All posts by Gurukripa

सत्संग सरिता


पूज्यपाद संत श्री आशारामजी बापू

जिसके जीवन में सत्त्वगुण नहीं है, दैवी लक्षण नहीं है वह सुख के पीछे भटक-भटककर जीवन खत्म कर देता है। सुख तो उसे जरा-सा मिला न मिला लेकिन दुःख, मुसीबत और चिंता उसके भाग्य में सदा ही बनी रहती है।

अगर मनुष्य अपने जीवन में सब दुःखों की निवृत्ति और परम सुख की प्राप्ति चाहता है तो उसे अपने जीवन में सत्त्वगुण की प्रधानता लानी चाहिए। निर्भयता, दान, इन्द्रिय दमन, संयम, सरलता आदि सदगुणों को पोषण दे और दुर्गुणों को निकाले। ज्यों ही सदगुणों में प्रीति बढ़ेगी त्यों दुर्गुण अपने-आप निकलते जाएँगे। अभी सदगुणों में प्रीति नहीं है इसलिए हम दुर्गुणों को पोसते हैं। थोड़ा जमा….. थोड़ा उधार….. ऐसा करते रहते हैं।

पामरों और कपटियों को सुखी देखकर हमें लगता है कि ʹइसने किया तो हम भी ऐसा करें।ʹ नहीं नहीं….. ऐसा मत सोचो। वह भैसा, बैल या वृक्ष बनकर जो सहेगा वह तो बाद में दिखेगा। इसलिए अभी तुम नकल मत करो लेकिन ʹकबीर जी होते तो क्या करते ? श्रीराम होते तो क्या करते ? गार्गी होती तो क्या करती ? मदालसा होती तो क्या करती ? शबरी भीलनी होती तो क्या करती ?ʹ ऐसा सोचकर अपने जीवन को दिव्य बनाने का यत्न करो। दिव्य जीवन बनाने के लिए दृढ़ संकल्प होना चाहिए। दृढ़ संकल्प करने के लिए सुबह जल्दी उठो। प्रातःकाल स्नान करके अभ्यास करो। जप-ध्यान करो। थोड़े ही दिन में आपका अंतःकरण पावन होगा और आपमें सत्त्वगुण बढ़ेगा।

एक गुण दूसरे गुण को ले आता है ऐसे ही एक अवगुण दूसरे अवगुण को ले आता है। एक पाप दूसरे पाप को ले आता है, ऐसे ही एक  पुण्य दूसरे पुण्य को ले आता है। आप जिसे सहयोग दोगे वह बढ़ेगा। आप सदगुणों को सहयोग दोगे तो इससे सदगुण बढ़ेंगे, ज्ञान शोभा देगा।

अपने जीवन में जितना सदगुण आता है, उतना ही जीवन का महत्त्व समझ में आता है। यदि ठीक दृष्टि मिल जाये, जीवन जीने का ढंग आ जाये तो संसार नंदनवन हो जाता है।

दो दोस्त थे। वे बगीचे में घूमने गये। उऩ्होंने एक गिरगिट देखा। एक ने कहाः “यह गिरगिट पीला है।”

दूसरे ने कहाः “बेवकूफ कहीं का ! यह तो लाल है। तेरे को पीलिया हो गया है इसलिए तू पीला देखता है।”

पहलाः “तेरे को क्रोध है, इसलिए तू लाल देखता है।”

गिरगिट तो चला गया लेकिन दोनों दोस्त आपस में भिड़ गये। फिर उन्होंने सोचा कि हम माली से जाकर पूछें कि गिरगिट लाल है या पीला।

उन्होंने माली से पूछाः “गिरगिट लाल होता है कि पीला ?”

माली ने कहाः “तुम दोनों सही हो।”

दोनों बोल उठेः “दोनों सही कैसे ?”

मालीः “गिरगिट लाल भी होता है और पीला भी होता है।”

“एक ही गिरगिट लाल और पीला कैसे ?”

