Tag Archives: Tatva Gyan

Tatva Gyan

स्वप्न को स्वप्न जान लो


संत श्री आसाराम बापू जी के सत्संग-प्रवचन से

मानव का यह सहज स्वभाव है कि वह सदैव जाग्रत अवस्था का ही ख्याल करता है, जाग्रत को ही सुधारना चाहता है, जाग्रत में ही सुखी होना चाहता है। स्वप्न एवं सुषुप्ति का वह जरा भी ख्याल नहीं करता जबकि केवल जाग्रत अवस्था ही उसकी नहीं है, स्वप्न एवं सुषुप्ति अवस्था भी उसी की है।

जैसे, आप जाग्रत अवस्था में सोचते हो कि ʹयह मकान किसका है ? दुकान किसकी है ? उसने क्या किया ? उसने क्या कहा ?ʹ आदि आदि, वैसे ही स्वप्न के बारे में भी सोचना शुरु कर दो कि ʹयह स्वप्न कैसे आता है ?ʹ हाँ… इसके लिए थोड़े अभ्यास की जरूरत है। यदि केवल तीन महीने तक आप दिन में सौ-सौ बार सोचो किः ʹजो कुछ किया, सब स्वप्न है… जो कुछ बोला, सब स्वप्न है….ʹ तो जब आप स्वप्न देखोगे तब भी लगेगा की ʹयह स्वप्न है…ʹ और आप स्वप्न से जाग जाओगे। स्वप्न को स्वप्न जान लिया तो यह जाग्रत भी वास्तव में तो है स्वप्न ही, फिर इसे भी स्वप्न मानना आसान हो जायेगा।

अभ्यास की बड़ी बलिहारी है !

आप जैसा-जैसा अभ्यास करते हो, वैसा-वैसा ही सब भासता है। आत्मदेव का चमत्कार है ही ऐसा कि जैसा-जैसा आप सोचते हो, वैसा-वैसा आपको भासता है। मित्र में मित्र की भावना दृढ़ होती है तभी वह मित्र दिखता है, हालाँकि वह किसी का शत्रु भी हो सकता है। वास्तव में, न वह शत्रु है, न मित्र किन्तु आप में उसके प्रति मित्र की भावना है तो आपके लिए वह मित्र है और किसी में उसके प्रति शत्रु की भावना है तो उसके लिए वह शत्रु है। है तो वह एक ही, किन्तु दृष्टिभेद के कारण आप सबको अलग-अलग भासता है।

पाँच भूतों की नजर से देखा जाये तो यह मानव शरीर इन्हीं तत्त्वों से बना एक पुतलामात्र है, किन्तु ज्ञानदृष्टि से देखा जाये तो वह अठखेलियाँ करता हुआ ब्रह्म ही है। कौन शत्रु और कौन मित्र ? कौन अपना और कौन पराया ? सब उसी आत्मदेव का खिलवाड़मात्र है। यह ऊँचे-में-ऊँची अवस्था है।

इस अवस्था को पाने के दो तरीके हैं- एक तो यह कि जो कुछ देखो तो सोचोः ʹसब परमात्मा ही है….. सब एक ही है… सब एक ही है….ʹ इसको दोहराते जाओ। दूसरा तरीका है किः ʹसब मैं ही हूँ…. सब मैं ही हूँ….ʹ इसे दोहराते जाओ। दोनों ही तरीकों का अभ्यास करने से चित शांत होता जायेगा। अथवा तो ʹसब स्वप्न है…. सब स्वप्न है….ʹ ऐसा भी सतत् चिंतन कर सकते हो।

चाहे जो भी तरीका अपनाओ वह होना चाहिए भीतर से, केवल वाचिक नहीं। ऐसा नहीं कि रोज माला लेकर घुमाने बैठ गेय कि ʹसब स्वप्न है… सब स्वप्न है…ʹ दिन में दस बार या सौ बार ऐसा जप कर दिया। नहीं नहीं, इससे काम नहीं चलेगा। चाहेत एक बार भी कहो, किन्तु उसमें आपके प्राण होने चाहिए, अपकी पूरी सहमति होनी चाहिए। केवल एक बार ही सही, परन्तु पूरी श्रद्धा से कहोगे तो बहुत लाभ होगा। यदि सतत यही चिंतन करोगे तो भी ठीक है। वास्तविकता का भी ज्ञान हो जायेगा।

