Articles

ज्ञान के बिना भोग नहीं – पूज्य बापू जी


ज्ञान के बिना भोग नहीं होता। जीभ पर स्वादिष्ट-सलोना व्यंजन आया लेकिन उसका ज्ञान होगा तभी मजा आयेगा। खट्टे खारे का ज्ञान होगा तभी उसका मजा आयेगा। यह हमारा हितैषी है, उसका ज्ञान होगा तब उसको देख के मजा आयेगा। बिना ज्ञान के भोग नहीं होता।

वास्तव में देखा जाय तो ज्ञानस्वरूप ईश्वर को ही हम भोग रहे हैं और ईश्वर से ही भोग रहे हैं। यहाँ भी ईश्वर की सत्ता है और इन्द्रियों के द्वारा ज्ञान में भी ईश्वर ही अनेक लीलाएँ करता है। जैसे – स्वप्नद्रष्टा आप ही रेलगाड़ी बन जाता है, आप ही यात्री बन जाता है, आप ही स्टेशन और जंक्शन बन जाता है और मुंबई का हलवा, नड़ियाद का गोटा (पकौड़ा) खा ले, भरूच की सींग खा ले… सपने में भरूच भी तू ही बन गया और नड़ियाद भी तू ही बन गया और नड़ियाद के गोटे भी तू ही बन गया और खाने वाला दूसरा आया क्या ? तू ही खाता है। जान गये बलमा, पहचान गये… गाड़ी आगे चली तो आबू की रबड़ी-पूड़ी… अजमेर का दूध मीठा… क्या-क्या देखते हैं ! एक ही स्वप्नद्रष्टा क्या-क्या बन जाता है ! क्या तेरी लीला है ! हे प्रभु ! हे देव ! हे ज्ञानस्वरूपा, चैतन्यस्वरूपा ! उसकी महिमा विचारते-विचारते चुप हो गये तो बस, ठहर गये। जैसे रात्रि को चुप हो जाते हैं न, तो थकान मिट जाती है, ऐसे ही उसके प्रेम में चुप हो गये तो जन्म-मरण की थकान का पर्दा खुल जाता है धड़ाक-धुम ! ब्राह्मी स्थिति आ जाती है।

ब्राह्मी स्थिति प्राप्त कर, कार्य रहे न शेष।

मोह कभी न ठग सके….

ऐसा नहीं कि मोह सुबह न ठग सके, मोह रात को न ठग सके, मोह अमावस्या को न ठग सके, कभी न ठग सके-

 मोह कभी न ठग सके, इच्छा नहीं लवलेश।।

पूर्ण गुरु किरपा मिली, पूर्ण गुरु का ज्ञान।

आसुमल से हो गये, साँईं आसाराम।।

मालूम पड़ने से ही भोग होता है और भोग से ही सुख होता है तो ज्ञान से ही मालूम पड़ेगा, ज्ञान से ही भोग होगा, ज्ञान से ही सुख होगा। जो हिन्दी भाषा कतई न जानता हो अथवा बहरा हो, निपट निराला….. वह सत्संग में बैठा हो तो उसको सुख नहीं मिलेगा, माहौल के आन्दोलनों का भले उसे पुण्य हो लेकिन जो ज्ञान से सुख होता है न, वह फल वस्तु, व्यक्ति से नहीं होता। कुर्सी मिल गयी तो वह फल नहीं है लेकिन कुर्सी के सुख का फल हृदय में आया, वही फल है। चीज वस्तु पड़ी है वह फल नहीं है लेकिन उससे हृदय में जो सुख-दुःख होता है वही फल है। जब हृदय से ही सुख और दुःख के फल का एहसास होता है तो हृदय को ही ऐसा बनाओ की भावनामय हो जाये। काहे को झंझट में पड़ो ! बड़ा सौदा कर लो।