“वह बार-बार रंग बदलता रहता है। कभी लाल दिखता है कभी पीला दिखता है कभी हरा दिखता है।” दोनों दोस्तों का समाधान हो गया और उनको शांति मिली।

ऐसे ही परमात्मा के विषय में आपस में मतभेद होते हैं। कोई बोलता हैः “परमात्मा ऐसा है।” कोई बोलता हैः “परमात्मा वैसा है।” लेकिन जब सदगुरुरूपी माली से मिलते हैं तब पता चलता है कि परमात्मा कैसा है। ʹऐसा है…. ऐसा नहीं है…..ʹ इस प्रकार मानते रहते हो लेकिन तुम्हारे भीतर की स्थिति जैसी होगी वैसा ही दिखाई पड़ेगा। गुरू ही सही ज्ञान देते हैं जिससे सारे संशय मिट जाते हैं और जीव को अपने स्वरूप का दर्शन होता है।

गुरु बिन भवनिधि तरहिं न कोई।

चाहे बिरंचि संकर सम होई।।

चाहे शिवजी जैसा प्रलय करने का सामर्थ्य आ जाये, ब्रह्माजी जैसा सृष्टि करने का सामर्थ्य आ जाये फिर भी जब तक सदगुरु की कृपा नहीं होती, उनका ज्ञान नहीं मिलता तब तक आवरण भंग नहीं होता।

दिल में छुपा हुआ वह दिलबर करोड़ों युगों से था, बाद में भी रहेगा और अभी भी है लेकिन दिखता नहीं है। आदमी अपने को आँखवाला मानता है लेकिन हकीकत में शरीर की आँख तुम्हारी आँख नहीं है। यह बाहर की आँख है। सदगुरुकृपा से अगर तुम्हारी वास्तविक आँख एक बार खुल जाये तो वह सुख मिलता है जो सुख ब्रह्माजी को मिलता है, जिसमें भगवान शिवजी रमण करते हैं, जिस तत्त्व में कबीर जी डटे रहते थे, गुरु नानकजी जिस नामनशे में डूबे रहते थे, छके रहते थे। उसको तुम पाओ भैया ! उसी में तुम लग जाओ।

माया से पार होने का उपायः प्रपत्तियोग

मैं और मोर तोर की माया।

बस कर दीन्हीं जीवन काया।।

ʹमैंʹ और ʹमेरेʹ की माया ने मनुष्य को वश कर लिया है। मनुष्य का मन माया के विभिन्न रूपों में भटकता रहता है। चाहते हुए भी मनुष्य इससे नहीं निकल पाता क्योंकि पुराने कई जन्मों के संस्कारों ने बुद्धि को, मन को, इऩ्द्रियों को बाँध कर माया में जकड़ रखा है। महापुरुष कहते हैं कि इस माया से निकलने के लिए परीश्रम नहीं, सच्ची समझ चाहिए, गुरुओं का सत्संग एवं सान्निध्य चाहिए। सच्ची समझ कहाँ से मिलती है ? सदगुरु के सत्संग एवं सान्निध्य से सच्ची समझ मिलती है। सच्ची समझ क्या है ? जो दिख रहा है वह माया है लेकिन जिससे देखा जा रहा है, जिसकी सत्ता विभिन्न रूपों में सर्वत्र विद्यमान है, वह परमात्मा है। भगवान की महान शक्तियाँ अलग-अलग जगह काम करती हैं। हम सब निमित्त मात्र हैं। हमारा कोई अलग अस्तित्त्व नहीं है। सब उस परमात्मा की अठखेलियाँ हैं। ʹमैंʹ और ʹमेराʹ यह अहं वास्तव में नहीं है। वह मिथ्या है। यह समझ में आ जाये तो मनुष्य का चौरासी का चक्कर ही मिट जाये।

यह समझ लाने के लिए क्या किया जाये ? महापुरुष कहते हैं कि बस, ईश्वर की शरण, भगवान और संत-सदगुरु की शरण चले जाओ। अपना अहं उनको अर्पित कर दो। दुःख, चिन्ता, हताशा, निराशा त्यागकर अपने आपको समर्पित कर दो। उन संतों की शरण में सच्चे मार्ग एवं सच्ची समझ का महाद्वार खुलने लगेगा। तुम प्रसन्नता और आऩंद का अनुभव करोगे। सिर्फ अपना बेईमानी का अहं मिटा दो। अपने संकीर्ण विचारों को विलीन होने दो।