यदि आप मुक्त होना चाहते हो, जगत के जंजाल से छूटना चाहते हो, बुद्ध पुरुष की अवस्था का अनुभव करना चाहते हो, जन्म-मरण के चक्कर से छूटना चाहते हो, माता के गर्भ में उल्टे लटकने से बचना चाहते हो तो आपको इसका खूब गहरा अभ्यास करना चाहिए किः ʹसब सपना है.. सब सपना है….ʹ

विवेक से देखो तो बचपन सपना हो गया, युवावस्था सपना हो गई, कल की बात भी सपना हो गई और आज की प्रवृत्ति भी थोड़ी देर के बाद सपना हो जायेगी। सब बदलता जा रहा है, सपना होता जा रहा है किन्तु इन सबको देखने वाला द्रष्टा, साक्षी, चैतन्य एक-का-एक है. वह इन बदलाहटों में भी नहीं बदलता। वही वास्तविक सत्य है। यदि इसको ठीक से पक्का कर लो तो फिर आपको क्रोध के समय इतना क्रोध नहीं होगा, उद्वेग के समय इतना उद्वेग नहीं होगा, लोभ के समय इतना लोभ नहीं होगा, मोह के समय इतना मोह नहीं होगा, अशांति के समय इतनी अशांति नहीं होगी। यदि आप ठीक से उस तत्त्व में टिक गये तो बाहर से युद्ध करते हुए भी भीतर से शांत रहोगे,  ऐसा वह परम ज्ञान है आत्म-परमात्मदेव का।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जनवरी 2001, पृष्ठ संख्या 3, अंक 97

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

साधना में सत्संग की आवश्यकता


संत श्री आसारामजी बापू के सत्संग-प्रवचन से

जप, तप, व्रत, उपवास, ध्यान, भजन, योग आदि साधन अगर सत्संग के बिना किये जायें तो उनमें रस नहीं आता। वे तो साधनमात्र हैं। सत्संग के बिना वे व्यक्तित्व के सिंगार बन जाते हैं।

जब तक ब्रह्मवेत्ता महापुरुष का जीवंत सान्निध्य इन साधनों को सुहावना नहीं बनाता, तब तक ये साधन श्रममात्र रह जाते हैं। ये साधन सब अच्छे हैं फिर भी सत्संग के बिना रसमय नहीं बनते। सत्संग इनमें रस लाता है।

रसौ वै सः।

अनुभवनिष्ठ ब्रह्मवेत्ता महापुरुष की वाणी की शरण लिये बिना रसस्वरूप परमात्मा का बोध नहीं हो सकता। अकेले साधनभजन करने से थोड़ी बहुत सात्त्विकता आ जाती है, सच्चाई आ जाती है, थोड़ी-बहुत शक्ति आ सकती है किन्तु साथ ही साथ सात्त्विकता और सच्चाई एवं शक्ति का अहं भी उतना ही आ जाता है। साधना का अहं खड़ा हो जाता है। अहं के अनुरूप घटना घटती है तो सुख होता है और उसके प्रतिकूल घटना घटती है तो दुःख होता है। सुखी और दुःखी होने वाले हम मौजूद रहे।

सत्संग से कया होता है ? हमारा माना हुआ जो परिच्छिन्न व्यक्तित्त्व है, जीव का अहं है उसकी पोल खुल जाती है। जैसे, प्याज की पर्तें उतारते जाओ तो भीतर से कुछ ठोस प्याज जैसा निकलेगा नहीं क्योंकि उसमें केवल पर्तें ही पर्तें हैं। ऐसे ही जब तक सत्संग नहीं मिलता तब तक ʹमैंʹ का ठोस पन दिखता है। सत्संग मिलते ही ʹमैंʹ की पर्तें हटती हैं और अपने परमात्मस्वरूप के सुख-शांति-माधुर्य में जीव प्रवेश पाने लगता है। जीव मुक्ति का अनुभव कर लेता है।