बुद्धि में सत्य का ज्ञान, सत्य का प्रकाश, इन्द्रियों में सच्चरित्रता, मन में सदभाव लाओ और ईश्वर को अपना मानो। सौंप दो उसको, बस हो गया। ज्यादा झंझट में पड़ो ही मत ! तीसरी पढ़े तो पढ़े, नहीं तो नहीं जाना ! हम गये तो समय बिगाड़ा तीन साल, हरि ૐ…. ૐ…. ऐसा अथाह खजाना है। हमने 3 साल बिगाड़े तो कोई 18 साल, 21 साल बिगाड़ के इधर आये। ईश्वर के सिवाये न जाने कितने जन्म बिगड़ गये, हे हरि ! कितनी उपलब्धियाँ बिगड़ गयीं ! क्योंकि  आप शाश्वत हो और शरीर, वस्तु और उपलब्धियाँ ने नश्वर हैं। आप नित्य हो, शरीर, उपलब्धियाँ अनित्य हैं। आप सुखस्वरूप हो, ज्ञानस्वरूप हो, चैतन्यस्वरूप हो। उपलब्धियाँ तो सँभाल-सँभाल के थक जाओगे। बुद्धि में सत्य का निश्चय हो। सत्य एक परमात्मा है। चित्त में समता हो, मन में भगवान का प्रेम हो, अपनत्व हो, सदभाव हो और आचरण में पवित्रता हो, बस ! फिर तो मौज हो गयी मौज ! मुक्ति हो गयी… शोक, दुःख, जन्म-मरण से पार हो गये !

स्रोतः ऋषि प्रसाद, दिसम्बर 2012, पृष्ठ संख्या 20 अंक 240

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

अब वैज्ञानिक भी मान रहे हैं सिजेरियन डिलीवरी खतरनाक


विश्वमानव के सच्चे हितैषी पूज्य संत श्री आशारामजी बापू वर्षों से सत्संग में कहते आ रहे हैं कि ऑपरेशन द्वारा प्रसूति माँ और बच्चा दोनों के लिए हानिकारक है। अतः प्रसूति प्राकृतिक रूप से ही होनी चाहिए।

कई प्रयोगों के पश्चात विज्ञान भी आज इस तथ्य को मानने के लिए बाध्य हो गया है कि प्राकृतिक प्रसूति ही माँ एवं बच्चे के लिए लाभप्रद है। जापानी वैज्ञानिकों द्वारा किये गये शोध से यह सिद्ध हुआ है कि प्रसूति के समय स्रावितच होने वाले 95% योनिगत द्रव्य हितकर जीवाणुओं से युक्त होते हैं, जो सामान्य प्रसूति में शिशु के शरीर में प्रविष्ट होकर उसकी रोगप्रतिकारक शक्ति और पाचनशक्ति को बढ़ाते हैं। इससे दमा, एलर्जी, श्वसन-संबंधी रोगों का खतरा काफी कम हो जाता है, जबकि ऑपरेशन से पैदा हुए बच्चे अस्पताल के हानिकारक जीवाणुओं से प्रभावित हो जाते हैं।

स्विट्जरलैंड के डॉ. केरोलिन रोदुइत ने 2917 बच्चों का अध्ययन करके पाया कि उनमें से 247 बच्चे जो कि सिजेरियन से जन्मे थे, उनमें से 12 % बच्चों को 8 साल की उम्र तक में दमे का रोग हुआ और उपचार कराना पड़ा। इसका कारण यह था कि उनकी रोगप्रतिकारक शक्ति प्राकृतिक रूप से जन्म लेने वाले बच्चों की अपेक्षा कम होती है, जिससे उनमें दमे का रोग होने की सम्भावना 80 % बढ़ जाती है। प्राकृतिक प्रसूति में गर्भाशय के संकोचन से शिशु के फेफड़ों और छाती में संचित प्रवाही द्रव्य मुँह के द्वारा बाहर निकल जाता है, जो सिजेरियन में नहीं हो सकता। इससे शिशु के फेफड़ों को भारी हानि होती है, जो आगे चलकर दमे जैसे रोगों का कारण बनती है।

ऑपरेशन से पैदा हुए बच्चों में मधुमेह (Diabetes) होने की सम्भावना 20 % अधिक रहती है।

सिजेरियन के बाद अगले गर्भधारण में गर्भस्थ शिशु के मस्तिष्क एवं मेरूरज्जु (Spinal Cord) में विकृति तथा वजन कम होने का भय रहता है। सिजेरियन डिलीवरी से माँ को होने वाली सम्भावित हानियाँ-