एक बार एक साधु ने गुरु से दीक्षा ली। वह ईश्वर की शरण था। उसने सुना कि कामरूप देश में तांत्रिक विद्या का बड़ा बोलबाला है। वहाँ कि स्त्रियों ने तंत्रविद्या के बल से पुरुषों को तोता, बंदर बना रखा है। साधु ने सोचाः ʹस्त्रियाँ इतना बलशाली कैसे हो गयीं कि तंत्रविद्या से पुरुषों को जानवर की तरह नचाकर पिंजरे में बंद कर देती हैं ? मैं भी वहाँ जाता हूँ। मुझे किसी स्त्री ने देखा तो मैं गुरुमंत्र का जाप शुरु कर दूँगा।ʹ फिर सोचाः ʹजायें कि नहीं जायें ? एक तो स्त्रीचरित्र, दूसरा कामरूप देश और तीसरा तंत्रविद्या का बोलबाला।ʹ एक मन ने कहाः ʹजाओ।ʹ दूसरा मन बोलता हैः ʹनहीं जाओ।ʹ साधु ने दृढ़ता से मन को कहाः ʹचलो, कामरूप देश देख आएँ।ʹ

साधु गया कामरूप देश में। भिक्षा माँगते-माँगते एक पेड़ के नीचे बैठ गया। इतने में लुभावना श्रृंगार किये हुए एक महिला आई। उसके साथ एक युवक भी था। वे साधु के पास आकर बैठ गये। वह महिला साधु को निहारने लगी, मुस्कराने लगी। सोचने लगी किः ʹचलो, अब इसको भी तोता बनाया जाय।ʹ

साधु ने सोचाः ʹअब यह मुझे तोता बनाने की कोशिश कर रही है।ʹ उसने मन में गुरुमंत्र का जाप शुरु कर दिया। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना कीः ʹहे मेरे प्रभु ! मैं तेरी शरण हूँ। मैं तेरा हूँ।ʹ तब अंदर से आवाज आयीः ʹतू घबरा मत। तू मेरा है तो चिंता क्यों ?ʹ उसका मन स्थिर हो गया।

स्त्री ने सोचाः ʹसाधु तो बड़ा ही अटल है ! उसने साधु को लुभाने के लिए दूसरा कटाक्ष फेंका और गाना गाने लगी। वह गीत गुनगुनाते हुए साधु को निहारती और मुस्कराती रही लेकिन साधु ने फिर से गुरुमंत्र का जप किया, प्रार्थना की। फिर साधु की अंतरात्मा ने कहाः ʹतू मेरी शरण है। चिंता मत कर।ʹ

फिर स्त्री ने गीत के साथ नृत्य करना शुरु किया। साधु ने कानों में उँगलियाँ डाल लीं और आँखें बंद कर लीं। मन-ही-मन ईश्वर से प्रार्थना कीः ʹहे प्रभु ! मैं तुम्हारी शरण हूँ।ʹ तब अंदर से आवाज आयीः ʹजब तू मेरी शरण है तो फिक्र छोड़ दे।ʹ साधु मन-ही-मन हँसाः ʹहे प्रभु ! मेरी छोटी बुद्धि तुझे बार-बार पुकारती है, जबकि तू मेरे नजदीक है, मेरे हृदय में ही है, फिर भी मैं चिंतित हूँ।ʹ

उस साधु को अपनी क्षुद्र बुद्धि पर हँसी आ रही थी। परन्तु उस स्त्री को लगा कि साधु उसके नृत्य और गान का मजाक उड़ा रहा है और हँस रहा है। स्त्री का मन दुर्बल हो गया। उसने अपने साथी युवक से कहाः “जाओ, साधु को अपनी बातचीत से वश में करो। उस साधु को मुझसे बातचीत करने को कहो।” वह युवक जो उसके तोते के समान था, स्त्री-लम्पट था, साधु के पास आया। उसके श्वासोच्छ्वास के संपर्क में आने से साधु का मन भयाक्रान्त हुआ। उसने फिर से ईश्वर का स्मरण किया। फिर अंदर से आवाज आयीः