एक साधु ने ʹकलिदोषनिवारकʹ ग्रंथ में पढ़ा कि साढ़े तीन करोड़ नाम जपने से सद्योमुक्ति होती है। उसने अनुष्ठान शुरु किया। साढ़े तीन करोड़ राम नाम का जप कर लिया। कुछ हुआ नहीं। दूसरी बार अनुष्ठान किया। फिर भी सद्योमुक्ति जैसा कुछ हुआ नहीं। जिन सत्पुरुष के द्वारा वह ग्रंथ लिखा गया था उनको जाकर कहाः

“महाराज ! मैं साढ़े तीन करोड़ जप दो बार किये। कुछ हुआ नहीं।”

“तीसरी बार कर।” संत ने कहा।

तीसरी बार करने पर भी सद्योमुक्ति का कोई अनुभव नहीं हुआ। उसकी श्रद्धा टूट गई। फिर किसी ब्रह्मवेत्ता के पास गया और अपना हाल बताते हुए कहाः

“स्वामी जी ! सुना था कि साढ़े तीन करोड़ मंत्रजप करने से सद्योमुक्ति होती है। मैंने एक बार नहीं, तीन बार किया। मुझे कोई अनुभव नहीं हुआ।”

“सद्योमुक्ति का मतलब क्या है ?” संतश्री ने पूछा।

“शीघ्रमुक्ति। सद्यो मोक्षप्रदायकः। तुरन्त मुक्ति हो जाती है।”

“वत्स ! तू मनमाना होकर साधन करता था इसलिए अटूट दृष्टि नहीं रही। तू अभी मुक्त है, इसी समय मुक्त है। तुझे बाँध सके ऐसी कोई भी परिस्थिति तीनों लोकों में भी नहीं है। तूने जप तो किया लेकिन सत्संग का रंग नहीं लगा। अब सत्संग में बैठकर देख। दीये में तेल तो भर दिया, बाती भी रख दी लेकिन जले हुए दीये के नजदीक नहीं गया। अब सत्संग में बैठ। शांति से ध्यानपूर्वक सुन। श्रद्धा के साथ विचार कर। तेरी सद्योमुक्ति है ही। ʹमेरी सद्योमुक्ति अब होगी….ʹ ऐसा मत मान। अभी, इसी समय, यहीं तेरी सद्योमुक्ति है। हम लोग बड़े-में-बड़ी गलती यह करते हैं कि साधनों के बल से भगवान को पाना चाहते हैं या मुक्त होना चाहते हैं। साधन करने वाले का व्यक्तित्व बना रहेगा। केवल भगवान की कृपा से भगवान को पाना चाहते हैं तो आलस्य आ जायेगा। अतः अपने पुरुषार्थ और भगवान की कृपा का समन्वय कर। ʹभगवान ऐसे हैं…. वैसे हैं… वे जैसे हैं उसी रूप में अपने आप प्रकट होंʹ ऐसी मान्यता मत रख।”

आपकी धारणा के मुताबिक भगवान प्रकट होहं ऐसा चाहोगे तो आपकी धारणा कभी कैसी होगी, कभी कैसी होगी। मुसलमान खुदा को चाहेगा तो अपनी धारणा का, अहीर भगवान को चाहेगा तो अपनी धारणा का, देवी का भक्त अपनी धारणा का चाहेगा, पटेल अपनी धारणा का भगवान चाहेगा, सिंधी अपनी धारणा का झुलेलाल चाहेगा।

आपकी धारणा के भगवान तो आपकी अन्तःकरण की वृत्ति के अनुरूप होकर दिखेंगे। आपकी वृत्ति माता के आकार की होगी तो भगवान माता के स्वरूप में दिखेंगे। आपकी वृत्ति श्री रामचन्द्र के आकार की होगी तो भगवान श्रीरामचन्द्र जी के रूप में दिखेंगे। आपकी वृत्ति झुलेलाल के रूप में दिखेंगे। ऐसे भगवान दिखेंगे और फिर अन्तर्धान हो जायेंगे।

उन महापुरुष ने साधू को कहाः “तू सत्संग में आ, तब तुझे भगवदरस की प्राप्ति होगी, अन्यथा नहीं होगी।”

यही घटना बल्ख के सम्राट इब्राहीम के साथ घटी। वह राजपाट छोड़कर भारत में आया औऱ फकीर बन गया। लकड़ियाँ बेचकर दो पैसे कमा लेता। एक पैसे से गुजारा करता, एक पैसा बच जाता। जब ज्यादा पैसे इकट्ठे हो जाते तब साधुओं को भोजन करा देता। कहाँ तो बल्ख का सम्राट और कहाँ लकड़हारा होकर परिश्रम करने वाला फकीर !