ʹमिन्कोफ्फ एवं चेर्वेनाक 2003ʹ की रिपोर्ट के अनुसार सिजेरियन के समय मृत्यु का भय अधिक होता है।

सामान्य प्रसूति की अपेक्षा सिजेरियन के समय माता की मृत्यु की सम्भावना 26 गुऩी अधिक रहती है।

सिजेरियन के बाद अत्यधिक रक्तस्राव तथा चीरे के स्थान पर दर्द जो 6 महीनों तक भी रह सकता है।

गर्भाशय व मूत्राशय के बीच चिपकाव (Adhesions) अथवा आँतों में अवरोध, जिससे पेट में स्थायी दर्द का प्रादुर्भाव।

अगला प्रसव पुनः ऑपरेशन से होने की सम्भावना। उसमें अत्यधिक रक्तस्राव व गर्भाशय-भेदन (rupture) का डर।

गर्भाशय की दुर्बलता व गर्भधारण क्षमता (fertility) का ह्रास।

भविष्य में गर्भाशयोच्छेदन (hysterectomy) तथा चीरे के स्थान पर हर्निया का खतरा।

ʹविश्व स्वास्थ्य संगठनʹ की 2012 रिपोर्ट के अनुसार भारत में सिजेरियन डिलीवरी की दर बढ़कर 9 % हो गयी है। खोजबीन करने पर ʹविश्व स्वास्थ्य संगठनʹ को यह कड़वा सच भी हाथ लगा कि ʹबहुत से मामलों में अस्पतालों द्वारा पैसे कमाने के लालच में ऑपरेशन द्वारा प्रसूति करवायी गयी।ʹ अतः लालच के लिए ऐसा करने वाले अस्पतालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही होनी चाहिए, ऐसी माँग देश की जनता में जोर पकड़ रही है। जो माताएँ प्रसूति के दर्द के भय से एवं भावी खतरों से अनजान होने के कारण इसका तुरंत वरण कर लेती हैं, उन्हें अब विश्व के प्रख्यात वैज्ञानिक एवं मूर्धन्य आधुनिक चिकित्सक स्वयं ही चेतावनी दे रहे हैं कि अपनी व संतान की रक्षा के लिए सावधान हो जायें। सिजेरियन नहीं प्राकृतिक प्रसूति से बच्चे को जन्म दें।

ʹसामान्य प्रसूति में यदि कहीं बाधा जैसे लगेग तो 10-12 ग्राम देशी गाय के गोबर का ताजा रस निकालें, गुरु मंत्र का जप करके अथवा ʹनारायण-नारायण….ʹ जप करके गर्भवती महिला को पिला दें। एक घंटे में प्रसूति नहीं हो तो वापस पिला दें। सहजता से प्रसूति होगी। अगर प्रसव पीड़ा समय पर शुरु नहीं हो रही हो तो गर्भिणी ʹजम्भला….. जम्भला….ʹ मंत्र का जप करे और पीड़ा शुरु होने पर उसे गोबर का रस पिलायें तो सुखपूर्वक प्रसव होगा।”

पूज्य संत श्री आशारामजी बापू

स्रोतः ऋषि प्रसाद, दिसम्बर 2012, पृष्ठ संख्या 27,28 अंक 240

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

 

आत्मज्ञान ही सार, बाकी सब बल भार !


संत ज्ञानेश्वर जी पुण्यतिथिः 11 दिसम्बर 2012

संत ज्ञानेश्वर महाराज का जन्म भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि की मध्यरात्रि में हुआ था। यह परम पावन पर्वकाल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का था। एक बार संत ज्ञानेश्वर जी, निवृत्तिनाथजी, सोपानदेवजी व मुक्ताबाई – ये चारों भाई बहन नेवासा (महाराष्ट्र) पहुँचे। वहाँ उन्हें एक महिला अपने पति के शव के पास रोती दिखाई दी। करुणावश संत ज्ञानेश्वर जी द्वारा मृतक का नाम पूछे जाने पर महिला ने बतायाः “सच्चिदानंद।” नाम सुनते ही ज्ञानेश्वरजी बोल उठेः “अरे ! सत्-चित्-आनंद की तो कभी मृत्यु हो ही नहीं सकती।” फिर उऩ्होंने मृतदेह पर अपना हाथ फेरा और चमत्कार हो गया ! वह मरा हुआ व्यक्ति जीवित हो उठा। वह व्यक्ति नवजीवन देने वाले, सच्चिदानंदस्वरूप में जगे उन महापुरुष के शरणागत हो गया। यही सच्चिदानंद आगे चलकर ज्ञानेश्वरजी के गीताभाष्य के लेखक ʹसच्चिदानंद बाबाʹ बने।