ʹवत्स ! ईश्वर की शरण होकर भी भयभीत क्यों है ? जिसमें लाखों लाखों स्त्रियाँ पैदा होकर भी भयभीत क्यों है ? जिसमें लाखों स्त्रियाँ पैदा होकर लीन हो गई, ऐसा वह परमात्मा तेरे साथ है और तू घबरा रहा है ?ʹ फिर साधु ने स्थिरचित्त होकर उस युवक को दृढ़ मनोबल से देखा। तब उस युवक ने कहाः “मैं भी पहले ऐसा ही था लेकिन इस देश में आऩे पर तोता बना दिया गया।”

साधु ने कहाः “लेकिन तू तोता कहाँ है ? तू तो इन्सान है !”

युवक बोलाः “नहीं, मैं कभी बन्दर हूँ कभी तोता हूँ क्योंकि वह स्त्री जैसा बोलती है वैसा ही मैं करता हूँ।”

तब साधु को पता चला कि पुरुष को सचमुच में बंदर-तोता नहीं बनाया जाता, लुभावनी बातें करके अहंकार का कचरा ऐसा भर दिया जाता है कि पुरुष स्वयं ही सम्मोहित हो जाता है। सच में पंखवाला तोता या पूँछवाला बंदर नहीं बनाते किन्तु संस्कार-विचार ऐसे भर दिये जाते हैं कि पुरुष अपना पौरूष खोकर स्त्रियों की आज्ञा का पालन करने लगते हैं।

भगवान कहते हैं- “तुम इन्सान या मनुष्य नहीं, तुम हो तो ब्रह्मस्वरूप, परमात्मस्वरूप लेकिन माया के, मन के इन्द्रियों के संस्कारों ने तुम्हें अपना ब्रह्मस्वरूप भुलाकर माया के इशारों पर विलास में नाचने वाला बना दिया।ʹ

तुम्हारे ऊपर सिंधी, गुजराती, मराठी होने का अहंकार थोप दिया है और तुम ईश्वर की शरण न होकर माया की शरण होने के कारण अपने अहंकार का पोषण करके चौरासी के चक्कर खा रहे हो। इससे छूटने का उपाय बतलाते हुए भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं-

सर्वधर्मान्परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज।

अहं त्वा सर्वपापेभ्यो मोक्षयिष्यामी मा शुचः।।

ʹसम्पूर्ण धर्मों का आश्रय छोड़कर तू केवल मेरी शरण में आ जा। मैं तुझे सम्पूर्ण पापों से मुक्त कर दूँगा। तू शोक मत कर।ʹ (गीताः 18.66)

प्रत्येक मनुष्य को दुःख, चिंता, निराशा को त्यागकर, माया के बंधनों को तोड़कर उस चिदघन सच्चिदानंद, आनंदघन परमात्मा के ध्यान में गोता लगाना चाहिए। अपने-आपको गुरुकृपा के द्वारा मुक्ति के रास्ते ले जाना चाहिए। ʹमैंʹ और ʹमेराʹ मिटाकर उस चिदघन नारायण का ध्यान करना चाहिए। उसकी स्मृति से ही अपने-आपको सराबोर रखना चाहिए। ૐૐૐ

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मई 1997, पृष्ठ संख्या 23,24,25,13 अंक 53

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

परमानंद की प्राप्ति का साधन


 