इब्राहीम के मन में आयाः “मैं दान का नहीं खाता। इतना बड़ा राज्य छोड़ा, फकीर बनने के बावजूद भी किसी के दान का नहीं खाता हूँ, अपना कमाकर खाता हूँ। ऊपर से दान भी करता हूँ। फिर भी मालिक नहीं मिल रहा है… क्या बात है ?ʹ यह प्रार्थना करने लगताः

“हे मेरे मालिक ! हे मेरे प्रभु ! हे भगवान ! हे खुदा ! हे ईश्वर ! मुझे कब मिलोगे ? मैं नहीं जानता कि आप कैसे हो। आप जैसे भी हो, मुझे सन्मार्ग दिखाओ।”

ऐसी प्रार्थना करते-करते वह ध्यानस्थ होने लगा। अंतर में प्रेरणा मिली किः ” जा हृषिकेश के आगे। वहाँ अमुक संत हैं, उनके पास जा।” बल्खनरेश वहाँ पहुँचा और बोला “बाबा जी ! मैं बल्ख का सम्राट था। राजपाट छोड़कर फकीर बना हूँ। अभी मेरा अहं नहीं छूटता। मैंने सुना है कि अहं मिटते ही मालिक मिलता है। ʹपहले मैं राजा था….ʹ ऐसा अहं था। फिर फकीर का अहं घुसा। अहं निकालने के लिए परिश्रम करके खाता हूँ, संग्रह न करके त्याग करता हूँ, बचा हुआ वित्त भंडारे में खर्च कर देता हूँ। पसीना बहाकर अपना अन्न खाता हूँ फिर भी मालिक क्यों नहीं मिलता ?”

बाबाजी ने कहाः “यह अपना खाने वालाʹ और ʹपराया खाने वालाʹ ही अड़चन है। मेरा और तेरा, अपना और पराया जो बनाता है वह अहं ही मालिक के दीदार में अड़चन है।”

सम्राट ने कहाः “महाराज ! मेरा वह अहं आप निकाल दीजिये। इतनी कृपा कीजिये।”

बाबाजी ने कहाः “हाँ, तू ठीक समझा है। अहं है तेरे पास ?”

“हाँ, अहं है। वही दुष्ट परेशान कर रहा है।”

“तो देख, कल सुबह चार बजे आ जाना। मैं तेरा अहं ले लूँगा।”

“जी, महाराज !”

वे बाबाजी अनुभवसंपन्न ब्रह्मवेत्ता महापुरुष थे। उन्होंने सिद्धि के ऊँचे शिखर सर किये थे।

इब्राहीम जाने लगा। बाबा जी ने पीछे से कहाः “देख, कल पूरा अहं लाना। कहीं आधा छोड़कर नहीं आना।”

इब्राहीम चकित रह गया ! सोचाः ʹअहं छोड़कर कहाँ आऊँगा ? वह तो पूरे का पूरा साथ में रहता है।”

दूसरे दिन सुबह चार बजे इब्राहीम पहुँच गया बाबा जी की गुफा पर। बाबाजी डण्डा लेकर आये। बड़ी बड़ी आँखे दिखाते हुए बोलेः “अहं लाया है ?”

“हाँ महाराज ! अहं है।”

“कहीं छोड़कर तो नहीं आया ?”

“ना, महाराज !”

“कहाँ है ?”

“हृदय में रहता है।”

“बैठ। निकाल उसको। मुझे दिखा। उसको ठीक कर देता हूँ। जब तक अहं को निकालकर मेरे सामने नहीं रखेगा तब तक उठने नहीं दूँगा। सिर पर डंडा दूँगा। तू सम्राट था तो उधर था। इधर अभी तेरा कोई नहीं। यहाँ बाबाओं का राज्य की सीमा में आ गया है। अहं दिये बिना गया तो….. देना है न अहं ?… तो खोज, कहाँ है अहं ?”