कुछ समय बीतने पर चारों संत नेवासा से आलंदी की यात्रा पर निकले। चलते-चलते वे पुणताम्बे गाँव में पहुँचे, जहाँ गोदावरी के तट पर कालवंचना करते हुए चांगदेव जी महासमाधि लगाकर बैठे थे। 1400 वर्ष की तपस्या के बल से वे महायोगी तो बन गये थे परंतु गुरु ज्ञान न होने के कारण अहंकार जोर मारता था। चांगदेवजी समाधी लगाते तो उनके चारों और मृतदेहें रखी जाती थीं और आसपास मृतकों के सगे-संबंधी बैठे रहते थे। चांगदेव जी समाधि से उठते तो पूछतेः “यहाँ कोई है क्या ?” तब आसमान से प्रेत-आत्माएँ ʹहम यहाँ हैंʹ कहकर अपने-अपने शरीर में पुनः प्रवेश कर जाती थीं और वे मृतशरीर पुनः जीवित हो उठते थे।

इन संतों को जब इस बात का पता चला तो ʹमृतदेहों के सगे-संबंधियों को चांगदेव जी की समाधि टूटने की राह देखकर परेशान क्यों होना पड़े !ʹ ऐसा सोचकर मुक्ताबाई ने कहाः “इन सभी मृतदेहों को एकत्र करो, मैं इन्हें जीवित कर देती हूँ।”

ऐसा ही किया गया। संत ज्ञानदेव जी से संजीवनी मंत्र लेकर मुक्ताबाई ने पास में पड़ी कुत्ते की लाश को सभी मृतदेहों के ऊपर घुमाकर दूर फेंक दिया। उसी क्षण वह कुत्ता जीवित होकर भाग गया तथा सभी मृतक भी एक साथ जीवित हो उठे। सभी लोग संतों की अनायास बरसी कृपा का गुणगान करने लगे। वहाँ से विदाई लेकर चारों भाई-बहन आगे की यात्रा पर निकल पड़े।

इधर चांगदेवजी ने समाधि से उठते ही वही प्रश्न पूछा पर कोई जवाब नहीं मिला। शिष्यों से सारा वृत्तान्त सुनते ही चांगदेवजी को तुरंत विचार आया की ʹपैंठण में भैंसे वेदमंत्र बुलाने वाले महान योगी बालक कहीं यही तो नहीं हैं !ʹ अतः दर्शन की उत्सुकतावश अंतर्दृष्टि से उन्होंने बालकों को आलंदी के रास्ते जाते देखा। पर पहले पत्र द्वारा सूचित करना आवश्यक समझकर वे पत्र लिखने बैठे परंतु विचलित हो गये कि यदि उनके नाम के आगे चिरंजीवि लिखूँ तो वे मुझसे ज्यादा सामर्थ्यवान हैं अतः उनका अपमान होगा। यदि ʹतीर्थरूपʹ आदि श्रेष्ठतासूचक विशेषण लिखूँ तो मैं 1400 वर्ष का और मैं ही स्वयं को छोटा दिखाकर उऩ्हें सम्मान दूँ, इससे मेरी इतने वर्षों की तपश्चर्या निरर्थक हो जायेगी। उनके अहंकार ने जोर पकड़ा, अंततः उन्होंने कोरा कागज ही अपने शिष्य को हाथों भेज दिया।

कोरा पत्र देखकर मुक्ताबाई ने कहाः “चांगदेवजी ने यह कोरा कागज हमें भेजा है ! 1400 वर्ष की तपस्या करके भी चांगदेव कोरे-के-कोरे ही रह गये ! लगता है इन योगिरीज ने जिस तरह काल को फँसाया है, उसी तरह अहंकार ने इन्हें फँसाया है।”