पूज्यपाद संत श्री आशाराम जी बापू

आत्मकल्याण के इच्छुक व ईश्वरानुरागी साधकों को आत्मशान्ति, आत्मबल प्राप्त करने के लिए, चित्तशुद्धि के लिए ज्ञानमुद्रा बड़ी सहाय करती है। ब्रह्ममुहूर्त की अमृतवेला में शौच-स्नानादि से निवृत्त होकर गर्म आसन बिछाकर पद्मासन, सिद्धासन या सुखासन में बैठ जाओ। 10-15 प्राणायाम कर लो। यदि त्रिबन्ध के साथ प्राणायाम हो तो बहुत अच्छा है। तदनन्तर दोनों हाथों की तर्जनी यानी पहली अंगुली के नाखून को अंगूठों से हल्का सा दबाकर दोनों हाथों को घुटनों पर रखो। शेष तीनों अंगुलियाँ सीधी व परस्पर जुड़ी रहें। हथेली ऊपर की ओर रहे। गर्दन व रीढ़ की हड्डी सीधी। आँखें अर्धोन्मिलित एवं शरीर अडोल रहे।

अब गहरा श्वास लेकर ʹૐ….ʹ का दीर्घ गुँजन करो। प्रारंभ में ध्वनि कण्ठ से निकलेगी, फिर गहराई में जाकर हृदय से ʹૐʹ की ध्वनि निकालिये। बाद में और गहरे जाकर नाभि या मूलाधार से ध्वनि उठाइये। उस ध्वनि से सुषुम्ना का द्वार खुलता है और जल्दी से आनंद प्राप्त होता है। चंचल मन तब तक भटकता रहेगा, जब तक उसे भीतर का आनंद नहीं मिलेगा। ज्ञानमुद्रा व ʹૐʹ की ध्वनि से मन की भटकान शीघ्र बन्द होने लगेगी। ध्यान के समय जो काम करने की जरूरत न हो उसका चिन्तन छोड़ दो। चिन्तन आ जाय तो ʹૐ अगड़ं-बगड़ं स्वाहाʹ करके उस व्यर्थ चिन्तन से अपना पिण्ड छुड़ा लो।

संकल्प करके बैठो कि हम अब ज्ञानमुद्रा में, ʹૐʹ की पावन ध्वनि के साथ वर्त्तमान घड़ियों का पूरा का आदर करेंगे। मन कुछ देर टिकेगा… फिर इधर-उधर के विचारों की जाल बुनने लग जायेगा। दीर्घ स्वर से ʹૐʹ की ध्वनि करके मन को पुनः खींचकर वर्त्तमान में लाओ। मन को प्यार से, पुचकार से समझाओ। 8-10 बार ʹૐʹ की ध्वनि करके शान्त हो जाओ। शऱीर के भीतर वक्षस्थल में तालबद्ध धड़कते हुए हृदय को मन से निहारते रहो…. निहारते रहो…. मानो शरीर को जीने के लिए उसी धड़कन के द्वारा विश्व-चैतन्य से सत्ता-स्फूर्ति प्राप्त हो रही है। हृदय की उस धड़कन के साथ ʹૐ….. राम…..ʹ मंत्र का अनुसंधान करते हुए मन को जोड़ दो। हृदय की धड़कन के रूप में हर क्षण अपने को प्रकट करने वाले उस सर्वव्यापक परमात्मा को स्नेह करते जाओ। हमारी शक्ति को क्षीण करने वाली, हमारा आत्मिक खजाना लूटकर हमें बेहाल करने वाली भूतभविष्य की कल्पनाएँ हृदय की इन वर्त्तमान धड़कनों का आदर करने से कम होने लगेंगी। हृदय में प्यार व आनंद उभरता जायेगा। जैसे मधुमक्खी सुमधुर सुगंधित पुष्प पाकर चूसने के लिए वहाँ चिपक जाती है वैसे ही चित्त रूपी भ्रमर को परमात्मा से प्यार प्रफुल्लित होते हुए अपने हृदयकमल पर बैठा दो, दृढ़ता से चिपका दो। अपने को वृत्तियों से बचाकर निःसंकल्पावस्था का आनंद बढ़ाते जाओ। मन विक्षेप डाले तो बीच-बीच में ૐ का पावन गुँजन करके उस आनंद-सागर में मन को डुबाते जाओ। जब ऐसा निर्विषय निःसंकल्प अवस्था में आनंद आने लगे तो समझो यही आत्मदर्शन हो रहा है क्योंकि परमात्मा आनंदस्वरूप है।