“कैसे खोजूँ अहं को ? वह कहाँ होता है?”

“अहं कहाँ होता है…. ऐसा करके भी खोज। जहाँ होता है वहाँ से निकाल। आज तुझे नहीं छोड़ूँगा।”

ज्यों केले के पात में, पात पात में पात।

त्यों संतन की बात में, बात बात में बात।।

कभी साधक का ताड़न करने से काम बन जाता है तो कभी पुचकार से काम हो जाता है…. कभी किसी साधन से तो कभी किसी साधन से। यह तो महापुरुष जानते हैं कि कौन से साधक की उन्नति किस प्रकार करनी चाहिए।

युक्ति से मुक्ति होती है, मजदूरी से मुक्ति नहीं होती।

इब्राहीम अहं को खोजते-खोजते अन्तर्मुख होता गया। प्रभात का समय। शुद्ध वातावरण। बाबाजी की कृपा बरसती रही। मन की भाग-दौड़ क्षीण होती गई। एकटक निहारते-निहारते आँखें बन्द हुईं। चेहरे पर अनुपम शांति छाने लगी। ललाट पर तेज उभरने लगा। डण्डे वाले बाबा जी तो गुफा के भीतर चले गये थे। डण्डा मारना तो था नहीं। जो कुछ भीतर से करना था वह कर दिया। इब्राहीम की सुरता की गति अन्तर्मुख बना दी।

इब्राहीम को अहं खोजते-खोजते साढ़े चार बजे…. पाँच बजे…. छः बज गये। बैठा है ध्यानस्थ। बाहर का कोई पता नहीं। श्वासोच्छवास की गति मंद होती चली जा रही है।

सूर्योदय हुआ। सूर्य का प्रकाश पहाड़ियों पर फैल रहा है। अपनी आत्मा का प्रकाश इब्राहीम के चेहरे पर दिव्य तेज ले आया है। बाबाजी देखकर प्रसन्न हो रहे हैं कि साधक ठीक जा रहा है।

घण्टों के बाद बाबाजी इब्राहीम के पास गये।

“उठो उठो अब।”

इब्राहीम ने आँखें खोलीं और चरणों में गिर पड़ा।

“अहं दे दो।”

“गुरु महाराज!”

इब्राहीम के हृदय में भाव उमड़ रहा है लेकिन वाणी उठती नहीं। भाव-विभोर होकर गुरु महाराज को निहार रहा है। विचार स्फुरता नहीं। आखिर बाबाजी ने उसकी बहिर्गति कराई। फिर बोलेः

“लाओ, कहाँ है अहं ?”

“महाराज ! अहं जैसी कोई चीज है ही नहीं। बस, वही वह है। वाणी वहाँ जाती नहीं। यह तो अध्यारोप करके बोल रहा हूँ।”

बाबाजी ने इब्राहीम को गले लगा लिया।

“इब्राहीम ! तू गैर नहीं। तू इब्राहीम नहीं। तू मैं है…. मैं तू हूँ।”

जब तक अहं को नहीं खोजा था तब तक अहं परेशान कर रहा था। अहं को खोजा तो उसका वास्तव में अस्तित्व ही नहीं रहता। आँख कोई चीज देखती है और हम उससे जुड़ जाते हैं- “मैंने देखा।”

मनः वृत्ति शरीर की तरफ बहती है तो अहं बना देती है और अपने मूल की तरफ जाती है तो मन रहता ही नहीं। जैसे, तरंग उछलती है तो अलग बनी रहती है और पानी को खोजती है तो शांत होकर दरियामय हो जाती है, उसका अलग अस्तित्व मिट जाता है। ऐसे ही ʹमैं… मैं… मैं…. मैं… परेशान करता है। वह ʹमैंʹ अगर अपने मूल को खोजता है तो उसका परिच्छिन्न अहं मिलता ही नहीं।

तीन प्रकार का अहं होता हैः स्थूल अहं, सूक्ष्म अहं एवं वास्तविक अहं। स्थूल अहं सदगुरु की शरण से विलीन होता है। सूक्ष्म अहं वेदान्त के प्रतिपादित साधन की तरकीब से बाधित होता है। वास्तविक अहं ब्रह्म है, परम सुखस्वरूप है। उसी में अनन्त अनन्त ब्रह्माण्ड फुरफुराकर लीन हो रहे हैं।