निवृत्तिनाथजी बोलेः “सदगुरु नहीं मिले इसीलिए इन्हें आत्मज्ञान नहीं हुआ और अहंकार भी नहीं गया। ज्ञानदेव ! आप इन्हें ऐसा पत्र लिखें कि इनके अंतःकरण में आत्मज्योत जग जाय और ʹमैंʹ व ʹतूʹ का भेद दूर हो जाये।”

संत ज्ञानेश्वर जी ने वैसा ही पत्र लिखा किंतु जैसे जल के बिना दरिया और दरिया बिन मोती नहीं हो सकता, ऐसे ही गुरुदेव के मुख से निःसृत ज्ञानगंगा के बिना सच्चा बोध और अऩुभवरूपी मोती भी प्रगट नहीं हो सकता। वही योगी चांगदेव के साथ हुआ। अहंकारवश वे सोचने लगे कि ज्ञानदेव जी को वे अपने योग के ऐश्वर्य से प्रभावित कर देंगे। उन्होंने एक शेर पर दृष्टि डाली और संकल्प किया तो वह पालतू कुत्ते की तरह पूँछ हिलाते हुए उनके चरण सूँघने लगा। फिर चांगदेवजी ने एक भयंकर विषैले साँप पर अपने योगबल का प्रयोग किया और उसे चाबुक की तरह हाथ में धारण कर शेर पर सवार हो गये। अपने शिष्य समुदाय को साथ लेकर वे ज्ञानेश्वर जी के मिलने आकाशमार्ग से निकल पड़े।

इधर चारों संत चबूतरे पर बैठे थे कि अचानक चांगदेवजी को इस प्रकार आते देख मुक्ताबाई ने कहाः “भैया ! इतने बड़े योगी हमसे इस तरह मिलने आ रहे हैं तो हमें भी उनसे मिलने क्या उसी प्रकार नहीं जाना चाहिए ?”

ज्ञानेश्वरजी बोलेः “ठीक है, तो हम इसी चबूतरे को ले चलते हैं।” और वे चबूतरे पर अपना हाथ घुमाते हुए बोलेः “चल, हे अचल ! तू हमें ले चल। मैंने तुझे चैतन्यता दी है।”

क्षणमात्र की देर किये बिना अचल चबूतरा चलने लगा। जब चांगदेवजी ने देखा कि चारों संत सहज भाव से चबूतरे पर सवार होकर मेरी ओर आ रहे हैं और अहंकार का चिह्नमात्र भी किसी के चेहरे पर नहीं है तो उनका सारा अहंकार नष्ट हो गया। चांगदेव शेर से नीचे उतरे और दिव्यकांति ज्ञानदेवजी के चरणों से लिपट गये। चौदह सौ सालों से वहन किया गया भार उतारने से चागंदेवजी निर्भार हो गये।

सदगुरु बिना की तपस्या से सिद्धियाँ तो मिल सकती हैं परंतु आत्मशांति, आत्मसंतुष्टि, आत्मज्ञान नहीं। ऐसी तपस्या से तो जीवत्व में उलझाने वालि सिद्धियों को पाने का अहंकार पुष्ट होता है और यह मनुष्य को वास्तविक शांति से दूर कर देता है। कितनी बार मौत को भी पीछे धकेलने वाले चांगदेवजी को 1400 साल की तपस्या करने के बाद यही अनुभव हुआ।

यह अहंकार ब्रह्मज्ञानी संतों की शरण गये बिना, उनसे ब्रह्मज्ञान का सत्संग पाये बिना जाता नहीं है। आत्मा में जगे महापुरुषों की बिनशर्ती शरणागति स्वीकार करने पर अहंकार का विसर्जन तथा परम विश्रान्ति, परम ज्ञान की प्राप्ति वे महापुरुष हँसते-खेलते करवा देते हैं, जिसके आगे 1400 वर्ष की तपस्या से प्राप्त सिद्धियाँ भी कोई महत्त्व नहीं रखतीं। ऐसे ब्रह्मज्ञानी संत ज्ञानेश्वर जी ने आलंदी में विक्रम संवत 1353 में मार्गशीर्ष कृष्ण त्रयोदशी के दिन जीवित समाधि ली।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, पृष्ठ संख्या 18,19, दिसम्बर 2012, अंक 240

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