इस आत्मध्यान से, आत्मचिन्तन से भोक्ता की बर्बादी रूकती है। भोक्ता स्वयं आनंदस्वरूप परमात्मामय होने लगता है, स्वयं परमात्मा होने लगता है। परमात्मा होना क्या है…. अनादि काल से परमात्मा था ही यह जानने लगता है।

ठीक से अभ्यास करने पर कुछ ही दिनों में आनंद और अनुपम शान्ति का एहसास होगा। आत्मबल की प्राप्ति होगी। मनोबल व बुद्धिबल में वृद्धि होगी। चित्त के दोष दूर होंगे। अपने अस्तित्त्व का बोध होने मात्र से आनंद आने लगेगा। ध्यान-भजन-साधना से अपनी योग्यता ही बढ़ाना है। परमात्मा एवं परमात्मा से अभिन्नता सिद्ध किये हुए सदगुरु को आपके हृदय में आत्मखजाना देने में देर नहीं लगती। बस, साधक को अपनी योग्यता का विकास करने भर की देर है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मई 1997, पृष्ठ संख्या 26,19 अंक 53

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ

परम शांति


पूज्यपाद संत श्री आशारामजी

भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं-

तमेव शरणं गच्छ सर्वभावेन भारत।

तत्प्रसादात्परां शांतिं स्थानं प्राप्स्यसि शाश्वतम्।।

ʹहे भारत ! तू सब प्रकार से उस परमेश्वर की ही शरण में जा। उस परमात्मा की कृपा से ही तू परम शांति को तथा शाश्वत परमधाम को प्राप्त होगा।ʹ श्रीमद् भगवद् गीता 18.62)

शांति तीन प्रकार की होती है।

आधिभौतिक शांति।

आधिदैविक शांति।

आध्यात्मिक शांति।

उपरोक्त तीनों प्रकार की शांति हमारे व्यवहार में दिखती है।

किसी भी प्रकार का उपद्रव होवे और वह दूर हो जाये  कहेंगे किः ʹहाशઽઽઽ…..! शांति……!ʹ यह है आधिभौतिक शांति।

किसी देवी देवता का कोप हुआ हो, नौकरी नहीं मिलती हो, लड़के लड़की की शादी की चिंता सताती हो, आदि। जब ये विघ्न हट जाते हैं तो कहेंगे किः ʹहाशઽઽઽ…. ! शांति….!ʹ यह है आधिदैविक शांति।

ये शांतियाँ तो बेचारी दिन में कितनी ही बार आएँ और फिर चली जायें लेकिन एक बार परम शांति मिल जाय तो मौत भी तुमको अशांत नहीं कर सकेगी, इन्द्र का वैभव भी तुमको प्रलोभन में नहीं डाल सकेगा और शुकदेवजी जैसी कौपीनधारी अवस्था भी तुमको अपने में दीनभाव उत्पन्न नहीं करने देगी।

धन से जो गरीब है वह गरीब नहीं है, सत्ता से जो गरीब है वह गरीब नहीं है लेकिन विचारों से जो गरीब है, वह महादरिद्र है और विचारों से जो सेठ है वो सेठों का भी सेठ है।

राजा परीक्षित कोई साधारण राजा न थे। उनके पास सात द्वीपों का स्थायी राज्य था और अनेक राजाओं पर उन्होंने विजय प्राप्त की थी। इतना विशाल राज्य और सैन्यबल होते हुए भी परीक्षित कहते हैं कि कोई महापुरुष मिले और ईश्वर-तत्त्व का प्रसाद दे तभी मुझे परम शांति मिलेगी, बाकी सब तो मैंने देख लिया।

जब शुकदेवजी महाराज मिले तब परीक्षित पहला प्रश्न करते हैं- “जब मृत्यु निकट हो तब जीव को क्या करना चाहिए ?”