हमारा जो वास्तविक ʹमैंʹ है उसमें अनन्त-अनन्त सृष्टियाँ उत्पन्न होती हैं, स्थित रहती हैं और लीन हो जाती हैं। फिर भी हमारा बाल तक बाँका नहीं होता। हमारा वास्तविक अहं वह है ! अपनी वास्तविकता का बोध नहीं है तो वहाँ की एक तरंग, एक धारा, एक वृत्ति को ʹमैंʹ मानकर उसी में उलझ रहे हैं। उलझते-उलझते सदियाँ बीत गयीं लेकिन विश्रांति नहीं मिली।

बिना सत्संग के साधन-भजन भीतर के व्यक्तित्व को सजाये रखता है। अहं बोलता हैः ʹपहले मैं संसारी था, अब मैं साधक हूँ। पहले मैं भोगी था, अब मैं त्यागी हूँ। पहले बहुत बोलने वाला था, अब मौनी हूँ। पहले स्त्री-पुत्र-परिवार के चक्कर में था, अब अकेला शांत हूँ। कमरा बन्द कर देता हूँ। बस, मौज है। न किसी से लेना न किसी को देना।ʹ

खतरा पैदा करोगे। जो कमरे में अकेला नहीं बैठते, एकान्त में नहीं रहते उनकी अपेक्षा आप ठीक हो लेकिन जब कमरा न होगा, एकान्त न होगा तब परेशानी चालू हो जायेगी। ….और मौत आपको कमरे से भी तो पकड़कर ले जायेगी।

जीते-जी मौत के सिर पर पैर रखने की कला आ जाना, इसी का नाम आत्मसाक्षात्कार है। आत्मसाक्षात्कार होने से राग-द्वेष और अभिनिवेश का आत्यंतिक अभाव हो जाता है। किसी भी व्यक्ति, वस्तु या परिस्थिति से लगाव नहीं, घृणा नहीं, द्वेष नहीं। अभिनिवेश यानी मृत्यु का भय, जीने की आस्था। आत्म-साक्षात्कार हो जाता है तो जीने की आकांक्षा हट जाती है। जीने की आकांक्षा हटी तो मरने का भय कहाँ ? जिसको अपने आपका बोध  हो जाता है वह जान लेता है किः ʹमेरी मौत तो कभी होती नहीं। एक शरीर तो क्या, हजारों शरीर लीन हो जायें, पैदा हो जायें, ब्रह्माण्डों में उथल-पुथल हो जाये फिर भी मुझ चिदाकाशस्वरूप को कोई आँच नहीं आतीʹ ऐसा अपने असली ʹमैंʹ का साक्षात्कार हो जाता है।

देह छतां जेनी दशा, वर्ते देहातीत।

ते ज्ञानीना चरणमां, हो वन्दन अगणीत।।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, जनवरी 2001, पृष्ठ संख्या 16-19, अंक 97

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

आत्मज्ञान के प्रकाश से अँधेरी अविद्या को मिटाओ


संत श्री आसारामजी बापू के सत्संग-प्रवचन से

मिथ्या प्रपंचच देख दुःख जिन आन जीय।

देवन को देव तू तो सब सुखराशि है।।

अपने अज्ञान ते जगत सारो तू ही रचा।

सबको संहार कर आप अविनाशी है।।

यह संसार मिथ्या व भ्रममात्र है लेकिन अविद्या के कारण सत्य भासता है। नश्वर शरीर में अहंबुद्धि तथा परिवर्तनशील परिस्थितियों में सत्यबुद्धि हो गयी है इसीलिए दुःख एवं क्लेश होता है। वास्तव में देखा जाये तो परिस्थितियाँ बदलती रहती हैं लेकिन परिस्थितियों का जो आधार है, अधिष्ठान है वह नहीं बदलता।

ʹबचपन बदल गया। किशारावस्था बदल गयी। जवानी बदल गयी। अब बुढ़ापे ने घेर रखा है… लेकिन यह भी एक दिन बदल जायेगा। इन सबके बदलने पर भी जो नहीं बदलता, वह अबदल चेतना आत्मा ʹमैंʹ हूँ और जो बदलता है वह माया है….ʹ सदाचार व आदर के साथ ऐसा चिन्तन करने से बुद्धि स्वच्छ होती है और बुद्धि के स्वच्छ होने से ज्ञान का प्रकाश चमकने लगता है।

