके हृदय में प्राणिमात्र के लिए प्रेम है उसका कोई कुछ भी नहीं बिगाड़ सकता। वह व्यक्ति अपने विचार से ही त्रस्त हो उठा एवं उसकी अंतरात्मा लानत बरसाने लगी कि इतने महान पुरुष के लिए इतना बुरा विचार किया ? आखिर उससे रहा न गया। वह जाकर सुकरात के चरणों में गिर पड़ा और बोलाः “मैंने आपके लिए इतना बुरा सोचा, मैं अशांत हो गया हूँ। कृप्या, आप मुझे माफ कर दें।”

सुकरातः “मित्र ! आप मुझे माफ करें।”

“आप यह क्या कह रहे हैं ?” यह कहते-कहते तो वह पानी-पानी हो गया।

राग-द्वेष रहित चित्त बनाना बड़ा बहादुरी का काम है। परमात्मा प्राप्ति का कार्य उसके लिए बड़ा सहज हो जाता है।

क्यों किसी से द्वेष करना ? द्वेष करना ही है तो अपने दुर्गुणों से द्वेष करें, काम-क्रोधादि से द्वेष करें। किसी के दोष देखकर उससे द्वेष करने की जगह अपने दोषों से द्वेष करें। लेकिन मैं इस बात पर भी इतना राजी नहीं हूँ…. अपने दोषों से द्वेष करेगा तब भी चिंतन तो करेगा कि ‘मुझमें यह दोष है।’ अतः, न दूसरों के दोषों का चिंतन करो न ही अपने दोषों का चिंतन करो वरन् अपनी और दूसरों की गहराई में जो रहता है उस परमेश्वर का ही चिंतन करो। यदि केवल उस परमेश्वर का ही चिंतन करोगे तो अन्य चिंतन स्वाभाविक ही छूट जायेंगे। तुलसीदास जी ने ठीक ही कहा हैः

काम क्रोध अरू लोभ मोह की जब लग मन में खान।

तब लग दोनों एक हैं क्या मूरख अरू विद्वान।।

अतः इन विकारों से बचने का प्रयत्न करें।

स्वभावः विजयः शौर्यं।

श्रीकृष्ण भागवत में कहते हैं- “अपने स्वभाव पर विजय पाना ही शौर्य है, वीरता है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जनवरी 2002, पृष्ठ संख्या 10-12, अंक 109

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