शुकदेवजी कहते हैं- “इन्द्रियों के भोगों में रत जीवों के लिए सात दिन तो क्या सात जन्म भी कम हैं लेकिन तुझ जैसे बुद्धिमान के लिए  सात दिन भी अधिक हैं। जो नश्वर पदार्थों को नश्वर जानते हुए शाश्वत में प्रीति रखें, ऐसों के लिए तो सात दिन भी अधिक हैं। हे परीक्षित ! तू  भगवान की शऱण जा।”

तमेव शरणं गच्छ सर्वभावेन भारत।

गाँधी जी के जीवन में भी जब चमत्कार होते तब गाँधी जी वे अनुभव लोगों को सुनाते थे। गोलमेज कार्यक्रम में भाग लेने आईऩ्स्टीन जर्मनी से आये थे और गाँधी जी भारत से गये थे। उसमें गाँधीजी ने इतना सुन्दर व्याख्यान किया कि उनका उपहास करने वाले लोग भी उऩसे प्रभावित हो गये तथा उऩकी हँसी उड़ाने वाले अंग्रेजों ने भी तालियाँ बजाईं और उऩका अनुमोदन किया।

लोगों ने गाँधी जी से पूछाः “आप ऐसा प्रवचन कहाँ से पढ़कर आये ? यह सब तैयारी कैसे की ?”

गाँधी जी कहते हैं- “मैं जब बोलता हूँ तब मैं नहीं रहता, भगवान की शरण चला जाता हूँ। मेरे बोलने के पीछे मेरे राम का हाथ होता है इसलिए मेरी बोली प्रभावयुक्त होती है।”

हम भी शिष्टाचार में कह देते हैं कि मेरे काम के पीछे ईश्वर का हाथ है लेकिन यदि सफल हुए तो भीतर ʹमैंʹ बैठा ही होता है कि ʹयह तो मैंने कियाʹ और यदि विफल हुए तो कहेंगे कि ʹइसकी गलती…. उसकी गलती….ʹ या ʹजो भगवान की मर्जी….ʹ मानो भगवान ही काम बिगाड़ते को बैठे हैं।

वस्तुतः जीव के प्रत्येक कार्य के पीछे ईश्वर की सत्ता है। ईश्वर की सत्ता जब तक महसूस नहीं होती तब तक मनुष्य अहं में, जीवभाव में बैठा होता है। जब तक मनुष्य सत्संग नहीं करता तब तक उसे ईश्वर के रस की अनुभूति नहीं होती। जब तक ईश्वरीय रस की अनुभूति नहीं होती तब तक बाहर के रस का आकर्षण-विकर्षण एवं अशांति नहीं मिटती एवं दुःख निर्मूल नहीं होते। दुनिया की सब चीजें एक व्यक्ति को दे दो। खुशियों का उसे सरताज पहना दो, सारा सौन्दर्य, सारा धन एक व्यक्ति को दे दो लेकिन जब तक उसके जीवन में गीता रूपी ज्ञान नहीं होगा, उपनिषदों का अमृत नहीं होगा तब तक उसका दुर्भाग्य तो उसके साथ ही रहेगा। मनुष्य का सबसे बड़ा दुर्भाग्य है बार-बार जन्मना और बार-बार मरना। बड़े में बड़ा सौभाग्य हैः

लभ्ध्वा ज्ञानं परां शांतिमचिरेणाधिगच्छति।

उस आत्मज्ञान की उपलब्धि होवे तो परम शांति। शुकदेव जी उस परम शांति को प्राप्त हुए महापुरुष थे। परीक्षित के सभामंडप में पहुँचने से पहले कुछ अज्ञानी लोगों ने उनका अपमान किया, पत्थर उछाले लेकिन उनके चित्त में अशांति नहीं हुई और सोने के सिंहासन पर बिठाकर परीक्षित उनका अर्घ्य-पाद्य से पूजन करते हैं तब भी शुकदेव जी को हर्ष नहीं होता।

जैसे सूर्य के निकट रात्रि नहीं जा सकती, सूर्य को दीमक नहीं लग सकती,  ऐसे ही जिसको परम शांति हो गई हो, आत्मा-परमात्मा का जिसको अनुभव हो चुका हो, ज्ञान का दीपक जिसमें एक बार प्रकाशित हो चुका हो उसे कोई आँधी नहीं बुझा सकती। उसी की प्राप्ति के लिए मनुष्य को बुद्धि मिली है। सच में सुखी भी वही रह सकता है जिसने परम शांति का अनुभव कर लिया है।

लभ्ध्वा ज्ञानं परां शांतिम्…..