जिनके भाल के भाग्य बड़े, अस दीपक ता उर लसके।

ʹयह ज्ञान का दीपक उन्हीं के उर-आँगन में जगमगाता है, जिनके भाल के भाग्य-सौभाग्य ऊँचे होते हैं।ʹ उन्हीं भाग्यशालियों के हृदय में ज्ञान की प्यास होती है और सदगुरु के दिव्य ज्ञान व पावन संस्कारों का दीपक जगमगाता है। पातकी स्वभाव के लोग सदगुरु के सान्निध्य की महिमा क्या जानें ? पापी आदमी ब्रह्मविद्या की महिमा क्या जाने ? संसार को सत्य मानकर अविद्या का ग्रास बना हुआ, देह के अभिमान में डूबा हुआ यह जीव आत्मज्ञान की महिमा बताने वाले संतों की महिमा क्या जाने ?

पहले के जमाने में ऐसे आत्मज्ञान में रमण करने वाले महापुरुषों की खोज में राजा-महाराजा अपना राज-पाट तक छोड़कर निकल जाते थे और जब ऐसे महापुरुष को पाते थे तब उन्हें सदा के लिए अपने हृदय-सिंहासन पर स्थापित करके उनके द्वार पर ही पड़े रहते थे। गुरुद्वार पर रहकर सेवा करते, झाड़ू-बुहारी लगाते, भिक्षा माँगकर लाते और गुरुदेव को अर्पण करते। गुरु उसमें से प्रसाद के रूप में जो उन्हें देते, उसी को वे ग्रहण करके रहते थे। थोड़ा बहुत समय बचता तो गुरु कभी-कभार आत्मविद्या के दो वचन सुना देते। इस प्रकार वर्षों की सेवा-साधना से उनकी अविद्या शनैः-शनैः मिटती और उनके अंतर में आत्मविद्या का प्रकाश जगमगाने लगता।

आत्मविद्या सब राजाओं में सर्वोपरि विद्या है। अन्य विद्याओं में अष्टसिद्धियों एवं नवनिधियाँ बड़ी ऊँची चीजे हैं। पूरी पृथ्वी के एकछत्र सम्राट से भी अष्टसिद्धि-नवनिधि का स्वामी बड़ा होता है लेकिन वह भी आत्मविद्या पाने के लिए ब्रह्मज्ञानी महापुरुष की शरण में रहता है।

हनुमान जी के पास अष्टसिद्धियाँ एवं नवनिधियाँ थीं फिर भी आत्मविद्या पाने के लिए वे श्रीरामजी की सेवा में तत्परता से जुटे रहे और अंत में भगवान श्रीराम द्वारा आत्मविद्या पाने में सफल भी हुए। इससे बड़ा दृष्टांत और क्या हो सकता है ? हनुमान जी बुद्धिमानों में अग्रगण्य थे, संयमियों में शिरोमणि थे, विचारवानों में सुप्रसिद्ध थे, व्यक्तियों को परखने में बड़े कुशल थे, छोटे बड़े बन जाना, आकाश में उड़ना आदि सिद्धियाँ उनके पास थीं, फिर भी आत्म-साक्षात्कार के लिए उन्होंने श्रीरामजी की जी-जान से सेवा की। हनुमान जी कहते हैं-

राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहाँ विश्राम….

हनुमान जी की सारी सेवाएँ तब सफल हो गयीं जब श्रीरामजी का हृदय छलका और उन्होंने ब्रह्मविद्या देकर हनुमानजी की अविद्या को सदा-सदा के लिए दूर कर दिया।

मानव संसार को सत्य मानकर उसी में उलझा हुआ है और अपना कीमती जीवन बरबाद कर रहा है। जो वास्तव में सत्य है उसकी उसे खबर नहीं है और जो मिथ्या है उसी को सत्य मानकर, उसी में आसक्ति रखकर फँस गया है।

जो विद्यमान न हो किन्तु विद्यमान की नाईं भासित हो, उसको अविद्या कहते हैं। इस अविद्या से ही अस्मिता, राग-द्वेष एवं अभिनिवेश पैदा होते हैं। अविद्या ही सब दुःखों की जननी है।

अविद्या, अस्मिता, राग-द्वेष और अभिनिवेश-इनको ʹपंच-क्लेशʹ भी कहते हैं। पंच-क्लेश आने से षडविकार भी आ जाते हैं। उत्पत्ति (जन्मना), स्थिति (दिखना), वृद्धि (बढ़ना), रूग्णता (बीमार होना), क्षय (वृद्ध होना) और नष्ट होना – ये षडविकार अविद्या के कारण ही अपने में भासते हैं। इन षडविकारों के आते ही अनेक कष्ट भी आ जाते हैं और उन कष्टों को झेलने में ही जीवन पूरा हो जाता है। फिर जन्म होता है एवं वही क्रम शुरु हो जाता है। इस प्रकार एक नहीं, अनेकों जन्मों से जीव इसी श्रृंखला में, जन्म-मरण के दुष्चक्र में फँसा है।

गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक गंगा नदी में जितने रेत के कण होंगे उसे कोई भले ही गिन ले लेकिन इस अविद्या के कारण यह जीव कितने जन्म भोगकर आया है, इसका अनुमान नहीं लगाया जा सकता।

इस जन्म मरण के दुःखों  से सदा के लिए छूटने का एकमात्र उपाय यही है कि अविद्या को आत्मविद्या से हटाने वाले सत्पुरुषों के अनुभव को अपना अनुभव बनाने के लिए लग जाना चाहिए। जैसे, भूख को भोजन से तथा प्यास को पानी से मिटाया जाता है, ऐसे ही अज्ञान को, अँधेरी अविद्या को आत्मज्ञान के प्रकाश से मिटाया जा सकता है।

ब्रह्मविद्या के द्वारा अविद्या को हटाने मात्र से आप ईश्वर में लीन हो जाओगे। फिर हवाएँ आपके पक्ष में बहेंगी, ग्रह और नक्षत्रों का झुकाव आपकी ओर होगा, पवित्र लोकमानस आपकी प्रशंसा करेगा एवं आपके दैवी कार्य में मददगार होगा। बस, आप केवल उस अविद्या को मिटाकर आत्मविद्या में जाग जाओ। फिर लोग आपके दैवी कार्य में भागीदार होकर अपना भाग्य सँवार लेंगे, आपका यशोगान करके अपना चित्त पावन कर लेंगे। अगर अविद्या हटाकर उस परब्रह्म परमात्मा में दो क्षण के लिए भी बैठोगे तो बड़ी-से-बड़ी आपदा टल जायेगी।

जो परमात्मदेव का अनुभव नहीं करने देती उसी का नाम अविद्या है। ज्यों-ज्यों आप बुराइयों को त्यागकर उन्हें दुबारा न करने का हृदयपूर्वक संकल्प करके ब्रह्मविद्या का आश्रय  लेते हैं, ईश्वर के रास्ते पर चलते हैं त्यों-त्यों आपके ऊपर आने वाली मुसीबतें ऐसे टल जाती हैं जैसे कि सूर्य को देखकर रात्रि भाग जाती है।

वशिष्ठजी महाराज कहते हैं- “हे रामजी ! जिनको संसार में रहकर ही ईश्वर की प्राप्ति करनी हो, उन्हें चाहिए कि अपने समय के तीन भाग कर दें- आठ घंटे खाने-पीने, सोने नहाने-धोने आदि में लगायें, आठ घंटे आजीविका के लिए लगायें एवं बाकी के आठ घंटे साधना में लगायें…. सत्संग-सत्शास्त्र-विचार, संतों की संगति एवं सेवा में लगायें। जब शनैः शनैः अविद्या मिटने लगे तब पूरा समय अविद्या मिटाने के अभ्यास में लगा दें।”

इस प्रकार ब्रह्मज्ञानी सदगुरु के कृपा-प्रसाद को पचाकर तथा आत्मविद्या को पाकर अविद्या के अंधकार से, जगत के मिथ्या प्रपंच से सदा के लिए छूट सकते हैं।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अक्तूबर 2000, पृष्ठ संख्या 2,3 अंक 94

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