अधिकांश लोग कहते हैं- “बाबा जी ! समय नहीं मिलता…. समय का अभाव है।ʹʹ अरे भाई ! आपके पास जो काम है, उससे भी अधिक काम पुराने समय के राजाओं के पास रहता था और आप लोगों के पास जितनी सुविधाएँ हैं, पुराने व्यक्तियों के पास उतनी न थीं। अभी हम बस में, रेल में, हवाई जहाज में सफर कर कार्य शीघ्रता से पूरा कर सकते हैं। पुराने समय में तो बैलगाड़ी जोतनी पड़ती थी। कहीं दूर जाना हो तो हफ्ताभर पहले से तैयारियाँ करनी पड़ती थीं।

गाड़ा जोतते-जोतते पटेल शहर जाय।

गाम का लाय और घर का भूल आय।।

ऐसा करते हुए भी लोग समय बचाते थे। गलाडूब व्यवहार में रहते हुए भी राजा-महाराजा लोग समय बचाकर गुरुओं के द्वार पर जाते थे और आत्मज्ञान पाते थे। आत्मतेज से वे तेजस्वी रहते थे और परम शांति पाते थे।

साधुओं का नाम लेवें तो शुकदेव जी महाराज का नंबर पहले आता है। ऐसे शुकदेव जी महाराज के गुरु राजा जनक योगशक्ति से सम्पन्न अठारह वर्षीय युवती सुलभा का पूजन करते हैं।

सुलभा जब राजा जनक के दरबार में पहुँची  उसके निर्दोष, संयमी व प्रभावशाली व्यक्तित्व एवं ज्ञाननिष्ठा को देखकर राजा जनक की दृष्टि स्थिर हो गई। उन्होंने पूछाः “तुम क्या चाहती हो ?”

सुलभा ने कहाः “राजन् ! में आपसे शास्त्रार्थ करना चाहती हूँ। आपको राजकाज के गलाडूब व्यवहार में परमशांति कैसे हुई ? अगर मेरा परिचय पूछो तो ʹसुलभाʹ मेरा नाम है। क्षत्रिय कुल में मेरा जन्म हुआ है।”

संतशिरोमणी शुकदेव जी के गुरु आनंदित होकर योगिनी सुलभा का पूजन करते हैं। यह आत्मविद्या कैसी है ! जनक जैसे राजा बारह वर्षीय अष्टावक्र का पूजन करते हैं। यह आत्मविद्या की ही महिमा है।

बारह वर्षीय अष्टावक्र के शरीर में आठ चक्र हैं। ठिगना कद, काला रंग व टेढ़े मेढ़े अंग….. एकदम कुरुप…. और चलें  तो ऐसा लगे कोई विचित्र प्राणी आया। फिर भी उऩमें आत्मविद्या चमकती है और उऩकी पूजा होती है।

हम सब भी अपने ʹमैंʹ रूपी अहंकार का विसर्जन करते हुए उस परमेश्वर की, परमेश्वर के अनुभव का रसपान कराने वाले आत्मविद्या के समर्थ आचार्य किसी सदगुरु की शऱण लेकर उस परम शांति व परमानंद को प्राप्त करने का यत्न करें जिसकी प्राप्ति के बाद और कुछ प्राप्त करना शेष नहीं रहता तथा जिससे बढ़कर अन्य कोई लाभ नहीं होता, हम उसी की प्राप्ति का दृढ़ संकल्प करें…..

ૐ आनंद… ૐ शांति….. ૐ…..ૐ…..ૐ…..

स्रोतः ऋषि प्रसाद, मई 1997, पृष्ठ संख्या 2,3,4 अंक 53

ૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐૐ